30 C
Mumbai
Wednesday, September 9, 2026
Home Blog Page 1278

मसूद गिरफ्तार नहीं, हिरासत में -पाकिस्तान

ShikhaPandey@Navpravah.com

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कानून मंत्री राणा सनाउल्लाह ने आतंकी मसूद अजहर के ‘एहतियातन हिरासत’ में होने की पुष्टि की है. मंत्री ने कहा कि प्रतिबंधित संगठन जैश ए मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को उसके सहयोगियों के साथ हिरासत में रखा गया है, गिरफ्तार नहीं किया गया है.

सनाउल्लाह ने डॉन न्यूज से कहा, “मसूद अजहर को पंजाब पुलिस के आतंकवाद निरोधक विभाग ने एहतियातन हिरासत में लिया है.” इससे पहले पाकिस्तान मीडिया से खबर आई थी कि मसूद अज़हर को गिरफ्तार किया गया है परंतु पाकिस्तान सरकार की ओर से मसूद के हिरासत में होने या गिरफ्तार होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी.

सनाउल्लाह ने कहा, “हमने मौलाना अजहर और उसके साथियों को पठानकोट घटना के सिलसिले में एहतियात के तौर पर हिरासत में लिया है. पठानकोट हमले में यदि उसका हाथ होने की बात सिद्ध होती है तो हम उसे गिरफ्तार करेंगे.” उन्होंने कहा कि नेशनल एक्शन प्रोग्राम के तहत जेईएम सहित प्रतिबंधित संगठनों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.

गौरतलब है कि भारत ने दो जनवरी को पठानकोट में हुए हमले के लिए अजहर की पहचान साजिशकर्ता के तौर पर की थी. भारत की ओर से मसूद व उसके भाई रउफ और पांच अन्य पर हमले में भूमिका निभाने के भी आरोप लगाए गए हैं, जिसमें सात भारत सैनिक शहीद हो गए थे और सभी छह आतंकवादी मारे गए थे.

चिकित्सकीय सुविधाएं दुरुस्त करेगा ‘ट्विटर’

SandeepUpadhyay@Navpravah.com

 

सरकारी अस्पतालों में इलाज को लेकर मरीजों की शिकायत दूर करने को लेकर चिकित्सकों ने मकर संक्रांति के अवसर पर एक कैम्पेन शुरू किया है. ‘वी केयर पेशेंट’ नामक इस पहल के मद्देनज़र मार्ड (महाराष्ट्र असोसिएशन ऑफ़ रेजिडेंट डॉक्टर्स) के चिकित्सक सदस्य आम जनमानस की समस्याओं का हल ट्विटर के ज़रिए करेंगे. ट्विटर के ज़रिए मरीज़ अपनी बीमारी के साथ ही अस्पताल की ओर से होने वाली असुविधाओं की जानकारी भी दे सकेगा, जिससे तत्काल उसकी आपूर्ति की जा सकेगी.

महाराष्ट्र असोसिएशन ऑफ़ रेजिडेंट डॉक्टर्स के अध्यक्ष डॉक्टर सागर मुगदडा के मुताबिक़ अक्सर ऐसी शिकायत मिलती है कि मरीजों से भर्ती करने और सही सुविधाओं के लिए कुछ कर्मचारी घूस की मांग करते हैं, जिससे अस्पताल ही नहीं चिकित्सकों पर भी सवाल उठाया जाता है, जो असहनीय है. इसलिए इस पहल की शुरुआत की गई है. उन्होंने कहा कि इस कैंपेन के जरिए हम डॉक्टर और मरीज के बीच के रिश्ते सुधारने की पहल कर रहे हैं. महाराष्ट्र के १७ मेडिकल अस्पताल के हर एक विभाग से हमने २५० रेसिडेंट डॉक्टर चयनित किए हैं जो ट्वीटर पर मरीजों की समस्याएं हल करेंगे.

नवप्रवाह.कॉम को डॉक्टर सागर ने बताया कि मरीज की समस्याओं एक तहत कई कई बातें हल करेंगे. जिसमे मरीज की मुख्य समस्याएं, जैसे मरीज को इलाज मिलने में देरी होना, अस्पताल परिसर में कोई काम करने के लिए किसी व्यक्ति द्वारा घूस की मांग करना. साथ ही राजीव गांधी योजना में सुविधा देते समय कर्मचारियों द्वारा पैसे की मांग एवं चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पैसे की मांग करना व अन्य.

डॉक्टर सागर ने कहा यदि यह पहल हम अच्छी तरह चला पाए तो इसे हम आगे भी जारी रखेंगे. फिलहाल यह कैम्पेन 31 जनवरी तक चलेगा.

डॉक्टर सागर ने बताया कि अगले १५ दिन यानि ३१ जनवरी तक चलनेवाले इस पायलट प्रोजेक्ट में मरीजों द्वारा मिलनेवाली समस्याओं को सम्बंधित अस्पताल के लोकल रेसिडेंट डॉक्टर तक पहुचाया जाएगा और वह डॉक्टर तुरंत उस मरीज तक पहुंचकर उसकी समस्या हल करेगा। सागर ने कहा यदि यह पहल हम अच्छी
तरह चला पाए तो इसे हम आगे भी जारी रखेंगे.

पठानकोट हमले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार!

ShikhaPandey@Navpravah.com

जैश ए मोहम्मद के सरगना और पठानकोट हमले के मास्टर माइंड मसूद अज़हर को पाकिस्तान के बहावलपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. पाकिस्तान मीडिया से मिली खबर के अनुसार जैश के कई ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 13 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें मौलाना मसूद अज़हर व उसका भाई अब्दुल रऊफ भी शामिल हैं.

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ के कार्यालय से जारी एक बयान के  मुताबिक़ पाकिस्तान से अधिकारीयों की एक टीम पठानकोट हमले का जायजा लेने व जांच में सहयोग देने के लिए भारत जायेगी. साथ ही यह भी बयान आया है कि जैश के कई ठिकानों पर छापे मारे गए हैं और कई लोगों की गिरफ़्तारियाँ भी हुई हैं.

गौरतलब है कि पठानकोट हमले के लिए भारत ने जैश ए मोहम्मद को ज़िम्मेदार ठहराया था और उससे संबंधित कई सबूत भी पाकिस्तान को सौंपे थे, जिसके बाद पाकिस्तान की ओर से यह खबर आई है.खुफिया सूत्रों के मुताबिक मसूद अज़हर बहावलपुर में ही रहता है और वहाँ से आतंकवादियों को ट्रेनिंग देता है.

1999 में आतंकवादियों द्वारा अगवा इंडियन एयरलाइन्स के हवाई जहाज़ को छुड़ाने के बदले में मसूद अज़हर को अफगानिस्तान के कंधार ले जा कर रिहा करना पड़ा था.

हालाँकि पाकिस्तानी मीडिया से अज़हर की गिरफ़्तारी की खबर तो मिली है, मगर पाकिस्तान सरकार की ओर से इस बात की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है.

कांग्रेस में घमासान, राहुल आज ही आ सकते हैं मुंबई

AmitDwivedi@Navpravah.com
कांग्रेस में चल रहे शीतयुद्ध पर विराम लगाने के लिए अब पार्टी उपाध्यक्ष को ही मैदान में उतारना पड़ रहा है. पिछले कुछ समय से कांग्रेस दर्शन में प्रकाशित विवादित लेख को लेकर मुंबई कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष संजय निरूपम निशाने पर हैं. जिसका फायदा उठाने के लिए निरूपम विरोधी गुटों ने दिल्ली पहुंच कर अपनी-अपनी फील्डिंग शुरू कर दी है. मुंबई कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी २ दिवसीय मुंबई यात्रा पर १५ तारिख को आएँगे. लेकिन सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ राहुल दिल्ली से गुरूवार (आज) शाम 4.45 बजे एयर इंडिया की फ्लाइट न. 102 से मुम्बई के लिए उड़ान भरेंगे और 6.55 बजे मुम्बई एयरपोर्ट पर टेक ऑफ करेंगे.

मुंबई में इस बार की राहुल गांधी पार्टी में गुटबाज़ी करने वाले नेताओं की क्लास ले सकते हैं. विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ गुरूवार को शाम मुंबई आने के बाद ही राहुल कुछ वरिष्ठ नेताओं से बातचीत करेंगे, जिसमें वर्तमान में चल रही पार्टी नेताओं की गतिविधियों पर चर्चा होगी.

अगर अचानक राहुल का पठानकोट (पंजाब) का दौरा तय नहीं हुआ तो गुरूवार शाम 7 बजे राहुल मुंबई एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे. साथ ही 17 जनवरी को वे वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे. वह 17 जनवरी को मुम्बई से एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर 809 से सुबह 10 बजे उड़ान भरेंगे और 12.20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरेगे.

 

मुंबई कांग्रेस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ राहुल गांधी का कार्यक्रम-

15 जनवरी 2016

1.30 बजे : मुंबई एयरपोर्ट पर उतरेंगे

3 बजे : मालाड(प.) में कार्यकर्ता सम्मलेन को संबोधित करेंगे

4.30 बजे : मुंबई कांग्रेस कार्यालय में स्व. मुरली देवड़ा सभागृह का नामकरण

6 बजे : महालक्ष्मी रेसकोर्स स्थित टर्फ क्लब में मीडिया से बातचीत

 

16 जनवरी 2016

सुबह साढ़े 9 बजे : विलेपार्ले पश्चिम स्थित एनएम कालेज में छात्रों से संवाद

11 बजे : बांद्रा से धारावी तक सस्ती बिजली अभियान यात्रा का नेतृत्व. 8 किमी तक पैदल यात्रा.

निरुपम की बढीं मुश्किलें, मिली नोटिस

AmitDwivedi@Navpravah.com

कांग्रेस के मुखपत्र ‘कांग्रेस दर्शन’ में सोनिया गांधी के पिता और उनके ससुर के बारे में विवादित लेख को लेकर पत्रिका के संपादक संजय निरुपम फंसते नज़र आ रहे हैं. प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ प्रकाशित लेख को लेकर पार्टी की मुखिया ने निरुपम से इस सन्दर्भ में जवाब माँगा है.

कांग्रेस दर्शन में छपे विवादित लेख को लेकर पत्रिका कांग्रेस दर्शन के कंटेंट एडिटर को निलंबित ज़रूर किया गया था, बावजूद इसके संजय निरूपम की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं. हालाँकि इस सन्दर्भ में निरुपम ने माफी माँगी थी. वरिष्ठ कांग्रेस नेता ए.के. एंटनी की अध्यक्षता वाली कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति ने इस विवाद को लेकर निरूपम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

सूत्रों के मुताबिक़ कांग्रेस दर्शन में प्रकाशित लेख को लेकर निरूपम से कुछ ही दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है. पार्टी आलाकमान ने पत्रिका में जवाहर लाल नेहरू की आलोचना करने और सोनिया गांधी के पिता को ‘फासीवादी सैनिक’ करार देते हुए, लिखे गए लेख के मुद्दे पर उनसे जवाब तलब किया है.

पार्टी की मुंबई ईकाई के जर्नल ‘कांग्रेस दर्शन’ में प्रकाशित लेख में कश्मीर, चीन और तिब्बत के हालात के लिए जवाहर लाल नेहरू को दोषी ठहराया गया था और एक अन्य लेख में पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी के बारे में विवादित टिप्पणियां की गई थीं. मामला और गर्म इसलिए भी हो गया था क्योंकि यह विशेष अंक पार्टी के 131वें स्थापना दिवस के मौके पर प्रकाशित हुआ था.

पार्टी के मुखपत्र में ही इस तरह के विवादित लेख के छप जाने की वजह से अन्य पार्टियों ने भी काफी चुटकी ली थी, जिसके चलते कांग्रेस काफी शर्मसार हुई थी. और अपनी ही पार्टी के मुखपत्र से दूरी बना ली थी. सोनिया गांधी के पिता को फांसीवादी सैनिक बताने और नेहरू की कश्मीर नीति पर प्रश्न चिन्ह उठाने की वजह से पार्टी के ही वरिष्ठ नेताओं को कोई जवाब नहीं सूझ रहा था.

विवाद में एमेजॉन का सीईओ

ShikhaPandey@Navpravah.com

 

अमेरिका में फॉर्च्यून मैगज़ीन के कवर पेज पर अमेजॉन के सीईओ जेफ बेजस को भगवान विष्णु के रूप में दिखाये जाने पर विवाद खड़ा हो गया है. फॉर्च्यून मैगज़ीन के अंतराष्ट्रीय एडिशन ने भारत में अमेजॉन के कारोबार को बढ़ाने के लिए इस बार कवर स्टोरी छापी है. कवर पेज की तस्वीर पर जेफ बेजस हाथ में कमल का फूल लिये हैं. अमेरिका में रह रहे भारतीयों ने इस तस्वीर को आपत्तिजनक बताया है. भारत में भी इसे लेकर नाराजगी जाहिर की जा रही है.

मैगज़ीन के कवर पेज पर जेफ बेजस को भगवान विष्णु के रूप में दिखाया गया है.इतना ही नहीं, पहले पृष्ठ पर अमेजॉन की भारत पर चढ़ाई का स्लोगन भी लिखा गया है. सोशल मीडिया पर इस कवर पेज को लेकर लोग अपनी नाराज़गी व्यक्त कर रहे हैं. हालांकि विवाद होने के बाद मैगज़ीन के एडिटर इन चीफ ने माफी मांगी है.

गौरतलब है कि भारत में भी क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को एक विज्ञापन में भगवान विष्णु के तौर पर पेश किया गया था जिसपर विवाद हुआ था. इसके बाद यहां उनपर मुकदमा भी हुआ था और हाल ही में उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया है.

अपने दम पर सरकार बनाएगी सपा -अखिलेश यादव

ShikhaPandey@Navpravah.com

 

कानपुर की एक पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी और सपा अकेले अपने दम पर सरकार बनाएगी.

आध्यात्मिक गुरु श्री एम् द्वारा कानपुर के ग्रीनपार्क में आयोजित कन्याकुमारी से कश्मीर की आशा यात्रा के स्वागत समारोह में हुई पत्रकार वार्ता में जब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से पूछा गया कि उत्तरप्रदेश में सपा किस पार्टी के साथ मिलकर सरकार बनाएगी, तब अखिलेश ने जवाब दिया कि सपा अकेले अपने दम पर यूपी में सरकार बनाएगी. अखिलेश ने इशारों इशारों में कहा कि जो लोग ऐसे पदों पर बैठे हैं, उन्हें इस बात को हमेशा ध्यान में रखना चाहिए कि मुख्यमंत्री किसी पार्टी का नहीं होता. वह राज्य की तरक्की के लिए समझौता करता है और उसे आगे बढ़ाने  के लिए बलिदान देता है. हम प्रदेश में विकास बेरोज़गारी व तरक्की के लिए काम कर रहे हैं.

भाजपा नेताओं द्वारा राम मंदिर बनाने का पक्ष लेने के विषय में उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि जो लोग माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं उन्हें पकड़ कर सवाल पूछो. वे लोग प्रदूषण फैलाने का काम कर रहे हैं, क्योंकि कोई भी चीज़ यदि सीमा के बाहर जाए तो वह गलत है. अब कौन देश-प्रदेश में प्रदूषण फ़ैलाने का काम कर रहा है, ये आप हमसे बेहतर समझते हैं.

उन्होंने कहा कि सपा सरकार विकास का जो भी कार्य कर रही है, चाहे वो एम्बुलेन्स सेवा हो, मेट्रो सेवा हो, वह केवल सपा नेताओं के लिए तो है नहीं,पूरे समाज के लिए है.

शोभा यात्रा के स्वागत समारोह में अखिलेश ने कहा कि आज से कुछ साल पहले गंगा इतनी साफ़ थी कि लोग उसका पानी पीने के लिए इस्तेमाल करते थे. उन्होंने दिल्ली के प्रदूषण का भी उदाहरण दिया कि किस तरह प्रदूषण कम करने के लिए सम विषम नियम का सहारा लेना पड़ रहा है. उच्चतम न्यायालय इस बात का निर्धारण करेगी की आवाज़ कितनी तेज़ हो. यह सब केवल हमारी आपकी वजह से हो रहा है. इसलिए इस दिशा में फ़िक्र करने की व काम करने की ज़रूरत है.

गर्ल्स कॉलेज में आफताब-तुषार की डिमांड

Bureau@navpravah.com

क्या कूल हैं हम सिरीज़ की फिल्मों का सबसे बड़ा फैन तो हमेशा से ही यूथ वर्ग रहा है. सूत्रों की माने तो गर्ल्स के बीच तुषार और आफताब और उनकी आने वाली फिल्म क्या कूल हैं हम काफी पॉपुलर है. इसलिए भारत के अलग – अलग शहरों में गर्ल्स की डिमांड पर दोनों कलाकार फिल्म को प्रमोट करने के लिए जा रहे हैं. खास बात यह है कि प्रमोशन्स केवल गर्ल्स कॉलेजेस में होंगे. कैंपस में जाकर टीम फिल्म के सीन और डॉयलॉग के बारे में स्टूडेंट्स के साथ रुबरू होगी.

करीब 15 दिन बाद क्या कूल हैं फिल्म रिलीज होने वाली है. फिल्म को देखने के लिए दर्शन कितने बेकरार हैं इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि फिल्म का ट्रेलर लॉन्च होने के बाद रिकार्ड तोड़ बार इसे देखा गया. 15 दिसंबर को लॉन्च हुए इसके ट्रेलर को 15 दिनों से कम समय में ही 13 मिलियन बार देखा जा चुका है. ट्विटर पर कई नामों से साल के आखिरी तक लगातार ट्रेंड में बना रहा.

आह हाय जवानी ले डूबी और आई एम कमिंगगगग…को बैकग्राउंड में बजाकर क्या कूल हैं हम-3 का ट्रेलर लॉन्च हुआ और दर्शकों ने इसे पलकों पर उठा लिया. पिछली दोनों फिल्मों की अपेक्षा इस फ़िल्म में एडल्ट कॉमेडी का डोज़ ज्यादा है.

क्या सुपर कूल हैं हम 2005 में आई थी। करीब 7 साल बाद इसका सीक्वल आ रहा है, तो फिल्म को केवल सेक्स कॉमेडी के अलावा कुछ और भी पुट अप किया गया है. जैसे दूसरी फिल्मों और कलाकारों का जमकर मजाक उड़ाना तथा फेमस कैरक्टर्स पर जोक बनाना.

फ़िल्म मेकर ट्रेलर के रिलीज होने के बाद से ही काफी उत्साहित हैं और हों भी क्यों न ,15 दिनों के अंदर ही फिल्म के ट्रेलर को 13 मिलियन से ज्यादा व्यू मिले हैं. और सबसे बड़ा बोनस तो ईरानी मॉडल मंदना करीमी रही। मंदना फिल्म के आने से पहले ही भारतीय दर्शकों के बीच बिग-बॉस में अपनी ज़बरदस्त इमेज बना चुकी हैं. मंदना फैक्टर कई दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच के तो जरूर लाएगा क्योंकि वो भी कईयों की फैंटसी हैं और फिल्म भी कुछ एसी ही है.

पश्चिम बंगाल के मालदा में बीजेपी सांसद हिरासत में

ShikhaPandey@Navpravah.Com

पश्चिम बंगाल के मालदा में बीजेपी सांसद एसएस अहलूवालिया, भूपेंद्र यादव और बीडी राम हिरासत को हिरासत में लिया गया है. इन तीनों सांसदों को पुलिस ने मालदा जाते वक्त हिरासत में लिया है.

सूत्रों के अनुसार मौके पर हालात की जानकारी लेने के लिए पार्टी की ओर से तीन सदस्यीय दल को मालदा भेजा गया था. लेकिन, स्थानीय प्रशासन ने उन्हों हिरासत में ले लिया है ताकि मामले और ज़्यादा तूल न पकड़े और इलाके में शांति बनाई जा सके.

गौरतलब है कि कमलेश तिवारी के पैगम्बर पर दिए गए विवादित बयान के बाद हुए मुस्लिम प्रदर्शन में जम के हिंसा हुई थी.इसीलिए शांति बनाए रखने के उद्देश्य से बीजेपी नेताओं को जाने से रोका गया है क्योंकि अभी भी वहाँ तनाव की स्थिति बरक़रार है और भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

सोनिया-महबूबा की मुलाक़ात से राजनीतिक गलियारों में कानाफूसी

Bureau@navpravah.com

कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने आज श्रीनगर जाकर पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्षा महबूबा मुफ़्ती सईद से मुलाकात की व उनके पिता दिवंगत नेता मुफ़्ती मोहम्मद सईद के निधन पर शोक व्यक्त किया. उनके साथ अम्बिका सोनी,गुलाम नबी आज़ाद तथा अन्य कई कांग्रेस नेता भी उपस्थित थे.

यह मुलाक़ात गुपकर स्थित महबूबा के फेयरव्यू निवास पर हुई जहां दोनों ने तक़रीबन 20 मिनट तक बातचीत की.

सोनिया गांधी व महबूबा मुफ़्ती की इस मुलाक़ात को काफी अहम् बताया जा रहा है और राजनीतिक गलियारों में उनकी यह मुलाक़ात खासी चर्चा का विषय है क्योंकि मुफ़्ती मोहम्मद सईद के निधन के पश्चात् भाजपा ने मेहबूबा के मुख्यमंत्री बनाने के विषय में कोई औपचारिक समर्थन नहीं दिया है.

सूत्रों के अनुसार पीडीपी और भाजपा सरकार के गठन पर नए सिरे से बातचीत कर रहे हैं.राज्यपाल एन एन वोहरा ने शुक्रवार को भाजपा व पीडीपी से इस विषय में जल्द से जवाब माँगा था.पीडीपी के सभी 28 विधायकों ने राज्यपाल को महबूबा के पक्ष में अपना समर्थन पत्र सौंप दिया है पर अब तक भाजपा की ओर से कोई जवाब नहीं आया है इसीलिए राज्यपाल ने जम्मू कश्मीर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया है.

गौरतलब है की 2002 से 2008 तक कांग्रेस व पीडीपी ने जम्मू कश्मीर में गठबंधन सरकार बनाई थी परंतु 2008 में यह गठबंधन ख़त्म हो गया.अब भाजपा की ओर से कोई औपचारिक समर्थन ना मिलने व इस बीच सोनिया के महबूबा से मुलाक़ात करने के कारण यह मुद्दा सुर्ख़ियों में है कि मुलाक़ात के पीछे वास्तविक वजह क्या है.