एक ओर जहां अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने हफ्ता भर पहले पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी थी कि अगर पाकिस्तान अपनी जमीन का इस्तेमाल आतंकवादियों के पालन पोषण के लिए करेगा तो वो इसके बदले बहुत कुछ खो देगा, वहीं अमेरिका द्वारा फिर से पाकिस्तान की सैन्य सहायता की गई है.
अमेरिका ने पाकिस्तान को बतौर सैन्य मदद 25.5 करोड़ डॉलर दिए हैं. प्रेसिडेंट ट्रम्प ने कांग्रेस को बताया कि पाकिस्तान को यह मदद सशर्त दी गई है. पाकिस्तान का यह पैसा एक एस्क्रो अकाउंट में डाला गया है. एस्क्रो अकाउंट वो खाता होता है जिसमें सशर्त पैसा जमा किया जाता है. जिसका उपयोग अकाउंट होल्डर तभी कर सकेगा जब वो शर्तों को पूरा करे.
पाकिस्तान को इस शर्त में पैसा दिया गया है कि इसका उपयोग वह आतंकवाद के खिलाफ कार्यवाही करने में करेगा. शर्तें पूरी करने तक इस्लामाबाद इस धनराशि का उपयोग नहीं कर सकेगा. अमेरिका चाहता है कि पाकिस्तान उन आतंकियों के विरुद्ध कड़ी कारवाई करे जो उसकी जमीन का उपयोग कर रहे हैं.
गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन सप्लाई रुकने की वजह से कई मासूमों की मौत हुई थी, इस मामले में आरोपी डा. कफील को यूपी एसटीएफ ने आज गिरफ्तार कर लिया है। बाल स्वास्थ्य विभाग के हेड डॉ. कफील कई दिनों से फरार थे।
बीआरडी अस्पताल में 10 अगस्त की रात 30 से अधिक बच्चों की मौत मामले में डॉ. कफील पर यह कार्रवाई की गई है। घटना के बाद सीएम योगी ने अस्पताल का दौरा किया था। इसके बाद डॉ. कफील को पद से हटा दिया गया था।
शुक्रवार को डॉ. कफील के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने कहा था कि अगर डॉ कफील सात दिन के अंदर सरेंडर नहीं करते हैं तो उनके घर की कुर्की की जाएगी।
100 बेड वार्ड के अधीक्षक रहे डॉ कफील खान के घर केस दर्ज होने के बाद से पुलिस छह बार दबिश दे चुकी थी। पुलिस ने उनकी पत्नी से इस मामले मे सहयोग की अपील की थी, लेकिन फरार डॉ. कफील सामने नहीं आए।
पाकिस्तान का पूर्व तानाशाह व सेनाध्यक्ष जनरल परवेज मुशर्रफ को एक आतंकवाद निरोधक न्यायालय द्वारा बेनजीर भुट्टो हत्याकांड मामले में भगोड़ा करार कर दिया गया है. साथ ही अदालत ने दो पुलिस वालों को भी सत्रह साल कैद की सजा और पांच पांच लाख जुर्माना की सजा सुनाई है.
अदालत ने आदेश दिया है कि मुशर्रफ की संपत्ति जब्त कर ली जाए. गौरतलब है कि जनरल मुशर्रफ पिछले साल से दुबई में इलाज करवाने गया है और अब वहीँ रह रहा है. अदालत द्वारा तहरीक ए तालिबान के पांच अन्य संदिग्धों को मामले से बरी कर दिया गया है.
बता दें कि पाकिस्तान की दो बार प्रधानमंत्री रह चुकी बेनजीर भुट्टो की २७ दिसम्बर २००७ को लियाकत बाग़ रावलपिंडी में एक चुनावी रैली के दौरान हत्या कर दी गई थी.
पाकिस्तान के प्रमुख अखबार Dawn द्वारा इस खबर की पुष्टि ट्वीट में माध्यम से की गई है.
इस्लाम में इबादत करने के कई नियम हैं, जिसे हर एक मुसलमान के लिए मानना जरूरी है। हजयात्रा इस्लाम के विभिन्न महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक है। अल्लाह की मेहर पाने के लिए हजयात्रा बेहद जरूरी है, लेकिन हज के लिए मक्का जाना हर मुसलमान के लिए संभव नहीं हो पाता। इसी असंभव को संभव बनाने का एक नायाब तरीका इजात कर लिया गया है। अब आपके लिए हज की खातिर मक्का जाना संभव न हो, तो मक्का खुद आपके स्मार्ट फ़ोन में चला आएगा। जी हाँ! इस्लाम के सबसे पवित्र स्थल पवित्र काबा के नाम से ट्विटर अकाउंट एक्टिवेट हो गया है। इस ट्विटर अकाउंट को @HolyKaaba नाम से एक्टिवेट किया गया है।
दरअसल बुधवार से ही दुनियाभर के लाखों मुसलमानों ने सऊदी अरब के शहर मक्का में हज की शुरुआत कर दी है। अब जो लोग खुद हज का हिस्सा नहीं बन पाए हैं, उनके लिए भी वहाँ की हर अपडेट पा लेना संभव हो गया है, क्योंकि इस टि्वटर अकाउंट पर हज यात्रा से जुड़ी हर छोटी से छोटी जानकारी अपडेट की जा रही है। अकाउंट ओपन हुए अभी दो दिन से ज्यादा वक्त भी नहीं बीता है, लेकिन इसके फॉलोवर्स की संख्या लाखों में पहुंच चुकी है। कल @HolyKaaba में धर्मगुरुओं को काबा पर लपेटी जाने वाली काली और सुनहरे सिल्क की चादर को बदलते दिखाया गया था, जिसको अब तक 15000 से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है।
इस बार करीब 20 लाख से ज्यादा मुसलमान हज के लिए पहुंचे हैं। ये यात्रा 30 अगस्त से शुरू होगी और 4 सितंबर को समाप्त हो जाएगी, जिसके बाद दुनिया भर से गये हज यात्री वापस अपने देश के लिए रवाना होंगे।
‘डिजिटल’ हज देखने का तरीका-
सऊदी अरब के संस्कृति और सूचना मंत्रालय (एमओसीआई) ने हज से जुड़े दो डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किये हैं। जहां SaudiWelcomesTheWorld.org हज और उसके ऐतिहासिक बिंदुओं को लेकर हर जानकारी उपलब्ध कराएगा, वहीं www.Hajj2017.org हज यात्रा को लेकर पल पल की जानकारी का अपडेट्स देगा। इस पोर्टल के जरिए, हज यात्रा की लाइव स्ट्रीमिंग भी देखी जा सकती है। इसके अतिरिक्त इन्फोग्राफ़िक्स और फ़ोटो भी इस साइट पर उपलब्ध होगी।
क्या है हज यात्रा का महत्त्व,कैसी होती हैं रस्में-
– इस्लाम धर्म के अनुसार, जिस प्रकार से हर एक मुसलमान नमाज एवं रोजे अदा करके अल्लाह के और करीब हो जाता है, इसी प्रकार से वह हजयात्रा से भी अल्लाह के और निकट और प्रिय हो जाता है। इसे पूर्ण करके वह मुसलमान होने का फर्ज़ अदा करता है एवं अपने जन्म को सफल मानता है।
– मक्का शहर दुनिया के मध्य में स्थापित है। मक्का का अर्थ ही है ‘केंद्र’। यही कारण है कि चारों दिशाओं के मुसलमान हाजिर हूं, ऐ अल्लाह मैं हाजिर हूं, कहते हुए उसके दरबार में पहुंचते हैं।
– हज के तीर्थयात्रियों को एक ‘तवाफ’ नाम की रस्म पूरी करनी होती है, जिसे काबा की सात परिक्रमा लगाकर पूरी की जाती है। विश्वभर के मुसलमान काबा की ओर देखकर प्रार्थना करते हैं।
मक्का के करीब स्थित रमीजमारात में शैतान को पत्थर से मारने की रस्म बहुत ज़्यादा महत्त्वपूर्ण है। ऐसा माना जाता है कि इस रस्म को अदा किए बिना प्रत्येक हजयात्री की यह यात्रा अधूरी है।
जी हाँ! सही पकड़े हैं। हमारे चहेते सुपरस्टार अक्षय कुमार गर्भवती…माफ़ कीजियेगा गर्भवान हो गए हैं। दुनिया सोच रही है ये अजूबा कैसे हुआ। तो दुनिया को सोचने दीजिये और खुद जान जाइये कैसे हुआ ये करिश्मा।
दरअसल स्टार टीवी पर जल्द शुरू होने वाले कॉमेडी के बहुचर्चित और बहुप्रतीक्षित रियलिटी शो “द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज” के ट्रेलर वीडियो में अक्षय कुमार प्रेग्नेंट मर्द के रूप में आये हैं। इसका मजेदार ट्रेलर अक्षय ने ट्वीट कर लिखा ‘दुनिया सोच रही है ये अजूबा कैसे हुआ!’
फोर्ब्स ने अपनी सूची जारी की है, जिसमें एशिया को सबसे भ्रष्ट देश बताया गया है, लेकिन जो स्टोरी फोर्ब्स ने शेयर की है वह मार्च 2017 की है, इसमें भारत को सबसे भ्रष्ट देश बताया गया है, इस सूची में पहले नंबर पर भारत, दूसरे पर वियतनाम, तीसरे पर थाईलैंड चौथे पर पाकिस्तान और पांचवें नंबर पर म्यांमार है।
फोर्ब्स की सूची के अनुसार ट्रांसपैरेंसी इंटरनेशनल के 18 महीने के सर्वेक्षण से पता चलता है कि अभी बहुत काम होना बाकी है, फोर्ब्स ने अपनी सूची पर भारत के बारे में कहा है कि यहां छह सार्वजनिक सेवाओं में से पांच- स्कूलों, अस्पतालों, आईडी दस्तावेज, पुलिस और उपयोगिता सेवाएं- आधे से ज्यादा उत्तरदाताओं को रिश्वत का भुगतान करना पड़ा है, 53% लोगों का मानना है कि पीएम मोदी अपना काम सही कर रहे हैं और काफी अच्छी तरह आगे से जा रहे हैं।
कुमार विश्वास ने ट्वीट कर लिखा है कि पहले ही कहा था कि नंबर वन बना दूंगा, बना दिया, इसे पीएम नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष माना जा रहा है। बहुत से लोगों ने कुमार विश्वास के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है कि पीएम मोदी के कार्यकाल में हम किसी चीज में तो नंबर वन आए।
लेकिन सोचने का विषय यह है कि फोर्ब्स ने मार्च 2017 की सूची को आज ट्वीट क्यों किया, एक तरफ जहां नोटबंदी को लेकर सरकार पर सवाल उठ रहे हैं, ऐसे में इस लिस्ट का अभी फिर से जारी होना सोचने का विषय है।
सोनी टीवी का सबसे पॉपुलर कॉमेडी प्रोग्राम ‘द कपिल शर्मा शो’ अब ऑफ एयर हो गया है। सोनी चैनल ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है। चैनल के नोटिफिकेशन के अनुसार कपिल शर्मा बीमार चल रहे हैं जिस कारण ये शो अस्थायी तौर पर बन्द कर दिया गया है।
सूत्रों की मानें तो चैनल कपिल शर्मा से नाराज चल रहा था जिसकी वजह से शो को बंद किया गया है। हाल ही में कपिल ने लगातार सेलेब्रिटीज़ को नाराज करना शुरू कर दिया था। दरअसल शाहरुख खान के प्रोमोशन के दौरान फिर अनिल कपूर की फ़िल्म प्रोमोशन के दौरान कपिल ने शूटिंग कैंसिल कर दी थी। जब बादशाहो फ़िल्म की टीम शूट के लिए आई तब भी कपिल ने बीमारी का हवाला देते हुए शो की शूटिंग कैंसिल कर दी थी। जिसकी वजह से चैनल ने कपिल शर्मा को इस सम्बन्ध में मौखिक चेतावनी भी दी थी।
माना जा रहा है कि इसी मनमुटाव के चलते चैनल ने कपिल का शो बन्द किया है। लेकिन शो के एक प्रमुख मेम्बर कीकू शारदा ने सोनी चैनल के द्वारा जारी किया गया नोटिफिकेशन ट्वीट करके सभी भ्रामक अटकलों को स्पष्ट कर दिया है जिसमें चैनल ने कपिल की बीमारी को शो के अस्थायी तौर पर बन्द करने का कारण बताया है।
यूपी के नए बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय पीएम मोदी के मिशन में जुट गये हैं, यूपी में निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र वो ब्राह्मण और संगठन दोनों को सम्भालने की कोशिश करेंगे। उम्र के 60वें पड़ाव में पहुंच चुके पांडेय के सितारे यहीं से बदलने शुरू हुए और अब उन्हें मोदी-शाह ने वह जिम्मेदारी दे दी है जिसकी रणनीति पर 2019 की जमीन तैयार होगी।
सूबे की सत्ता योगी आदित्यनाथ को सौंपे जाने के बाद यह चर्चा तेज थी कि यूपी बीजेपी की कमान किसी दलित या ब्राह्मण चेहरे को सौंपी जा सकती है। हालांकि, रामनाथ कोविंद को राष्ट्रपति बनाए जाने के बाद रणनीतिकारों ने अध्यक्ष पद को जाति बंधन मुक्त कर दिया था।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि बीजेपी के लिए अब एक ऐसे चेहरे की जरूरत थी जो संगठनात्मक अभियानों को गति दे सके और केंद्र के निर्देशों को जमीन पर उतार सके। शाह के भरोसेमंद लोगों में शुमार हो चुके महेंद्र इस कसौटी पर भी फिट उतरे।
महेंद्रनाथ पांडेय को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही सरकार और संगठन दोनों का ही केंद्र पूर्वांचल हो गया है। बनारस से पीएम नरेंद्र मोदी, चंदौली से राजनाथ सिंह, मिरजापुर से अनुप्रिया पटेल, गाजीपुर से मनोज सिन्हा और देवरिया से कलराज मिश्र केंद्र में मंत्री हैं। वहीं प्रदेश सरकार की कमान भी गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ के पास है। पिछले 2 साल महेंद्र पांडेय की लिए उपलब्धियों से भरे रहे हैं। 2014 में लोकसभा का टिकट मिला और वह मोदी लहर में सांसद बने। 2016 में पहले मंत्रिमंडल विस्तार में मोदी कैबिनेट का हिस्सा हुए और अब एक और `ड्रीम पोस्ट` से नवाजे गए हैं।
ऑगस्टा वेस्टलैंड चॉपर घोटाले में आज सीबीआई ने पूर्व एयर फ़ोर्स चीफ़ त्यागी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. त्यागी के अलावा इसमें अन्य के भी नाम हैं जिनमें त्यागी के कजिन संजीव व वकील गौतम खेतान का भी शामिल हैं.
450 करोड़ की घूस लेने के इस मामले में त्यागी मुख्य अभियुक्त हैं. ये चार्जशीट सीबीआई जज अरविन्द कुमार की अदालत में फ़ाइल की गई है. वकील खेतान पर सीबीआई ने आरोप लगाया है कि रिश्वत का पैसा भारत तक लाने के पीछे खेतान का ही दिमाग था. साथ ही कई फर्म्स के माध्यम से ये पैसा कैसे भारत आया. संजीव मुख्य यूरोपीय बिचौलिए कार्लो गेरोसा के बेहद करीब थे.
जमानत पर बाहर इकहत्तर वर्षीय रिटायर्ड एयर फ़ोर्स चीफ़ एसपी त्यागी व उनके कजिन भाई संजीव और वकील खेतान को गत 9 दिसम्बर को मामले में संदिघ्ध मानते हुए गिरफ्तार किया गया था.
क्या है ऑगस्टा वेस्टलैंड चॉपर घोटाला:
2010 का वीवीआइपी हेलीकॉप्टर घोटाला, जिसमें फिनमेकैनिका से 3600 करोड़ में 12 हेलीकॉप्टरों का सौदा किया गया था. इटली की मिलान अदालत से फ़ैसला आया जिसमें घूसखोरी के पुख्ता सबूत मिले. अदालत की ओर से कहा गया था कि पूर्व वायुसेना प्रमुख एसपी त्यागी को कुल 3 करोड़ यूरो की घूस दी गई है.
दिल्ली के गाजीपुर में कूड़े का पहाड़ गिरने की खबर है. इसके कारण कुछ गाड़ियां और मोटरसाइकिल कोंडली नहर में गिर गए हैं. इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है और कई लोगों के घायल होने की भी खबर है.
जानकारी के मुताबिक़, हादसे के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई. यहां से कई घायलों को निकाला गया है. राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है. एडिशनल डीसीपी सत्य सुंदरम के अनुसार, नहर में 2 बाइक, एक कार और एक स्कूटी गिरी थी. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 5 लोगों को बाहर निकाल लिया गया. स्कूटी में सवार लड़की और बाइक में सवार युवक की मौत हो गई. इन्हें निकालने में 16 गोताखोर भी जुटे हैं.
बताया जा रहा है कि कचरे के पहाड़ में एक धमाका हुआ, जिससे ये ढह गया. कूड़े के इस ढेर से धुआं भी निकलता दिखाई दिया. आज कूड़े का ढेर अचानक से ढह गया जिससे यहां से गुजर रहे लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला. गाड़ियों में सवार लोग कार-बाइक समेत ही नहर में जा गिरे. गोताखोरों की मदद से इन लोगों को बाहर निकाला जा रहा है. एनडीआरएफ की भी एक टीम बचाव में जुट गई है.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल घटनास्थल के लिए निकल चुके हैं. ईडीएमसी कमिश्नर रणबीर सिंह ने कहा है कि घटना किस कारण हुई यह जांच के बाद ही कहा जा सकता है. एमसीडी की टीम मौके पर पहुंच गई है और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किए जाने की भी खबर है. इसके अलावा कुछ गाड़ियां कूड़े के ढेर में फंसे हुए होने की भी खबर है.