28.7 C
Mumbai
Monday, August 10, 2026
Home Blog Page 1076

भारत ने जीता जूनियर हॉकी विश्वकप का ख़िताब

इंद्रकुमार विश्वकर्मा,

भारत ने 15 साल बाद एफआईएच जूनियर हॉकी विश्व कप जीत लिया है। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में लगभग 10,000 दर्शकों के बीच आज भारत ने बेल्जियम को 2-1 से हरा दिया और खिताब पर कब्‍जा कर लिया। भारत के दो गोल के जवाब में बेल्जियम मात्र एक गोल ही दाग पाया। दोनों ही टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला, लेकिन आखिर में बाजी भारतीय टीम ने मारी। यह दूसरा मौका है, जब भारतीय जूनियर हॉकी टीम वर्ल्ड चैंपियन बनी है।

लखनऊ के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत के लिए गुरजंत सिंह और सिमरनजीत सिंह ने गोल किए। भारत की जीत में गोलकीपर विकास दहिया ने भी अहम भूमिका निभाई।

गुरजंत ने आठवें और सिमरनजीत ने 22वें मिनट में शानदार फील्ड गोल किए। मैच के आखिरी मिनट में बेल्जियम को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर वे गोल करने में सफल रहे, लेकिन यह गोल उन्हें जीत दिलाने में नाकाफी साबित हुआ।

15 साल बाद भारत ने जीता जूनियर विश्वकप-

जीत के अश्वमेधी रथ पर सवार भारतीय टीम ने पंद्रह साल बाद जूनियर हॉकी विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है। आज बेल्जियम को 2-1 से हराकर भारत ने देशवासियों को अर्से बाद हॉकी के मैदान पर खिताब तोहफे में दिया है। भारतीय टीम ने 2001 में अर्जेटीना को मात देकर पहली बार इस खिताब पर कब्जा जमाया था।

फाइट ऑफ द चैंपियंस: राउंड 3 में टूटा चेका का दांत, ख़िताब पर विजेंदर का कब्ज़ा

इंद्रकुमार विश्वकर्मा,

स्टार इंडियन बॉक्सर विजेंदर सिंह ने तंजानिया के फ्रांसिस चेका को सिर्फ 3 राउंड में ही धूल चटाते हुए डब्ल्यूबीओ एशिया पेसिफिक सुपर मिडिलवेट का खिताब अपने पास रखा। पहले दो राउंड में चेका ने आक्रामक तेवर दिखाए, लेकिन तीसरे राउंड में उनका दाँत टूट गया। रेफरी ने फाइट को बीच में ही रोकने का फैसला किया और इंडियन बॉक्सर को विजयी घोषित कर दिया।

पहला राउंड: चेका की आक्रामक शुरुआत

शनिवार रात 9.51 पर फाइट के पहले राउंड के लिए बेल बजते ही दोनों बॉक्सर एक-दूसरे पर टूट पड़े। इंडियन स्टार की अपेक्षा चेका कुछ ज्यादा ही अग्रेसिव दिखाई दिए। कुछ ही देर में विजेंदर डिफेंसिव मूड में आ गए, लेकिन चेका को अपनी चतुराई भरे पंचों से रूबरू कराते रहे।

दूसरा राउंड: रिंग में बनाया प्रेशर-

पहले राउंड में एग्रेसिव रहने वाले चेका दूसरे राउंड में पिटते दिखे। विजेंदर ने पहले तो उन्हें देसी स्टाइल में चिढ़ाया। इसके बाद जैसे ही चेका आगे बढ़े उन्हें एक के बाद एक लगातार 5-6 घूसे जड़ दिए।

विजेंदर ने इसी साल ऑस्ट्रेलिया के कैरी होप को मात देते हुए यह खिताब अपने नाम किया था। अब उनके सामने इसे बचाने की मुश्किल चुनौती है। तंजानिया के चेका के पास 43 मुकाबलों का अनुभव है, जिसमें से उन्होंने 32 में जीत हासिल की है। 34 साल के चेका इस समय अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ (आईबीएफ) की सुपर मिडिलवेट डिवीजन में मौजूदा अफ्रीकन चैंपियन हैं।

चेका और विजेंदर का रिकॉर्ड-

महज 17 साल की उम्र में पेशेवर मुक्केबाजी की दुनिया में कदम रखने वाले चेका के पास 16 साल का अनुभव है। विजेंदर ने भारतीय मुक्केबाजी इतिहास में याद रखने लायक कई कारनामे किए हैं। हरियाणा के इस खिलाड़ी ने बीजिंग ओलंपिक-2008 में भारत को मुक्केबाजी में पहला पदक दिलाया था।

मेरे पास काला धन नहीं है, लेकिन हवाई जहाज़ भी खरीद सकता हूँ -अमर सिंह

जटाशंकर पाण्डेय,

समाजवादी पार्टी नेता व राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने एक बेहद अहम खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनके पास काला धन नहीं है। 30 फीसदी पेनाल्टी टैक्स भरकर उन्होंने अपनी सारी ब्लैक मनी को सफेद कर लिया है। इसके बाद दो कार्डों को दिखाते हुए अमर सिंह ने बताया,”अब मेरे पास सिर्फ ये दो ब्लैक कार्ड्स हैं। एक सुपर एक्सक्लूसिव अमेरिकन एक्सप्रेस टाइटेनियम कार्ड है, जिसमें अनलिमिटेड क्रेडिट फैसिलिटी है। इससे आप चाहें तो बड़े आराम से हवाई जहाज भी खरीद सकते हैं।”

नोटबन्दी पर चर्चा के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए अमर सिंह ने कहा कि उनकी नजर में केवल एक दर्जन धनी और समृद्ध भारतीयों के पास ही ऐसे कार्ड्स हैं। उन्होंने बताया कि कुछ खास लोगों को आमंत्रित करके ऐसे कार्ड दिए जाते हैं।

अमर सिंह ने कहा कि वो संसद पहुंचने के लिए बेंटले, मर्सिडीज या पजेरो की जगह इनोवा का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने बताया कि अगले संसद सत्र में भाग लेने के लिए उन्होंने छोटी कार नैनो खरीदने के लिए ऑर्डर दिया है। वैसे तो इस प्रकार के कार्ड्स केवल अमीरों को दिए जाते हैं, लेकिन अमर सिंह ने अपने आप को एक निम्न-मध्यमवर्गीय राजेनता दिखाने का प्रयास किया।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले अमर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले की तारीफ की थी। उन्‍होंने कहा था कि काले धन, जाली नोट और भ्रष्टाचार को दूर के लिए प्रधानमंत्री ने साहसिक कदम उठाया है। अमर सिंह ने कहा कि हालांकि यह फैसला बिना उचित तैयारी के लागू किया गया है, लेकिन इसे तुरंत लागू किए जाने से काले धन को ठिकाने लगाने से रोका गया है।

उन्‍होंने कहा, ”प्रधानमंत्री ने उन सभी को दंडित किया है जिनके पास अकूत धन है, फिर चाहे वे उनकी पार्टी के लोग ही क्‍यों न हो। काला धन रखने वाले लोगों को अब रात की नींद नहीं आ रही है।” अमर सिंह ने दावा किया कि इस कदम ने अमीरों और गरीबों के बीच का दायरा कम कर दिया है और अब लोग टैक्‍स देंगे।

लम्बे समय तक अलगाव होगा तलाक़ की बड़ी वजह -पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट

आनंद रूप द्विवेदी,

एक अहम फैसला देते हुए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने ये स्पष्ट किया कि लम्बे समय के लिए यदि पति पत्नी एक दूसरे से अलग रहते हैं, तो यह विवाह-विच्छेद के लिए एक सशक्त परिस्थिति मानी जा सकती है। यह फैसला एक ऐसे मामले में सुनाया गया, जिसमें पति पत्नी 2005 से अलग रह रहे थे।

कोर्ट ने कहा, ‘यह अलगाव दशक पुराना हो चुका है, जिसमें पति पत्नी के बीच किसी भी प्रकार के समझौते की कोई जगह शेष नहीं है। ये भी कहा जा सकता है कि विवाह असाध्य रूप से टूट चुका है।”

हाईकोर्ट की युगल पीठ ने ये भी स्पष्ट किया कि ‘हिन्दू विवाह अधिनयम, 1955 के अंतर्गत वैवाहिक जीवन में असाध्य अलगाव विवाह-विच्छेद के लिए कोई ख़ास कारण नहीं है। ऐसी परिस्थिति में जब दम्पति एक दूसरे से लम्बे समय तक दूर रहें, यह डायवोर्स के लिए एक भारी परिस्थिति के रूप में शामिल किया जा सकता है।”

उक्त केस में पति ने हिन्दू विवाह अधिनियम की धारा 13-B के तहत अलगाव और उत्पीड़न को आधार बनाते हुए डायवोर्स याचिका दायर की थी। पत्नी द्वारा पति के सभी आरोपों को गलत बताया गया। साथ ही उसने पति पर शोषण और अत्याचार का आरोप लगाया था। पत्नी के आरोपों को गलत पाते हुए न्यायालय ने पति और उसके परिवार वालों को बरी कर दिया था साथ ही डायवोर्स के लिए अनुमति भी दे दी गई थी।

हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि ‘हमें ये कहते हुए जरा भी संशय नहीं है कि पति और उसके माता पिता की छवि को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। ऐसे में ये सुस्पष्ट होता है कि पत्नी द्वारा पति और उसके परिवार वालों पर अत्याचार किया गया है।’ अपील को हरी झंडी दिखाते हुए न्यायालय ने विवाह विच्छेद की डिक्री को पास कर दिया।

फिल्म के चक्कर में जयललिता के बारे में ये क्या कह दिया रामू ने!

शिखा पाण्डेय,

सत्या, फूंक, भूत, सरकार, राम गोपाल वर्मा की आग, वीरप्पन जैसी तमाम वर्सटाइल फिल्में बना चुके फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा अब अपनी अगली ‘शशिकला’ लेकर आ रहे हैं, जो तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता और उनकी सबसे करीबी मित्र शशिकला के जीवन पर आधारित होगी।

हाल ही में जयललिता के निधन के पश्चात् रामगोपाल वर्मा ने ट्वीट कर कहा कि जयललिता सम्माननीय हैं लेकिन शशिकला उनसे भी ज्यादा सम्माननीय हैं। उन्होंने जयललिता और शशिकला की दोस्ती का जिक्र करते हुए कहा कि मेरी फिल्म राजनीति से दूर होगी और मैं जयललिता को शशिकला की नजरों से दिखाने की कोशिश करूंगा।

वर्मा ने ट्वीट किया, ‘‘ मैंने नई फिल्म शशिकला का पंजीकरण कराया है। यह एक राजनेता के बहुत करीबी मित्र की कहानी है और पूरी तरह से काल्पनिक है। गौरतलब है कि वीके शशिकला, जयललिता की खास सहेली रही हैं और अन्नाद्रमुक ने कल घोषणा की कि शशिकला पार्टी की अगली महासचिव होंगी।

बढ़ी पब्लिक की परेशानी, पेट्रोल-डीज़ल हुआ महँगा

शिखा पाण्डेय,

देश में चल रहे तमाम उतार चढ़ावों के बीच एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों बढ़ोत्तरी हो गई है। नए बदलावों के तहत पेट्रोल के दाम 2.21 रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं, जबकि  डीजल प्रति लीटर 1.79 रुपए लीटर महंगा हो गया है। नई कीमतें आज आधी रात से लागू होंगी।

नई दिल्‍ली में वैट सहित पेट्रोल की नई कीमत 68.94 रुपए प्रति लीटर होगी। वहीं डीजल की नई कीमत 56.68 रुपए प्रति लीटर होगी। कोलकाता में पेट्रोल का दाम 71.50 रु. प्रति लीटर व डीजल 58.92 रु. प्रति लीटर होगा। मुम्बई की बात करें तो वहां पेट्रोल 75.27रु. प्रति लीटर व डीजल 62.40 रु. प्रति लीटर मिलेगा, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 68.41 रु. प्रति लीटर व डीजल 58.28 रु. प्रति लीटर होगा।

गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भारतीय बास्केट के कच्चे तेल की कीमतों में पिछले 15 दिनों के दौरान करीब 16 फीसदी उछाल आया है। 30 नवंबर को कच्चे तेल की कीमत 45.83 डॉलर प्रति बैरल थी, जो कि अब 53.11 डॉलर प्रति बैरल हो गई है। ग्लोबल बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के कारण तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है। इससे पहले 1 दिसंबर को देश की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल की कीमतों में 13 पैसे की बढ़ोत्तरी और डीजल में 12 पैसे की कटौती की थी।

आपको बता दें कि ईंधन में यह मूल्‍यवृद्धि 15 दिसंबर को होनी थी, जिसे तेल कंपनियों ने टाल दिया था। संसद का शीलकालीन सत्र समाप्‍त होने के बाद तेल कंपनियों ने 16 दिसंबर को मूल्‍यवृिद्ध की घोषणा की है।

इस योजना के तहत अपना काला धन करिए सफ़ेद

शिखा पाण्डेय,

नोट बंदी के बाद से तमाम मुसीबतों का सामना कर रही केंद्र सरकार अब भी इस प्रयास में लगी है कि काला धन रखने वाले लोग खुद अपने काले धन का खुलासा कर दें। सरकार ने कालाधन रखने वालों को एक आखिरी मौका दिया है। सरकार ने एक नयी योजना,’प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना’ (पीएमजीकेवाई) लागू की है, जिसके तहत काला धन रखने वाले लोग मार्च 2017 तक, नोटबंदी के बाद अमान्य नोटों के रूप में जमा कराई गई राशि पर 50 प्रतिशत जुर्माना चुकाकर उसे वैध कर सकते हैं।

राजस्व सचिव हसमुख अधिया ने कहा कि यह नई योजना  शनिवार, 17 दिसंबर से शुरू होगी, जिसके तहत कर चोरी करने वालों को गोपनीयता व अभियोजना से छूट की पेशकश की गई है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद बैंकों में जमा कराई गई राशि के बारे में यदि सरकार को जानकारी नहीं दी गई, तो ऐसे लोगों को कड़े जुर्माना और अभियोजना का सामना करना पड़ सकता है।

अधिया ने बताया कि नई घोषित योजना के तहत कालेधन की घोषणा नहीं कर बाद में आयकर रिटर्न में उसे आय के रूप में दिखाने पर कुल मिलाकर 77.25 प्रतिशत तक का जुर्माना व कर देना पड़ सकता है। यही नहीं, अगर किसी ने इस योजना के तहत व उसके बाद रिटर्न में भी इस तरह के धन का खुलासा नहीं किया, तो कर पर 10 प्रतिशत का अतिरिक्त जुर्माना लगेगा तथा मुकदमा भी चलाया जाएगा।

अधिया ने कहा कि पीएमजीकेवाई योजना 17 दिसंबर को शुरू होगी और इसके तहत 31 मार्च 2017 तक घोषणाएं की जा सकेंगी। उन्होंने कहा, “17 दिसंबर से ज्यादातर बैंकों में पीएमजीकेवाई योजना का लाभ लेने हेतु कर जमा कराने का चालान उपलब्ध होगा। इसमें 50 प्रतिशत कर, जुर्माने का भुगतान तथा अघोषित राशि के 25 प्रतिशत हिस्से को चार साल के लिए अलग रखा जायेगा। इन्हीं शर्तों पर कोई व्यक्ति इस योजना का लाभ ले सकेगा।”

अधिया ने बताया कि योजना के तहत इस तरह के धन पर पहले कर चुकाने होंगे और कर भुगतान प्राप्ति के आधार पर ही योजना का लाभ लिया जा सकेगा। इस योजना के तहत खुलासे को सार्वजनिक नहीं किया जाएगा और अघोषित राशि को वर्ष की आयकर रिटर्न में नहीं दिखाना होगा। आपको बता दें कि यह घोषणा ‘योजना कराधान नियम’ (दूसरा संशोधन) कानून, 2016 का हिस्सा है जिसे लोकसभा ने इसी महीने मंजूरी दी है और राष्ट्रपति ने इस पर मुहर भी लगा दी है।

देश की क़ानून व्यवस्था बिगाड़ सकती है नोटबंदी- मायावती

bsp

सौम्या केसरवानी,

बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने शुक्रवार 16 दिसम्बर को दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान एक बार फिर से केंद्र सरकार पर हमला बोला है।

मायावती ने नोटबंदी पर कहा कि केंद्र सरकार को नोटबंदी की कमियों को दूर करना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी को जनता की समस्याएं और तकलीफ समझनी चाहिये। नोटबंदी से देश में हालात लगातार ख़राब हो रहे हैं।

मायावती ने आगे कहा कि कानून-व्यवस्था ख़राब हुई, तो प्रधानमंत्री जिम्मेदार होंगे। नोटबंदी से अब तक 100 से ज्यादा लोग मर चुके हैं। नोटबंदी के हालातों के लिए बैंक मैनेजरों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है और नोटबंदी की वजह से मरने वालों की केंद्र सरकार ने कोई मदद भी नहीं की है।

संसदीय दल की बैठक में बोले पीएम, “8 नवम्बर के पहले खातों के रिकॉर्ड की जांच नहीं की जाएगी”

अमित द्विवेदी,

भारतीय जनता पार्टी की संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि 50 दिन के अंदर नोटबंदी के चलते हो रही परेशानियां समाप्त हो जाएंगी। बैठक में बोलते हुए पीएम ने स्पष्ट किया कि 8 नवम्बर के पहले खातों के रिकॉर्ड की जांच नहीं की जाएगी।

बीजेपी संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कहा कि विपक्ष के लोग बेवजह हंगामा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता को परेशानी हो रही है, लेकिन देशहित में किसी ने रोष नहीं प्रकट किया। वहीं कालेधन वाले सांस नहीं ले पा रहे हैं और सबसे ज़्यादा शोर भी यही मचा रहे हैं।

 पीएम ने विपक्षी दलों को भी निशाना बनाते हुए कहा कि इन लोगों के लिए पार्टी देश से ज़्यादा मायने रखती है, जबकि हमारे लिए देश महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग बेईमानों के साथ मिल गए हैं। पीएम ने कहा कि नोटबंदी का प्रस्ताव 1971 में आया था, लेकिन 40 साल से ज्यादा बीतने के बाद भी किसी सरकार ने इस फैसले को लागू नहीं किया।

पीएम ने नोटबंदी के फैसले पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान की तारीफ की। गौरतलब है कि नीतीश कुमार नोटबंदी के फैसले की तारीफ करते हुए कहा था कि केंद्र सरकार बेनामी संपत्ति वालों पर भी कार्रवाई करे। पीएम ने नोटबंदी पर उड़ीसा के सीएम नवीन पटनायक की भी तारीफ की।

इस फिल्मस्टार को रजनीकांत ने कहा, “ऑल द बेस्ट”

controversial statement of rajnikanth
controversial statement of rajnikanth

एंटरटेनमेंट डेस्क,

टॉलीवुड के भगवान माने जाने वाले सुपरस्टार रजनीकांत का नाम जिस फिल्म से जुड़ जाये, वो हिट न हो, ऐसा संभव नहीं है। हाल ही में रजनीकांत अपने दामाद धनुष की आगामी फिल्म वीआईपी -2 के मुहूर्त के मौके पर पहुंचे। रजनीकांत ने तमिल और तेलुगु में एक साथ बनने वाली फिल्म वेलई इल्ला पट्टाधारी (वीआईपी-2) के सीक्वल के मुहूर्त का फर्स्ट क्लैप दिया। फिल्म को रजनीकांत की बेटी सौंदर्या डायरेक्ट करेंगी और दामाद धनुष फिल्म में लीड रोल में होंगे।

वीआईपी-2 एक तमिल मसाला फिल्म है, जिसका पहला भाग 2014 में रिलीज हुआ था। सीक्वल की शूटिंग के मुहूर्त  पर रजनीकांत अपनी पत्नी लता के साथ वहां मौजूद थे। फिल्म को लेकर रजनीकांत ने ट्विटर पर ट्वीट किया और टीम को ‘ऑल द बेस्ट’ कहा।

उल्लेखनीय है कि जल्द ही रजनीकांत अपनी अगली फिल्म 2.0 में नजर आएंगे। 400 करोड़ के बजट से बन रही यह फिल्म भारत की सबसे महंगी फिल्म होगी और इसे 2017 में दिवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म में रजनीकांत के अलावा अक्षय कुमार विलेन के रोल में होंगे और अभिनेत्री ऐमी जैक्सन फिल्म में लीड एक्ट्रेस का रोल प्ले करेंगी। तमिल सुपरस्टार  के घायल होने की खबरें भी हाल ही में आईं।