29 C
Mumbai
Sunday, August 9, 2026
Home Blog Page 1103

नोट बंदी पर अफरातफरी में अपनाएं ये छोटे उपाय, पाएं बड़े फायदे

जे.एस. पाण्डेय,

शादी ब्याह वाले घरों में मोदी सरकार द्वारा लिए गए फैसले का कड़ा विरोध हो रहा है, क्योंकि शगुन से लेकर तमाम अन्य इंतज़ाम वे कैश के बिना नहीं कर पा रहे है । इसके अतिरिक्त कई अलग अलग क्षेत्रों से लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगा रहे हैं कि नोट की वैधता को बढ़ाया जाए। लेकिन इस परिस्थिति में यदि हम थोड़ी सी समझदारी अपनाएं, धैर्य रखें व इस बड़े बदलाव को व्यक्तिगत न समझकर राष्ट्र हित की भावना से सोचें, तो समस्या अपने आप कम लगने लगेगी।

अपनाएं ये उपाय-

1: यदि लड़की व लड़का, दोनों पक्ष अपनी सोच थोड़ी सी व्यापक बनाएं, ये सोचें कि इस फैसले से उनकी शादी में थोड़ी सी दिक्कत ज़रूर होगी, लेकिन देश की तरक्की होगी, आतंकवाद का खत्म होगा, उनकी आने वाली पीढ़ी को इसका लाभ मिलेगा, तो शायद उन्हें यह समस्या नगण्य लगने लगेगी, व यह शादी सभी के लिए यादगार शादी साबित हो जायेगी।

2: आपको जो भी लेन देन करना है, वह चेक द्वारा कर लें या शादी के बाद करें। दोनों ओर से रिश्तेदारी जुड़ रही है तो एक दूसरे पर भरोसा रखें।

3: आपके पास जो भी कैश हो, बैंक में डाल दें। कैश जमा करने में ज्यादा परेशानी नहीं है।

4: कैटरिंग वाले से लेकर जौहरी तक, बड़े बड़े जितने खर्च हैं, उनको एडवांस चेक दे दें। दूसरे दिन चेक क्लियर हो जाता है। उनसे पैसे की रसीद लेना न भूलें। तीसरे दिन सामान हाज़िर।

5: कैटरिंग वाले जहां से सामान लेते हैं, वहां उनका व्यवहार रहता है। उनसे सामान लें उन्हें चेक दे दें। यह एक सामान्य व्यवस्था है। लोगों में समझदारी यह होनी चाहिए कि नकद देना यदि समस्या है, और आप रिश्तेदार बनने जा रहे हैं, तो एक दूसरे की समस्याओं को समझें और छोटी समस्याओं को नजरंदाज करें।

6: देश कल्याण की भावना रखें। पूरी अर्थव्यवस्था में इतनी बड़ी अर्थ क्रांति लाने के लिए पूरे देशवासियों का सहयोग, श्रद्धा और त्याग जरूरी है।

ऐसे संकट की घड़ी में भारत वासी जिस निष्ठा धैर्य और उत्साह के साथ समस्याओं का सामना कर रहे हैं, यह दर्शाता है कि पूरे देश की जनता देश में एक अद्दभुत क्रांति चाहती है।

अल्केश दिनेश मोदी इंस्टिट्यूट ने “लर्निंग एजीलिटी” कार्यक्रम के ज़रिए युवाओं को दी एक नई दिशा

आशीष पाण्डेय,

अल्केश दिनेश मोदी इंस्टिट्यूट ऑफ़ फाइनेंशिल स्टडीज, मुंबई विश्वविद्यालय एवं MTHR ग्लोबल के संयुक्त तत्वावधान में गत 5 नवम्बर को “लर्निंग एजीलिटी: फ्रॉम एजुकेशन टू लीडरशिप डेवलपमेंट” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स, मीडिया, सोशल एंटरप्राइज, कला एवं एकेडेमिक क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया।

इस कार्यक्रम में शामिल youth4job.com के संस्थापक गोपाल गर्ग ने श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा, “आज हमारे समाज को दिव्यांगों के प्रति अपना नजरिया बदलने की आवश्यकता है, क्योंकि उनके प्रति उपयुक्त देखरेख की कमी और शिक्षा की कमी ही हमारी असमर्थता का कारण है। एजिलिटी के बारे में सीखने का अर्थ है कि अपने आप के एक्स फैक्टर को जानें और उस क्षेत्र में कार्य करें।

इसके बाद कार्यक्रम को एस्सार ग्रुप की चीफ टैलेंट ऑफिसर सुजया बनर्जी ने आगे बढ़ाया। सुजया ने अपने कार्यक्रम में ग्लोबल इकॉनमी की वर्तमान चुनौतियों, डिक्लाइनिंग प्रॉफिटेबिलिटी, लीडरशिप वर्सटिलिटी चैलेंजेस, हाई अटरीशन और सफलता की चुनौतियों पर प्रकाश डाला।

बी रविशंकर ने ‘डिजिटल एचआर में सीखने का महत्व’, इस विषय पर अपने सेशन के दौरान श्रोताओं को बताया कि आज के समय में लर्निंग एजिलिटी का तात्पर्य है, ‘भविष्य के लिए सीखना’, क्योंकि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के कारण आने वाले 30 सालों में 50 प्रतिशत मानवों को महत्त्वहीन माना जायेगा। इसलिए किसी भी संस्था के लिए यह आवश्यक है कि वह लीडर्स बनाएं और उन्हें वृहद् प्रसंग में नौकरी दें। उनके सेशन के बाद उल्हास पगे (हेड ह्यूमन कैपिटल एंड ओडी, शेयरखान) व रानी देसाई(डेलोइट) द्वारा पैनल डिस्कशन किया गया।

पैनल मेंबर्स, एमटीएचआर के को-फाउंडर राजेश कामथ व ऑडियंस के बीच हुई बृहत् वार्ता से भविष्य में  नए प्रोफेशनल्स को नौकरी दिए जाने के विषय में काफी महत्त्वपूर्ण मुद्दे सामने आये।

कार्यक्रम के अंत में अल्केश दिनेश मोदी फाइनेंशियल एंड मैनेजमेंट स्टडीज के प्लेसमेंट अफसर कविता मिश्रा व मुम्बई यूनिवर्सिटी द्वारा आभार प्रदर्शन का कार्य संपन्न किया गया व कार्यक्रम को सफल बनाने में मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का खास आभार व्यक्त किया गया।

यह कार्यक्रम बैंक ऑफ बरोडा (प्लैटिनम स्पॉन्सर), आंध्रा बैंक, कारपोरेशन बैंक, एलआईसी ऑफ़ इंडिया, स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड, ग्रीनवुड फर्नलाइन, पनारोमा आदि द्वारा स्पांसर किया गया था। नवप्रवाह.कॉम मीडिया पार्टनर व रेडियो सिटी 91.1 FM कार्यक्रम के रेडियो पार्टनर थे।

कार में सेक्स करते कपल की दम घुटने से हुई मौत!

ब्यूरो
दक्षिण मध्य रशिया के उफा में कार के अंदर सेक्स कर रहे एक प्रेमी जोड़े की दम घुटने से मौत हो गई है। आस पास गर्मी बनाये रखने के लिए कार का इग्निशन ऑन रखना दोनों की जान के लिए घातक बन गया और कार में ज़हरीली गैस भर जाने से दोनों की मृत्यु हो गयी।

रशियन मीडिया के अनुसार संबंध बनाने के दौरान दोनों ने कार के अंदर जो हीटर ऑन करके रखा था, उसके कारण कार में कार्बन मोनो ऑक्साइड भर गयी। जहरीली गैस के कारण दोनों का दम घुट गया और उनकी मौत हो गई। परिवारवालों ने दोनों कपल को लड़के के घर पर स्थित गैराज में एक दूसरे की बाहों में नग्न अवस्था में पाया।

‘डेली स्टार’ के अनुसार दोनों मृतकों की पहचान अर्टम एस और एना डी के रूप में हुई है। ये कपल अर्टम के घर पर थे और फैमिली से वॉक पर जाने के लिए कहकर निकले थे। लेकिन शायद दोनों ने गैराज में ही अपनी स्कोडा सुपरमिनी कार में एक दूसरे के साथ समय बिताने का फैसला लिया। मौसम में ठण्ड की वजह से दोनों ने कार का इग्निशन ऑन रखा और एक दूसरे की बाहों में ऐसे खोये कि कार में भरती ज़हरीली गैस का पता ही न चल पाया। जब लंबे समय तक दोनों लौटे नहीं, तब परिवार ने खोज बीन शुरू की और अंत में दोनों गैराज में खड़ी कार में मृत मिले।

18 वर्षीय अर्टम कैटरिंग कॉलेज से ग्रेजुएट था लेकिन उसका सपना अपना कार रिपेयर शॉप खोलने का था। अर्टम ने एक करीबी दोस्त ने बताया कि उसका रिलेशनशिप नया था जिसके चलते उसने एना को अपने दोस्तों से नहीं मिलवाया था।

कोबे में भारतीय समुदाय को मोदी ने किया संबोधित, बोले,”देश के बेईमानों का हिसाब किताब चुकता करूंगा।”

  1. शिखा पाण्डेय

अपनी जापान यात्रा के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुलेट ट्रेन की यात्रा कर कोबे पहुंचे, और वहां बसे भारतीय समुदाय को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने भारत में हुई नोट बंदी की चर्चा करते हुए कहा कि यह बहुत बड़ा स्वच्छता अभियान है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत को सबसे तेज़ गति से आगे बढ़ने वाली इकॉनमी मान रहा है। FDI के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा, “मेरी नजर में FDI का मतलब है फर्स्ट डेवेलप इंडिया।”

अपने संबोधन की शुरुवात में मोदी बोले, “कोबे में आएं और आपको मिले बिना चले जाएं ? ये नहीं हो सकता।” उन्होंने कहा कि कोबे ने गुजरात भूकंप के समय हमारी मदद की थी। मोदी ने 2011 में जापान पर आयी तमाम प्राकृतिक आपदाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि जिस प्रकार पूरी जापान की जनता ने अपने देश की व्यवस्था को संतुलित बनाने के लिए अपनी सभी जरूरतों में कटौती कर ली थी, ठीक वैसा ही गौरवपूर्ण काम मेरे सवा सौ करोड़ भारतीयों ने कर दिखाया है।

मोदी ने कहा कि 500 और 1000 रुपये के नोट बंद किए जाने के बाद कई लोगों ने कोशिश की कि जनता मोदी के फैसले पर हंगामा खड़ा करे, पर देशवासियों ने काले धन के खिलाफ उठाये गए इस कड़े कदम का स्वागत किया और इसे सहर्ष स्वीकार किया। संबोधन के दौरान चुटकी लेते हुए मोदी ने कहा, ” मोदी के इस फैसले से बेटे-बहु खुद बूढ़े माँ बाप के अकाउंट में ढाई लाख रुपये जमा करा रहे हैं, तो माँ आशीर्वाद तो देगी ही। इस आशीर्वाद से देश तरक्की ही करेगा।”

मोदी ने कहा, “यह फैसला अचानक लिया हुआ नहीं है। पहले हमने जन धन योजना के तहत मुफ्त में हर गरीब से गरीब देशवासी के खाते खुलवाये।” गरीबों द्वारा जीरो बैलेंस एकाउंट्स में भी 45 हज़ार करोड़ रुपये जमा कराये जाने की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए मोदी ने कहा कि ये है देश के गरीबों की अमीरी। उन्होंने कहा कि हमने गरीब- अमीर, सभी को मौका दिया कि वे अपनी कमाई सार्वजनिक कर दें, उन्हें इसके लिए भरपूर समय भी दिया। इस प्रयास से करीब सवा लाख करोड़ रुपये आये । उसके बाद भी जो लोग नहीं माने, उनके लिए यह कदम उठाया गया।

मोदी ने जनता को विश्वास दिलाया कि वे उनके ईमानदारी से कमाये धन की रक्षा करेंगे। उन्होंने फिर दोहराया,” जनता को भरपूर समय दिया गया है। घबराएं नहीं। मैं आपके ईमानदारी से कमाये पैसे की रक्षा करूंगा।” मोदी ने कहा कि मैं आज़ादी से लेकर अब तक का हिसाब जांचूग और बेईमानों का हिसाब किताब अब चुकता हो कर रहेगा।

बुलेट ट्रेन से सफर कर कोबे पहुंचे मोदी ने कहा कि भारत भी बुलेट ट्रेन का इंतज़ार कर रहा है। मोदी ने जापान में बसे भारतीयों से कहा,” भारत की तरक्की के बारे में सुनकर अवश्य आप सबका भी मस्तक गर्व से ऊंचा हो जाता होगा। सवा सौ करोड़ भारतीयों की मेहनत, ईमानदारी, सहायता और लगन से भारत देश ऐसे ही तरक्की करता रहेगा।” श्रोताओं ने पूरे कार्यक्रम के दौरान जम कर मोदी-मोदी के नारे लगाये और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंजता रहा।

7 साल की तजम्मुल ने रचा इतिहास, जीता ‘वर्ल्ड किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप’में गोल्ड मेडल

शिखा पाण्डेय

बिलकुल नन्हीं सी उम्र में बड़े बड़े कारनामे करने का हौसला रखने वाली 7 साल की तजम्मुल इस्लाम ने पूरे विश्व में देश का नाम रोशन कर दिया है। जम्मू कश्मीर की आठ साल की तजम्मुल किक बॉक्सिंग की चैंपियन बन गई हैं। बंदीपुरी जिले में रहने वाली तजम्मुल ने अंडर 8 प्लेयर्स में किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता है। कश्मीर घाटी से यह कारनामा करने वाली तजम्मुल पहली लड़की हैं।

किक बॉक्सिंग का यह मुकाबला इटली के अंड्रिया में हुआ था। इस वर्ल्ड किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 90 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया था। तजम्मुल ने यह  चैंपियनशिप जीतने के लिए यूएस की प्रतियोगी को हराया। तजम्मुल के कोच फैज़ल अली ने बताया कि तजम्मुल ने पांच दिनों में छह मुकाबलों में जीत हासिल की। 

कौन है तजम्मुल

बंदीपुरी जिले में तजम्मुल दूसरी क्लास में पढ़ती हैं। तजम्मुल ने 2015 में नेशनल किक बॉक्सिंग चेंपियनशिप में सब-जूनियर केटेगरी में गोल्ड मेडल भी जीता था। वह प्रतियोगिता नई दिल्ली में हुई थी। तजम्मुल बंदीपुरा जिले के टार्कपुरा गांव में रहती हैं। वह श्रीनगर से 65 किलोमीटर दूर है। तजम्मुल आर्मी गुडविल स्कूल में पढ़ती हैं। तजम्मुल के भाई और दो बहनें भी किक बॉक्सिंग में हिस्सा लेते हैं।

जम्मू कश्मीर राज्य की स्पोर्ट्स काउंसिल के सचिव वाहिद परारा ने कहा, “तजम्मुल ने इतिहास रच दिया है। इतनी छोटी उम्र में यह कारनामा आसान नहीं होता।” वाहिद पीडीपी के नेता भी हैं। राज्य के शिक्षा मंत्री नईम अख्तर ने भी इसे गौरवपूर्ण क्षण बताया।

केजरीवाल ने लगाया आरोप,” नोट बंदी के पीछे केंद्र सरकार का बहुत बड़ा घोटाला”!

शिखा पाण्डेय

नोट बंदी के बाद देश भर से जप्त और बरामद हो रहे लाखों, करोड़ों के काले धन के बावजूद
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर 1000 व 500 के नोटों पर पाबंदी लगाने के नाम पर घोटाले का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले देश में भ्रष्टाचार कम करने के नाम पर असल में देश में बहुत बड़े स्तर पर घोटाले को अंजाम दिया जा रहा है। उनका दावा है कि भाजपा ने खुद अपना काला धन पहले ही ठिकाने लगा दिया, तब  बंद किए गए।

शनिवार को केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेन्स कर इस बात का दावा किया। प्रेस कांफ्रेंस में इसके सबूत के तौर पर उन्होंने एक वीडियो क्लिपिंग दिखने का प्रयास किया, हालांकि केजरीवाल जो वीडियो लेकर आए थे वह तकनीकी समस्याओं की वजह से चल नहीं पाया। उन्होंने कहा कि इस वीडियो में तमाम आंकड़े दर्ज हैं, जो सरकार की पोल खोलते हैं।

केजरीवाल ने सवाल उठाया है कि जिन बैंकों के ग्रोथ पहले कम थी अचानक कैसे बढ़ गई? केजरीवाल ने कहा कि नोटों पर पाबंदी लगाए जाने से पहले ही बीजेपी के नेताओं को इसकी जानकारी थी और उन्होंने समय रहते अपना काला धन ठिकाने लगा दिया है। केजरीवाल ने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी के नाम पर बड़ा घोटाला किया है।

नासा ने की दुर्लभ ‘ब्राउन ड्वार्फ’ की खोज

शिखा पाण्डेय

अमेरिकी स्पेस रीसर्च एजेंसी नासा ने एक नयी खोज की है। नासा की अंतरिक्ष दूरबीनों, स्पिट्जर और स्विफ्ट ने बिलकुल अलग तालमेल बिठाते हुए एक ‘ब्राउन ड्वार्फ’ नामक आकाशीय पिंड का पता लगाया है। यह पिंड ग्रह से बड़ा लेकिन तारे से छोटा है। इसे अब तक ग्रहों और तारों के बीच की लापता कड़ी माना जा रहा है।

कैसे हुई खोज

शोधकर्ताओं ने माइक्रोलेंसिंग इवेंट का, अर्थात एक ऐसी घटना का निरीक्षण किया, जिसके तहत एक सुदूर तारा अग्रभाग में स्थित कम से कम एक अंतरिक्षीय पिंड के गुरूत्व क्षेत्र के कारण चमकने लगता है। यह तकनीक तारों के चारों ओर घूमने वाले कम द्रव्यमान वाले पिंडों (जैसे ग्रह) का पता लगाने में उपयोगी है। इस मामले में निरीक्षणों ने इस ब्राउन ड्वार्फ का पता लगाया है। ‘ब्राउन ड्वार्फ’ का वजन बृहस्पति के वजन से लगभग 80 गुना है।

वैज्ञानिकों ने पाया है कि लगभग हमारे सूर्य के जितने द्रव्यमान वाले तारों में से 1 फीसद से भी कम के पास एक ब्राउन ड्वॉर्फ है। इनका ग्रह पथ 3 एयू होता है। (1 एयू पृथ्वी और सूर्य के बीच की दूरी है।) इस तथ्य को “ब्राउन ड्वॉर्फ डेजर्ट” कहा जाता है।

ब्राउन ड्वार्फ का द्रव्यमान तो बृहस्पति से 80 गुना होता है लेकिन इनके केंद्र इतने गर्म या सघन नहीं होते कि तारों की तरह नाभिकीय संलयन के जरिए ऊर्जा पैदा कर सकें। स्पिट्जर और स्विफ्ट ने इसका पता जमीन आधारित सूक्ष्म सर्वेक्षणों की मदद से मिली जानकारी के आधार पर लगाया है। इन सर्वेक्षणों में प्रकाशीय गुरूत्वीय लेंस प्रयोग भी शामिल है। यह पहला मौका है जब दो अंतरिक्षीय दूरबीनों ने इस घटना का पता लगाने के लिए समायोजन किया है।

भारत व जापान के बीच हुआ ऐतिहासिक असैन्य परमाणु करार पर हस्ताक्षर, तकनीकी और वित्तीय क्षेत्रों में भी होंगे साथ

Vientiane: Prime Minister Narendra Modi with his Japanese counterpart Shinzo Abe during a bilateral meeting at 28th and 29th ASEAN Summit in Vientiane, Laos on Wednesday. PTI Photo by Vijay Verma (PTI9_7_2016_000187B)

ब्यूरो,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा के दौरान आज भारत और जापान ने ऐतिहासिक असैन्य परमाणु करार पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही दोनों देशों ने करीब 10 अन्य करारों पर भी हस्ताक्षर किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके जापानी समकक्ष शिंजो आबे के बीच हुई वार्ता के बाद दोनों देशों ने इस ऐतिहासिक करार पर औपचारिक मुहर लगाई।

परमाणु ऊर्जा बाजार में जापान एक प्रमुख देश है। उसके साथ करार होने से अमेरिका स्थित परमाणु संयंत्रों के निर्माताओं ‘वेस्टिंग्सहाउस इलेक्ट्रिक कॉरपोरेशन’ और ‘जीई एनर्जी इंक’ के लिए भारत में परमाणु संयंत्र लगाना आसान हो जाएगा, क्योंकि इन दोनों कंपनियों का जापान में निवेश है। इसके साथ ही परमाणु आपूर्तिकता समूह की सदस्यता की कोशिश में भी भारत को बल मिला है।

दरअसल पिछले साल दिसंबर में आबे की भारत यात्रा के समय ही दोनों देशों ने असैन्य परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को लेकर सहमति जताई थी। हालांकि, कुछ मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट नहीं होने की स्थिति में करार को औपचारिक मंजूरी नहीं मिल पाई थी। आपको बता दें कि जापान ने द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद पहली बार किसी गैर एनपीटी देश के साथ इस तरह का रणनीति करार किया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने शुक्रवार को ट्वीट किया, “स्वच्छ और हरित विश्व के लिए एक ऐतिहासिक करार। प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री आबे ऐतिहासिक असैन्य परमाणु समझौते के आदान प्रदान के गवाह बने। इस करार से जापान भारत में परमाणु तकनीक का निर्यात कर सकेगा। इसके साथ ही भारत जापान के साथ ऐसा करार करने वाला पहला ऐसा देश बन गया है, जिसने एनपीटी संधि पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। यह करार द्विपक्षीय आर्थिक और सुरक्षा संबंधों को भी मजबूती प्रदान करेगा।”

गौरतलब है कि भारत ने सबसे पहले द्विपक्षीय असैन्य परमाणु करार अमेरिका के साथ किया था। इसके अलावा रूस, दक्षिण कोरिया, मंगोलिया,फ्रांस, नामिबिया, अर्जेंटीना, कनाडा, कजाखस्तान तथा ऑस्ट्रेलिया के साथ भी भारत ने असैन्य परमाणु करार किए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टोक्यो में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जापान और भारत के बीच समझौते से इस क्षेत्र में शांति और स्थायित्व आएगी। मोदी ने जापानी पीएम को NSG में भारत की सदस्यता के समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने भारत-जापान के बीच हुए सिविल न्यूक्लियर समझौते को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह दोनों देशों के बीच मजबूती को दर्शाता है। मोदी ने कहा कि दोनों देश आपसी फायदे के लिए तकनीक, वित्तीय क्षेत्र में एक दूसरे की विशेषज्ञता का लाभ उठाएंगे।

500 और 1000 के बंद नोट अब भगवन भी नहीं स्वीकारेंगे!

inशिखा पाण्डेय

अगर आपके पास काला धन है और आप अपने आपको बचाने के चक्कर में, अपने सारे पिछले पाप धोने के चक्कर में इस धन को मंदिरों में दान करने की सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाइये। खुद भगवन भी इस काले धन को स्वीकार कर आपके पाप धोने के लिए राज़ी नहीं हैं। कल तक 500 और 1000 रुपये के नोट कहलाने वाले वो कागज़ के टुकड़े अब भगवन के लिए भी महज़ रद्दी हैं।

जी हां! 500 और 1000 रुपए के नोट बंद करने के बाद अब मंदिरों में दिए जाने वाले दान पर भी सख्ती शुरू कर दी गई है। कालेधन पर लगाम लगाने की कोशिश के मद्देनजर शुक्रवार को महाराष्ट्र में कई मंदिरों की दानपेटी सील करने की कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक, मराठवाड़ा के 8 जिलों में स्थित मंदिरों को दानपेटी को सील कर दिया गया है। यह दानपेटी 30 दिसंबर तक सील रहेगी। दानपेटी को सील करने का मुख्य उद्देश्य यह है कि कोई भी कालेधन या इसी प्रकार का पैसा मंदिर की दानपेटी में ना डाल दे।

गरजे अमित शाह, कहा,” राहुल,मुलायम,मायावती की नोटबन्दी पर नाराज़गी का आखिर राज़ क्या है?”

शिखा पाण्डेय

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले का विरोध करने वाली सभी विपक्षी पार्टियों को आड़े हाथ लिया है। शाह ने सवाल उठाया है कि नोटबंदी के फैसले से राहुल गांधी, मुलायम सिंह यादव और मायावती को पीड़ा क्यों हो रही है? क्या वे आतंकवाद को बढ़ावा देना चाहते हैं? क्या कालाबाजारियों को बढ़ावा देना चाहते हैं?

शाह ने कहा, “जिनके पास कालाधन है, उन्हें ही परेशानी हो रही है। सरकार के इस दमदार कदम से कुछ राजनीतिक पार्टियां गरीब जो हो गई हैं।” उन्होंने चुनौती दी कि अगर कोई पार्टी इसका विरोध कर रही है, तो वह चुनाव में आए, जनता अपने आप जवाब दे देगी।

शाह ने कहा, “मोदी सरकार के इस फैसले से कालाधन और नकली नोटों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। इससे किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और आम लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी। देश के लोग नोटबंदी के फैसले के समर्थन में हैं। इससे काले धन वालों को सदमा लगा है। ईमानदार और टैक्स भरने वालों को इससे डरने की जरूरत नहीं है।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जहां से शिकायत आ रही है, वहां सरकार तुरंत कार्रवाई कर रही है। जहां एटीएम से पैसे नहीं निकल रहे हैं, वहां भी सरकार तुरंत समस्या का समाधाना कर रही है। इससे आम लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। आम लोगों को थोड़े समय के लिए दिक्कत जरूर होगी, लेकिन बाद में सब सही हो जाएगा। इससे महंगाई कम होगी और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।”