फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर मां बन गई हैं। आज प्रातःकाल तकरीबन 7:30 बजे उन्होंने बेटे को जन्म दिया है। जानकारी के मुताबिक, करीना और नवजात दोनों ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं और पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
करीना के माँ बनने की खबर को ट्वीट करते हुए फिल्म निर्माता करण जौहर ने अपनी खुशी ज़ाहिर की। करण ने ट्वीट किया, “मेरी बेबो को लड़का हुआ है, मैं बहुत खुश हूँ”।
नवजात के बारे में बातें करते हुए सैफ ने कहा था, ‘आनेवाला बच्चा आधा मेरा है और आधा करीना का। यह बच्चा हम दोनों के रिलेशनशिप को पूरा कर देगा।’ करीना की फैमिली के साथ-साथ उनके फैन्स भी उनके मां बनने का बड़ी बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे।
आए दिन पोर्ट आउट कराने के बावजूद लोग अच्छे से अच्छे व महंगे से महंगे नेटवर्क पर कॉल ड्रॉप की समस्या से त्रस्त हैं। केंद्र सरकार इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कॉल ड्रॉप पर दूरसंचार उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया जानने के लिये एक टोल फ्री नंबर शुरू करने की योजना बना रही है। यह नंबर होगा ‘1955’।
सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी एमटीएनएल को इस ‘शॉर्ट कोड’ की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। दूरसंचार कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे एमटीएनएल से किसी समन्वय, रखरखाव, परिचालन शुल्क नहीं लेंगी। एक आधिकारिक सूत्र ने इस विषय में जानकारी देते हुए बताया, “कॉल ड्रॉप पर आईवीआरएस सिस्टम के लिये ‘शॉर्ट कोड’ 1955 आबंटित किया गया है।” दूरसंचार कंपनियों के लिये इस नंबर का प्रावधान करना अनविार्य होगा और स्थानीय तथा एसटीडी कॉल के लिये इसकी पहुंच होनी चाहिए।
ऐसा माना जा रहा है कि दूरसंचार मंत्री मनोज सिन्हा इस सेवा की शुरुआत करेंगे, लेकिन इस विषय में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस बारे में संपर्क किये जाने पर सेल्यूलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) ने कहा कि दूरसंचार विभाग से आईवीआरएस प्रणाली के लिये शार्ट कोड 1955 के क्रियान्वयन के लिये राउटिंग, शुल्क आदि के बारे में तकनीकी स्पष्टीकरण मांगा गया है। सीओएआई के महानिदेशक राजन एस मैथ्यूज ने कहा, “इस बारे में जवाब की प्रतीक्षा है।”
अंडर 18 पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप पर कब्ज़ा जमाने के तुरंत बाद भारत की अंडर 18 महिला टीम ने भी एक शानदार सफलता पाई है। भारतीय अंडर 18 महिला टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए आज चौथे महिला अंडर 18 एशिया कप के अंतिम लीग मैच में मलेशिया को 3-1 से हराकर पूल ए में शीर्ष स्थान पाया।
दोनों टीमों ने धीमी शुरुआत की। मलेशिया को मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन टीम इसे गोल में नहीं बदल सकी। भारत ने इसके बाद अपने पहले पेनल्टी कॉर्नर पर मनप्रीत कौर के गोल से बढ़त बनाई। मध्यांतर तक भारतीय टीम 1-0 से आगे थी। भारत ने दूसरे हाफ में तेजी दिखाई और 39वें मिनट पर पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल दागा।
भारत के पहले शॉट को मलेशिया की डिफेंडर ने रोक दिया, लेकिन डिफलेक्शन पर पूनम ने गोल कर दिया। मलेशिया ने 40वें मिनट में नुरामिराह शकीरा के गोल से स्कोर 1-2 किया। भारत ने हालांकि 46वें मिनट में लालरेमसियामी के गोल से 3-1 की बढ़त बनाई और गेम को अपने नाम कर लिया।
चुनाव आयोग 20 दिसंबर के बाद किसी भी समय 5 राज्यों में चुनाव का ऐलान कर सकता है। फरवरी के दूसरे सप्ताह में चुनाव कराए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड की परीक्षा से पहले चुनावों का ऐलान हो जाएगा और कुछ चरणों के चुनाव निपटा भी लिए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर में अगले साल चुनाव होने हैं। इनमें यूपी का चुनाव सबसे अहम है, जहां सपा, बसपा और बीजेपी की साख दांव पर लगी हुई है। दरअसल, यूपी में चुनाव की तारीख पर कयास उस वक्त बढ़ गया, जब उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का ऐलान किया था। ये बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होनी हैं।
इस घोषणा के बाद चुनाव आयोग ने आपत्ति दर्ज की कि बिना आयोग की अनुमति के यूपी बोर्ड परीक्षा की तारीखें कैसे घोषित कर दी गई? इसे लेकर चुनाव आयोग ने मुख्य सचिव को पत्र लिखा था। सूत्रों का कहना है कि मुख्य सचिव ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी़ वेंकटेश को कार्यालय बुलाकर उनसे बातचीत की।
यूपी में जहां समाजवादी पार्टी काबिज है, वहीं पंजाब में बीजेपी-अकाली गठबंधन की सरकार है। उत्तराखंड में हरीश रावत की अगुवाई में कांग्रेस सरकार सत्ता चला रही है। यूपी और पंजाब में इन दिनों चुनाव प्रचार चरम पर है। यहां आए दिन रैलियों का दौर जारी है। यूपी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लगातार रैलियां हो रही हैं।
चेन्नई टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए भारतीय बल्लेबाज करुण नायर ने शानदार तिहरा शतक जमाया। इंग्लैंड के खिलाफ मोहाली में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत करने वाले नायर ने 381 गेंद पर 303 रन बनाकर नाबाद रहे।
नायर तिहरा शतक बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले टेस्ट में वीरेंद्र सहवाग दो बार तिहरा शतक बना चुके हैं। नायर ने चौके के साथ अपना तिहरा शतक पूरा किया। नायर ने अपने इस तीसरे टेस्ट मैच की ऐतिहासिक पारी में 32 चौके और चार छक्के लगाए।
भारत ने 7 विकेट पर 759 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। भारत अंतिम और पांचवें टेस्ट की पहली पारी के बाद इंग्लैंड से 282 रन आगे है। इंग्लैंड ने पहली पारी में 477 रन बनाए।
दिन-रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खिलाफत करने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सुर अचानक बदल जाएं और वे मोदी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने वालों को फटकारें, ऐसा असंभव भले प्रतीत होता हो, लेकिन ऐसा हुआ है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आज पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी अमीर लोगों के हितैषी हैं, लेकिन उनके खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाना गलत है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री हैं।
इस सभा में राहुल ने नोटबंदी और किसानों की कर्ज माफी का मुद्दा एक बार फिर उठाया। इस दरम्यान उन्होंने कहा,” प्रधानमंत्री के साथ हमारी राजनीतिक लड़ाई हो सकती है लेकिन प्रधानमंत्री मुर्दाबाद कहना कांग्रेस पार्टी का काम नहीं है। मुर्दाबाद का नारा कट्टरपंथी लोग लगाते हैं, आरएसएस के लोग लगाते हैं।”
राहुल ने कहा, “8 नवंबर को जो फैसला लिया गया वो काले धन के खिलाफ नहीं था, वो किसान और गरीब लोगों के खिलाफ था। प्रधानमंत्री अमीरों का कर्ज माफ करते हैं, आप हिंदुस्तान के किसानों का कर्ज माफ कीजिये। मैंने उन्हें कहा कि आप किसानों का कर्ज माफ कीजिए, उन्होंने मेरे इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। एक शब्द तक नहीं बोले।”
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा,” देश की पूँजी का सबसे बड़ा हिस्सा लगभग 50 अति विशिष्ट परिवारों के पास है और यह प्रधानमंत्री की देन है। इन परिवार के साथ मोदी जी विदेश जाते हैं, उनके जहाज में बैठते हैं।” इस बीच विजय माल्या का ज़िक्र करते हुए राहुल ने कहा, “8 नवंबर के बाद मोदी जी ने 1200 करोड़ की टॉफी माल्या को दी है और 99 प्रतिशत लोगों से उन्हें पूछे बिना उनका खून निकाल लिया है।”
नोटबंदी के बाद यूपी के चुनाव में भाजपा ने अपनी ताकत दिखानी शुरू कर दी है और साथ ही सभी पार्टियां यूपी की जीत मे जुट गयी हैं। आज भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा कानपुर में हैं, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभा को सम्बोधित किया। पीएम करीब डेढ़ बजे रैली स्थल पहुंचे और सभा को सम्बोधित करते हुए नोटबंदी से लेकर कालेधन और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि नोटबंदी से अच्छे-अच्छों का खेल खत्म कर दिया है।
रैली में काले धन वालों पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, कुछ लोगों को लगता था कि बैंक में पैसे डाल दिए तो पैसे सफेद हो जाएंगे, लेकिन वे गलती कर गए, उन्हें पता नहीं था कि आज ईमानदारों की सरकार है। जब सरकार ईमानदारों के लिए है तो उसे कम मत आंकिए, फंस गए।
पीएम ने कहा, नई तकनीक से ढूंढ़ रहे हैं कि कहां से रुपये आए, कहां जा रहे हैं। पहले आपने कभी देखा था कि लूट के रुपये पकड़े जा रहे हैं। आगे उन्होंने कहा कि
हमने हर गांव में बिजली पहुंचा दी है। अब सिर्फ 70 गांवों में बिजली नहीं है। यूपी में 1600 गांवों में बिजली नहीं थी। कांग्रेस ने देश को तबाह कर दिया है, अब बदनाम करने में लगी है। कांग्रेस भ्रष्टाचार में डूबी है।
आज छोटे नोट और छोटे लोगों की पूजा हो रही है। नोटबंदी से कई लोगों के पसीने छूट गए हैं। अब गरीबों के घर के बाहर लाइन लगा रहे हैं। चुनावी चंदे और चुनाव सुधार पर चुनाव आयोग के रुख का समर्थन करता हूं। मैंने लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ कराने की मांग रखी थी। हम इस पर बहस चाहते थे। लेकिन संसद में चर्चा नहीं होने दी गई। मैं चुनाव आयोग के चुनाव सुधार कार्यक्रम की प्रशंसा करता हूं। बीजेपी इसका स्वागत करती है। विपक्ष पार्षदों जैसा बर्ताव भी नहीं कर रहा था, बेईमानों को बचाने के लिए कुछ लोग संसद में नारे लगा रहे थे। विपक्ष नहीं चाहता था कि संसद चले।
आप को अच्छी सरकार बताते हुए पीएम ने कहा कि दिल्ली में ऐसी सरकार बनाई है जो गरीबों के लिए समर्पित है। यूपी में परिवर्तन की आंधी चल पड़ी है, नौजवानों के लिए हम स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम लेकर आए हैं, इससे नौजवानों को नौकरी की सौगात होगी और यूपी का विकास होगा।
अक्षय कुमार की फिल्म ‘जॉली एलएलबी 2’ कक ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में अक्षय वकील जगदीश मिश्रा के किरदार में नज़र आएंगे। आजकल अक्षय के इस वकील वाले लुक की काफी चर्चा हो रही है। ट्रेलर की शुरुआत में ही अक्षय सवाल पूछते नज़र आ रहे हैं कि सलमान की शादी कब होगी।
जॉली एलएलबी 2 के डायलॉग्स काफी अच्छे नज़र आ रहे हैं। अब देखना होगा कि फुल लेंथ फिल्म में भी ये टेस्ट बरकरार रहता है या नहीं! फिल्म में अक्षय के अलावा अभिनेत्री हुमा कुरैशी और अभिनेता कुमुद मिश्रा अहम भूमिका में नज़र आएंगें । यह फिल्म 2013 में हिट रही फिल्म जॉली एलएलबी का सीक्वल है। इस फिल्म में मुख्य किरदार में नज़र आए थे अभिनेता अरशद वारसी।
अब आपको रेलवे टिकट बुक करने के लिए स्मार्ट फोन की आवश्यकता नहीं है। भारतीय रेल आपके लिए ऐसी सुविधा लेकर आ रहा है, जिसके ज़रिये स्मार्टफोन न इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ता भी अपने साधारण मोबाइल फोन के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने रविवार को मुंबई में यह घोषणा की।
प्रभु ने कहा, ”हम कई शहरी इलाकों में प्वाइंट ऑफ सेल मशीनें लगा चुके हैं, ताकि शहर में यात्री आसानी से लेन-देन कर सकें। हम ई-वॉलेट्स ला रहे हैं और मोबाइल एप्लिकेशंस के जरिए पेमेंट को बढ़ावा दे रहे हैं। जिनके पास स्मार्टफाेन नहीं है, हम उन यात्रियों के लिए भी काम करेंगे, ताकि वे अपने फोन के जरिए टिकट बुक कर सकें।”
कैशलेस लेन देन को बढ़ावा देने की दिशा में इस कदम का ऐलान करते हुए प्रभु ने कहा कि इससे तकनीक ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। कई स्टेशनों पर वाई-फाई सेवाएं देकर ‘डिजिटल इंडिया’ को प्रमोट करना मूल उद्देश्य रहेगा, मगर प्रभु के अनुसार, उनका मंत्रालय कैशलेस ट्रांजेक्शंस को बढ़ावा देने के लिए ई-टेंडरिंग की व्यवस्था लागू करने के लिए भी काम कर रहा है।
रेल मंत्री ने रविवार को बांद्रा टर्मिनल से गोरखपुर के लिए एक साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और नौ उपनगर स्टेशनों पर वाई फाई सेवाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रभु ने कहा, ‘‘हमारे देश में स्थिति ऐसी है कि गांवों के लोगों को अपने परिवारों के पास पहुंचना होता है और आजीविका की तलाश में शहर जाना होता है क्योंकि शहरों में रोज़गार के ज़्यादा अवसर उपलब्ध हैं। पूर्वी उप्र से एक ट्रेन की लंबे समय से मांग थी और आज हमने इसे पूरा कर दिया।’’
आपको बता दें कि उद्घाटन के मौके पर रवाना यह पहली ट्रेन मंगलवार को गोरखपुर पहुंचेगी। नियमित सेवा के समय साप्ताहिक ट्रेन (15068) हर शुक्रवार को बांद्रा टर्मिनल से रवाना होगी। इसी तरह से वापसी में यह ट्रेन (15067) हर बुधवार को गोरखपुर से रवाना होगी। प्रभु ने जिन नौ उपनगरीय रेलवे स्टेशनों पर वाई फाई सेवाओं का भी उद्घाटन किया, वे स्टेशन बोरीवली, अंधेरी, वाशी, बेलापुर, कुर्ला, छत्रपति शिवाजी टर्मिनल, भायखला, पनवेल और ठाणे हैं।
अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने अपने दिल का दर्द बयान करते हुए कहा है कि फिल्मी सितारों के बच्चे भी भीड़ से दूर एक सामान्य जिंदगी जीना चाहते हैं। मशहूर बॉलीवुड अभिनेता व भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी ने सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या की किताब ‘स्टैंडिंग ऑन एप्पल बॉक्स’ की लॉन्चिंग के अवसर पर कहा, “फिल्मी सितारों के या मशहूर हस्तियों के बच्चे अक्सर लोगों की भीड़ से घिरे रहते हैं, लेकिन वे भी एक सामान्य जीवन जीना चाहते हैं। मुझे लगता है कि इसमें संतुलन बनाए रखना माता-पिता के लिए महत्वपूर्ण होता है।”
दरअसल ऐश्वर्या की किताब में मशहूर हस्ती की बेटी होने के खट्टे-मीठे अनुभवों का जिक्र है। इस किताब की लॉन्चिंग के अवसर पर सोनाक्षी ने बताया कि उनका बचपन अच्छा गुजरा, लेकिन कुछ मौकों पर उन्हें बिना वजह ज्यादा सुर्खियां मिलीं, जबकि वह सामान्य ही रहना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि एक बार प्रचार के सिलसिले में 14 साल की उम्र में वह भी अपने पिता के साथ गई थीं तो लोग उनका भी ऑटोग्राफ मांगने लगे। उन्हें उस वक्त इतने लोगों से घिर जाना पसंद नहीं आया। उन्हें लगा कि उन्हें वहां नहीं आना चाहिए था।
सोनाक्षी ने ऐसी किताब लिखने के लिए ऐश्वर्या को धन्यवाद दिया, क्योंकि उनका मानना है कि इससे लोगों को फिल्मी सितारों के बच्चों के नजरिए का पता चल सकेगा। गौरतलब है कि ‘अकीरा’ और ‘फोर्स-2’ जैसी एक के बाद एक एक्शन फिल्मों में सोनाक्षी अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकी हैं। उम्मीद है कि ‘फोर्स 3’ में भी उनका धाँसू अभिनय दर्शकों को देखने को मिले।
फिल्म के अभिनेता व सह-निर्माता जॉन अब्राहम पहले ही ‘फोर्स’ श्रृंखला की तीसरी फिल्म के निर्माण की पुष्टि कर चुके हैं। इस संबंध में सोनाक्षी ने मज़ाकिया लहज़े में बताया, “मैंने पहले ही जॉन, विपुल सर (सह-निर्माता, विपुल शाह), अभिनय देव (निर्देशक) को आगाह कर दिया है कि ‘फोर्स-3’ मेरे बिना नहीं बनेगी।” आपको बता दें कि सोनाक्षी फिलहाल फिल्म ‘नूर’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म दुनियाभर में 21 अप्रैल, 2017 को रिलीज होने की उम्मीद है।