28 C
Mumbai
Sunday, August 23, 2026
Home Blog Page 752

स्‍वरा भास्‍कर के ओपन लेटर पर दीपिका का जवाब, “फिल्म को उस वक्त के लिहाज से देखें”   

दीपिका ने स्वरा को दिया जवाब

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com 

फिल्‍म ‘पद्मावत’ ने रिलीज से पहले कई विवादों का सामना किया और अब रिलीज के बाद भी इसकी चर्चाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी कड़ी में एक्‍ट्रेस स्‍वरा भास्‍कर का ‘पद्मावत’ फिल्म पर लिखा ओपन लेटर खूब चर्चा में हैं। संजय लीला भंसाली को लिखे इस ओपन लेटर पर अपना जवाब देते हुए अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने इस फिल्म को उस दौर से देखने की हिदायत दे दी।

दीपिका ने एक निजी अखबार को दिए अपने इंटरव्यू में कहा है कि मैं यह साफ कर दूं कि हम जौहर का प्रचार नहीं कर रहे हैं। आपको फिल्म का सीन या उससे जुड़ी प्रथा को उसी समय के संदर्भ में देखना चाहिए, जिसमें वह दिखायी जा रही हैं और जब आप ऐसा करेंगे, तब आपको समझ आएगा कि वह कितना दमदार है। आपको नहीं लगेगा कि वह कुछ गलत कर रही है। वह अपने आप को आग के हवाले करती हैं, क्‍योंकि वह जिस इंसान से प्‍यार करती है, वह उससे दूर हो रही होती हैं। 

वहीं एक दिन पहले शाहिद कपूर ने एक निजी न्‍यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा था कि हर प्रथा के पीछे कई कारण थे। बता दें कि इस फिल्‍म ने रिलीज के बाद कुछ ही दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया और अब इस फिल्‍म की कमाई 130 करोड़ से पार जा चुकी है । 

जबकी बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने भी फिल्म देखी और फिल्म देखने के बाद उन्होंने संजय लीला भंसाली को एक खुला खत लिखा। उन्हें लगा कि फिल्म में सती और जौहर का काफी महिमंडन किया गया है। फिल्म की शुरुआत में सती-जौहर प्रथा के खिलाफ डिस्क्लेमर दिखा कर निंदा कर देने भर का कोई मतलब नहीं है। बता दें कि संजय लीला भंसाली की इस फिल्म को हर जगह सरहाना मिल रही है, लेकिन स्वरा ऐसी पहली अभिनेत्री है जिसने फिल्म को लेकर अपना पक्ष रखा है और आरोप लगाया है कि फिल्म में जौहर और सती प्रथा को बढ़ावा दिया गया है। 

टैक्स पेयर्स की मांग, फ्रेंडली हो साल 2018 का यूनियन बजट 

फ्रेंडली हो यूनियन बजट 2018 -टैक्स पेयर्स

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com 

टैक्स अदा करने वालों को इस साल के बजट से कई आशाएं हैं। लोग चाहते हैं कि पिछले साल के मुकाबले इस साल का बजट टैक्स फ्रेंडली हो। मिली जानकारी के अनुसार, चार्टर्ड अकाउंटेंट का कहना है कि इस बार इनकम टैक्स स्लैब में कई बदलाव होने की संभावनाएं हैं, क्योंकि पिछले साल के बजट में टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया था।

पुणे के इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के चैयरमैन अरुण गिरी का कहना है कि भारत में चीन की तुलना में कुल टैक्स क्लेक्शन में डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन का पर्सेटेज बहुत ही कम है। इसके अलावा कोर्ट में मुकदमेबाज़ी में कर विभाग सक्सेस रेट भी बहुत कम है, जबकि इसकी तुलना में बड़ी संख्या में याचिकाएं फाइल की जाती हैं। इसलिए सरकार को बजट से पहले इन बातों का ध्यान रखना होगा। मिली जानकारी के अनुसार, अगर स्लैब में बदलाव हुआ, तो वित्तमंत्री इस बार 5 लाख रुपए से 10 लाख रुपए तक की आय वालों को कुछ राहत दे सकते हैं।

बता दें कि वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बजट 2017-18 में मध्यम वर्ग को राहत देते हुए इनकम टैक्स स्लैब में बढ़ोत्तरी की थी, जिसमें तीन लाख रुपये तक आय वाले लोगों को कोई टैक्स नहीं देना था। इसके अलावा 3 से 5 लाख तक की आय वाले लोगों पर टैक्स 10 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी किया गया था।

पीएम मोदी ने दिए संकेत, इस बार का बजट आम जनता की आशा आकांक्षाओं को पूरा करेगा

बजट 2018 पीएम मोदी

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

पीएम मोदी ने बजट सत्र शुरू होने से पहले साफ़ इशारा किया है कि इस बार का बजट आम जनता की आशा आकांक्षाओं को पूरा करेगा। इस बार का बजट देश की अर्थव्यवस्था को भी रफ़्तार देगा। पीएम के इस इशारे से करदाताओं को एक उम्मीद नजर आ रही है। टैक्स एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस बार के बजट में टैक्स छूट का दायरा 3 लाख तक बढ़ा दिया जाएगा।

बता दें कि अगर टैक्स के दायरे में छूट दी जाती है, तो लोगों के पास ज्यादा सीमा होगी और ज्यादा पैसे हाथ में आएंगे। बजट सत्र की शुरूआती सम्बोधन में पीएम मोदी ने कहा कि बजट सत्र काफी महत्वपूर्ण है। विश्व की सभी क्रेडिट एजेंसियां, वर्ल्ड बैंक और आईएमएफ का भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर काफी अच्छा रुख है। उन्होंने कहा बजट से देश की बढ़ रही इकॉनमी की रफ्तार और तेज हो जाएगी। साथ ही अर्थव्यवस्था में एक नई उर्जा आएगी।

इस बार के बजट से लगातार बढ़ रहे है पेट्रोल-डीजल के दाम में राहत दी जा सकती है। उम्मीद है कि इस बार के बजट में पेट्रोल-डीजल को लेकर कोई ऐलान हो सकता है। इकोनोमिक सर्वे में कच्चे तेल के बढ़ते दामों को लेकर काफी लम्बे समय तक चर्चा की गई थी।  

डरबन: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पहला एकदिवसीय मैच कल, भारत वापसी को तैयार

कल डरबन में खेला जायेगा भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पहला एकदिवसीय मैच

सुनील यादव | Navpravah.com 

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एकदिवसीय श्रृंखला का पहला मैच कल डरबन के किंग्समेड स्टेडियम पर खेला जायेगा। 6 मैचों की एकदिवसीय सीरीज का पहला मैच कल 4.30 बजे से शुरू होगा। टेस्ट सीरीज 2-1 से गंवाने के बाद भारतीय टीम एकदिवसीय सीरीज में वापसी के लिए बेताब है। 

17 सदस्यीय भारतीय टीम में इस बार मुंबई के तेज गेंदबाज शर्दुल ठाकुर को भी मौका दिया गया है। भारत के बेहतरीन बल्लेबाजों के साथ-साथ तेज और स्पिन गेंदबाजों का मिला-जुला समूह इस बार दक्षिण अफ़्रीकी टीम को पटखनी देने के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं अगर दक्षिण अफ़्रीकी टीम की बात की जाए, तो ऑलराउंडर खाया जोंडो अपना पहला एकदिवसीय मैच खेलेंगे। दक्षिण अफ़्रीकी टीम को एक बार फिर अपनी अनुभवी जोड़ी हासिम आमला और एबी डिविलियर्स से शानदार प्रदर्शन की उम्मीदें हैं। वहीं टेस्ट के बाद अब भारत को एकदिवसीय श्रंखला में एमएस धोनी का साथ मिलेगा। 

रिकार्ड्स की बात करें, तो किंग्समेड डरबन की पिच पर भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 7 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 6 मैचों में दक्षिण अफ्रीका ने जीत दर्ज की और एक मैच ड्रॉ रहा था। भारतीय टीम इस पिच पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी पहली जीत की तलाश में कल उतरेगी। किंग्समेड की पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए एक जैसी ही है। यहाँ दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाजों ने सबसे ज्यादा 6 विकेट खोकर 372 रन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2016 में बनाये थे। वहीं भारत का इस पिच पर 270 रन हाई स्कोर रहा है। तेज गेंदबाजों को सपोर्ट करती इस पिच पर एक पारी में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भारत के आशीष नेहरा के नाम दर्ज है, उन्होंने यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ 2003 में बनाया था।   

पिछले 25 सालों से दक्षिण अफ्रीका में सीरीज का सूखा झेल रही भारतीय टीम के लिए इस बार की एकदिवसीय सीरीज काफी महत्वपूर्ण है। इस समय भारतीय टीम विश्व एकदिवसीय रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के बाद दूसरे पायदान पर बरकरार है। हालांकि टेस्ट रैंकिंग में नम्बर एक पर काबिज़ भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को टेस्ट में करारी टक्कर ज़रूर दी, पर वह सीरीज अपने नाम करने में असफल रही थी। अगर भारतीय टीम एकदिवसीय सीरीज जीतती है, तो दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़ विश्व नम्बर एक टीम बन जायेगी। 

कल के मैच की संभावित टीमें-
भारत 
रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली(कप्तान), केदार जाधव, एमएस धोनी, हार्दिक पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, यजुवेंद्र चहल, अक्षर पटेल।

दक्षिण अफ्रीका
हासिम आमला, क्विंटन डी कॉक, एबी डिविलियर्स,  फाफ डू प्लेसिस(कप्तान), जे पी डुमनी, डेविड मिलर, क्रिस मोरिस, मोर्ने मोर्केल, कागिसो रबाडा, एडीले फेलुकवायो, तबरेज़ शम्शी।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि एकदिवसीय मैचों में विराट सेना को हराना काफी मुश्किल है, पर हम अपने बेहतर खेल का प्रदर्शन जारी रखेंगे।  वहीं अनुभवी सलामी बल्लेबाज हासिम आमला ने इस एकदिवसीय सीरीज को दक्षिण अफ्रीका के नजरिये से काफी महत्त्वपूर्ण बताया है।

मेघालय: राहुल गाँधी ने भाजपा और आरएसएस पर साधा निशाना

गोवा में सरकार बनाने की कोशिश में लगी कांग्रेस

राजेश सोनी | Navpravah.com 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने एक बार फिर भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा है। मेघालय के शिलॉन्ग में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए राहुल गाँधी ने कहा कि हम पूरे देश में आरएसएस की विचारधारा से लड़ रहे हैं। उनका आईडिया यह है कि यह लोग अपनी विचारधारा पूरे देश पर थोपना चाहते हैं। 

राहुल गाँधी ने कहा कि पूरे भारत में भाजपा और आरएसएस क्या कर रहा है और विशेष रूप से उत्तर-पूर्व में आपकी संस्कृति, भाषा और जीवन के तरीके को कमजोर करने का प्रयास है। बता दें कि मेघालय विधानसभा चुनाव के पहले राहुल का यह एक महत्वपूर्ण दौरा है। राहुल का यह दौरा 2 दिन का है और इस दौरान वह जोवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। 

गौरतलब है कि मेघालय में विधानसभा चुनाव फरवरी महीने के 28 तारीख को है। मेघालय में 60 विधानसभा सीट है। मेघालय में पिछले 10 वर्ष से कांग्रेस की सत्ता है और कांग्रेस एक बार फिर मेघालय में सत्ता हासिल करना चाहती है। इस बार के विधानसभा चुनाव के नतीजे 3 मार्च को घोषित होंगे। मेघालय कोंग्रेस के देश में बचे हुए चार राज्यों में से एक है। 

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

पेट्रोल डीजल के दाम आसमान पर

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

देशभर में पेट्रोल डीज़ल की कीमतें आसमान छू रही हैं। इसी के विरोध में मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई शहरों में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया है। मंगलवार को मुंबई में पेट्रोल की कीमत जहां 80 रुपये 77 पैसे तक पहुंच गई, वहीं डीजल के दाम 68 रुपये 13 पैसे रहे। पहली जनवरी से ही तेल की कीमतों में तेज़ी से उछाल आया है और मुंबई में पेट्रोल के दाम 80 के पार हो चुके हैं। 

तेल की कीमतों का विरोध करते हुए कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल को जीएसटी में शामिल करने की मांग की जा रही है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने दावा किया है कि पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी में लाने से पेट्रोल की कीमत 40-42 रुपये हो जाएगी और डीजल और गैस भी सस्ते दामों में मिलेंगे।

वहींम, बढ़ते पेट्रोल और डीजल की कीमतों का सीधा असर व्यवसाइयों पर पड़ रहा है। एक व्यापारी ने बताया कि उनका ट्रांसपोर्ट का कारोबार है, ऐसे में बढती पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें उनके व्यापार पर बुरा असर डाल रहीं हैं। वहीं कैब ड्राइवर सचिन मोरे ने बताया कि पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों का असर उनकी प्रतिदिन की आमदनी पर हो रहा है, उनकी कमाई पेट्रोल और डीजल भराने में ही चली जाती है।

बिहार: पुलिस व फायर ब्रिगेड में मिलेगा 1669 चालकों को अवसर

बिहार अग्निशमन दल में चालकों के लिए अवसर

पारुल पाण्डेय| Navpravah.com 

बिहार में चालकों की नौकरी के लिए एक सुनहरा मौका युवक-युवतियों के समक्ष है। पुलिस और अग्निशाम विभाग में बड़े पैमाने पर चालकों की भरती होने वाली है। इसके लिए केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) विज्ञापन निकालेगा। चालक सिपाही के 700 और फायर मैन चालक के 969 पदों के लिए एक साथ परीक्षा ली जाएगी। और जल्द ही ऑनलाइन फॉर्म भरने की तारीख घोषित होगी। 

चालक सिपाही और फायर मैन चालक पद के इच्छुक अभ्यर्थियों को अब लिखित परीक्षा भी देनी होगी। पहले सिर्फ शारीरिक और वाहन चलाने की परीक्षा होती थी, लेकिन अब सरकार ने अपने नियमों में कुछ बदलाव किए हैं। इस नियम के तहत पहले लिखित परीक्षा होगी, लेकिन इसके आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार नहीं होनी है। अभ्यर्थियों को सिर्फ यह परीक्षा पास करनी होगी। इसके बाद शारीरिक और फिर वाहन चलाने की परीक्षा में शामिल होना होगा।  

लम्बे समय के बाद बिहार पुलिस में चालक सिपाही के पद पर पिछले साल 1526 अभ्यर्थियों की भर्ती की गई थी। कुल 1577 पदों के लिए पिछले साल विज्ञापन निकला गया था। करीब 70 हजार लोगों ने इसके लिए आवेदन किया। शारीरिक और वाहन चलाने की परीक्षा के बाद 1526 अभ्यर्थी चालक सिपाही के पद पर चयनित हुए थे। चालक सिपाही के साथ इस बार फायर मैन चालक के पद पर भी भर्ती होने जा रही है।

भाजपा को सन्देश जाना चाहिए, कांग्रेस अभी मरी नहीं है -हरीश धामी

कांग्रेस अभी मरी नहीं है -हरीश धामी

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

उत्तराखंड से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए, उनमें पार्टी के प्रति जोश फुकने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है, जिसने फिरंगियों को देश से भगाया था।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस वही पार्टी है, जिसने अंग्रेजों से देश को आजाद कराया था। मुट्ठीभर भाजपा के भगवाधारी हमारे सामने कुछ नहीं हैं। हमें इन साधू संतों को इनकी औकात बतानी होगी। बता दें कि कांग्रेस को गुजरात चुनाव के बाद एक आशा की छोटी सी किरण दिखी है। वहीं कांग्रेस पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले अहमद पटेल ने भी कुछ दिन पहले कहा था कि गुजरात चुनाव के नतीजों से पता चलता है कि अगर सही रणनीति से चुनाव लड़ा जाए, तो प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को हराया जा सकता है।

गौरतलब है कि कांग्रेस अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अब देश के सिर्फ 4 राज्य में ही बची है। वहीं इस वर्ष देश के कई राज्यों में चुनाव है। इन चुनाव में कांग्रेस को काफी उम्मीद है।
 

अभिनेत्री कंगना रनौत ने मानी अपनी गलती, कहा, “मैं कई बार गलत भी होती हूँ”

कंगना रनौत ने मानी गलती

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अपने विवादों के लिए हमेशा सुर्ख़ियों में रहती है। काफी लम्बे समय से कंगना रनौत और करण जौहर के बीच विवाद जारी है और इस विवाद ने काफी सुर्खियां बटोरी हैं। इस विवाद को देखकर लग रहा था कि यह विवाद जल्दी सुलझेगा नहीं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कंगना ने कहा, “मैं जानती हूँ, मैं कई बार गलत भी बोल देती हूं।” 

उन्होंने आगे कहा कि मैं करण के शो में गई थी और उनसे मिली भी थी। रही उनसे विवाद की बात, तो मैं कभी यह सोचकर मुद्दा नहीं उठाती कि मेरे सामने कौन है या मैं किसके लिए बोल रही हूं। मुझे जो लगता है, मैं बोल देती हूं। हालांकि मैं जानती हूं कि मैं कई बार गलत भी होती हूं। 

मैं भाई-भतीजावाद ही नहीं, बल्कि नारीवाद जैसे कई मुद्दों पर अपनी आवाज उठा चुकी हूं। करण जानते हैं कि उनके साथ मेरी कोई दुश्मनी नहीं है और न ही मेरी उनसे कोई लड़ाई है। करण मैच्योर हैं और मैंने नेपोटिज्म पर इसलिए नहीं बोला था कि मैं उनको बदल सकूं। मैंने बस अपनी बातें करण के सामने रखी थीं। कंगना के इस बात से लगता है कि उनको समझ आ गया है कि बॉलीवुड में करण जौहर से बैर नहीं रखा जा सकता है।   
 

साल 2018 का अद्भुत चंद्रग्रहण आज, इन बातों का रखें ख़ास ध्यान 

आज होगा चंद्रग्रहण

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com

आज साल 2018 का पहला प्रभावशाली चंद्रग्रहण होगा। इस दौरान चंद्रमा तीन रंगों में दिखेगा। 1866 के बाद यह अद्भुत चंद्रग्रहण होगा। इस साल पांच ग्रहण होंगे। इसमें तीन सूर्य ग्रहण और दो चंद्र ग्रहण होने वाले हैं। खगोलीय दृष्टि से देखें, तो बुधवार को पड़ने वाला यह चंद्रग्रहण काफी अहम है। चंद्रग्रहण के समय चंद्रमा का रंग लाल, नीला और सफेद होगा। आज रात चांद 30 फीसदी ज़्यादा चमकीला दिखेगा। आज चंद्र ग्रहण के दौरान ऐसी स्थिति आएगी, जब सुपर मून और ब्लू मून साथ दिखाई देगा। इस आकाशीय घटना को सुपर ब्लू ब्लड मून कहा जाता है। यह दुर्लभ संयोग 152 साल बाद बन रहा है। इसका समय शाम 5.58 बजे शुरू होगा, जो रात 8.41 बजे तक चलेगा। यह पूर्ण चंद्र ग्रहण 77 मिनट तक रहेगा।

जब पृथ्वी, सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है, तब वह चंद्रमा पर पड़ने वाली सूर्य की किरणों को रोकती है और उसमें अपनी छाया बनाती है। इस घटना को चंद्र ग्रहण कहा जाता है। इसे ब्लड मून भी माना जाता है। विज्ञान के अनुसार, यह एक प्रकार की खगोलीय स्थिति है। जिनमें चंद्रमा, पृथ्वी और सूर्य तीनों एक ही सीधी रेखा में आ जाते हैं। इससे चंद्रमा पृथ्वी की उपछाया से होकर गुजरता है, जिस वजह से उसकी रोशनी फिकी पड़ जाती है ।   

ज्योतिषों और पंडितों के अनुसार, ऐसा कहा जाता है कि ग्रहण के वक्त खुले आकाश में ना निकलें, खासकर प्रेग्नेंट महिलाएं, बुजुर्ग, रोगी और बच्चे। ग्रहण से पहले या बाद में ही खाना खाएं। इसके साथ ही किसी भी तरह का शुभ कार्य ना करें और पूजा भी ना करें। इसी वजह से ग्रहण के दौरान मंदिर के द्वार भी बंद कर दिए जाते हैं। ग्रहण के दौरान दान भी करना चाहिए, जैसे आटा, चावल, चीनी और दाल आदि। ग्रहण के बुरे प्रभाव से बचने के लिए दुर्गा चालीसा या श्रीमदभागवत गीता आदि का पाठ भी करें और जो लोग साढ़े-साती से परेशान हों, तो शनि मंत्र का जाप करें या हनुमान चालीसा पढ़ें।  

आचार्य प्रदीप द्विवेदी के अनुसार चंद्र ग्रहण के दौरान आपको क्या ख्याल रखना चाहिए, जानिए विस्तार में 

-गर्भवती महिलाओं को चाकू से कुछ काटना नहीं चाहिए, अग्नि नहीं जलाना चाहिए। 
-तुलसी की पट्टी साथ में रखना चाहिए, जिससे शिशु पर ग्रहण का असर नहीं पड़ता, गर्भवती महिलाओं को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। 
-यह चंद्र ग्रहण मेष, सिंह, कन्या और मकर राशिवालों के लिए शुभ होगा।  
-लंबा ग्रहण है, जिससे भूकंप आदि की संभावना रहती है। 

बता दें कि ग्रहणकाल में अन्न निकालकर रखना चाहिए और फिर इसी अन्न को ग्रहण काल के बाद गरीब को दान करना चाहिए। इस उपाय से आपके जीवन में अशुभ योगों में कमी आती है। इस दौरान खाने पीने के सामग्री में आप गंगा जल डाल सकते हैं, कुष भी डाल सकते हैं, ताकि आप का भोजन शुद्ध रहे। 

इष्ट का करें ध्यान
चंद्र ग्रहण के दौरान ॐ नमः शिवाय या महामृत्युंजय का जाप करें, यह आपके लिए लाभप्रद है।