28 C
Mumbai
Thursday, August 20, 2026
Home Blog Page 833

“आप” में बढ़ रहा है पार्टी नेता कुमार विश्वास का विरोध

आप में बढ़ रहा है कुमार विश्वास का विरोध

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

आम आदमी पार्टी हमेशा से अपने आंतरिक विवादों को लेकर सुर्ख़ियों में रही है। इस बार का मामला पार्टी नेता कुमार विश्वास से जुड़ा हुआ है। पार्टी के सोशल मीडिया के प्रमुख सदस्य से आप नेता कुमार विश्वास को मारने की धमकी मिल रही है। अब तक मामले को लेकर आम आदमी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व बिलकुल खामोश नजर आ रहा है। 
 
सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और कुमार विश्वास के बीच आजकल सबकुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। कुमार विश्वास और आप के केंद्रीय नेतृत्व में लड़ाई जारी है और यह लड़ाई ट्वीटर पर बयानबाजी के द्वारा हो रही है। एक पत्रकार के पैरोडी ट्वीटर अकाउंट ने दावा किया है कि सोशल मीडिया पर आप नेता कुमार विश्वास को गालियां दी जा रही हैं। विश्वास को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी तक दी जा रही है। कुमार ने इस ट्वीट को लाइक भी किया है। कुमार के ट्वीट को लाइक करने से इस खबर की पुष्टि होती है कि कुमार को सोशल मीडिया पर मिल रही धमकी सही है।
 
बता दें कि कुछ दिन से आप के शीर्ष नेतृत्व ने दिल्ली से विश्वास को राज्यसभा भेजने के लिए अभियान चलाया था। इसी एलान के बाद से ही आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ता इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। दुबे अभय नाम से जारी किए गए इस ट्वीट में कुमार विश्वास के लिए गन्दी भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।  
  

मुंबई वासियों को क्रिसमस पर मिला एसी लोकल का तोहफा 

मुंबई की फर्स्ट एसी लोकल

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

मुंबई: भारतीय रेलवे ने सोमवार को मुंबई रेलयात्रियों के लिए देश की पहली उपनगरीय एसी लोकल ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। क्रिसमस के मौके पर इसका ट्रायल रन चलाया गया, जहाँ अधिकारियों संग मीडिया और कुछ राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पश्चिम रेलवे के बोरीवली और चर्चगेट के बीच यह ट्रेन चलाई गई।

25 दिसंबर के सार्वजनिक अवकाश के मौके पर इस नई ट्रेन की झलक पाने के लिए बोरिवली स्टेशन और अन्य स्टेशनों पर सैकड़ों लोगों की भीड़ दखाई पड़ी। नई रेलगाड़ी का पूर्ण परिचालन 1 जनवरी 2018 से शुरू होगा।इसके रोजाना 12 चक्कर लगेंगे।
 
पश्चिमी रेलवे प्रमुख के प्रवक्ता रविंदर भाकर के अनुसार, ट्रेन की सेवाएं सभी कामकाजी दिनों पर नियमित अंतराल में उपनगरीय क्षेत्र में संचालित की जाएंगी। केवल सप्ताह के अंत में रख-रखाव के उद्देश्य से यह परिचालित नहीं होगी।
 
मुंबई की एसी लोकल ट्रेन का बेस फेयर 1.3 गुना अभी के किराए से ज्यादा रखा गया है। हालांकि पहले 6 महीने तक यात्रियों से 1.2 गुना ज्यादा ही किराया वसूला जाएगा। वहीं इस ट्रेन में साप्ताहिक और 15 दिन के पास की भी सेवा मिलेगी। सप्ताहिक पास का किराया महालक्ष्मी तक 285 रुपये, 945 रुपये अंधेरी और विरार तक 1070 रुपये लगेंगे। वहीं 15 दिन वाले पास के लिए 430 रुपये से शुरुआत होगी और विरार तक के लिए 1555 रुपये देने होंगे। वहीं मासिक पास की शुरुआत 570 रुपये से शुरू होगी। बांद्रा तक 820 रुपए, अंधेरी तक 1240 रुपये, बोरवली तक 1640 रुपये और विरार तक 2240 रुपये का किराया होगा।
 

अमिताभ बच्चन को लगा करारा झटका, डूबे 640 करोड़ रुपये

अमिताभ बच्चन को लगा करारा झटका

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन को बिटकॉइन ने करारा झटका दिया है। दो दिनों में बिटकॉइन से अरबों की कमाई करने वाले अमिताभ बच्चन उससे भी कम समय में उन रुपयों को गँवा चुके हैं। सूत्रों के अनुसार अमिताभ ने बिटकॉइन की कीमतों में आई तेजी के चलते 100 मिलियन (640.3 करोड़ रुपये) कमाए थे, लेकिन बिटकॉइन की कीमतों में आई गिरावट के कारण वह उन पैसों को गँवा बैठे हैं। 

बता दें कि अमिताभ बच्चन ने 3-4 साल पहले बिटकॉइन में छोटा निवेश किया था। लेकिन दिन ब दिन बिटकॉइन की बढ़ती कीमतों ने उनके छोटे से निवेश को अरबों में बदल दिया। उन्होंने हैदराबाद की कंपनी स्टैमपेड कैपिटल के शेयर्स लिए हुए हैं, जिसमें कंपनी ने अमिताभ को नॉन-प्रमोटर शेयरहोल्डर बताया है। यह कंपनी खुद को रिसर्च पर आधारित वैश्विक ट्रेडिंग कंपनी बताती है और हर नैनों सेकंड में करोड़ो का ट्रेड करती है। 
 
2014 में अमिताभ बच्चन के इस कंपनी में 3.39 प्रतिशत शेयर्स थे, जिनकी कीमत 9 करोड़ रुपये थी। अब बिटकॉइन की कीमतों में अचानक आई गिरावट के चलते यह शेयर घटकर 4.6 करोड़ ही रह गए हैं। रिकार्ड्स के मुताबिक, जून 2014 से अमिताभ शेयर होल्डरों की लिस्ट में शामिल हैं, लेकिन अमाउंट हमेशा बदलता रहता है।अमेरिका की कम्पनी लौन्ग्फिन कॉर्प की सब्सिडियरी स्टैमपेड से अमिताभ अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं। 

भारत की संयुक्त राष्ट्र सचिव ईनम गंभीर भी दिल्ली में सुरक्षित नहीं 

दिल्ली में ईनम गंभीर भी सुरक्षित नहीं

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की पहली सचिव ईनम गंभीर को कल रात चैन स्नैचर्स ने अपने लूट का निशाना बना लिया। लुटेरों ने ईनम का आईफोन छीन लिया है। ईनम के इस आईफोन में संयुक्त राष्ट्र का रजिस्टर्ड सिमकार्ड डाला हुआ है और इसमें काम से जुड़े हुए कई महत्वपूर्ण जानकारी हैं। 
 
न्यूयोर्क में कार्यरत ईनम छुट्टी मनाने के लिए दिल्ली आई हुईं थी। उनका घर दिल्ली के रोहिणी सेक्टर(7) में है। जैसे ही ईनम खाना खाने के बाद अपने माँ के साथ बाहर टहलने को निकली थीं, वैसे ही 2 बाइक सवार उनसे पता पूछने के बहाने उनका मोबाइल छीनकर वहां से फरार हो गए। ईनम भारत में तब सुर्ख़ियों में आई थी, जब उन्होंने सितम्बर महीने में सयुंक्त राष्ट्र में भारत का पक्ष रखते हुए पाकिस्तान को टेरिस्तान बताकर करारा जवाब दिया था। उनका यह जवाब उस समय मीडिया में छा गया था। 
 
ईनम के पिता जगदीश कुमार ने बताया कि यह हादसा ईनम के साथ करीब 11. 20 मिनट पर हुआ, जब वे खाना खाने के बाद टहलने निकली थीं। उसी समय 2 बाइक सवार आए और उन्होंने ईनम से हनुमान मंदिर का पता पूछा। जैसे ही ईनम ने पता बताने के लिए हाथ उठाया, उन्होंने ईनम के हाथ से मोबाइल छीन लिया और वहां से भाग गए। ईनम ने जिस हाथ का इस्तेमाल पता बताने के लिए किया, उनके उसी हाथ में उनका मोबाइल फ़ोन था। 
 
ईनम ने अपने खिलाफ हुए इस हादसे की खबर पुलिस थाने में दर्ज करा दी है। पुलिस को ईनम ने अपने बयान में बताया कि मैं अँधेरा ज्यादा होने के कारण बाइक का नंबर नहीं नोट कर पाई थी। फ़िलहाल पुलिस ने ईनम की शिकायत पर धारा 356, 379 और 34 दर्ज कर ली है। वहीं इस हादसे की जानकारी देते हुए रोहिणी के डिप्टी कमिश्नर रजनीश गुप्ता ने कहा कि अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। हम आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ लेंगे और इसके लिए हमने एक टीम का गठन कर दिया है। केस को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए पुलिस रास्ते में पड़ने वाले सारे सीसीटीवी फुटेज को भी देखेगी।   

वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम की दावोस समिट में शामिल हो सकते हैं पीएम मोदी

पीएम मोदी का छात्रों को गुरुमंत्र

सुनील यादव | Navpravah.com 

जिनेवा में होने वाली वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम की एनुअल मीटिंग में प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल हो सकते हैं। न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की दावोस समिट अगले साल 22 से 27 जनवरी के बीच होनी है। इस समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत के 100 सीईओ का डेलिगेशन भी जाने वाला है। इसमें भारत की बड़ी हस्तियां शाहरुख़ खान और मुकेश अम्बानी भी शामिल हो सकते हैं। 
 
जिनेवा में होने वाले इस वर्ल्ड दावोस समिट में प्रधानमंत्री मोदी एक सेसन में स्पीच भी देंगें। हालांकि इस समिट में भाग लेने वालों की लिस्ट अगले महीने ही जारी की जायेगी। इसमें भारत की ओर से शाहरुख़ खान, मुकेश अम्बानी के साथ चंदा कोचर और उदय कोटक भी शामिल हो सकते हैं। बता दें कि इस समिट में “बटी हुई दुनिया का साझा भविष्य” विषय पर चर्चा होनी है। इसमें प्रधान मंत्री मोदी के साथ कुछ यूनियन मिनिस्टर भी हिस्सा ले सकते हैं। खबरों के मुताबिक अरुण जेटली, सुरेश प्रभु, धर्मेंद्र प्रधान, नितिन गडकरी एवं पीयूष गोयल का नाम इस फेहरिस्त में बताया जा रहा है। 
 
दुनिया के टॉप कंपनियों के CEO’s  के साथ-साथ करीब 3000 लोग इस समिट में हिस्सा लेने वाले हैं। इस दावोस समिट में करीब 20 सालों के बाद भारत से कोई प्रधानमंत्री हिस्सा लेंगें, इससे पहले वर्ष 1997 में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा ने इस समिट में भाग लिया था। बता दें कि यह दावोस समिट पिछले 50 वर्षों से ऑर्गनाइज की जा रही है और इस समिट में आर्थिक हालत से जुड़े अहम मसलों पर चर्चा की जाती है।  

लालू की वजह से टेंसन में राबड़ी देवी

राबड़ी देवी की चिंता बढ़ी

राजेश सोनी | Navpravah.com

सीबीआई की विशेष अदालत ने लालू प्रसाद को चारा घोटाले में दोषी पाते हुए उन्हें 3 जनवरी तक जेल भेज दिया है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपने आवास पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील करती हूँ। वहीं आगे मीडिया से बात करते हुए राबड़ी देवी ने लालू प्रसाद की स्वास्थय की चिंता जाहिर की है।
 
राबड़ी ने आगे कहा कि मैं न्यायालय के फैसले का सम्मान करती हूँ और सभी राजद पार्टी के कार्यकर्ताओं से दुख की इस घड़ी में सयंम बनाए रखने की अपील करती हूँ। भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं। आगे उन्होने कहा कि हमें विश्वास है कि हमारे पति जेल से जल्द बरी हो जायेंगे। मुझे आशा है कि वह स्वस्थ रहें और समय पर दवाईयां लें। वह दिल के मरीज हैं, जिनका एक बड़ा आपरेशन हुआ है। उनके चिकित्सा स्थिति के बारे में हमने अदालत को अवगत करवा दिया है।

इस बीच लालू के बड़े बेटे और विधायक तेज प्रताप यादव ने कहा, “लालू किसी व्यक्ति का नाम नहीं है, वह एक विचारधारा हैं, हमें चिंता करने की जरूरत नहीं है, उन्हें न्याय मिलेगा और वह जल्दी ही जेल से बाहर होंगे।” गौरतलब है कि लालू को सीबीआई की विशेष अदालत ने 3 जनवरी तक बिरसा मुंडा जेल भेज दिया है। कोर्ट लालू पर सजा का फैसला 3 जनवरी तक सुनाएगी। 

राष्ट्रपति कोविंद, पीएम मोदी और उपराष्ट्रपति नायडू ने दी देशवासियों को क्रिसमस की बधाई

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने देश को दी क्रिसमस की बधाई

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

आज क्रिसमस का पावन त्योहार है और इस मौके पर देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने क्रिसमस की देश को बधाई दी है। इन सभी लोगों ने ट्वीट कर देश को क्रिसमस की बधाई दी है। 
 
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद क्रिसमस की बधाई देते हुए अपने ट्वीट में लिखते हैं कि सभी साथी नागरिकों को विशेष रूप से ईसाई भाइयों एवं बहनों को क्रिसमस की बधाई। यह त्योहार परिवार और समाज में खुशियां लेकर आए। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू अपने ट्वीट में लिखते हैं कि क्रिसमस के इस पावन अवसर पर नागरिकों को बधाई। यह त्योहार करुणा और क्षमा के मूल्यों में हमारे विश्वास को बढ़ाता है और ईसा मसीह की मानवता की सीख की तसदीक करता है। यह त्योहार आपके जीवन में शांति, सौहार्द और खुशियां लेकर आए। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों को क्रिसमस की बधाई देते हुए लिखा कि सभी को क्रिसमस की बधाई। हमें ईसा मसीह की शिक्षाएं याद हैं।
 
कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल गाँधी ने भी देश को क्रिसमस की बधाई देते हुए अपने ट्वीट में लिखा कि सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं। यह त्योहार खुशी, प्यार और गर्मजोशी से भरा हो। 

पाकिस्तान की जेल में कुलभूषण जाधव से आज मुलाकात करेगा परिवार

जाधव को पकड़ने के लिए ISI ने दिए थे करोड़ों रूपए

राजेश सोनी | Navpravah.com

पूर्व नौसेना अधिकारी कुलभूषण जाधव को तीन मार्च 2016 को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी द्वारा जासूसी के कथित आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तान ने आखिरकार कुलभूषण जाधव के परिवार को उनसे जेल में मिलने की अनुमति दे दी है। आज कुलभूषण जाधव का परिवार उनसे मिलने इस्लामाबाद पहुंचा है।
 
पाकिस्तान का विदेश कार्यालय पहले ही बता चूका है कि विदेश मंत्रालय में होने वाली इस मुलाकात के दौरान भारतीय उपउच्चायुक्त जे.पी. सिंह मौजूद रहेंगे। मुलाकात के बाद जाधव के परिवार को मीडिया से बात नहीं करने दिया जाएगा। संभवता उनका परिवार शाम को ही इस्लामाबाद से भारत लौट सकता है। पाकिस्तान सरकार इस मुलाकात की पूरी वीडियो रिकॉडिंग करवाएगी। 
 
पीआईपीएफपीडी इस मामले पर नजर रखे हुए है और उन्होंने इस मुलाकात को पाकिस्तान द्वारा विश्वास निर्माण की दिशा में उठाया गया सकारात्मक कदम बताया है, जिससे दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों में सुधार में मदद मिलेगी।
 
गौरतलब है कि पाकिस्तान ने कुलभूषण जाधव को आतंकवाद फैलाने और जासूसी के आरोप में जेल में कैद कर रखा है। वहीं पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने कुलभूषण जाधव को मौत की सजा सुनाई थी। बाद में भारत ने इस फैसले को अंतराष्ट्रीय अदालत में चुनौती दी थी और भारत ने अंतराष्ट्रीय अदालत में पाकिस्तान से केस जीतकर कुलभूषण जाधव की फांसी पर रोक लगवा दी थी।   

आज के प्रमुख समाचार

आज के प्रमुख समाचार
headlines of the day

आज पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी का 93वां जन्मदिन, पीएम मोदी ने दी बधाई।

नोएडा में पहली बार पीएम-सीएम एक साथ, करेंगे मैजेंटा मेट्रो का उद्घाटन।

27 दिसंबर को होगा हिमाचल के नए सीएम जयराम ठाकुर का शपथ ग्रहण, पीएम भी करेंगे शिरकत।

आज पाक जेल में कुलभूषण जाधव से मिलेगा उनका परिवार।

ट्रिपल तलाक़ पर बिल वापस ले सरकार- AIMPLB

पाकिस्तान के सीजफायर उल्लंघन के बाद रक्षा मंत्रालय में अहम बैठक आज।

अन्ना हजारे 23 मार्च को करेंगे विरोध प्रदर्शन।

क्रिसमस पर आज मुम्बई को मिलेगी पहली एसी लोकल ट्रेन।

भारत-श्रीलंका: टी-20 सीरीज में हुआ श्रीलंका का सफाया, 3-0 से जीता भारत।

दो दिनों में करीब 70 करोड़ का कारोबार कर चुकी है सलमान की फ़िल्म ‘टाइगर ज़िंदा है’।

आखिरी मैच में श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर, सीरीज 3-0 से जीता भारत।

सुनील यादव | Navpravah.com

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए तीसरे टी-20 मैच में भारत ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली है। मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले जयदेव उनादकट को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इससे पहले भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। ड्यू के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम के लिए यह टॉस मैच जीतने के बराबर था। बल्लेबाजी करने आई श्रीलंकन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पिछले दोनों मैचों में श्रीलंकन सलामी बल्लेबाज निरोशन डिकवेला तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट के शिकार हुए थे और आज भी वह उनादकट के शिकार बने।

श्रीलंका को पहला झटका मैच के दूसरे ओवर में डिकवेला के रूप में लगा। इसके बाद पिच पर आए कुसल परेरा भी आज जल्द ही आउट होकर चलते बनें, उन्हें वासिंगटन सुंदर ने 4 के स्कोर पर पवेलियन भेजा। श्रीलंका की ओर से केवल असेला गरुणारत्ने ही टिककर खेल सके, उनके अलावा हर बल्लेबाज आता-जाता गया। श्रीलंका की टीम ने 20 ओवरों के बाद 7 विकेट खोकर 135 रन बनाए। असेला गरुणारत्ने ने सबसे ज्यादा 36 रन की पारी खेली। भारत की ओर से जयदेव उनादकट और हार्दिक पांड्या ने 2-2 विकेट हासिल किए।

मैच में मिले महज 136 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी खराब रही। इन्फॉर्म बल्लेबाज के एल राहुल और रोहित शर्मा जल्द ही निपट गए। राहुल ने 4 तो रोहित ने 27 रनों की पारी खेली। इसके बाद पिच पर आए श्रेयस अय्यर औए मनीष पांडेय ने मिलकर भारत के जीत की नींव रखी। दोनों ने क्रमशः 30 एवं 32 रनों की पारी खेली, जिससे टीम इंडिया के लिए जीत की राह आसान हो गई। अंत मे धोनी और दिनेश कार्तिक ने कुछ आक्रामक शॉट्स लगाकर मैच भारत की झोली में डाल दिया। श्रृंखला में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज से नवाजा गया।