UIDAI: आधार कार्ड से निजी जानकारी चोरी होने का डर
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
यदि आपने अपने आधार कार्ड को लैमिनेशन करवाया है या फिर उसे एक प्लास्टिक स्मार्ट कार्ड के तौर पर इस्तेमाल करते हैं, तो चौकन्ने हो जाइए। ऐसा होने से आपके आधार का क्यूआर कोड काम करना बंद कर सकता है अथवा निजी जानकारी चोरी हो सकती है। हाल ही में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने इनके इस्तेमाल को लेकर चिंता जाहिर की है। यूआईडीएआई के अनुसार, ऐसा करने पर आपकी इजाजद के बिना जानकारी लीक हो सकती है।
यूआईडीएआई ने जानकारी दी है कि आधार का कोई एक हिस्सा या मोबाइल आधार पूरी तरह से वैलिड है। आधार स्मार्ट कार्ड्स की प्रिटिंग पर 50 रुपये से लेकर 300 रुपये तक का खर्च आता है, जिसकी कोई जरूरत नहीं है। यूआईडीएआई द्वारा जारी बयान में बताया गया है कि प्लास्टिक या पीवीसी आधार स्मार्ट कार्ड्स अकसर गैर-जरूरी होते हैं। इसकी वजह यह होती है कि क्विक रेस्पॉन्स कोड आमतौर पर काम करना बंद कर देता है। इस तरह की गैर-अधिकृत प्रिंटिंग से क्यूआर कोड काम करना बंद कर सकता है।
यूआईडीएआई के सीईओ अजय भूषण पांडे ने कहा कि प्लास्टिक का आधार स्मार्ट कार्ड एक तरह से व्यर्थ है। जबकि सामान्य कागज पर डाउनलोड किया गया आधार कार्ड या फिर मोबाइल आधार कार्ड पूरी तरह से वैलिड है। भूषण पाण्डेय ने आगे बताया था कि कागज या प्लास्टिक आधार कार्ड का कोई कॉन्सेप्ट ही नहीं है। यही नहीं यूआईडीएआई ने आधार कार्ड्स की डिटेल जुटाने वाली अनाधिकृत एजेंसियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि आधार कार्ड की जानकारी हासिल करना या फिर उनकी अनाधिकृत प्रिटिंग करना दंडनीय अपराध है। ऐसा करने पर कानून के तहत कैद भी हो सकती है।
समुद्री डाकुओं के चंगुल से छूटा अफ्रीका में अगवा हुआ तेल टैंकर
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
पश्चिमी अफ्रीका के समुद्र में लापता तेल के टैंकर का पता लग गया है। मंगलवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इस बात की जानकारी अपने ट्वीटर हैंडल पर दी। उन्होंने लिखा कि अफ्रीका के बेनिन तट से दूर शनिवार को लापता हुए तेल टैंकर पोत को छुड़ा लिया गया है। इससे पहले इस तेल टैंकर की समुद्री डाकुओं द्वारा अगवा करने की खबर चल रही थी, जिसके चालक दल में 22 भारतीय हैं।
विदेश मंत्री ने अपने ट्वीटर हैंडल ट्वीट करते हुए लिखा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि 22 भारतीयों सहित मर्चेंट शिप मरीन एक्सप्रेस को छुड़ा लिया गया है। हम नाइजीरिया और बेनिन की सरकारों को उनकी मदद और समर्थन के लिए धन्यवाद देते हैं।
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, समुद्री डाकुओं ने चार दिन बाद चालक दल के सभी सदस्यों को छोड़ दिया है। वे सुरक्षित हैं और उनका अगला सफ़र शुरू हो गया है। बता दें कि सुषमा स्वराज ने लापता तेल टैंकर का पता लगाने में मदद मांगने के लिए कल नाइजीरिया के अपने समकक्ष से बात की थी। मुंबई में नौवहन की महानिदेशक मालिनी शंकर ने जानकारी दी कि मरीन एक्सप्रेस नाम के जहाज को छोड़ दिया गया है और यह अब कप्तान की कमान में है। अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि पोत और सामान को छुड़ाने के लिए फिरौती दी गई है या नहीं।
बता दें कि मरीन एक्सप्रेस को एक फरवरी को बेनिन में गिनी की खाड़ी से समुद्री डाकुओं ने अगवा कर लिया था, जिसके बाद संपर्क प्रणालियों को भी रोक दिया गया था। जहाज मैनिंग एजेंट ‘एंग्लो इर्स्टन’ ने फेसबुक पर एक पोस्ट किया। जिसके चलते लोगों को यह बताया गया कि पनामा के ध्वजवाहक इस पोत को समुद्री डाकुओं ने अगवा कर लिया था।उन्होंने जहाज को सुरक्षित छोड़े जाने की पुष्टि की। पोस्ट में बताया गया है कि जहाज में 13,500 टन गैसोलिन अब भी है।
इस तरह की भी घटनाएं हैं कि समुद्री डाकुओं ने फिरौती की मांग किए बिना जहाज पर मौजूद सामान को लेकर पोत और चालक दल के सदस्यों को जाने दिया है। इस घटना के संबंध में डीजीएस के अधिकारियों ने नाइजीरिया में भारतीय मिशन से संपर्क किया, जो स्थानीय एजेंसियों के साथ बचाव प्रयासों में समन्वय कर रहा था। बेनिन के तट के पास जनवरी में एमटी बैरेट नाम के पोत के लापता होने के एक महीने से भी कम वक्त में यह जहाज लापता हुआ था। बाद में पुष्टि हुई थी कि एमटी बैरेट को अगवा कर लिया गया था। इस पोत पर चालक दल के 22 सदस्य थे, जिसमें से अधिकतर सदस्य भारतीय थे। इसे फिरौती देने के बाद छोड़ा गया था।
‘पद्मावत’ के बाद अब फिल्म ‘मणिकर्णिका’ पर उठा विवाद
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘पद्मावत’ पर मचे बवाल के बाद आखिरकार यह फिल्म किसी तरह सिनेमाघरों तक पहुँच गई। अब कुछ ऐसा ही संकट कंगना रनौत को भी देखना पड़ सकता है। कंगना की आगामी फिल्म ‘मणिकर्णिका’ पर अब बवाल शुरू हो गया है।
झांसी की रानी लक्ष्मीबाई पर बन रही कंगना रनौत स्टारर फिल्म ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ को लेकर सर्व ब्राह्मण महासभा ने विरोध किया है। ब्राह्मण महासभा ने फिल्म के निर्माता कमल जैन को चिट्ठी लिखकर फिल्म के लेखक, सलाहकार, इतिहासकारों के नाम पूछे हैं। ब्राह्मण महासभा को शक है की फिल्म में रानी लक्ष्मीबाई का चित्रण आपत्तिजनक तरीके से किया जा रहा है, साथ ही रानी की जीवनी से जुड़े तथ्यों से छेड़छाड़ भी हुई है। बता दें कि सर्व ब्राह्मण महासभा ने ‘पद्मावत’ के विरोध में करणी सेना का साथ दिया था।
बता दें कि ‘मणिकर्णिका’ फिल्म की ज्यादातर शूटिंग राजस्थान में ही हो रही है। जयपुर के बाद कंगना जोधपुर में शूटिंग कर रही हैं और जल्द ही बीकानेर में भी शुरू करने वाली हैं। इस फिल्म में कंगना रनौत के अलावा सोनू सूद, सुरेश ओबरॉय, डैनी और टीवी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे अहम किरदार निभा रही हैं।
राज्यसभा में विपक्ष को नहीं दिया जा रहा बोलने का मौका, किया बहिष्कार
राजेश सोनी | Navpravah.com
आज राज्यसभा में बहस के दौरान विपक्ष के नेताओं को नहीं बोलने दिए जाने का आरोप विपक्ष ने राज्यसभा के चेयरमैन पर लगाया है और इस वजह से उन्होंने राज्यसभा का बहिष्कार किया है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के खबर के मुताबिक, विपक्ष के नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं ने आज राज्य सभा का बहिष्कार किया है। उनका कहना है कि राज्यसभा के चेयरमैन उन्हें बोलने की और मुद्दे उठाने की इजाजत नहीं दे रहे हैं।
इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता आनंद शर्मा का भी बयान आया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को राज्यसभा में बोलने की इजाजत नहीं दी जाती है, तो हम इसे अलोकतांत्रिक मानते हैं। हम इसकी शिकायत लिखित रूप में राज्यसभा चेयरमैन को देंगे। देश के विभिन्न स्थानों से आनेवाले जनप्रतिनिधियों को राज्यसभा में बोलने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
बता दें कि आज बुधवार को राज्यसभा में बिल पास करा पाने में असफल होने के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अप्रत्यक्ष तरीके से ट्रिपल तलाक बिल का विरोध कर रही है। वो चाहते, तो इस पर कोई सुझाव दे सकते थे, लेकिन वो सिर्फ इसको टालने की कोशिश में लगे हैं। उन्होंने कहा कि आज संसद के लिए एक सुनहरा मौका था कि सालों से मुस्लिम महिलाओं पर जो अन्याय हो रहा है, उसे ठीक किया जाए, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उसे नहीं होने दिए। देश के लोगों की जो इच्छा है, वह हो कर रहेगा।
मानव बम के आरोप ने बर्बाद कर दिया जीवन -सादिया शेख
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
नर्सिंग के कोर्स में दाखिला लेने के लिए पहुंचीं 18 साल की सादिया शेख को आतंकवादी संगठन ISIS से जुड़ने के संदेह में जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया था। सादिया पर आतंकवादी हमला करने का संदेह जताया गया था, लेकिन जांच में इस सूचना को गलत पाया गया। सादिया को भले ही रिहा कर दिया गया हो, लेकिन इस घटना ने सादिया के जीवन में संकट बढ़ा दिए हैं।
श्रीनगर से रविवार को मां के साथ वापस लौटी सादिया ने जानकारी दी कि 26 जनवरी से पहले मुझे पता चला कि मेरा नाम मानव बम के तौर पर सामने आ रहा है। मैंने मां से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि पुणे स्थित उनके घर पर पुलिस आई थी, जिसके बाद माँ ने मुझे 26 जनवरी से पहले पुणे वापस आने की बात कही अथवा वहीं रहकर पुलिस से संपर्क करने को कहा। जिसके बाद श्रीनगर पहुंचकर ही पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोककर पूछताछ की। पुलिस के सवालों के सभी जवाब देने और सबूत पेश करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। उन्होंने खुदको बेगुनाह साबित करते हुए कहा कि किसी रिपोर्ट में यह नहीं कहा गया था कि मैं अपराधी हूं। न ही मुझे गिरफ्तार किया गया और न ही कोर्ट में पेश किया गया। इनपुट था कि हमला हो सकता है, यह नहीं कि मैं हमला करूंगी। मेरा नाम और अन्य जानकारियां सार्वजनिक होने से मेरी जिंदगी खराब हो गई है।
सादिया ने आगे कहा कि 2015 में जांच में सहयोग देने के बावजूद भी पुलिवाले उनके कॉलेज गए। जिसके बाद उनकी मुश्किलें बढती गईं। उन्होंने कहा कि वह दोबारा अपनी पढ़ाई शुरू करना चाहती हैं, लेकिन इतना सब होने के बाद उनके ऐडमिशन को लेकर चिंता बनी हुई है।
ज्ञात हो कि 26 जनवरी से ठीक एक दिन पहले महाराष्ट्र पुलिस की पुणे ATS की टीम ने अलर्ट जारी किया था, जिसमें कि सादिया के आतंकवादी संगठन से जुड़ने की खबर थी। बताया जा रहा था कि गणतंत्र दिवस पर सादिया आतंकवादी घटना को अंजाम देने वाली थी। इससे पहले भी सादिया को 17 दिसंबर 2015 को ISIS के संपर्क में होने के कारण गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद, पुलिस ने उसे किसी तरह समझाकर आतंकवादी संगठन ISIS से जुड़ने पर रोक लिया गया था। जबकि पुणे के येरवदा इलाके में रहनेवाले सादिया का परिवार उसके आतंकवादी संगठन में शामिल होने की बात से साफ़ इनकार कर रहे थे।
बिहार में इंटरमीडिएट की परीक्षा का पेपर फिर हुआ लीक
सौम्या केसरवानी | Navpravah.com
बिहार बोर्ड की ओर से 6 फरवरी से शुरू हुई इंटरमीडिएट की परीक्षा के पहले दिन जीव विज्ञान का पेपर आउट हो गया। यह पेपर Whats app और ट्विटर पर वायरल हो रहा है। सूत्रों के अनुसार, परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही पेपर आउट हो गया था।
पहली पाली की परीक्षा संपन्न होने पर नवादा जिले के जिलाधिकारी ने वायरल प्रश्न पत्र को मिलाया, तो जांच में यह सही पाया गया। इससे पहले बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने Biology का प्रश्नपत्र लीक होने की खबर को पूरी तरह अफवाह बताया था। लेकिन पहली पाली की परीक्षा खत्म होने के बाद इसके सही होने की नवादा जिला प्रशासन ने पुष्टि कर दी है।
पिछले साल बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 12 वीं के कला संकाय के इस वर्ष टॉपर रहे गणेश का परीक्षाफल निलंबित कर दिया गया था। गणेश ने इससे पहले 1990 में 10 वीं (मैट्रिक) की परीक्षा दी थी, जिसमें उन्होंने अपनी जन्मतिथि सात नवंबर 1975 लिखवाई थी। इस वर्ष इंटर की परीक्षा में उन्होंने अपनी जन्मतिथि दो जून 1993 दर्ज करवाई है।
टेंशन में अनुपम खेर, ट्विटर अकाउंट हुआ हैक
राजेश सोनी | Navpravah.com
अभिनेता अनुपम खेर के ट्वीटर अकाउंट के हैक होने की खबर मिली है। उन्होंने एएनआई को बताया कि मेरा ट्विटर अकाउंट हैक हो गया है। इस संदर्भ में मुझे मेरे भारतीय मित्रों का कॉल आया था। मैं लॉस एंजेलेस में हूँ और यहां रात 1 बज रहे हैं। मैंने अपने ट्विटर अकाउंट हैक होने की जानकारी ट्विटर को दी है। ट्विटर ने उनके अकाउंट को फ़िलहाल के लिए ससपेंड कर दिया है।
उन्होंने आगे यह बताया कि मेरे पास राज्यसभा सांसद स्वप्न दास गुप्ता का डायरेक्ट मैसेज आया था, जिसमें एक लिंक था और क्योंकि मेरे पास उनकी तरफ से पहले कोई नहीं मैसेज आया था, इसी वजह से मैंने उस लिंक को खोल कर देखा।
बता दें कि खेर का अकाउंट पाकिस्तानी समर्थक टर्की के हैकर्स ने हैक किया है। ट्विटर पर कई यूजर्स ने लिखा है कि अनुपम खेर का अकाउंट टर्की के जिहादी साइबर सेल ग्रुप ने हैक कर लिया है। गौरतलब है कि अनुपम खेर से पहले कई बॉलीवुड हस्तियों का ट्विटर अकाउंट हैक हो चुका है। इनमें ऋतिक रोशन, अमिताभ बच्चन, शहीद कपूर और रजनीकांत जैसे दिग्गज सुपरस्टार शामिल हैं।

















