29 C
Mumbai
Tuesday, August 18, 2026
Home Blog Page 876

सिर के बदले ईनाम देने वाले नेता को CM खट्टर ने नहीं दिया भाव, नेता ने दिया इस्तीफ़ा

सूरजपाल अमू
सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
सिर के बदले दस करोड़ रुपये ईनाम में देने वाले नेता अमू को सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी ही भाव नहीं दे रही है। हरियाणा बीजेपी के चीफ मीडिया कॉर्डिनेटर सूरजपाल अमू करणी सेना के प्रतिनिधियों संग सीएम खट्टर से मिलने उनके आवास पहुंचे, लेकिन खट्टर ने मुलाक़ात किए बगैर ही उन्हें लौटा दिया। इस बात से आहत नेता अमू ने तत्काल इस्तीफ़ा भी दे दिया।
दीपिका पादुकोण और संजय लीला भंसाली का सिर काटने वाले को 10 करोड़ रुपये का ईनाम देने की घोषणा कर विवादों में आ गए थे, हरियाणा बीजेपी के चीफ मीडिया कॉर्डिनेटर सूरजपाल अमू। मंगलवार को सूरजपाल अमू मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात के लिए उनके आवास पर गए थे, उनके साथ करणी सेना के लोग भी थे, लेकिन खट्टर ने उनसे मुलाकात नहीं की, अमू ने इसे अपना अपमान बताया था।
अमू ने बताया कि मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राजपूत करणी सेना के सदस्‍यों को मिलने का वक्‍त दिया था, लेकिन वह बिना मिले ही चले गए। उन्होंने कहा कि अगर आप हमें पार्टी से निकालना चाहते हैं, तो भले निकाल दीजिए, लेकिन इस तरह से हमारा अपमान मत करिये।
अमू ‘पद्मावती’ फिल्म के विवाद पर उस समय चर्चा में आए, जब उन्होंने फिल्म में पद्मावती की भूमिका निभाने वाली दीपिका पादुकोण का सिर कलम करने वाले को 10 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।
वहीं उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी विवादित बयान देते हुए पश्चिम बंगाल की सीएम की तुलना शूर्पणखा से करते हुए इशारों-इशारों में धमकी देते हुए कहा था, ‘राक्षसी प्रवृति की महिलाओं का इलाज किया जाना चाहिए। रामायण में भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण ने राक्षसी शूर्पणखा की नाक काटकर ऐसा ही किया था, और ये बात ममता जी को नहीं भूलनी चाहिए।’

मैगी पर फिर गहराया संकट, नेस्ले पर 45 लाख का जुर्माना

penalty on maggie noodles
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के प्रशासन ने नेस्ले के लोकप्रिय ब्रैंड मैगी के लैब जांच में कथित तौर पर फेल हो जाने पर नेस्ले इंडिया और इसके वितरकों पर जुर्माना लगाया है।
इस मामले में नेस्ले इंडिया ने कहा कि ‘यह त्रुटिपूर्ण मानकों को प्रयोग में लाने का मामला है’ जिला प्रशासन ने नेस्ले पर 45 लाख रुपए, जबकि इसके तीन वितरकों पर 15 लाख रुपए और इसके दो विक्रेताओं पर 11 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
जिले के अधिकारियों के मुताबिक, प्रशासन ने पिछले साल नवंबर में नमूने इकट्ठा किए थे और उन्हें लैब जांच के लिए भेज दिया था, जांच में पाया गया कि मैगी के उन नमूनों में इंसान की खपत के लिए तय सीमा से अधिक मात्रा में राख थी।
नेस्ले इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, ‘निर्णय करने वाले अधिकारी की ओर से पारित आदेश हमें प्राप्त नहीं हुए हैं, लेकिन हमें बताया गया है कि ये नमूने 2015 के हैं और यह मुद्दा नूडल्स में ‘राख की मात्रा’ से जुड़ा है।

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हैं आतंकी संगठन लश्कर के समर्थक

परवेज़ मुशर्रफ ने दिया विवादित बयान

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

पाकिस्‍तान के पूर्व राष्‍ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने आतंकी संगठन जमात-उद दावा और मुंबई आतंकी हमले के मास्‍टरमाइंड हाफिज सईद को लेकर हमदर्दी दिखाई और कश्मीर में ‘जिहाद’ को चलाने में उसकी भूमिका का समर्थन किया है।

परवेज मुशर्रफ ने पाकिस्‍तान के ARY News से बातचीत करते हुए कहा कि ‘मैं हाफिज सईद को बहुत पसंद करता हूं और उनके संगठन जमात-उद दावा का समर्थन करता हूं, उन्‍होंने साफ कहा कि मैं लश्‍कर-ए-तैयबा का बड़ा समर्थक हूं।

इससे पहले जनरल परवेज मुशर्रफ ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों में जमात-उद दावा और हाफिज सईद का हाथ होने से साफ इंकार किया था, इस हमले में 168 लोग मारे गए थे, उन्‍होंने कहा था, “मुझे नहीं लगता कि सईद 26/11 के हमलों के पीछे था।

बीते 24 नवंबर को ही पाकिस्तान ने प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा प्रमुख और 2008 के मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद को नजरबंदी से रिहा कर दिया था, वह इस वर्ष जनवरी से हिरासत में था।

आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता के कारण जमात-उद-दावा प्रमुख पर अमेरिका ने एक करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। भारत ने सईद को रिहा करने के न्यायिक बोर्ड के फैसले पर नाराजगी जताई थी। वहीं अमेरिका और फ्रांस ने भी हाफिज सईद को रिहा करने को लेकर पाकिस्तान को अपनी नाखुशी से अवगत कराया।

तंत्र-मंत्र के चक्कर में रमन सिंह, फिर से CM बनने के लिए खरीद लीं 19 गाड़ियां

raman singh
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह चौथी बार सत्ता में आने के लिए तंत्र-मंत्र और टोटके का सहारा ले रहे हैं। ख़बर है कि सीएम रमन सिंह एक बार फिर से सीएम बनने के लिए एक साधक की सलाह के बाद अब फॉर्मूला 19-04 फेरे में पड़े हैं, जबकि खुद रमन सिंह ने इस तरह की बातों और विपक्ष के आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ किया कि उन्हें तंत्र मंत्र में कोई भरोसा नहीं है।
रमन सिंह ने इस पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा है कि अगली बार जब गाड़ी लूंगा तो कांग्रेस से पूछ कर गाड़ियों का नंबर तय करूंगा। उन्होंने कहा कि गाड़ियों का नंबर परिवहन विभाग तय करता है वो नहीं। उनके अनुसार तो सभी नंबर लकी हैं। बता दें की राजनैतिक गलियारों में 19-04 के फॉर्मूले को लेकर बहस छिड़ी हुई है। विपक्ष ने इस फॉर्मूले को उन लोगों से जोड़ा है जो तंत्र मंत्र मामलों में प्रसिद्द हैं और मुख्यमंत्री के करीबी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सचिवायल ने 19 पजेरो गाड़ियां खरीदी हैं और इन सभी गाड़ियों का नंबर 0004 है, जिसका मतलब चौथी बार सत्ता में प्रवेश करना है और 19 गाड़ियों का मतलब है बतौर मुख्यमंत्री 19 साल पूरे करना छत्तीसगढ़ में 2018 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री रमन सिंह द्वारा अचानक एक ही रंग और एक नंबर की गाड़ियां लोगों को संशय में डाल रही हैं। यह सभी गाड़ियां हफ्ते भर पहले ही खरीदी गई हैं। ज्योतिष शास्त्री भी इसे लेकर कई तरह के दावे कर रहे हैं।

हनीप्रीत ने कबूली पंचकुला में हुए दंगे में हाथ होने की बात

HoneyPreet
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
हरियाणा पुलिस ने हनीप्रीत के खिलाफ पंचकूला की विशेष अदालत में 1200 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है, एसआईटी की टीम ने सीजेएम रोहित वॉट्स की कोर्ट में हनीप्रीत के खिलाफ चार्जशीट पेश की है।
हनीप्रीत के खिलाफ दायर चार्जशीट में पंचकूला हिंसा में हाथ होने की बात कबूली गई है। डेरा मामले में अहम कड़ी हनीप्रीत अंबाला जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश हुई। एसआईटी ने जाच पड़ताल के बाद कोर्ट में हनीप्रीत के खिलाफ चार्जशीट दायर की है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि 9 दिनों के रिमांड में हनीप्रीत ने दंगों में उसका हाथ होने की बात कबूली थी। इसके अलावा पुलिस को हनीप्रीत से मोबाइल, लैपटॉप, डायरी और कई अहम दस्तावेज मिले थे। रिमांड के दौरान काबूली कई बातें चार्जशीट में मौजूद हैं। एफआईआर नंबर 345 में हनीप्रीत के अलावा डॉ. आदित्य, पवन इंसा, सुरेंद्र धीमान, दिलावर, दान सिंह, चमकौर सिंह, महेंद्र इंसा भी आरोपी हैं। इस मामले में फिलहाल डॉ. आदित्य और महेंद्र इंसा फरार चल रहे हैं।
पुलिस अब तक डेरे से जुड़े कुल 155 केसों में से 150 में चालान पेश कर चुकी है। 5 मामलों में 15 से 20 आरोपियों की गिरफ्तारियां बाकी हैं, पंचकूला पुलिस की 9 एसआईटी ने 155 एफआइआर पर जांच शुरू की थी। गाडिय़ों को आग लगाने के मामलों में अलग-अलग 50 से ज्यादा चालान हैं।

हाफिज सईद ने UN में लगाई आतंकी लिस्ट से नाम हटाने की अर्जी

हाफ़िज़ सईद ने अमेरिका पर बोला हमला
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
पाकिस्तान के कोर्ट द्वारा बरी किए जाने के बाद हाफिज सईद ने नई चाल चली है। उसने अपने नाम को आतंकियों की लिस्ट से हटाने के लिए यूएन में याचिका दाखिल की है, याचिका उसने अपने नजरबंदी के समय दाखिल करवाई थी।
मुंबई हमले का मास्टर माइंड सईद ने यह याचिका लाहौर के एक लॉ फर्म मिर्जा एंड मिर्जा के माध्यम से दाखिल करवाई है, याचिका दाखिल करने वाले नावेद रसूल मिर्जा पाकिस्तान के नेशनल अकाउंटिबिलिटी ब्यूरो में वकील रह चुके हैं। पंजाब सरकार ने हाफिज को आतंकवाद रोधी कानून 1997 के तहत 31 जनवरी को उसके चार सहयोगियों सहित 90 दिनों के लिए नजरबंद किया था। सईद की रिहाई पर भारत समेत अमेरिका ने भी पाकिस्तान की आलोचना की है।
हाफिज सईद की आतंकी गतिविधियों को देखते हुए अमेरिका ने उस पर 10 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है, कोर्ट द्वारा रिहा करने के बाद अमेरिका ने बयान जारी कर कहा था कि आतंकी हाफिज का इस तरह से छूट जाना इस बात का सबूत है कि पाकिस्‍तान आतंकी के खिलाफ मुकदमा चालने में विफल रहा है।
बयान में कहा गया है कि जिस तरह से आतंकी को पाकिस्‍तान की अदालत से रिहाई दी गई है, उससे अपनी धरती को आतंकवादियों के लिए पनाहगाह नहीं बनने देने और अंतरराष्‍ट्रीय आतंकवाद के खिलाफ लड़ने की बात करने वाले पाक की मंशा पर शक होने लगा है।

…तो मुस्लिम लड़कियों को पटवाएंगे -बजरंग दल

तो लड़की पटवाएंगे -बजरंग दल

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

कर्नाटक के उडुपी में चल रहे ‘धर्म संसद’ से एक और विवादित बयान सामने आया है। हिंदू संतो, मठ प्रमुखों और विश्व हिंदू परिषद की इस सभा में एक वीएचपी नेता ने मुसलमानों को लव जिहाद के मुद्दे पर धमकी दे डाली। रविवार को आयोजित की गई इस सभा में वीएचपी नेता गोपाल ने कहा कि अगर मुस्लिम लव जिहाद नहीं रोकेंगे, तो वह बजरंग दल के युवाओं से मुस्लिम लड़कियों को पटवाएंगे। इस सभा में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद थे।

गोपाल ने लव जिहाद को हिंदुओं के लिए गंभीर समस्या बताते हुए मुस्लमानों को लव जिहाद रोकने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि हम प्यार के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन हमारी लड़कियां शाहरुख और शिरीश या सलमान और सुनील के बीच का फर्क नहीं समझ पाती। वह ये नहीं समझ पाती कि हिन्दू केवल एक बार शादी करते करते हैं, जबकि मुस्लिम अनेक बार।

बता दें कि यह पहला मामला नहीं है, जब विश्व हिंदू परिषद ने लव जिहाद के मुद्दे को उठाया है। इससे पहले राजस्थान के जयपुर में हुए तीन दिवसीय अध्यात्मिक मेले में वीएचपी और बजरंग दल ने लव जिहाद पर बुकलेट बनाकर बेचीं थी। केवल 5 रूपए के मूल्य वाली इस बुकलेट का टाइटल ‘जिहाद और लव जिहाद… हिंदू लड़कियां सावधान रहें’ दिया गया था।

इन बुकलेट्स में हिंदू महिलाओं को मुसलमान पुरुषों से सतर्क रहने, उन्हें गद्दार, राष्ट्र विरोधी और पाकिस्तानी कहने की अपील की गई थी। बुकलेट में उन स्थानों का भी वर्णन किया गया था, जहां सबसे ज्यादा लव जिहाद होता है और लव जिहाद की पीड़िताओं को वीएचपी कार्यकर्ताओं से संपर्क करने की बात कही गई थी।

बाली (इंडोनेशिया) में फंसे हर भारतीय नागरिक की होगी मदद : सुषमा स्वराज

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
इंडोनेशिया के बाली में ज्वालामुखी विस्फोट की चेतावनी उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बीच विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने जकार्ता में भारतीय राजदूत प्रदीप रावत से बातचीत की है। सुषमा ने वहां फंसे भारतीयों की हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया है।
सुषमा ने ट्वीट कर कहा कि, ‘‘हमने वहां हवाई अड्डे पर एक सुविधा सहायता केंद्र खोला है और वहां फंसे भारतीय नागरिकों की हर सम्भव मदद करेगें।” विदेश मंत्री ने सोमवार को ट्वीट किया था- ‘बाली में मौजूद भारतीयों, कृपया चिंता  न करें, जकार्ता में भारतीय राजदूत प्रदीप रावत और महावाणिज्य दूत सुनील बाबू अपना काम कर रहे हैं।’
विदेश मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाली में भारत के महावाणिज्य दूत ने बाली हवाई अड्डे पर हेल्प डेस्क बनाया है, जिसके माध्यम से बाली में माउंट आंगुग के सक्रिय होने के कारण प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद की जा रही है। बाली में ज्वालामुखी से राख का गुबार निकलने के कारण दूसरे दिन भी बाली का हवाई अड्डा बंद रहा, विशेषज्ञों ने ज्वालामुखी को लेकर चेतावनी का स्तर उच्चतम कर दिया है और कहा है कि यह किसी भी पल फट सकता है।
ज्वालामुखी से पिछले सप्ताह से ही गहरे धूसर रंग के धुएं का गुबार निकल रहा है, जो पिछले कुछ दिनों से आसमान में छाने लगा। इससे सुबह तक सभी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं हैं।

25 लाख रुपये से अधिक जमा किया तो देना होगा जवाब, 1.16 लाख लोगों को नोटिस

income tax department

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com

25 लाख रूपए से अधिक पैसे बैंक में संजों कर रखनेवालों को अब दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. आयकर विभाग ने नोटबंदी के बाद बैंक खातों में 25 लाख रुपये से अधिक जमा कराने और निर्धारित तारीख तक रिटर्न नहीं दाखिल करने वाले 1.16 लाख लोगों और कंपनियों को नोटिस भेजा है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन सुशील चंद्रा ने आज यह जानकारी दी।

चन्द्र ने बताया कि हमने उनकी भी जांच शुरू की है, जिन्होंने अपने बैंकों में मोटी रकम जमा कर अपना आयकर रिटर्न दाखिल कर दिया है। कर विभाग ने नोटबंदी के बाद 500 और 1,000 के बंद किये गये ढाई लाख रुपये से अधिक की राशि जमा करवाने वालों की जांच की है। इस जांच की अलग श्रेणी निर्धारित की गई है। जिसे 25 लाख रुपये से अधिक  राशि जमा कराने वाले और 10 से 25 लाख रुपये तक जमा कराने वालों के बीच बांटा गया है।

चंद्र ने बताया कि अपना रिटर्न जमा नहीं करने वालों की श्रेणी में कुल 1.16 लाख लोग हैं। यह लोग नोटबंदी के बाद बंद नोटों में 25 लाख रुपये अथवा इससे अधिक जमा कराने वालों की श्रेणी में हैं। इन लोगों और कंपनियों को 30 दिन के भीतर अपना आयकर रिटर्न जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

दूसरी श्रेणी में 2.4 लाख लोग ऐसे हैं, जिन्होंने बैंक खातों में 10 से 25 लाख रुपये जमा कराए हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक उनका रिटर्न दाखिल नहीं किया है। ऐसे लोगों को आयकर विभाग दूसरे चरण में नोटिस भेजेगा। यह नोटिस आयकर कानून की धारा 142:1: के तहत भेजे गए हैं।

अधिकारी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से सितंबर के दौरान आयकर कानून के उल्लंघन के लिए 609 लोगों के खिलाफ अभियोजन शुरू किया गया है। यह पिछले साल की इसी अवधि के 288 से दोगुना से अधिक है। इस साल कुल 1,046 शिकायतें दायर की गईं, जबकि पिछले साल इस अवधि में यह आंकड़ा 652 रहा था।

कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं वरुण गांधी!

एनपी न्यूज़ नेटवर्क | Navpravah.com

जहां एक ओर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष पद संभालने को लेकर चर्चा में है। वहीं बीजेपी सांसद वरुण गांधी की भी इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी में एंट्री की ख़बर सबको चौंका रही है। दरअसल आगरा के एक स्थानीय नेता के अनुसार, वरुण गांधी को भाजपा वह पद नहीं सौप रहा है, जो उन्हें मिलना चाहिए। इंडिया टुडे वेबसाइट पर छपी खबर के बाद यह बात सामने आई है।

स्थानीय नेता के अनुसार, राज्य में मुख्यमंत्री पद के लिए लायक उम्मीदवार वरुण गांधी थे, लेकिन पार्टी द्वारा उन्हें पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ मुस्लिम नेता हाजी जमीलुद्दीन ने भी इस बात की पुष्टि में कहा कि भगवा रंग वाली पार्टी में वरुण को नजरअंदाज किया जा रहा है। ऐसे में वरुण का कांग्रेस पार्टी से जुड़ने के पूरे आसार हैं।

जमीलुद्दीन ने बताया भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ कह लें, लेकिन पार्टी में किसी को मन की बात कहने का मौका नहीं दिया जाता। वरुण गांधी उन नेताओं में से हैं, जो अपनी राय बेबाक तौर पर रखते हैं। जिसकी कीमत पार्टी ने उन्हें नज़रंदाज़ करके दी है। यूपी में सत्ता में आने के बाद बीजेपी के कई समर्थकों ने वरुण गांधी का नाम मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के तौर पर सबके सामने रखा था, लेकिन उन्हें साइड कर योगी आदित्य नाथ को मुख्यमंत्री बना दिया गया।