एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
उत्तराखंड के हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके की रहने वाली एक मुस्लिम लड़की ने वहाँ के प्रशासन को एक शपथपत्र दिया है। जिसमें उसमें खुद मुस्लिम धर्म परिवर्तन कर हिन्दू धर्म अपनाने की जानकारी दी है। साथ ही युवती ने परिजनों से अपनी सुरक्षा करने के लिए प्रशासन से गुहार भी लगाई है।
मुस्लिम धर्म में धर्म परिवर्तन के मामले देश के अनेक हिस्सों से सामने आए हैं। यह मामला भी कुछ ऐसा ही है। धार्मिक बंधनों से परेशान मुस्लिम लड़की ने अपना धर्म बदलकर और बाकायदा मंदिर में जाकर हिन्दू धर्म अपना लिया है। इस शपथपत्र में उसने साफ किया है कि भविष्य में उसे शहनवाज के बजाय सुनीता के नाम से जाना जाए। सुनीता (नाम परिवर्तित) का आरोप है कि घर वाले उसे काफी लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे और उस पर तमाम तरह की बंदिशें भी लगा दी गई थीं, इसलिए उसने मंदिर में जाकर धर्म बदल लिया।
मीडिया से सुनीता ने बताया कि घर में उसके लिए हालात इतने बुरे हो गए थे कि घर में सुनीता को जहर देकर मारने की बातें तक की जा रही थीं। सुनीता ने बताया कि वह घर और बाहर की तमाम बंदिशों से तंग आ चुकी थी और तो और उसकी मां की मौत के बाद उसकी पढ़ाई भी छुड़वा दी गई थी। सुनीता ने कहा कि तीन तलाक पर मोदी सरकार की पहल सराहनीय कदम है। तीन तलाक की वजह से तो मुस्लिम महिलाओं की जिंदगी बदतर हो गयी थी। पुरुष तीन तलाक देकर औरतों की जिंदगी बरबाद कर देते हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय ने बताया कि महिला द्वारा धर्म परिवर्तन के संबंध में शपथ पत्र दिया गया है। इसके अलावा युवती सुनीता के सुरक्षा को लेकर भी दिए गए प्रार्थना पत्र पर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

















