27 C
Mumbai
Friday, September 11, 2026
Home Blog Page 1228

यूपी में मोदी ने बजाया चुनावी बिगुल, कहा, “सपा-बसपा की चल रही है लूट की दुकान”

अनुज हनुमत ( navpravah.com )

इलाहाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगमनगरी से यूपी में होने वाले चुनाव के लिए शंखनाद कर दिया है। यहां रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में गुंडागर्दी चरम पर है। यहां संप्रदायवाद और जातिवाद है। इससे निजात पाने के लिए लोगों को विकास का यज्ञ करना होगा। उन्होंने कहा कि यूपी में मायावती और मुलायम सिंह में सत्ता की मिलीभगत है। यूपी में 5-5 साल की लूट की ठेकेदारी चल रही है। मोदी ने कहा कि अगर हमने अपने निजी फायदे के लिए जरा भी आपका अहित किया तो हमें सत्ता से लात मारकर बाहर कर देना।

मोदी ने कहा कि विधानसभा चुनावों में बीजेपी को अभूतपूर्व समर्थन मिला। मुसीबत के वक्त यूपी ही देश को बचाने आया। केंद्र सरकार में उत्तर प्रदेश में दबदबा है। उन्होंने कहा कि आज ये मंच देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यूपी केंद्र सरकार के लिए कितना अहम है।

मोदी ने विकास पर जोर देते हुए कहा कि हर मुसीबत का यही उपाय है। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी से सपा सरकार को उखाड़ फेंकना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में भी यूपी का दबदबा है।

उन्होंने पिछले लोकसभा चुनावों में बीजेपी को मिली सफलता के लिए यूपी की जनता का तहे दिल से धन्यवाद भी दिया। मोदी ने कहा कि आज दुनिया में भारत का नाम जिस सम्मान से लिया जा रहा है, वह आपके कारण हैं। इससे मोदी का कुछ भी लेना देना नहीं है। संगम नगरी में तीनों नदियों के संगम को उन्होंने विचार, कर्म और आस्था से जोड़कर लोगों को विकास के नाम पर एकजुट करने का काम किया। उन्होंने कहा कि गंगा विचार देती है, यमुना कर्म के लिए प्रेरित करती है, तो नहीं दिखने वाली सरस्वती आस्था का प्रतिनिधित्व करती है। यूपी में विकास के लिए यज्ञ करने की जरूरत है और इसके लिए आहुति देनी पड़ेगी।

Narendra modi

सपा-बसपा की मिलीभगत-

मोदी ने राज्य सरकार पर लचर कानून व्यवस्था और गुंडागर्दी के नाम पर घेरते हुए उन पर भाई-भतीजावाद की राजनीति करने का आरोप लगाया। इस बार यूपी को इन सभी समस्याओं से मुक्ति दिलानी होगी और इसका एकमात्र रास्ता विकास है। प्रधानमंत्री ने रैली में यूपी की वर्तमान सपा सरकार और पूर्व की बसपा सरकार के गठजोड़ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब राज्य में मायावती की सरकार थी, तो यही मुलायम सिंह यादव उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते थे, लेकिन सत्ता में आने के पांच साल बीतने के बाद भी आज तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। मोदी ने कहा कि माया-मुलायम के बीच पहले ही करार हो चुका है कि पांच साल तुम राज करो और पांच साल हम।

यूपी में विकास के नाम पर ठगी-

यूपी की हालात का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि यहां विकास के नाम पर केवल लोगों को ठगा जाता है। केंद्र सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में साक्षात्कार की प्रणाली ही खत्म कर दी, क्योंकि उसके नाम पर सबसे अच्छा नंबर पाने वाले बच्चे को भी फेल कर दिया जाता था और इसके पीछे लाखों के दलाली का खेल चलता था। उन्होंने कहा कि हमने राज्य सरकारों से भी साक्षात्कार हटाने की बात कही गई, लेकिन उन्होंने अब तक उसे नहीं माना।

modi in allahabad

मोदी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों से भी जनता को परिचित कराया। उन्होंने बताया कि देश में कोयले और बिजली के उत्पादन में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। जिसकी वजह से जिस गांव में आजादी के बाद कभी बिजली नहीं जली, वहां भी सरकार ने बिजली पहुंचाने का काम किया है। मोदी रेलवे में तेजी से होकर कामों के बारे में भी जनता को बताया। पीएम ने कहा कि देश सांप्रदायिकता की आग में जल रहा है और जब तक इस पर विराम नहीं लगेगा, तब तक विकास का यज्ञ नहीं हो पाएगा।

रैली में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, वी के सिंह सहित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री मंच पर मौजूद थे। मंच पर लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी भी नजर आए। मुरली मनोहर जोशी को अमित शाह के बगल वाली कुर्सी पर जगह दी गई है। बता दें कि कार्यसमिति की बैठक के दौरान मुरली मनोहर जोशी को मंच पर जगह नहीं देने को लेकर काफी सवाल भी उठे थे।

राजस्थान: जोधपुर में एयरफोर्स का एक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त

ब्यूरो,

सोमवार सुबह राजस्‍थान के जोधपुर में एयरफोर्स का एक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक़, आज सुबह जोधपुर में एयरफोर्स का मिग 27 विमान क्षतिग्रस्त हो गया।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ लड़ाकू विमान एक मकान से टकरा गया। विमान के टकराने की वजह से इलाके के कई लोगों के घायल होने की खबर है। हालाँकि विमान के क्रैश होने की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं। विमान टेक ऑफ के तुरंत बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

विमान दुर्घटना की ख़बर के तुरंत बाद ही मौके पर पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम को रवाना कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश में सरकार मस्त, जनता पश्त -मेनका गांधी

प्रमुख संवाददाता,

महिला एवं बाल कल्याण मंत्री मेनका गांधी ने उत्तर प्रदेश के कैराना विवाद पर आज टिप्पणी करते हुए कहा कि एक समय ऐसा आएगा जब प्रदेश को छोड़कर सब भाग जाएंगे, क्योंकि इस प्रदेश में सुरक्षा नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। वहीं दूसरी ओर, केंद्रीय गृहराज्य मंत्री किरण रिजजू ने कहा,” उत्तर प्रदेश सरकार को मामले की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। यदि राज्य सरकार केंद्र से मदद मांगेगी तो उसे हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी। रिजजू ने राज्य सरकार से इस मामले की रिपोर्ट मांगी है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से यह खबर चर्चा में है कि कैराना से हिंदू परिवार गुंडागर्दी के कारण पलायन कर रहे हैं। इस खबर के प्रकाश में आने के बाद मामले पर राजनीति शुरू हो गई है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने उत्तर प्रदेश सरकार को कथित तौर पर अपराधियों के डर के मारे कई परिवारों के कैराना इलाके में अपना घर छोड़ कर भागने के मामले में नोटिस जारी किया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से शिकायत पर चार सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहते हुए नोटिस जारी किया है।

क्या है मामला-

हाल ही में भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हुकुम सिंह ने दावा किया था कि कैराना से बड़ी संख्या में हिंदू परिवारों का पलायन हुआ है। सिंह ने 346 परिवारों की एक सूची जारी की है, जो 2014 से इस मुस्लिम बहुल कस्बे को छोड़कर चले गए हैं। दूसरे समुदाय के कथित डर और धमकाए जाने के चलते हिंदू परिवार अपनी संपत्तियों को छोड़कर दूसरी जगहों पर चले गए हैं। सांसद ने यहां तक आरोप लगाया कि कैराना कस्बे में कम से कम 10 सांप्रदायिक हत्याएं हुई हैं। सांसद के मुताबिक कैराना पिछले तीन सालों में ‘नया कश्मीर’ बन गया।

लालू ने एक बार फिर ली मोदी की चुटकी, कहा- विश्व का प्रधानमंत्री बनाओ इन्हें

शिखा पांडेय (@navpravah.com )

राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। रविवार को रांची पहुंचे राजद सुप्रीमो ने स्टेट गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा,” देश में अच्छे दिन का वादा कर नरेंद्र मोदी विदेश भ्रमण में व्यस्त हैं। अब तो ऐसा लगता है कि एक पद क्रिएट कर उन्हें विश्व का प्रधानमंत्री बना देना चाहिए।” लालू ने कहा, “न काला धन आया और न ही किसी के खाते में 15 लाख रुपए आए। हां, कितनों के काले धन सफेद जरूर हो गए। देश के युवाओं, गरीबों, किसानों, मजदूरों और महिलाओं से उन्हें कोई लेना-देना नहीं रह गया है।”

लालू ने कहा,” दो वर्ष बीत गए, कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ। भाजपा और आरएसएस मिल कर देश में धार्मिक उन्माद फैलाने में जुटे हैं।” असम में भाजपा की जीत पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा,” अगर दम था, तो बंगाल, तमिलनाडु, बिहार में भाजपा क्यों नहीं जीती? जो हाल बिहार में हुआ, वही हाल यूपी में भी होगा। चुनाव नजदीक देख मधुमक्खी की तरह यूपी में नेता जम रहे हैं। देश में कुछ साधु-संतों को छोड़ सभी की संपत्ति की जांच होनी चाहिए।”

नीलगायों की हत्या के मामले में लालू ने कहा,” गोरक्षा की दुहाई देनेवाले लोग नीलगायों को मरवा रहे हैं। एक मंत्री मारने का आदेश दे रहा है, तो दूसरा उससे दु:खी है। अगर मेनका गांधी को नीलगायों के मरने से इतना ही दुख है, तो उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।”

लालू प्रसाद ने कहा,” मेरे ही कारण झारखंड अलग राज्य बना और मुझे ही झारखंड का विरोधी कह कर बदनाम किया गया। मेरी ही मांग पर राज्य में आदिवासी सीएम बने। रघुवर, हेमंत सभी मेरे बनाये नेता-विधायक हैं। ” गौरतलब है कि चारा घोटाले के आरसी 38ए/96 मामले में लालू प्रसाद सोमवार को सीबीआई की विशेष अदालत में उपस्थित होंगे।

साइना ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर सीरिज किया अपने नाम, मोदी ने दी बधाई

अनुज हनुमत,

भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने रियो ओलंपिक से पहले अपनी तैयारियां पुख्ता करते हुए चीन की सुन यू को तीन गेम के रोमांचक फाइनल में हराकर दूसरा ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर सीरिज खिताब जीता। साइना ने दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी को एक घंटे 11 मिनट तक चले फाइनल में 11-21, 21-14, 21-19 से हराया।

लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना ने क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की रेचानोक इंतानोन और सेमीफाइनल में चीन की यिहान वांग को हराया जो क्रमश: 2013 और 2011 में विश्व चैम्पियन रह चुकी हैं। इस सत्र के पहले खिताब के साथ साइना ने 56250 डॉलर ईनामी राशि भी जीती। यह ऑस्ट्रेलियाई ओपन में साइना की दूसरी खिताबी जीत है, जिसने 2014 में भी यहां खिताबी जीत दर्ज की थी। साइना को इस खिताब के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

सायना पिछले पांच मुकाबलों में सुन को पांचों बार हरा चुकी हैं, लेकिन इस बार उन्हें कड़ी चुनौती मिली। साइना पिछले साल दो अप्रैल को विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनी थी। उन्होंने अगस्त में जकार्ता में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। वह नवंबर में चाइना ओपन सुपर सीरिज प्रीमियर के फाइनल में भी पहुंची लेकिन इसके बाद चोट के कारण उनका फॉर्म गिर गया।

इंडिया ओपन, मलेशिया ओपन, बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में वह सेमीफाइनल में हारी। उन्होंने एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता और जून में इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरिज में क्वॉर्टर फाइनल तक पहुंच गई। इस जीत से आने वाले रियो ओलम्पिक की तैयारी में साइना को मनोवैज्ञानिक रूप से काफी मजबूती मिलेगी।

अमेरिका फ्लोरिडा मामला: 50 मरे 53 से अधिक घायल

ब्यूरो,

अमेरिका में फ्लोरिडा के ‘पल्स’ नामक नाइटक्लब में कल रात हुए अकस्मात हमले में अब तक करीब 50 लोगों के मारे जाने और 53 लोगों के घायल होने की खबर है। सूचना के अनुसार पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में हमलावर भी मारा गया है। फ्लोरिडा के गर्वनर ने इस हमले को आतंकी हमला करार दिया है।

फ्लोरिडा के लॉ एन्फोर्समेंट विभाग के विशेष एजेंट प्रभारी डैनी बैंक्स ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस घटना की जांच आतंकवादी घटना के पहलू से की जा रही है। उन्होंने कहा, जांच की जा रही है कि यह आतंकवाद की स्थानीय घटना है या इससे अंतरराष्ट्रीय तार जुड़े हैं, और वह अकेला व्यक्ति था या उसके साथ अन्य लोग भी इस साज़िश में शामिल थे।

ओरलैंडो पुलिस ने बताया कि ओरलैंडो के पल्स नाइटक्लब में गोलीबारी शुरू होने के चार घंटे बाद शूटर मारा गया। शूटर द्वारा गोलीबारी शुरू करने के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और आपात वाहन तैनात कर दिए गए। ओरलैंडो पुलिस ने ट्विटर एकाउंट पर लिखा, ‘हम इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि यह बड़ी संख्या में लोगों को हताहत करने वाली घटना है।’

ओरलैंडो के पुलिस प्रमुख जॉन मिना ने बताया कि हमलावर के पास किसी प्रकार का संदेहास्पद उपकरण भी था। उन्होंने कहा कि रात करीब दो बजे हमलावर की मुठभेड़ क्लब में तैनात एक अधिकारी के साथ हुई, उसके बाद वह क्लब के भीतर चला गया और कुछ लोगों को बंधक बना लिया। सुबह करीब पांच बजे बंधकों को छुड़ाने के लिए स्पेशल वेपन्स एण्ड टैक्टिस टीम ( स्वात ) टीम भेजी गई, और उन्हीं अधिकारियों के साथ मुठभेड़ में संदिग्ध मारा गया। अधिकारी ने बताया कि अभी तक हताहतों की सही संख्या ज्ञात नहीं है। क्लब के भीतर करीब 50 लोगों की मौत हुई है।

क्लब ‘पल्स ओरलैंडो’ ने देर रात करीब दो बजे अपने फेसबुक पेज पर लिखा, “सभी लोग ‘पल्स’ से भागें।” सुबह छः बजे से ठीक पहले क्लब ने अपडेट किया “जितनी जल्दी हमारे पास सूचना होगी, हम आप सभी को बताएंगे। कृपया सभी को अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें। हम इस मुश्किल घड़ी से निपट रहे हैं। आपके सहयोग और प्रेम के लिए धन्यवाद।” पुलिस ने बताया कि स्थानीय, राज्य और संघीय एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

आत्महत्या करने के लिए मजबूर किसानों के बीच प्रधानमंत्री का चुनावी चिंतन

अनुज हनुमत,

संगम नगरी इलाहाबाद में 12 और 13 को भाजपा की राष्ट्रिय कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमे पूरे देश से तमाम बड़े भाजपा नेताओं का जमावड़ा लगेगा और सबसे ख़ास बात यह है कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी भी शिरकत करेंगे। इस बाबत पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया जा चुका है, जिसमें हजारो करोड़ रूपये फूंके जा चुके हैं। शहर के सारे होटल बुक हो चुके हैं। लाखो-करोड़ों के पोस्टर भी नेताओं ने लगा रखे हैं।

भाजपा की इस राष्ट्रिय कार्यकारिणी की बैठक में आगामी चुनावों के लिए पार्टी नई रणनीति तय करेगी।  लेकिन उन सूखे की मार झेल रहे किसानों का क्या होगा, जिन्हें प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी से आस है। बुन्देलखण्ड का सूखा इलाका इलाहाबाद से महज 100 किमी की दूरी से शुरू हो जाता है, ऐसे में जब किसानों को ये पता चल रहा है कि भाजपा अपने इस कार्यक्रम में हजारों करोड़ रूपये फूंक रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसमें शिरकत करने आ रहे हैं, तो उनमे इस बात को लेकर निराशा के साथ साथ गुस्सा भी पनप रहा है कि आखिर इतना बड़ा आयोजन और उसमें खर्च किया जा रहा है बेफिजूल धन कहाँ तक जायज है ?

bjp_meet_navpravah

प्रदेश की अखिलेश सरकार से तो किसानों को अब कोई आस नही बची है, वैसे भी उत्तर प्रदेश के दो तिहाई से भी ज्यादा जिले सूखे की मार झेल रहे हैं। ऐसे में बीजेपी द्वारा इतना बड़ा आयोजन इस सूखे से बदहाल प्रदेश में नही करना चाहिए था ! पार्टी जिस आगामी यूपी के किले को फतह करना चाहती है, उसके मुख्य केंद्रबिंदु में किसान ही है, पर ये भी एक सच्चाई है की उसकी सुध भी पार्टी नही लेना चाहती। लगातार सूखे और कर्ज से किसान आत्महत्या कर रहे हैं और अभी तक भाजपा की तरफ से कोई भी बड़ा नेता बुन्देलखण्ड नही पहुंचा। किसानों को सबसे ज्यादा आस प्रधानमंत्री जी से थी कि वो तो जरूर बुन्देलखण्ड आएंगे, पर उन्होंने अभी तक सुध नहीं ली। इलाहाबाद की धरती पर नरेंद्र मोदी दो दिन रहेंगे और इधर महज कुछ दूरी पर बुन्देलखण्ड का किसान शायद इन्तजार ही करता रह जायेगा ।

👉🏼पिछले डेढ़ दशक से भी ज्यादा समय से बुंदेलखंड के किसान आत्महत्या और सर्वाधिक जल संकट से जूझ रहे हैं। अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो अप्रैल वर्ष 2003 से मार्च 2015 तक 3280 (करीब चार हजार) किसान आत्महत्या कर चुके हैं। सूखे की भीषण मार झेल रही बुन्देलखण्ड की बंजर धरती के किसान इस बार भी पहले सूखे और फिर हाड़तोड़ मेहनत के बाद तैयार फसल पर ओलों की बारिश से आत्महत्या करने पर मजबूर हैं।

👉🏼पिछले 2 महीनों में शायद ही कोई ऐसा दिन गया हो, जब गांव से निकलती खबर में किसी किसान के आत्महत्या का मामला न आया हो। लाशों पर आंदोलन और सियासत का माहौल गर्म है, मगर उन गांव का हाल जस का तस है, जहां सन्नाटे को चीरती किसान परिवारों की चींखे सिसकियों के साथ हमदर्दी जताने वालों की होड़ में बार बार शर्मसार होती है। सूखे का आलम इतना विकराल है कि अब यहां के किसान उसी छाते का प्रयोग अपने दो वक्त की रोजी रोटी के लिए कर रहे हैं, जिसका प्रयोग प्रायः लोग पानी बरसने पर अपनी शरीर ढंकने के लिए करते हैं।

बुन्देलखण्ड क्षेत्र तीस लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है। इनमें से 24 लाख हेक्टेयर कृषि योग्य है परन्तु इनमें से मात्र चार लाख हेक्टेयर भूमि की ही सिंचाई हो पा रही है, क्योंकि इस इलाके में खेती के विकास के लिए सिंचाई की ऐसी योजनायें नहीं बनाई गई, जिनका प्रबंधन कम खर्च में समाज और गाँव के स्तर पर ही किया जा सके। बड़े-बड़े बांधों की योजनाओं से 30 हज़ार हेक्टेयर उपजाऊ जमीन बेकार हो गई, ऊँची लागत के कारण खर्चे बढे, और तो और ये बाँध कभी भी दावों के मुताबिक परिणाम नहीं दे पाए। मध्यप्रदेश भारत की परिभाषा का हिस्सा है, जहाँ 5 वर्ष में एक बार साधारण सूखा पड़ना स्वाभाविक है, परन्तु वास्तविकता यह है कि बुंदेलखंड में पिछले 9 वर्षों र्में 8 बार गंभीर सूखा पड़ा है।

👉🏼बुंदेलखंड में जंगल, जमीन पर घांस, गहरी जड़ें ना होने की कारण तेज गति से गिरने वाले पानी बीहड़ पैदा कर रहा है। हम सब को पता है कि चम्बल के इलाके में बीहड़ों में लाखों एकड़ जमीन को बर्बाद कर कई सामाजिक और आर्थिक समस्याएं पैदा की हैं, जिनसे हम निपट नहीं पा रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों में नदी और जल स्रोतों की सीमाओं से सटे क्षेत्रों में बीहड़ बढ़ता है। पिछले 20 वर्षों में यहां खूब भू-क्षरण हुआ है। बुंदेलखंड में छतरपुर के आस-पास और केन-धसान नदी के बीच 1.05 लाख एकड़ के क्षेत्र में जमीन बीहड़ का रूप लेती जा रही है। पन्ना जिले में 50000 एकड़ जमीन बीहड़ हो रही है, टीकमगढ़ में 12000 एकड़ में बीहड़ जम रहा है। दतिया में 70000 एकड़ और दमोह में 62000 एकड़ जमीन बीहड़ों की चपेट में आती दिख रही है। ऐसा लग रहा है कि बीहड़ का यह विस्तार बुंदेलखंड को चंबल की घाटियों से जोड देगा। तब बुंदेलखंड, सरकार के लिये विकास का नही कानून-व्यवस्था का मसला होगा। बुंदेलखंड के इस बीहड़ीकरण के कारण 471 गांव के सामने अस्तित्व का खतरा खड़ा हो गया है।

🏼उत्तर प्रदेश के हिस्से वालें बुन्देलखण्ड के जिलों में बांदा से 7 लाख 37 हजार 920 ,चित्रकूट से 3 लाख 44 हजार 801,महोबा से 2 लाख 97 हजार 547, हमीरपुर से 4 लाख 17 हजार 489 ,उरई (जालौन) से 5 लाख 38 हजार 147, झांसी से 5 लाख 58 हजार 377 व् ललितपुर से 3 लाख 81 हजार 316 और मध्य प्रदेश के हिस्से वाले जनपदों में टीकमगढ़ से 5 लाख 89 हजार 371 ,छतरपुर से 7 लाख 66 हजार 809,सागर से 8 लाख 49 हजार 148 ,दतिया से 2 लाख 901,पन्ना से 2 लाख 56 हजार 270 और दतिया से 2 लाख 70 हजार 277 किसान और कामगार आर्थिक तंगी की वजह से महानगरों की ओर पलायन कर चुके हैं।

रेड ब्रिगेड की संस्थापिका ऊषा विश्वकर्मा को मिला सावधान इंडिया सम्मान

इंद्रकुमार विश्वकर्मा@नवप्रवाह.कॉम 

देश के 7 सोशल हीरो को नवाजा गया सावधान इंडिया सम्मान से, लखनऊ से चयनित हुई ऊषा विश्वकर्मा

लखनऊ की ऊषा विश्वकर्मा को लाइफ ओके चैनल पर प्रसारित सावधान इण्डिया की ओर से ”सावधान इण्डिया” सम्मान से नवाजा गया है। यह एपिसोड 12 जून को शाम 7:30 बजे प्रसारित किया जायेगा।

पूरे देश से 7 सोशल हीरोज में चयनित ऊषा विश्वकर्मा बताती हैं कि उनकी जिंदगी में कई बड़े स्तर के अवार्ड मिले हैं, लेकिन इस सम्मान को वो अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा मानती हैं। जिसके लिए वह सावधान इण्डिया की पूरी टीम के साथ, इसके होस्ट अभिनेता सुशांत सिंह, श्रेयस थल्पड़े और अभिनेत्री दिव्या दत्ता को धन्यवाद देती हैं।

मुंबई से लौटकर वापस लखनऊ पहुंची ऊषा बहुत खुश हैं। ऊषा बताती हैं, यह सम्मान लखनऊ के लोगों के व अपने सभी शुभचिंतको के साथ घरवालों को समर्पित करती हैं।

usha-vishwakarma-savdhan-india-awardउषा विश्वकर्मा ने बताया कि यह सम्मान देश से 7 चयनित लोगों को दिया जा रहा है, जिसमें एक वह खुद भी हैं। इसके अलावा लखनऊ ‘स्टॉप ऐसिड  अटैक’ संस्था के आलोक दीक्षित सहित देहरादून, बनारस, मुंबई, जयपुर और पंजाब से इस सम्मान के लिए सोशल हीरो को चयनित किया गया है।

बता दें कि ऊषा विश्वकर्मा रेड ब्रिगेड संस्था की प्रमुख हैं। इससे पहले ऊषा विश्वकर्मा केबीसी में अमिताभ बच्चन और प्रियंका चोपड़ा के साथ सेट पर नजर आई थी और सवालों का जवाब देकर पुरस्कार भी प्राप्त किया था। इसके अलावा वे कई और सम्मान से नवाजी जा चुकी हैं।

उषा विश्वकर्मा से बातचीत के दौरान उन्होंने आज की  लड़कियों व महिलाओं को सन्देश देना चाहा कि,

आज के प्रतिस्पर्धा के युग में किसी पर निर्भर ना रहें, पढ़ें-लिखें व आत्मनिर्भर बनें। आँख बंद कर किसी पर भी भरोसा ना करें, जिससे आपका नुकसान हो।  अपनी रक्षा स्वयं करें व खुद को अपनी आत्मरक्षा के काबिल बनायें।

* क्या है ‘रेड ब्रिगेड’.. ?

रेड  ब्रिगेड उषा विश्वकर्मा द्वारा स्थापित एक  गैर सरकारी संस्था है जो लखनऊ , उत्तर प्रदेश में स्थित है । आत्मरक्षा शिक्षा के माध्यम से किशोर लड़कियों महिलाओं को सशक्त बनाना इस संस्था का मुख्य उद्देश्य है।

अठारह साल की उम्र में उषा विश्वकर्मा पर एक सहकर्मी द्वारा यौन उत्पीड़न की विफल कोशिश की गई।लेकिन वे चुप नहीं रहीं, इसके खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई। इसके पश्चात लड़कियों व महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए प्रेरित करना व इसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करना ही उनके जीवन का मुख्य ध्येय बन गया।

2010 में, जब उन्होंने  किशोर लड़कियों के साथ एक कार्यशाला का आयोजन किया, तब उषा को पता चला कि उनमें से अधिकांश प्रतिभागियों (५५ में से ५३) पर परिवार के सदस्यों या करीबी रिश्तेदारों द्वारा उन्हीं के घरों में  यौन उत्पीड़न हुआ है। लड़कियां घरों में सुरक्षित हैं, इस कार्यशाला ने इस विश्वास को तोड़ दिया।

इसलिए १५ लड़कियों के एक समूह के साथ उषा ने यौन उत्पीड़न के खिलाफ लड़ने का फैसला किया,  जो किसी न किसी तरह के यौन उत्पीड़न की शिकार थीं। इसी क्रम में यौन उत्पीड़न के खिलाफ रेड ब्रिगेड की स्थापना उषा विश्वकर्मा के नेतृत्व में की गई।

प्रारंभ में रेड ब्रिगेड द्वारा  सामूहिक नुक्कड़ नाटक और कार्यशालाओं के माध्यम से महिलाओं से सम्बंधित विभिन्न  मुद्दों के बारे में जागरूकता अभियान शुरू किया गया।  विभिन्न अवसरों पर विरोध व संघर्ष दर्शाने के लिए इन्होने लाल व काले  कपडे पहनना शुरू किया । बाद में, लाल ब्रिगेड के सभी सदस्यों ने आत्मरक्षा की ट्रेनिंग ली।usha-vishwakarma-savdhan-india-award

ट्रेनिंग के पश्चात उन्होंने पाया कि आत्मरक्षा की तकनीक यौन उत्पीड़न से रक्षा करने में अधिक कारगर व विश्वसनीय साबित हो सकती है।  परिणामस्वरूप इस सभी प्रशिक्षित लड़कियों ने ‘मिशन १ मिलियन‘ नाम से अन्य लड़कियों  को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने का बीड़ा उठाया।  अब तक उनकी टीम ने लगभग ३८,००० लड़कियों व महिलाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करने में सफलता पाई है। वे अपने इस प्रयास को अनवरत जारी रखना चाहती हैं।

उनके इस साहसिक कार्य के लिए १ मई, २०१३ को रक्षामंत्री कपिल सिब्बल द्वारा ‘बहादुरी पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
२२ जनवरी, २०१६ को राष्ट्रपति प्रणब  मुखर्जी ने देश की १०० महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जिसमें उषा विश्वकर्मा भी एक थीं ।
१ मार्च, २०१६ को महिला दिवस के दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें ‘रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

अमेरिका: फ्लोरिडा के एक नाईट क्लब में फायरिंग, 25 से अधिक लोग घायल

प्रमुख संवाददाता,
अमेरिका में फ्लोरिडा के ऑरलैंडो शहर में एक नाइट क्लब में अंधाधुंध गोलीबारी की खबर है। स्थानीय मीडिया के अनुसार हमलावर ने यहां प्रवेश करते ही फायरिंग करनी शुरू कर दी जिसमें दो दर्जन से भी अधिक लोग घायल हो गए। खबर है कि हमलावर ने कुछ लोगों को बंधक भी बना रखा है।

नाइटक्लब को पुलिस ने चारों ओर से घेर लिया है। फायरिंग अब भी जारी है। हमलावरों के विषय में या हमले के कारणों के विषय में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। इस आकस्मिक फायरिंग के आतंकवादी हमला होने की गुंजाइश से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय समयानुसार यह घटना फ्लोरिडा के आरलैंडो में स्थित पल्स नाइटक्लब में रविवार की रात को हुई जो कि एक ‘गे’ क्लब है। घटनास्थल के कुछ वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं जिनमें घायलों का इलाज होते देखा जा सकता है साथ ही पुलिस को हमलावर की फायरिंग का जवाब देते देखा जा सकता है।

अब शिवसेना निशाने पर, आरएसएस के मुखपत्र ने कहा शिवसेना नहीं “व्याकुल सेना’

ब्यूरो,

अक्सर दूसरों पर उंगली उठाने वाली और फब्तियां कसने वाली शिवसेना पार्टी अब खुद निशाने पर है। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ ने शिवसेना का नया नामकरण ‘व्याकुल सेना’ के तौर पर किया है। आरएसएस के मराठी मुखपत्र ‘तरुण भारत’ के आज के संपादकीय पन्ने पर ‘व्याकुल सेना का खोता संयम’ नाम से शिवसेना पर व्यंग करता हुआ लेख लिखा गया है।

आरएसएस ने शिवसेना को इस लेख में ‘हफ्ता वसूलने वाली पार्टी’ भी कहा है। दो दिन पहले शिवसेना ने मोदी सरकार को निजाम से भी बदतर कहा था। आशंका है कि इसी को लेकर शिवसेना पर हमला बोला गया है।

गौरतलब है कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से भाजपा की सहयोगी पार्टी शिवसेना लगातार कई मुद्दों पर सरकार पर हमला कर चुकी है। अब बारी हमला झेलने की है। आरएसएस के इन संगीन आरोपों का शिवसेना पर क्या और कितना असर होगा, यह देखना दिलचस्प होगा।