30 C
Mumbai
Tuesday, September 8, 2026
Home Blog Page 53

भारतीय सेना ने किया ब्रह्मोस मिसाइल का सफल परीक्षण

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

24 नवंबर 2020 को लगभग 1003 बजे भारतीय सेना ने ब्रह्मोस लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का कार-निकोबार द्वीप समूह से सफल परीक्षण किया. इस परीक्षण में ब्रह्मोस मिसाइल ने बंगाल की खाड़ी में लगभग 200 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक लक्ष्य को सफलतपूर्वक धवस्थ किया. इस सफल परीक्षण के दौरान, मिसाइल ने अपनी बेजोड़ घातक क्षमता और सटीक निशाना भेदने की
क्षमता का परिचय दिया.

ब्रह्मोस मिसाइल एक इंडो-रशियन ज्वाइंट वेंचर है और भारतीय सेना की सबसे घातक और शक्तिशाली हथियार प्रणाली है . यह मिसाइल ध्वनि से 2.8 गुणा ज्यादा गति से अपने लक्ष्य पर प्रहार करने की क्षमता रखती है. ब्रह्मोस का भूमि पर हमला करने का संसकरण, 2008 से भारतीय सेना की सबसे महत्वपर्ण हथियार के रुप मे कार्यरत है.

वर्तमान ब्लॉक III संस्करण का अभी तक चार बार सफलतापूर्वक परीक्षण हो चूका है. उन्नत क्षमता के साथ यह मिसाइल 400 किलोमीटर तक की दूरी पर भी लक्ष्य को सटीकता से भेद सकती है. यह परीक्षण दुश्मन के अंदरुनी इलाको में सैन्य ठिकानों को तबाह करने के भारतीय सेना की क्षमता का महत्वूर्ण परिचायक भी है. परीक्षण के दौरान मौजूद सभी गणयमानाय सैन्य तथा सिविल अधिकारियों ने इस सफल परीक्षण से जुड़े सभी लोगों बधाई दी और उनकी प्रशंसा भी की .

संजय राऊत ने मोदी को दिया चैलेंज, हिम्मत है तो मेरे घर पर छापा मार कर दिखाओ

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

शिवसेना विधायक प्रताप सरनाइक के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रेड से महाराष्ट्र विकास आघाड़ी सरकार में शामिल दल बौखला गई है. शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने मोदी सरकार को चैलेंज करते हुए कहा है कि यदि हिम्मत है तो जांच एजेंसी मेरे घर पर छापा मार कर दिखाए.

उन्होंने कहा कि प्रताप सरनाईक घर पर मौजूद नहीं थे. ऐसे में उनकी गैर मौजूदगी में रेड कर उनके बेटे को साथ ले जाना पूरी तरह से नामर्दगी है. राऊत ने कहा कि जंग का आगाज उन्होंने शुरू किया है, लेकिन खत्म हम करेंगे.

– केन्द्र बदले की कार्रवाई कर रहा : भुजबल
कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि सरनाइक के घर पर ईडी की रेड केंद्र सरकार के तानाशाही रवैए को दर्शाता है. उन्होंने इसे महाराष्ट्र विकास आघाड़ी में शामिल दलों के खिलाफ बदले की कार्रवाई करार दिया है.

– राजनीतिक हित साध रही मोदी सरकार : थोरात
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोरात ने कहा कि सरनाइक के घर पर ईडी की रेड राजनीतिक बदले के मकसद से डाला गया है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपना राजनीतिक हित साधने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है.

– सबूत होने पर ही ईडी ने की कार्रवाई : फडणवीस
महाराष्ट्र में नेता विपक्ष देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि ईडी के पास जरुर सरनाइक परिवार के खिलाफ कुछ सबूत होंगे, तभी यह कार्रवाई हुई है. उन्होंने कहा कि अगर सरनाइक परिवार ने कुछ गलत नहीं किया है तो उन्हें डरने की कोई जरुरत नहीं है.

ED ने कसा शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक पर शिकंजा, बेटे विहंग को लिया हिरासत में

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

शिवसेना के कद्दावर नेता विधायक प्रताप सरनाईक के घर और दफ्तर पर मंगलवार को ईडी ने छापा मारा. सूत्रों के अनुसार, मुंबई और ठाणे के प्रताप सरनाईक की कई प्रॉपर्टी पर ईडी ने छापा मारा. इस बीच ईडी ने प्रताप सरनाईक के बेटे विहंग सरनाईक को हिरासत में लिया है.

बताया जा रहा है कि, ईडी ने धन शोधन मामले में छापे मारे. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केन्द्रीय एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत ठाणे और मुम्बई में सरनाईक से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी की. आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘सुरक्षा मुहैया कराने वाली एक कम्पनी’ के प्रमोटर और उससे संबंधित लोगों सहित राजनेताओं के यहां छापेमारी की जा रही है. प्रताप सरनाईक अपने बयानों के कारण अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. प्रताप सरनाईक ठाणे के ओवला-मजीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से शिवसेना पार्टी के विधायक हैं.

असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का निधन

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का सोमवार को निधन हो गया. वे 86 साल के थे. उन्हें अगस्त में कोरोना हुआ था. वे एक बार ठीक हो चुके थे, लेकिन पोस्ट कोविड कॉम्पलिकेशन से जूझ रहे थे. गुवाहाटी के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उन्होंने शाम 5 बजकर 34 मिनट पर आखिरी सांस ली. वे तीन बार असम के मुख्यमंत्री रहे.

गोगोई इंदिरा गांधी के समय 1971 में पहली बार लोकसभा सांसद बने थे. राजीव गांधी के समय वे 1985 से 1990 तक कांग्रेस के महासचिव रहे. पीवी नरसिंहराव के समय वे 1991 से 1996 तक खाद्य और खाद्य प्रसंसकरण मंत्रालय में राज्यमंत्री रहे. प्रधानमंत्री मोदी ने उनके निधन पर शोक जताया.

इससे पहले, तरुण गोगोई का रविवार को 6 घंटे तक डायलिसिस किया गया था, लेकिन शरीर में फिर से टॉक्सिन जमा हो गए. इसके बाद उनका शरीर इस स्थिति में नहीं था कि दोबारा डायलिसिस किया जा सके. असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने उनके निधन को एक युग का खत्म होना करार दिया.

जम्मू में BSF ने खोज निकाली वह सुरंग, जिससे आए थे नरगोटा में मारे गए आतंकी

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर पर 30 से 40 मीटर लंबी सुरंग मिली है. BSF के जवानों ने पेट्रोलिंग के दौरान इसे देखा. जम्मू में BSF के IG एनएस जामवाल ने बताया कि इंटरनेशनल बॉर्डर पर इस सुरंग का मिलना यह साफ करता है कि, पाकिस्तानी सेना आतंकवादियों की मदद कर रही है.
जामवाल ने कहा कि इस सुरंग के जरिए ही नगरोटा के एनकाउंटर में शामिल आतंकी घुसे थे. इसे हाल में ही बनाया गया है. अब यह भी साफ हो गया है कि आतंकियों की मदद करने के लिए उनके साथ कोई न कोई गाइड भी था. जिसने आतंकियों को इस सुरंग से हाईवे तक पहुंचाया.
सुरक्षाबलों ने बीते गुरुवार को जम्मू के नगरोटा में चार आतंकियों का मार गिराया था. चारों आतंकी गोला-बारूद और हथियार लेकर जम्मू से श्रीनगर जा रहे थे. सुरक्षाबलों ने नगरोटा स्थित बन टोल प्लाजा पर एक ट्रक को रोकने के बाद जांच शुरू की थी. इसी दौरान ड्राइवर ट्रक से छलांग लगाकर भाग खड़ा हुआ. इसके बाद जवानों ने और जांच-पड़ताल शुरू की तो ट्रक के भीतर से फायरिंग होने लगी. करीब दो घंटे के एनकाउंटर के बाद सुरक्षा बलों ने ट्रक को ही उड़ा दिया था.
ट्रक चावल की बोरियों से भरा था और उसके भीतर आतंकी बैठे थे. मुठभेड़ के बाद ट्रक से 4 आतंकियों के शव निकले. इसके साथ ही 11 AK-47 राइफल, 3 पिस्टल, 29 ग्रेनेड, 6 UBGL ग्रेनेड, मोबाइल फोन, कंपास, पिट्‌ठू बैग बरामद किए गए थे.
जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद यानी 5 अगस्त 2019 से लेकर 9 सितंबर 2020 तक इन 402 दिनों में 211 आतंकी घटनाएं हुईं हैं. इसमें 194 आतंकी मारे गए हैं. इन घटनाओं में सेना के भी 49 जवान शहीद हुए हैं. यानी, अब आतंकी एक जवान को शहीद करते हैं, तो सेना बदले में 4 आतंकियों को मार रही है. कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद आतंकी घटनाओं में भी 50% से ज्यादा की गिरावट आई है. 29 जून 2018 से 4 अगस्त 2019 तक के 402 दिनों में 455 आतंकी घटनाएं हुई थीं. यानी, हर दिन 1 से ज्यादा घटनाएं. लेकिन, उसके बाद 5 अगस्त 2019 से 9 सितंबर 2020 तक 402 दिनों में ही 211 घटनाएं हुईं. यानी, 2 दिन में 1 बार.

इंदौर में भाजपा नेता के घर हमला करनेवालों का पुलिस ने निकाला जुलूस

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

बीजेपी के बड़े नेता और इंदौर के पूर्व नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा के घर पर हमला करने वाले गुंडों की शामत आ गई. दरअसल, दो दिन पहले ही शातिर बदमाश अरुण वर्मा और अश्विनी सिरोलिया को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. वही पुलिस ने अब अनमोल संधू और पूर्व बीजेपी विधायक के घर पर चाकू लहराने वाले सुदर्शन सोलंकी सहित 5 बदमाशों को गिरफ्त में ले लिया. शातिर गुंडों का आज छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में स्थित बीजेपी नेता के घर के आस पास जुलूस निकाला ताकि लोगों में गुंडों का खौंफ कम हो और बदमाशों के हौंसले भी पस्त हो सके. जुलूस निकाले जाने के दौरान हमलावर गुंडे शर्म से पानी पानी नजर आए. फिलहाल, पुलिस अब एक अभियान के तहत अन्य बदमाशों पर नकेल कस रही है.

इंदौर के पश्चिम क्षेत्र के एसपी महेशचंद्र जैन ने मीडिया को बताया कि आला अधिकारियों के निर्देश के तहत जिले के सभी थानों पर गुंडे बदमाशों को थाने पर बुलाकर डोजियर भरवाया जा रहा है, जिसमे उनसे ये जानकारी ली जा रही है कि उनके गुजर बसर के क्या साधन है. इसके अलावा गुंडों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने अपराध को अंजाम दिया तो उनका भी वो हो हश्र होगा जो दूसरे गुंडे बदमाशों का हो रहा है. वही उन्होंने बताया कि पश्चिम क्षेत्र के छत्रीपुरा थाने में ही 100 से ज्यादा बदमाशों को बुलाया गया है और पश्चिम क्षेत्र के सभी थानों में आज 700 से ज्यादा सूचीबद्ध गुंडो को बुलाकर डोजियर भरवायाकर सख्त चेतावनी दी गई है.

कुल मिलाकर इंदौर में पुलिस एक्शन मोड में है और बदमाशों द्वारा अब यदि कोई अपराध किया जाता है तो उन पर कड़ी कार्रवाई के साथ ही उनके निर्माणों पर भी पुलिस नकेल कस सकती है, जैसा कि बीते 15 दिनों में इंदौर पुलिस ने किया है.

पहली बार कार्तिकी एकादशी पर बंद रहेगा संत तुकाराम मंदिर

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
आषाढ़ी यात्रा के बाद अब कार्तिकी यात्रा पर भी महामारी कोरोना का ग्रहण लग गया है। कार्तिकी यात्रा पर 26 नवंबर को पंढरपुर में वारकरियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना के चलते सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं हो सकेगा। वारकरियों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाएं कम पड़ेगी। इसके मद्देनजर पंढरपुर में संचारबन्दी लागू की गई है। इसके बाद पिंपरी चिंचवड़ से सटे देहूगांव स्थित जगद्गुरु संत तुकाराम महाराज मंदिर भी बन्द रखने का फैसला किया गया है।
आठ माह महाराष्ट्र में मंदिरों को खोलने की अनुमति मिलने के बाद देहू स्थित संत श्रेष्ठ तुकाराम महाराज मंदिर के किवाड़ भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गए। मगर कार्तिकी एकादशी की पृष्ठभूमि पर वारकरी और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना को ध्यान में लेकर देहू संस्थान ने तीन दिन तक मंदिर बंद रखने का फैसला किया है। संस्थान ने यह फैसला पंढरपुर में कार्तिकी एकादशी की पृष्ठभूमि पर संचारबन्दी लागू करने की घोषणा के बाद किया है। संस्थान ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे संत तुकाराम महाराज मंदिर में भीड़ न जुटाएं।
तीन दिन की दूरी पर रही कार्तिकी एकादशी के उपलक्ष्य में होनेवाली भीड़ के मद्देनजर संस्थान ने 25 से 27 नवंबर तक संतश्रेष्ठ तुकाराम महाराज मंदिर को बंद रखने का ऐलान किया है। देहू संस्थान के विश्वस्त संजय मोरे ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने वारकरी और श्रद्धालुओं से अपील की है कि कार्तिकी एकादशी पर मंदिर में भीड़ न जुटाएं। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर भले ही बंद रखा जा रहा हो मगर मंदिर के भीतर नित्य पूजा अर्चना, महापूजा, भजन, कीर्तन जैसे धर्मिक कार्यक्रम और अनुष्ठान होंगे। गौरतलब हो कि गत दिन पंढरपुर में कार्तिकी एकादशी पर भीड़ न उमड़े इसके लिए संचारबन्दी लागू की गई है।

12 घंटें में ही सलाखों के पीछे पहुंचे हत्या के 4 आरोपी

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
एक-दूसरे की ओर खुन्नस से देखने को लेकर हुए विवाद में घातक हथियार से वार करते हुए एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। पुणे के हड़पसर इलाके में हुई इस वारदात के सामने आने के बाद 12 घँटे के भीतर पुलिस ने चार आरोपियों को धरदबोचा और उन्हें सलाखों के पीछे डाल दिया। शनिवार की देर रात साढ़े 12 बजे के करीब मांजरी फार्म, शेवालवाड़ी ग्रामपंचायत के ग्रामसेवक प्रशिक्षण केंद्र के सामने यह वारदात हुई थी।
इस वारदात में मरनेवाले युवक का नाम अनिकेत शिवाजी घायतडक (19, निवासी मालवाडी, हडपसर, पुणे) है। उसकी हत्या के आरोप में हड़पसर पुलिस ने शुभम संजय मोडक (20, निवासी मांजरी, मोरे बस्ती टकले नगर, हवेली, पुणे), बंटी तानाजी तुपे (23, निवासी मालवाडी, आदर्श बसाहत, हवेली, पुणे), प्रतिक अशोक तांबेकर (21, निवासी हडपसर गांव, डांगमाली, हवेली, पुणे) और प्रकाश बालू कांबले (23, निवासी मालवाडी, ईंट भट्टी के पास, हडपसर, पुणे) नामक आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हड़पसर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कल्याणराव विधाते के अनुसार, शनिवार की मध्यरात्रि अनिकेत घायतडके नामक युवक की निर्ममता से हत्या कर दी गई। इस बारे में मामला दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन शुरू की गई। इस दौरान पुलिस को मुखबिर से पता चला कि, इस वारदात के आरोपी कवडीपाट टोलनाका के पास छिपे बैठे हैं। इसके अनुसार डिटेक्शन ब्रांच के पुलिस अधिकारी सौरभ माने, कर्मचारी विनोद शिवले, समीर पांडुले, अकबर शेख, शाहिद शेख, प्रशांत टोणपे के समावेश वाली टीम ने जाल बिछाकर चारों आरोपियों को धरदबोचा। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि खुन्नस से देखने को लेकर हुए विवाद में अनिकेत की हत्या की।

पुणे : पहले सिर पर किया वार, फिर पत्थर से कुचल कर युवक की निर्मम हत्या

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
पुरानी रंजिश में एक युवक की निर्मम हत्या किए जाने का एक सनसनीखेज मामला आईटी पार्क हिंजवड़ी में सामने आया है। शनिवार की रात 11 बजे के करीब हुई इस वारदात में मरनेवाले का नाम निवल सुकलाल पावरा (27, निवासी साखरे बस्ती, हिंजवडी, पुणे) है। उसकी पत्नी की शिकायत के आधार पर हिंजवड़ी पुलिस ने बबल्या उर्फ महेंद्र तेलगोटे, गोल्या उर्फ शरद पवार (दोनों निवासी साखरे बस्ती, हिंजवडी, पुणे), सागर कदम (पूरा नाम पता मालूम नहीं) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हिंजवड़ी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बालकृष्ण सावंत ने इस वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि, आरोपी शनिवार की रात पावरा के घर आये, उसे महत्वपूर्ण काम है ऐसा बोलकर निवल पावरा को साथ ले गए। इसके बाद पुरानी रंजिश के चलते हिंजवडी के रेडिसन ब्लू होटल के पीछे ले जाकर सिर में घातक हथियार से वार कर पत्थर से कुचलते हुए उसकी निर्ममता से हत्या कर दी। इन वारदात की खबर मिलते ही हिंजवड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है। निवल की पत्नी की शिकायत के आधार पर उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी खोजबीन शुरू कर दी गई है। सहायक पुलिस निरीक्षक शशिकांत देडगे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

मध्य प्रदेश : अंडर-19 क्रिकेट टीम के लिए भिंड के 4 क्रिकेटरों का चयन

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

 एक समय था जब मध्यप्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना डकैतों के कारण पूरे देश में बदनाम थे. लकिन अब ये शहर और जिले विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. ग्वालियर के पड़ौसी जिले भिंड में डिविजन क्रिकेट एसोसिएशन के लिए खेल रहे चार युवा क्रिकेटरों का चयन मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के इंदौर में 24 नवंबर 2020 से आयोजित होने वाले कैंप के लिए चयन किया गया है. इनमें अंडर-19 के लिए विकेट कीपर एवं बैट्समैन सुमित कुशवाहा का एवं अंडर-16 के लिए बल्लेबाज अरुण भदौरिया व सक्षम पुरोहित तथा ऑल राउंडर स्पिनर विष्णु भारद्वाज का चयन किया गया है. इन सभी युवाओं सहित करीब 50 किशोर और युवा क्रिकेटर भिंड डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के लिए क्रिकेट कोच रवि शेखर कटारे के सानिध्य में क्रिकेट में महारत हासिल करने की तैयारी में जुटे हुए हैं.
क्रिकेटर सुमित कुशवाहा एलआईसी अधिकारी शिव सिंह कुशवाह के पुत्र हैं वही अंडर सिक्सटीन में चयन होने वाले अरुण भदौरिया मूल रूप से मसूरी गांव के रहने वाले हैं और उनके पिता उदय भान सिंह भदौरिया एक कांट्रेक्टर है. ऑल राउंडर स्पिनर विष्णु भारद्वाज मूल रूप से कोहार गांव के रहने वाले हैं और उनके पिता गणेश भारद्वाज जिले के जाने-माने पत्रकार हैं.

सभी क्रिकेटरों के बेहतरीन क्रिकेट खेले जाने के कारण चयन होने पर चम्बल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत मेहता, उपाध्यक्ष एवं भिंड डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश सिंह चतुर्वेदी, सीडीसीए के सचिव तस्लीम खान, संयुक्त सचिव नफीस अहमद, बीडीसीए के सचिव दिनेश चतुर्वेदी, सह सचिव आनंद द्विवेदी, कोषध्यक्ष रज्जू शर्मा सहित पूर्व क्रिकेटर धर्मेंद्र सिंह भदौरिया उर्फ पिंकी, बंटी भदौरिया, एसपी सिंह, आकाश कुशवाह, हरेंद्र शर्मा, विक्रम चौहान व राजेश सिंह, ब्रह्मकुमार दुबे आदि क्रिकेट प्रेमियों ने सभी चयनित क्रिकेटरों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.