मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सरेआम एक युवक ने एक नाबालिक से रेप करने की कोशिश की। इस दरिंदगी का विरोध करने पर नाबालिक को आग में स्वाहा कर दिया।हादसे में पीड़िता बुरी तरह झुलस गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खुजनेर पुलिस थाना निरीक्षक इन्द्रराज सिंह ने बताया कि पीड़िता कक्षा 6 की छात्रा है। शनिवार को जब वह घर में अकेली थी, तभी 16 वर्षीय आरोपी लड़का जबरन उसके घर में घुस आया और रेप की कोशिश करने लगा। इस हादसे के बाद 13 वर्षीय नाबालिक दलित लड़की गंभीर हालत में है।
उन्होंने आगे बताया कि जब छात्रा ने शोर मचाकर इसका विरोध किया, तो आरोपी ने घर में रखा मिट्टी का तेल उसके ऊपर डाल कर आग लगाकर मौके से फरार हो गया। उसे रविवार रात पकड़ लिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना में लड़की 50 फीसदी से अधिक झुलस गई और जिला चिकित्सालय राजगढ़ में उसका उपचार चल रहा है। सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 307, 354, 450 और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कर्नाटक में विधान सभा चुनाव को देखते हुए वहां की राजनीति इन दिनों उफान पर है। वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए हर राजनीतिक दल अपनी कोशिश में लगे हैं। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी कर्नाटक के दौरे पर हैं और वह अपने इस दौरे में कर्नाटक के मंदिरों में जाने के साथ-साथ जनसभाएं और रोडशो भी कर रहे हैं।वहीं बीजेपी भी अपनी जोरआजमाइश में लगी हुई है। बीजेपी ने राहुल के कर्नाटक दौरे पर कटाक्ष किया है।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने अपने कर्नाटक दौरे में कहा कि राहुल गांधी कर्नाटक में हैं और वहां वे उनका स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी उनका स्वागत इसलिए कर रही है, क्योंकि राहुल गांधी जहां भी चुनाव प्रचार के लिए जाते हैं, वहां कांग्रेस हार जाती है और बीजेपी जीत जाती है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस में इन दिनों मंदिर दर्शन की होड़ लगी हुई है। कांग्रेस के विज्ञापन भी केसरिया होने लगे हैं। उन्होंने कहा कि पहले वह छद्म-धर्मनिरपेक्षवादी थे, अब वे छद्म-हिंदू हैं। उन्होंने कहा कि लोग सब जानते हैं कि मंदिरों में भक्ति दिखाना, यह सब चुनावी नौटंकी है।
गुजरात के वडगाम से निर्दलीय विधायक और दलित नेता जिग्नेश मेवाणी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत पर ट्वीट द्वारा निशाना साधा है। मेवाणी ने मोहन भागवत के द्वारा दिए गए सेना वोले बयान पर हमला बोला है। मेवाणी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि उन्हें एक महीने के लिए सरहद पर भेज देना चाहिए।
मेवाणी ने अपने ट्वीट में लिखा कि भागवत को एक महीना अपनी चड्डी सेना के साथ सरहद पर भेज देना चाहिए ताकि पता चले कि सेना क्या काम करती है और कौन सी मुसीबतें झेलती है।
गौरतलब है कि कल भागवत ने कहा था कि सेना को सैन्यकर्मियों को तैयार करने में छह-सात महीने लग जाएंगे। लेकिन संघ के स्वयं सेवकों को लेकर यह तीन दिन में तैयार हो जाएगी। यह हमारी क्षमता है, पर हम सैन्य संगठन नहीं, पारिवारिक संगठन हैं, लेकिन संघ में मिलिट्री जैसा अनुशासन है। अगर कभी देश को जरूरत हो और संविधान इजाजत दे, तो स्वयं सेवक मोर्चा संभाल लेंगे।
शोले जैसी चर्चित फिल्म का निर्देशन कर चुके दिग्गज फिल्मकार को पहला ‘राज कपूर अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन सिनेमा’ दिया जाने वाला है। रमेश सिप्पी को अधिकारिक तौर पर इस पुरस्कार को देने की घोषणा की गई है। विश्व बैंक, यूनिसेफ, यूएससी, एननबर्ग नॉर्मल लियर सेंटर, हॉलीवुड हेल्थ एंड सोसाइटी, सिनेपोलिस फाउंडेशन और सीएमएस जैसे विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ मिलकर एशियन सेंटर फॉर एंटरटेंमेंट एजुकेशन्स (एसीईई) द्वारा स्थापित ‘राज कपूर ट्राफी’ का अनावरण यहां बुधवार को किया जाएगा।
एसीआईई की सह-संस्थापक विंता नंदा ने बताया कि स्वतंत्र भारत के सर्वोत्कृष्ट शोमैन, राज कपूर की याद में वैश्विक पुरस्कार शुरू किए जा रहे हैं। वह मुख्यधारा और लोकप्रिय मनोरंजक सिनेमा के दुर्लभ फिल्मकार थे।उन्होंने कहा कि 71 साल के सिप्पी को मुंबई में एसीईई के कार्यक्रम के दो दिवसीय सम्मेलन, ‘इलेवेट 2के18’ में सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए इस पुरस्कार से नवाजा जाएगा। बता दें कि पद्मश्री से सम्मानित सिप्पी ने दूरदर्शन पर प्रसारित हुए धारावाहिक ‘बुनियाद’ (1987) और ‘शोले’ (1975) जैसी फिल्म दी है।
राज कपूर के बेटे और दिग्गज अभिनेता रणधीर कपूर, ऋषि कपूर और राजीव कपूर ‘द अनपैरेलल्ड सोशल कमेंटर, द शोमैन राज कपूर’ शीर्षक पर चर्चा में हिस्सा लेंगे। चर्चा का संचालन पत्रकार शेखर गुप्ता करेंगे। नंदा ने कहा कि ‘इलेवेट 2के18’ में वैश्विक पुरस्कार और ट्रॉफी को लॉन्च किए जाने के अलावा, बॉलीवुड फिल्म ‘पैडमैन’ की निर्माता ट्विंकल खन्ना और निर्देशक आर बाल्की समेत पूरी टीम को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान आगामी फिल्म ‘102 नॉट आउट’ का ट्रेलर भी कार्यक्रम में जारी होगा। इसका निर्देशन उमेश शुक्ला ने किया है। इसमें अमिताभ बच्चन और अभिनेता ऋषि कपूर 25 साल बाद पर्दे पर साथ दिखाई देंग।
यौन उत्पीड़न व शोषण का सामना सार्वजनिक स्थानों पर सैकड़ों-हज़ारों युवतियों को रोज़ करना पड़ता है। कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं, इस बार ऐसी ही एक घटना दिल्ली कई सामने आयी है। दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक छात्रा ने खचाखच भरी एक बस में ऐसे शख्स की हरकतें रिकॉर्ड कीं, जो वहीं उसकी बगल में बैठकर मास्टरबेट कर रहा था।
इस छात्रा ने रिकॉर्ड करके यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। जिसमें एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति अपनी गोद में एक थैला रखकर ज़्यादातर अश्लील हरकत करता नज़र आ रहा है। छात्रा का आरोप है कि इस घटना के दौरान उस शख्स ने उसे छूने की भी कोशिश की थी। इस पर छात्रा ज़ोर से चिल्लाई, लेकिन उसके चीखने पर भी वह शख्स घबराया नहीं, और तो और किसी भी अन्य यात्री ने किसी भी तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
PC: ANI
इस वारदात से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल एक बार फिर खड़े हो गए हैं। वर्ष 2012 में हुए घिनौने निर्भया कांड के बाद सारी दुनिया का ध्यान दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठाए जाने वाले कदमों की ओर गया था। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कुछ वर्ष पहले आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक दिल्ली की बसों में मार्शलों की तैनाती नहीं हुई है और CCTV कैमरे भी नहीं लगाए गए हैं।
इलाहाबाद में लॉ स्टूडेंट की पीट-पीटकर हत्या के विरोध में हुई हिंसा
सौम्या केसरवानी | Navpravah.com
इलाहाबाद में लॉ स्टूडेंट की पीट-पीटकर हत्या के मामले के बाद पूरा इलाहाबाद हिल गया है। दिलीप की हत्या के विरोध में इलाहाबाद में विरोध प्रदर्शन उग्र रूप लेने लगा है। आज छात्रों ने हत्या के विरोध में एक बस को आग के हवाले कर दिया, विरोध में नारे लगाए और प्रदर्शन किए। इसके बाद हिंसा को नियंत्रित करने के लिए दंगा पुलिस को भी बुलाया गया है।
पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी विजय शंकर सिंह के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। मामले में पहले गिरफ्तारी उस रेस्तरां के वेटर मुन्ना चौहान की हुई है, जिसने दिलीप के सिर पर हॉकी स्टीक से हमला किया था। इलाहाबाद के सहायक एसपी सुकीर्ति माधव ने कहा कि हमलोग मुख्य आरापी विजय शंकर की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रहे हैं और उम्मीद है कि वह बहुत जल्द ही हिरासत में होगा।
9 फरवरी की शाम दिलीप अपने दो साथियों के साथ कर्नलगंज स्थित एक होटल में खाना खाने गया था और वहां लग्जरी कार से आए कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उन लोगों ने दिलीप को लाठी डंडों से पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया था।
वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति के मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में दिख रहा है कि दिलीप सरोज नाम का शख्स रेस्तरां की सीढ़ियों पर अचेत पड़ा है। ऐसा लग रहा है कि उसे मार रहे लोग नशे में धुत हैं। वीडियो में वहां से गुजरता एक व्यक्ति रुकता है, जबकि अन्य इस पर ध्यान भी नहीं दे रहे हैं। छात्र की हत्या पर गहरा दु:ख एवं संवेदना व्यक्त करते हुए बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि शोषित-पीड़ित दलित समाज के एक होनहार एलएलबी छात्र की हत्या पूरे समाज के लिये बड़े दुःख एवं चिन्ता की बात है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की उत्तर प्रदेश ईकाई ने इलाहाबाद में दलित छात्र की निर्मम हत्या की सख्त निंदा करते हुए छात्र के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद सामंती तत्वों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि आये दिन दलितों पर क्रूर हमले हो रहे हैं।
ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECR) ने अपने यहां खाली कुल 887 पदों पर भर्तियां निकाली हैं। इन पदों के लिए इच्छुक आवेदक इस विभाग की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 5 मार्च है।पद और योग्यता से जुड़ी अन्य जानकारी नीचे दी गई हैं।
इच्छुक आवेदक इन पदों के लिए विभाग की वेबसाइट www.eastcoastrail.indianrailways.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम योग्यता 10वीं पास है।इच्छुक आवेदक योग्यता से जुड़ी जानकारी के लिए विभाग द्वारा जारी नोटिफिकेशन को देख सकते हैं। इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की उम्र सीमा 18 से 28 साल के बीच है। नियमों के मुताबिक ही उम्मीदवारो को उम्र में छूट दी जाएगी। उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर बेस्ट टेस्ट और इंटरव्यू के आधार पर होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फिलिस्तीन, यूएई और ओमान के दौरे से वापस भारत लौट आए हैं। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उन्हें दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर रिसीव किया। इन तीन खाड़ी देशों के दौरे के आखिरी चरण में ओमान की राजधानी मस्कट में उन्होंने आज तीन सौ साल पुराने शिव मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। पीएम मोदी मंदिर में दर्शन के बाद मस्जिद भी पहुंचे और वहां दुआ मांगी। इससे पहले पीएम मोदी ने मस्कट में भारत-ओमान बिजनेस मीट में शिरकत की थी।
कल रात पीएम मोदी ने ओमान में 25 हज़ार भारतीय मूल के लोगों को सम्बोधित करते हुए भारत देश की पुरानी सरकारों पर निशाना साधा था। उन्होंने इंश्योरेंस स्कीम का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार में 90 पैसे और एक रुपये में गरीबों का बीमा कराया गया है और अब 90 पैसे में तो चाय भी नहीं आती। सुल्तान कबूल स्टेडियम में मोदी के भाषण के दौरान पूरे स्टेडियम में मोदी-मोदी की गूंज हो रही थी। इस भाषण के बाद मोदी ने ओमान के सुल्तान कबूस बिन सैद अल सैद से भी मुलाकात की। https://twitter.com/ANI/status/963013796297105409 गौरतलब है कि यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामल्ला की यात्रा की थी। इस प्रकार वह फलस्तीन की आधिकारिक यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। मोदी ने ओमान आने से पहले संयुक्त अरब अमीरात की भी यात्रा की। ओमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह पहली यात्रा थी। ओमान की कुल आबादी में 20 फीसदी भारतीय मूल के लोग रहते हैं। साल 2016-17 में भारत-ओमान के बीच 25 हजार 700 करोड़ रुपए का व्यापार हुआ था।
जल्द ही पेट्रोल और डीजल सस्ता हो सकता है। 7 महीने में पहली बार है, जब पेट्रोल-डीजल के सस्ते होने की उम्मीद है। क्रूड की कीमत में बनी तेजी से लगातार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे थे। पिछले 7 महीने में पेट्रोल 9 रुपए महंगा हो चुका है। मिली जानकारी के अनुसार, अब क्रूड की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतों में तेजी पर ब्रेक लग गया है। कच्चे तेल में पिछले कुछ दिनों में गिरावट देखने को मिली है। सीनियर एनालिस्ट अजय केडिया के मुताबिक, क्रूड की कीमतें 62 डॉलर प्रति बैरल तक गिर सकती हैं। इसका सीधा असर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भी दिखेगा। अगर क्रूड 62 डॉलर तक आता है, तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें 7 महीने पुराने स्तर पर पहुंच जाएंगी। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब 2 रुपए का फायदा होगा, यानी ये 2 रुपए तक सस्ते हो सकते हैं।
कुछ समय पहले पेट्रोल की कीमतों में 21 पैसे और डीजल में 28 पैसे प्रति लीटर की कटौती हुई है। फिलहाल, दिल्ली में पेट्रोल का भाव 73.01 रुपए, कोलकाता में 75.70, मुंबई में 80.87 और चेन्नई में 75.73 रुपए प्रति लीटर है। वहीं, डीजल की बात करें तो दिल्ली में इसका भाव 63.62, कोलकाता में 66.29, मुंबई में 67.75 और चेन्नई में 67.09 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।
दिसंबर के बाद से ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 10 फीसदी की कमी आई है। अब क्रूड की कीमतें 80 डॉलर के पार पहुंचने का खतरा टल गया है। अजय केडिया के मुताबिक, अमेरिका ने कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाया है। साथ ही ग्लोबल मार्केट में क्रूड की डिमांड में कमी आई है। यही कारण है कि क्रूड की बढ़ती कीमतों पर ब्रेक लगा है। हालांकि, क्रूड का इतिहास रहा है कि इसमें उतार-चढ़ाव काफी तेजी से होता है। पेट्रोल-डीजल सस्ता होने से महंगाई पर असर पड़ेगा। साथ ही क्रूड में गिरावट से महंगाई कम होने के आसार हैं।
बॉलीवुड में अपनी बोल्ड अदाकारी से दर्शकों के दिल को जीतनेवाली मशहूर मल्लिका शेरावत लंबे समय से बॉलीवुड इंडस्ट्री से नदारत हैं। इसी बीच मल्लिका के एक ट्वीट ने उन्हें दोबारा चर्चा में ला दिया है। एक्ट्रेस ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट करके एक एनजीओ को वीजा दिलाने के लिए मदद मांगी है। मल्लिका ने भारतीय विदेश मंत्री सुषमा को ट्वीट करते हुए लिखा कि मैडम डच एनजीओ फ्री ए गर्ल के को फाउंडर का वीजा लगातार कई बार रिजेक्ट किया जा चुका है। यह एनजीओ बेहतरीन काम कर रहा है, प्लीज मदद करें।
मल्लिका के अनुसार, यह एनजीओ हयूमन ट्रैफकिंग और बच्चों को यौन उत्पीड़न और उनकी सुरक्षा के लिए काम करता है। एक्ट्रेस ने वीजा नहीं मिलने पर चिंता जताते हुए कहा कि यह मामला काफी गंभीर है। समाज को जागरुक करने के लिए काम कर रहे इस एनजीओ को वीजा जरूर मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस संस्था के को-फाउंडर एवलिन होल्सकेन का वीजा कई बार रिजेक्ट किया जा चुका है।
बता दें मल्लिका खुद स्कूल ऑफ जस्टिस प्रोग्राम की एम्बेसडर हैं। यह प्रोग्राम भी फ्री ए गर्ल एनजीओ की ओर से आयोजित किया गया है। बता दें कि मल्लिका घर से निकाले जाने की वजह से चर्चा में थी। खबरों के अनुसार, मल्लिका और उनके फ्रेंच बॉयफ्रेंड को पेरिस में उनके अपार्टमेंट का किराया नहीं दिए जाने को लेकर, इस कपल को घर से बाहर निकाल दिए जाने की बात सामने आई थी। इस मामले में मल्लिका पर इतने सवाल उठे की उनको जवाब देना पड़ गया।
इतना ही नहीं, उन्होंने इस बात को गलत बताते हुए मजाक भी उड़ाया। मल्लिका ने ट्विटर पर लिखा कि कुछ मीडिया का कहना है कि मेरा पेरिस में अपार्टमेंट है। यह बिल्कुल भी सच नहीं है। यदि किसी ने मुझे अपार्टमेंट डोनेट किया है, तो कृपया मुझे इसका पता भेज दें।