टैक्स में सुधार से अर्थव्यवस्था होगी और मजबूत -अमित शाह
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद पहली बार आज सदन में बोले। इस दौरान राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा करते हुए अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद 70 सालों में 55 साल सिर्फ एक ही परिवार का शासन रहा। ऐसे में उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले साढ़े तीन साल में सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर चली। पिछले 60 साल में जो नहीं हुआ, वो अब हो रहा है। जन धन योजना के तहत 31 करोड़ लोगों के खाते खोले गए।
अमित शाह ने आगे कहा कि मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे टैक्स सुधारों से अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी।सरकार द्वारा जो टैक्स वसूला गया है, वह पैसा देश और लोगों के हित में ही खर्च होता है। अमित शाह ने आगे कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा था, वन रैंक वन पेंशन का, जिसे बीजेपी सरकार ने सबसे पहले लागू किया।उन्होंने कहा कि केंद्र की तत्कालीन सरकार ने केंद्र और राज्य के संबंधों का ध्यान नहीं रखा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकार ने वादे को पूरा नहीं किया। राज्यों को हो रहे घाटे को पूरा नहीं किया। वर्तमान की एनडीए सरकार ने यह घाटा पूरा किया और राज्यों की शंकाओं का समाधान किया।
अमित शाह ने कहा कि मैं गरीब के घर में पैदा नहीं हुआ, लेकिन मैंने गरीबी देखी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने करोड़ों मांओं को धुएं से आजादी दिलाई। उन्होंने कहा कि शौचालय का अभियान चलाया गया। इसे स्वच्छता से जोड़ा गया। वहीं लुटियन जोन में रहने वालों को इसके बारे में ज्यादा पता नहीं चलता, लेकिन गांव में लोग इस समस्या को समझते हैं।
शाह ने आगे कहा कि इस सरकार ने ऐतिहासिक काम किए हैं। अमित शाह ने एनडीए सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कहा कि इलाज के लिए जरूरी सामान की कीमतें घटाई गई हैं। उन्होंने स्टेंट का उदाहरण दिया और पीएम की नई स्वास्थ्य लाभ की योजना का जिक्र कर कहा कि ऐसी योजना पूरी दुनिया में नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में कृषि पर 70 प्रतिशत आबादी निर्भर है। इस सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए मजबूत कदम उठाए हैं।
Forbes India 30 Under 30: भूमि पेडनेकर भी हैं फोर्ब्स की इस लिस्ट का हिस्सा
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
साल 2017 में रिलीज हुई ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ में अपने बेहतरीन अभिनय से लोगों का दिल जितने वाली अभिनेत्री भूमि पेडनेकर अब फोर्ब्स इंडिया की सूचि में भी शामिल हो गई हैं। शुभ मंगल सावधान फिल्म से चर्चा में आई भूमि ने फोर्ब्स इंडिया की ’30 अंडर 30′ की लिस्ट में जगह बना ली है। फोर्ब्स इंडिया ने अपने क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले 30 साल से कम उम्र के युवाओं की सूची जारी की है, जिसमे भूमि पेडनेकर का नाम है।
भूमि ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि फोर्ब्स इंडिया इस सम्मान के लिए शुक्रिया। वास्तव में ऐसे अद्भुत लोगों के साथ इस सूची का एक हिस्सा बनना खास है। भूमि इस सूचि में शामिल होने के बाद बहुत खुश हैं। बता दें कि इस लिस्ट में भूमि के साथ विक्की कौशल, मिथिला पालकर और गायक जुबिन नौटियाल भी शामिल हैं।फिल्म ‘मसान’ के अभिनेता विक्की ने ट्वीट कर कहा कि यह सम्मान देने के लिए शुक्रिया फोर्ब्स इंडिया। वेब सीरीज के जरिए चर्चाएं बटोरने वाली एक्ट्रेस मिथिला पालकर ने सोशल मीडिया पर इसकी खुशी जाहिर की है।
भूमि ने 2015 में फिल्म ‘दम लगा के हईशा’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। फिल्म में उन्होंने एक शादीशुदा औरत का किरदार निभाया था। इस फिल्म ने भारत में अच्छा कारोबार किया है। उन्हें इस फिल्म के लिए “फिल्मफेयर अवॉर्ड, प्रोड्यूसर्स गिल्ड फिल्म अवॉर्ड्स, स्क्रीन अवार्ड्स, ज़ी सिने अवार्ड्स, स्ट्रडस्ट अवार्ड्स, बिग स्टार एंटरटेनमेंट अवार्ड्स और इंटरनेशनल फिल्म अकादमी पुरस्कार सहित 6 पुरस्कार से नवाज़ा गया हैं।
हमें सैनिकों की बहादुरी पर पूरा विश्वास है, पाकिस्तान को ‘माकूल जवाब’ देगी सेना -राजनाथ सिंह
सौम्या केसरवानी | Navpravah.com
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें भारतीय सेना की बहादुरी पर पूरा विश्वास है और वे पड़ोसी को ‘माकूल जवाब’ देंगे। राजनाथ ने मीडिया से कहा कि हमें सैनिकों की बहादुरी पर पूरा विश्वास है और वे इसका उचित जवाब देंगे।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी पाकिस्तान की निंदा करते हुए कहा कि भारतीय सेना पर भरोसा रखें, सही समय आने पर वे उचित जवाब देंगे। उन्होंने 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक का उदाहरण देते हुए कहा कि जब सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक किए, तो मीडिया को इसकी जानकारी नहीं थी। इसी तरह वे सही समय पर कार्रवाई करेंगे, बस वो समय आने का इंतजार है।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री हंसराज अहीर ने जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा की गई गोलीबारी की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। इस मुठभेड़ में चार भारतीय जवान शहीद हो गए हैं। मंत्रियों की यह टिप्पणियां कश्मीर घाटी में सीमा पार से हुई गोलीबारी के बाद आई हैं। राजौरी व पुंछ जिलों में कल पाकिस्तानी गोलीबारी में चार भारतीय जवान शहीद हो गए थे व चार अन्य घायल हो गए थे।
पाकिस्तान: एक्ट्रेस ने डांस परफोर्मेंस से मना किया, तो गोलियों से भून दिया
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
मशहूर पाकिस्तानी एक्ट्रेस और सिंगर सुमबुल खान को महज़ इसलिए गोलियों से भून दिया गया, क्योंकि उन्होंने अमीरों की पार्टी में डांस करने से मना कर दिया था। पाकिस्तान के मर्दन शहर में यह दर्दनाक घटना घटी है। ‘इंडिपेंडेंट’ की खबर के अनुसार, सुमबुल को एक प्राइवेट पार्टी में परफॉर्म करने का न्योता मिला था। इसपर सुमबुल ने परफॉर्म करने से साफ़ मना कर दिया। जिससे नाराज़ कुछ संदिग्धों ने सुमबुल की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी।
पार्टी में परफॉर्म करने से मना करने के बाद, कुछ लोग सुमबुल को उनके घर से उन्हें जबरदस्ती लेकर जाने आए थे। ऐसे में जब सुमबुल ने भागने की कोशिश की, तो उन्हें गोलियों से भून दिया गया, जिसके बाद सुमबुल ने मौके पर दम तोड़ दिया। पुलिस ऑफिस सईद खान से मिली जानकारी के अनुसार, इस हत्या में तीन लोग शामिल हैं, जिसमें से एक का नाम नईम खट्टर बताया जा रहा है जो पूर्व पुलिस ऑफिसर है। उसे हिरासत में ले लिया गया है। वहीं दो लोग घटनास्थल से भागने में कामियाब रहे, जिनकी खोज जारी है।
ज्ञात हो कि पाकिस्तान में पिछले कुछ सालों में कई महिला आर्टिस्ट पर हमले किए जा चुके हैं। कुछ दिनों पहले लाहौर में डांसर किसमत बैग की हत्या की गई थी। उन्हें 11 बार गोलियां मारी गईं, जब वो परफॉर्म करके वापस घर लौट रही थीं। सुमबुल की हत्या के बाद पाकिस्तान में काफी आक्रोश है। मशहूर फैशन डिजाइनल माहीन खान ने लोगों से अपील की है कि लोग अपने घर से बाहर निकलें और उनका साथ दें।
ईडी की बड़ी कार्रवाई, नक्सली कमांडर बड़का भईया की 86 लाख की संपत्ति जब्त
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
बिहार के प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के कमांडर संदीप यादव उर्फ बड़का भईया की 86 लाख रु. की संपत्ति प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जब्त कर ली है। प्रवर्तन निदेशालय ने नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपरेशन में पहली बार किसी नक्सली की व्यक्तिगत संपत्ति जब्त की है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत बड़का भईया के खिलाफ कार्रवाई की है। इतना ही नहीं, उनकी पत्नी के साथ-साथ रिश्तेदारों पर भी इस कार्रवाई की गाज पहुंची है। आय से अधिक संपत्ति मामले में ईडी ने दिल्ली, गया और औरंगाबाद में स्थित बड़का भईया की संपत्ति पर छापा मारा है।
ज्ञात हो कि बिहार पुलिस ने CRPF के साथ मिलकर नक्सली नेताओं के नाम गिनाए थे, जिसके बाद इन नेताओं की अवैध संपत्ति को जब्त करने के लिए ईडी को प्रस्ताव भी भेजा गया था। इस प्रस्ताव में कुल 10 बड़े नक्सली कमांडरों के नाम शामिल किए गए थे। इस सूचि में संदीप यादव उर्फ बड़का भईया को बिहार का टॉप नक्सली नेता बताया गया। बड़का भईया ने पुलिस व केंद्रीय सुरक्षा बलों पर घात लगाकर कई हमले किए हैं।
आईएनएक्स मीडिया केस: 2 दिन की CBI रिमांड में इंद्राणी मुखर्जी
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
आईएनएक्स मीडिया केस में सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने अभिनेत्री इंद्राणी मुखर्जी को हिरासत में लेने के आदेश जारी कर दिए हैं। सोमवार को इस मामले की सुनवाई के बाद सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया और इंद्राणी मुखर्जी को इस मामले में दोषी करार दिया है। जिसमें इंद्राणी को दो दिन की न्यायिक हिरासत में लेने का आदेश कोर्ट ने दिया है।
आईएनएक्स मीडिया केस में इससे पहले पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता पी चिदंबरम और उनके बेटे कार्ति चिदंबरम का नाम भी सामने आ चुका है। इतना ही नहीं, सीबीआई ने कुछ दिनों पहले लालू प्रसाद यादव के कई ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। यह कार्रवाई कई शहरों में किए गए भ्रष्टाचार और बेनामी संपत्तियों पर कब्जे को लेकर हुई थी।
बता दें कि पूर्व वित्त मंत्री पी चिंदबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम पर पीटर मुखर्जी और उनकी पत्नी इंद्राणी मुखर्जी के मुंबई के मीडिया समूह आइएनएक्स को नियमों को ताक पर रखकर विदेशी फंड दिलाने का आरोप लगा था। इतना ही नहीं, कार्ति चिदंबरम ने 3.5 करोड़ रुपये एफआईपीबी मंजूरी दिलाने के लिए थे। इस मामले में कार्ति के साथ उनके पिता पी. चिदंबरम का नाम भी इस आरोप में शामिल है, जिसपर शिकायत दर्ज कराई गई है। मिली जानकारी के अनुसार, पी चिदंबरम पर कथित तौर पर एफआईपीबी की 18 मई 2007 की बैठक में कंपनी में 4.62 करोड़ रुपये के विदेश प्रत्यक्ष निवेश के लिए एफआईपीबी मंजूरी के आरोप लगाए गए हैं।
आईएनएक्स मीडिया कंपनी पर कार्ति का परोक्ष रूप से नियंत्रण था और इसके संचालक इंद्राणी और पीटर मुखर्जी थे। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने कार्ति को पूछताछ के लिए पेश होने के लिए जून में एक नोटिस जारी किया था, जिस पर उन्होंने और वक्त मांगा था। बाद में, देश छोड़ने से रोकने के लिए उनके खिलाफ एक लुक आउट सर्कुलर जारी किया। कार्ति तब मद्रास उच्च न्यायालय पहुंचे, जिसने सर्कुलर पर रोक लगा दी। बाद में उच्चतम न्यायालय ने उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगा दी।
कंगना रनौत ने शादी को लेकर मांगी मोहलत, कही ये बात
सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत मुंबई में चल रहे लैक्मे फैशन वीक के पांचवें दिन रैम्प पर अपने जलवे बिखेरती नजर आईं। 30 वर्षीय कंगना ने मीडिया से अपनी शादी से जुड़ी बात करते हुए कहा, “अगली फरवरी तक की मुझे समय सीमा दें।”
कंगना ने कहा कि वह फिल्मोद्योग में खुद को ‘बिल्कुल पेशेवर’ कलाकार मानती हैं। करण जौहर के साथ टीवी शो ‘इंडियाज नेक्स्ट सुपरस्टार’ में नजर आ रही कंगना ने पिछले साल फिल्मकार पर ‘भाई-भतीजावाद का आरोप’ लगाया था, लेकिन एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं कहा कि वह उनके साथ काम नहीं करेंगी।
कंगना ने लक्मे फैशन वीक समर रिसोर्ट 2018 के मौके पर संवाददाताओं से कहा, “मेरे मन में किसी के प्रति कोई विशेष धारणा नहीं है। यह कि मैं फलां के साथ काम नहीं करना चाहती। यह भी जरूरी नहीं है कि हम हर व्यक्ति के दोस्त ही हों। उन्होंने आगे कहा, “मेरे करियर का मेरे लिए बड़ा मतलब है, मैं अपने मौकों को लेकर कोई समझौता नहीं करने जा रही। मैं संघर्षशील हूं और मैं जो चाहती हूं, उसे हासिल करने जा रही हूं।”
UP: शिक्षक ने किया प्रवेश पत्र के बहाने छात्रा के साथ रेप
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
योगी सरकार से शायद सूबे की कानून व्यवस्था संभल नही रही है, इसीलिए बदमाशों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। ताजा घटना उत्तर प्रदेश के आगरा से आई है, जहां परीक्षा प्रवेश पत्र दिलाने का झांसा देकर नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि बच्ची आईटीआई में पढ़ती है।

















