28 C
Mumbai
Friday, August 21, 2026
Home Blog Page 803

केंद्र सरकार इस बार के बजट में मिडिल क्लास को दे सकती है बड़ी राहत

बजट 2018 में मिडिल क्लास को मिल सकती है राहत

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

केंद्र सरकार 2019 के चुनावों को देखते हुए इस बार के बजट में मिडिल क्लास को बड़ी राहत दे सकती है। सरकार मिडिल क्लास को सबसे बड़ा आधार मान रही है। सरकार हेल्थ इंश्योरेंस पर अतिरिक्त लाभ, टैक्स में छूट और एफडी पर अधिक ब्याज देने का विचार कर रही है। इसके साथ ही सरकार सरकारी निवेश योजनाओं पर भी अधिक लाभ दे सकती है।

हाल में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा था कि सरकार लोगों के पास अधिक से अधिक फंड को छोड़ने की कोशिश करती है, जिससे लोग ज्यादा से ज्यादा निवेश और खर्च कर सकें। केंद्र सरकार मध्यम वर्ग और गरीब लोगों को लुभाने वाला बजट पेश कर सकती है। हाल में सरकार ने दो सौ वस्तुओं को 28% GST के दायरे से बाहर किया था।

2018-19 का बजट 1 फरवरी को पेश होगा। वहीं संसद का बजट सत्र 29 जनवरी से 6 अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र का पहला चरण 29 जनवरी से 9 फरवरी और दूसरा सत्र 5 मार्च से 6 अप्रैल तक चलेगा। 

WWE रेसलर कविता दलाल को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे सम्मानित

रेसलर कविता दलाल को राष्ट्रपति करेंगे सम्मानित

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

भारत की ओर से WWE की रेसलर कविता दलाल को आनेवाली 20 जनवरी को भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद फर्स्ट लेडीज अवार्ड से सम्मानित करेंगे। पिछले दिनों कविता दलाल ने भारत की ओर से अमेरिका के फ्लोरिडा में आयोजित WWE प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। रेसलर कविता दलाल का सम्मान समारोह का आयोजन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा दिल्ली के अशोका होटल में किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा रेसलर कविता दलाल को निमंत्रण भेजा गया है। कविता के भाई ने बताया कि सरकार से निमंत्रण पाने के बाद पूरे परिवार में ख़ुशी का माहौल है।    
 
बता दें कि कविता दलाल हरयाणा के जींद की रहने वाली हैं। कविता पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं और उन्होंने 12वीं तक अपनी पढाई जींद में ही की थी। कविता को बचपन से ही रेसलिंग का शौक था, इसलिए वे अपनी आगे की रेसलिंग की ट्रेनिंग पूरी करने के लिए लखनऊ चले गईं और रेसलिंग की ट्रेनिंग के साथ-साथ उन्होंने अपनी बी.ए तक की पढाई भी पूरी की। पढाई पूरी करने के बाद 2008 में कविता ने कांस्टेबल के पद पर नौकरी शुरू कर दी। वहीं 2009 में उनकी शादी गौरव से हो गयी, वे भी कांस्टेबल हैं और वॉलीबाल खिलाडी हैं। 
 
कविता के जीवन में काफी उतार-चढ़ाव होते रहे, वे एक बार जापान में डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाई गई थीं। एक समय था, कविता नौकरी के लिए दर-दर भटक रहीं थी और उनकी उम्र ज्यादा होने के कारण उनको नौकरी पर नहीं लिया गया था। ऐसे बुरे समय में कविता की मदद भारत के WWE खिलाड़ी ग्रेट खली ने की थी। ग्रेट खली ने उनको अपने जालंधर स्थित रेसलिंग इंस्टिट्यूट में ट्रैंनिंग का न्योता दिया और उसके बाद ही उन्हें WWE में पहुँच पाने में सफलता मिली थी। कविता WWE में सलवार सूट में रेसलिंग करने के लिए मशहूर हैं। 

आप के राज्यसभा उम्मीदवार एनडी गुप्ता का नामांकन हुआ मंजूर

एन डी गुप्ता का नामांकन हुआ मंजूर

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
 
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार एनडी गुप्ता को बड़ी राहत मिली है, उनकी राज्यसभा उम्मीदवारी को मंजूर कर लिया है। कांग्रेस ने उनके खिलाफ लाभ के पद पर रहने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इस खबर से कांग्रेस को झटका लगा है।
 
कांग्रेस पार्टी ने लाभ के पद पर होने के आधार पर दिल्ली से आप के राज्यसभा उम्मीदवार एन डी गुप्ता की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की थी, जबकि AAP ने कहा था कि उनके उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले ही पद से इस्तीफा दे दिया था। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने एक ट्वीट में कहा था कि कांग्रेस ने AAP के राज्यसभा उम्मीदवार एन. डी. गुप्ता की उम्मीदवारी पर आपत्ति दाखिल की है।
 
गुप्ता को भाजपा, पीएम मोदी और वस्तु एवं सेवा कर का समर्थक बताते हुए माकन ने कहा था कि उन्हें 30 मार्च, 2015 को सरकार के स्वामित्व वाले 1.75 लाख करोड़ रुपए के राष्ट्रीय पेंशन योजना ट्रस्ट का न्यासी नियुक्त किया गया था और ‘वह अभी भी लाभ के उस पद पर बने हुए हैं, वह उम्मीदवारी के अयोग्य हैं।
 
उन्होंने बताया कि इस मामले में एन.डी. गुप्ता की यह दलील थी कि उन्होंने 29 दिसम्बर 2017 को नेशनल पेन्शन स्कीम ट्रस्ट के ट्रस्टी के पद से इस्तीफा दे दिया था। यह दलील चलने वाली नही है, क्योंकि उन्होंने इस्तीफा देने से पहले 30 दिन का नोटिस देने की कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं की थी। 

इन्टरनेट को बेहतर बनाने के लिए इसरो करने जा रहा है जीसैट-11 सैटेलाइट लॉन्च

जीसैट-11 लॉन्च करेगा इसरो
सौम्या केसरवानी | Navpravah.com 
इसरो बहुत जल्दी देश का सबसे भारी कम्युनिकेशन सैटेलाइट जीसैट-11 लांच करने जा रहा है। इस सैटेलाइट का वजन 5.6 टन है और यह 500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसके सफल प्रक्षेपण से भारत में इन्टरनेट और टेलिकॉम सर्विस में काफी परिवर्तन आने वाला है, जिससे डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती मिलेगी और डिजिटल तकनीक भी और बेहतर होगी।
इस उपग्रह को जनवरी के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है। इसके सफल प्रक्षेपण के बाद भारत का खुद का इन्टरनेट प्रदाता उपग्रह हो जाएगा, जिससे भारत के गांवों और शहरों में इन्टरनेट की स्पीड काफी बढ़ जाएगी और लोगों को पहले से ज्यादा अच्छी सुविधा मिलेगी।
इसरो के अध्यक्ष एएस किरण कुमार ने बतया कि इसरो देश को नया आयाम देने की कोशिश कर रहा है। इस सैटेलाइट से हमें डिजिटल इंडिया में बहुत अधिक सहायता मिलेगी। जीसैट-11 इंटरनेट स्पीड को बढ़ाने में मदद करेगा। इससे हर जगह इंटरनेट की सुविधा पहले से बेहतर होगी। अभी तक इसके तहत अंतरिक्ष में 18 महीने में तीन सैटेलाइट भेजे जाने हैं।

पूर्व नेवी कमांडर भी दिल्ली में सुरक्षित नहीं, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल 

पूर्व नेवी कमांडर भी दिल्ली में नहीं हैं सुरक्षित

राजेश सोनी | Navpravah.com

देश की राजधानी दिल्ली में अपराधियों के मन में कोई कानून का डर नजर नहीं आ रहा है। ऐसा कहने के पीछे का हमारा कारण यह है कि दिल्ली में आम जनता की बात तो छोड़िए, अब तो पूर्व नेवी कमांडर भी सुरक्षित नहीं हैं। आज सुबह भारतीय नेवी के पूर्व कमांडर और 26/11 मुंबई हमलों में आतंकवादियों से लोहा लेने वाले प्रवीण कुमार तेवतिया के साथ अपराधियों ने छिनौती की वारदात को अंजाम दिया। प्रवीण कुमार ने 26/11 हमले में देश की रक्षा करते हुए 4 गोलियां अपने शरीर पर झेलीं थी और उनकी इस वीरता के लिए भारत सरकार ने उन्हें शौर्य चक्र से नवाजा था। 
 
बता दें कि आज सुबह करीब 5.45 बजे पूर्व नेवी कमांडर प्रवीण कुमार तेवतिया इ-रिक्शा के द्वारा मयूर विहार मेट्रो स्टेशन के तरफ सफर कर रहे थें, तभी बाइक सवार लुटेरे उनके हाथ से मोबाइल छीनकर वहां से फरार हो गए। प्रवीण कुमार ने अपने साथ हुई आपबीती फेसबुक पोस्ट के द्वारा लोगों को बताई है। उन्होंने अपने पोस्ट पर लिखा है कि आज सुबह बाइक सवार लुटेरों ने मेरे हाथ से मोबाइल छीन लिया और मैंने उनका पीछा भी किया, लेकिन मेरा पीछा करने का कोई मतलब नहीं निकला।

उन्होंने आगे दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रश्न किया कि हम किस जगह रह रहे हैं, जहाँ सामान्य आदमी बिलकुल सुरक्षित नहीं है। वहीं कुछ दिन पहले सयुंक्त राष्ट्र में भारत का पक्ष रखने वाली आईएफएस अफसर इनम गंभीर का आईफोन उनके हाथ से छीन लिया गया था। इनम के उस मोबाइल में कई महत्वपूर्ण मोबाइल नंबर और सयुंक्त राष्ट्र से जुड़ी जानकारी थी। वे रात भोज के बाद बाहर अपने माँ के साथ टहलने निकली थीं। 
 
उनके इस पोस्ट के बाद कई लोगों के कमेंट सामने आये, मोहित मौर्या लिखते हैं कि इस क्षेत्र में ऐसी लूटपाट की घटना अब सामान्य हो गई है। आए गए दिन इस तरह की घटना मयूर विहार और मेट्रो स्टेशन के बीच होती रहती है।    

सड़क दुर्घटना में घायल सक्षम यादव की हुई मौत 

नहीं रहे गोल्ड मेडलिस्ट सक्षम यादव

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

दिल्ली-पानीपत नेशनल हाईवे के सिंधु बॉर्डर के पास रविवार सुबह हुए सड़क दुर्घटना में घायल वेट लिफ्टिंग के स्वर्ण पदक विजेता सक्षम यादव नहीं रहे। दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती सक्षम को डोक्टरों ने शाम को मृत घोषित कर दिया। डोक्टरों के अनुसार दुर्घटना में उनके सिर के अंदर गंभीर चोटें आई थीं, बड़ी कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया न जा सका। 

बता दें कि रविवार सुबह स्विफ्ट डिजायर कार में सवार 6 खिलाड़ी किसी मैच में भाग लेने के लिए जा रहें थे, पर हाईवे पर कार का संतुलन बिगड़ने से कार एक खम्बे से जा टकराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को एक-एक कर कार से बाहर निकाला पर 6 में से 4 खिलाड़ियों की मौत मौके पर ही हो चुकी थी। अन्य बचे 2 घायलों में से सक्षम की भी मौत हो चुकी है, अंतिम बचे रोहित की हालत नाजुक बताई जा रही है। 

बता दें कि मृतक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रह चुके हैं। वर्ल्ड वेट लिफ्टिंग चैंपियनशिप में दिसंबर 2017 में मॉस्को में गोल्ड मैडल दिलाकर भारत का नाम रोशन करने वाले सक्षम यादव दिल्ली के नांगलोई के रहने वाले थे। बाकि खिलाड़ी भी दिल्ली के तिमारपुर क्षेत्र के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि मृतकों में सक्षम के अलावा हरीश, टिंकू, सूरज तथा एक अन्य शामिल है।

बिना टिकट पकड़ा गया एक कश्‍मीरी युवक, अक्षरधाम मंदिर में करने वाला था अटैक

कश्मीरी युवक पकड़ा गया

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
 
26 जनवरी नजदीक है और उसकी वजह से दिल्ली और आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट है। कल पुलिस ने मथुरा में निजामुद्दीन भोपाल ट्रेन से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस ने जब पूछताछ की, तो उस शख्‍स ने कबूला है कि वो और उसके दोस्त 26 जनवरी को दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर पर आतंकी हमले को अंजाम देने वाले थे।
 
दिल्ली पुलिस ने उसके साथियों की तलाश में कई जगह छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, दोनों युवक कश्मीर पहुंच गए हैं और अब कश्मीर पुलिस उनसे पूछताछ करेगी। यूपी एटीएस आईजी असीम अरुण ने कहा है कि बिलाल अहमद दिल्ली-भोपाल शताब्दी में 7 जनवरी को बिना टिकट पकड़ा गया था। लेकिन जांच से अभी तक स्पष्ट हुआ है कि उसका नाम-पता सही है।
 
यूपी एटीएस ने इस मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और आईबी को दी है और पुलिस आतंकी के दोनों दोस्तों को खोजने के अभियान में जुट गई है। जिस होटल मे वे रुके थें, होटल का सीसीटीवी फुटेज और दोनों संदिधों के पहचान पत्र जब्त कर लिए हैं, सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक अभी यह साफ नहीं है कि ये लोग किसी आतंकी गतिविधि से जुड़े हैं।

मुंबई के सत्र न्यायालय के तीसरी मंजिल पर लगी आग, कोई क्षति नहीं

मुंबई के सत्र न्यायलय में लगी आग

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

आज सुबह करीब 7.15 को मुंबई के करमवीर भौरो मार्ग पर स्थित सत्र न्यायालय में भीषण आग लग गई। आग लगते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का मच गई। जैसे ही आग की खबर स्थानीय लोगों को लगी,  उन्होंने फौरन इसकी जानकारी धमकल विभाग को दे दी। आग की जानकारी मिलते ही धमकल की पांच गाड़ियां घटनास्थल पर पहुँची। इस आग में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालाँकि कोर्ट रूम की छत को क्षति जरूर पहुंची है।  
 
मुंबई में बीते 10 दिनों में यह चौथी आग की घटना है। इससे 2 दिन पहले ही मुंबई के कांजुरमार्ग स्थित सिनेविस्टा स्टूडियो में शनिवार रात 8 बजे भीषण आग लगी थी। यह स्टूडियो अभिनेता प्रेमनाथ के बेटे प्रेम किशन चलाते हैं। इस हादसे के वक़्त स्टूडियो में एक टीवी सीरियल की शूटिंग चल रही थी। इस आग में स्टूडियो का करीब 3000 स्क्वायर फ़ीट का एरिया आग की चपेट में आ गया था। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई थी, क्योंकि इस हादसे के वक़्त स्टूडियो में 2 टीवी धारावाहिकों की शूटिंग चल रही थी। 
 
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही अंधेरी में मरोल नाका में एक रहियासी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई थी। इस आग में 2 बच्चों की मौत हो गई थी और पांच लोग बुरी तरीके से जल गए थे। वहीं पिछले हफ्ते मुंबई के लोअर परेल इलाके के कमला मिल्स में भीषण आग लगी थी। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई थी

उत्तर प्रदेश: मंदिर-मस्जिद में बिना इजाजत लाउडस्पीकर बजाने पर हो सकती है जेल

लाउडस्पीकर होंगे बैन

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

यूपी सरकार ने ध्वनी प्रदूषण के खिलाफ सख्त फैसला लिया है। इस नए फैसले के अनुसार अब उत्तर प्रदेश में अगर कोई मंदिर-मस्जिद में बिना इजाजत के लाउडस्पीकर बजाएगा, तो उन्हें जेल तक की हवा खानी पड़ सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार शादियों में किए जाने वाले ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ भी सख्त नजर आ रही है। अब बारात में तेज लाउडस्पीकर बजने पर दूल्हे को जेल हो सकती है।

यूपी के प्रिंसिपल सेक्रेटरी अरविंद कुने ने पूरे सूबे के डीएम और एसएसपी के लिए एक सर्कुलर जारी कर कहा है कि मंदिर-मस्जिदों पर बिना इजाजत लगे लाउडस्पीकर को 20 जनवरी से पहले हटा दिया जाएं। सर्कुलर में आगे कहा गया है कि पिछले 20 दिसंबर को पीआईएल पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ बेंच ने यह आदेश दिए हैं और इस आदेश को प्रदेश भर में लागु कराया जाए। इसके अलावा 15 जनवरी से पहले हर मंदिर-मस्जिद  प्रबंधन द्वारा लाउडस्पीकर लगाने की इजाजत ले ली जाए। जो भी मंदिर-माजिद प्रबंधन लाउडस्पीकर लगाने की इजाजत न ले, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इस कानून को अमल में लाने के लिए यूपी सरकार अब राज्यभर  में पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारियों से सर्वे करवाएगी कि राज्य भर में कितने ऐसे मंदिर-मस्जिद हैं, जिन्होंने लाउडस्पीकर लगाने की इजाजत प्रशासन से ली है। जिन्होंने इजाजत नहीं ली है, उन्हें 15 जनवरी से पहले इजाजत लेना अनिवार्य है।

शिवसेना के पूर्व पार्षद अशोक सावंत की हत्या, इलाके में तनाव का माहौल

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

मुंबई के कांदिवली इलाके में कल रात करीब 11 बजे शिवसेना के पूर्व पार्षद अशोक सावंत को दो बाइकसवारों ने धारदार हथियारों से वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिवसेना से अशोक सावंत दो बार समता नगर सीट से पार्षद रह चुके हैं।

कल रात करीब 10.45 बजे अशोक सावंत अपने करीबी मित्र से मिलकर घर वापसी के लिए लौट रहे थें। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर पहुंचने पर दो बाइकसवारों ने धारदार हथियारों से उनपर पीछे से वार कर दिया, जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत्यु घोषित कर दिया। इस घटना के बाद शिवसैनिकों और अशोक सावंत के समर्थकों में आक्रोश का माहौल है। जिसको देखते हुए अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पुलिस ने केस दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी भी सर्च कर रही है। घटनास्थल से मिले सैम्पल्स को फोरेंसिक जांच के लिए भेजेगी। अशोक सावंत के शव को पोस्टमार्टम के लिए शताब्दी अस्पताल भेज दिया गया है। समता नगर पुलिस स्टेशन में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।