अपनी अधिकतर फिल्मों में हिरोइंस को बोल्डली किस करते दिखे हॉट एंड स्टनिंग अभिनेता अर्जुन कपूर के अनुसार अभिनेत्री आलिया भट्ट किस करने के मामले में बेस्ट हैं। हाल ही में नेहा धूपिया के चैट शो में शामिल हुए अर्जुन ने कई दिलचस्प खुलासे किए।
दरअसल ”#NoFilterNeha” में ‘की एंड का’ के ‘का’ सेे पूछा गया कि करीना कपूर खान, दीपिका पादुकोण, परिणीति चोपड़ा और आलिया भट्ट में से पर्दे पर बेस्ट किसर कौन है? इस सवाल के जवाब में उन्होंने आलिया भट्ट का नाम चुना।
आपको बता दें कि अर्जुन और आलिया चेतन भगत के उपन्यास पर आधारित फिल्म ‘टू स्टेट्स’ में एक साथ काम कर चुके हैं और दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद भी किया था। अर्जुन की अगली फिल्म ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ भी चेतन भगत के उपन्यास पर ही आधारित है। इसमें अर्जुन के अपोजिट पहली बार श्रद्धा कपूर नजर आएंगी। इसके अलावा अर्जुन फिल्म ‘मुबारका’ को लेकर भी चर्चा में हैं, जिनमें वो पहली बार अपने चाचा अनिल कपूर के साथ पर्दे पर दिखेंगे।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने एक बार फिर ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपने दिल की भड़ास निकाली है। उन्होंने ट्वीट किया है कि पीएम मोदी ने देश को फुटबॉल बना दिया है। खुद करोड़ों रुपयों के चारा घोटाले में सने लालू ने मोदी से गरीब जनता को तबाह न करने की अपील की है।
नोटबंदी के बाद से बौखलाए लालू ने अपने ट्वीट में लिखा है, “मोदी ने देश को फुटबॉल बना दिया है। ये एक तरफ किक मारते है, मंत्री दूसरी तरफ, तीसरा मंत्री किसी ओर तरफ, RBI/वित्त विभाग की अपनी-अपनी किक..”
अपने एक अन्य ट्वीट में लालू ने लिखा है, “धूल में लट्ठ मारना बंद करिए। आत्ममुग्धता एवं आत्मप्रसिद्धि के फ्रेम से बाहर निकलकर विवेकपूर्ण देश को चलायें। गरीब जनता को तबाह मत करिए।”
लालू यादव ने पीएम मोदी को ट्वीट कर कहा,”मोदी जी पहले अपना आंगन तो बुहार लो..” लालू ने उत्तरप्रदेेश के गोरखपुर में जंगल चंवरी में भाजपा के स्टीकर लगी टीवीएस कंपनी की दो सौ अड़तालीस बाईक बरामद होने के बाद यह सवाल पूछा है कि ये नोेटबंदी और कालाधन बरामद होने की बात जहां तक है तो सारा कालाधन बीजेपी के पास से ही क्यों निकल रहा है?
लालू ने आरएसएस के विचारक एस गुरुमूर्ति की दो हजार रुपये के नए नोट के चलन से शीघ्र बाहर किए जाने की घोषणा पर सवाल खड़ा करते हुए ट्वीट किया और लिखा कि क्या गुरुमूर्ति को सरकार के नीतिगत फैसले के बारे में घोषणा करने का अधिकार है? इस मुद्दे पर रिजर्व बैंक, वित्त मंत्रालय और पीएम मोदी को अवश्य स्पष्टीकरण देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि गुरुमूर्ति ने सोमवार को कहा था कि केंद्र सरकार के पांच सौ और एक हजार रुपये के नोटों को चलन से बाहर किए जाने के फैसले के बाद देश में उपजी नकदी की समस्या से निपटने के लिए दो हजार रुपये के नए नोट जारी किए गए थे, लेकिन अब नकद की समस्या का समाधान होने के बाद इस नोट को चलन में बनाए रखने का कोई औचित्य नहीं है। इसके मद्देनजर दो हजार रुपये के इस नए नोट को अगले पांच साल में वापस ले लिया जाएगा।
लोकसभा में चल रहे रोज़ रोज़ के हंगामे व गतिरोध के कारण भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी आज बहुत क्रोधित हो गए और यहां तक कह दिया कि मन में आता है इस्तीफा दे दूँ। आडवाणी ने यह भी कहा कि नोटबंदी के मुद्दे पर चर्चा किए बिना यदि कल लोकसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गयी, तो ‘संसद’ हार जाएगी और हम सब की बहुत बदनामी होगी।
आडवाणी ने हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित होने के बाद कहा, ‘‘सदन में नोटबंदी के मुद्दे पर चर्चा जरुर होनी चाहिए।” सदन के दिनभर के लिए स्थगित होने से पूर्व आडवाणी ने पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से अपनी भावनाएं साझा कीं। इसके बाद उन्होंने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से कहा कि वह स्पीकर से कल सुचारु रुप से सदन चलाने और नोटबंदी पर चर्चा सुनिश्चित करने को कहें। सिंह ने आडवाणी की बात तो सुनी लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
विमुद्रीकरण के मुद्दे पर विपक्ष और सत्ता पक्ष के सदस्यों के भारी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही करीब सवा 12 बजे स्थगित होने के बाद भी आडवाणी सदन में करीब 20 मिनट तक गंभीर चिंतन की मुद्रा में बैठे रहे। नोटबंदी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस और केंद्र सरकार के बीच चल रही तनातनी को लेकर अडवाणी ने कहा, ‘‘ चर्चा जरुर करें और कल चर्चा कर शांति से सदन को स्थगित कर दें बिना किसी जीत हार के।” उन्होंने कहा, ‘‘सब को लगी है , हम जीतें , हम जीतें, लेकिन यदि कल भी ऐसे ही हंगामे के बीच सदन स्थगित हो गया, तो संसद हार जाएगी और हम सब की बहुत बदनामी होगी।”
सदन स्थगित होने पर तृणमूल कांग्रेस के नेता इदरिस अली आडवाणी के पास गए। इस बीच विपक्ष के कुछ और सदस्य भी आडवाणी की सीट के पास आ गए। मीडिया गैलरी में मौजूद पत्रकारों ने आडवाणी को इदरिस अली के साथ बातचीत में यह कहते हुए सुना कि उन्होंने गृह मंत्री राजनाथ सिंह से कहा था कि मेरा नाम लेकर लोकसभा अध्यक्ष से कहिए कि सत्ता पक्ष और कांग्रेस की ओर से किसी नेता को आज बुला लें और यह तय कर लें कि कल सदन चले।
सदन की कार्यवाही करीब सवा 12 बजे दिनभर के लिए स्थगित होने के बाद करीब 20 मिनट तक इदरिस से अपने मन की व्यथा साझा करने के बाद आडवाणी लोकसभा की कार्यवाही का एजेंडा पेपर हाथ में लेकर धीमे कदमों से सदन से बाहर चले गए। उनके पीछे पीछे तीन चार भाजपा सदस्य भी थे।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह भी इसी मसले को लेकर आडवाणी ने गहरा क्षोभ प्रकट करते हुए कहा था कि न तो स्पीकर और न ही संसदीय कार्य मंत्री सदन को चला पा रहे हैं।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री को लेकर एक बार फिर उन पर हमला बोला है। केजरीवाल ने कहा कि देश में नोटबंदी जैसा इतना बड़ा फैसला लेने वाले मोदी कितने पढ़े लिखे हैं, यह जानने का हक देश की जनता को है। केजरीवाल ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा वह अपनी डिग्री पर दिखाने के मामले पर गुजरात हाईकोर्ट में स्टे लेने की कोशिश की कर रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश की जनता नोटबंदी कांड की चपेट में है। देश की जनता को यह जानने का हक है कि ‘पीएम को अर्थशास्त्र की समझ है या नहीं’।
उन्होंने कहा, गुजरात हाईकोर्ट में पीएम मोदी की डिग्री मामले की सुनवाई है। लेकिन इस मामले पर स्टे लेने के लिए मोदी ने अपने बेस्ट वकील तुषार मेहता को भेजा है। केजरीवाल ने सवाल उठाया कि कहीं ऐसा तो नहीं कि उनकी डिग्री फर्जी है?
केजरीवाल ने अपने ट्वीट पर लिखा कि मोदी जी 12वीं पास हैं। उसके बाद की डिग्री फर्जी हैं। केजरीवाल ने आगे कहा, नोटबंदी के बाद बैंकों में 12.44 लाख करोड़ रूपये आए है। इससे पीएम अपने अमीर दोस्तों का लोन माफ न करें। बल्कि इन पैसों से किसानों और व्यापारियों के लोन माफ किये जाएं।
गोरखपुर में बीजेपी ने 248 बाइक प्रचार के लिए खरीदी-
इस मामले पर केजरीवाल ने पूछा कि बीजेपी के पास इतने पैसे कहाँ से आएं। दो साल में मोदी जी ने कितने पैसे कमाएं हैं। गौरतलब है कि गोरखपुर के खोरबार इलाके में बीजेपी के स्टीकर लगी 248 बाइक व स्कूटी खरीदने का मामला सामने आया है। यह बीजेपी के बेनीगंज कार्यालय के नाम पर 188 टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक का पंजीयन कराया गया है।
अभिनेत्री सोनम कपूर को परदे पर आप दुल्हन के रूप में देख चुके हैं, पर बहुत जल्द ही सोनम असल जीवन में भी आपको दुल्हन के रूप में नज़र आएंगी। फिल्मों के अलावा सोनम के निजी जीवन की खबरें तो आप सुन ही रहे होंगे। पिछले काफी दिनों से चर्चा है कि सोनम बिजनेसमैन आनंद आहूजा को डेट कर रही हैं। सूत्रों से पता चला है कि सोनम जल्द ही इस रिलेशनशिप को अगले पायदान पर ले जाना चाहती हैं।
सुनने में यह भी आया है कि कुछ समय पहले दोनों लंदन में छुट्टियां मनाने भी गये थे, लेकिन दोनों ने कभी इस रिलेशनशिप के बारे में खुलकर कुछ नहीं कहा है। कुछ दिनों पहले लंदन में सोनम अपने एक करीबी दोस्त की सगाई में अपनी बहन रिया कपूर के साथ पहुंची थीं, जहां आनंद आहूजा भी मौजूद थे। सोनम और आनंद ने अक्षय कुमार की फिल्म ‘रुस्तम’ की सक्सेस पार्टी में एक साथ पब्लिक अपीयरेंस दी थी।
सोनम से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने ऐसी खबरों को पूरी तरह से गलत बताया, लेकिन ऐसी खबरें आ रही है कि दोनों अगले साल शादी कर सकते हैं। सोनम का कहना है कि उनकी पर्सनल लाइफ को पर्सनल ही रखा जाये।
गौरतलब है कि सोनम जल्द ही आगामी फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ में नजर आनेवाली हैं। फिल्म में करीना कपूर और स्वरा भास्कर भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
स्कूली बच्चों में नशे/ड्रग्स का सेवन बेहद चिंता का विषय है, जिस पर गंभीरता से कदम उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को निर्देश जारी किये हैं। एक अहम केस के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से ये रिपोर्ट मांगी है कि भारत में स्कूली बच्चों में नशे/ड्रग्स के सेवन को लेकर क्या आंकड़े हैं। इसके लिए चार माह का समय दिया गया है, जिसमें केंद्र सरकार को राष्ट्रीय स्तर पर एक सर्वे करवाना होगा।
सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों के सिलेबस में ड्रग्स को लेकर अवेयरनेस सम्बन्धी पाठ जोड़े जाने के लिए भी निर्देश जारी किये हैं। केंद्र सरकार को दिए निर्देशों के अनुसार, जल्द से जल्द या छः माह के भीतर एक राष्ट्रीय एक्शन प्लान तैयार किया जाए, जिसमें स्कूली बच्चों में ड्रग्स की समस्या से निबटने का खाका तैयार किया जायेगा। सुप्रीम कोर्ट के अनुसार स्कूली बच्चों में ड्रग अब्यूज एक बेहद चिंताजनक विषय है, जिसपर तत्काल करवाई की जाए।
बीडल्यूएफ सुपर सीरीज में पहली बार खेल रही भारत की बैडमिंटन स्टार पी वी सिंधू ने पहली सफलता के साथ इस टूर्नामेंट में अपना खाता खोला है। ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू ने महिला एकल के ग्रुप बी मैच में अपने से बेहतर रैंकिंग वाली जापान की अकाने यामागुची को हराया। सिंधू ने दुनिया की आठवें नंबर की खिलाड़ी यामागुची को एक घंटे से अधिक चले मुकाबले में 12-21, 21-8, 21-15 से हराया।
पहले गेम में सिंधू ने शुरुआत में ही 3-6 की बढ़त बनाई जिससे वह उबर ही नहींं पाई। यामागुची ने इस बीच सिंधू की गलतियों का पूरा फायदा उठाया और आसानी से अंक जुटाए और ब्रेक तक 11-5 की मजबूत बढ़त बना ली। सिंधू का प्रदर्शन इस राउंड में अच्छा नहीं रहा और यामागुची ने 14-7 स्कोर कर लिया, लेकिन इसके बाद सिंधू के शानदार स्मैश और जापान की खिलाड़ी द्वारा नेट पर शॉट उलझाने और कुछ गलतियों से चार अंक सिंधु के खाते में जुट गए। सिंधू ने वीडियो चैलेंज भी जीतकर यामागुची की बढ़त को 14-11 तक सीमित किया। सिंधू ने इसके बाद सहज गलतियां की जिससे यामागुची 17-12 से आगे हो गई जिसके बाद जापान की खिलाड़ी ने लगातार चार अंक के साथ पहला गेम जीत लिया।
सिंधू ने दूसरा गेम 21-8 पर समाप्त किया। निर्णायक गेम में ओलंपिक रजत पदक विजेता और साल में सबसे ज्यादा सुधार करने वाली खिलाड़ी का पुरस्कार पाने वाली सिंधू ने अपनी लय को लगातार कायम रखा और 8-4, 10-6, 16-10,19-12 से अपनी बढ़त मजबूत रखते हुये 21-15 पर गेम और मैच जीत लिया। सिंधू का अब गुरुवार को अपने ग्रुप में चीन की सुन यू के साथ मुकाबला होगा। सिंधू के ग्रुप में विश्व और ओलंपिक चैंपियन स्पेन की कैरोलिना मारिन भी हैं। सुन यू ने ग्रुप बी में कैरोलिन मारिन को 58 मिनट में 21-18, 25-22 से शिकस्त दी।
आपको बता दें कि भारत के लिए रियो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली सिंधू ने हाल ही में चीन सुपर सीरीज फाइनल का खिताब जीता है और हांगकांग ओपन में उप विजेता रही हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार 14 दिसम्बर को सूबे के नोएडा को 27 परियोजनाओं की सौगात दी। परियोजनाओं के लोकार्पण का कार्यक्रम लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास 5 केडी में आयोजित किया गया। लोकार्पण के मौके पर सीएम अखिलेश ने कार्यक्रम का संबोधन भी किया।
अखिलेश ने कार्यक्रम में आगे जानकारी दी कि नोएडा में सपा सरकार जनेश्वर मिश्र पार्क बनवाएगी। जनेश्वर मिश्र पार्क ढाई हजार एकड़ में बनाया जायेगा, जो दुनिया का सबसे बड़ा पार्क होगा। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी लोग बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री अखिलेश ने गठबंधन पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि गठबंधन हो जाये तो इससे अच्छा क्या हो सकता है। यदि गठबंधन होता है तो 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। साथ ही सीएम ने कहा कि लड़ाई में बसपा बहुत पीछे छूट गयी है।
सीएम ने संबोधन में आगे कहा कि बसपा और भाजपा मिलकर आरोप लगा रही है। बसपा के सभी भाई भाजपा में गए हैं। आजकल बुआ टीवी पर बहुत दिखाई दे रही हैं। टीवी में आने के लिए बसपा मैनेजमेंट का सहारा ले रही है।
चित्रकूट: नोटबन्दी के फैसले को एक महीने से ऊपर का समय हो गया है, लेकिन अभी भी बैंको की स्थिति जस की तस है। चित्रकूट जिला मुख्यालय भी इससे अछूता नहीं है। सबसे ज्यादा बुरी दशा इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंको की है, जहाँ कई दिनों से लगातार कैश की समस्या आ रही है।
बैंक कर्मचारियों के अनुसार, पिछले हफ्ते के गुरूवार से बैंकों में कैश नहीं आ रहा है। आपको बता दें कि दो दिनों की छुट्टी के बाद कल तमाम बैंक खुले थे, लेकिन जैसे ही लोग यूपी ग्रामीण बैंक पहुंचे, उन्हें बताया गया कि कैश ही नहीं है।
फिलहाल 500 और 1000 की बड़ी नोटों के बंद होने के कारण किसानों और मजदूरों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे ही चित्रकूट के एक किसान बालम 40 किमी दूर से इस उम्मीद में बैंक आये थे कि आज तो पैसा निकल ही जायेगा, लेकिन उन्हें निराश ही होना पड़ा। उन्होंने बताया कि हम एक हफ्ते से लगातार बैंक आ रहे हैं, लेकिन रोजाना बैंक वाले कहते हैं कि कैश नहीं है। उन्होंने बताया कि ये समय रबी की फसल का समय है और अगर जल्दी ही पैसा नहीं निकला तो फसल सूख जायेगी, क्योंकि बिना पैसे के हम कुछ खरीद भी नहीं पा रहे हैं।
इसी प्रकार किसान रामकिशन तो मानते हैं कि सरकार का नोटबन्दी का फैसला तो सही है लेकिन तैयारी में कुछ कमी रह गई। उन्होंने बताया कि जो पैसा बचा था उसे भी इस डर से जल्दी जमा कर दिया कि कहीं ख़राब न हो जाये, लेकिन अब रोजाना घर से बैंक आने जाने के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं।
वैसे ये स्थिति सिर्फ बालम या रामकिशन की ही नहीं है, बल्कि इस समय उन तमाम किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिनकी छोटी पूंजी बैंक में है और किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण बैंको का आलम तो ये है कि लोगों को रोज रोज बैंको के चक्कर काटने पड़ते हैं। अधिकांश किसान सरकार के फैसले से तो खुश हैं, लेकिन उनका भी मानना है कि सरकार को और तैयारी के साथ ये नियम लागू करना चाहिये था।
एक तरफ सरकार दावा कर रही है कि बैंको में कैश बड़ी मात्रा में पहुँचाया जा रहा है, लेकिन वास्तव में बैंको में कैश नहीं पहुँच पा रहा है और दूसरी तरफ देश के अधिकांश स्थानों से नई करेंसी भी बरामद हो रही है। ऐसे में जनता के सामने सबसे बड़ा प्रश्न ये है कि आखिर कैश जा कहाँ रहा है!
नोटबंदी के बाद जहां पूरे देश में हालात खराब चल रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिसिरपुर गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा कैशलेस ट्रांजेक्शन के लिए किसानों को स्मार्ट फोन और दुकानदारों को माइक्रो एटीएम मशीन दी गई है। अब यह गांव पहला कैशलेस गांव बन गया है। इसके अलावा शहर में किन्नरों के स्वाइप मशीन से नेग लेने के बाद अब शहर की प्रमुख मिठाई व गोलगप्पा की दुकानों, यहां तक की सैलून में भी स्वाइप मशीन से पेमेंट लिया जा रहा है।
मोदी के कालेधन खिलाफ चलाई जा रही मुहिम की पूरा देश जहां परेशानी के बाद भी समर्थन कर रहा है, वहीं वाराणसी के निवासी भी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।
लोगों में जागरूकता लाने, कैशलेस को बढ़ावा देने के लिए के लिए बैंक ने एक जनसभा का आयोजन किया। गांव में जनसभा का आयोजन बैंक के वाराणसी क्षेत्र प्रमुख शिशिर भूषण प्रसाद ने करवाया। उन्होंने कहा कि कैशलेस ट्रांजेक्शन से देश में काला धन की समस्या खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा ने ‘मेरा मोबाइल मेरा बैंक मेरा बटुआ’ योजना शुरू की है। इसके तहत किसानों को 10 हजार तक का स्मार्टफोन दो वर्ष के लोन पर दिया जाएगा।
गांव में फ्री वाईफाई जोन बनने से 50 मीटर के दायरे में लोग इंटरनेट का मुफ्त इस्तेमाल कर सकते हैं। बैंक के उप क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि स्मार्ट फोन में बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा प्रदत्त डिजिटल एप्प एम कनेक्ट, एम बड़ौदा, एम क्लिप व एम पासबुक आदि मौजूद है। उन्होंने बताया कि नए-पुराने 2200 खाताधारकों को एटीएम कार्ड जारी किया गया है। चाय, पान नाई व किराना के 25 दुकानदारों को नि:शुल्क माइक्रो एटीएम मशीन दी गई है।