28.4 C
Mumbai
Tuesday, August 4, 2026
Home Blog Page 1210

आगामी चुनाव के मद्देनज़र नए मंत्रियों के साथ मोदी की चाय पर चर्चा

अभिजीत मिश्र,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कैबिनेट में 19  नए मंत्रियों को शामिल करने के बाद सभी नए को आज दोपहर 2:30 बजे 7 रेस कोर्स रोड में चाय पर आमंत्रित किया। जानकारी के मुगाबिक, बैठक में आगामी चुनाव एवं अन्य विषयों पर चर्चा होगी।

प्रधान मंत्री ने अपने मंत्रिमंडल में कुछ दलित और ओबीसी नेताओं को भी सम्मिलित किया है। जोकि संभवतः अगले वर्ष उत्तर प्रदेश और गुजरात में आने वाले विधानसभा चुनाव में मददगार साबित हों। प्रकाश जावड़ेकर (पर्यावरण राज्य मंत्री) जो की अभी तक स्वतंत्र प्रभार के पद में उनका कद बढ़ा कर कैबिनेट मंत्री बना दिया गया है।

सभी नए मंत्रियों को कार्यभार संभालने के लिए आज शपथ दिलाई गई । लोगों का मानना है कि कैबिनट में ओबीसी और दलितों को शामिल करना भाजपा की दलितों को लुभाने की कोशिश है, जो आगामी चुनाव में बहुत महत्वपूर्ण है।

विजय गोयल और फग्गन सिंह कुलस्ते को छोड़कर सभी नए चेहरे हैं। वहीं, इनमें से कुछ मंत्री भाजपा शासित राज्य सरकारों में मंत्री रह चुके हैं। राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सांसदों में अजय टम्टा, अजरुन राम मेघवाल, कृष्णा राज, रामदास अठावले, रमेश सी जिगाजिनागी शपथ लेने वाले दलित सांसदों में शामिल हैं।

मोदी सरकार में शामिल किए गए अन्य मंत्रियों में अनुप्रिया पटेल, एस एस अहलूवालिया, पी पी चौधरी, सी आर चौधरी, एम जे अकबर, जे भाभोर, पुरषोत्तम रूपाला, मनसुखभाई मंडाविया, एस आर भामरे, महेंद्र नाथ पांडेय, ए एम दवे और राजन गोहैन शामिल हैं।

सरकार के इस निर्णय से उद्दव ठाकरे नाराज़ है और उनका कहना है कि केंद्र ने मुझे कैबिनट में रखने का वादा किया था। मैं सरकार के सामने मंत्री पद के लिए झोली नहीं फैलाऊंगा।

एयर इंडिया की नई पहल,अहमदाबाद-लंदन-नेवार्क के बीच हवाई यात्रा होगी शुरू

अब्दुल फ़हद,

अहमदाबाद। देश की प्रतिष्ठित एयरलाइंस एयर इंडिया दुनिया के अलग-अलग शहरों को जोड़ने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ते हुए जल्द ही अहमदाबाद-लंदन-नेवार्क के बीच 15 अगस्त से नई फ्लाइट्स की शुरूआत करने जा रही है। जानकारी के मुताबिक़ एयरलाइन्स चाहती है कि दिल्ली-मैड्रिड के बीच एयरलाइंस की शुरूआत दिसंबर में की जाएगी।

एयर इंडिया के अधिकारी अश्विनी लोहानी ने बताया कि अगले चार वर्षों के दौरान इसके और विस्तार की योजना है। एयर इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अश्विनी लोहानी ने संवाददाताओं को बताया, “एयर इंडिया के विस्तार के मक़सद से हम 15 अगस्त से अहमदाबाद-लंदन-नेवार्क के बीच फ्लाइट्स की शुरूआत करने जा रहे हैं, जबकि दिल्ली-मैड्रिड के बीच फ्लाइट्स की शुरूआत दिसंबर में होगी।”

इस हवाई यात्रा की शुरुआत के बाद ही यात्री सीधे इन शहरों तक पहुँच सकेंगे। अभी इन इलाकों में जाने के लिए कई फ्लाइट्स बदलनी पड़ती हैं। यात्रा के अलावा इन इलाकों से होने वाले व्यापार को भी बल मिलेगा।

मुरथल सामूहिक बलात्कार: पंजाब एवं हरियाणा कोर्ट ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया

अभिजीत मिश्र,

मुरथल सामूहिक बलात्कार: पंजाब एवं हरियाणा कोर्ट ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया

मुरथल सामूहिक बलात्कार मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने हरियाणा सरकार की जांच में लापरवाही को लेकर आड़े हाथों लिया। मुरथल सामूहिक बलात्कार मामले में और तथ्य एकत्रित करने के लिए और समय मांगने राज्य सरकार को उच्च न्यायालय ने आगाह किया कि सम्बंधित मामले में सरकार किसी तरह की लापरवाही न बरते।

हरियाणा सरकार की तरफ से पेश वकील ने यह बात स्वीकारी कि मुरथल में फरवरी में जाट आंदोलन के दौरान बलात्कार हुए थे। इस सम्बन्ध में न्यायमूर्ति एस.एस. सरोन और न्यायमूर्ति लीजा गिल की पीठ ने सरकार को सुनवाई की अगली तारीख 7 जुलाई को रिपोर्ट का दूसरा हिस्सा पेश करने का निर्देश दिया।

न्यायालय की फटकार के बाद सरकार ने अदालत में दावा किया कि उसे कथित सामूहिक बलात्कार की घटनाओं के संबंध में नये सुराग मिले हैं। इसलिए उसे और समय दिया जाए, जिससे मामले की तह तक पहुंचने में सहायता मिले।

मोदी मंत्रिमण्डल विस्तार: शपथ ग्रहण समारोह शुरू, पढ़ें, किन मंत्रियों की चमकी किस्मत

प्रमुख संवाददाता,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमण्डल में फेरबदल शुरू हो गया है। आज सुबह 11 बजे शुरू हुए मंत्रिमंडलीय विस्तार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अरुण जेटली, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी सहित अधिकतर मंत्री और 19 संभावित मंत्री राष्ट्रपति भवन पहुंचे। राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो चुका है।

प्रकाश जावड़ेकर ने सबसे पहले शपथ ली। जावड़ेकर को प्रमोशन देकर कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है। इसके बाद फग्गन सिंह कुलस्ते शपथ लेने आए, फिर एसएस अहलूवालिया ने शपथ ली। कर्नाटक के बीजापुर से सांसद रमेश चनप्पा, राजस्थान से राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने भी मंत्रिपद की शपथ ली। इसके बाद आरपीआई के सांसद रामदास अठावले असम के नौगांव से सांसद राजन गोहेन ने भी शपथ ली।

शपथ लेने वाले अन्य सदस्यों में कृष्णा राज, राजस्थान के नागौर से सांसद सीआर चौधरी, उत्तर प्रदेश से अपना दल की सांसद अनुप्रिया पटेल, राजस्थान के पाली से सांसद पीपी चौधरी, सुभाष राव भामर भी शामिल रहे।

इसके अलावा रमेश जिगाजिनगी, अनिल माधव दवे, गुजरात से सांसद पुरुषोत्तमभाई रूपाला, एमजे अकबर ने भी राज्यमंत्री की शपथ ली। पूर्व नौकरशाह और राजस्थान से सांसद और दलित चेहरा अर्जुनराम मेघवाल ने शपथ ली। राजस्थान से ही सांसद जसवंत सिंह भाभोर, यूपी के चंदौली से सांसद महेंद्रनाथ पाण्डेय, उत्तराखंड से सांसद अजय टम्टा ने शपथ ली।

दीदी ने दादा को पहनाई टोपी, गांगुली हुए इफ्तार पार्टी में शरीक

अमित द्विवेदी,

पिछले कुछ समय से भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीब देखे जा रहे हैं। सोमवार को बंगाल की मुख्यमंत्री के साथ गांगुली एक इफ्तार पार्टी में नज़र आए, जहां उन्होंने टोपी भी पहनी और प्रार्थना भी की। ममता के साथ आयोजनों में नज़र आने से गांगुली की राजनीतिक सक्रियता को लेकर चर्चा तेज़ हो चली है।

मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में एक हज़ार से भी अधिक लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि थी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी। गांगुली इनके साथ ही नज़र आए। क्लब के अध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुल्तान अहमद ने इस कार्यक्रम का न्योता गांगुली को दिया था।

यह दूसरा मौका था, जब गांगुली किसी राजनीतिक आयोजन में नज़र आए थे। इससे पहले वो ममता बनर्जी के दूसरे शपथ ग्रहण में भी शामिल थे। यहां तक कि इस साल हुए राज्य के विधानसभा चुनावों में गांगुली ने तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार और जगमोहन डालमिया की बेटी वैशाली डालमिया के लिए प्रचार भी किया था।

इस मामले में सांसद सुल्तान अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य में धर्मनिरपेक्ष और सद्भाव में विश्वास रखती हैं। वे किसी भी समुदाय के साथ भेदभाव नहीं करतीं, जिसकी वजह से उन्हें एक बार फिर राज्य की जनता ने कमान सौंपी है।

विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट: क्वार्टर फाइनल में पहुंची सानिया और मार्टिना हिंगिस

विशेष संवाददाता,

सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस ने आज बेहद आसान जीत से विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला युगल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारतीय स्टार सानिया और स्विट्जरलैंड की हिंगिस की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने कोर्ट 17 पर खेले गये मैच में अमेरिका की क्रिस्टियाना मैकाले और लाटविया की येलेना ओस्टापेंको को केवल 46 मिनट में 6-1, 6-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं रोहन बोपन्ना और रोमानिया के उनके जोड़ीदार फ्लोरिन मर्जिया को पुरुष युगल में हार का सामना करना पड़ा है।

सानिया और हिंगिस को मैच में ब्रेक प्वाइंट के कुल दस मौके मिले जिसमें से पांच बार वे सफल रहीं। इस बीच विपक्षी दल की मैकाले और ओस्टोपेंको केवल दो बार ब्रेक प्वाइंट लेने की स्थिति में पहुंची थीं लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा पायीं और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

दूसरी ओर पुरुष युगल में बोपन्ना और मर्जिया का अभियान तीसरे दौर में ही थम गया। इस छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी को फिनलैंड के हेनरी कोंटिनेन और ऑस्ट्रेलिया के जान पियर्स के हाथों दो घंटे 55 मिनट तक चले मैराथन मुकाबले में 6-2, 3-6, 4-6, 7-6, 6-8 से हार का सामना करना पड़ा।

सऊदी अरब: कातिफ और मदीना में बम धमाके, 2 की मौत

ब्यूरो,

पिछले कुछ दिनों से आए दिन कहीं न कहीं आतंकवादी हमले का मामला सामने आ रहा है। इसी बीच सोमवार शाम सऊदी अरब के दो शहर कातिफ और मदीना में भी बम धमाके हुए हैं। मस्जिद के पास एक हमलावर ने खुद को बम से उड़ा लिया। मिली जानकारी के अनुसार, इस धमाके की वजह से दो लोगों की मौत भी हुई है।

सऊदी अरब के ही कातिफ में एक मॉल के पास भी ज़ोरदार धमाका हुआ है, खबर है कि इस धमाके की वजह से चार सुरक्षाकर्मियों की मौत भी हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, मदीना के पैगम्बर मस्जिद के पास एक कार में तेज़ धमाका हुआ। प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ धमाका इतना ज़ोरदार था कि आस पास के मौजूद लोगों के चीथड़े उड़ गए।

हालाँकि इस धमाके को लेकर सोशल मीडिया पर यह भी खबर वायरल हो रही है कि मस्जिद के पास बम नहीं सिलिंडर ब्लास्ट हुआ, जिसकी वजह से मस्जिद के इलाके में धुंआ दिखाई दिया। खबर यह भी है कि मस्जिद वाले इलाके में आत्मघाती हमला हुआ है और हमला शाम की नमाज़ के वक़्त हुआ, जब इलाके में भारी भीड़ होती है। इस हमले के बाद स्थानीय प्रशासन और भी मुस्तैद हो गई है।

फ़िल्म और राजनीति के सितारे होंगे आमने-सामने, दिल्ली में होगा फुटबॉल मैच

प्रमुख संवाददाता,

बॉलीवुड सितारों और संसद सदस्यों के बीच 24 जुलाई को दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में फुटबॉल मैच खेला जाएगा। इस मैच के ब्रांड एंबेसडर योग गुरू बाबा रामदेव होंगे। भारत सरकार के ‘स्वच्छ भारत’ मिशन और ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के समर्थन तथा साथ ही दुनिया भर में उभरती प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह मैच सांसदों और फिल्मी सितारों के बीच खेला जाएगा।

जारी की गई विज्ञप्ति के अनुसार सांसदों की टीम का नेतृत्व बाबुल सुप्रियो करेंगे। मनोज तिवारी सांसद  टीम के सदस्य होंगे, हालांकि वे फिल्मी दुनिया से भी जुड़े हैं। बॉलीवुड के सितारे ऑल स्टार्स फुटबॉल क्लब की तरफ से यह मैच खेलेंगे। उनकी टीम में रणबीर कपूर, अर्जुन कपूर, आदित्य राय कपूर, डिनो मोरिया जैसे सितारे शामिल होंगे।

कार्यक्रम में हॉलीवुड के कुछ अभिनेताओं के भी भाग लेने की संभावना है। इस मैच का आयोजन आधुनिक आर्ट गैलरी ने किया है जिसके लिये योग गुरू बाबा रामदेव ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।

समलैंगिक स्टोन किलर हुआ गिरफ़्तार, सम्बन्ध बनाकर पत्थर से कुचल देता था

ब्यूरो,

पूरे गुजरात में आतंक मचानेवाला स्टोन किलर अंततः गिरफ्तार कर लिया गया है। राजकोट क्राइम ब्रांच की टीम ने जामनगर से स्टोन किलर को अरेस्ट किया है। स्टोन किलर की पहचान हितेश दलपत रामावत के रूप में हुई है। आरोपी समलैंगिक है। पुलिस ने इसे पकड़ने के लिए खुद गे बनकर सर्च ऑपरेशन चलाया। उसने राजकोट में पत्थर मारकर तीन लोगों की हत्या की थी।

पुलिस के अनुसार, हितेश (स्टोन किलर) समलैंगिक संबंध बनाने के बाद बुरी तरह से पत्थर मारकर व्यक्तियों की हत्या कर देता था। हितेश ने अब तक की गई तीन ऐसी हत्याओं की बात कबूली है, जिसमें  पहला शिकार सागर मेवाड़ा था। उसने राजकोट में 20 अप्रैल को मेवाड़ा, 25 मई को प्रवीण भाई बारड और 2 जून को प्रवीण भाई रंगाणी का मर्डर किया था। उसके पास से 22 मोबाइल फोन और 3 हजार रुपए भी बरामद हुए हैं, जो मृतकों से लूटे गए बताए जाते हैं। पुलिस उसे राजकोट लेकर आई है।

राजकोट के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार स्टोन किलर हितेश का 16 वर्ष की उम्र में शारीरिक शोषण हुआ था। इसके बाद उसकी मानसिक हालत खराब हो गई। हितेश को वर्ष 2011 में उसके भाई ने घर से निकाल दिया था। हितेश घर से निकलने के बाद गे गैंग के साथ जुड़ गया था और उनके साथ पैसे मांगता था।

क्राइम पेट्रोल और सावधान इंडिया से मिलता था आईडिया-

गहलोत ने बताया कि हितेश को क्राइम पेट्रोल और सावधान इंडिया सीरियल देखने का बहुत शौक था। वह हत्या करने से पहले व्यक्ति को सुनशान जगह पर ले जाता था। फिर उसके साथ समलैंगिक संबंध बनाता था। इसके बाद मौका पाते ही पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर देता था। व्यक्ति को तड़पता देख उसे बहुत खुशी मिलती थी। जब तक वह नहीं मर जाता तब वह नहीं जाता था। इसके बाद मृतक के जेब से पैसे निकाल लेता था। मृतक के फोन से ही उसके परिजनों को हत्या करने की जानकारी देता था। मर्डर करने के बाद वह जामनगर चला जाता था। वह मंगलवार को शुभ मानता था, इसके लिए आनेवाले मंगलवार के दिन वह चौथी हत्या करने वाला था।

गहलोत ने बताया कि हितेश को पकड़ने के लिए 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम तैयार की गई थी। पुलिस ने इसे अरेस्ट करने के लिए गे और भिखारी बनकर सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान अहमदाबाद के एक इंस्पेक्टर पीयूष पिरोजिया को हितेश पर शक हुआ। पिरोजिया खुद भी गे बनकर इसकी तलाश में जुटे थे।

हितेश पर पुलिस ने दो लाख रुपए का इनाम रखा था। उसके बारे में पुलिस को जानकारी उसके चचेरे भाई ने दी थी। यह भी चर्चा है कि हितेश अपने तीन गे साथियों के साथ रिक्शे पर बैठकर शिकार ढ़ूंढता था।
पुलिस अब उसके तीन साथियों की तलाश में जुटी है।

जेल में भी गर्लफ्रेंड के साथ ऐश कर रहा मुम्बई बम धमाके का आरोपी सलेम

प्रमुख संवाददाता,

1993 मुंबई बम धमाकों का आरोपी डॉन अबु सलेम जेल में भी ऐशो आराम फरमा रहा है। एक अंग्रेजी अखबार (मिड डे) ने सलेम की कुछ ऐसी तस्वीरों को प्रकाशित किया है, जिससे साफ़ पता चलता है कि सलेम जेल में बंद होने के बावजूद ऐशो-आराम से जिंदगी जी रहा है। इन तस्वीरों में वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ नजर आ रहा है। उसकी तस्वीरों ने जेल प्रशासन को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।

आपको बता दें कि अबु सलेम इस वक्त नवी मुंबई के तलोजा जेल में बिल्डर प्रदीप जैन की हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहा है। अलग-अलग मामलों में पेशी के लिए जब उससे लखनऊ और दिल्ली ले जाया जाता था तो वो अपनी गर्लफ्रेंड सय्यद बहार कौसर से मिलता था। ये मुलाकातें पुलिस की मौजूदगी में ट्रेन और कोर्ट के बाहर किसी रेस्टोरेंट में कराई जाती थीं। मिड डे के मुताबिक, ये तस्वीरें साल 2012 और 2015 के बीच कई मौकों पर लीं गईं हैं।

उल्लेखनीय है कि सय्यद बहार वही महिला है, जिसने पिछले साल टाडा कोर्ट में अर्जी देकर सलेम संग शादी करने का प्रस्ताव रखा था। इतना ही नहीं, ऐसा न करवाने पर उसने आत्महत्या करने की बात तक कही थी। अपनी इस अर्जी में सैयद बहार ने कहा था कि 2014 में उसके और सलेम के ट्रेन में निकाह की।

खबरों से उसका जीवन पूरी तरह तबाह हो गया है।इसलिए अब उसके पास अबु सलेम से सामाजिक तौर पर शादी करने के अलावा कोई चारा नहीं है। उसने धमकी भी दी थी कि अगर उसे शादी की इजाजत नहीं दी गई तो वह खुदकुशी कर लेगी।