26 C
Mumbai
Monday, August 17, 2026
Home Blog Page 902

गुजरात चुनाव के ठीक पहले मोदी सरकार का चौका, GST में व्यापारियों को राहत

अमित द्विवेदी | Navpravah.com
जीएसटी रिटर्न भरने के लिए कंपनियों को और समय दिया गया है। हालाँकि वित्त मंत्रालय द्वारा दिए गए इस राहत को लोग गुजरात चुनाव से जोड़ रहे हैं, लेकिन कंपनियों ने इस फैसले से राहत की सांस ली है। वित्त मंत्रालय ने जुलाई के लिये खरीद रिटर्न फाइल करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है, अब जुलाई के लिये जीएसटीआर-2 30 नवंबर तक भरा जा सकेगा।
जीएसटी लागू होने के बाद व्यापारियों में वर्तमान सरकार के प्रति काफी रोष देखा गया। नाराज़ व्यापारियों ने गुजरात में जीएसटी के खिलाफ रैली भी निकाली। खबरों में लगातार यह बात सामने आ रही थी कि गुजरात चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ सकता है। लेकिन सरकार ने चुनाव के ठीक पहले जीएसटी के रिटर्न भरने को लेकर अतिरिक्त अवधि दे दी तो ऐसी संभावना जताई जा रही है कि इससे आगामी विधानसभा चुनाव में वर्तमान सताधारी पार्टी को लाभ हो सकता है।
जीएसटी रिटर्न भरने के लिये पहले यह समय सीमा 31 अक्टूबर थी। वित्त मंत्रालय के इस फैसले से व्यापारियों और टैक्स भरने वालों को राहत मिलेगी। जीएसटीआर-3 फाइल करने की आखिरी तारीख भी बढ़ा दी गई है। अब 11 दिसंबर तक जीएसटीआर-3 फाइल कर सकते हैं। पहले यह तारीख 10 नवंबर 2017 थी। 1 जुलाई 2017 से देश में जीएसटी लागू किया गया था।

आम आदमी की दिक्कतों के लिए पीएम के पास समय नहीं -राहुल गाँधी

राहुल गाँधी
BJP सांसद हमें बताते हैं
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
आज कांग्रेस मुख्यालय में बैठक हुई, जिसमें नोटबंदी और जीएसटी पर सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस की रणनीति पर वरिष्ठ नेताओं ने साथ चर्चा की। कांग्रेस मुख्यालय में हुई इस बैठक में गुलाम नबी आजाद, मोतीलाल वोरा समेत कई बड़े कांग्रेस नेता शामिल हुए।
इस बैठक के बाद राहुल गांधी ने कहा कि, ‘8 नवंबर देश के लिए बेहद बुरा दिन था, मुझे नहीं पता कि सरकार कैसे नोटबंदी का जश्न मना सकती है। मुझे लगता है कि नोटबंदी से पीएम मोदी को अभी तक आम जन की तकलीफों का ऐहसास नहीं हुआ है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने जीएसटी पर कहा, उन्हें एक अच्छे आइडिया को बेहद खराब ढंग से लागू किया, इससे पूरे देश को नुकसान उठाना पड़ रहा है। नोटबंदी के टॉरपीडो के बाद जीएसटी दूसरा टॉरपीडो था, जिसने भारत की अर्थव्यवस्था को ध्वस्त कर दिया।
इस बैठक के अलावा जीएसटी पर भी एक बैठक होगी, इस बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम, जयराम रमेश और राहुल गांधी मौजूद होंगे। आने वाली 8 नवंबर को नोटबंदी को एक साल हो जाएगा, नोटबंदी के कारण जनता को हुई असुविधा को मुद्दा बना कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन कर अपनी शक्ति दिखाना चाहती है। कांग्रेस का प्लान देशभर में 8 नवंबर को जोरदार प्रदर्शन करने का भी है।

सुप्रीम कोर्ट ने ममता बनर्जी को लगाई फटकार

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मोबाइल फोन नंबर को आधार कार्ड से लिंक करने के विरोध में दायर याचिका पर फटकार लगायी है।कोर्ट ने ममता सरकार से कहा कि वह संसद से पास कानून के खिलाफ कैसे जा सकती हैं।

कोर्ट ने ममता सरकार से कहा है कि अगर ऐसा होता है तो राज्य के बनाए कानून पर केंद्र भी चुनौती देगा। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार से अपनी याचिका में बदलाव करने को कहा है।

ममता बनर्जी ने खुली चेतावनी दी थी कि वह अपने मोबाइल को आधार से लिंक नहीं करेंगी, भले ही उनका फोन बंद क्यों न कर दिया जाए। ममता बनर्जी ने ऐसा न करने के पीछे कई वजह भी बताईं, उन्होंने कहा, जैसे ही आप आधार से मोबाइल लिंक करेंगे केंद्र सरकार को सब पता चल जाएगा, घर में आप क्या खा रहे हैं, पति-पत्नी क्या बात कर रहे हैं, सब उन्हें पता चल जाएगा।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘मैं बाकी लोगों से भी इस मामले में आगे आने की अपील करती हूं, मोबाइल नंबर से आधार को लिंक करने का यह कदम व्यक्तिगत गोपनियता पर अटैक करना है।

वेदान्ती ने कहा, “राम मंदिर मामले में श्री श्री रविशंकर कैसे कर सकते हैं मध्यसतता

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

सम्भल के ऐंचोड़ा कंबोह में चल रहे कल्कि महोत्सव के पांचवे दिन भाजपा के पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती वहाँ पहुंचे, उन्होंने वहाँ कहा कि संभल में कल्कि महोत्सव के बाद कल्कि मंदिर बनेगा, योगी आदित्यनाथ भी कल्कि मंदिर बनने के पक्ष मे हैं, वे मंदिर बनवाना चाहते हैं।

डॉ. वेदांती ने कहा कि राममंदिर मामले में मध्यस्थता करने का अधिकार सिर्फ रामजन्मभूमि न्यास, विश्व हिंदू परिषद और अयोध्या के संतों को है और कल्कि मंदिर जल्द से जल्द बनेगा।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती का दावा है कि अयोध्या में विवादित ढांचा गिराने में उनकी मुख्य भूमिका थी। वेदांती ने कहा कि विवादित ढांचा गिराने के आरोप में उनको फांसी लगा देनी चाहिए।

वेदांती ने आगे कहा कि मैंने अयोध्या का विवादित ढांचा गिराया था, इसका मुझे कोई पछतावा नहीं है, इसके लिए मुझे फांसी भी दी जाये तो मैं पछतावा नही करूँगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर बनाने का वादा किया था तो उसे पूरा करना होगा।

आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर के बारे में उन्होंने कहा कि वह तो कभी भी राम जन्म भूमि आंदोलन से जुड़े नहीं रहे तो वह मध्यस्थता कैसे करा सकते हैं। वह तो एक बड़ा एनजीओ चलाते हैं, उनका राम मंदिर से कोई लेना-देना नही है।

जिस व्यक्ति ने आज तक रामलला के दर्शन तक नहीं किये है तो वह निर्माण पर मध्यस्थता कैसे कर सकते हैं। तो फिर रविशंकर कैसे मध्यस्थता करने की पात्रता रखते है। यदि रविशंकर को इस मामले में मध्यस्थता करने की इतनी ही इच्छा है तो पहले उन्हें रामलला के दर्शन व पूजन करना चाहिए, इसके बाद ही वो मध्यस्थता की बात सोचें।

भारत ने बेहद रोमांचक मुकाबले में जीता मैच, सीरीज़ पर क़ब्ज़ा

शिखा पाण्डेय । Navpravah.com

कानपुर में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले गए तीसरे वनडे मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ बेहद रोमांचक जीत दर्ज की है। भारत ने न्यूज़ीलैंड को 6 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की यह वनडे सिरीज़ भी अपने नाम कर ली है। रोहित शर्मा मैन ऑफ़ द मैच रहे और विरोट कोहली को मैन ऑफ़ द सिरीज़ का ख़िताब मिला। रोहित शर्मा ने एक दिवसीय मैचों में अपना 15वां शतक लगाया। साथ ही विराट ने एकदिवसीय मैचों में अपने नौ हज़ार रन भी पूरे किए।

न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने रोहित शर्मा और विराट कोहली की शतकीय पारियों के दम पर 50 ओवरों में छह विकेट खोकर 337 रन बनाए। 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 331 रन ही बना पाई।

भारत की पारी-

शुरुआत में न्यूज़ीलैंड को सातवें ओवर की पहली गेंद में शिखर धवन के रूप में पहली कामयाबी मिली। शिखर 14 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। इसके बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की। इन दोनों खिलाड़ियों ने न्यूज़ीलैंड के गेंदबाजों को पस्त कर के रख दिया।

लंबे इंतज़ार के बाद न्यूज़ीलैंड को दूसरी सफलता 42वें ओवर में रोहित शर्मा के रूप में मिली, मगर तब तक भारत बेहद मज़बूत स्थिति में पहुंच चुका था। रोहित ने 106 गेंदों में अपने सौ रन पूरे किए जिसमें 11 चौके और दो छक्के शामिल हैं। रोहित शर्मा 147 रन बनाकर आउट हुए।

कप्तान विराट कोहली ने भी सेंचुरी लगाई। इस मैच में वह 113 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। यह कोहली का वनडे में 32वां शतक था। विराट ने अपने 9000 रन पूरे करने के साथ ही एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। ग्रैंडहोम की गेंद पर चौका लगाने के साथ ही 167 मैचों में नौ हज़ार रन पूरा कर इस लक्ष्य तक पहुंचने वाले वह सबसे तेज़ खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड ए बी डिविलियर्स के नाम था। इससे पहले सौरभ गांगुली, तेंडुलकर, धोनी, द्रविड़ और अज़हरुद्दीन ने भारत की तरफ़ से 9,000 रन बनाए हैं।

अन्य खिलाड़ियों की यदि बात करें तो हार्दिक पंड्या 8, महेंद्र सिंह धोनी 25 और केदार जाधव 18 रन बनाकर आउट हुए। दिनेश कार्तिक 4 रन बनाकर नॉट आउट रहे।

न्यूज़ीलैंड की पारी-

338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए न्यूज़ीलैंड की तरफ से ओपनिंग करने मार्टिन गप्टिल और कॉलिन मुनरो उतरे। छठे ओवर की पहली गेंद पर गप्टिल बुरामह की गेंद पर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच हो गए। वह 10 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद कप्तान केन विलियमसन ने मुनरो के साथ पारी संभाली। न्यूज़ीलैंड का दूसरा विकेट पच्चीसवें ओवर में मुनरो के रूप में गिरा, जिन्हें चहल ने 75 रनों के स्कोर पर बोल्ड किया। चार ओवर बाद 64 रन बनाकर खेल रहे विलियमसन भी चहल की गेंद पर धोनी के हाथों कैच हो गए।

इसके बाद रॉस टेलर और टॉम लैथम ने पारी संभाली। 41वें ओवर में टेलर जब 39 रन बनाकर आउट हुए, न्यूजीलैंड ने 306 रन बना लिए थे, मगर इसके बाद मैच रोमांचक हो गया। ऐसा लगने लगा कि मैच भारत के हाथ से निकल गया है, लेकिन 47वें ओवर में हेनरी निकोल्स को भुनवेश्वर ने बोल्ड कर दिया और इसके अगले ही ओवर में लैथम भी 65 रन के स्कोर पर रनआउट हो गए।

आखिरी ओवर में न्यूज़ीलैंड को जीतने के लिए 15 रनों की ज़रूरत थी। ऐसी स्थिति में बुमराह ने बेहद सधी हुई गेंदबाजी की। तभी गेम पलटा और पचासवें ओवर की चौथी गेंद पर सैंटनर ने हवा में शॉट खेला, लेकिन धवन ने उन्हें डीप मिड-विकेट पर लपक लिया।

अब न्यूज़ीलैंड को 2 गेंदों में 12 रन चाहिए थे। यह तभी हो सकता था जब दो छक्के लगते, मगर पांचवीं गेंद पर न्यूज़ीलैंड को सिंगल ही मिल पाया। आख़िरी गेंद पर चौका तो लगा, मगर भारत 6 रनों से जीत गया जसप्रीत बुमराह ने 3, भुवनेश्वर कुमार ने 1 और युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट हासिल किए।

आपको बता दें कि इस सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड ने शानदार जीत दर्ज की थी, वहीं दूसरे मैच को अपने नाम कर भारत ने जोरदार वापसी की थी।

सोमालिया: मोगादिशू के एक होटल में आत्मघाती हमला, 23 की मौत 30 घायल 

एनपी न्यूज़ नेटवर्क | Navpravah.com  
सोमालिया की राजधानी मोगादिशू के एक प्रसिद्ध होटल के बाहर भीषण आत्मघाती हमला हुआ। इस हमले में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हुए हैं। यह हमला रविवार को शुरू होने वाली मंत्रिमंडल की उच्चस्तरीय बैठक से पहले नासाहाब्लोड 2 होटल के बाहर शनिवार रात को हुआ। पुलिस के मुताबिक, सुरक्षाबलों और हमलावरों के बीच जारी गोलीबारी के बीच होटल से सरकार के एक मंत्री सहित 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले हमले के बाद इसी स्थान पर दूसरा विस्फोट भी हुआ। दूसरा विस्फोट उस समय हुआ, जब बचाव दलों के होटल तक पहुंचने के लिए रास्ते पर से एक छोटे वाहन को हटाया जा रहा था। आतंकवादी संगठन अल शबाब ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बता दें कि इस हमले से दो सप्ताह पहले भी मोगादिशू में एक बम विस्फोट हुआ था, जिसमें करीब 360 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। इस मामले में सिक्योरिटी ऑफिसर मोआलिन अदान ने कहा, ‘करीब 14 नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई है। फोर्सेस अभी भी मौके पर तलाश कर रही हैं और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही हैं।’ इस हमले में करीब 17 लोग घायल हैं।
देश के सूचना मंत्री ने यह जानकारी दी थी। एक ट्वीट में सोमालियाई नेता अब्दीरहमान उस्­मान ने हमले को बर्बर करार दिया था। उन्होंने बताया था कि तुर्की और केन्या सहित कई देशों ने चिकित्सा सहायता की पेशकेश की। विदेश मंत्रालय सहित महत्वपूर्ण मंत्रालयों के निकट व्यस्त चौराहे को निशाना बनाकर किए गए ट्रक बम विस्फोट के बाद अस्पतालों में भारी भीड़ लग गई थीं। विस्फोट स्थल पर बड़ी संख्या में गुस्साए लोग एकत्रित हुए थे। वहीं, सोमालिया सरकार ने हमले को राष्ट्रीय आपदा करार देते हुए अल-कायदा से जुड़े चरमपंथी गुट अल-शबाब को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया था।
मृत लोगों में एक सीनियर पुलिस ऑफिसर और एक सांसद की पहचान भी की गई है| इस हमले की जिम्मेदारी अलकायदा से संबंधित शबाब इस्लामिस्ट ने ली है। इसकी जानकारी उन्होंने एक स्टेटमेंट के जरिए दी जो कि एंडालस रेडियो स्टेशन पर दिया गया था। बता दें कि करीब 15 दिन पहले ही मोगादिशु में एक ट्रक बम से अटैक किया गया था।

रणबीर और आलिया भट्ट स्टारर ‘ब्रह्मस्त्र’ साल 2019 में होगी रिलीज़

एंटरटेनमेंट डेस्क | Navpravah.com 
रणबीर कपूर,आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन स्टारर फैंटसी फिल्म का नाम कुछ दिनों पहले ‘ब्रह्मस्त्र कन्फर्म हुआ है। करण जौहर अब रणबीर कपूर और आलिया भट्ट को लेकर अपने कॅरियर की सबसे बड़े बजट वाली फिल्म बनाने जा रहे हैं। पहले इस फिल्म का नाम ड्रेगन रखा गया था। यह फिल्म 15 अगस्त 2019 को फिल्म रिलीज होगी।
अब ख़बरों की मानें तो इस फिल्म की लागत 150 करोड़ की बताई जा रही है। यानी कि करण, रणबीर के करियर पर इतने करोड़ का दाव लगा रहे हैं। रणबीर ही नहीं बल्कि फिल्म में अमिताभ बच्चन भी एक अहम् किरदार में नज़र आने वाले हैं। कुछ दिनों पहले यह कन्फर्म हुआ है कि फिल्म में टीवी की हॉट एक्ट्रेस मौनी रॉय को भी साइन कर लिया गया है। पिछले दिनों करण जौहर ने एक ट्वीट के जरिए बताया था, ‘ब्रह्मास्त्र फैंटेसी, एडवेंचर और प्यार की ट्रायोलॉजी है। अमिताभ, रणबीर और आलिया पहली बार किसी फिल्म में साथ काम करेंगे। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि करण जौहर इस फिल्म के बजट को लेकर चिंतित नहीं हैं, वे जानते हैं कि सुपरहीरो फिल्मों के लिए एक तय बजट की जरूरत है।
इतना ही नहीं, यह भी कहा जा रहा है कि 15 अगस्त 2019 को बॉक्स ऑफिस पर अक्षय कुमार अपनी एक बड़ी फिल्म को रिलीज़ करने का प्लान कर रहे हैं। यानी कि रणबीर की इस सुपरनेचुरल फिल्म को अब अक्षय कुमार की किसी देसी फिल्म का सामना कर सकता है। वैसे, कुछ सालों से जब जब खिलाडी कुमार अपनी फिल्मों को 15 अगस्त के दौरान रिलीज़ करते है। तब उनका ही पलड़ा भारी नज़र आता है।

ट्विंकल ने कहा, ‘बजाने’ में क्या बुराई है, मेरे पति ने कुछ गलत नहीं कहा

कोमल झा | Navpravah.com 
लेखिका, फिल्म निर्माता व पूर्व अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना ने हास्य कलाकार मल्लिका दुआ द्वारा अक्षय कुमार को लताड़े जाने के बाद रविवार को अपने पति (अक्षय) का पक्ष लेते हुए कहा कि अभिनेता के हंसी-मजाक को गलत संदर्भ में लिया गया। उन्होंने ट्विटर पर एक पोस्ट शेयर किया है।
ट्विंकल ने ट्वीट किया, मैं ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के सेट पर हुए विवाद के बारे में बात करना चाहूंगी। शो में एक घंटी होती है, जिसे शो के निर्णायक किसी प्रतियोगी के शानदार प्रदर्शन करने पर बजाते हैं और जब दुआ इसे बजाने के लिए आगे बढ़ीं तो कुमार ने कहा मल्लिका जी आप घंटी बजाओ, मैं आपको बजाता हूं। यह एक डायलॉग को मजाकिया अंदाज में कहने का तरीका था, जिसे एक आदमी और औरत दोनों ही उपयोग करते हैं। उदाहरण के रूप में, ‘मैं तुम्हारी बजा दूंगा या मेरी बज गई। ऐसे वाक्य लगातार इस्तेमाल होते हैं। रेड एफएम की टैगलाइन ‘बजाते रहो’ है. और ये सब सेक्सिस्ट के मायने के बिना है।’
ट्विंकल ने कहा, मल्लिका दुआ के पिता विनोद दुआ ने एक पोस्ट लिखी थी, जिसे हटा लिया गया है। उन्होंने लिखा था कि मैं निश्चित तौर पर अक्षय कुमार को बर्बाद कर दूंगा। क्या श्रीमान दुआ के बयान को भी शाब्दिक रूप में लिया जाए या संदर्भ के रूप में इसका तात्पर्य समझा जाए? शब्दों खासकर हंसी-मजाक वाले शब्दों को सही संदर्भ में देखा जाना चाहिए। मैं कॉमेडी में आजादी के पक्ष में हमेशा खड़ी हुई हूँ, जैसे कि मैं AIB के रॉस्ट शोज का समर्थन करती आई हूं। और आज भी मैं अपनी इस बात पर टिकी हूं। इसलिए मुझे इस विवाद में टैग करना बंद करें।’
दसअसल ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में पीएम मोदी की नकल करने वाले कंटेस्टेंट की परफॉर्मेंस से अक्षय कुमार और बाकी जजिस काफी खुश हुए. शो के नियमों के मुताबिक इस प्रतियोगी की बे‍हतरीन परफॉर्मेंस के लिए जैसे ही मल्ल‍िका दुआ गोल्डन बेल बजाने लगी, तभी अक्षय बोले, मल्लिका जी आप बेल बजाइए, मैं आपको बजाता हूं।’
मल्लि‍का दुआ ने अक्षय के बयान को लेकर लिखे गए ब्लॉग में अक्षय की बेटी नितारा का नाम भी घसीटा था। उनका ये ब्लॉग पोस्ट द क्विंट ने पब्लिश कि‍या था। उन्होंने लिखा था- पिछले 24 घंटों से अक्षय कुमार के फैंस सोशल मीडिया पर मुझे भला-बुरा कह रहे हैं। देखने से लग रहा है कि ये अक्षय के फैंस तो नहीं, लेकिन उस तरह के लोग हैं, जो महिलाओं से भद्दी बातें करते हैं। लोग कह रहे हैं कि ‘इतना मजाक तो चलता है।’
मल्ल‍िका ने ब्लाग में पूछा, ‘क्या उनका यह स्टेटमेंट किसी को अनकंफर्टेबल करने के लिए उपयुक्त था। अगर कोई उनकी बेटी को कहता कि नितारा जी, आप बेल बजाइए मैं आपको बजाता हूं, तो उन्हें बुरा नहीं लगता।’ फिलहाल ट्विंकल ने पति के बचाव में अपना पक्ष तो रख दिया है, लेकिन इस मामले में अभी तक अक्षय कुमार ने कोई प्रतिक्र‍िया जाहिर नहीं की है।

महाकाल मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करना चाहिए – त्रिवेन्द्र रावत

Trivendra singh' comment on supreme court decision
सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तरखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत पहुँचें हुए थे। इस कार्यक्रम में उनके साथ यूपी की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी भी दिखाई दी, ये कार्यक्रम उत्तरांचल उत्थान परिषद् की ओर से कराया गया था।
इस दौरान मंच से जनता को संबोधित करते हुए सीएम त्रिवेन्द्र रावत ने कहा कि महाकाल मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सभी लोगों को सम्मान करना चाहिए, महाकाल आस्था का विषय है, आस्था के सामने कोई समझौता नहीं हो पाता है।
कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने अपने संबोधन में महिलाओं की तारीफ की, उन्होंने कहा कि जब युवा कुछ ठान लें, तो उसे करने से कोई नहीं रोक सकता है, युवा ही हमारे देश को आगे ले जायेंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी बहुत गौरवशाली हैं कि हिमालय की कोख में हम पले-बढ़ें हैं, उत्तराखंड में प्रकृति की असीम छठा है, उत्तराखंड के लोग अभी भी बहुत अच्छे हैं और हमें उन सभी पर गर्व है।
उन्होंने आगे कहा के जो पहले पलायन होता था, वो अब न हो इस पर विचार करना चाहिए, जब लोग कहते हैं हिन्दुस्तान की महिला बहुत पिछड़ी है, तो उन्हें मैं उत्तराखंड का उदहारण देती हूँ, मैं उनसे कहती हूँ कि चलो उत्तराखंड, वहां देखो महिलाएं कितना आगे पहुँच गई हैं।

बॉक्स ऑफिस पर इस कलाकार की अपनी ही फिल्म से होगी भिडंत 

कोमल झा | Navpravah.com
बॉक्स ऑफिस पर दो बड़े स्टार्स के बीच टक्कर होते तो कई बार देखा गया है, लेकिन क्या कभी कोई बड़ा स्टार बॉक्स ऑफिस पर खुद को ही टक्कर देने जा रहा हो ऐसा सुना है आपने? लेकिन अब बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कारनामा होता दिखाई देगा। क्योंकि साल 2018 में रिपब्लिक डे के मौके पर अरणांचलम मुरगननाथम के जीवन पर बनने वाली फिल्म ‘पैडमैन’ की रिलीज डेट की घोषणा हो गई है। फिल्म में अक्षय कुमार लीड रोल में हैं और उनके साथ राधिका आप्टे और सोनम कपूर हैं। फिल्म अगले साल 26 जनवरी को रिलीज होगी, अक्षय ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
दरअसल जब से अक्षय ने अपनी फिल्म ‘पैडमैन’ की घोषणा की, तभी से इस फिल्म को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता देखी गई। ट्विंकल खन्ना के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म में अक्षय अरुणाचलम मुरुगनंतम के किरदार में दिखाई देंगे। अरुणाचलम मुरुगनंतम वो शख्स हैं, जिन्होंने भारत की सबसे सस्ती सैनिटरी नैपकिन मशीन की शुरुआत की। अक्षय ने फिल्म की शूटिंग 37 दिनों में ही खत्म दी है। लेकिन अब ये फिल्म भी रिपब्लिक डे के मौके पर रिलीज होने जा रही है। यानी अब बॉक्स ऑफिस अक्षय कुमार vs अक्षय कुमार का नजारा दिखाई देगा।
फिल्म के बारे में बात करते हुए अक्षय ने कहा था- ‘इस फिल्म का आइडिया ट्विंकल ने दिया था। मेरे अंदर इस फिल्म के लिए मोटिवेशन मेरे घर की महिलाओं से आया। ट्विंकल महिलाओं से जुड़ी हर समस्या के बारे में मुझसे बात करती हैं। भारत में आज भी 91% महिलाएं पैड की इस्तेमाल नहीं करती हैं, क्योंकि उनके पास इसके लिए पैसे नहीं हैं। इसकी समस्या टॉयलेट से भी ज्यादा गंभीर है।’
आपको बता दें कि अक्षय कुमार-रजनीकांत स्टारर ‘2.0’, 25 जनवरी को रिलीज होगी। पूरा जनवरी अक्षय के नाम ही होने वाला है। बॉक्स ऑफिस अक्षय का डबल धमाका दर्शकों को तो बेशक ही बेहद पसंद आएगा। लेकिन दोनों फिल्मों के बिजनेस के हिसाब से फैसला कितना अच्छा होगा ये देखना होगा। क्योंकि अक्षय और रजनी सर की मेगाबजट फिल्म की तुलना बाहुबली से की जा रही रही है और उम्मीद जताई जारी है बॉक्स ऑफिस पर ये बाहुबली 2 के सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी। ऐसे में अक्षय की फिल्म ‘पैडमैन’ को भी रिलीज करना एक बड़ा फैसला है। जिसका रिजल्ट तो आनेवाले वक़्त में ही पता चलेगा।