29 C
Mumbai
Wednesday, September 9, 2026
Home Blog Page 56

औरंगाबाद : फिरौती के लिए बंदूक की नोंक पर व्यापारी के अपहरण का प्रयास असफल, सभी आरोपी गिरफ्तार

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

जिले के अजंता थाना क्षेत्र के शिवना गांव के व्यापारी अखिलेश गुप्ता के रिश्तेदार से 50 लाख रुपए की फिरौती वसूलने के लिए उन्हें अगवाह करने का प्रयास करनेवाली टोली का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करने में औरंगाबाद ग्रामीण अपराध शाखा व अजंता पुलिस कामयाब हुई है. पुलिस ने व्यापारी को अगवाह करनेवाले टोली के चारों सदस्यों को गिरफ्तार कर उनसे 1 पिस्तौल, 1 जिंदा कारतूस, मोटर साईकिल व 3 मोबाइल हैंडसेट जब्त किए.

औरंगाबाद ग्रामीण की एसपी मोक्षदा पाटिल ने बताया कि रविवार की शाम शिवना ग्राम निवासी 45 वर्षीय अखिलेश सुधीर गुप्ता खेती का काम समाप्त कर कार क्र. एमएच 19-एई 6286 में सवार होकर अपने साथियों के साथ घर की ओर निकले  थे. तभी अज्ञात तीन लोगों ने उनकी कार को रोककर वहां हंगामा खडा कर व्यापारी अखिलेश गुप्ता का अपहरण करने का प्रयास किया. बदमाशों ने इस समय फायरिंग भी की, जिससे परिसर के खेत में काम करनेवाले लोग कार की ओर दौडे. लोग जमा होते देख आरोपी वहां से फरार हुए. इस घटना से घबराएं अखिलेश गुप्ता ने अजंता थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी.

इधर, इस घटना की जानकारी एसपी मोक्षदा पाटिल  को मिलने पर उन्होंने इसे गंभीरता से लेकर अपराध शाखा टीम को भी इस घटना की  जांच के आदेश दिए. एसपी के आदेश पर अपराध शाखा के पीआई भागवंत फुंदे व उनके सहकर्मियों जांच शुरू करने पर पुलिस को जानकारी मिली कि शिवना निवासी 23 वर्षीय युवक कृष्णा माणिक काले ने अपने सहयोगियों  के साथ 50 लाख रुपए की फिरौती वसूलने   व्यापारी अखिलेश गुप्ता को अगवाह करने का प्रयास किया.

इसी जानकारी पर ग्रामीण अपराध शाखा टीम व अजंता पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पहले टोली के प्रमुख कृष्णा काले को गिरफ्तार किया. उसके द्वारा दी गई जानकारी पर पुलिस ने जालना जिले के भोकरदन तहसील के आडगांव भोंबे निवासी 28 वर्षीय सागर संतोष सोनुने, वैभव गणेश कालविले निवासी नाटवी-तहसील सिल्लोड तथा सचिन चिंटू सोनवने निवासी कांचन नगर जलगांव को गिरफ्तार किया. पुलिस ने इन बदमाशों से 1 लाख से अधिक का माल जप्त किया.

यह कार्रवाई एसपी मोक्षदा पाटिल, डीवाईएसपी विशाल नेहुल के मार्गदर्शन में  ग्रामीण अपराध शाखा के पीआई भागवंत फुंदे, एपीआई गिरीधर ठाकुर, पीएसआई संदीप शेलके, हेड कांस्टेबल बालू पाथ्रीकर, नामदेव सिरसाठ, विक्रम देशमुख, राजेन्द्र जोशी, पुलिस नाईक संजय भोसले, उमेश बकले, योगेश तरमाले, बाबा नवले, ज्ञानेश्वर मेटे, जीवन घोलप, संजय तांदले, अंजता थाने के अक्रम पठाण, आबासाहाब आव्हाड, निलेश निरसकर, पुलिस नाईक रविकिरण भारती ने पूरी की.

त्यौहारों पर पुणे-गोरखपुर के बीच विशेष ट्रेन

नवप्रभाव न्यूज नेटवर्क

दीपावली, छठ पूजा आदि त्यौहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने पुणे – गोरखपुर के बीच त्यौहार विशेष गाड़ी चलाने का निर्णय लिया है.

इसके तहत पुणे – गोरखपुर – पुणे द्विसाप्ताहिक त्यौहार विशेष गाड़ी सं .02031 पुणे – गोरखपुर 14 नवंबर से 21 नवंबर तक प्रति मंगलवार एवं शनिवार को पुणे से 16.15 बजे रवाना होकर अगले दिन 22.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. त्यौहार विशेष गाड़ी सं. 02032 गोरखपुर – पुणे 16 नवंबर से 23 नवंबर तक प्रति गुरुवार एवं सोमवार को गोरखपुर  से 01:15 बजे रवाना होकर अगले दिन 08.05 बजे पुणे पहुंचेगी.

पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज झंवर ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि, इस गाड़ी की कुल 6 फेरियां होंगी तथा इसमें 01 एसी टू टियर, 04 एसी थ्री टियर, 11 स्लीपर एवं 04 द्वितीय श्रेणी सिटिंग कोच होंगे एवं रास्ते में अहमद नगर, मनमाड़, भुसावल, इटारसी, भोपाल, बीना, झांसी, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, एवं बस्ती स्टेशनों पर रुकेगी.

गाड़ी सं. 02031 की बुकिंग 11 नवंबर से शुरू हो रही है. यह विशेष गाड़ी पूरी तरह आरक्षित होगी तथा इसमें विशेष प्रभार लागू होगा एवं यात्रा करने हेतु अग्रिम आरक्षण आवश्यक है. जिन यात्रियों के पास कन्फर्म टिकट होंगे उन्हें ही यात्रा की अनुमति होगी. यात्रियों से अनुरोध है कि कोरोना महामारी के चलते रेल यात्रा हेतु जारी मार्गदर्शक सूचनाओं, जैसे यात्रा के दौरान मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंस, सेनिटाइजर का उपयोग आदि का पालन करें.

मध्य प्रदेश : सिंधिया समर्थक गोविन्द सिंह राजपूत की सुरखी सीट पर धमाकेदार जीत

नव प्रवाह न्यूज नेटवर्क
मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे बीजेपी के पक्ष में आये हैं. ज्योतिरादित्य सिंधिया के ख़ास समर्थक माने जाने वाले गोविन्द सिंह राजपूत की बड़ी जीत हुई है. सुरखी विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी गोविन्द राजपूत ने कांग्रेस प्रत्याशी पारूल साहू को 40 हजार से अधिक वोटों के बड़े अंतर से हराया है.
सुरखी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में शुरुआत से ही बीजेपी प्रत्याशी गोविन्द राजपूत आगे चल रहे थे, कुछ ही राउंड में पारुल साहू ने बढ़त बनाई. लेकिन सातवें राउंड के बाद बीजेपी प्रत्याशी की लीड लगातार बढ़ती गईं और 24 वे राउंड में 40990 मतों से भाजपा के गोविंद सिंह की जीत हुई.
कई मायनों में यहां का उपचुनाव रोचक रहा. सिंधिया के साथ कांग्रेस से इस्तीफ़ा देकर गोविन्द राजपूत ने चुनाव लड़ा. वहीं कांग्रेस ने भी भाजपा छोड़ कर आई पूर्व विधायक पारुल साहू को टिकट दिया. दोनों प्रत्याशियों के बीच राजनीतिक लड़ाई पुरानी रही है. जब गोविन्द सिंह भाजपा में आये तो पारुल साहू ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया. कांग्रेस ने जहां अन्य सीटों पर दल बदल को मुद्दा बनाया लेकिन यहां दोनों ही प्रत्याशी दल बदल मैदान में थे. लेकिन जनता ने गोविन्द राजपूत को जीत का तोहफा दिया.
मतगणना से पहले ही सोमवार को बीजेपी प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत की जीत के पोस्टर लगने से राजनीतिक गरमाहट बढ़ गई थी. बीजेपी ने जहां अपनी जीत सुनिश्चित बताई थी, वहीं कांग्रेस ने इमरती देवी के कलेक्टर वाले बयान से जोड़ते हुए इस मामले में प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े किए थे.
सुरखी विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रभारी और म.प्र. शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने क्षेत्र के मतदाताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं को इस विजयश्री का श्रेय देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया है. मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि, कांग्रेस के नेता पिछले छह महीनों से जनता में जो भ्रम फैला रहे थे, उसे सुरखी विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत को जिताकर कांग्रेस को खारिज कर दिया है. भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इस चुनाव को कांग्रेस की अनैतिकता, असत्य जनता से वादा खिलाफी के खिलाफ एवं जंग की तरह लड़ा और जीत हासिल की.

रुझानों में NDA आगे, फिर से CM का ताज पहनने की तैयारी में नितीश कुमार !

ब्यूरो बिहार | नवप्रवाह न्यूज़ नेट्वर्क 

बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू है। प्रत्याशियों के भाग्य का फ़ैसला आज हो जाएगा। मतगणना की शुरुआत में महागठबन्धन ने तेज़ी के साथ बढ़त हासिल कर लिया था लेकिन जैसे जैसे काउंटिंग आगे बढ़ रही है, वैसे मामला एकदम उलट होता नज़र आ रहा है। एनडीए लगातार बढ़त बनाए हुए है और जेडीयू के पटना कार्यालय में जयकार के नारे लगने लगे हैं।

एनडीए की बढ़त के साथ ही यह चर्चा शुरू हो गई है कि बिहार में एक बार फिर से नितीश कुमार की वापसी हो सकती है। इसका स्पष्ट मतलब यह है कि राज्य में एक बार फिर भाजपा के साथ मिलकर नितीश कुमार सरकार बनाएँगे। लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी, क्योंकि अभी मतगणना शुरुआती दौर में है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निश्चित तौर पर एनडीए ने अच्छी वापसी की है लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी। राजनीतिक गलियारे में यह भी चर्चा में है कि अगर कुछ सीट ऊपर नीचे भी होता है, तो चिराग पासवान की पार्टी लोजपा संकटमोचन की भूमिका में नज़र आ सकते हैं।

भोपाल में मिली टीवी पत्रकार की सिर कुचली लाश

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
राजधानी में एक युवा पत्रकार का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई है. पत्रकार सैय्यद आदिल वहाब का शव सूखी सेवनिया इलाके के पास स्थित जंगल क्षेत्र से बरामद किया गया है. आशंका जताई जा रही है कि आदिल की सिर कुचलकर हत्या की गई है.
35 वर्षीय आदिल एक निजी चैनल में रिपोर्टर के तौर पर कार्यरत थे. भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में रहने वाले आदिल के भाई आमिर वहाब के मुताबिक वो रविवार दोपहर 2 बजे से लापता थे और उनका फोन भी बंद था. आसपास खोजबीन करने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो घरवालों ने अशोका गार्डन थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इसके बाद रविवार देर रात पुलिस द्वारा परिजनों को जानकारी दी गई कि उनका शव सूखी सेवनिया के जंगलों में पाया गया है. पुलिस ने जानकारी दी कि पत्रकार आदिल का शव बरखेड़ी में एक गौशाला के पास से हुआ. उनके सिर को किसी भारी चीज से कुचला गया था. शव के आसपास न कोई सामान मिला न ही गाड़ी. शुरूआती तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आशंका जताई है कि उनकी हत्या कहीं और की गई होगी और फिर शव को यहां लाकर फेंक दिया गया. इस मामले में पुलिस की चार टीमें जांच में जुट गई हैं. आदिल के फोन डिटेल तथा अन्य जानकारियां ली जा रही है जिससे मामले का खुलासा हो सके.

बॉलिवुड एक्टर अर्जुन रामपाल के घर एनसीबी का छापा

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

बॉलीवुड से जुड़े ड्रग्स केस में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने सोमवार को अर्जुन रामपाल के घर छापा मारा. एनसीबी ने उनके गैजेट्स जब्त कर लिए. अर्जुन और उनकी गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रियड्स को 11 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है. जांच एजेंसी ने रामपाल के ड्राइवर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की थी.

एनसीबी ने पिछले महीने गैब्रिएला डेमेट्रियड्स के भाई अगिसिलाओस को गिरफ्तार किया था. अगिसिलाओस के पास चरस और अल्प्राजोलम टैबलेट मिली थी. एनसीबी ने उसे लोनावाला से गिरफ्तार किया था. उससे मिले सुरागों के आधार पर अब अर्जुन रामपाल के घर पर छापा मारा. जांच एजेंसी के मुताबिक अगिसिलाओस ड्रग्स सप्लाई करता था. बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी ने उसकी सप्लाई चेन से जुड़े सबूत भी जुटाए हैं. इस चेन में शामिल दूसरे ड्रग पैडलर्स को भी आरोपी बनाया गया है.

हाई कोर्ट ने खारिज की अर्नब गोस्वामी को जमानत याचिका, राज्यपाल ने की गृहमंत्री से बात

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

बॉम्बे हाईकोर्ट ने रिपब्लिक TV के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी को जमानत देने से इनकार कर दिया. हाईकोर्ट ने कहा कि लोअर कोर्ट में अर्जी लगाएं. 2018 के एक मामले में मुंबई पुलिस ने 4 नवंबर को अर्नब को गिरफ्तार किया था. इस बीच महाराष्ट्र राजभवन की तरफ से सोमवार को बयान आया कि अर्नब के मामले में राज्यपाल कोश्यारी ने गृह मंत्री अनिल देशमुख से बात की है. राज्यपाल ने अर्नब की सिक्योरिटी और हेल्थ को लेकर चिंता जताई. साथ ही गृह मंत्री से कहा है कि अर्नब के परिवार को उनसे मिलने और बात करने की छूट दी जाए.

रायगढ़ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने अर्नब को 18 नवंबर तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया था. इसके बाद उन्हें शनिवार रात तक अलीबाग के एक स्कूल में बने क्वारैंटाइन सेंटर (अस्थाई जेल) में रखा गया. रविवार सुबह तलोजा जेल में शिफ्ट कर दिए गए. पुलिस ने कहा था कि ज्यूडिशियल कस्टडी होने के बावजूद अर्नब मोबाइल फोन यूज कर रहे थे और सोशल मीडिया पर एक्टिव थे.

– पुलिस जेल में मारपीट कर रही है : अर्नब गोस्वामी
अर्नब ने तलोजा जेल जाते वक्त कहा था कि उनकी जान को खतरा बताया. उन्हें वकील से बात नहीं करने दी जा रही. हिरासत में उन्हें टॉर्चर किया जा रहा है. इससे पहले शनिवार को अर्नब के वकील ने हाईकोर्ट में सप्लीमेंट्री एप्लिकेशन लगाई थी. इसमें अर्नब ने दावा किया था कि पुलिस ने उन्हें जूते से मारा और पानी तक नहीं पीने दिया.

पढ़े लिखे उच्च शिक्षित युवाओं ने बनाई गैंग और तोड़ने लगे ATM

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

पुणे के करीबी पिंपरी-चिंचवड़ शहर में ATM  फोड़ने वाले आठ लोगों के गिरोह का पर्दाफाश करके पिंपरी-चिंचवड़ क्राइम ब्रांच की टीम ने 8 आरोपियों को सलाखों के पीछे डाल दिया. इस गिरोह द्वारा शहर की 8 ATM  फोडे जाने की जानकारी उजागर हुई है. पुलिस ने गैंग के पास से 72 लाख 10 हजार रुपये नकद, 22 लाख रुपये की प्रॉपर्टी के दस्तावेज तथा 1 लाख 70 हजार रुपये की तीन टू-व्हीलर गाड़ियां जब्त की गईं. जांच में पता चला कि, ATM में कैश लोड करने वाले कर्मचारियों के साथ मिलीभगत करके हाईली एजूकेटेड युवाओं ने वारदातों को अंजाम दिया.

मनोज उत्तम सूर्यवंशी (30, पिंपरी), किरण भानुदास कोलते (35, चिखली), महेश आनंद देवणीकर (30, कात्रज), सागर पोपट तावरे (31, मोरगांव), तुषार कुंडलिक चांदगुड़े (25, मोरेगांव), शंकर बालासाहेब गायकवाड़ (31, कड़ेपठार), आशीष उर्फ सोन्या बापू भालेराव (22, आनंद नगर) व नरसिंग माधव धुमाल (लातूर) गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं. ATM फोड़ने के मामलों की जांच के लिए क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के पुलिस इंस्पेक्टर शंकर बाबर व उनके अधिकारियों की दो टीमों का गठन किया गया था. खबरी के जरिए इस केस से जुड़ी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पिंपरी में जाल बिछाकर मनोज सूर्यवंशी और किरण कोलते को दबोच लिया. उनसे की गई पूछताछ में वाकड़, देहूरोड, चाकण, निगड़ी, पिंपरी और दिघी पुलिस स्टेशन की सीमा में एक-एक तथा तलेगांव दाभाड़े पुलिस स्टेशन की सीमा में दो ATM फोड़ने के मामले उजागर हुए.

आरोपी मनोज सूर्यवंशी और महेश देवणीकर एटीएम मशीनों से संबंधित सर्विस देने वाली कंपनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे तथा किरण कोलते MCM (Masters of Computer Management) कर चुका है. तावरे, चांदगुडे, गायकवाड़, भालेराव और धुमाल एटीएम मशीनों में रकम भरने का काम करते थे. मनोज व महेश ने इन सभी के साथ मिलीभगत करके ATM से पैसे चुराने का प्लान बनाया और 8 ATM से चोरी की.

बहू के लिए बनाए जेवर कचरे में फेंक दिए, 18 टन कचरे से ढूंढ निकाले

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
साल के सबसे बड़े त्योहार दिवाली से पहले घरों में कचरे के साथ साथ साफ- सफाई के दौरान पुराने सामान भी बड़े पैमाने पर निकाल फेंके जाते हैं। कचरा और पुराने सामान निकालते वक्त कई बार ऐसा होता है कि कोई जरूरत का सामान गलती से फेंक दिया जाता है। कुछ ऐसा ही पिंपरी चिंचवड़ के एक घर में जहाँ सफाई के बाद कचरे के साथ जेवरों से भरी पर्स भी चली गई। जब इसकी भनक लगी तब उस पर्स को ढूंढने के लिए एक परिवार को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसमें उन्हें मदद की मनपा के एक सफाई कर्मी ने, जिसने करीबन 18 टन कचरे में से उस जेवर की पर्स खोज निकाली और संबंधितों को सौंप दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिंपले गुरव निवासी एक महिला के घर की सफाई के बाद कचरे के साथ उसने अपनी बहू के लिए बनाए गए जेवर की एक पर्स भी चली गई। रविवार को मनपा के घन्टागाडी कर्मचारी ने उस घर के साथ इलाके का कचरा जमा किया और उसे मोशी स्थित मनपा के कचरा डिपो में ले जाया गया। इस बीच उस महिला के ध्यान में आया कि घर के कचरे के साथ जेवरों से भरी पर्स भी चली गई तब उसकी नींद उड़ गई। उस पर्स में पांच ग्राम सोने के जेवर सहित चांदी के जेवर रखे थे। उसने तत्काल स्थानीय नगरसेवक के जरिये मनपा अधिकारियों से संपर्क साधा। इसके बाद अधिकारियों के जरिये इसकी जानकारी मोशी कचरा डिपो तक पहुंची।
कचरा डिपो में कार्यरत हेमंत लखन नामक कर्मचारी जो कि अपने आठ माह के पुत्र के बीमार होने से आधे दिन की छुट्टी पर जाने वाला था, ने इस मामले की गंभीरता को समझा। उसने उस ट्रक को कचरा डिपो के अलगीकरण केंद्र के पास रोका। उसमें करीबन 18 टन कचरा भरा हुआ था। लखन ने पूरा कचरा वहां खाली कराया औऱ पूरे 25 मिनट की मशक्कत के बाद कचरे के अंबार में से जेवरों की पर्स खोज निकाली। तब तक संबंधित महिला अपने घरवालों के साथ कचरा डिपो पर पहुंच गई थी। लखन ने 18 टन कचरे में ढूंढ निकाली उस पर्स को महिला के हवाले किया। अपने जेवर पाकर महिला की खुशी का ठिकाना न रहा। उसने कर्मचारी हेमंत लखन का आभार जताया। लखन ने कहा कि उस पर्स में कितने जेवर हैं इससे ज्यादा महत्वपूर्ण था उस महिला की भावनाएं जोकि उन जेवरों के साथ जुड़े थे। उसने ये जेवर अपनी बहू के लिए बनवाये थे।

Corona: वैक्सीन को लेकर आई बड़ी ख़बर, अमेरिकन कम्पनी ने कहा, “हमारा टीका 90 फ़ीसदी से अधिक असरदार

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह न्यूज़ नेट्वर्क 
 
कोरोना वैक्सीन को लेकर एक बड़ी ख़बर ने दुनियाभर में तहलका मचा दिया है। अमेरिकन फ़ार्मास्यूटिकल कम्पनी फ़ाइज़र और जर्मन कम्पनी BioNTech ने दावा किया है कि उन्होंने जो वैक्सीन तैयार किया है, वह 90 प्रतिशत से भी अधिक प्रभावी है। 
 
इन कम्पनियों ने यह साफ़ किया कि उनके परीक्षण में ऐसे लोग शामिल थे, जिनमें कोरोना के लक्षण पहले से नहीं दिख रहे थे। कम्पनी ने दावा किया है कि हमारी वैक्सीन अब तक आए सभी वैक्सीन से अधिक प्रभावशाली है। 
 
ग़ौरतलब है कि कोरोना वाइरस से पूरा विश्व परेशान है। स्वास्थ्य के साथ ही विश्व एक भयंकर आर्थिक मंदी  शिकार हुआ है। कई ऐसे यूरोपीय देश हैं, जहाँ कोरोना की दूसरी लहर शुरू हो गई है। जिसकी वजह से कई देश दोबारा लॉकडाउन की तैयारी में हैं। ऐसे में वैक्सीन की ख़बर ने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब लोग डबल्यूएचओ के वक्तव्य का इंतज़ार कर रहे हैं।