28.5 C
Mumbai
Friday, August 7, 2026
Home Blog Page 1149

जिस ‘पार्टी’ को डूबता जहाज़ कहा, उसी पर सपरिवार सवार हुए आज़म खान

अमित द्विवेदी,

यूपी के लोगों ने अब तक मुलायम सिंह यादव के पूरे परिवार को सत्ता में राज करते देखा है। अब सपा के मंत्री आजम खान ने भी अपना परिवार यूपी में लॉन्च कर दिया है। जिस समाजवादी पार्टी की तुलना आज़म खान डूबते जहाज से कर चुके हैं, अब उसी डूबते जहाज पर आजम खान का पूरा परिवार सवार हो चुका है।

आगामी यूपी चुनाव के गरमाए माहौल में आजम खान ने अपने बेटे अब्दुल्ला खान को राजनीति में लॉन्च करने का ऐलान किया है। जानकारी के अनुसार अब्‍दुल्‍ला समाजवादी पार्टी के टिकट पर रामपुर जिले के स्वार विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। इस बात का ऐलान खुद कैबिनेट मंत्री ने रामपुर में एक कार्यक्रम में किया।

आजम खान की पत्नी डॉ. तरजीन फातिमा भी समाजवादी पार्टी में हैं और इस समय समाजवादी पार्टी की टिकट पर राज्यसभा की सांसद हैं। आजम खान खुद समाजवादी पार्टी के टिकट पर 8वीं बार विधायक बने हैं। वे अभी अखिलेश यादव की सरकार में मंत्री हैं।

आपको बता दें कि अब्दुल्ला आजम खान के छोटे बेटे हैं। अब्दुल्ला ने एमटेक की पढ़ाई की है लेकिन पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए राजनीति में उतरने जा रहे हैं। अब्दुल्ला समाजवादी पार्टी की साइकिल रैली की अगुवाई कर चुके हैं। उनके प्रचार प्रसार में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी जुटे हुए हैं। अब्‍दुल्‍ला क्षेत्र में जनसभाएं और जनता से मुलाकात भी कर रहे हैं।

बेटे को लॉन्च करने के मौके पर रैली के मंच पर आजम का नाम दिल्ली के कोठा किंग आफाक से क्या जुड़ा, आज़म अपना आपा खो बैठे। उन्होंने मीडिया को खूब सुनाया और सुनाते-सुनाते अपने बेटे की मौजूदगी में ही, बेख़ौफ़ हो कई अभद्र शब्दों का इस्तेमाल कर गए, हालांकि अपने ऊल जलूल बयानों के लिए मशहूर आज़म को हमेशा की तरह अपनी ग़लती का कोई अफ़सोस नहीं है।

नैतिकता के आधार पर केजरीवाल दें इस्तीफ़ा -शीला दीक्षित

शिखा पाण्डेय,

सेक्स स्कैंडल के उजागर होने के बाद संदीप कुमार को निलंबित करने के बावजूद आप पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। अब कांग्रेस नेता व दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है।

‘27 साल, यूपी बेहाल’ के नारे के तहत कांग्रेस की प्रचार अभियान टीम के हिस्से के तौर पर वाराणसी में शीला ने केजरीवाल पर देश को ‘शर्मसार’ करने का आरोप लगाया और कहा कि नैतिक आधार पर केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री होने के नाते इस्तीफा दे देना चाहिए।

दीक्षित ने आप नेता आशुतोष के उस बयान की भी आलोचना की जिसमें उन्होंने संदीप कुमार की तुलना, महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और अटल बिहारी वाजपेयी से की थी। दीक्षित ने कहा,” यह टिप्पणी हमारे राष्ट्रपिता का अपमान है।” उन्होंने केंद्र सरकार से आप नेता के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की।

गौरतलब है कि ‘आप’ के पूर्व मंत्री व निलंबित सदस्य संदीप कुमार की एक ‘आपत्तिजनक’ सीडी सामने आई, जिसमें कुमार को एक महिला के साथ आपत्तिजनक अवस्था में दिखाया गया है। अब सीडी में दिखी महिला भी सामने आ गई है और उसने बयान दिया है कि उसे बेहोश कर के यह सब किया गया है। उसके बाद से सभी अन्य पार्टियों ने आप के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग से पीएम मोदी ने की मुलाक़ात, कई अहम मुद्दे पर हुई बातचीत

Tashkent : Prime Minister Narendra Modi with Chinese President Xi Jinping during a meeting in Tashkent on Thursday on the sidelines of SCO Summit. PTI Photo (PTI6_23_2016_000094B)

ब्यूरो,

जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने चीन पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात की। भारत व चीन के संबंधों में आई कड़वाहट को ध्यान में रखते हुए मोदी और शी की मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। यह मुलाक़ात जी 20 के नेताओं की बैठक से इतर हुई।

मोदी और शी के बीच की यह बैठक आज सुबह हांगझोउ वेस्ट लेक स्टेट गेस्टहाउस में हुई। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक कई विवादित मुद्दों के सिलसिले में हुई। इन मुद्दों में पाकिस्तान के आतंकी संगठनों को संयुक्त राष्ट्र में सूचीबद्ध किए जाने, चीन द्वारा परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में भारत की सदस्यता रोकी जाने और 46 अरब डॉलर के चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे का मुद्दा शामिल है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, “हांगझोउ में पहली बैठक मेजबान के साथ हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात की।”

इन दोनों नेताओं की पिछली मुलाकात ताशकंद में जून में आयोजित हुए शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक के दौरान हुई थी। इनकी अगली बैठक अगले माह गोवा में आयोजित होनेवाले ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान होगी।

बैठक के बाद दोनों नेता जी 20 सम्मेलन से पहले ब्रिक्स के नेताओं की बैठक में शिरकत करेंगे। इस बैठक में जी 20 के लिए उनकी रणनीति तय की जाएगी।जी20 सम्मेलन का मूल विषय ‘‘विकास के लिए नीति समन्वय मजबूत करना और एक नया रास्ता तलाशना है।

इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट कर अपने चीन पहुंचने की जानकारी दी। ट्वीट के साथ प्रधानमंत्री की यहां के अधिकारियों के साथ हाथ मिलाते हुए तस्वीर भी पोस्ट की गई।

मोदी हनोई में अपनी दो दिवसीय यात्रा पूरी करके कल रात को हांगझोउ पहुंचे थे। वह अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष मैलकॉम टर्नबुल और सउदी अरब के शहजादे मोहम्मद बिन सलमान के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

दिवंगत समाज सेविका मदर टेरेसा को आज मिलेगी संत की उपाधि

शिखा पाण्डेय,

आज वेटिकन सिटी में एक समारोह के दौरान रोमन कैथोलिक चर्च के पोप फ्रांसिस मदर टेरेसा को संत की उपाधि देंगे। इस मौके पर दुनियाभर से आये मदर के एक लाख अनुयायी भी मौजूद होंगे।

नोबेल पुरस्कार विजेता दिवंगत मदर टेरेसा की लोकप्रियता के कारण रोम में होने वाले इस समारोह का दुनियाभर में विशेष महत्व होगा। मिशनरी ऑफ चेरिटी की सुपीरियर जनरल सिस्टर मेरी प्रेमा के नेतृत्व में देश के विभिन्न हिस्सों से आई 40 से 50 ननों का समूह भी इस समारोह में मौजूद होगा।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के नेतृत्व में केंद्र सरकार का एक 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, दिल्ली से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में तथा पं. बंगाल से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य स्तरीय दल भी इस कार्यक्रम में शरीक होंगे।

कोलकाता के आर्चबिशप थॉमस डिसूजा के अलावा भारत भर से 45 बिशप इस समारोह के लिए वेटिकन में हैं। पोप फ्रांसिस ने मदर टेरेसा को संत का दर्जा देने की घोषणा मार्च में की थी। संत का दर्जा पाने के लिए दो चमत्कारों को मान्यता मिलना जरूरी होता है।

आपको बता दें कि कैथोलिक चर्च की किसी भी शख्सियत को संत घोषित करने की एक आधिकारिक प्रक्रिया होती है जिसके तहत बड़े पैमाने पर ऐतिहासिक शोध, चमत्कारों की खोज और उसके सबूत का विशेषज्ञों के दल के द्वारा आकलन किया जाता है।

ऐसे चुने जाते हैं संत-

संत घोषित करने की प्रक्रिया की शुरुआत उस स्थान से होती है जहां वह रहे या जहां उनका निधन हुआ। मदर टेरेसा के मामले में यह जगह है कोलकाता है। फिर प्रॉस्ट्यूलेटर प्रमाण और दस्तावेज जुटाते हैं और संत के दर्जे की सिफारिश करते हुए वेटिकन कांग्रेगेशन तक पहुंचाते हैं। कांग्रेगेशन के विशेषज्ञों के सहमत होने पर इस मामले को पोप तक पहुंचाया जाता है। वे ही उम्मीदवार के ‘नायक जैसे गुणों’ के आधार पर फैसला लेते हैं।

अगर प्रॉस्ट्यूलेटर को लगता है कि उम्मीदवार की प्रार्थना पर कोई रोगी ठीक हुआ है और उसके भले चंगे होने के पीछे कोई चिकित्सीय कारण नहीं मिलता है तो यह मामला कांग्रेगेशन के पास संभावित चमत्कार के तौर पर पहुंचाया जाता है जिसे धन्य माने जाने की जरुरत होती है। संत घोषित किए जाने की प्रक्रिया का यह पहला पड़ाव है।

चिकित्सकों के पैनल, धर्मशास्त्रीयों, बिशप और चर्च के प्रमुख (कार्डिनल) को यह प्रमाणित करना होता है कि रोग का निदान अचानक, पूरी तरह से और दीर्घकालिक हुआ है और संत दर्जे के उम्मीदवार की प्रार्थना के कारण हुआ है। इससे सहमत होने पर कांग्रेगशन इस मामले को पोप तक पहुंचाता है और वे फैसला लेते हैं कि उम्मीदवार को संत घोषित किया जाना चाहिए  लेकिन संत घोषित किए जाने के लिए दूसरा चमत्कार भी जरुरी होता है।

संत घोषित करने की प्रक्रिया की आलोचना भी होती है क्योंकि इसे खर्चीला, गोपनीय माना जाता है। यह भी माना जाता है कि इसका दुरुपयोग हो सकता है तथा राजनीति, वित्तीय और आध्यात्म क्षेत्र के दबाव के चलते किसी एक उम्मीदवार को कम समय में संत का दर्जा मिल सकता है जबकि कोई और सदियों तक इसके इंतजार में रह जाता है।

आपको बता दें कि नोबेल पुरस्कार विजेता मदर टेरेसा का निधन 87 साल की उम्र में 1997 में हुआ था। उन्होंने 1950 में मिशनरीज़ ऑफ़ चैरिटी की स्थापना की थी।

28 सांसदों का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कल जाएगा कश्मीर

शिखा पाण्डेय,

क़रीब दो महीनों से जम्मू कश्मीर में जारी हिंसा के बीच 28 सांसदों का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कल कश्मीर जायेगा। उससे पूर्व आज दिल्ली में गृह मंत्री राजनाथ सिंह की अगुवाई में एक सर्वदलीय बैठक हुई। राजनाथ सिंह ने बैठक के बाद कहा कि सभी पक्षों से इस विषय में बातचीत होगी।

सरकार की ओर से इस बैठक में राजनाथ सिंह के अलावा अरुण जेटली, जितेंद्र सिंह, अनंत कुमार, रामविलास पासवान शामिल हुए। कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जुन खड़गे, ग़ुलाम नबी आज़ाद और अंबिका सोनी थीं। गुलाम नबी आजाद ने भी कहा कि हम सभी चाहते हैं कि हालात ठीक हो जाएं।

बैठक में लेफ़्ट की ओर से बातचीत में हुर्रियत कॉन्फ्रेंस को भी निमंत्रण भेजे जाने की मांग रखी गई। साथ ही जम्मू-कश्मीर में विश्वास पैदा करने वाले क़दमों की घोषणा करने की मांग की गई। उदाहरणार्थ, पैलेट गन को हटाकर मिर्ची बम लाए जाने की मांग रखी गई है। इसी विषय में आज सुबह कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आवास पर कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई।

इस सत्र के बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि कल से जब सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कश्मीर की यात्रा पर होगा तब सरकार को सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता करने के लिए हुर्रियत कॉफ्रेंस को आमंत्रित करना चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान विश्वास बहाली के उपायों की भी घोषणा करनी चाहिए।

सेक्स स्कैंडल: महिला की शिकायत के बाद संदीप ने किया सरेंडर,रेप केस दर्ज

अमित द्विवेदी,
सेक्स स्कैंडल में फंसे ‘आप’ से बर्खास्‍त मंत्री संदीप कुमार ने आत्मसमर्पण कर दिया है। संदीप कुमार ने महिला की शिकायत के बाद बाहरी दिल्ली के डीसीपी दफ्तर में सरेंडर किया जिसके बाद संदीप पर रेप का मामला दर्ज किया गया है।

संदीप कुमार के खिलाफ सुल्तानपुरी थाने में रेप का मामला दर्ज हुआ है। सीडी में संदीप के साथ दिखी महिला के आज सामने आने के बाद संदीप कुमार ने सरेंडर किया। महिला को मेडिकल जांच के लिये ले जाया गया है।

गौरतलब है कि सीडी में दिख रही महिला ने सुल्‍तानपुरी थाने में शिकायत दर्ज़ कराई कि उसे नशीला पेय पिलाया गया था और जो भी हुआ, वह उसकी मर्जी के बगैर हुआ। महिला का आरोप है कि ये सीडी संदीप कुमार के मंत्री बनने के बाद की है।

महिला का कहना है कि वो कुमार के पास राशन कार्ड बनवाने गई थी। उसी दौरान उसे कुमार ने कोल्‍ड ड्रिंक पिलाई। महिला ने दावा किया कि कोल्‍ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला था। महिला का कहना है क‍ि पेय पीने के बाद जो हुआ उसे नहीं पता।

अब महिला की शिकायत के बाद भाजपा प्रवक्‍ता संबित पात्रा ने सवाल उठाया है कि आखिर आप ने अपने नेता को बचाने की इतनी जल्‍दबाजी क्‍यों की? उन्‍होंने कहा कि महिला की राय जाने बगैर कहा गया कि ये संबंध आपसी सहमति से बने थे। इससे महिलाओं का अपमान हुआ है। पात्रा ने कहा कि आप ने अपने मंत्री को बचाने के लिए गांधी से लेकर नेहरू तक का नाम ले लिया। उन्‍होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को मामले को लेकर माफी मांगनी चाहिए।

आपको बता दें कि संदीप कुमार को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। उन्हें महिला एवं बाल विकास मंत्री पद से पहले ही बर्खास्त किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त केजरीवाल ने अब ट्वीट किया है कि अगर आरोप सही हैं तो मामला बेहद गंभीर है, संदीप को कड़ी से कड़ी सजा मिले।

संदीप कुमार सेक्स स्कैंडल: पीड़िता ने दर्ज कराई एफआईआर, संदीप की बढ़ी मुश्किल

अमित द्विवेदी,

आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक संदीप कुमार जिस महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में थे, उसी महिला ने संदीप के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। जानकारी के मुताबिक, महिला ने स्थानीय पुलिस थाने में पहुंचकर संदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

मिल रही जानकारी के मुताबिक़, महिला संदीप कुमार के संपर्क में राशन कार्ड के लिए आई थी। संदीप ने इस महिला से कहा कि राशन कार्ड बनवाने के लिए उसे पहले मुलाक़ात करनी होगी, उसके बाद ही राधान कार्ड की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। जब महिला संदीप से मिलने गई, तब संदीप ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दिया। कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ समय बाद वह बेहोश हो गई।

महिला के बयान के मुताबिक, यह सीडी संदीप के मंत्री बनने के बाद की है। गौरतलब है कि संदीप को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निलंबित किया जा चुका है।

इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यदि महिला के आरोप सही हैं, तो संदीप को कड़ी से कड़ी सज़ा दी जानी चाहिए। फिलहाल अरविन्द केजरीवाल एक कार्यक्रम में शरीक होने रोम गए हैं।

करोड़पति सांसद वेतन बढ़ाने की मांग करते हैं, तो शर्म आती है -वरुण गांधी

सौम्या केसरवानी,

बीजेपी सांसद वरुण गांधी एक बार फिर अपनी पार्टी पर बरसते नज़र आए। इस बार वरुण सांसदों की वेतन बढ़ोत्तरी की मांग पर भड़के दिखे। उन्होंने कहा कि जो करोड़पति सांसद थे, उन्होंने भी वेतन बढ़ाने की मांग की।

वरुण गांधी का कहना है कि जब सांसदों ने अपने वेतन बढ़ाने की मांग सदन में रखी, तब उन्हें शर्म आई। उन्होंने कहा कि किस तरह से करोड़पति सांसद भी अपना वेतन बढ़ाने के लिए कह रहे थे। उन्होंने कहा कि करोड़ों रूपए की संपत्ति वाला जनप्रतिनिधि सिर्फ अपने लाभ के बारे में कैसे सोच सकता है।

वरुण ने कहा कि कुछ सांसद अपवाद हो सकते हैं, जिनकी संपत्ति करोड़ों में नहीं है, लेकिन ज्यादातर सांसद पैसे वाले ही हैं। वरुण ने कहा कि जब उन्होंने देखा कि महंगी गाड़ियों में चलने वाले सांसद भी वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, तो उन्हें इतना बुरा लगा कि उन्होंने तत्काल लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार को लिख कर दिया कि उन्हें अपना वेतन नहीं बढ़ाना है।

इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि सांसदों की सैलरी बढ़ाने से बेहतर बेरोजगार लोगों को नौकरी दी जाए, तो ज्यादा अच्छा है जिससे देश आगे बढ़ सके। हमें नेताओं के विकास से ज़्यादा जनता के विकास पर फोकस करने की ज़रुरत है।

‘ट्यूबलाइट’ के लिए कुल्लू-मनाली पहुंचे सलमान खान

एंटरटेनमेंट डेस्क,

बॉलीवुड स्टार सलमान खान अपनी आगामी फिल्‍म ‘ट्यूबलाइट’ की शूटिंग के लिए कुल्‍लू-मनाली की हसीं वादियों में पहुंच गये हैं। सूत्रों के अनुसार सलमान यहाँ 50 दिन के शूटिंग शेड्यूल के लिए आते-जाते रहेंगे।

कबीर खान के निर्देशन में बन रही इस फिल्‍म की शूटिंग लेह-लद्दाख से शुरू हुई थी और अब शूटिंग कूल्‍लू-मनाली के हसीन वादियों में फिल्‍माई जायेगी। फिल्‍म में सलमान के अलावा चाइनीज अभिनेत्री झू झू भी नजर आयेंगी।

बताया जा रहा है कि इस फिल्‍म में सलमान का किरदार ऐसा है जो इससे पहले उन्‍होंने किसी भी फिल्‍म में नहीं निभाया है। इस फिल्‍म की शूटिंग के लिए सलमान कोठी, सोलंग, पलचान ओर रायसन के अलावा कई जगहों पर जायेंगे। खबरों की मानें तो सलमान अपनी बहन अर्पिता खान के ससुराल भी जा सकते हैं। आपको बता दें कि अर्पिता ने वर्ष 2014 में मंडी के आयुष शर्मा से शादी की थी।

फिल्‍म की कहानी नीलेश मिश्रा की है और इसे कबीर खान, सलमान खान और सुनील लुल्‍ला प्रोड्यूस कर रहे हैं। ‘ट्यूबलाइट’ की कहानी एक ऐसे युवक की है जो 1962 के भारत-चीन युद्धा के दौरान एक चाइनीज लड़की से प्‍यार कर बैठता है। दोनों की प्रेमकहानी कैसे आगे बढ़ती है, इसे ही फिल्‍म में दिखाया जायेगा।

अयोध्या के लोगों ने दी हिन्दू-मुस्लिम एकता की अनोखी मिसाल

सौम्या केसरवानी,
अयोध्या का सिर एक बार फिर से गर्व से ऊंचा हो गया है, जिसने गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत करने और दुनिया भर को प्रेम ,एकता और भाईचारे का सन्देश भी दे दिया है।

दरअसल हालात कुछ ऐसे पैदा हुए कि अयोध्या स्थित जर्जर हो चुके आलमगीर मस्जिद को मरम्मत करने और मरम्मत न होने की दशा में ध्वस्त करने की नोटिस नगर पालिका प्रशासन ने जारी की। मालिकाना हक ऐतिहासिक ‘हनुमान गढ़ी सागरिया पट्टी’ का होने के कारण नोटिस पट्टी के महंत ज्ञानदास को भेजी गई। अयोध्या के मुस्लिमों को इस नोटिस की भनक लग गई। इससे पहले कि मुस्लिमो में मस्जिद की अस्तित्व को लेकर चिंता गहराती, उससे पहले ही महंत ज्ञानदास का पैगाम उन तक पहुंच गया कि वह जिस तरह से चाहे मरम्मत करा लें, जैसे अबतक उपयोग कर रहे थे, वैसे उपयोग करें।

यही नहीं, उन्होंने मस्जिद से जुड़े लोगों को बुलाकर मरम्मत का काम भी शुरू करा दिया है। तभी तो अब मुस्लिम तबका शान से कह रहा है कि दुनिया को और दोनों धर्मो के कट्टरपंथियों को अयोध्या से सीख लेनी चाहिए। मुस्लिम नेता जुनेद कादरी ने कहा कि उन्होंने जो हिन्दू-मुस्लिम एकता का कदम बढ़ाया है, उसका मैं स्वागत करता हूं। सूफी संतो का भी यह मानना रहा है कि साधू-संत एक साथ प्रेम मुहब्बत से रहें, जिससे हमारा मुल्क उन्नति करे।

वहीं हनुमान गढ़ी के महंत ज्ञानदास इसे अयोध्या और हनुमान गढ़ी से जुड़ी पुरानी परंपरा बताते हैं।  वे कहते हैं,” कभी मुस्लिमों ने हमारे लिए किया था, आज हम उनके लिए कर रहे हैं। अभी जो पंच रामानंदी अखाड़ा हनुमान गढ़ी टीला है, वह पहले सहादत अली मंसूर अली का था। उन्होंने अपनी 6 बीघा जमीन हनुमान गढ़ी के सहयोग के लिए दी थी। इसका हक हमारे पास है। यदि हमने मरम्मत की बात कही तो इसमे कुछ भी बुरा नहीं है। यह संदेश पूरे भारत के लिए है कि सभी हिन्दू व मुस्लिम भाई-बहन एकता व चैन के साथ रहें।