27 C
Mumbai
Friday, September 11, 2026
Home Blog Page 1229

BJP राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक जारी, U.P. के C.M. चेहरे पर नहीं होगी बातचीत

शिखा पांडेय (@Navpravah.com )

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक आज शुरु हो चुकी है। इस बैठक की अध्यक्षता अमित शाह कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में भाजपा फिलहाल सीएम उम्मीदवार का चेहरा तय नहीं करेगी, यह सितंबर में ही होगा। इस बैठक के बाद भाजपा एक सर्वे कराएगी और सर्वे के बाद ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान किया जाएगा।

इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एवं अन्य नेता हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर तीन बजे पदाधिकारियों की बैठक में पहुंचेंगे। बैठक में केंद्रीय मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और सांसद हिस्सा लेंगे, जो राज्य में विधानसभा चुनाव का एजेंडा तय कर सकती है। बैठक में अमित शाह और नरेंद्र मोदी के भाषण में उत्तर प्रदेश पर विशेष जोर होगा। रविवार को अध्यक्षीय भाषण के बाद राज्यों की रिपोर्ट के दौरान चर्चा होने की उम्मीद है।

varun gandhi

पोस्टर से पटा प्रयाग, सोमवार को सांसदों संग बनेगी चुनावी रणनीति-

उल्लेखनीय है कि पूरा शहर भाजपा के पोस्टर से पटा हुआ है। सबसे अधिक यहां भाजपा नेता वरुण गांधी के पोस्टर नजर आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार रविवार को बैठक में कोई प्रस्ताव पास नहीं होगा। सभी प्रस्ताव सोमवार को पेश किए जाएंगे। भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह सोमवार शाम को उत्तर प्रदेश के पार्टी सांसदों से चुनावी रणनीति पर बातचीत करेंगे।

भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि पार्टी की स्थापना के बाद से पहली बार भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के लिए इस शहर को चुना है। यहां काफी संख्या में बैनर पोस्टरों पर ‘मिशन 265 प्लस’ प्रदर्शित किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने ‘मिशन 265 प्लस’ को आगे बढ़ाया है और 403 सदस्यों वाले उत्तरप्रदेश विधानसभा में बहुमत हासिल करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते रहते हैं। कुछ पोस्टरों में पार्टी के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार सुल्तानपुर से सांसद वरुण गांधी को घोषित करने की मांग की गयी है।

National meeting in allahabad

इस कार्यकारिणी बैठक में भाजपा पंजाब, गोवा और उत्तराखंड चुनावों पर भी चर्चा करेगी, लेकिन सूत्रों की माने तो एजेंडे में टॉप पर उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए रणनीति तैयार करना है। प्रधानमंत्री दो दिनों तक दिल्ली छ़ोड़कर इलाहाबाद में डेरा जमाएंगे, लिहाजा उनका दफ्तर यानी पीएमओ भी वहीं से चलेगा।

बैठक के मद्देनजर इलाहाबाद में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गए हैं। इस स्थान पर विशाल एवं वातानुकूलित शामियाने के तले यह बैठक होनी है। यहीं पवित्र संगम के पास परेड ग्राउंड के पास सोमवार को एक रैली का भी आयोजन किया जायेगा। सुरक्षा व्यवस्था में उत्तर प्रदेश पुलिस ने 20 जिलों से जवानों को लगाया है। इलाहाबाद जोन के पुलिस महानिरीक्षक आर.के. चतुर्वेदी के अनुसार, 18 एसपी रैंक के अधिकारियों, 30 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 50 सर्कल आफिसर (डीएसपी रैंक) के अधिकारी 2500 कांस्टेबल और प्रांतीय सशस्त्र बल के 1800 जवानों को शहर में सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात का प्रबंधन करने के काम में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही बम निष्क्रिय करने वाले दल और श्वान दस्ते को भी सेवा में लगाया गया है।

‘देश विरोधी’ नारे वाला वीडियो सही और प्रामाणिक!

प्रमुख संवाददाता,
जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने के मामले में कन्हैया कुमार सहित अन्य छात्रों की मुसीबत बढ़ती नज़र आ रही है। सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री (सीएफएसएल) ने गत 9 फरवरी को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में लगे ‘देश विरोधी’ नारों वाले वीडियो क्लिप को सही बताया है।

‘द हिंदू’ ने दिल्ली पुलिस के एक सूत्र के हवाले से बताया है कि ‘देश विरोधी’ नारे वाला वीडियो सही और प्रामाणिक है। इस वीडियो को लेकर दुष्प्रचार किया गया था कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। बाद में दिल्ली पुलिस ने इस वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए सीएफएसएल के पास भेज दिया था।

मामले में दिल्ली पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की। प्राथमिकी में कहा गया कि गत 9 फरवरी की रात उमर खालिद के नेतृत्व में छात्रों के एक समूह ने परिसर में कथित रूप से ‘भारत-विरोधी’ और ‘पाकिस्तान के समर्थन’ में नारे लगाए।

उल्लेखनीय है कि जेएनयू परिसर में ‘देश विरोधी’ नारे लगाने के आरोप में कन्हैया, उमर और अन्य छात्र गिरफ्तार हुए थे। फिलहाल, कन्हैया और उमर जमानत पर हैं। संसद हमले के दोषी अफजल गुरू की बरसी पर उमर खालिद ने जेएनयू परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया था और इस कार्यक्रम में कथित रूप से भारत विरोधी नारे लगाए गए थे। इसके पहले गांधीनगर स्थित सीएफएसएल ने नारों से संबंधित चार और वीडियो एवं मोबाइल क्लिप्स को सही पाया है।

आस्ट्रेलियन ओपन सुपर सीरीज: साइना नेहवाल फाइनल में

प्रमुख संवाददाता, 
भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने आस्ट्रेलियन ओपन सुपर सीरीज के सेमिफाइनल में महिला एकल स्पर्धा में दुनिया की दूसरे नंबर की चीनी खिलाड़ी यिहान वांग को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है और जीत से महज एक कदम दूर हैं।
साइना ने 2011 विश्व चैम्पियन और 2012 ओलंपिक रजत पदकधारी चौथी वरीय यिहान को सेमीफाइनल में 21 -8 , 21 – 12 से शिकस्त दी। साइना के लिए रियो ओलंपिक अभियान से पहले यह प्रदर्शन मनोबल बढ़ाने वाला रहेगा।
लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली साइना की भिड़ंत कल फाइनल में बारहवीं वरीयता प्राप्त चीन की खिलाड़ी सुन यु से होगी, जिन्होंने एक अन्य सेमीफाइनल में हमवतन लि जुरेई को हराया। साइना 2014 में आस्ट्रेलियन ओपन जीत चुकी हैं, उनका सुन के खिलाफ रिकार्ड 5 – 1 का है।
पुरुष एकल में किदाम्बी श्रीकांत सेमीफाइनल में डेनमार्क के हैंस-क्रिस्टियन विटिंगस से हार गए। उन्हें 43 मिनट तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में 20 – 22 , 13 – 21 से पराजय मिली।

बिहार: टॉपर्स घोटाले का कथित सरगना बच्चा राय गिरफ्तार

अनुज हनुमत,

शनिवार को बिहार इंटरमीडियट परीक्षा के टॉपर घोटाले के कथित सरगना बच्चा राय को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह आत्मसमर्पण करने के लिए वैशाली जिले के भगवानपुर पुलिस थाना पहुंचा। सूत्रों ने बताया कि विवादित बिशुन राय कॉलेज के सचिव सह प्राचार्य बच्चा राय आत्मसमर्पण करने के लिए भगवानपुर पुलिस थाने में पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बिहार में इंटरमीडियट के कला संकाय की टॉपर रूबी राय और विज्ञान संकाय के टॉपर सौरभ श्रेष्ठ का संबंध बिशुन राय कॉलेज से है, जिसके प्राचार्य बच्चा राय ही हैं ।

बिहार में इंटरमीडियट की परीक्षा में टॉपर्स को लेकर चल रहे विवाद पर शिक्षा विभाग ने जांच के लिए एक तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था, जो 20 जून तक अपनी रिपोर्ट सौंपेने वाली थी। बिहार बोर्ड के टॉपर्स मामले में रूबी राय, सौरव श्रेष्ठ और राहुल कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

बिहार में 12वीं कक्षा की मेरिट लिस्ट में हुई गड़बड़ी की जांच के लिए बनाये गये विशेष जांच दल एसआईटी की अगुवाई कर रहे पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने कहा, “पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी और आज उसे गिरफ्तार कर लिया गया।” महाराज ने कहा, “हम लोग उनसे गहन पूछताछ करेंगे।” राजद के विदित समर्थक बच्चा राय मामले में कथित तौर पर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि जांच में इस बात के संकेत मिले हैं कि इस मामले में बच्चा राय की भूमिका अहम थी। इस मामले में पटना के कोतवाली थाने में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में बच्चा राय की बेटी शालिनी राय को भी नाजमद आरोपी बनाया गया है।।

गुरुवार को ही बच्चा राय पर एफआईआर दर्ज किया गया था। पटना के एसएसपी मनु महाराज ने बताया था कि लालकेश्वर व बच्चा राय के नामों को एफआइआर में शामिल किया गया है। इन दोनों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। वैसे अब बच्चा राय की गिरफ्तारी के बाद बिहार पुलिस में राहत की साँस ली है ।

दाभोलकर हत्या मामले में सी.बी.आई. ने की पहली गिरफ्तारी

प्रमुख संवाददाता,

महाराष्ट्र में अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के डॉ. नरेन्द्र दाभोलकर की 2013 में हुई हत्या के मामले में सीबीआई ने पहली गिरफ्तारी कर ली है। इस मामले में सीबीआई ने हिंदू जनजागृति समिति के सदस्य वीरेंद्र सिंह तावड़े को शुक्रवार रात पनवेल से गिरफ्तार किया है।

सूत्रों के अनुसार तावड़े को शुक्रवार को पहले पूछ-ताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार दोपहर पुणे की एक विशेष अदालत में उसे पेश किया जाएगा। समिति का संबंध गोवा के उस कट्टर समूह सनातन संस्था से है, जो फरवरी 2015 में एक अन्य तर्कवादी गोविंद पंसारे की हत्या के कारण जांच के दायरे में आई थी।

पिछले हफ़्ते सीबीआई ने तावड़े और उसके साथी सारंग अकोलकर के घरों पर छापे मारे थे। सीबीआई जांच में सामने आया कि छापेमारी के बाद से ही दोनों गायब थे, लेकिन इसी दौरान दोनों के बीच ईमेल पर सूचना का आदान-प्रदान हुआ था।

सीबीआई के प्रवक्ता देवप्रीत सिंह ने कहा कि सीबीआई ने डॉ. नरेंद्र दाभोलकर की हत्या के मामले की जांच के संबंध में वीरेंद्र सिंह तावड़े को गिरफ्तार किया है। जांच जारी है।

गौरतलब है कि दाभोलकर की 20 अगस्त 2013 को दिनदिहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या पर लोगों ने रोष व्यक्त किया था और जाने-माने कई लेखकों और अन्य हस्तियों ने कथित असहिष्णुता के विरोध में अपने पुरस्कार लौटा दिए थे। इस हत्या के मामले की जांच मुंबई उच्च न्यायालय ने मई 2014 में सीबीआई को सौंप दी थी। इस मामले में हुई यह पहली गिरफ्तारी है।

रविवार से प्रयाग में शुरू होगा बीजेपी का चुनावी चिंतन

अनुज हनुमत,

इलाहाबाद। संगम नगरी को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। शहर के सभी बड़े और छोटे होटल बुक किये जा चुके हैं। पूरा प्रयाग पोस्टरों से पट चुका है। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर इलाहाबाद में कैसा आयोजन होने जा रहा है! आगामी 12 तारीख से बीजेपी अपने ‘मिशन यूपी’ की शुरुआत इलाहाबाद में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी के साथ करने जा रही है। इस मौके पर बीजेपी के सभी मुख्यमंत्री समेत पार्टी के सभी बड़े पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

सबसे ख़ास यहां पीएम मोदी भी उपस्थित रहेंगे। ये बात और है कि यूपी में पार्टी का चेहरा कौन होगा, इस पर संशय अब भी बरकरार है! लेकिन पार्टी सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि इस बैठक में अगामी ‘मिशन यूपी’ के लिए एक ऐसे मजबूत नाम पर भी चर्चा होगी, जिसे आगे करके पार्टी यूपी का राजनीतिक किला फतह करना चाहेगी। सूत्रों की माने तो पार्टी चाहती है कि यूपी मिशन का नेतृत्व जो भी करेगा, कम से कम उसका राजनीतिक कद मायावती और मुलायम के बराबर का हो! नजरें योगी आदित्याथ, वरुण गांधी और स्मृति ईरानी पर भी होगी। एक खास बात ये भी है कि संगम नगरी इलाहाबाद में हो रहे इस आयोजन से बीजेपी यूपी में चुनावी बिगुल फूंकने जा रही है।

नवनियुक्त बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य इलाहाबाद में हो रहे पार्टी के इस बड़े आयोजन से पूर्वांचल और बुन्देलखण्ड के एक बडे हिस्से की राजनीति भी साधने की कोशिश करेंगे । इस पूरे कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह समेत पार्टी के तमाम बड़े नेता इस बात पर मंथन करेंगे कि आने वाले दिनों में पार्टी की दशा और दिशा क्या हो। चर्चा की शुरुआत 12 जून को शाम पांच बजे अमित शाह के भाषण से होगी ।

bjp rally

पीएम मोदी पार्टी की रैली को करेंगे सम्बोधित-

13 जून को पार्टी अपने राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव पारित करेगी। आर्थिक प्रस्ताव को अंतिम रुप देने का जिम्मा महासचिव राम माधव को सौंपा गया। 12 जून को पीएम पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करेंगे। कार्यकारिणी का समापन भी पीएम मोदी के संबोधन से ही होगा। कार्यकारिणी की बैठक के बाद पीएम पार्टी की रैली को भी संबोधित करेंगे। बीजेपी प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री के मुताबिक कार्यकारिणी इसलिए भी अहम है क्योंकि यूपी में चुनाव आ रहे हैं। यूपी में वातावरण बनेगा और कार्यकारिणी से कार्यकर्ताओं में उत्साह आएगा।

बीजेपी की योजना है कि इस बार किसी तरह अपने पारंपरिक वोटों के साथ दूसरे दलों के वोट-बैंक में भी सेंध लगाई जाए। क्योंकि यूपी में 30 फीसदी दलित वोट जो मायावती के साथ जुड़ा है। मायावती के वोट बैंक में सेंध लगाना इतना आसान कार्य नही है। बीजेपी की नजर इसी वोट बैंक में है, इसी के तहत हाल ही में दौरे पर आये पार्टी के राष्ट्रिय अध्यक्ष अमित शाह ने वाराणसी में दलित के घर भोजन भी किया। साथ में केशव प्रसाद मौर्य को प्रदेश अध्यक्ष बनाना इसी रणनीति का हिस्सा है। हालाँकि यूपी में 24 फीसदी अगड़ी जाति के वोटर को बीजेपी अपना वोट बैंक मानती है। इसी वजह से मुख्तार अब्बास नकवी की जगह शिव प्रताप शुक्ला को तरजीह दी गई है और ये भी बहुत हद तक संभव है कि पार्टी अगामी चुनाव में मुख्यमंत्री पद के लिए भी अगड़ी जाति के ही किसी चेहरे को प्राथमिकता दे!

अभी हाल ही में पार्टी ने यूपी नए जिलाध्यक्षों और तमाम कमेटियों का गठन किया है। अगर हम इस पर नजर डालें तो पता चलता है कि पार्टी ने नियुक्ति के समय अपने गैर परम्परागत वोट बैंक को भी साधने का प्रयास किया है, जिसके तहत पार्टी ने 94 जिला और नगर अध्यक्षों में से 44 पिछड़ी और अति पिछड़ी जाति से नियुक्त किये हैं, जबकि अगर अगड़ी जाति की बात करें तो 29 ब्राह्मण, 10 ठाकुर, 9 वैश्य और 4 दलित समाज से अध्यक्ष बनाए गए हैं। बहरहाल ये तो आने वाले चुनाव के परिणाम ही बताएँगे कि पार्टी की गणित कितनी सही है! लेकिन एक बात तो है कि बीजेपी के इस आयोजन ने विपक्षी पार्टियों की बेचैनी जरूर बढ़ा दी है।

अपनी प्रेगनेंसी की ख़बर सुनकर एक्साइटेड हूँ – करीना कपूर

एंटरटेनमेंट डेस्क,

फिल्म उड़ता पंजाब के सुर्ख़ियों में होने के साथ ही अभिनेत्री करीना कपूर भी अन्य एक खास वजह से सुर्ख़ियों में हैं। वह खास वजह है उनकी प्रेगनेंसी की खबर, हालाँकि करीना कपूर ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया कि वह गर्भवती हैं।

करीना ‘उड़ता पंजाब’ में शाहिद कपूर, आलिया भट्ट और दिलजीत दोसांझ के साथ नज़र आने वाली हैं। उल्लेखनीय है कि अभिनेत्री की कुछ तस्वीरों से यह अनुमान लगाया जा रहा था कि वह गर्भवती हैं। मीडिया में खबरें भी आई थीं कि करीना हाल में लंदन में एक डॉक्टर से प्रेग्नेंसी को लेकर मिली थीं और वे चार महीने की प्रेग्नेंट हैं। करीना कपूर के पिता रणधीर कपूर ने हाल में कहा था कि उन्हें करीना ने अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में बताया नहीं है, लेकिन अगर ऐसा होगा तो उन्हें काफी खुशी होगी।

करीना से जब इस विषय में पूछा गया, तो उन्होंने इन खबरों को हंसी में उड़ा दिया। करीना ने एक इंटरव्यू में कहा कि जिस तरह मेरे प्रेग्नेंट होने की खबर मैं सुन रहीं हूं, उससे मैं एक्साइटेड हूं। ऐसा लगता है कि मैं पांच बच्चों की मां हूं, जिन्हें मैंने लंदन में छिपा कर रखा है।

जब उनसे पूछा गया कि इन खबरों में कितनी सच्चाई है कि आप माँ बनने वाली हैं तो करीना ने कहा, “भगवान ने चाहा तो ऐसा ज़रूर होगा, मैं एक महिला हूँ तो माँ बनना स्वाभाविक है। लेकिन अभी इस बारे में कुछ नहीं कहना।” जब उनसे और पूछा गया कि क्या उनके गर्भवती होने की खबरें झूठी हैं,तो उन्होंने कहा, “आप सब लोग इस बारे में बात कर रहे हैं तो यह बात मुझे बहुत उत्साहित कर रही है।”

कांग्रेस की नैया पार लगाने चुनाव मैदान में उतरेंगी प्रियंका

प्रमुख संवाददाता,
कांग्रेस पार्टी ने अंततः अपना ब्रह्मास्त्र इस्तेमाल करने का निर्णय ले लिया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़, कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को मैदान में उतारने के लिए कमर कस ली है। प्रियंका 2019 के आम चुनावों में अमेठी से चुनाव लड़ सकती हैं। अगले साल यूपी में होने वाले विधानसभा चुनावों में वे हमेशा की तरह पूरी सक्रियता के साथ पार्टी के लिए प्रचार करती दिख सकती हैं।
पिछले कुछ वर्षों में कांग्रेस की जो दुर्दशा हुई है, वह पार्टी के अब तक के कार्यकाल में सबसे अधिक चिंताजनक है। लोकसभा में कांग्रेस अपनी न्यूनतम संख्या तक पहुंच चुकी है। राज्यों में भी उसकी ताकत बहुत ज्यादा सिमट गई है। अपने अस्तित्त्व और अस्मिता की रक्षा के लिए कांग्रेस के पास प्रियंका के अलावा कोई विकल्प भी नहीं है।

प्रियंका की राजनीति  में एंट्री कब और किस रूप में हो, इस पर पार्टी में आला नेता विचारमंथन कर रहे हैं। माना जा रहा है कि पार्टी अध्यक्ष पद पर राहुल गांधी की ताजपोशी के साथ ही प्रियंका की नई भूमिका का भी ऐलान हो जाएगा।

इस बारे में पूछने पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि पार्टी की यूपी चुनावों को लेकर अपनी रणनीति है और इसका खुलासा वो समय आने पर करेगी। वहीं बीजेपी नेता सुधांशु मित्तल ने कहा कि प्रियंका के राजनीति में आने की खबरें यहां-वहां से आ रही हैं। इस विषय में कांग्रेस कुछ कन्फ्यूज नजर आ रही है। उसे निर्णय कर लेने दें, फिर बीजेपी देखेगी।

गौरतलब है कि प्रियंका ने अब तक खुद को अपने भाई राहुल गांधी की अमेठी सीट और मां सोनिया गांधी की रायबरेली सीट तक ही सीमित रखा है। यहाँ तक की प्रियंका पार्टी की प्राथमिक सदस्य तक नहीं हैं। कांग्रेस के नेताओं और कार्यकार्ताओं का एक बड़ा तबका उन्हें सक्रिय राजनीति में लाने की मांग लंबे समय से कर रहा है। उम्मीद है कि उनकी मेहनत जल्द ही रंग लाएगी और प्रियंका चुनावों में अपना डेब्यू करेंगी।

बिहार में एक महिला की सरेआम हत्या, भय का माहौल

ब्यूरो,

बिहार में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में हो रहे आपराधिक मामले की वजह से स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार को कुछ बाइक सवार अपराधियों ने नालंदा की नवनिर्वाचित मुखिया पूनम देवी की गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद बिहार का माहौल और गरमा गया है।

पूनम देवी कल्याण बिगहा थाने के कोलावां पंचायत से निर्वाचित हुई थीं। शुक्रवार को अज्ञात बाइक सवार लोग उन्हें गोली मारकर फरार होने में कामयाब हो गए। घटना के बाद अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक़, पूनम की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। पूनम हसनपुर की रहने वाली थीं। वह शुक्रवार को एक युवक के साथ बाइक से हरनौत बाजार जा रही थीं। तभी एनएच-30ए पर रुपसपुर के नजदीक बाइक पर सवार तीन लोगों ने पूनम देवी की बाइक को जबरन रोका, जिस कारण मुखि‍या और युवक बाइक से गिर गए। मुखिया के उठते ही अपराधियों ने उन पर गोलि‍यां बरसा दी। जिसके चलते पूनम की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हालाँकि बाइक चलाने वाले लड़के को कुछ नहीं हुआ।

भारत के खिलाफ षड़यंत्र न रचे पाकिस्तान -अमेरिका

शिखा पांडेय,

अमेरिकी यात्रा के दौरान पीएम मोदी द्वारा पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवाद का मुद्दा उठाने के बाद, अमेरिका ने पाकिस्तान को साफ चेतावनी दे दी है। अमेरिका ने स्पष्ट कहा है कि उसकी जमीन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ षड़यंत्र रचने के लिए नहीं होना चाहिए।

अमेरिका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कल कहा, “अमेरिका पाकिस्तान को आतंकवाद विरोधी प्रयासों के लिए प्रोत्साहित कर रहा है ताकि भारत के साथ उसके संबंधों में सुधार किया जा सके।” विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता मार्क टोनर ने कहा, “हमारा मानना है कि भारत और पाकिस्तान को व्यावहारिक सहयोग से लाभ मिलेगा और हम दोनों देशों को सहयोग बढ़ाने एवं तनाव कम करने हेतु सीधी बातचीत के लिए प्रोत्साहित करते हैं।”

टोनर ने कहा, “हम पाकिस्तान के आतंकवाद विरोधी अभियानों में उसके साथ काम कर रहे हैं। पाकिस्तान यह सुनिश्चित करे कि उसकी धरती का इस्तेमाल भारत में हमलों का षड़यंत्र रचने के लिए नहीं हो और पाकिस्तान उन सभी आतंकवादी समूहों से निपटने के लिए कदम उठाए, जो इस समय उसकी जमीन का इस्तेमाल कर रहे हैं।”

टोनर ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के बीच जिन मामलों पर बात हुई, उनमें पाकिस्तान का मुद्दा भी शामिल था। उन्होंने कहा, “भारत और पाकिस्तान के साथ हमारे द्विपक्षीय संबंध अलग-अलग हैं और ये अपने-अपने महत्व के आधार पर बने हुए हैं।” उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे एक क्षेत्र के देशों के लिए यह महत्वपूर्ण है कि उन सभी के एक दूसरे के साथ रचनात्मक सुरक्षा संबंध हों।”