28.7 C
Mumbai
Friday, August 7, 2026
Home Blog Page 1147

सेरेना ने तोड़ा फेडरर का सबसे ज़्यादा ग्रैंड स्लैम मैच जीतने का रिकॉर्ड!

शिखा पाण्डेय,

अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने कल अमेरिकी ओपन क्वार्टर फाइनल में यारोस्लावा श्वेदोवा को 6 – 2, 6 – 3 से मात दी और इसी के साथ उन्होंने सबसे ज़्यादा ग्रैंड स्लैम मैच जीतने का स्विस खिलाड़ी रोजर फेडरर (308 मैच) का रिकॉर्ड तोड़ डाला।

अपनी इस रिकॉर्ड जीत के बाद सेरेना विलियम्स ने कहा, “वाह!यह वास्तव में बहुत उत्साहित करने वाला क्षण है। यूएस ओपन वह जगह है, जहां मेरी कहानी शुरू हुई थी, सो, यहां की जीत हमेशा जादुई एहसास करवाती है। 308 सुनने में काफी प्रभावशाली लगता है।” आपको बता दें कि सेरेना विलियम्स ने अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब 16 वर्ष की उम्र में, वर्ष 1999 में फ्लशिंग मीडोज़ में हुआ यूएस ओपन के रूप में ही जीता था।

ऐसा लग रहा था कि रियो ओलिम्पिक 2016 के दौरान कंधे की जिस परेशानी से सेरेना जूझती दिख रही थीं, वह यूएस ओपन में भी उनके लिए दिक्कत पैदा कर सकती है, लेकिन सेरेना ने यहां अंतिम आठ के दौर तक पहुंचने में न सिर्फ कोई भी सेट नहीं गंवाया है, बल्कि अब तक उनकी एक भी सर्विस कोई भी नहीं तोड़ पाया है।

वैसे, कज़ाक खिलाड़ी यारोस्लावा श्वेदोवा के खिलाफ हुआ प्री-क्वार्टरफाइनल लगभग एकतरफा मुकाबला रहा, और इस जीत के साथ ही सेरेना विलियम्स ने यारोस्लावा के खिलाफ अपने अजेय रिकॉर्ड को 5-0 तक पहुंचा दिया।

केजरीवाल से खफा अन्ना, कहा- “क्या यही है ग्राम स्वराज?”

शिखा पाण्डेय,

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कुछ सहयोगियों के जेल जाने और कुछ के धोखाधड़ी में शामिल होने को लेकर दुखी हैं।

एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “मुझे बहुत पीड़ा हुई है। जब केजरीवाल मेरे साथ थे, उन्होंने ग्राम स्वराज पर एक किताब लिखी। क्या इसे ही हम ग्राम स्वराज कहेंगे?” उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि केजरीवाल देश की राजनीति में उदाहरण पेश करेंगे, लेकिन वह खत्म हो गई।

हजारे ने कहा'” मैंने केजरीवाल से पहले कहा था कि वह पार्टी लॉन्च कर देश में रैली करेंगे लेकिन वह अपने दल में शामिल होने वाले लोगों के चरित्र को कैसे परख पाएंगे। केजरीवाल के पास इसका जवाब नहीं था।”

हजारे ने कहा, “आज मैं यह महसूस कर सकता हूं। अरविंद के सहयोगी जो कुछ कर रहे हैं, उसे देखकर बहुत दुखी हूं।” हजारे ने यह टिप्पणी आप विधायक संदीप कुमार के दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद की है।

फिलीपींस के राष्ट्रपति ने ओबामा को दी माँ की गाली, ओबामा ने किया मिलने से इनकार

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने लाओस में होने जा रहे आसियान शिखर सम्मेलन में फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटर्टे से मिलने से इनकार कर दिया है। यह बैठक फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटर्टे द्वारा ओबामा को ‘मां की गाली’ दिये जाने के बाद रद्द की गयी है। व्हाइट हाऊस के अधिकारियों के मुताबिक़ अब राष्ट्रपति ओबामा दक्षिण कोरिया की राष्ट्रपति पार्क ग्वेन ही से मुलाक़ात करेंगे।

दोनों नेताओं के बीच मंगवार यानी की आज की बैठक प्रस्तावित थी। लेकिन शिखर सम्मेलन के लिए जाने से पहले पूछे गए एक सवाल के जवाब में डुटर्टे ने ओबामा को ‘मां की गाली’ देते हुए कहा था कि ओबामा जब उनसे लाओस में मिलें तो मानवाधिकार के मुद्दे पर लेक्चर न दें। ओबामा ने इसके संकेत देते हुए कहा था कि वे इस बात का आकलन कर रहे हैं कि क्या डुटर्टे के साथ कोई सकारात्मक बातचीत संभव है या नहीं।

डुटर्टे ने कहा,”फिलीपींस एक संप्रभु राष्ट्र है और उनकी मालिक केवल फिलीपींस की जनता है और कोई नहीं।” उन्होंने कहा,”आपको सम्मान करना होगा। केवल सवाल पूछने और बयान देने से काम नहीं होगा। अगर ‘वैश्यापुत्र’ ने ऐसा किया तो मैं मुंहतोड़ जवाब दूंगा।”

आपको बता दें कि डुटर्टे वही राष्‍ट्रपति हैं जिन्होंने विभिन्न अपराधों के लिए करीब 2400 लोगों को मौत की सजा दे दी है। इसके बाद से देश में मानवाधिकार उल्लंघन का मुद्दा उठ रहा है और तमाम देश इसकी आलोचना कर रहे हैं। अमरीकी राजनयिकों ने फ़िलीपींस में ड्रग तस्करों के ख़िलाफ़ चल रहे अभियानों को लेकर भी मानवाधिकारों से जुड़ी चिंताएं जाहिर की हैं।

‘शराब बंद’ बिहार में शराब सप्लाई करती है “गंगा दामोदर (मैख़ाना) एक्सप्रेस!”

ब्यूरो,

नितीश सरकार भले ही बिहार में पूर्ण शराबबंदी का दावा कर रही हो, लेकिन शराब व्यापारी अपनी कमाई का व शराबी अपने नशे का तोड़ कहीं न कहीं से तलाश ही ले रहे हैं। लोग पड़ोसी राज्य खासकर झारखंड से जम कर शराब ला रहे हैं और इसका सबसे बड़ा जरिया बन गई है गंगा-दोमादर एक्सप्रेस। इसीलिए आजकल लोगों ने उस ट्रेन का नाम बदलकर मयखाना एक्सप्रेस रख दिया है।

पिछले एक माह का आंकड़ा देखें तो पाते हैं कि झारखंड से आनेवाली ट्रेनों से जम कर शराब ढोयी जा रही है और सबसे अधिक गंगा-दामोदर एक्सप्रेस से शराब आ रही है। गंगा दामोदर एक्सप्रेस में रोजाना शराब के साथ एक-दो व्यक्ति गिरफ्तार भी हो रहे हैं। साथ ही लावारिस स्थिति में भी रोज़ शराब पकड़ी जा रही है।

एक माह में दस दिन गंगा-दामोदर से शराब जब्त हुई है। इसके अलावा पटना जंकशन व राजेंद्र नगर टर्मिनल पर आनेवाली गंगा-दामोदर, हटिया-पटना, कैपिटल, टाटा-दानापुर, धनबाद-पटना इंटरसिटी, भभुआ-पटना इंटरसिटी, टाटा सुपर फास्ट, इन ट्रेनों से भी आये दिन शराब पकड़ी जा रही है। सर्वाधिक शराब धनबाद से आ रही है।

पुलिस अधिकारी बताते हैं कि तस्कर शराब से भरे बैग को लावारिस रख देता है और खुद ट्रेन में दूसरी जगह बैठ जाता है। इस स्थिति में व्यक्ति पकड़ा नहीं जाता है। हालांकि ट्रेन में शराब नहीं पकड़ी गयी, तो तस्कर शराब लेकर जंकशन पर उतरता है, तो पकड़ा जाता है। ऐसे कई लोग पिछले दिनों पकड़े गये हैं।

हिंदी के विविध पहलुओं पर प्रकाश डालती पुस्तक ‘हिंदी का विश्व संदर्भ’ का लोकार्पण

नवप्रवाह डेस्क,

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव और मुंबई मनपा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को भाजपा द्वारा आयोजित ‘मुख्यमंत्री का उत्तर भारतीय समाज के साथ संवाद’ कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक कार्यक्रम के अन्तर्गत मुंबई विश्व विद्यालय के हिंदी विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. करुणाशंकर उपाध्याय के १६वें ग्रंथ ‘हिंदी का विश्व संदर्भ’ का लोकार्पण किया गया।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव और २०१७ में होने वाले मुंबई मनपा चुनाव के मद्देनजर इस कार्यक्रम का आयोजन मुंबई भाजपा की ओर से बाम्बे एक्जिबिशन सेन्टर, गोरेगांव, मुंबई में किया गया था । इस कार्यक्रम में ‘बाटी-चोखा’ का कार्यक्रम भी सम्मिलित किया गया था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तर भारतीयों से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का सीधे संवाद स्थापित करना था। इसी कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक कार्यक्रम के अन्तर्गत मुंबई विश्व विद्यालय के हिंदी विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ .करुणाशंकर उपाध्याय के 16वें ग्रंथ ‘हिंदी का विश्व संदर्भ’ का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फणनवीस के साथ ही मुम्बई भाजपा के अध्यक्ष विधायक आशीष शेलार, महाराष्ट्र की राज्य मंत्री श्रीमती विद्या ठाकुर, विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा, सांसद हरिवंश सिंह, गोपाल शेट्टी, आर.यू.सिंह, प्रेम शुक्ल आदि उपस्थित थे।

राधाकृष्ण प्रकाशन, नई दिल्ली से प्रकाशित इस ग्रन्थ के लेखक डॉ. करुणाशंकर उपाध्याय ने बातचीत के दौरान नवप्रवाह संवाददाता से अपनी पुस्तक के सन्दर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि आज हिंदी विश्व के सबसे सक्षम मानव-संसाधन की अभिव्यक्ति का माध्यम बन गई है। वह विश्वभर में फ़ैल रहे पेशेवर भारतीयों के द्वारा सभी महाद्वीपों तथा महत्वपूर्ण देशों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। भारत-वर्ष की निरंतर विकासमान राजनीतिक और आर्थिक हैसियत उसे वैश्विक व्याप्ति प्रदान कर रही है। फलतः वैश्विक शक्तियां तथा बहुराष्ट्रीय निगम उसके प्रति रुझान महसूस कर रहे हैं। यहाँ तक कि स्वयं गूगल का सर्वेक्षण सिद्ध कर रहा है कि विगत एक वर्ष में सोशल मीडिया पर हिंदी में प्रस्तुत होनेवाली सामग्री में ९१ प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई है। आज हिंदी ने डिजिटल दुनिया में अंग्रेजी एकाधिकार को जिस तरह चुनौती दी है वह आश्चर्यजनक है।

आलोचना से झल्लाए आशुतोष, कहा- “क्या भारत फासिस्ट देश हो चुका है?”

Ahmedabad: Aam Aadmi Party National Spokesperson Ashutosh and Party's Gujarat incharge Gulab Singh Yadav address a press conference on the latest atrocities on Dalit Community, in Ahmedabad on Thursday. PTI Photo (PTI7_21_2016_000094A) *** Local Caption ***

शिखा पाण्डेय,

आम आदमी पार्टी के वरिष्‍ठ नेता आशुतोष द्वारा लिखे गए ब्‍लॉग को लेकर विपक्ष ने आज विरोध प्रदर्शन किया। तमाम विरोध प्रदर्शनों व बयानों से बौखलाए आशुतोष ने पूछा है कि क्या उन्हें फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए?

अपने ब्लॉग के कड़े विरोध के बाद आशुतोष ने आज ट्वीट किया, “क्‍या मुझे फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए और क्‍या भारत फासिस्‍ट देश हो चुका है?”

महिला आयोग के सामने होना होगा पेश-

अब आशुतोष को अपने लिखे विवादित ब्लॉग के चलते राष्‍ट्रीय महिला आयोग के सामने भी पेश होना होगा। महिला आयोग का कहना है कि आप के नेता ने महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।

गौरतलब है कि आशुतोष ने  ‘आप’ से निलंबित नेता और दिल्‍ली के पूर्व मंत्री संदीप कुमार को पार्टी से निकाले जाने पर उनके समर्थन में ब्लॉग लिखा था व उनकी तुलना गांधी व नेहरू से कर दी थी। आशुतोष ने यह भी कहा था कि सम्बन्ध सहमति से बने हैं तो उसपर इतना बवाल नहीं होना चाहिए।

आशुतोष का यह कॉलम गुरुवार को प्रकाशित हुआ था और तब तक महिला ने संदीप कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। बाद में महिला ने संदीप कुमार के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया और शानिवार को इस मामले में उनकी गिरफ्तारी भी हुई। अब आशुतोष इस कॉलम को लिखकर बुरी तरह फंस चुके हैं क्योंकि विपक्ष ही नहीं, खुद उनकी पार्टी के नेताओं ने भी उनके ब्लॉग की निंदा की है।

अम्बेडकर की ‘उठी उंगली’ का आज़म ने उड़ाया मज़ाक

अमित द्विवेदी,

अपनी विवादित टिप्पणियों से चर्चा में रहने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान किसी न किसी तरह चर्चा बटोरने का उपाय कर ही लेते हैं। इस बार उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्तियों में उनकी एक उठी हुई उंगली पर नया तर्क दिया है। आज़म खान के मुताबिक अंबेडकर की उठी हुई उंगली इशारा करती है कि “वो खाली प्लॉट हमारा है।”

आजम खान ने यह विवादित बयान गाजियाबाद में बने ‘आला हजरत हज हाउस’ के उद्घाटन समारोह में दिया। मंत्री ने इस मौके पर मीडिया पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मीडिया के लोग हमारे मौलवियों के पीछे पड़े हैं।” खास बात यह रही कि इस मौके पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी उपस्थित थे।

मंत्री आजम ने कहा कि समूचे उत्तर प्रदेश में अंबेडकर की मूर्तियां जिस तरह लगी हैं, उन सभी में उनके खड़े हाथ व इशारा करती एक उंगली बसपा के ‘मूल उद्देश्य’ को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अंबेडकर की उठी हुई उंगली इशारा करती है कि “यह जमीन तो मेरी है ही, वह सामने वाला प्लॉट जो खाली है, वहां भी मैं जल्दी ही आऊंगा।”

आजम खान ने मुस्लिम समाज को भावुक करते हुए उनसे पूछा, “बसपा के लोग आप सबके नाम पर सरकार बनाने की बात तो करते हैं, लेकिन इन लोगों ने क्या एक भी पार्क आपके पूर्वजों के नाम से बनाया है?”

अफगानी रक्षा मंत्रालय के बाहर तालिबानी हमला, 24 की मृत्यु

Afghan National Army soldiers arrive at the site of an attack in Kabul, Afghanistan February 27, 2016. A loud explosion rocked the Afghan capital Kabul near the defence ministry on Saturday, hours after a suicide bomber killed at least 11 people in the eastern province of Kunar. REUTERS/Mohammad Ismail - RTS88VN

शिखा पाण्डेय,

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अफगानी रक्षा मंत्रालय के बाहर तालिबान के दो आत्मघाती हमलावरों ने आज दोपहर बाद खुद को बम से उड़ा लिया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस आत्मघाती हमले में कम से कम 24 लोग मारे गए हैं व 30 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। राष्ट्रपति अशरफ गनी ने हमले की कड़ी निंदा की है।

दोनों हमलावरों ने एक के बाद एक खुद को उड़ाया। इस हमले का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को हताहत करना था इसलिए विस्फोट रक्षा मंत्रालय के कर्मचारियों की कार्यालय से छुट्टी के वक्त किए गए। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया, “पहला विस्फोट रक्षा मंत्रालय के पास पुल पर हुआ और इसके बाद जब सैनिक, पुलिसकर्मी और असैन्य नागरिक मौके पर पहुंचे, तब दूसरा विस्फोट हुआ।”

तालिबान के स्पोक्सपर्सन जबिउल्ला मुजाहिद ने ट्वीट कर हमले की जिम्मेदारी ने ली। उसने लिखा- “पहला टारगेट डिफेंस मिनिस्ट्री को बनाया गया था। और दूसरा हमला पुलिस के लिए था।”

राष्ट्रपति गनी ने एक बयान में कहा, “अफगानिस्तान के दुश्मन सुरक्षा बलों के साथ आमने सामने की लड़ाई में हार रहे हैं”’ उन्होंने कहा, “इसलिए वे राजमार्गों, शहरों, मस्जिदों, स्कूलों और असैन्य नागरिकों पर हमले कर रहे हैं।”

आपको बता दें कि 22 अगस्त को भी काबुल में धमाके हुए थे। इसमें  3 लोगों की मौत हो गई थी और 18 जख्मी हुए थे। ये धमाका अमेरिकी दूतावास और इंटरनेशनल सिक्युरिटी असिस्टेंट फोर्स हेडक्वार्टर के पास हुआ था।

यूपी के युवाओं को अखिलेश ने थमाया ‘समाजवादी स्मार्टफोन’ झुनझुना

अमित द्विवेदी,

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर युवाओं को लुभाने के लिए एक आकर्षक निर्णय लिया है। हाल ही में अखिलेश ने जनता को स्मार्टफोन देने की संभावना पर बल दिया था, जिसे आज उन्होंने अमली जामा पहना दिया। मुख्यमंत्री ने 18 या उससे अधिक उम्र के पात्र लोगों को स्मार्टफोन देने का ऐलान कर दिया।

विधानसभा चुनाव में अपनी पकड़ को मज़बूत बनाने के लिए सपा ने एक बार फिर युवाओं को आकर्षित करने चाल चली है। इस बार मुख्यमंत्री अखिलेश ने यूपी के 18 या उससे अधिक उम्र के युवाओं को स्मार्टफोन देने का ऐलान किया है। राज्य सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक़, ये फोन वर्ष 2017 के दूसरी छमाही में प्रदान किए जाएंगे। समाजवादी स्मार्टफोन योजना शुरू किए जाने के बाद ही पंजीयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फोन का वितरण पंजीयन के आधार पर होगा।

बड़ी चालाकी से सपा सरकार ने फोन वितरण का समय 2017 का दूसरा छमाही रखा है, जोकि चुनाव परिणाम के बाद का समय होगा। इसका सीधा मतलब ये हुआ कि अगर राज्य में सपा की सरकार बनी तभी फोन भी बांटा जाएगा।

प्रवक्ता के मुताबिक़, फोन के लिये ऑनलाइन आवेदन वही कर सकता है, जो उत्तर प्रदेश का नागरिक हो। और 1 जनवरी 2017 तक उसकी उम्र 18 या उससे अधिक हो। इसके अलावा अगर आवेदक का अभिभावक भी सरकारी सेवा में कार्यरत है तो वह भी आवेदन नहीं कर सकेगा।

अखिलेश के ऐलान के बाद से ही विपक्ष ने भी निशाना साधना शुरू कर दिया है। युवा कॉंग्रेसी नेता अजय पाण्डेय ने कहा कि अखिलेश सरकार को राज्य के युवाओं के रोजगार पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लैपटॉप या स्मार्टफोन बांटना समस्याओं का हल नहीं है। मुख्यमंत्री युवा ज़रूर हैं, लेकिन उन्होंने कभी युवाओं के हित में गंभीरता से सोचा नहीं।

“प्रेरणादाई शिक्षक सुदृढ़ शिक्षा प्रणाली के मूलभूत अंग हैं” -राष्ट्रपति

शिखा पाण्डेय,

बतौर शिक्षक अपने करियर की शुरुवात करनेवाले राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शिक्षकों से बच्चों को शिक्षा देने के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने शिक्षकों को ‘शिक्षक दिवस’ पर बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों को चाहिए कि वह बच्चों को त्याग, सहिष्णुता, बहुलवाद, तालमेल और करूणा जैसे सभ्‍यता के मूल्यों की सीख दें।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों को शिक्षा देने और सिखाने के आधुनिक तथा प्रभावी तरीकों के लिए प्रौद्योगिकी और नई शिक्षण पद्धतियों का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने देश के युवाओं को शिक्षित करने जैसे बड़े उद्देश्य के लिए समर्पण और प्रतिबद्धता की खातिर पूरे शिक्षक समुदाय को बधाई दी।

राष्ट्रपति ने ट्विटर पर अपने श्रृंखलाबद्ध संदेशों में कहा कि इस मौके पर हम हमारे राष्ट्र के लिए शिक्षकों की समर्पित सेवाओं को याद करते हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत शिक्षा प्रणाली जागरूक समाज का सुदृढ़ आधार है। एक संदेश में उन्होंने कहा कि प्रेरणा देने वाले शिक्षक अच्छी शिक्षा प्रणाली के मूलभूत अंग हैं।

गौरतलब है कि शिक्षक दिवस देश के पहले उपराष्ट्रपति व दूसरे राष्ट्रपति, जाने माने शिक्षाविद, दार्शनिक एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है।