फ़ारुख़ अब्दुल्ला ने फिर किया पाकिस्तानी सेना का बचाव
राजेश सोनी | Navpravah.com
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला ने एक बार फिर अपना पाक प्रेम दिखाया है। उन्होंने पाकिस्तान द्वारा नियंत्रण रेखा पर लगातार किए जा रहे सीजफायर उल्लंघन को लेकर पाकिस्तानी सेना का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि क्या सिर्फ पाकिस्तानी सेना ही गोलीबारी करती है?
अब्दुल्लाह ने आगे कहा कि हमारी सेना भी पाकिस्तान पर फायरिंग करती है। दोनों देश की सेना एक दूसरे पर फायरिंग करती हैं। फायरिंग के कारण लोगों का विनाश हो रहा है। अगर ऐसी स्थित दोनों देश के बीच जारी रही, तो यह युद्ध के तरफ दोनों देशों का बढ़ने जैसा है। युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। इन समस्यायों का समाधान सिर्फ दोनों देशों के बीच संवाद से संभव है।
गौरतलब है कि रविवार को ही पाकिस्तानी सेना के द्वारा किए गए सीजफायर उल्लंघन में भारतीय सेना के 4 जवान शहीद हो गए थे। इनमें एक भारतीय सेना के कैप्टन भी शामिल थें। पाकिस्तान के इस नापाक हरकत के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के प्रति आक्रोश है और अब भारत की जनता पाकिस्तान के खिलाफ स्थाई इलाज चाहती है।
सलमान ने शादी को लेकर तोड़ा अपने फैन्स का दिल, कहा, “फिल्म के लिए लड़की मिली है”
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
सलमान खान ने मंगलवार दोपहर को एक ट्वीट जारी करके अपने फैन्स को खुश कर दिया था। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मुझे लड़की मिल गई है। जिसके बाद दबंग खान की शादी की खबरें सुर्खियों में छा गई और लोग सलमान को बधाई देने लगे। लेकिन अब सलमान ने इस ट्वीट के सस्पेंस को ख़त्म करते हुए अपने ट्वीटर हैंडल पर खुलासा किया है कि वो लड़की उनके जीजा आयुष शर्मा के फिल्म की हीरोइन है, जिसकी तलाश अब खत्म हो गई है।
Nothing to worry na @aaysharma ki film #Loveratri ke liye ladki mil gayi Warina, Toh dont worry na be happy na pic.twitter.com/uetTpUKRdi
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) February 6, 2018
बता दें कि सलमान के लड़की मिल गई वाले ट्वीट पर कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर सवालों की बौछार शुरू हो गई है। 7 हजार से ज्यादा लोगों ने सलमान के इस ट्वीट पर कमेन्ट किया है, साथ ही 10 हजार लोगों ने लाइक भी किया है।सभी जानना चाहते हैं कि आखिर वो लड़की कौन है। सलमान को इस पोस्ट के बाद लगातार बधाई भी मिल रही थी।ऐसे में अचानक दबंग खान ने अपने दुसरे ट्वीट से लोगों के भ्रम को मिटा दिया। सलमान खान ने अपने दुसरे ट्वीट में लोगों का भ्रम दूर करते हुए लिखा कि चिंता की कोई बात नहीं है। आयुष की फिल्म लवरात्रि के लिए लड़की मिल गई है, जिसका नाम वरीना है, तो चिंता छोड़ो और खुश रहो।
पता हो कि पिछले कुछ समय से सलमान खान आयुष को बॉलीवुड में लॉन्च करने की प्लानिंग कर रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, इस फिल्म की शूटिंग फरवरी महीने में शुरू होगी, साथ ही इस फिल्म को साल 2018 में ही रिलीज करने का प्लान बनाया गया है। इस फिल्म को अभिराज मिनावाला डायरेक्ट करेंगे। अभिराज के कई फिल्मों को अली अब्बास जफर असिस्ट कर चुके हैं। यह फिल्म एक रोमांटिक ड्रामा बेस्ड है।
‘नारी नरक का द्वार है’ कहने पर वीरेंद्र देव दीक्षित के वकील को जज ने किया कोर्ट से बाहर
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
दिल्ली के एक आश्रम में महिलाओं और लड़कियों को कैद रखने के मामले में फरार चल रहे बाबा वीरेंद्र देव के वकील ने हाई कोर्ट में कहा कि नारी नरक का द्वार हैं, इसलिए हमें उन्हें कैद करके रखना चाहिए। अदालत ने सुनवाई के दौरान पूछा कि अगर आश्रम ‘आध्यात्मिक’ स्थान है, तो वहां लड़कियों और महिलाओं को बंद करके क्यों रखा गया। इस पर आश्रम के वकील ने कहा, “शंकराचार्य के मुताबिक, नारी नरक का द्वार है।”
आगे वकील कुछ कह पाते कि पीठ ने कहा कि वह ऐसी दलीलों के लिए उनके खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्यवाही करेगी और उनके साथ ही सबको अदालती कक्ष से चले जाने को कहा। वकील के इस बयान के बाद हाई कोर्ट में हंगामा शुरू हो गया। कोर्ट रूम में मौजूद दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख समेत सभी महिला वकीलों ने इस टिप्पणी पर आपत्ति दर्ज की।
‘विश्वविद्यालय’ शब्द हटाने को लेकर दलील सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से मांग की गई कि दीक्षित के आश्रम ‘आध्यात्मिक विश्वविद्यालय’ के नाम से विश्वविद्यालय हटाया जाए। इसके पीछे उन्होंने यह तर्क दिया कि लोग यह सोचते हैं कि यह विश्वविद्यालय है। अदालत इस मामले में अब 8 फरवरी को सुनवाई करेगी। अदालत ने रोहिणी आश्रम और दिल्ली में इसकी अन्य शाखाओं को निरीक्षण करने के लिए एक पैनल नियुक्त किया था। जिसमें दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल, वकील नंदिता राव और अजय शर्मा शामिल थे।
कासगंज: भड़काऊ मैसेज भेजने वाला एडमिन गिरफ्तार
अनुज हनुमत | Navpravah.com
उत्तर प्रदेश सरकार का दावा है कि कासगंज हिंसा के बाद अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। लेकिन उत्तर प्रदेश के कासगंज में किस तरह एक मामूली विवाद को सांप्रदायिक हिंसा में बदलने की साजिश की गई, उसका राज अब खुलता जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो सोशल नेटवर्किंग के जरिए नफरत फैलाने का काम कर रहा था। अब देखना है कि जांच के बाद क्या कुछ बातें सामने आती है। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।
बहरहाल, कासगंज हिंसा में व्हाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक और भड़काऊ मैसेज पोस्ट करने के आरोप में यूपी पुलिस ने ग्रुप एडमिन राम सिंह और ग्रुप मेंबर अजय गुप्ता को गिरफ्तार किया है। लेकिन अभी ये साफ नही हो पाया है कि इनका लक्ष्य क्या था ।
नवप्रवाह मीडिया नेटवर्क्स से बातचीत में पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए शख्स व्हाट्सऐप पर आगजनी का वीडियो और भड़काऊ बातें लिखकर पोस्ट करते थे। आगे की जांच की जा रही है। सबकुछ स्पष्ठ हो जाएगा। गौरलतब हो कि उत्तर प्रदेश के कासगंज में गणतंत्र दिवस के मौक़े पर निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के दौरान हुई एक झड़प ने साम्प्रदायिक हिंसा का रूप ले लिया था। हिंसा में चंदन गुप्ता नाम के एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी। हालांकि, नौशाद नाम का एक शख्स घटनास्थल पर कथित रूप से गोलीबारी की चपेट में आने से घायल हो गया था। इस घटना के बाद अफवाहों का बाजार भी गर्म रहा। गलियों से लेकर सोशल मीडिया तक झूठी सूचनाएं फैलाई गई।
इन सबके बीच यूपी के कासगंज हिंसा में अपनी जान गंवाने वाले चंदन गुप्ता के पिता आज प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के दौरान चंदन गुप्ता की बहन, मां और परिवार के कुछ अन्य सदस्य होंगे। अब देखना होगा कि कासगंज विवाद का जिस तरह से राजनीतिकरण किया जा रहा है, उसके दूरदर्शी परिणाम क्या होंगे। फिलहाल आज सबकी नजरें इस मुलाकात पर रहेंगी।
1984 के सिख दंगों के लिए अब तक किसी को भी दंडित क्यों नहीं किया गया- हरसिमरत कौर
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर ने आज 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों के लिए दोषियों को अब तक सजा न मिलने पर दुःख व्यक्त किया है। कौर ने कहा 1984 के सिख दंगों को 34 साल बीत चुके है। इन दंगों में सिखों का नरसंहार किया गया था। कौर ने आगे कहा कि अब तक इन दंगों में शामिल लोगों को गिरफ्तार नहीं किया गया है और हर कोई जानता है कि इन दंगों के लिए कौन जिम्मेदार है।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि सिख दंगों के आरोपी टाइटलर ने खुद स्वीकार किया है कि इन दंगों में वह शामिल था। टाइटलर को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। टाइटलर को जल्दी गिरफ्तार करना चाहिए और उसका नार्को टेस्ट कराना चाहिए। वहीं पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने बीते सोमवार 29 जनवरी को ही सिख दंगों के लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी पर निशाना साधा था। बादल ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि क्या राजीव गांधी उस समय दिल्ली में सिख विरोधी दंगों का निरक्षण कर रहे थे।
गौरतलब है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी के हत्या के बाद देश भर में सिख विरोधी दंगे भड़के थे। इन दंगों में 2800 सिखों का नरसंहार किया गया था, जिसमें 2100 सिखों को सिर्फ दिल्ली में मारा गया था। इस हिंसा के बाद देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी ने एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है।
श्रीनगर: महाराजा हरि सिंह अस्पताल में हुआ आतंकी हमला, 1 पुलिसकर्मी शहीद
सौम्या केसरवानी | Navpravah.com
जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आज श्रीनगर में एक अस्पताल मे बड़ा आतंकी हमला हुआ है, इस हमले में 1 पुलिसकर्मी शहीद हुआ है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। जानकारी के मुताबिक, श्रीनगर के श्री महाराजा हरि सिंह अस्पताल में पकड़े गये 6 आतंकियों को मेडिकल चेकअप के लिए सुरक्षाबल उन्हें अस्पताल लेकर आये थे। इसी बीच अपने साथी आतंकियों को छुड़ाने के लिए बाकी के आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया।
इस गोलीबारी की आड़ में एक आतंकी फरार हो गया है। फरार आतंकी का नाम नावेद जट उर्फ अबु हंजुला है और वो पाकिस्तान का रहने वाला है। कुछ महीनों पहले शोपियां से सुरक्षाबलों ने उसे गिरफ्तार किया था। हमले के बाद एसएसपी श्रीनगर इम्तियाज इस्माइल ने कहा है कि हम सभी आतंकियों को चेकअप के लिए अस्पताल लाए थे, जिस दौरान उन्होंने हमपर ये हमला किया। इस हमले में एक आतंकी फरार होने में कामयाब रहा है, हालांकि सर्च आपरेशन किया जा रहा है।
पूर्व जनरल जी.डी. बख्शी ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि ये हमला काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। पाकिस्तान से आने वाले आतंकियों का इलाज जरूरी है। ये आदमी के रूप में भेड़िया हैं, जो लगातार ऐसे काम करते हैं। पाकिस्तान की ओर से हो रही गोलाबारी के बाद सीमा से सटे इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों को घरों से बाहर निकलने से मना कर दिया गया है, साथ ही सीमा से सटे 84 स्कूलों को तीन दिनों के लिए बंद करने का आदेश भी दिया गया है।
आंध्रप्रदेश के लिए विशेष पैकेज की मांग को लेकर टीडीपी सांसदों का लोकसभा में जोरदार हंगामा
राजेश सोनी | Navpravah.com
तेलुगु देशम पार्टी के सांसदों ने आज कुछ समय पहले आंध्रप्रदेश राज्य के लिए विशेष पैकेज की मांग को लेकर लोकसभा में जोरदार हंगामा किया। सरकार की तरफ से टीडीपी सांसदों के विरोध प्रदर्शन का जवाब पार्लियामेंट अफेयर मिनिस्टर अनंत हेगड़े ने दिया।
हेगड़े ने टीडीपी सांसदों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि मैं मेरे साथी टीडीपी के मित्रों को बताना चाहता हूँ कि सरकार आपके मांगों के प्रति सेवंदनशील है। प्रधानमंत्री और भारत सरकार आंध्र प्रदेश के विकास के लिए सवेंदनशील है, हम आपके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर जरूर ध्यान देंगे।
गौरतलब है कि रविवार को हुई टीडीपी की बैठक के बाद मंत्री वाय.एस.चौधरी ने बताया था कि बैठक में बजट में आंध्र प्रदेश को नजर अंदाज करने के मुद्दों को उठाया गया था। हम आंध्रप्रदेश के लिए विशेष पैकेज की मांग के लिए केंद्र सरकार पर दवाब बनाते रहेंगे और जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे।
बाबा रामदेव के खिलाफ FIR, पतंजलि ने हाईकोर्ट में दायर की याचिका
अनुज हनुमत | Navpravah.com
राजस्थान में जयपुर के पुलिस थाने में एक शख्स के द्वारा योग गुरु बाबा रामदेव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के बाद पतंजलि फूड प्रोडक्ट्स कंपनी ने राजस्थान हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। पंतजलि की ओर से दाखिल की गई याचिका में एफआईआर रद्द कराने का अनुरोध किया गया है। वहीं अदालत ने इस मामले की सुनवाई करते हुए शिकायतकर्ता और राज्य सरकार दोनों को नोटिस जारी किया है। राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस दीपक माहेश्वरी ने इस मामले में दोनों से जवाब मांगा है।
दरअसल, अजमेर निवासी एसके सिंह ने जयपुर के जालूपुरा पुलिस थाने में रामदेव के खिलाफ शिकायत की थी। सिंह ने पतंजलि के बिस्कुट में मैदा शामिल होने का आरोप लगाया था, जबकि पतंजलि अपनी बिस्कुट को मैदा फ्री होने का दावा करता है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने जयपुर के एक लैब में इस बिस्कुट की जांच करवाई, जिसमें यह बात सामने आई है कि इसमें मैदा मिला हुआ है। इसके अलावा अन्य अवयव भी मिले हैं।
वहीं पतंजलि ने अपने ऊपर लगे इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए एफआईआर रद्द करने की मांग की है। पतंजलि का कहना है कि बिस्कुट बनाने में आटे के अलावा भी अन्य सामग्रियां डाली जाती हैं, लेकिन शिकायत में यह नहीं बताया गया कि कितनी मात्रा में बिस्कुट में मैदा पाया गया। साथ ही यह भी कहा गया है कि यह पूरा मामला फूड सेफ्टी का है, इसलिए संबंधित विभाग में भी इसकी शिकायत की जा सकती है।शिकायतकर्ता ने जानबूझकर पतंजलि की प्रतिष्ठा को खराब करने के लिए एफआईआर दर्ज करवाई। कोर्ट ने पूरे मामले की सुनवाई करते हुए याचिकाकर्ता को नोटिस जारी करते हुए पूछा है कि इस एफआईआर को क्यों ने रद्द कर दिया जाए? नोटिस का जवाब देने के लिए 20 मार्च तक का समय दिया गया है।
भूलने की बीमारी से हैं परेशान, तो रखें इन बातों का ध्यान
पारुल पांडेय | Navpravah.com
भागदौड़ और तनाव वाले जीवन में प्रतिदिन लोगों की याददाश्त शक्ति घट रही है। ऐसे में अपनी याददाश्त कैसे बढ़ाई जाए, इसे लेकर लोग बहुत परेशान रहते हैं। तो चलिए जानते हैं एक्सपर्ट्स द्वारा दिए गए कुछ उपाय, जिससे याददाश्त बढ़ाई जा सकती है।
यदि आपकी यादाश्त कमजोर है, तो अपने बालों में महेंदी लगाने से याददाश्त बढ़ जाएगी। आपके दिमाग औैर याददाश्त का मेहंदी से पुराना जुड़ाव है। आयुर्वेद के जानकारों के अनुसार, मेहंदी के पत्तों में करनोसिक तत्त्व पाए जाते है, जिससे इंसानी दिमाग की मांसपेशियां एक्टिव हो जाती हैं।
वहीं फलों का सेवन भी आपकी याददाश्त के लिए बहुत लाभकारी है। फलों में एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है। इससे आपके ब्रेन की एक्टिवनेस को बनाए रखने में मदद मिलाती है। दिमाग को तेज करने के लिए और याददाश्त बढ़ाने के लिए अनार और सेब का सेवन करना चाहिए।
यदि आप चाय कॉफी का सेवन करते हैं, तो इसकी जगह पर आप ग्रीन टी का इस्तेमाल कर सकते हैं।
सुबह जल्दी सूर्योदय से पहले उठकर टहलना भी आपके शारीरिक स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है और आपको सुकून भी दिलाता है। लगभग 2 या 3 मिनट तक रोज आप के नंगे पैर हरी घास पर चलने से आंखों की रोशनी भी तेज होती है।
याददाश्त को तेज़ करने के लिए अखरोट सबसे ज्यादा फायदेमंद माना गया है। इसमें विटामिन ए और एंटीऑक्सीडेंट्स तत्वों की भरपूर मात्रा होती है, जो आपकी याददाश्त बढ़ाने में फायदेमंद होती है।
वहीं चेरी के सेवन से भी दिमाग तेज़ बनता है। वैसे चेरी भारत में हर कहीं उपलब्ध नहीं है, लेकिन फिर भी अगर संभव हो और आपके यहाँ उपलब्ध हो, तो आप चेरी का सेवन जरूर करें।

















