सत्यम शिवम् सुंदरम फिल्म में बेहतरीन अभिनय से सबका दिल जीतने वाली जीनत अमान आजकल मुश्किलों में नज़र आ रही हैं। अपने ज़माने की बोल्ड एक्ट्रेस मानी जानेवाली जीनत ने मुंबई के एक बिसनेसमैन पर पीछा करने और धमकाने का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई गई है, इस पर जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं यह बिसनेसमैन फरार बताया जा रहा है।
इस बात की जानकारी एक निजी न्यूज एजेंसी ने ट्वीट करके दी है, जिसके बाद इस मामले ने और भी तूल पकड़ लिया है। इसमें लिखा गया है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस जीनत अमान ने मुंबई के बिजनेसमैन के खिलाफ पीछा करने और धमकाने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बिजनेसमैन फरार है।
बता दें कि 19 नवंबर, 1951 को मुंबई में जन्मीं जीनत के पिता अमानुल्लाह खान एक लेखक थे। जीनत उस वक्त 13 साल की थीं, जब पिता की मौत हो गई। उनकी मां सिदा ने कुछ समय बाद जर्मनी निवासी हेंज से शादी कर ली और उसके बाद जीनत जर्मनी चली गईं। लॉस एंजेलिस में ग्रेजुएशन अधूरी छोड़ वे भारत लौट आईं। जीनत ने अंग्रेजी पत्रिका ‘फेमिना’ में एक पत्रकार के तौर पर काम शुरू किया और बाद में मॉडलिंग का रुख किया। 1970 में मिस एशिया पेसिफिक का खिताब जीतने के बाद जीनत का फिल्मी करियर शुरू हुआ।
'हे राम हमने गाँधी को मार दिया' का फर्स्ट लुक रिलीज़
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
आज महात्मा गांधी की 70वीं पुण्यतिथि है और इस मौके पर फिल्म डायरेक्टर नईम ए. सिद्दीकी की फिल्म ‘हे राम हमने गांधी को मार दिया’ का फर्स्ट लुक दर्शकों के सामने जारी किया गया है। फिल्म में गांधीजी के हत्यारों और विचारधारा के बारे में जानकारी दी गई है। 30 जनवरी, 1948 को नाथूराम गोडसे ने दिल्ली में गोली मारकर महात्मा गांधी की हत्या कर दी थी। फिल्म का विषय इसी घटना पर आधारित है।
फिल्म के राइटर-डायरेक्टर नईम बताते हैं, “मैं अपने दोस्तों के साथ 2 अक्टूबर, 2017 को गांधीजी के जन्म दिवस को अहिंसा दिवस के रूप में मना रहा था। उसी रात हमने टीवी पर देखा कि 2 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मना रहा है।
तब इस बात ने हमें बहुत प्रभावित किया और प्रेरित किया कि 2018 (गांधीजी की 150वीं जयंती भी है) तो इसलिए कुछ अच्छा और बड़ा किया जाए। तब हमने गांधीजी की विचारधारा पर फिल्म बनाने का फैसला किया। ‘हे राम हमने गांधी को मार दिया’ फिल्म में गांधीजी की अहिंसा और सहिष्णुता सभी से प्रेम की विचारधारा कितनी जरूरी है। बलिदान क्या होता है, यह सब दिखाने की कोशिश की गई है।
भारतीय नौसेना की ताकत समुद्र में कल से कई गुना और बढ़ जाएगी, क्योंकि कल समुद्र में दुश्मनों के पसीने छुड़ाने वाली स्कोर्पियन श्रेणी की पनडुब्बी आईएनएस करंज भारतीय नौसेना का हिस्सा बने जा रही है। कल बुधवार को आईएनएएस करंज को मुंबई के मझगांव डॉक पर लांच किया जाएगा।
बता दें कि आईएनएस करंज की खास बात यह है कि यह एक स्वदेशी पनडुब्बी है, जो मेक इन इंडिया के तहत तैयार की गई है। करंज एक अत्याधुनिक फीचर्स से लैश और दुश्मनों के नजर में आए बिना सटीक निशाना लगा सकती है। इसके साथ ही करंज पनडुब्बी भी टॉरपीडो और एंटी शिप मिसाइलों से भी हमला कर सकती है।
युद्ध की स्थिति में करंज पनडुब्बी हर तरह की अड़चनों से सुरक्षित और बड़ी आसानी से दुश्मनों को चकमा देकर बाहर निकल सकती है। यह पनडुब्बी पानी के भीतर से सतह पर हमला करने की क्षमता रखती है। इस पनडुब्बी को किसी तरह के जंग के दौरान तैयार किया जा सकता है। कंरज पनडुब्बी 67.5 मीटर लंबा, 12.3 मीटर ऊंचा, 1565 टन वजनी है।
गौरतलब है कि स्कॉर्पीयन श्रेणी की पहली दो पनडुब्बियां कलवरी और ‘खांदेरी’ है। 13 दिसंबर, 2017 को प्रधानमंत्री मोदी ने आइएनएस कलवरी को देश के नाम समर्पित किया था।
मनोज तिवारी ने आप विधायकों के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत
सौम्या केसरवानी | Navpravah.com
दिल्ली में हो रहे सीलिंग विवाद में अब आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच तकरार की स्थिति पैदा हो गई है। दिल्ली बीजेपी के नेताओं ने कुछ आप विधायकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। बीजेपी ने आप पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने सीलिंग के मामले पर ठीक से बात नहीं की और उनके गुंडों ने मारपीट की है। जब मनोज तिवारी के नेतृत्व में बीजेपी नेताओं की टीम केजरीवाल से मिलने पहुंची, तब उनके गुंडों ने पूरी टीम के ऊपर हमला कर दिया।
इसी मामले पर बीजेपी ने केजरीवाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। बीजेपी ने ट्वीट कर बताया कि पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया गया है और बीजेपी नेता वीजेंद्र गुप्ता को पुलिस इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई है। बीजेपी ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि केजरीवाल सरकार खुलेआम गुंडागर्दी पर उतर आई है। शांतिपूर्ण तरीक़े से वार्ता करने गए भाजपा नेताओं पर हमला पूरे लोकतंत्र पर हमला है।
आज बीजेपी सांसद और प्रतिनिधियों ने सीएम केजरीवाल से सीलिंग के मामले पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की थी, लेकिन मुलाकात पूरी नहीं हो सकी। जिसके बाद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।
केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि वह सीलिंग के मामले पर बीजेपी सांसदों से खुलकर बात करना चाहते थे, लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई और बीजेपी सांसद, मेयर और विधायक मुलाकात को बीच में ही छोड़कर चले गए। ‘आप’ ने आरोप लगाया कि बीजेपी सीलिंग बंद कराने को लेकर सीरियस नहीं है। इस मामले पर बीजेपी बैठकर और खुलकर बात करने को तैयार नहीं हुए, उन्होंने केवल हंगामा खड़ा किया और वहां से चले गए।
राजेश सोनी |Navpravah.com पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज आते नजर नहीं आ रहा है। पाकिस्तान ने आज फिर जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा से सटे राजौरी जिले में फायरिंग की है। पाकिस्तान ने अपने फायरिंग का निशाना ग्रामीणों को बनाया है। भारतीय सेना भी पाकिस्तान की इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। बता दें कि आज सुबह से राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा लगातार फायरिंग जारी है। एक स्थानीय रहिवासी ने बताया कि झांगर, धामका और कलाल पट्टी के पांच गांवो को निशाना बनाते हुए भारी गोलाबारी की जा रही है। फायरिंग को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने नियंत्रण रेखा से सटे हुए सारे गांव के विद्यालयों को आज बंद कर दिया है। गौरतलब है कि पाकिस्तान आए-गए दिन इस तरह के सीजफायर का उल्लंघन करता रहता है। वहीं पाकिस्तानी सेना आतंकियों को मदद कर भारतीय सीमा में भी प्रवेश कराने की नापाक कोशिश लगातार करती रहती है। पिछले ही दिनों दोनों देश में लगातार 3 दिन तक फायरिंग चली थी और सरहद पर युद्ध जैसा माहौल था।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्य्क्ष और हैदराबाद से सांसद ने ट्रिपल तलाक पीड़िता को मासिक आर्थिक मदद देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई शौहर अपनी बीवी को ट्रीपल तलाक देता है, तो उस आदमी को ट्रिपल तलाक पीड़िता को हर महीने आर्थिक मदद के रूप में 15000 रुपए देने चाहिए। जब तक मुकदमा कोर्ट से खत्म नहीं हो जाता।
असदुद्दीन ओवैसी ने बजट सेशन के दौरान तीन तलाक बिल की चर्चा की आलोचना की है। लोकसभा सांसद ओवैसी ने इस बिल को अव्यवहारिक करार दिया। उन्होंने कहा कि इस ट्रिपल तलाक बिल में तलाक पीड़िता के लिए आर्थिक मदद का कोई प्रावधान ही नहीं है। वहीं ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि 2018 के बजट में ट्रिपल तलाक पीड़ित महिलाओं के लिए फंड घोषित करवाएं।
गौरतलब है कि जब गुरुवार 28 जनवरी को तीन तलाक बिल लोकसभा के सामने रखा गया था, तब एआईएमआईएम पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी ने इसका विरोध किया था। उन्होंने बिल के विरोध को लेकर ट्विटर पर लिखा कि मुझे 2017 के लोकसभा के 72 नंबर कायदे के हिसाब से इस बिल का विरोध करने का पूरा अधिकार है।
सोमवार को संसद में पेश आर्थिक समीक्षा में कहा गया है कि जीएसटी और नोटबंदी का असर कम हो रहा है और भारतीय अर्थव्यवस्था ठीक प्रकार से आगे बढ़ रही है। इसी आर्थिक समीक्षा के सामने आने के बाद राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट द्वारा सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा कि जीडीपी में गिरावट, कृषि और रोजगार निर्माण में गिरावट जैसे छोटे-मोटे झटकों को छोड़ दें, तो अच्छे दिन यही हैं।
सरकार का मानना है कि वित्त वर्ष 2018-19 में देश की वृद्धि दर 7 से 7.5% रहने का अनुमान है और यह जल्द ही फिर से विश्व की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन जाएगी। वहीं आर्थिक समीक्षा आने के बाद देश के पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने भी सरकार पर निशाना साधा है। पी. चिदंबरम ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह रिपोर्ट “निराशाजनक” है और 2017-18 में जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान 6 से 6.5% के बीच रहने का जताया गया है।
गौरतलब है कि विपक्ष काफी समय से केंद्र सरकार को गिरती अर्थव्यवस्था और देश में लिए गए आर्थिक नीतियों के फैसले के लिए घेरता रहा है। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों का मानना है कि नोटबन्दी और जीएसटी जैसे फैसलों के कारण देश में उद्योग और रोजगार पर बहुत असर पड़ा हैं
संजय लीला भंसाली निर्देशित फिल्म पद्मावत को मलेशिया के सेंसर बोर्ड ने देशभर में बैन कर दिया है। मलेशिया के सेंसर बोर्ड ने इस फ़िल्म को देश में बैन करने का कारण बताया कि यह फ़िल्म इस्लाम की संवेदनशीलता को छूती है।
राष्ट्रीय फिल्म सेंसरशिप बोर्ड के अध्यक्ष मोहम्मद ज़म्बेरी अब्दुल जाल अजीज ने कहा है कि फ़िल्म के रूप में यह देश में मुसलमानों का अपमान कर सकती है। इस फ़िल्म से हमारे देश में मुसलमानों की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती हैं।
अजीज ने सोमवार को कहा कि यह कहानी इस्लाम की संवेदनशीलता को छू लेती है। मलेशिया एक मुस्लिम बहुल देश है, इसलिए यह एक गंभीर चिंता का विषय है। वहीं भारत में फ़िल्म पदमावत का राजपूत संगठनों द्वारा विरोध किया जा रहा है। राजपूत संगठनों का कहना है कि यह फ़िल्म हिंदू भावनाओं को ठेस पहुँचाती है और हिंदू धर्म को बदनाम करती है।
पाकिस्तान का भारत से हारने का सिलसिला लगातार बरकरार है। न्यूज़ीलैंड के क्रिस्टचर्च में खेला जा रहा भारत-पाकिस्तान सेमीफाइनल मुकाबला भारत ने 203 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया है। इस मैच की अहम बात यह रही कि अपना कद ऊंचा कर सेमीफाइनल तक का सफर तय करके आने वाली टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बेहद बौनी साबित हुई। पाकिस्तानी टीम 273 रनों के जवाब में महज 69 रनों पर ढेर हो गई।
इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाजों ने टीम को फिर एक ठोस शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 89 रन जोड़े। भारत को पहला झटका पृथ्वी शॉ के रूप में लगा, जिन्हें मोहम्मद मूसा ने 41 रनों के स्कोर पर रनआउट करके पवेलियन भेजा। इसके बाद पिच पर आए शुबमन गिल ने भारतीय पारी को बखूबी संभाला भी और एक छोर से रनों की गति को भी थमने नहीं दिया।
भारतीय टीम ने अपने 50 ओवरों में 272 रन बनाए। भारत की ओर से शुबमन गिल ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 102 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। पाक की ओर से मोहम्मद मूसा ने 4 विकेट झटके। मैच में मिले 273 रनों के जवाब में उतरी पाकिस्तानी टीम के बल्लेबाज शुरू से ही भारतीय गेंदबाजों के सामने घुटने टेकते दिखे। पाकिस्तानी टीम के बल्लेबाज एक के बाद एक आते जाते रहे। नतीजा ये रहा कि पूरी टीम महज 69 रनों पर ढेर हो गई। भारत ने यह मैच 203 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया।
भारत की ओर से सबसे ज्यादा ईशान पोरेल ने 4 विकेट झटके। अब फाइनल में भारत का मुलाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा, जिसे भारत ने पहले मैच में धूल चटाई थी। इस तरह इस बार U-19 विश्वकप भारत के हाथों में आता नज़र आ रहा है।
कटहल कई औषधीय गुणों से भरपूर होता है। कटहल का वानस्पतिक नाम आर्टोकार्पस हेटेरोफिल्लस है। कटहल में कई पौष्टिक तत्व पाए जाते हैं, जैसे, विटामिन A, C, थाइमिन, पोटैशियम, कैल्शियम, राइबोफ्लेविन, आयरन, नियासिन और जिंक और फाइबर भी पाया जाता है।
इसके बावजूद ज्यादातर लोग कटहल को नॉन वेज का वेज ऑप्शन मानते हैं। लेकिन कटहल हाई ब्लड प्रेशर से बचाता है और हार्ट अटैक के खतरे को कम भी करता है।
कटहल से होंगे ये फायदे:
1- कटहल में पोटैशियम पाया जाता है, जो कि दिल की हर समस्या को दूर करता है, क्योंकि यह ब्लड प्रेशर को कम कर देता है।
2- कटहल एनीमिया दूर करता है। शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाता है।
3- कटहल में विटामिन सी और ई की मात्रा पाई जाती है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है।
4- कटहल खाने से आप कैंसर के खतरे से भी बचे रहते हैं। कटहल में फाइटोन्यूट्रीएंट्स पाए जाते हैं, जो कि एंटी कैंसर और एंटी एजिंग गुणों से युक्त होते हैं।
5- कटहल अल्सर और पाचन संबंधी समस्या को दूर करता है। कब्ज की समस्या को दूर करने में भी यह बहुत फायदेमंद है।
6- कटहल की जड़ अस्थमा के रोगियों के लिए लाभदायक मानी जाती है। इसकी जड़ को पानी के साथ उबाल कर बचा हुआ पानी छान कर लेने से अस्थमा को कंट्रोल किया जा सकता है।
7- थायराइड के लिए भी कटहल उत्तम है, इसमें मौजूद सूक्ष्म खनिज और कॉपर थायराइड चयापचय के लिये प्रभावशाली होता है। यहां तक कि यह बैक्टेरियल और वाइरल इंफेक्शन से भी बचाता है।
8- हड्डियों के लिए कटहल बहुत गुणकारी होता है, इसमें मौजूद मैग्नीशियम हड्डी में मजबूती लाता है और ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या से बचाता है।