28.1 C
Mumbai
Wednesday, August 5, 2026
Home Blog Page 1195

रणवीर पर भड़के सलमान, कहा- ‘मन किया सिर पर कुर्सी मार दूँ’

एंटरटेनमेंट डेस्क,

सलमान खान के दिए पिछले विवादित बयान का मामला अभी सुलझा नहीं, तब तक सल्लू मियां की ज़बान एक बार फिर फिसल गई है। इस बार सलमान अभिनेता रनवीर सिंह पर भड़क गए और कह दिया कि जी में आया रणवीर के सर पर कुर्सी मार दूं।

दरअसल जब पेरिस में सलमान की हालिया रिलीज फिल्म ‘सुल्तान’ की स्क्रीनिंग चल रही थी, उसी दौरान रणवीर ने स्टेज पर जाकर स्टंट करना शुरू कर दिया। रणवीर सिंह का यही वीडियो सामने आया है, जिसपर सलमान ख़फ़ा हो गए।

सलमान खान से जब पूछा गया कि उन्होंने रणवीर सिंह का वो वीडियो देखा है? तो सलमान ने जवाब दिया,” मेरा मन किया की रणवीर के सिर पर कुर्सी मार दूं। फिल्म देखो, स्टंट मत करो।” सलमान ने कहा,”वहां लोग ‘सुल्तान’ नहीं देख रहे, रणवीर लोगों को खुद को देखने पर मजबूर कर रहे हैं। इसके लिए हमें उनसे चार्ज करना चाहिए।”

आपको बता दें कि जो वीडियो सामने आया है, उसमें फिल्म ‘सुल्तान’ की स्क्रीनिंग चल रही है और रणवीर स्टेज पर जाकर, स्क्रीन के बिल्कुल सामने फिल्म के गाने ‘बेबी को बेस पसंद है’ पर डांस कर रहे हैं।

भारतीय बॉक्सर विजेंद्र ने रचा इतिहास, काँटेदार मुकाबले में कैरी होप को हराया

अनुज हनुमत,

कल शनिवार रात ऑस्ट्रेलिया के कैरी होप को 10 राउंड के बेहद जबर्दस्त और कांटेदार मुकाबले में भारतीय मुक्केबाज विजेंदर ने उस समय अपने पेशेवर करियर की बुलंदियों को छू लिया, जब उन्होंने डब्ल्यूबीसी यूरोपीय चैंपियन केरी होप को एक मुकाबले में परास्त कर डब्ल्यूबीओ एशिया पैसिफिक सुपर मिडलवेट का खिताब जीता।

इस 30 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने वेल्श में जन्मे ऑस्ट्रेलिया के 34 वर्षीय खिलाड़ी को दस राउंड में परास्त किया और लगातार सातवीं जीत दर्ज की। जीत के बाद प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट करते हुए विजेंदर को जीत की बधाई दी। बता दें कि शनिवार का मुकाबला विजेन्द्र का सबसे लंबा मुकाबला भी था। हालांकि हरियाणा के छह फुट लंबे खिलाड़ी ने 98-92, 98-92, 100-90 अंकों से अपने प्रतिद्वंद्वी को मात दी। इसके बाद विजेंदर ने अपनी जीत महान मुक्केबाज मोहम्मद अली को समर्पित कर दिया।

अपनी जीत के बाद विजेन्द्र ने कहा कि, ‘यह मेरे बारे में नहीं है, यह मेरे देश के बारे में है।’ कल विजेन्द्र का मुकाबला देखने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा महिला बॉक्सर एम सी मैरीकॉम, कुश्ती के खिलाड़ी योगेश्वर दत्त, क्रिकेटर वीरेन्द्र सहवाग, युवराज सिंह, सुरेश रैना और अभिनेता रणदीप हुड्डा सहित कई हस्तियां मौजूद थे। दरअसल इसमें भी कोई शक नहीं है कि इस जीत से विजेंन्द्र के कैरियर को एक नई उड़ान मिलेगी।

बनना चाहती थी आईपीएस, पंखे से झूलकर कर ली आत्महत्या

ब्यूरो,

चंडीगढ़ जिले के एक गाँव की युवती ने गाँव के ही कुछ लोगों से तंग आकर आत्महत्या कर ली। 24 वर्षीया अनुराधा ठाकुर एम ए पास थी और आईपीएस अधिकारी बनना चाहती थी। मृतका ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मनोव्यथा बताई है।

उक्त सुसाइड नोट और मृतका के पिता के बयान के आधार पर ही पुलिस ने गाँव के पाँच लोगों के ख़िलाफ़ आपराधिक मामला दर्ज़ किया है। इन पांच जनों में दो महिलाओं के शामिल होने की पुष्टि हुई है। अपने सुसाइड नोट में लड़की ने लिखा है कि जबतक उसके गुनहगार गिरफ्तार नहीं किये जाते, उसका अंतिम संस्कार न किया जाए।

पिंजौर स्थित थाना इंचार्ज दीपक कुमार के अनुसार, आज तकरीबन 12 बजे उन्हें गवाही गाँव में एक लड़की के ख़ुदकुशी करने की सूचना प्राप्त हुई, जिसने पंखे में रस्सी के सहारे झूल कर मौत को गले लगा लिया है। फौरन फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस बल मौका-ए-वारदात पर पहुँच गया। मृतका के पिता लक्ष्मण सिंह, माता सीता, और भाई पम्मी ने पुलिस को मृतका के पास से 4 पेजों का एक सुसाइड नोट मिलने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि आज सुबह वो सब किसी काम से बाहर गए थे। लौटने पर दरवाजे को अंदर से बंद पाया, खिड़की से देखा तो इनकी बेटी पंखें में रस्सी से लटकी हुई थी।

बीजेपी और संघ के लोग फैला रहे हैं साम्प्रदायिकता -योगेन्द्र यादव

प्रमुख संवाददाता,

वाराणसी में स्वराज अभियान संगठन की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘अमन सम्मलेन’ कार्यक्रम में प्रशांत भूषण और योगेन्द्र यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ पर जमकर निशाना साधा। उत्तर प्रदेश में 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर यह दो दिवसीय ‘अमन सम्मलेन’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वराज अभियान के राष्ट्रीय नेता प्रशांत भूषण और योगेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

प्रशांत भूषण ने संघ पर आरोप लगाया कि संघ परिवार पिछले दो सालों से देश में सांप्रदायिक जहर फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं,वहां वहां बीजेपी और संघ के लोग सांप्रदायिकता फ़ैलाने की कोशिश कर रहे हैं। यह मानवाधिकार का वायलेंस है।

एक ओर प्रशांत भूषण ने कश्मीर में सेना द्वारा आतंकी बुरहान बानी के मौत पर कहा कि अभी यह साफ नहीं हुआ कि यह फेक एनकाउंटर था या नहीं। इसकी जाँच होनी चाहिए। दूसरी ओर बुरहान के आतंकी बनने का स्पष्टीकरण देते हुए प्रशांत भूषण ने कहा कि बुरहान ऐसे ही आतंकी नहीं बना। पंद्रह साल की उम्र में जब उसके भाई को उसी के सामने सेना द्वारा बेवजह पीटा गया, जिसके बाद वह आतंकी बना।

दादरी कांड में अखलाख के पिता पर केस दर्ज होने को गलत ठहराते हुए प्रशांत भूषण ने कहा कि गाय का मांस खाना उत्तर प्रदेश में अपराध नहीं है। किसी के बयान पर कोई कोर्ट आदेश दे दे तो वह जायज नहीं है। इस पर कोई एफआईआर नहीं हो सकती है। कश्मीर में सेना द्वारा की गई कार्रवाई में इस्तेमाल किए गए पैलेट्स के प्रश्न पर योगेन्द्र यादव ने कहा कि सरकार द्वारा भेजे गए डॉक्टर ही कह रहे हैं कि यह बहुत ही घातक चीज़ है। अपने ही नागरिकों के खिलाफ़ एसे हथियारों का प्रयोग हमारी पूरी राज्य व्यवस्था की विफलता का प्रतीक है।

कश्मीर में इंटरनल सिक्योरटी के लिए सेना लगाए जाने को दुखद बताते हुए योगेन्द्र यादव ने कहा कि देश में यदि आर्मी को इंटरनल सिक्योरटी के लिए भेजना पड़ता है, यह उस देश कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की विफलता की निशानी है। योगेन्द्र यादव ने हार्दिक पटेल के प्रश्न पर कहा कि जातिगत आरक्षण के नाम पर जातीय भावनाओं को भड़काकर राजनीतिक रोटी सेकने का काम चल रहा है। हार्दिक पटेल जिस तरह की राजनीति करते हैं, वह देश के लिए बेहद खतरनाक है।

अमेरिका ने एक बार फिर पाकिस्तान को लताड़ा, पढ़िए क्या कहा अमेरिका ने

संवाददाता,

पाकिस्तान बार-बार कश्मीर को लेकर वही पुराना राग अलाप रहा है। पूरी दुनिया को पता है मौजूदा समय में जो हालात कश्मीर घाटी के हैं, उसके लिए सिर्फ और सिर्फ पाकिस्तान जिम्मेदार है। आज अमेरीका ने एक बार फिर कश्मीर को लेकर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है।

पिछले दिनों पाकिस्तान ने कश्मीर में मारे गए हिज्बुल मुजाहिदीन कमांडर बुरहान वानी को ‘शहीद’ बताते हुए 19 जुलाई को ‘काला दिन’ मनाने की घोषणा की थी। जिसके एक दिन बाद अमरीका ने कश्मीर में उकसाने वाले बयानों और हिंसा में कमी लाने का आह्वान किया है। आज अमरीका के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता एलिजाबेथ ट्रुडो ने एक सम्मेलन में कहा, यह एक ऐसी स्थिति है, जहां सभी पक्षों को उकसाने वाले बयान और हिंसा में कमी लाने की आवश्यकता है, जिसमें वे आपस में बातचीत कर सकें। उन्होंने कहा अमेरिका इस स्थिति पर बेहद चिंतित हैं।

दरअसल सही मायने में अमरीका का ये बयान नफरत की आग फैला रहे पाकिस्तान के लिए किसी तमाचे से कम नहीं है। आपको बता दें कि एलिजाबेथ ट्रूडो ने ये बातें कश्मीर के कोकरनाग में 8 जुलाई को भारतीय सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में बुरहान के मारे जाने के समर्थन में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के 19 जुलाई को ‘काला दिन’ को लेकर कही।

ब्राह्मण समाज की आँखों में धूल झोंक रही है कांग्रेस -मायावती

bsp

शिखा पाण्डेय,

बहुजन समाजवादी पार्टी अध्यक्ष मायावती ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि कांग्रेस सर्वसमाज के साथ-साथ प्रदेश के ब्राहमण समाज की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रही है। पूर्व सांसद राज बब्बर को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किये जाने को मायावती ने कांग्रेस द्वारा अंधेरे में चलाया गया तीर बताया है।

मायावती ने कहा कि इस प्रकार की नियुक्तियों से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कोई फायदा नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा, “विभिन्न पार्टियों में चक्कर लगाकर कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वाले राज बब्बर को प्रदेश कांग्रेस समिति का अध्यक्ष बनाना वास्तव में प्रदेश में कांग्रेस की खस्ताहाल और दिवालियेपन का सबूत है।”

कांग्रेस की ओर से शीला के सीएम उम्मीदवार बनने पर मायावती बोलीं कि शीला को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना वास्तव में नाराज चल रहे ब्राहमण समाज की आंखों में धूल झोंकने जैसा है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आना तो दूर उसके करीब भी नहीं दिख रही है।

शीला पर हमला करते हुए बीएसपी प्रमुख ने कहा,” यह वही शीला दीक्षित हैं, जिन्होंने दिल्ली के विकास के नाम पर खासकर दलितों, पिछड़ों, ग़रीबों आदि के हित और कल्याण हेतु बजट के धन को सही जगह खर्च नहीं करके उसे अन्य ग़ैर-जरूरी काम पर खर्च किया। साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार के कई मामले भी इनके ऊपर लम्बित हैं। दिल्ली के भ्रष्टाचार-निरोधक ब्यूरो ने शीला को हाल ही में दिल्ली जल बोर्ड के टैंकर खरीद घोटाले मामले में समन भी जारी किया है। ऐसा नेता उत्तरप्रदेश का क्या भला करेगा?”

मायावती ने कांग्रेस, बीजेपी और सपा पर ब्राहमणों की लगातार उपेक्षा करने का आरोप लगते हुए ब्राह्मण वर्ग को अपनी पार्टी की ओर आकर्षित करने का बढ़िया दांव खेला। मायावती ने कहा कि जब प्रदेश का ब्राहमण समाज आदर-सम्मान के लिये दूसरी पार्टियों से कहीं ज़्यादा बीएसपी नेतृत्व पर भरोसा करता है, ऐसे समय में कांग्रेस द्वारा शीला दीक्षित को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करके आगे करना इस समाज की आंखों में धूल झोंकने के सिवाय और कुछ नहीं है।

मुश्किल में माल्या, जारी हुआ गैर-जमानती वारंट

अनुज हनुमत,

रॉयल लाइफ और चमकदार जिंदगी जीने वाले उद्योगपति विजय माल्या की मुश्किलें खत्म होने का नाम ही नही ले रहीं। आज उपनगर अंधेरी की मेट्रोपोलिटन अदालत ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से दर्ज चेक बाउंस के मामले में माल्या के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है। 7 मई को मजिस्ट्रेट ए एस लावलकर ने माल्या को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया था। लेकिन अदालत में पेश ही नहीं हुए, जिसके चलते आज उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया।

दरअसल , अदालत एएआई द्वारा किंगफिशर एयरलाइन के खिलाफ दर्ज कुल 100 करोड़ र. के दो चेक बाउंस होने के मामले की सुनवाई कर रही थी और एएआई ने दो मामले दर्ज करवाए हैं जिसमें अदालत से माल्या को व्यक्तिगत तौर पर पेश होने की जो स्थायी छूट मिली है उसे रद्द करने की मांग की गई है।

बैंकों से लिए कर्ज के 9,000 करोड रुपये चुकाने में एयरलाइन के नाकाम रहने की खबर जब फैली, तभी माल्या ने देश छोड़ दिया। एएआई ने माल्या के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने की भी मांग की है। इससे पहले एएआई की तरफ से अदालत में पेश वकील ने कहा था कि माल्या का पासपोर्ट रद्द होने को देखते हुए लगता नहीं है कि अदालत के आदेश के बावजूद उनका वकील अपने मुवक्किल को अदालत में पेश कर पाएगा।

विजय माल्या अभी तो देश से बाहर हैं और शायद वापस देश लौटने का उनका कोई विचार नहीं है। लेकिन शायद उन्हें भारतीय कानून का ज़रा भी अंदाजा नहीं है, तभी वह आज की सुनवाई के दौरान उपस्थित नहीं हुए। देखना होगा कि अब सरकार क्या ठोस कदम उठाती है।

तुर्की: तख्ता पलट की साजिश विफल होने बाद भी स्थिति ख़राब, 196 लोगो की मौत, 1154 घायल

अभिजीत मिश्र/अनुज हनुमत ,

तुर्की में सैन्य तख्ता पलट करने की बड़ी साजिश को तो तुर्की पुलिस ने नाकाम कर दिया लेकिन अभी भी पूरे देश में कर्फ्यू की स्थिति बनी हुई है। अब तक इस पूरे संघर्ष के दौरान 196 लोगों की मौत हो गई है और करीब 1154 घायल हुए है। जानकारी के मुताबिक़,  3000 लोगों को तुर्की सरकार ने गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि शुक्रवार देर रात को तुर्की के विद्रोही  सैनिकों के एक गुट ने तुर्की की राजधानी अंकारा के  संसद के पास टैंक से गोले छोड़े और गोली बारी शुरू कर दी। इसी वक़्त इस्तानबुल के एयरपोर्ट में भी गोली बारी की आवाजें सुनाई देने लगी।

विद्रोही सैनिकों ने कहा कि हम तख्ता पलट करने में सफल हुए है और देश में मार्शल लॉ लागू कर दिया गया है। मगर सरकार ने इस बात को नकारते हुए कहा, ये तख्ता पलट करने की कोशिश नहीं थी और न ही सरकार सत्ता से हट गई है। तुर्की का मुख्यालय सरकारी सेनिकों के नियंत्रण में है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस विद्रोह का नेतृत्व कौन कर रहा था।

तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगान के कहा है कि ऐसी हरकतें करने वालों की सरकार निंदा करती है। मुझे देश के 52 प्रतिशत लोगों ने चुना है। जैसा वो चाहेंगे वैसा ही होगा। जब तक सारा देश उनके खिलाफ खड़ा है, तब तक हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

विद्रोही सेनिको ने टैंक, हेलीकॉप्टर और विस्फोटक हथियारों को कब्जे में कर लिया था और चारों तरफ बस हमला किए जा रहे थे। गोलीबारी में अब तक करीब 90 आम नागरिक और 17 पुलिस कर्मचारियों की मौत हुई है। सारे देश में कर्फ्यू लगा दिया गया है और तख्ता पलट करने की कोशिश कर रहे 700 लोगों को गिरफ्तार किया है।

लोगो ने इस तख्ता पलट को रोकने के लिए राष्ट्रपति के कहने पर सड़क पर आकर विरोध किया। विद्रोही सेना के कमांडर को गिरफ्तार कर लिया है और सभी विद्रोही सैनिकों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। सरकार का कहना है कि धीरे धीरे स्थिति सामान्य हो जायेगी, लेकिन अभी कुछ दिन का समय तो लगेगा ही।

आज शाम होगा बॉक्सिंग का महामुकाबला, खिताब जीतने रिंग में उतरेंगे विजेंन्दर

अनुज हनुमत,

ओलम्पिक पदक विजेता भारत के बॉक्सिंग सुपरस्टार विजेंदर सिंह आज शाम डब्ल्यूबीओ एशिया पैसिफिक सुपर मिडिलवेट खिताबी भिड़ंत के लिये वेल्श में जन्में ऑस्ट्रेलियाई केरी होप के खिलाफ रिंग में उतरेंगे। जो उनसे काफी अनुभवी और पेशेवर हैं।  ये मैच महज एक मैच नही बल्कि खिताबी जंग है, जिसके लिए दोनों ही मुक्केबाज कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

एक तरफ दिल्ली के इस खुशनुमा मौसम में झमाझम बारिश हो रही है, तो वहीं दूसरी तरफ विजेंदर सिंह रिंग में उतरने को बेताब हैं। उन्होंने सुबह ट्वीट कर कहा, “दिल्ली में बारिश हो रही है, आज शाम रिंग में मुक्कों की बारिश करने की पूरी कोशिश करूंगा बस आप आ जाना।”

जब से विजेंदर पेशेवर मुक्केबाजी की रिंग में उतरे हैं,  तब से उन्होंने अपनी सारी छह प्रो बाउट जीती हैं। वह अपने अभी तक के सबसे अनुभवी और बेहतरीन प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ आज शाम को भिड़ेंगे। होप पूर्व डब्ल्यूबीसी यूरोपीय चैम्पियन हैं, जिन्होंने अब तक कुल 30 में से 23 जीत जीती है। विजेंदर ने अधिकारिक वजन कराने के बाद कहा कि मैं मुकाबले का इंतजार नहीं कर सकता। मैं छह साल बाद दिल्ली में रिंग में उतर रहा हूं, पिछली बार कॉमनवेल्थ गेम के दौरान ही ऐसा हुआ था। मैं काफी रोमांचित हूं।

इससे जल्द ही विजेंदर के लिये विश्व खिताबी बाउट का रास्ता बनेगा। यह बाउट त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की जायेगी, जिसकी क्षमता करीब 6000 दर्शकों की है और विजेंदर ने की महान हस्तियों जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया हुआ है। फ्रीइस्टाइल बॉक्सिंग का क्रेज भी भारत में दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है। निश्चित ही आज का मुकाबला जबरदस्त होने वाला है। स्थानीय सपोर्ट होने के कारण विजेंदर का पलड़ा भारी होने की संभावना है।

मॉडल बलोच की हत्या ऑनर किलिंग का मामला, 3 सप्ताह पहले ही गृह मंत्री से मांगी थी सुरक्षा

ब्यूरो,

पाकिस्तानी सेलिब्रिटी कंदील बलोच की उसके भाई द्वारा झूठी शान की खातिर हत्या करने की बात सामने आई है। कल रात उसकी हत्या के बाद से ही उसका भाई वसीम फरार है। जिला पुलिस प्रमुख अजहर अकरम ने बताया, “26 वर्षीय अभिनेत्री और मॉडल की हत्या गला घोंट कर की गई है। यह ऑनर किलिंग का मामला लगता है। हम इसकी जांच कर रहे हैं।”

पुलिस ने बताया कि कंदील को अपने ही परिवार से मॉडलिंग छोड़ने और सोशल मीडिया से हटने की धमकी मिली थी। उसका भाई उसके फेसबुक पोस्ट और वीडियो को लेकर उसे धमकी दे रहा था।

पाकिस्तानी अख़बार डॉन की खबर के अनुसार, तीन सप्ताह पहले कंदील ने गृह मंत्री, फेडरल इन्वेस्टिगेशन अथॉरिटी (एफआईए) के महानिदेशक और इस्लामाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की थी। अखबार के अनुसार उन्होंने कहा था कि उनका जीवन खतरे में है, उन्हें उनके मोबाइल पर फोन कर धमकी दी जा रही है। वे अपने घर में सुरक्षित नहीं हैं।

गौरतलब है कि कंदील का असली नाम फौजिया अजीम था लेकिन मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखने के बाद उसने अपना नाम कंदील बलोच रख लिया था। कंदील अपने बोल्ड अंदाज और विवादित बयानों के कारण अक्सर मीडिया में छाई रहती थी, जो कि उसके परिवार को गंवारा नहीं था।