28 C
Mumbai
Tuesday, August 18, 2026
Home Blog Page 897

भाजपा ने मनाया कालाधन विरोधी दिवस

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

नोटबंदी के 1 साल पूरा होने पर आज बीजेपी कालाधन विरोधी दिवस के रूप में मना रही है, इसी क्रम में देशभर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन विरोधी दल के नेताओं के पुतले फूंके जो नोटबंदी के विरोध में हैं।

बिहार में नोटबंदी का विरोध करने वाले नेता आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पुतले फूंके।

वहीं पटना के कारगिल चौक पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और मायावती, डीएमके नेता ए राजा और एमआईएम के नेता असाउद्दीन ओवैसी का पुतला फूंका। दिल्ली में भी बीजेपी के युवा मोर्चा ने नोटबंदी की सालगिरह पर कांग्रेस को रावण बताकर उसे कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की है। नोटबंदी के फायदों और कालेधन पर लगाम के दावों के साथ पार्टी नोटबंदी के सालभर पूरा होने पर विपक्ष के विरोध को नाकामयाब करने की कोशिश की।

बीजेपी युवा मोर्चा की दिल्ली यूनिट के अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि नोटबंदी जैसे सफल और साहसिक फैसले के लिए पीएम मोदी का समर्थन करने के बजाए विपक्ष इसे लेकर काला दिवस मना रहा है, ऐसा करना ही विपक्ष की मंशा पर सवाल उठा रहा है।

डिजिटल इंडिया की ओर बढ़ रहे हैं हम -इंफ़ोसिस

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

नोटबंदी के एक साल पूरे होने के मौके पर इंफोसिस के चेयरमैन नंदन नीलेकणि ने मोदी सरकार के इस कदम की सराहना की है और इसे कैशलेस इकॉनोमी बनने के भारत के सफर में एक अहम फैसला करार दिया है।

नंदन नीलेकणि ने एक अंग्रेजी अखबार में लिखे में अपने लेख में कहा है, ‘गरीबी मिटाने के लिए अहम मानी गई वित्तीय समावेश और सस्ते कर्ज तक पहुंच के लिए दुनिया भर में डिजिटाइजेशन और कैशलेस पेमेंट को पहला कदम माना गया है।

उन्होंने लिखा है कि भारत डिजिटल पेमेंट के मामले को समझता है, नोटबंदी और उसके बाद नकद का विकल्प तलाशने की तात्कालिकता ने डिजिटाइजेशन और कैशलेस पेमेंट पर सरकार का ध्यान केंद्रित किया है। वह आगे लिखते हैं, अचानक सरकार के मंत्री और नौकरशाह पूछने लगे कि कैशलेस पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए वे क्या कर सकते हैं और इसके बाद जिन कदमों को पूरा करने में वर्षों लग जाते उन्हें चंद हफ्तों में पूरा कर लिया गया।

उन्होंने लिखा है, ‘डिजिटल पेमेंट्स तो बस पहला कदम है, अब लोग इसके जरिये आसानी से पैसों का लेनदेन कर सकते हैं। हम डिजिटल इंडिया की ओर बढ़ रहे हैं, हम अब लोगों के लिए नई सेवाएं और उत्पाद विकसित होते देखेंगे।

इसके साथ ही उन्होंने लिखा है कि 8 नवंबर, 2016 हमारी यादों में ऐसे दिन की तरह जुड़ गया है, जहां हम कैशलेस की तरफ बढ़ गए, लेकिन यह बस शुरुआत था, डिजीटाइजेशन हमेशा से एक लंबी प्रक्रिया रही है, और हमें अब भी लंबा सफर तय करना है।

दिल्ली में प्रदूषण के ज़हर को लेकर विशेषज्ञों ने जताई चिंता

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

दिल्ली में प्रदूषण की निगरानी और रोकथाम करने वाले प्राधिकरण EPCA ने तत्काल आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया है और प्रदूषण के जहर को लेकर विशेषज्ञों ने चिंता जताई है।

पर्यावरणीय प्रदूषण प्राधिकरण ने दिल्ली के प्रदूषण को Severe की श्रेणी में रखा है, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण की स्थिति पर नजर रखने के लिए केंद्र सरकार ने EPCA का गठन किया गया था।

EPCA ने साथ ही आगाह किया है कि आने वाले दिनों में प्रदूषण की स्थिति और बिगड़ सकती है, ऐसी नौबत आने पर इमरजेंसी की स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों को लागू करने की जरूरत पड़ सकती है।

आने वाले दिनों में दिल्ली में जरूरी खाद्य सामग्रियों को छोड़कर बाकी किसी भी चीज की ट्रकों से आवाजाही पर रोक लगाई जाए, प्राइवेट वाहनों के लिए ऑड-इवन के फॉर्मूले को फिर लागू किया जाए। EPCA के नियमों के मुताबिक इमरजेंसी वाली स्थिति तब मानी जाती है जब हवा में 2.5 पार्टिकुलेट मैटर 300 से ऊपर पहुंच जाए और स्थिति 48 घंटे तक ऐसी ही बनी रहे, और मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में पार्टिकुलेट मैटर 425 से था, जिसे इमरजेंसी वाली स्थिति कहा जा सकता है।

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रदूषण के खतरनाक स्तर तक पहुंच जाने की वजह यह है कि ग्राउंड लेवल पर हवा बिल्कुल भी नहीं बह रही है। वहीं पंजाब में फसल जलाए जाने की वजह से आने वाले प्रदूषण के कण पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले हवा की नमी के साथ मिलकर दिल्ली के आसमान के ऊपर ठहर गए हैं।

प्रद्युम्न मर्डर केस में आया नया मोड़, 11 वीं के छात्र को किया गया गिरफ्तार

pradyuman-case-postmortem-report

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

गुरुग्राम के रयान इंटरनेशनल स्कूल में 8 सितंबर को दूसरी क्लास में पढ़ने वाले छात्र प्रद्युम्न की हत्या हुई थी, इस मामले में आरोपी बस कंडक्टर को तीन दिन पुलिस रिमांड के बाद सोहना कोर्ट में पेश किया गया था, जहां उसे 18 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

वहीँ अब इस मामले में नया मोड़ आया गया है, कंडक्टर अब अपने बयान से पलट गया, इससे पहले आरोपी कंडक्टर ने हत्या की बात स्वीकार की थी। वहीं वकील ने कहा कि पुलिस के दबाव में आकर कंडक्टर ने हत्या की बात स्वीकार की थी।

वकील के अनुसार पुलिस ने बिजली के झटके देकर और मारपीट कर बयान दर्ज कराया था, वकील ने कहा कि कंडक्टर अशोक उनसे मिलकर रोने लगा, और सबकुछ बताया कि किस प्रकार पुलिस ने उसका बयान दर्ज कराया था, वकील मोहित ने दावा किया कंडक्टर का इस हत्या से कोई लेना देना नहीं है।

एक बार फिर प्रद्युम्न मर्डर केस में नया मोड़ आता दिखाई दे रहा है, रेयान इंटरनेशनल स्कूल में हुए प्रद्युम्न मर्डर केस मामले की जांच कर रही सीबीआई ने स्कूल के ही 11वीं के एक छात्र को हिरासत में लिया है, हत्या के मामले में उस छात्र से हिरासत में पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गए छात्र के पिता ने कहा है कि उनके बेटे को फंसाया जा रहा है, उनका बेटा अभी 16 साल का है और वे निर्दोष है।

भ्रष्ट लालू नोटबंदी के खिलाफ तो रहेंगे ही – सुशील मोदी

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

नोटबंदी की पहली सालगिरह पर आरजेडी नोटबंदी और जीएसटी के खिलाफ काला दिवस मना रहा है, तो बीजेपी काला धन विरोध दिवस मना रही है। बीजेपी काले धन के रावण का पुतला दहन करते हुए, जनता को नोटबंदी और जीएसटी की फायदे गिनाने में लगी है।

बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि नोटबंदी को एक साल पूरा हो गया है, जिनको काले धन से लगाव है वो काला दिवस बना रहे हैं, जनता के सामने सबकुछ है और नोटबंदी के एक साल पूरा होने पर बीजेपी काला धन विरोधी दिवस मना रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में 10 हज़ार करोड़ का घोटाला हुआ, काले धन पर नियंत्रण के लिए नोटबंदी हुई और आजादी के बाद ब्लैक मनी पर यह सबसे बड़ा प्रहार था। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से अगर विपक्ष को इतनी तकलीफ है तो कांग्रेस और लालू बताएं कि केंद्र में रहते हुए काला धन और भ्रष्टाचार रोकने के लिए उन्होंने क्या कदम उठाए हैं।

सुशील मोदी ने आगे कहा कि आने वाले दिनों में काला धन और भ्रष्टाचार पर हमारी लड़ाई जारी रहेगी। जीएसटी उसी दिशा में एक कदम है, उन्होंने कहा कि लालू यादव तो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, इसलिए उनका विरोध नोटबंदी के खिलाफ तो रहेगा ही।

केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि नोटबंदी के बाद जांच के दौरान 29,213 करोड़ अघोषित आय का पता चला और 23 लाख से ज्यादा खातों में लगभग 3.68 लाख करोड़ संदिग्ध कैश जमा हुआ है, साथ ही 1625 करोड़ की बेनामी संपत्ति को भी जब्त किया गया है और नोटबंदी से 2.24 लाख फर्जी कंपनियों पर ताला भी लग गया है।

दिल्ली में आज बंद रहेगें सभी विद्यालय, मनीष सिसोदिया ने दी हिदायत, “बच्चों के स्वास्थ्य का रखे ख्याल”

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

7 नवंबर की सुबह दिल्ली में प्रदूषण का स्तर सामान्य से कई दर्जे अधिक दर्ज किया गया, जिसके बाद दिल्ली सरकार हरकत में आ गई है। प्रदूषण से बिगड़ते हालात को देखते हुए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बच्चों और अभिभावकों को सलाह दी है कि विशेषतौर पर बच्चों को इस प्रदूषण से बचाकर रखें।

नमी और प्रदूषणकारी तत्वों के मेल से 6 नवंबर शाम से ही शहर पर धुंध की मोटी परत छाने लगी और वायु गुणवत्ता और दृश्यता में तेजी से गिरावट शुरू हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मंगलवार को वायु गुणवत्ता की स्थिति ‘बेहद गंभीर’ दर्ज की की। डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा है कि बुधवार को दिल्ली के सभी प्राइमरी स्कूल बंद रहेंगे और अगर जरूरत पड़ी तो स्कूल आगे भी बंद रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि हेल्थ विभाग और सरकार की तरफ से यह एडवाइजरी जा रही कि है, लोग सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाने से बचें।

सिसोदिया ने आगे कहा कि कोई, फसल, कोयला, सूखा पत्ती न जलाए, बाइक चालक मास्क लगाकर ड्राइविंग करें और बच्चों को पार्क में खेलने न दें, उन्हें घर के अंदर ही रखें। बढ़ते प्रदूषण के चलते दिल्ली-एनसीआर में पार्किंग शुल्क चार गुना बढ़ना तय है, जबकि कम बिजी घंटों में मेट्रो के किराए में अस्थायी रूप से कटौती की जा सकती है। पर्यावरण प्रदूषण निरोधक और नियंत्रण अधिकरण ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी एक गंभीर स्थिति का सामना कर रही है, जो अगले कुछ दिन तक बनी रहने वाली है।

ईपीसीए के अध्यक्ष भूरे लाल और सदस्य सुनीता नारायण ने कार्रवाई योजना के तहत निर्देश दिया है कि कम से कम 10 दिन तक कम व्यस्त समय में मेट्रो के किराए कम किए जाएं, मेट्रो के कोच और फेरे बढ़ाए जाएं। निकाय ने दिल्ली और आसपास के राज्यों उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा को निर्देश दिया कि अधिक बसें लगाकर सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को बेहतर बनाया जाये।

डायरेक्टर ने रात में खाने पर बुलाकर किया परेशान – स्वरा भास्कर

कोमल झा| Navpravah.com
पिछले कई हफ्तों से हॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड तक कास्टिंग काउच, यौन शोषण जैसे मसलों पर बहस हो रही है। #MeToo अभियान भी चल रहा है।  इसी कड़ी में नया नाम बॉलीवुड एक्‍ट्रेस स्‍वरा भास्‍कर का है। स्वरा भास्कर ने अपने साथ हुए सेक्सुअल हैरेसमेंट की घटना का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि कैसे अभिनेत्रियों के लिए फिल्मों के सेट बेहद असुरक्षित हैं। इससे बचने का रास्ता बताते हुए उन्होंने सलाह दी कि कभी भी शर्मनाक शर्तों के आगे झुकना नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा, एक फिल्म में रोल के बदले उनसे सेक्सुअल फेवर की डिमांड की गई थी। ऐसी डिमांड खारिज करने की वजह से उन्हें कई फिल्मों से निकाल दिया गया। नाम लिए बिना स्वरा ने कहा, एक बार शूटिंग के दौरान एक निर्देशक उनके कमरे में घुस गया और उन्हें गले लगाने का जोर डालने लगा। यह बेहद डरावना था।
उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि, ‘एक फिल्म के सिलसिले में हम 56 दिनों के लिए कहीं शूटिंग कर रहे थे और उस वक्त इंडस्ट्री मेरे लिए काफी नई थी। उस दौरान फिल्म के डायरेक्टर ने मुझे मैसेज और डिनर के लिए इनवाइट करके परेशान कर दिया। वो पूरा दिन मेरा पीछा करता रहा। रात भर मुझे फोन करता रहा। किसी ने मुझसे कहा कि एक सीन डिस्कस करना है तो आपको डायरेक्टर के कमरे में जाना होगा। जब मैं वहां गई तो वो शराब पी रहा था। वो मुझसे कुछ देर बाद ही प्यार और सेक्स की बातें करने लगा। फिर कुछ दिनों बाद वो मेरे कमरे तक पहुंच गया और मुझे गले लगाने को कहा। वो मेरे लिए बहुत ही डरावना था।’
स्वरा ने बताया कि निर्देशक के शर्मनाक हरकतों की वजह से वह काफी डर गई थीं। सेट पर वो अकेले रहने से बचती थीं। परेशान होकर उन्होंने फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर से भी इस बात की शिकायत की। उन्होंने मेकर्स से मांग की कि सेट पर हर वक्त कोई न कोई उनके साथ हो।
स्वरा भास्कर फिलहाल अपनी आने वाली फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ की शूटिंग में बिजी हैं. फिल्म 18 मई को रिलीज की जाएगी।

इस बॉलीवुड एक्ट्रेस ने दिखाए अपने सिक्स ऐब्स, लोग देने लगे शादी का प्रपोजल

कोमल झा| Navpravah.com
बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन अपने बोल्ड और बिंदास नेचर की वजह से फेमस हैं। कई फिल्मों में नजर आ चुकी सुष्मिता ने भले ही फिल्मी दुनिया से दूरियां बना ली हों लेकिन वह अक्सर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने इंस्टा अकाउंट पर एक फिटनेस फोटो शेयर की है जिसके बाद से यूजर्स ने उन्हें शादी का प्रपोजल तक दे डाला है।
इंस्ट्राग्राम पर शेयर की गई इस फोटो में सुष्मिता ने अपने मुंह से टीशर्ट को दबा रखा है और वो अपने 6 पैक ऐब्स दिखा रही हैं। फोटो शेयर करते हुए सुष्मिता ने कैप्शन लिखा कि वो शेप में वापस आने के लिए फिटनेस ट्रेनिंग ले रही हैं। अपने 42वें बर्थडे पर वह अपनी पसंद के बॉडीशेप में वापस आना चाहती हैं। मेरी बॉडी मेरे रूल्स।
बता दें 19 नवंबर को उनका 42वां जन्मदिन है और अपने जन्मदिन तक वह परफेक्ट बॉडी पाने के लिए मेहनत कर रही हैं। सुष्मिता अक्सर ही अपनी फोटोज को सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं और इस वजह से सुर्खियों में बनी रहती हैं। वह अपनी बेटियों के साथ भी तस्वीरें और वीडियोज शेयर करती रहती हैं और अपनी बेटियों के साथ टाइम स्पेंड करती हैं।
सुष्मिता अपनी दोनों बेटियों के साथ कई वीडियोज और तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट करती रहती हैं। हाल ही में सुष्मिता ने बेटी अलीसाह के साथ फनी डांस मूव्स का एक वीडियो भी शेयर किया था जो कि काफी चर्चा में भी रहा।

जल्द ठीक होंगी यूपी की खराब सड़कें, सीएम योगी करेगें समीक्षा

यूपी में सख्त कानून व्यवस्था से डरे अपराधी
सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
उत्तर प्रदेश में इस साल कई जिलों में भारी बारिश के चलते बाढ़ के हालात बन गए थे, मानसून गुजर जाने के बाद बाढ़ की स्थिति सामान्य हो चुकी है, लेकिन बाढ़ ने जिलों की सड़कों को तबाह कर दिया है।
योगी सरकार ने जिलों की सड़कों की हालत को लेकर समीक्षा की थी, जिसके बाद बाढ़ से क्षतिग्रस्त इलाकों की सड़कों की मरम्मत के काम का आदेश लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी कर दिया गया है।
जिसके तहत इन सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत 150 करोड़ रुपये खर्च कर की जाएगी, इसके साथ ही PWD ने तकरीबन 106 करोड़ के बजट का इंतजाम भी कर लिया है। वहीँ बाकी बचे 44 करोड़ रुपये PWD ने बाढ़ राहत आयुक्त से मांगे हैं।
राज्य सरकार ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द से जल्द ठीक करने के आदेश दिए हैं, PWD ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त इलाकों की रोडों के मरम्मत का आदेश दे दिया है। साथ ही आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक का आयोजन किया है।
जिसमें वे बाढ़ से हुए नुकसानों की समीक्षा करेंगे, यह समीक्षा बैठक शाम 6 बजे से एनेक्सी में आयोजित की गयी है। इस दौरान समीक्षा बैठक में PWD अधिकारी और सिंचाई अधिकारी मौजूद रहेंगे।

पैदा होने के पहले कैसे रख दूँ नाम -कमल हसन

कोमल झा| Navpravah.com

जाने-माने अभिनेता कमल हासन आज 63 वर्ष के हो गए हैं। अभिनेता से नेता बनने के रास्ते पर हैं। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। माना जा रहा है कि कमल हासन आज अपने जन्मदिन के मौके पर राजनीति में आने का बड़ा ऐलान कर सकते हैं। लेकिन चेन्नई में बारिश के कहर से प्रभावित लोगों की परेशानी में शरीक होते हुए कमल हासन ने अपना जन्मदिन नहीं मानने का फैसला किया है। वे बारिश से प्रभावित लोगों के बीच जाएंगे और उनकी समस्या सुनकर उनका समाधान करने का प्रयास करेंगे।

कमल हासन के प्रवक्ता ने बताया, ‘इस साल उन्होंने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय किया है, जबकि चेन्नई के लोग बारिश से परेशान हैं। इसके बजाय वह अवडी में नरपानी इयक्कम (कल्याण आंदोलन) द्वारा बनाए गए मेडिकल कैंप जाएंगे।’ आज के दिन वे एक मोबाइल ऐप शुरू करेंगे। माना जा रहा है कि यह ऐप ही उनकी राजनीतिक पारी का मैदान तैयार करने की पहली सीढ़ी होगा।

उन्होंने कहा, ‘हर व्यक्ति कह रहा है कि मेरे जन्मदिन पर (सात नवम्बर) राजनीतिक पार्टी के नाम का खुलासा किया जायेगा। लेकिन मैं किसी बच्चे का जन्म हुए बगैर उसका नाम कैसे रख सकता हूं।’ हासन ने कहा, ‘मैं किसी शख्स के आदेश का इंतजार नहीं कर रहा हूं। मैं तैयारी कर रहा हूं। मुझे एक फिल्म की भूमिका के लिए तैयार होने के लिए ही कम से कम तीन महीने लगते है। इसलिए मैं किसी जल्दबाजी में नहीं हूं।’

आप को बता दें कमल हासन की गिनती भारतीय सिनेमा के दिग्गज कलाकारों में की जाती है। उनकी जिंदगी भी काफी दिलचस्प है। कमल हासन ने दो शादियां की थीं। वाणी गणपति के साथ पहली शादी हुई। गणपति संग तलाक के बाद कमल ने अभिनेत्री सारिका के साथ दूसरी शादी की। इस शादी से दो बेटियां हैं।कमल की दोनों बेटियां श्रुति और अक्षरा अभिनेत्री हैं।

उधर, चर्चा है कि मोबाइल एप के जरिए वे अपने चाहने वालों से कल्याणकारी योजनाओं के लिए धन इकट्ठा करेंगे। यह धनराशी समाजसेवा के कामों में लगाई जाएगी। बताया जाता है कि इसी समाजसेवा से कमल हासन राजनीतिक पारी शुरू करेंगे। उनका यह कदम बिल्कुल उसी तरह होगा जिस तरह आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में पार्टी गठन के लिए जनता से एक-एक रुपये का अंशदान मांगा था।