28.8 C
Mumbai
Sunday, August 9, 2026
Home Blog Page 1100

सुषमा स्वराज की किडनी फेल, एम्स में हुईं भर्ती

अमित द्विवेदी,

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज किडनी फेल होने की वजह से एम्स में भर्ती हो गई हैं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं किडनी फेल होने की वजह से इस वक्त एम्स में भर्ती हूं। इस वक्त में डायलसिस पर हूं।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि किडनी ट्रांस्प्लांट के लिए मेरे टेस्ट हो रहे हैं। भगवान कृष्ण मुझे आशीर्वाद देंगे। 64 साल की सुषमा स्वराज इससे पहले ही एम्स गई थीं। 25 अक्टूबर को रुटीन मेडिकल चेकअप के लिए वह एम्स पहुंची थीं।

गत 7 नवंबर को भी उन्हें दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (AIIMS) में भर्ती करवाया गया था। वहां पर उनके कुछ टेस्ट होने थे। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वालीं सुषमा स्वराज ने ट्वीट करके अपने भर्ती होने के बारे में जानकारी दी।

पीएम मोदी की कड़क चाय ईमानदारों के लिए मीठी -नाना पाटेकर

शिखा पाण्डेय,

केंद्र सरकार द्वारा लिए गए नोट बैन के फैसले को बॉलीवुड का भी पूरा समर्थन मिल रहा है। समाज की अलग अलग खामियों और खूबियों पर खुलकर अपनी राय रखने वाले अभिनेता नाना पाटेकर भी इस फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं। नाना पाटेकर ने प्रधानमंत्री के इस फैसले की तारीफ की है। उन्होंने पीएम द्वारा दी गई कड़क चाय को ईमानदार लोगों के लिए मीठी चाय बताया है।

नाना पाटेकर जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बॉर्डर पर बीएसएफ जवानों से मुलाकात करने पहुंचे थे, जहाँ मीडिया से बात करते हुए नोटबंदी पर उन्होंने अपनी राय रखी। आपको बता दें कि यूपी के गाजीपुर रैली में पीएम मोदी ने कहा था कि मेरा फैसला कड़क चाय की तरह है, जो गरीबों को भाती है अमीरों को नहीं, जिसके बाद विरोधियों ने इसे ‘कड़वी चाय’ करार दिया था।

बता दें कि नाना पाटेकर के अलावा कई दूसरे बड़े सितारों ने भी सरकार के इस फैसले का समर्थन किया है। नाना से पहले, सलमान खान, शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, आमिर खान, रजनीकांत, अजय देवगन, दीपिका पादुकोण, शाहिद कपूर, करण जौहर, कपिल शर्मा, ऐश्वर्या राय, ऋषि कपूर ने भी सरकार के नोट बंदी के फैसले पर सहमति जताई है।

नाना ने देश की रक्षा में सीमा पर तैनात सैनिकों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि देश की एकता और संप्रभुता की रक्षा करने वाले ये जवान ही असली हीरो हैं। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत बड़े बड़े हथियार नहीं, बल्कि हमारे जवान हैं, जो देश की सुरक्षा के लिए हर दिन संघर्ष करते हैं। नाना पाटेकर द्वारा किए गए दौरे के विषय में सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के दौरों से जवानों का हौसला बढ़ता है।

आम आदमी को मिली राहत, पेट्रोल 1.46 रूपए एवं डीज़ल 1.53 रूपए सस्ता

शिखा पाण्डेय,

देश में चल रहे तमाम उतार चढ़ाव के बीच आम जनता के लिए एक और रहत की खबर है। देश भर में पेट्रोल और डीजल के दाम घटे हैं। जहां डीजल 1.53 रुपये प्रति लीटर सस्ता हुआ है वहीं पेट्रोल के दामों में 1.40 रुपये प्रति लीटर की गिरावट हुई है। ये कीमतें आज आधी रात से लागू होंगी।

आधी रात से लागू हुई कीमतों के अनुसार मुम्बई में पेट्रोल की कीमत 72.29 रुपये प्रति लीटर हो जायेगी, जबकि डीजल 60.32 रुपये प्रति लीटर होगा। वहीं दिल्ली में डीजल 54.71 प्रति लीटर जबकि पेट्रोल 65.93 रुपये प्रति लीटर होगा। चेन्नई की बात करें तो डीजल के दाम 56.24 रुपये प्रति लीटर व पेट्रोल के दाम 65.41 रुपये प्रति लीटर होंगे। कोलकाता में डीजल 56.95 रुपये प्रति लीटर जबकि पेट्रोल 68.67 रुपये प्रति लीटर बिकेगा।

पेट्रोल व डीजल की कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर तेलों की कीमतों में होने वाली गिरावट है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक भारतीय बास्‍केट के कच्चे तेल की अंतर्राष्‍ट्रीय कीमत 14 नवंबर, 2016 को 42.12 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गई है। वहीं पिछले सप्‍ताह एक बैरल कच्‍चे तेल की कीमत 43.98 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल थी। कच्‍चे तेल की कीमतों में हुई गिरावट के चलते बाजार के विश्लेषकों के मुताबिक बाजार में पेट्रोल और डीजल के दाम घटे हैं।

गौरतलब है कि तेल कंपनियों ने 5 नवंबर को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया था। तेल कंपनियों ने तब पेट्रोल में 89 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 86 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इससे पहले 15 अक्टूबर को तेल कंपनियों ने कीमतें बढ़ाई थीं। तब पेट्रोल की कीमतों में 1.34 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी जबकि डीजल में 2.37 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया था।

नोट बैन के निर्णय पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट ने किया इनकार, विरोधियों के हाथ लगी निराशा

अनुज हनुमत
देशभर में 500 और 1000 रुपये के नोटों को बंद करने के मोदी सरकार के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाने से आज इंकार कर दिया । पिछले हफ्ते मंगलवार देर शाम को केंद्र सरकार ने 500 और 1000 की नोटों पर रोक लगाने का जो निर्णय लिया था, उसके बाद से देशभर में अलग अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही थीं । सभी को आज कोर्ट के फैसले का इन्तजार था।

आज शीर्ष अदालत ने सुनवाई के दौरान केन्द्र से कहा है कि इस निर्णय से जनता को हो रही असुविधा कम करने के लिये हो रहे उपायों की जानकारी दी जाये। प्रधान न्यायाधीश तीरथ सिंह ठाकुर और न्यायमूर्ति धनंजय वाई चंद्रचूड़ की पीठ ने कहा, “हम इस पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगायेंगे।” पीठ ने यह टिप्पणी उस वक्त की,जब कुछ वकीलों ने सरकार की अधिसूचना पर रोक लगाने का अनुरोध किया।

हालाँकि एक याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि वह अधिसूचना पर रोक लगाने का अनुरोध नहीं कर रहे हैं परंतु वह चाहते हैं कि सरकार आम जनता को हो रही असुविधाओं को दूर करने के बारे में स्थिति स्पष्ट करे।

आज सुनवाई के दौरान पीठ ने अटार्नी जनरल मुकुल रोहतगी से कहा कि सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जनता को हो रही असुविधाओं को न्यूनतम करने के लिये अब तक किये गये उपायों और भविष्य में उठाये जाने वाले कदमों के बारे में हलफनामा दाखिल किया जाये। सबसे खास बात यह है कि न्यायालय ने केन्द्र और रिजर्व बैंक को नोटिस जारी किये बगैर ही इस मामले को 25 नवंबर को आगे सुनवाई के लिये सूचीबद्ध कर दिया।

आज हुई सुनवाई के बाद आगे इस तरह की याचिकाओं की संभावना को देखते हुए केंद्र सरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। दरअसल केंद्र ने एक कैवियट दाखिल कर कहा कि कोई भी अंतरिम आदेश जारी करने से पहले अदालत सरकार का पक्ष भी सुने ।

गौरतलब है कि  नोट बैन के बाद से पिछले सात दिनों से बैंकों और तमाम एटीएम के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। कुछ लोग मोदी सरकार के इस फैसले की सराहना कर रहे हैं तो कुछ लोग इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। फैसले के बाद से अबतक देश के अलग-अलग इलाकों से कई लोगों की मौत की खबरें भी आई हैं । बहरहाल हालात जैसे भी हों, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आज मोदी सरकार के नोट बंदी के फैसले पर रोक लगाने से मना करने की खबर ने विपक्षियों को जरूर परेशान किया होगा।

चीन का जे-10 लड़ाकू विमान उड़ानेवाली पहली महिला पायलट की एक हवाई दुर्घटना में मौत !

शिखा पाण्डेय

चीन का जे-10 लड़ाकू विमान उड़ाने वाली महिला पायलट यू जू की एक हवाई दुर्घटना में मौत हो गई है।यू जू यह लड़ाकू विमान उड़ाने वाली पहली महिला पायलट थीं। वे चीन के एयर शो में हवाई जहाज उड़ाने वाली टीम का हिस्सा थीं और अपनी टीम के साथ ट्रेनिंग कर रही थीं, जिसके दौरान एक दुर्घटना में उनकी मौत हो गई।

चीन के एक लोकल अखबार से मिली जानकारी के मुताबिक हवाई दुर्घटना में यू जू की मृत्यु बीते 13 नवंबर को हुई थी। यह हवाई दुर्घटना उत्तरी इलाके के हेबी प्रांत में हुई। खबरों के मुताबिक अपनी रिहर्सल के दौरान यू जू ने अपनी सीट इजेक्ट की थी जिसके बाद वह दूसरे विमान के पंख से टकरा गई और उनकी मृत्यु हो गई। वहीं यू जू के हवाई जहाज के को-पायलट ने सुरक्षित लैंडिंग कर ली थी और उनकी जान बच गई।

यू जू की आकस्मिक मृत्यु पर पूरे चीन ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है और सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें याद कर रहे हैं। 30 साल की यू जू के फैन्स उन्हें सोशल मीडिया पर “सुनहरा मोर” के नाम से सम्मानित कर रहे हैं। आपको बता दें कि एयर शो के लिए क्वॉलिफाई करने वाली 16 महिला पायलट्स में से यु जू पहली पायलट थीं जिन्हें सबसे पहले सिलेक्ट किया गया था।

यू जू चीन के उन 4 चुनिंदा महिला पायलट्स में से थी जो चीन के स्वदेशी तकनीक से बने हुए लड़ाकू विमानों को उड़ाना जानती थीं। यू जू ने 2005 में चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी जॉइन की थी और तभी से ही नियमित रूप से एयर-शो में भाग लेती थीं।

अगर आपने 8 से 10 नवंबर के बीच सोना खरीदा तो हो जाएं सावधान, सरकार कर सकती है सर्जिकल स्ट्राइक

सौम्या केसरवानी,

नोट बंदी के बाद सरकार ने पूरी तरह से अब काली कमाई करने वालों को घेरने का मन बना लिया है। नोट बंदी की घोषणा 8 नवम्बर को हुई थी। इसके बाद धनाढ्यों ने अपने पैसे से खूब सोने, हीरे और विदेशी मुद्राओं को खरीदकर अपना धन खपाने की कोशिश की थी।

प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग अब उन लोगों की सूची तैयार कर रहा है, जिन्होंने 8 से 10 नवम्बर के बीच सोने की खरीददारी की। नोट बंदी के बाद काला धन रखे लोगों ने अपने-अपने हिसाब से सफ़ेद करने की कोशिश की। लोगों को लगा कि सरकार की नज़र नहीं जाएगी, लेकिन ऐसी संभावना बनती नज़र आ रही है कि ऐसे लोगों पर जल्दी ही सरकार शिकंजा कस सकती है।

नोट बंदी के बाद सरकार के इस फैसले का बड़ा असर काली कमाई करने वाले धनाढ्यों पर पड़ा है। आयकर विभाग अब पूरी तरह से ऐसे लोगों पर नजर रख रहा है जो कालेधन को सफ़ेद करने में लगे हैं। 25 नवंबर से सोना खरीदने एवं रखने वालों के लिए सोने का रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होगा।

3 लाख तक के गहने पर रजिस्ट्रेशन फ्री होगा और इससे ज्यादा के गहनों पर टैक्स लगेगा। इसके अलावा अगर कोई व्यक्ति बिना रजिस्ट्रेशन वाला सोना रखता है, तो उसे सरकारी खजाने में जब्त कर लिया जाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा।

नोट बंदी ठीक न लगे, तो 2019 में पीएम ही बदल देना -अनुपम खेर

सौम्या केसरवानी,

नोट बंदी के बाद चारों तरफ से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। ऐसे में नेताओं और अभिनेताओं की भी बयानबाज़ी तेज़ होती दिख रही है। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और कई मुद्दों पर केंद्र सरकार की तारीफ करने वाले अनुपम खेर ने भी इसपर अपनी राय दी है।

अनुपम खेर ने भोपाल में 3 दिवसीय लोक मंथन प्रोग्राम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने 500 और 1000 रु की नोटों के बंद होने पर कहा कि देश के लोगों को अगर 500 और 1000 रूपए की नोट बदले जाने से शिकायत है तो पीएम बदल देना। 2019 में फिर से चुनाव होंगे, अगर सरकार के काम से परेशानी है, तो 2019 में वोट बदलने का मौका मिलेगा। खेर ने कहा कि जब कोई अच्छा काम करे, तो उसे रोकना नहीं चाहिए। कुछ परेशानियां हैं, लेकिन इन परेशानियों को झेलकर हम एक बेहतर भारत बना सकते हैं।

खेर ने आगे कहा कि फिल्मों के टिकट के लिए भी तो लोग लाइन में लगते हैं। आलोचना करना आसान है,
भ्रष्टाचार और कालेधन का मुद्दा गंभीर है। इस मुद्दे को गंभीर मानने वालों को सरकार के इस निर्णय का समर्थन करना चाहिए।

आलिया ने किया खुलासा, ‘डियर जिंदगी’ में नहीं रिप्लेस होंगे पाकिस्तानी कलाकार अली ज़फर!

एंटरटेनमेंट डेस्क
पाकिस्तानी अभिनेताओं के बॉलीवुड में काम करने पर हुए तमाम विवादों के बावजूद बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट का कहना है कि उनकी आने वाली फिल्म ‘डियर जिंदगी’ से पाकिस्तानी अभिनेता अली जफर को हटाकर किसी और कलाकार को जगह नहीं दी गयी है। एब्सॉल्यूट एलिक्स फिल्मफेयर ग्लैमर एंड स्टाइल के एक कार्यक्रम में आलिया ने इस बारे में बात की।

दरअसल भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर पाबंदी की मांग को लेकर हो रहे विवाद के बीच पाकिस्तानी कलाकार जफर की जगह फिल्म में ताहिर राज भसीन को लिए जाने की खबरें सुर्ख़ियों में थी। इस बारे में पूछे जाने पर फिल्म में मुख्या भूमिका निभा रही आलिया ने कहा, ‘‘किसी को नहीं बदला जा रहा। फिल्म अपने पूरे स्वरुप में आएगी। किसे बदला जा रहा है और किसे नहीं, इस बारे में ज्यादा बातचीत नहीं हो रही। इसलिए हम इस मुद्दे को कुछ समय के लिए छोड़ सकते हैं।” अपने किरदार के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म में उनका किरदार उनकी जिंदगी से काफी करीब है।

आलिया के मुताबिक, ‘‘डियर जिंदगी मेरी जिंदगी के करीब है। मैं यह नहीं कह रही कि मैं बिल्कुल उस किरदार की तरह हूं,लेकिन मैं बहुत हद तक इससे मिलती हूं।” उन्होंने कहा, ‘‘केवल मैं ही नहीं, बल्कि सभी मेरे किरदार में खुद की झलक देखेंगे।”

500 और 1000 के नोटों को बंद करने के सरकार के फैसले के विषय में पूछे जाने पर आलिया ने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि इसका असर हमारी फिल्म पर नहीं पड़ेगा। आपको बता दें कि गौरी शिंदे के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘डियर जिंदगी’ में शाहरुख खान, अंगद बेदी, कुणाल कपूर भी मुख्य किरदारों में हैं। यह फिल्म 25 नवंबर को रिलीज होगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश ने ली मायावती की चुटकी, कहा, “नोटबंदी से सबसे ज्यादा परेशानी ‘बुआजी’ को”

अनुज हनुमत,

नई दिल्ली। नोट बंदी पर आज एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मोदी सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि अब देश जान गया है कि नोटबंदी के लिए केंद्र सरकार की तैयारियां पूरी नहीं थीं। उन्होंने कहा कि परेशान करने वाली सरकारों को जनता हटा देती है।

सीएम अखिलेश ने मोदी के अलावा बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती पर भी निशाना साधा। चुटकी लेते हुए अखिलेश ने कहा, “सबसे ज्यादा तकलीफ तो बुआजी को हो रही है। ये दोनों बातें अखिलेश यादव ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास से मैत्री कार रैली को रवाना करने के बाद कहीं।

गौरतलब है कि दिल्ली से बैंकॉक तक की इस कार रैली के आयोजन में तीन देशों के 63 प्रतिभागी शामिल हैं और महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री शामिल हुए। इस दौरान ने अपने विरोधियों पर जमकर निशाने भी साधे। उन्होंने आगे कहा कि देश में 1000 और 500 रुपये के नोट बंद होने के कारण लोगों को तो तकलीफ हो ही रही है और वो भी सबसे अधिक तकलीफ बुआजी (मायावती) को हो रही है। अखिलेश ने कहा कि बुआजी को हजार रुपये के नोटों की माला पहनने का बहुत शौक है और इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोट बंद करके बुआजी के शौक पर अंकुश लगाने का काम किया है। यह ठीक नहीं है। देश में पांच सौ और हजार रुपये का नोट बंद होने से लोगों को तकलीफ है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश सरकार बेहद संजीदा है।

सीएम अखिलेश ने कहा है कि सरकार सक्रिय है और हम लोग ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल कैश वैन भेजने की व्यवस्था में लगे हैं। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि जो सरकार जनता को दुख देती है, जनता उसे हटा देती है। अब रुपया न मिलने के कारण जनता तो दुखी है। केंद्र सरकार ने कोई सूझबूझ से काम नहीं नहीं किया, जिसका परिणाम आज पूरी जनता को भुगतना पड़ रहा है।

मंगलवार रात अचानक फैसला आने वाली बात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विमुद्रीकरण के लिए पीएम और केंद्र सरकार की तैयारी पूरी नहीं थी। नोटबंदी से किसानों की परेशानी पर अखिलेश ने कहा कि केंद्र को किसानों की बुवाई की बड़ी चिंता है, मैं कहता हूं कम से कम किसान को तो छूट दे देते। अखिलेश ने कहा कि एक बार कई साल पहले भी ऐसा फैसला लिया गया था। उस समय जो तकलीफें जनता को हुई थीं, वही आज भी हो रही हैं। लोगों ने तब भी जानें दी थीं।

पीएम मोदी की माँ हीराबेन नोट बदलने पहुँची बैंक, लाइन में लगकर लिए पैसे

अमित द्विवेदी,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी गुजरात के गांधीनगर में नोट बदलने के लिए बैंक पहुंची। हीराबेन ने लाइन में लगकर पैसे निकाले, जिसके बाद तमाम आलोचक नेताओं की बोलती बंद नज़र आ रही है।

हीराबेन 4500 रूपए लेकर बैंक पहुंची। गांधीनगर के ओरिएंटल बैंक ऑफ़ कॉमर्स में उन्हें 10-10 की ड़ो गड्डियां और एक 500 और 2000 की नई नोट दी गई। ज़्यादा देर तक खड़ी रह पाने में असमर्थ हीराबेन को कुछ लोग सहारा देकर अंदर ले गए।

नरेंद्र मोदी की माँ हीराबेन के पूर्व कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी लाइन में लगकर नोट बदलने को लेकर चर्चा में रहे हैं। खासकर राहुल सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहे, जहां उन्हें घोटाले से भी जोड़ा गया था। राहुल ने लाइन लगाकर अपने 4000 रुपए के पुराने नोट बदले थे।

पीएम मोदी की माँ हीराबेन के लाइन में लगकर नोट बदलने की खबर सोशल मीडिया में तेज़ी के साथ फैल रही है। सोशल मीडिया पर वायरल सन्देश में कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री की उम्रदराज़ माँ देश के विकास में अपना योगदान दे रही हैं, लेकिन कुछ बेईमान नेताओं को यह निर्णय पच नहीं रहा है।