28 C
Mumbai
Sunday, August 23, 2026
Home Blog Page 754

अब तक के प्रमुख समाचार

आज के प्रमुख समाचार
headlines of the day

अभिनेत्री ज़ीनत अमान ने बिजनेसमैन पर धमकाने और पीछा करने का लगाया आरोप। 

अमेरिका के न्यू जर्सी में एक जोड़े ने कोर्ट के टॉयलेट में की शादी। 

पार्टी से नाराज राजद महासचिव अशोक सिन्हा ने पार्टी से दिया इस्तीफा।

असम में पिकनिक मना रहे लोगों पर चढ़ी बस, 3 लोगों की मौत। 

कासगंज हिंसाः बरेली डीएम की पोस्ट पर बोले मौर्य, “होगी कार्रवाई”

कासगंज हिंसा पर गृह मंत्रालय ने यूपी सरकार से मांगी रिपोर्ट। 

प्रदेश में अराजकता और भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं -योगी आदित्यनाथ 

किसानों के मुद्दों को लेकर करेंगे आंदोलन -यशवंत सिन्हा 

आप विधायकों को अयोग्य करार देने पर दिल्ली उच्च न्यायालय ने चुनाव आयोग से माँगा जवाब। 

मुंबई कस्टम की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक ही यात्री के पास से 15 किलो सोना बरामद किया, हॉंकॉंग से लाया गया था सोना।  

मुसलमान को अलग देश की मांग करनी चाहिए -कश्मीर के शाही मुफ़्ती

शाही मुफ़्ती नासिर द्वारा मुस्लिमों के लिए अलग देश की मांग

राजेश सोनी | Navpravah.com 

कश्मीर के शाही मुफ़्ती नासिर ने विवादित बयान दिया है। आज वह मीडिया से शोपिया फायरिंग पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को अब अपने लिए अलग देश की मांग करनी चाहिए। वहीं जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने शोपिया फायरिंग के मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं।

नासिर ने आगे कहा कि 1975 से जिस तरह से इस देश में मुसलमानों के साथ बर्ताव किया जा रहा है, वह बेहद शर्मनाक है। यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। भारतीय मुसलमान अब समझ गए हैं कि वे अब भारत में बिलकुल सुरक्षित नहीं हैं। अब समय आ गया है कि मुसलमानों को अलग देश की मांग करनी चाहिए। 

उन्होंने आगे कहा कि जम्मू और कश्मीर के लोगों को मारने पर भारत का शासन नरक है। जो कश्मीर में मुसलमानों के साथ हो रहा है, वह नरसंहार है। शाही मुफ़्ती के बयान से लग रहा है कि वह अलगाववादियों की जुबान बोल रहे हैं। बता दें कि शनिवार को शोपिया में सेना की फायरिंग में 2 पत्थरबाजों की मौत हुई थी। 100 से 150 लोग मिलकर सेना के काफिले पर पत्थरबाजी कर रहे थे और सेना ने अपनी आत्म रक्षा में इन पर फायरिंग की थी।    

इनकम टैक्स विभाग ने शाहरुख़ खान को जारी किया अटैच्ड नोटिस 

शाहरुख़ खान को इनकम टैक्स की नोटिस

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com 

आयकर विभाग ने अस्थाई रूप से अभिनेता शाहरुख़ खान के महाराष्ट्र के अलीबाग स्थित डेजा वू फार्म्स पर कार्रवाई की है। आयकर विभाग ने शाहरुख़ को दिसंबर महीने में बेनामी संपत्ति लेनदेन के अधिनियम निषेध के तहत अनुलग्न नोटिस जारी किया था। इस खबर की पुष्टि आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने की है। अधिनियम की धारा 24 के तहत जाँच अधिकारी का मानना है कि अगर वह व्यक्ति बेनामीदार है, तो उस व्यक्ति अथवा लाभकारी मालिक को संलग्न नोटिस जारी कर सकते हैं।

उन्होंने आगे बताया कि कानून के अनुसार, नोटिस जारी करने के 90 दिनों के भीतर प्रॉपर्टी को जब्त करना होता है। पूरी संपत्ति की कीमत 146.7 करोड़ रूपए हैं। हालांकि एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस संपत्ति का बाजार मूल्य 5 गुना तक बढ़ सकता है। यह एक लक्ज़री संपत्ति मानी जाती है। यह फार्म हाउस 1960 वर्ग मीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है। इस फार्म हाउस में समुद्री तट, निजी हेलीपैड और स्विमिंग पूल जैसी कई सुविधाएं मौजूद हैं।

24 जनवरी को शाहरुख़ खान की कंपनी रेड चिल्लीस इंटरटेन्मेंट और कोलकाता नाइट राइडर्स अधिकारी को ईमेल भेजा गया है। शाहरुख़ के खिलाफ प्रमुख आरोप यह है कि उन्होंने खेती के लिए कृषि भूमि खरीदने के लिए आवेदन किया था, जबकि उन्होंने इस ज़मीन का निजी इस्तेमाल किया और इस जमीन पर एक लक्ज़री फ़ार्म हाउस का निर्माण किया। यह लेनदेन पीबीपीटी की अधिनियम की धारा 2 (9) के तहत किया गया था। इस धारा के अनुसार, यह संपत्ति बेनामी लेनदेन के अंतर्गत आती है।

बिहार: आरजेडी नेता अशोक सिन्हा ने दिया पार्टी से इस्तीफा 

अशोक सिन्हा ने पार्टी से दिया इस्तीफा

राजेश सोनी | Navpravah.com 

राष्ट्रीय जनता दल की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। पहले ही पार्टी के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव प्रसाद जेल में हैं, उनको अब तक जमानत भी नहीं मिली है। ऐसे समय में अपनों ने भी पार्टी का साथ छोड़ना शुरू कर दिया है। बता दें कि आज पार्टी के एक वरिष्ठ नेता अशोक सिन्हा ने इस्तीफा दे दिया है।

उन्होंने इस्तीफा देने के बाद मीडिया से कहा कि आज के समय में आरजेडी अप्रासंगिक हो गई है। यहां समय बर्बाद करने के बजाय पार्टी को सम्मान से छोड़ना बेहतर है। तेजस्वी यादव, लालू जी की तरह पार्टी का नेतृत्व नहीं कर सकते हैं।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आरजेडी पर निशाना साधा था। उन्होंने आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा था कि आरजेडी एक डूबती हुई नाव है और इसपर कोई सवारी नहीं करना चाहता है।

कासगंज हिंसा: गृह मंत्रालय ने यूपी सरकार से मांगी रिपोर्ट

गृह मंत्रालय ने यूपी सरकार से मांगी रिपोर्ट

राजेश सोनी | Navpravah.com 

यूपी का कासगंज पिछले कई दिनों से साम्प्रदायिक हिंसा में जल रहा है। अब गृह मंत्रालय ने यूपी सरकार से इस मामले में रिपोर्ट मांगी है। वहीं उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी इस हिंसा पर बयान आया है। उन्होंने कहा कि यूपी में अराजकता बर्दास्त नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि यूपी में अराजकता और भ्रष्टाचार की जगज नहीं है। अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त करवाई की जाएगी। वहीं डिप्टी मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि कासगंज हिंसा में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने आगे कहा कि कोई तिरंगा यात्रा पर हमला करेगा, तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। 

विपक्ष ने आरोप लगाया था कि यह तिरंगा यात्रा सरकार के निर्देश पर निकाली गई थी। विरोधियों के आरोपों पर मौर्य ने कहा कि तिरंगा देश के हर गांव में बुड्ढे, बच्चे के हाथ में तिरंगा होगा और इसके लिए हमें विपक्ष की अनुमति की जरूरत नहीं है।

कासगंज दंगे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हिंसा को दुखद बताया था। उन्होंने इस हिंसा के लिए सरकार को जिम्मेदार बताया था। उन्होंने कानून व्यवस्था के लिए सरकार पर निशाना साधा है।

वीडिओ कॉल पर प्रेमिका के सामने प्रेमी ने खुदको मारी गोली, जबरदस्ती शादी से था नाराज़ 

प्यार में खुदको किया गोलियों से छलनी

पारुल पांडेय | Navpravah.com 

बिहार के पटना से एक दिल दहला देनेवाली घटना सामने आई है, जिसमें प्यार में पड़े एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड से वीडियो चैट के दौरान खुदको गोलियों से छल्ली कर दिया। विकास उर्फ बंटी नाम के इस युवक ने खुदको रविवार देर रात 2 बजकर 38 मिनट पर गोली से उड़ा लिया। पटना के बेउर थाना इलाके के साईंचक में यह दर्दनाक घटना घटी है।

वहीं मामले की जांच कर रहे बेउर के थानेदार आलोक कुमार ने बताया कि उन्हें घटना स्थल पर एक रिवाल्वर, मैगजीन और एक खोखा बरामद हुआ है। साथ ही बंटी के पर्स से एक लेटर भी बरामद हुआ है। बंटी ने जब खुदको गोलियों से मारा, उस वक्त उसके परिवार वाले वैशाली जिले स्थित अपने पैतृक घर गए हुए थे। घरवालों को बंटी की मौत की बात सुबह दस बजे पता चली। कथित प्रेमिका बंटी की दूर की रिश्तेदार भी कही जा रही है।

दरअसल बंटी अपनी गर्लफ्रेंड से वीडियो चैट कर रहा था। इस दौरान बंटी ने प्रेमिका से बताया कि उसकी शादी जबरदस्ती कराई जा रही है, जो वह नहीं करना चाहता है। ऐसे में अगर प्रेमिका ने बंटी को छोड़ा, तो वह खुदको मार डालेगा। जिसके बाद तुरंत बंटी ने रिवॉल्वर अपने कनपट्टी पर लगाकर खुद को गोलियों से छलनी कर दिया। गोली की आवाज़ सुनकर घबराई प्रेमिका ने तुरंत तत्काल बंटी के एक दोस्त सौरभ को फोन कर यह बताया कि वह जल्दी घर पहुंचे, शायद बंटी ने खुद को गोली मार ली है। सौरभ ने तुरंत इस घटना की जानकारी बंटी के छोटे भाई चंदन को दी, फिर वह दोनों साथ में घर पहुंचे और दरवाज़ा बंद देखा। जिसके बाद सीधे छत से दोनों घर में घुसे और देखा की बंटी खून से लतपथ बीएड पर पड़ा हुआ है।  

इस घटना के बाद मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने जरूरी सुबूत इकट्ठा किए हैं। जांच कर रही पुलिस ने विकास के मोबाइल को जब्त कर लिया है। सभी कॉल रिकॉर्डिंग से लेकर वाट्सएप और मैसेंजर पर आए मैसेज को पुलिस खंगाल रही है। वहीं बेउर थाने में बंटी के परिजनों ने हत्या का केस दर्ज करवाया है। थानेदार आलोक कुमार के मुताबिक अज्ञात अपराधियों पर हत्या की एफआईआर हुई है। 

टेक्सास: भारतीय मूल के निवासी का शव कमरे में मिला बंद 

भारतीय मूल के निवासी का शव बरामद

पारुल पांडेय | Navpravah.com

अमेरिका के टेक्सास में एक भारतीय मूल के इंजीनियर की मौत हो गई है। भारतीय वाणिज्य दूतावास के सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय वेंकन्नागरी कृष्ण चैतन्य तीन साल पहले ही अमेरिका में आए थे।  एक निजी संस्थान में निजी सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।   

मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में वेंकन्नागरी डलास के आर्लिग्टन में पेइंग गेस्ट के तौर पर रह रहे थे।  इस दौरान कई दिन तक जब भारतीय मूल के निवासी चैतन्य अपने रूम से बाहर नहीं आए, तो मकान मालिक ने उनका दरवाजा तोड़ दिया।  जिसके बाद सामने आया दृश्य देखकर वह हैरान रह गए।  मकान मालिक को कमरे के अंदर चैतन्य का शव मिला। 

घटना के बाद अमेरिका में स्थित भारतीय दूतावास की सहायता से स्थानीय अधिकारियों ने चैतन्य की मौत की जानकारी उनके परिवार को दी। तेलंगाना में रहने वाले उनके परिवार भी इस खबर के बाद स्तब्ध हैं। ह्यूस्टन वाणिज्य दूतावास जनरल अनुपम रे के कार्यालय से सू्त्रों का कहना है कि चैतन्य के परिवार वालों को हर तरह की सहायता दी जा रही है, ताकि वह उनके शव को लेकर भारत जा सके। 

वहीं स्थानीय पुलिस के अनुसार, चैतन्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। जबकि यह साफ नहीं हो पाया है कि चैतन्य का मर्डर हुआ है या आत्महत्या। इस पर पुलिस ने चैतन्य के कार्यालय और पेइंग गेस्ट के आस-पास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।  

बता दें कि साल  2017 के अंत में आई रिपोर्ट रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ था कि भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों कई बार भेदभाव का सामना करना पड़ता है।  नेशनल पब्लिक रेडियो, रॉबर्ट वूड जॉनसन फाउंडेशन और हारवर्ड टीएच चान स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ की ओर से यह सर्वेक्षण कराया गया है। इस अंतरराष्ट्रीय सर्वे के अनुसार अमेरिका में रहने वाले 10 में से एक नागरिक के साथ अमेरिका में अनुचित व्यवहार करती है।  

कासगंज हिंसा: सीएम योगी के फटकार के बाद बरेली के डीएम ने हटाई फेसबुक पोस्ट 

डीएम राघवेन्द्र सिंह ने हटाई पोस्ट

राजेश सोनी | Navpravah.com 

कासगंज हिंसा को लेकर बरेली के डीएम राघवेंद्र विक्रम सिंह के फेसबुक पोस्ट ने यूपी से लेकर दिल्ली तक के राजनीति में हड़कंप मचा रखी थी। अब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बरेली के डीएम को तलब किया और फिर उसके बाद डीएम ने आनन-फानन में अपना फेसबुक पोस्ट सोशल मीडिया पर से हटा लिया।

बता दें बरेली के डीएम का केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार पर तंज कसने वाला पोस्ट सामने आया था। शनिवार रात करीब दस बजे बरेली के डीएम राघवेंद्र विक्रम सिंह ने कासगंज में हिंसा के बाद बरेली पर टिप्पणी करते हुए फेसबुक पर पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था कि अजीब रिवाज बन गया है। पहले मुस्लिम मोहल्लों में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए घुस जाओ, फिर हंगामा करो। क्या वे पाकिस्तानी हैं। ऐसा ही बरेली के अलीगंज इलाके के खैलम में हुआ था।

डीएम के इस पोस्ट के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया था। कार्यकर्ताओं ने डीएम के खिलाफ पीएम मोदी, सीएम योगी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय तक को इसकी शिकायत की थी। इसके बाद लखनऊ से सीएम योगी द्वारा डीएम को फटकार लगाई गई और कुछ समय बाद ही उन्होंने फेसबुक से अपना विवादित पोस्ट हटा लिया। 

केंद्रीय विद्यालय की शिक्षिका का विवादित बयान, “छोटी ड्रेस पहनने की वजह से होता है बलात्कार”

शिक्षिका ने कहा, "छोटे कपड़ों के कारण होता है रेप"

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com 

रायपुर के केंद्रीय विद्यालय की एक टीचर द्वारा रेप की घटनाओं को लेकर विवादित बयान का एक मामला सामने आया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, टीचर का कहना है कि जो लड़कियां लड़कों के सामने छोटे कपड़े पहनकर आती हैं, वे निर्भया जैसे गैंगरेप को न्योता देती हैं।

इस आरोपी टीचर का नाम स्नेहलता शंखवार है। शंखवार ने यह बात छात्राओं से एक काउंसलिंग सेशन के दौरान कही। इस घटना के बाद कई छात्राओं ने इसकी शिकायत अपने परिजनों से की। जिसके बाद सोमवार को लड़कियों के परिजन स्कूल के प्रिंसिपल भगवान दास अहीर के पास जा पहुंचे।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी टीचर जब बच्चों की काउंसलिंग कर रही थी, तब क्लास नौवीं और ग्याहरवीं की छात्राओं ने उसका चुपके से एक ऑडियो टेप रिकॉर्ड कर लिया था। इस ऑडियो टेप के अनुसार, टीचर ने लड़कियों को जींस न पहनने और लिपस्टिक न लगाने के लिए चेतावनी दी थी।

टीचर ने कहा था, “लड़कियां अपने शरीर को केवल उस समय प्रदर्शित करती हैं, जब उनके पास सुंदर चेहरा नहीं होता। लड़कियां बेशर्म होती जा रही हैं। क्यों निर्भया इतनी रात को एक लड़के के साथ बाहर गई, जो कि उसका पति नहीं था? निर्भया की मां को उसे रात में बाहर नहीं जाने देना चाहिए था।”

इस मामले की जानकारी, केंद्रीय विद्यालय संगठन के अधिकारियों को दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी टीचर के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।