29 C
Mumbai
Thursday, August 20, 2026
Home Blog Page 821

पाकिस्तान से खफा अमेरिका, रोक सकता है आर्थिक मदद 

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवादी संगठनों के खिलाफ पाक द्वारा कार्यवाई ना किए जाने से असंतुष्टि जताई है। इसलिए, अब अमेरिका ने पाकिस्तान ने खिलाफ सख्त कार्यवाई करने का मन बना लिया है। अब अमेरिका पाकिस्तान को दी जाने वाली 25 करोड़ 50 लाख डॉलर की सहायता राशि रोकने पर विचार कर रहा है। 
 
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ट्रम्प प्रशासन ने पाकिस्तान को दी जाने वाली सहायता राशि को बंद करने का फैसला लिया है। इसके लिए ट्रम्प प्रशासन ने पाकिस्तान में चल रहे आतंकवादी विरोधी अभियान में सहयोग न करने को कारण बताया है। अमेरिका और पाकिस्तान में तब से रिश्ते तनावपूर्ण है, जब से अमेरिका ने पाकिस्तान को हिंसा और आतंवादियों को पनागाह देने वाला देश बताया था। ट्रम्प प्रशासन ने आगे कहा कि जब तक पाकिस्तान उसके जमीन पर फल-फूल रहें आतंकवादी संगठनों के खिलाफ सख्त कार्यवाई नहीं करेगा, तब तक पाक को सहायता राशि अमेरिका द्वारा मुहैया नहीं कराई जाएगी। 
 
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने अमेरिका के इन आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा से आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से जंग लड़ी है। आगे उन्होंने कहा कि अमेरिका के यह सारे आरोप गलत है कि पाकिस्तान आतंकवाद से लड़ने के लिए कुछ खास नहीं कर रहा  है। 

मुलायम की बहू ने कहा, “मुस्लिम महिलाओं को मजबूती देगा तीन तलाक विधेयक”

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने कई बार अपने ही समाजवादी पार्टी की सोच से अलग जाकर बेफिक्री से अपनी राय देश के सामने रखी है। इस बार उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा में पास कराए गए तीन तलाक बिल का समर्थन किया है। वहीं उनके ससुर की समाजवादी पार्टी ने इस बिल का समर्थन तो किया, लेकिन उन्होंने इस तीन तलाक बिल में संसोधन की मांग की है। 
 
उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट कर तीन तलाक बिल पर अपनी बात रखी है। अपर्णा ने अपने ट्वीट में लिखा है कि यह एक स्वागत योग्य कदम है और यह महिलाओं, खासकर मुस्लिम महिलाओं को मजबूती देगा। यह उन मुस्लिम महिलाओं की तरफ ध्यान आकर्षित करेगी, जो लम्बे समय से अन्याय सहती आ रही है। इससे पहले भी अपर्णा यादव कई मामलों में पार्टी लाइन से हटकर अपनी राय रख चुकी हैं। 
 
गौरतलब है कि अपर्णा यादव का बयान उस समय आया है, जब समाजवादी पार्टी ने इस तीन तलाक बिल का विरोध किया था। वहीं संसद में इस बिल के पास होने के बाद समाजवादी पार्टी ने उस समय इस बिल का समर्थन तो किया था, लेकिन इस बिल में कुछ बदलाव की मांग की थी।  

सूत्र: राज्यसभा सीट के लिए “आप” के संजय सिंह का नाम तय 

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

राज्यसभा की तीन सीटों के लिए आम आदमी पार्टी में आतंरिक बवाल मचा है। इसी बीच सूत्रों से खबर मिली है कि एक सीट के लिए संजय सिंह का नाम तय कर दिया गया है और वह 4 जनवरी को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। बाकी दो सीटों के लिए पार्टी में अभी तक नाम तय नहीं पाए हैं। इसके साथ ही इस बात पर भी अभी तक कोई सहमति नहीं है कि इन दो सीटों के लिए नाम पार्टी से हो या बाहर से किसी को लाया जाए।  
 
गौरतलब है कि राज्यसभा में अपनी दावेदारी तय करने के लिए वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास पूरा जोर लगाए हुए हैं, लेकिन उनके नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है। इसके साथ ही कुमार विश्वास और अरविंद केजरीवाल के बीच तकरार भी बढ़ती जा रही है, जहां कुमार विश्वास खुद को अभिमन्यु बता रहे हैं। 
 
वहीं अरविंद केजरीवाल ने पद का लालच कर रहे लोगों पर कटाक्ष करते हुए ट्विटर पर अपने 2014 के एक इंटरव्यू के उस बयान को रीट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने पार्टी में पद और लोकसभा/विधानसभा आदि का टिकट चाहने वालों के बारे में अपनी राय बताई थी। इस बयान में अरविंद केजरीवाल कह रहे हैं कि जिन-जिन लोगों को देश के लिए काम करना है,  वे पार्टी में आएं, जिन-जिन लोगों को पद और टिकट का लालच है, आज पार्टी छोड़कर चले जाएं। 
 
बताया जा रहा है कि केजरीवाल ने ये बयान री ट्वीट करके पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास को जवाब दिया है, जो साफ़ तौर पर कह चुके हैं कि उनकी राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा है। गुरुवार को ही विश्वास समर्थकों ने पार्टी के हेडक्वार्टर पर डेरा डालकर विश्वास को राज्यसभा भेजने की मांग की थी। 

‘टाइगर जिंदा है’ फिल्म ने पार किया 300 करोड़ का आंकड़ा

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
 
सलमान खान की फिल्म ‘टाईगर जिन्दा है’ लगातार रिकार्ड सेट करती जा रही है। फिल्म ने रीलीज होने के साथ ही ताबड़-तोड़ कमाई करने का सिलसिला भी शुरु कर दिया था। फिल्म के अब तक के कुल 8 दिनों के बिजनेस के बारे में बात करें, तो फिल्म पूरे वर्ल्ड वाइड लेवल पर 300 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है।
 
बॉलीवुड के दंबग खान ने इस बार ‘टाईगर जिन्दा है’ फिल्म के द्वारा दर्शकों को क्रिसमस और न्यू ईयर का बेहतरीन तोहफा दिया है। फिल्म ने गुरुवार तक देश और विदेश में कुल 285 करोड़ की कमाई कर ली थी। शुक्रवार के बिजनेस को जोड़ दें तो फिल्म की कमाई 300 करोड़ के पार पहुंच गयी है। फिल्म ने गुरुवार तक देश में करीब 206 करोड़ और विदेशों में 80 करोड़ का बिजनेस कर लिया था। अगर फिल्म ऐसी ही कमाई जारी रखती है, तो फिल्म बाहुबली को भी टक्कर दे सकती है।
 
अभी तक सलमान अपनी फिल्मों को ईद के मौके पर ही रीलीज करते थे, लेकिन इस बार सलमान ने फिल्म को क्रिसमस और नए साल के मौके पर रीलीज किया है। फिल्म जिस तरह से कमाई कर रही है, उससे जल्द ही ये फिल्म सलमान की सबसे बड़ी ब्लाकबस्टर फिल्मों की फेहरिस्त में भी शामिल हो जाएगी।

मायके से 10 लाख नहीं लाई तो, पति ने दे दिया तलाक

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

रामपुर: तीन तलाक जैसे एतिहासिक फैसले के बाद भी ऐसे मामले थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रामपुर से एक ऐसी ही घटना सामने आ रही है, जहाँ एक शौहर ने पत्नी का गरीब परिवार से होने के नाते उसे तलाक दे दिया।

दरअसल रामपुर में एक शौहर ने अपनी पत्नी को सिर्फ इसलिए तलाक दे दिया, क्योंकि वह गरीब परिवार से संबंध रखती है। इतना ही नहीं पति काशिफ उसको दरवाजे पर तलाक, तलाक, तलाक बोलकर मौके से फरार हो गया। रोज कि प्रतारणा से परेशान पीड़ित महिला ने पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ अजीम नगर थाने में केस दर्ज करवाया है।
 
खेड़ा टांडा गांव की रहने वाली महिला का आरोप है कि उसके पति काशिफ ने इसे सिर्फ इसलिए तलाक दे दिया,  क्योंकि वह गरीब है। उसका पति काशिफ किसी आमिर लड़की से शादी करना चाहता था। जबकि इसपर एएसपी सुधा सिंह के अनुसार, पीड़ित पत्नी ने अपने बयान में बताया कि उसका पति उसे पैसे लाने के लिए प्रताड़ित करता था। पति ने उससे 10 लाख रुपए की मांग की और न देने पर उसे तलाक दे दिया। इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 
 
बता दें कि तीन तलाक का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई मुस्लिम महिलाएं तीन तलाक का शिकार हो चुकी हैं। 

भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ पकड़े गए डीयू, जेएनयू और एमिटी के छात्र  

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

दिल्ली यूनिट के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो(NCB) ने हिंदू विश्वविधालय, दिल्ली यूनिवर्सिटी और जवाहर लाल यूनिवर्सिटी के 4 छात्रों को मादक पदार्थ के साथ रंगे हाथों पकड़ा है। इन छात्रों के पास से एनसीबी ने 1.40 किलो मादक पदार्थ और तीन एलएसडी ब्लोट पेपर जब्त किया है। 
 
पिछले कुछ समय से एनसीबी को इस संबंध में लगातार ख़ुफ़िया सूचना मिल रही थी। एनसीबी को इन प्रतिष्ठित विश्वविधालयों जैसे दिल्ली यूनिवर्सिटी, हिन्दू कॉलेज और जेएनयू में मादक पदार्थों के दुरूपयोग करने की खबर मिली थी, लेकिन अब तक कोई पुख्ता जानकारी न मिलने के कारण एनसीबी ने अबतक कोई कार्यवाई नहीं की थी। 
 
आगामी 31 दिसंबर के जश्न समाराहों में इन एमएसडी ब्लोट पेपर को कुरियर के माध्यम से जयपुर के एक रेव पार्टी में पहुंचाना था। यह लोग अपनी साजिश को अंजाम तक पहुंचा पाते, उसे पहले ही एनसीबी ने गौरव कुमार सही 3 और छात्रों को मादक पदर्थों के साथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं एनसीबी की डीजी रीना मित्रा ने विश्वविधालयों में छात्रों द्वारा मादक पदार्थों के लगातार बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता व्यक्त की है। 

तिरुपति में गैर हिंदुओं को नौकरी मिलने पर मचा बवाल

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

तिरुपति बालाजी मंदिर 40 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने जा रहा है। मंदिर की प्रबंधन समिति तिरुमाला तिरुपति देवास्थानम कर्मचारियों को नोटिस देने की तैयारी कर रही है। खबरों के अनुसार, ये कर्मचारी गैर हिंदू बताए जा रहे हैं और उन पर मंदिर के आसपास दूसरे धर्म के प्रचार-प्रसार करने का आरोप लगाया जा रहा है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार, मामले की जांच कर रही समिति ने बताया कि मंदिर में केवल हिंदू धर्म के कर्मचारी ही रखे जा सकते हैं। मंदिर के प्रबंधन ने नियमों को ताक पर रख 40 गैर हिंदू लोगों को नौकरी पर रखा है, लेकिन आरोपियों के खिलाफ क्या फैसला लेना है, इस पर कोई खबर नही है।

तिरुपति मंदिर के प्रबंधन से कई लोगों ने इस बारे में शिकायत की थी, लेकिन यह मामला तब सामने आया, जब मंदिर की ही एक महिला कर्मचारी का स्थानीय चर्च में प्रार्थना करते हुए एक वीडियो वायरल हो गया। इस महिला की पहचान तिरुमाला तिरुपति देवास्थानम के डिप्टी एक्जिक्यूटिव अधिकारी स्नेह लता के रूप में हुई है। स्नेह लता पर आरोप है कि वह हर रविवार को मंदिर की कार से चर्च जाती हैं।

तिरुमाला में पहले भी दूसरे धर्मों के प्रचार को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। 2007 में आंध्र प्रदेश सरकार ने साफ किया था कि वेक्टेश्वर भगवान की धरती तिरुमाला हिंदू श्रद्धालुओं की रहेगी और दूसरे धर्मों का प्रचार निषेध रहेगा।

पद्मावती के रिलीज की मुश्किलें ख़त्म, अब फिल्म का नाम होगा ‘पद्मावत’

पद्मावत विवाद

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

बॉलीवुड फिल्म पद्मावती को लेकर देश भर में कई जगह बवाल हुए। जिसके बाद अब फिल्म के डायरेक्टर संजय लीला भंसाली के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को पास करते हुए UA सर्टिफिकेट देने का फैसला किया है।
 
सूत्रों के अनुसार फिल्म का नाम “पद्मावती” से बदलकर पद्मावत करने का सुझाव दिया गया है। इसके साथ ही इस फिल्म में कुछ सुझाव भी दी गए हैं, जिसके तहत फिल्म के दौरान एक डिस्क्लेमर चलाना होगा, जिसमें यह साफ़ बताया जाएगा कि यह फिल्म सती प्रथा को बढ़ावा नहीं देती। इतना ही नहीं, फिल्म का प्रचलित गाना “घूमर” में भी बदलाव किए जाएँगे और इस गाने में पद्मावती बनी अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को भी हटाया जाएगा। इन सभी बदलाव के बाद ही फिल्म को सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। इन सभी सुझावों के लिए भंसाली ने भी हामी भरी है।
 
बता दें कि सेंसर के स्पेशल पैनल में उदयपुर के अरविन्द सिंह मेवाड़, डा. चंद्रमणि सिंह, जयपुर यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर के.के सिंह शामिल थे। इससे पहले ये खबर आ रही थीं कि रिव्यू कमेटी ने पद्मावती को खारिज कर दिया है।

देर से जागी बीएमसी, मुंबई अग्निकांड के बाद अवैध निर्माणों पर शुरू की तोड़क कार्रवाई

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravh.com  

मुंबई के कमला मिल्स कंपाउंड में हुए अग्निकांड के बाद बीएमसी अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते नजर आ रही है। अग्निकांड के बाद बीएमसी ने कई रेस्त्रां और पब के अवैध निर्माण पर तोड़क कार्यवाही की है। जिनमें कमला मिल और रघुवंशी मिल के चार से ज्यादा रेस्त्रां और पब के अवैध निर्माण पर बीएमसी द्वारा तोड़क कार्यवाही की गई। 
 
पिछले 12 घंटों में बीएमसी द्वारा सख्ती दिखाते हुए अब तक 4 रेस्त्रां और पब के अवैध निर्माण के खिलाफ तोड़क कार्यवाही की है। इसके अलावा बीएमसी द्वारा मुंबई के सभी रेस्त्रां और पब की जांच के लिए 25 टीम गठित की गई है। यह टीम शहर के सभी रेस्त्रां पब और होटलों में आग लगने के समय पर बाहर निकलने के इंतजाम, सीढियाँ, फ़ूड लाइसेंस, हुक्का सर्विस और शराब जैसे इंतजामों की पड़ताल करेगी। 
 
इसके अलावा मुंबई अग्निकांड मामले में बीएमसी ने रेस्त्रां मालिकों के खिलाफ लुक आउट नोटिस (तलाश की सुचना) नोटिस जारी कर दिया। इन सभी लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है, फिलहाल यह सभी लोग फरार चल रहे हैं। 
 
विदित हो कि मुंबई के लोवर परेल के कमला मिल कंपाउंड के मोजोस लाउन्ज में आग लगी थी और इस अग्निकांड में 14 लोगों की दम घुटने के कारण मौत हो गई थी। इस अग्निकांड में मृतिकों में ज्यादातर महिलाएं थी। 

मौलाना ने खोली पाकिस्तान की पोल, ISI के इशारे पर की जाधव परिवार के साथ बदसलूकी

ISI के इशारे पर काम कर रहा है पाकिस्तान

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
 
पाकिस्तान की जेल में जासूसी के झूठे आरोप में बंद कुलभूषण जाधव के केस में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। आतंकी संगठन जमात-उद-दावा के मुखिया हाफिज सईद के नजदीकी मौलाना आमिर हमजा ने इस केस में पाकिस्तान की पोल खोल दी है।
 
हमजा के दावे के मुताबिक पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने जाधव से उनके परिवार की मुलाकात के दौरान हर कदम पर साजिश रची थी। हमजा का कहना है कि आईएसआई की शह पर कुलभूषण जाधव के परिवार के साथ बदसलूकी की गई थी। जाधव की पत्नी के जूते और कपड़े बदलवाने का काम भी पाकिस्तान ने आईएसआई के इशारे पर किया था।
 
एक वीडियो सामने आया है जिसमें हमजा यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि जाधव, उनकी पत्नी और मां की मुलाकात से जुड़ा हर प्रबंध आईएसआई की निगरानी में किया गया था। इसके साथ ही हमजा ने यह भी खुलासा किया कि पाकिस्तान जाधव के परिवार के साथ इस तरह का बर्ताव करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बेइज्जत कराना चाहता था।
 
पाकिस्तान ने जाधव से मिलने से पहले उनकी पत्नी और माँ की दो बार चेकिंग की थी। उनकी पत्नी के मंगलसूत्र, गहने और जूते उतरवा दिए थे, इतना ही नहीं उनके कपड़े भी बदलवाए। इसके बाद उनके जूतों को शक के आधार पर अपने पास ही रख लिया और उसकी जांच करवा रहे हैं। 
 
पाकिस्तान का कहना है कि उनके जूते में एक मेटल की चिप थी, जिससे उन्हें जासूसी का शक हुआ। इसके अलावा पाकिस्तानी पत्रकारों ने भी उनसे कई अजीबो-गरीब सवाल पूछें, जिसकी अलोचना भारतीय संसद में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने की थी।