कर्नाटक: पीयूष गोयल ने मंदिर जाने को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना
रेलवे मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर मंदिर जाने को लेकर निशाना साधा है। आज पीयूष गोयल कर्नाटक में मौजूद थें, उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी कर्नाटक तो इलेक्शन टूरिज्म करने के लिए आ रहे हैं। वह मंदिर से मठ तक जा रहे हैं। मैं खुश होता, अगर राहुल गाँधी ने मंदिर जाने के लिए चुनाव का इंतज़ार नही किया होता।
पीएम मोदी फिलिस्तीन के सबसे बड़े सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर’ से सम्मानित
राजेश सोनी | Navpravah.com
प्रधानमंत्री मोदी कल खाड़ी देश ओमान, फिलिस्तीन और सयुंक्त अरब अमीरात (यूएई) के दौरे पर रवाना हुए थे। आज वह अपने दौरे के पहले पड़ाव के लिए फिलिस्तान, रामल्लाह पहुंचे हैं। फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने पीएम मोदी को लिस्तीन के सबसे बड़े सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर’ से सम्मानित किया।
मोदी ने ग्रैंड कॉलर के लिए फिलिस्तीन को सभी भारतीयों के तरफ से धन्यवाद किया और इसे भारत के लिए सम्मान करार दिया है। मोदी ने ग्रैंड कॉलर को भारत और फिलिस्तीन की दोस्ती का प्रतिक बताया। फिलिस्तीन में मोदी ने अपने सम्बोधन के दौरान कहा कि फिलिस्तीन ने हमारी विदेशनीति में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत और फिलिस्तीन के सम्बन्ध समय की कसौटी पर ठहरें हुए हैं और फिलिस्तीन ने हमेशा भारत की विदेशनीति में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि फिलिस्तीन के लोगों ने लगातार अत्यंत कठिन समय में साहस दिखाया है। ऐसी स्थिति में जिस तरह से आप आगे बढ़ रहे हैं, वह प्रशंसनीय है, हम इसकी सराहना करते हैं। भारत फिलिस्तीन में कूटनीति संस्थान का निर्माण कर रहा है। मुझे खुशी है कि हम इस यात्रा के दौरान विकास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
पीएम ने कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हम इस साल छात्रों के आवाजाही को दोगुना कर देंगे, इसे 50 से 100 तक कर देंगे। मैंने राष्ट्रपति अब्बास को आश्वासन दिया है कि भारत फिलीस्तीनी लोगों के हितों की देखभाल करेगा। हम फिलिस्तीन में शांति और स्थिरता की आशा करते हैं, हमें विश्वास है कि बातचीत के साथ एक स्थायी समाधान संभव है। केवल कूटनीति और दूरदृष्टि अतीत की हिंसा से मुक्त करा सकती है। हमें पता है कि यह आसान नहीं है, लेकिन हमें कोशिश करना जारी रखना चाहिए क्योंकि बहुत कुछ दांव पर है।
राष्ट्रपति महमूद ने कहा कि हम एक महान अतिथि के रूप में आपका स्वागत करते हैं, आपकी यह यात्रा फिलिस्तीन के लिए पहली ऐतिहासिक यात्रा है। यह आपके व्यक्तिगत रूप से और भारत के लोगों के लिए, प्रेम और प्रशंसा की भावनाओं की यात्रा है। वहीं मोदी और फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने रामल्लाह में भारत और फिलिस्तीन के बीच समझौतों का आदान प्रदान किया। आज प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को फिलिस्तीन में गार्ड ऑफ़ ऑनर देकर स्वागत किया गया।
J&K: नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक ने विधानसभा में लगाए ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा में विपक्षी नेशनल कांफ्रेंस के एक विधायक ने शनिवार को पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए। एनसी विधायक ने यह नारा तब लगाया, जब सदन में जम्मू शहर के सुंजवान सैन्य शिविर पर हुए आतंकवादी हमले को लेकर बहस चल रही थी। जब उनसे इस बारे में मीडिया ने सवाल किया, तो विधायक अकबर लोन ने कहा, ‘हां मैंने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए, मैंने ये सदन में कहा, मुझे नहीं लगता कि इसमें किसी को भी दिक्कत होनी चाहिए।’
एनसी प्रवक्ता जुनैद मट्ट ने तत्काल ट्वीट कर मामले को संभालने की कोशिश करते हुए कहा, “जेकेएनसी के आदरणीय अध्यक्ष ने कहा है कि एनसी विधायक को यह नहीं भूलना चाहिए कि वह उस पार्टी से आते हैं, जिसने द्विराष्ट्र के सिद्धांत को खारिज किया था और अपने कार्यकाल के प्रारंभ में अल्लाह का नाम लेकर लिए गए शपथ को भी याद रखना चाहिए।”
जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने आतंकवादी घटना पर दुख जताते हुए कहा, “सुंजवान में आज हुए आतंकी हमले से काफी व्यथित हूं, मेरी संवेदनाए घायलों और उनके परिजनों के साथ हैं।” जम्मू-कश्मीर में आज सुबह जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों ने जम्मू शहर के सुंजवान में स्थित सेना के एक शिविर पर हमला कर दिया, जिसमें सेना के तीन कर्मी और एक सैन्यकर्मी की बेटी घायल हो गई है।
सुंजवान आर्मी कैंप: आतंकियों के एनकाउंटर के लिए भारतीय सेना का ऑपरेशन जारी
सौम्या केसरवानी | Navpravah.com
जम्मू के सुंजवान में स्थित सेना के एक शिविर में शनिवार तड़के घुस आए हथियारबंद आतंकियों को भारतीय सेना ने चारों तरफ से घेर लिया है। ये आतंकवादी जेसीओ क्वार्टर में भी घुस गए थे। भारतीय सेना के सूत्रों ने बताया कि जूनियर कमिशन अधिकारियों की इमारत में घुस आए आतंकवादियों के सफाए के लिए हर कमरे की छानबीन की जा रही है।
सेना की ओर से बयान जारी करते हुए कहा गया कि आर्मी कैंप में आतंकियों को घेर लिया गया है। उनके खिलाफ ऑपरेशन चलाया जा रहा है, हमारी कोशिश है कि कम से कम नुकसान हो। आज सुबह जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक एसपी वैद्य ने बताया कि आतंकवादी सुंजवान सैन्य शिविर में पीछे की ओर बने आवासीय क्वार्टर की ओर से घुसे, इसमें चार लोग फायरिंग में घायल हुए हैं। इनमें तीन सैन्यकर्मी हैं, जबकि एक सैन्यकर्मी की बेटी है।
इस घटना के बाद गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक से बात की। जिसके बाद डीजीपी ने उन्हें आतंकी हमले की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि जैश ए मोहम्मद के आतंकी बीती रात शहर के बाहरी इलाके में चेन्नी के पास स्थित सेना के सुंजवान शिविर के पिछले हिस्से से आतंकवादी वहां दाखिल हुए। खुफिया एजेंसियों ने अफजल गुरू की बरसी पर जैश ए मोहम्मद द्वारा सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाये जाने को लेकर पहले ही चेतावनी जारी दी थी।
जानिए आलिया भट्ट आजकल किसके साथ कर रही हैं डेट
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट का नाम अभिनेता रणवीर कपूर के साथ जोड़ा जा रहा था। लेकिन, इन अफवाहों के बीच आलिया से जुड़ी एक चौकाने वाली खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आलिया भट्ट आजकल अरब पति बिजनेसमैन केविन मित्तल को डेट कर रही हैं।
बता दें कि आलिया और केविन की मुलाकात पहली बार 2017 में वर्ल्ड इकनोमिक फोरम के दौरान हुई थी। दोनों के बीच बात-चीत हुई और फिर दोस्ती, अब दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे हैं। केविन मित्तल उद्योगपति सुनील मित्तल के बेटे हैं और वह सोशल मीडिया ऐप हाईक मेस्सेंजर के फाउंडर भी हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बॉलीवुड की क्यूट एक्ट्रेस आलिया भट्ट का नाम उनके पहले फिल्म स्टूडेंट ऑफ़ दी ईयर के एक्टर सिद्धार्त मल्होत्रा के साथ भी जोड़ा गया था। आलिया भट्ट मशहूर बॉलीवुड निर्देशक महेश भट्ट की बेटी हैं।आलिया ने काफी कम समय में बॉलीवुड में अपने एक्टिंग का लोहा मनवाया है।
जोहान्सबर्ग वनडे में भारत ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी करने का फैसला
सुनील यादव | Navpravah.com
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जोहान्सबर्ग के न्यू वांडरर्स स्टेडियम पर खेले जा रहे एकदिवसीय श्रृंखला के चौथे मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। बल्लेबाजी को सपोर्ट करती इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमें अक्सर जीततीं रहीं हैं, इस लिहाज से देखा जाए, तो यह फैसला कहीं न कहीं सही फैसला है।
श्रृंखला में शुरूआती तीनों मैच हारने के बाद मेजबानों को इस मैच में भारतीय टीम को हराना आसान नहीं होगा। हालांकि, यह दक्षिण अफ्रीका के लिए पिंक वनडे होगा, जो स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता के लिए खेला जाता है। इस दौरान अफ्रीकी टीम पिंक जर्सी पहनकर खेलने उतरेगी। दक्षिण अफ्रीका ने पिंक वनडे के दौरान खेले गए सभी मैचों में जीत दर्ज की है, इसलिए इस मैच के काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।
इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स की वापसी अफ़्रीकी टीम के मिडल ऑर्डर को मजबूती देगी। फिलहाल भारत ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है, तो भारतीय ओपनरों पर एक बार फिर टीम का दारोमदार रहने वाला है। भारतीय टीम के शुरूआती तीनों मैच जीतने के बाद हौसले बुलंद हैं, वहीं दक्षिण अफ्रीका अपने पहले जीत की तलाश में है। अफ़्रीकी टीम में जहाँ एबी डिविलियर्स और मोर्ने मोर्केल के रूप में दो बदलाव किये गए हैं, वहीं भारतीय टीम में इस मैच में श्रेयस अय्यर को जगह दी है। बता दें कि शिखर धवन आज अपना 100वां अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मैच खेलेंगे।
नरेंद्र मोदी के शब्द खोकले हैं, वो जो कहते हैं, वो करते नहीं -राहुल गांधी
राजेश सोनी | Navpravah.com
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज विधानसभा चुनाव प्रचार करने के लिए कर्नाटक के बेल्लारी पहुंचे। उन्होंने बेल्लारी में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के शब्द खोकले हैं, वो जो कहते हैं, वो करते नहीं।
राहुल गाँधी ने आगे पीएम मोदी पर वादा खिलाफी का आरोप भी लगाया है। उन्होंने पीएम पर आरोप लगाया कि वह झूठे वादे करते हैं, झूठे सपने दिखाते हैं। राहुल ने कहा कि भाजपा पर भरोसा करके आपको कुछ नहीं मिलने वाला है। कांग्रेस पार्टी जो कहती है, वो करती है।
गौरतलब है कि हाल ही में दिए गए पीएम मोदी के सम्बोधन को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने निशाना साधा था। राहुल ने निशाना साधते हुए कहा था कि मोदी जी भूल गए हैं कि वो पीएम हैं, विपक्ष के नेता नहीं। वो कांग्रेस की बात कर रहे हैं, ठीक है। लेकिन, ये उसकी जगह नहीं है, आप पब्लिक मीटिंग में कीजिए। मगर यहां तो आपको देश को जवाब देना है। यहां आपको देश से सवाल नहीं पूछने हैं, यहां जवाब देना है। मोदी जी सदन में एक घंटे से ज्यादा वक्त तक बोले। लेकिन, राफेल डील, किसान और युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं कहा।

















