30 C
Mumbai
Wednesday, August 26, 2026
Home Blog Page 710

सेना ने रोका उत्तराखंड CM का हेलिकॉप्टर

सेना ने रोका उत्तराखंड CM का हेलिकॉप्टर

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से रविवार को एक चकित करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, सेना ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के हेलीकॉप्टर को देहरादून के जीटीसी हेलिपैड पर उतारने से मना कर दिया। इतना ही नहीं, सेना के एक अधिकारी ने नुख्यमंत्री को रोकने के लिए हेलिपैड पर दो ड्रम रख दिए, जिसके बाद मुख्यमंत्री के मुख्य सुरक्षा अधिकारी ने इसको लेकर सेना के सामने शिकायत दर्ज की है।

इस शिकायत में लिखा गया है कि मुख्यमंत्री की गाड़ी जिस दौरान जीटीसी हेलिपैड पर मुख्य द्वार से जा रही थी, तब वहां पर एक सैन्य अधिकारी जो कि अपनी प्राइवेट गाड़ी पर सवार थे, उन्होंने रास्ता रोका। इसके कारण मुख्यमंत्री को काफी देर तक इंतज़ार भी करना पड़ा। सेना अधिकारी गाड़ी ना हटाने की जिद पर अड़ा रहा। उन्होंने कहा कि आप लोग ठीक नहीं हैं, ये सेना का इलाका है। जब उन्हें यह बताया गया कि गाड़ी में मुख्यमंत्री हैं, जिसके बाद उन्होंने अपनी गाड़ी हटाई।

इसके बाद जब वहां पर सीएम का हेलिकॉप्टर लैंड होना था, तो सेना के कुछ अधिकारियों ने दो ड्रम हेलिपैड पर रख दिए, जिसके कारण हेलिकॉप्टर को दूसरी जगह लैंड करना पड़ा। बता दें कि मुख्यमंत्री रावत को यहां से सावणी इलाके में बने एक अस्थाई हेलिपैड के लिए रवाना होना था। रावत को सावणी में हुए अग्निकांड के पीड़ितों से मिलना था और मदद राशि देनी थी।

सितारों के साथ सजेगी न्यूज़ 18 इंडिया की चौपाल 

न्यूज़ 18 इंडिया के मैनेजिंग एडिटर प्रबल प्रताप

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

आज हम सभी के भीतर समाज और देश से जुड़ी शिकायतें बहुत सी हैं। आज के युवा में जोश है, आवाज़ उठाने की हिम्मत है और नज़रिया बदलने की सोच भी है, लेकिन अभाव है, तो बस एक मंच का। इसी मुद्दे को ध्यान में रखकर न्यूज़ 18 इंडिया के मैनेजिंग एडिटर प्रबल प्रताप ने युवाओं की इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए इस बार मुंबई में न्यूज़ 18 इंडिया की चौपाल रखी है।  

न्यूज़ 18 इंडिया की यह चौपाल 23 फ़रवरी को मुंबई में होगी। इस चौपाल पर राजनीति से जुड़ी युवा पीढ़ी जिग्नेश मेवानी, अल्पेश ठाकुर और आशीष शैलार भी अपने विचार रखेंगे। वहीं इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस भी महाराष्ट्र के सवालों के जवाब देंगे। इसके अलावा स्मृति ईरानी भी चौपाल पर खुलकर बात करेंगी। इस बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी राजनीतिक मुद्दों पर जवाब देंगे। 

न्यूज़ 18 इंडिया के मैनेजिंग एडिटर प्रबल प्रताप के नेतृत्व में न्यूज़ 18 इंडिया की चौपाल में राजनीतिक रंग भी दिखेगा और  सितारों के संग भी चर्चा होगी। इस दौरान जहाँ बालीवुड की मशहूर अभिनेत्री रवीना टंडन, कीर्ति कुल्हारी, काजल अग्रवाल और डायरेक्टर अलंकृता श्रीवास्तव से सिनेमा और महिलाओं के हाल पर बात होगी, तो वहीँ इसके साथ-साथ प्रकाश राज से देश के मुद्दों पर चर्चा होगी। सोनू निगम का भी न्यूज़ 18 इंडिया की चौपाल में बेबाक़ जलवा दिखेगा। 

यूपी: कर्नल की बेटी से रेप, धर्म बदलवाकर की निकाह की साजिश 

कर्नल की बेटी से रेप

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com 

उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक सनसनीखेज खबर सामने आई हैं। यहां मुंबई की एक वकील के साथ रेप हुआ है। दरअसल, महिला वकील आरोपी की बहन की शादी में शामिल होने गई थी। मुंबई के एक सैलून में काम करनेवाले आरोपी ने पीड़िता को झांसा देकर बिजनौर स्थित अपने गाँव नटहौर के मोहल्ला इमामबाड़ा में बुलवाया था। आरोपी नाइ से केवल चंद दिनों की जान पहचान थी। ऐसे में आरोपी ने पीड़िता से अपनी बहन की शादी में आकर यूपी घूमने का औफर दिया, जिसपर पीड़िता मान गई। 

पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवती आरोपी की बातों में आकर बिजनौर के नहटौर चली आई। यहां पर युवती को बंधक बना लिया गया और उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। युवती का आरोप है कि यहां पर उसे मानसिक प्रताड़ना दी गई और उसके साथ रेप किया गया। इतना ही नहीं, युवती पर धर्म बदलने का भी दबाव डाला गया। उसे बुरका पहनने को कहा गया। युवती के अनुसार, जिस दिन आरोपी के बहन का निकाह होने वाला था, उसी दिन उसका भी निकाह कर दिये जाने की साजिश रची गई थी। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गई। 
  
पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी को फैसल अपने घर के सदस्यों के साथ बहन की शादी का सामान खरीदने गया था। इस दौरान घर में महिलाएं ही थीं। तभी पीड़िता ने मौके का फायदा उठाया और किसी तरह थाने पहुंच गई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने फैसल, उसके पिता, भाई, मां और भाभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, उन्होंने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया है, लेकिन उसके घर वाले फरार हैं। पुलिस युवती का मेडिकल टेस्ट करवा रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता एक कर्नल की बेटी है और 25 साल की पीड़िता युवती 12 फरवरी को मुंबई से दिल्ली आई थी। 

गुजरात निकाय चुनाव: कांग्रेस की सीटें तो बढ़ीं, लेकिन बीजेपी अब भी आगे

कर्नाटक विधानसभा चुनाव
कर्नाटक विधानसभा चुनाव

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद अब नगरपालिका चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस की कड़ी टक्कर है। आज आ रहे नगर पालिका चुनाव के नतीजों में भाजपा को शुरुआती बढ़त मिलती दिख रही है, लेकिन यह जीत पिछली जीत की तुलना में नुकसान भरी है।

पिछली बार पार्टी ने 75  नगरपालिका में से 59 में सत्ता पर थी, लेकिन इस बार भाजपा को मात्र 43 नगरपालिका से संतोष करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ विधानसभा चुनावों में बीजेपी को कांटे की टक्कर देने वाली कांग्रेस ने नगरपालिका चुनाव में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कांग्रेस ने पिछली बार जहां 75 में से मात्र 11 सीटें जीती थीं, वहीं इस बार पार्टी को 27 सीटें मिली है, मतलब इस बार कांग्रेस को 16 नगरपलिका का फायदा हुआ है। हालांकि शुरू में कांग्रेस और बीजेपी में बराबरी की टक्कर थी, लेकिन बाद में बीजेपी आगे निकल गई।

अभी तक 75 में से 45 नगरपालिका सीटों पर बीजेपी आगे है। वहीं 24 नगरपालिका सीटों पर कांग्रेस ने बढ़त बनाई हुई है, 3 सीटों पर मुकाबला टाई चल रहा है। शनिवार को हुए मतदान में 64.37 फीसदी वोट पड़े थे। जूनागढ़ में 6 में 5 नगरपालिकाओं में कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। 2017 के विधानसभा चुनावों के दौरान जूनागढ़ सीट पर कांग्रेस ने 32 साल बाद जीत दर्ज की थी।

द्वारका में भी बीजेपी ने जीत हासिल की है। वहीं टाटा के नैनो प्लांट से चर्चा में आए गुजरात के साणंद में भी भगवा रंग चढ़ा दिख रहा है। वहीं कांग्रेस ने धीरुभाई अंबानी के गांव चोरवाड और जूनागढ के वंथली में जीत दर्ज की है। गुजरात के सीएम विजय रूपाणी के गढ़ राजकोट की 5 नगरपालिकाओं में 3 बीजेपी और 2 पर कांग्रेस ने कब्जा किया है। द्वारका जिले की 3 नगरपालिकाओं में से 2 में बीजेपी ने जीत हासिल की है और कांग्रेस के खाते में एक नगरपालिका आई है।

वहीं विद्यानगर नगरपालिका वार्ड नंबर 4 से बीजेपी ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा धोराजी से 2 बीजेपी और 2 सीट पर अन्य आगे हैं। विसावदर नगरपालिका वार्ड नंबर 3 की तीनों सीटों पर कांग्रेस ने अपनी जीत दर्ज की है। बनासकांठा के बीजेपी के पुर्वप्रमुख कलावती नागर की हार, 3 निर्दलीय और 1 बीजेपी की वार्ड नंबर 1 से जीत हासिल की है। सुरेन्द्रनगर की थाना नगरनिगम के वार्ड 1 में बीजेपी पैनल की जीत हुई, जबकि पाटन जिला राधनपुर नगर पालिका वार्ड नंबर 1 से कांग्रेस ने अपनी जीत दर्ज की है।

गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद निकाय चुनाव के लिए 17 फरवरी को 74 नगरपालिकाओं, दो जिला पंचायत, 17 तालुका पंचायत और करीब 1400 ग्राम पंचायतों में शांतिपूर्ण वोटिंग संपन्न हुई थी। दाहोद में सबसे ज्यादा 76.67 प्रतिशत मतदान हुआ था। 2016 में गुजरात की 123 नगरपालिकाओं में हुए चुनाव में बीजेपी ने 107 सीटों पर कब्जा किया था, लेकिन इस बार के विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा है, लेकिन वह राज्य की सत्ता की चाबी अपने हाथ में रखने में कामयाब हुई है।

राजस्थान: बेटे के लिए 83 साल के बुजुर्ग ने की 30 साल की लड़की से शादी

83 साल के बुजुर्ग ने की 30 साल की लड़की से शादी

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

राजस्थान में एक अनोखी शादी का मामला सामने आया है। 83 साल के बुजुर्ग ने अपने से 53 साल छोटी महिला से ‘बेटे के लिए’ शादी रचाई है। बुजुर्ग ने अपनी पहली पत्नी से रजामंदी से ही दूसरी शादी की है। 83 वर्षीय सुखराम बैरवा ने हिन्दु रीति-रिवाजों के अनुसार सभी रस्में पूरी करते हुए अपने से 30 वर्षीय रेशमी से शादी कर ली है। बुजुर्ग दूल्हे से 53 साल छोटी रमेशी के साथ 7 फेरों के दौरान समाज के पंच-पटेल और रिश्तेदार उपस्थित रहे।

इस शादी में बुजुर्ग की बेटियां, दामाद और नाती भी शामिल हुए। शादी से पहले निमंत्रण कार्ड बांटे गए और अपने गांव सहित करीब 12 गांवों के लोगों को भोज भी खिलाया गया है। सुखराम बैरवा (83) की पहली पत्नी से दो बेटियां और एक बेटा था। बेटियों की शादी काफी पहले करा दी थी और बेटे कान्हू की 30 साल की उम्र में असामयिक बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी।

सुखराम ने बताया कि बेटे की मृत्यु के बाद उनके सामने वंश आगे बढ़ाने का संकट पैदा हो गया था। इसके बाद उन्होंने पूत्र प्राप्ति के लिए दूसरी शादी करने का फैसला किया। वृद्ध सुखराम और पहली पत्नी बत्तो बैरवा ने बताया कि उनके पास काफी जमीन-जायदाद हैं और इसे संभालने वाला कोई तो चाहिए। उनके बेटे की मौत के बाद उनका घर-जायजाद कौन सभालेगा, इसलिए बेटे की चाहत में उन्होंने दूसरी शादी की है।

बीफ खाना है तो खाओ, फेस्टिवल मनाने की क्या जरूरत -वेंकैया नायडू

वेंकैया नायडू ने बीफ खाने वालों पर उठाई ऊँगली

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने बीफ या किस फेस्टिवल मनाने पर सवाल खड़ा किए हैं। सोमवार को हुए एक कार्यक्रम में नायडू ने कहा कि अगर आपको बीफ खाना है, तो खाइए, लेकिन इसके लिए फेस्टिवल के आयोजन की क्या जरूरत है!

उपराष्ट्रपति ने आगे कहा कि इसी तरह किस फेस्टिवल भी है। अगर आपको किस करना है, तो कीजिए, इसके लिए फेस्टिवल आयोजित करने या किसी की इजाजत लेने की क्या जरूरत है? नायडू ने आगे अफजल गुरु के मामले पर भी अपना गुस्सा दिखाया और कहा कि लोग उसका नाम जपते रहते हैं। ये क्या हो रहा है? उसने हमारी संसद को उड़ाने की कोशिश की थी। 

बता दें कि इससे पहले भी उपराष्ट्रपति अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आए थे। इस दौरान उन्होंने नौकरियों को लेकर नीति आयोग और सीआईआई के कार्यक्रम पर उंगली उठाई थी। उन्होंने कहा था कि क्या इस देश में हर किसी को नौकरी दी जा सकती है? नायडू ने कहा कि हर किसी को नौकरी नहीं दी जा सकती, लेकिन चुनाव के दौरान हर सरकारें ऐसा वायदा करती हैं। अगर सरकारें ऐसा वादा ना करें, तो जनता उन्हें वोट नहीं देगी।   

PNB ने तोड़ी शेयर बाज़ार की कमर, गिरावट बरकरार रहने के हैं आसार 

शेयर मार्केट फिर गिरा

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
 

पीएनबी घोटाले का सीधा असर शेयर बाजार पर पड़ रहा है। शुरुआती बढ़त के बाद बाजार लगातार नीचे की ओर फिसलता जा रहा है। सेंसेक्स में अब तक 400 अंकों की गिरावट देखी जा चुकी है। दूसरी ओर ऊपरी स्तर से सेंसेक्स करीब 500 प्वाइंट टूट चुका है। निफ्टी की बात करें, तो यह करीब 10,300 का कारोबार कर रहा है, जिसके तहत इसमें भी तक़रीबन 150 अंकों की गिरावट आई है। इस वक्त बाज़ार पर दबाव बनाने वालों में बैंक्स शामिल हैं, जिसमें सबसे ज्यादा पंजाब नेशनल बैंक और इलाहाबाद बैंक में गिरावट आई है। यह दोनों 11% से ज्यादा टूट चुके हैं।  

लार्जकैप शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी गिरावट देखने को मिली है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.47 फीसदी गिरा है। जबकि बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.45 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। मिडकैप शेयरों में यूनियन बैंक, सन टीवी, कॉनकोर, इंडियन बैंक, जीएमआर इंफ्रा, हडको, डिविस लैब, अडानी एंटरप्राइजेज 4.02-1.95 फीसदी तक गिरा। स्मॉलकैप शेयरों में गीतांजलि जेम्स, यूको बैंक, आरजेएल, जीटीएल इंफ्रा, इलाहाबाद बैंक 9.99-4.93 फीसदी तक गिरे हैं।  

पीएनबी में हुए घोटाले के बाद सभी सरकारी बैंकों के शेयरों में गिरावट आई है, जिसके चलते बाजार पर दबाव बना हुआ है। इलाहाबाद बैंक, पीएनबी, यूनियन बैंक, सिंडिकेट बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, ओरिएंट बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा में भारी गिरावट से निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 5.65 फीसदी तक टूट गया है। पिछले हफ्ते की तरह इस हफ्ते भी शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला चलता रहा।    

एनालिस्ट अरुण केजरीवाल ने बताया कि सेंसेक्स 34,000 का मनोवैज्ञानिक स्तर टूट चुका है। पीएनबी घोटाले के कारण पूरे बैंकिंग सेक्टर में दबाव है। यह दबाव आगे भी बने रहने की सम्भावना है। ऐसे में बाज़ार का सामान्य होना असंभव हो गया है। इस स्थिति में बाज़ार कमजोर ही बना रहेगा।    

बैंगलुरू: मारपीट के बाद से फरार कांग्रेस MLA के बेटे नलपद हैरिस ने किया सरेंडर

कांग्रेस MLA के बेटे नलपद हैरिस ने किया सरेंडर

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

कर्नाटक में कांग्रेस विधायक एनए हैरिस के बेटे नलपद हैरिस ने आज सरेंडर कर दिया है। नलपद ने कुछ दिन पहले एक रेस्तरां के पार्किंग एरिया में मारपीट की थी और तबसे वह फरार था। बीजेपी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर राज्यों में डर का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया है। नलपद के सरेंडर के बाद आज बीजेपी और जेडीएस के कार्यकर्ता पुलिस थाने के बाहर इकट्ठा हुए और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

यह मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री सिद्दरामैया ने ट्वीट कर कहा कि जिनलोगों ने क़ानून का उल्‍लंघन किया है, उनको क़ानूनी प्रावधान के तहत सज़ा मिलेगी और ये परवाह भी नही की जायेगी कि आरोपी कौन है। पुलिस के मुताबिक, 17 फरवरी को लगभग साढ़े दस बजे नलपद हैरिस अपने कुछ दोस्तों के साथ एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए। जहां पार्किंग में उन्होंने विद्वत लोकनाथ नाम के तक़रीबन 30 साल के एक युवक के साथ मारपीट की थी।

जानकारी के मुताबिक, विद्वत लोकनाथ के सामने वाली टेबल के पास नलपद खाना खा रहे थे। विद्वत अपना पैर फैला कर बैठे थे, जिसपर नेलपद हैरिस ने आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों में बहस शुरू हो गई। फिर नलपद हैरिस ने विद्वत लोकनाथ को रेस्टोरेंट से नीचे पार्किंग लॉट में ले गए और उसके साथ मारपीट की।

इससे पहले भी नलपद हैरिस पर मारपीट का आरोप लगा था। नलपद हैरिस बेंगलुरु प्रदेश कांग्रेस के महासचिव भी थे। इसलिए चुनावी माहौल को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जी परमेश्वर ने नलपद को पद से हटाते हुए 6 साल के लिए उनकी कांग्रेस की सदस्यता भी रद्द कर दी थी।

अगर आप भी करते हैं मेट्रो में सफ़र, तो हो जाइये सावधान!

मेट्रो में सफ़र करने वाले हो जाएँ सावधान

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

दिल्ली मेट्रो में अगर किसी को कोई महिला बीमार या गोद में बच्चा लिए दिखती है और अगर आप उसकी मदद करते हैं, तो हो सकता है आपका सामान चोरी हो जाए। क्योंकि कई महिला चोर गिरोह आजकल ऐक्टिव हैं, इन तरीकों का इस्तेमाल करके ये गिरोह मेट्रो यात्रियों को लाखों की चपत लगा रहे हैं। हाल ही में पुलिस ने ऐसे ही गिरोहों को पकड़ा है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार, पकड़े गए गिरोहों में से एक की महिला सदस्य दिल्ली की कठपुतली कॉलोनी की रहने वाली हैं। आरोपी महिलाओं को चोरी करना 30 साल की महिला चोर लक्ष्मी ने सिखाया था। लक्ष्मी आये दिन मेट्रो में इन घटनाओं को अंजाम देती है।

पुलिस ने बताया कि महिला चोरों के इस समूह में 10 लोग शामिल हैं। ये महिलाएं मेट्रो में घुसती थी और अपना शिकार ढूंढती थी और फिर उसके पास जाकर खड़ी या बैठ जाती थी और फिर भीड़ का फायदा उठाकर बैग से सामान चुरा लिया जाता था। फिर चोरी किया गया समान गिरोह के दूसरी महिला को दे दिया जाता था, ताकि शिकार के पास बैठी सदस्य की चैकिंग हो, तो वो उसके पास कुछ न मिले। गिरोह की सदस्य एक-एक कर अलग-अलग मेट्रो स्टेशन पर उतर जाती थीं।

कुछ दिनों पहले एक शख्स ने मेट्रो में अपने बैग से गहने चोरी हो जाने की शिकायत पुलिस से की थी। इसकी जांच करते हुए पुलिस ने मेट्रो कोच में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा और तब जाकर ये वारदात सामने आया। इसके बाद आरोपियों तक पहुंचा गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से कुल 25 लाख का सामान जब्त किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी महिलाओं ने बताया कि वो लोग महाराष्ट्र की रहने वाली हैं। गरीबी और काम नहीं मिलने के कारण उन्होंने इस रास्ते को अपनाया।

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर इमरान खान ने लगाई शादी की हैट्रिक

इमरान खान ने की तीसरी शादी

सुनील यादव | Navpravah.com 

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और पीटीआइ पार्टी के नेता इमरान खान ने अपनी तीसरी शादी को लेकर चल रही खबरों पर विराम लगा दिया है। 65 वर्ष के इमरान खान ने 18 फरवरी को 45 वर्षीय बुशरा मानेका से निकाह कर लिया है। निकाह के बाद उनकी पार्टी पीटीआइ ने ट्विटर हैंडल द्वारा इमरान और बुशरा के निकाह की तस्वीरें पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी। जिसके बाद इमरान की तीसरी बेगम बुशरा मानेका ने पीटीआइ के इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा, “अल्लाह के फजलों करम से हम एक नई जिंदगी शुरू करने जा रहे हैं। आपकी दुआओं की जरूरत है।”

गौरतलब है कि पिछले महीने भी पीटीआइ द्वारा इमरान की शादी को लेकर चर्चा की गई थी, लेकिन अब इमरान ने कल रात शादी कर इन सभी अटकलों को पूरी तरह विराम लगा दिया है। बता दें कि इमरान की तीसरी बेगम बुशरा खान एक आध्यात्मिक गुरु हैं, जो कि पांच बच्चे की माँ भी हैं। उन्होंने इससे पहले खवार फरीद मनेका से शादी की थी, जो इस्लामाबाद में सीनियर कस्टम ऑफिसर थे। हालाँकि कुछ साल पहले वे खवार फरीद मनेका से अलग हो गईं। वे मूल रूप से दक्षिणी पंजाब से हैं। बुशरा के 5 बच्चे हैं, जिनमें 2 बेटे और 3 बेटियां हैं।

PC: zee news

इमरान की शादियां-

इमरान खान की पहली शादी ब्रिटिश मूल की जेमिमा खान से हई थी। जेमिमा के साथ उनका रिश्ता 9 साल तक चला, जिसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से साल 2004 में तलाक ले लिया। इसके बाद 8 जनवरी, 2015 को इमरान खान ने टीवी प्रेजेंटर रेहम खान से दूसरी शादी की। ये रिश्‍ता 9 महीने ही चल सका और दोनों अलग हो गए।अब उन्होंने तीसरी शादी बुशरा मानेका से की है। पीटीआइ प्रमुख इमरान खान और बुशका मानेका की मुलाक़ात पहली बार वर्ष 2015 में लोधरन में हुए उपचुनाव के दौरान हुई। जहां इमरान खान चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों की पहली बार मुलाकात हुई थी।