नगरोटा एनकाउंटर में मारे गए 4 आतंकिया में से एक था मसूद अजहर का भाई अब्दुल रउफ असगर
नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
कुछ दिन पहले भारतीय जवानों ने पाकिस्तान की नापाक साजिश को नाकाम कर दिया. जम्मू कश्मीर के नगरोटा क्षेत्र में हुए एनकाउंटर में सेना ने जैश ए मोहम्मद के चार आतंकियों को मार गिराया था. बताया जाता है कि इन चारों आतंकवदियों का हेंडलर मसूद अजहर का भाई अब्दुल रउफ असगर था.
पाकिस्तानी जासूसी एजेंसी आईएसआइ ने जैश-ए-मोहम्मद को पुलवामा हमले के पैमाने पर आत्मघाती हमले को अंजाम देने का काम दिया था, जिसके लिए सांबा सेक्टर में चार आतंकवादियों को भारत में घुसपैठ करवाया गया था. 18 और 19 नवंबर को जम्मू क्षेत्र के नगरोटा के पास सुरक्षा बलों द्वारा चार आतंकी एक मुठभेड़ में मारे गए थे.
समाचार एजेंसी एएनआइ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पुलवामा में बड़े पैमाने पर आतंकी हमले को अंजाम देने का जिम्मा पाकिस्तान सेना की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस द्वारा मौलाना मसूद अजहर के नेतृत्व वाले जैश-ए-मोहम्मद को दिया गया था. जिसमें उसका भाई अब्दुल रउफ असगर का प्रमुख हाथ था. उसने भारतीय सीमा के पास पाकिस्तान के जैश के शकरगढ़ कैंप से चार जिहादियों का चयन किया था. हमले की योजना बनाने के लिए जैश में एक अन्य आतंकवादी काजी तरार को भी असगर के साथ सौंपा गया था.
सूत्रों ने बताया कि बहावलपुर में जैश मुख्यालय में एक बैठक भी हुई और इसमें अब्दुल रउफ असगर, काजी तरार और आईएसआइ अधिकारियों समेत जैश के आतंकी नेटवर्क के मौलाना अबु जुंदाल और मुफ्ती तौसीफ भी शामिल थे.
प्रारंभिक योजना के बाद जैश की शकरगढ़ यूनिट को आतंकवादियों के चयन और उनके प्रशिक्षण सहित अंतिम तैयारियों को पूरा करने का काम सौंपा गया था. चार आतंकवादियों ने आत्मघाती हमले का प्रशिक्षण प्राप्त किया और कश्मीर घाटी में भारतीय चौकियों को अधिकतम संभावित नुकसान पहुंचाने के लिए उपलब्ध गोलाबारी का उपयोग करने के लिए अभ्यास भी किया.
जैश के आतंकवादियों ने सांबा सेक्टर में भारतीय सीमा में घुसने के लिए नदी के किनारे के क्षेत्र में नाले के नेटवर्क का इस्तेमाल किया और जम्मू संभाग के कठुआ की ओर सांबा से जाटवाल छह किलोमीटर दूर एक ट्रक में ले जाया गया. सूत्रों ने कहा कि जैश की घुसपैठ की ज्यादातर कोशिशें इसी सेक्टर में इसी तरह के रास्तों का इस्तेमाल करते हुए रात के 3-4 बजे के आसपास की गई हैं.
जब जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने सुबह 4.45 बजे बान टोल प्लाजा के आसपास सैनिकों द्वारा ट्रक को रोक दिया गया, तो ट्रक चालक अंधेरे की ओर भाग गया, जबकि सेब के ट्रक में छिपे आतंकी घबरा गए और इसी दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई और चार आतंकी मार गिराए गए थे. भारतीय जवानों ने उनके पास से 11 AK राइफल, 23 मैगजीन, 29 ग्रेनेड, 10 अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर समेत सभी तरह के हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया गया था.
गुजरात : कार में लगी आग से एक ही परिवार के 7 की मौत
नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सड़क हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई. हादसा मालवन हाईवे पर शनिवार को तड़के करीब 5.30 बजे हुआ. ट्रक से टकराने के बाद कार गड्ढे में उतर गई और उसमें आग लग गई. कार में सवार सभी लोगों की जलकर मौत हो गई.
– मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ परिवार कार से चोटीला मंदिर के दर्शन कर लौट रहा था. इसी दौरान दुर्घटना हो गई. कार इतनी बुरी तरह से जल गई थी कि शवों को पहचानना मुश्किल हो रहा था. मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं.
मृतकों सूची : सेजलबेन नायी (32), कैलाशबेन रमेशभाई नायी (35), हरेशभाई नायी (35), रमेशभाई मनसुखभाई नायी (38), हर्षिलबेन नायी (6), शीतल नायी (8), सनीभाई नायी (12).
ग्वालियर : कोरोना सेंटर में आग से 2 मरीज झुलसे
नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
ग्वालियर संभाग के सबसे बड़े अस्पताल जयारोग्य के कोविड केयर सेंटर के ICU में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई. वहां भर्ती 9 मरीजों में से 2 मरीज मामूली रूप से झुलस गए. एक वेंटीलेटर भी जल गया. सभी मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया. फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया.
आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. आग लगने की वजह से ICU में धुंआ भर गया. ICU में भर्ती सभी 9 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे. डॉक्टरों और स्टाफ की मदद से गनीमत रही कि सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. अस्पताल के स्टाफ ने फायर उपकरण की मदद से आग बुझाने की कोशिश की.
पूछताछ के बाद भारती सिंह को NCB ने किया गिरफ्तार
नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में भारती और उनके पति हर्ष ने गांजा लेने की बात कुबूल कर ली है. हर्ष से पूछताछ जारी है और उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सकता है. भारती के प्रोडक्शन ऑफिस और घर से 86.5 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया है. भारती को रविवार को कोर्ट में पेश किया जा सकता है.
एक ड्रग पैडलर से पूछताछ में इन दोनों का नाम सामने आया था. इसके बाद अंधेरी, लोखंडवाला और वर्सोवा स्थित घरों में रेड की गई. इस रेड में NCB ने यहां से नशीला पदार्थ भी बरामद किया है.
इससे पहले, ड्रग्स केस में 20 नवंबर को अर्जुन रामपाल NCB के ऑफिस पहुंचे, जहां उनसे कई घंटों तक पूछताछ हुई. अर्जुन से पहले उनकी लिव इन पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स से दो दिन पूछताछ की गई थी. रामपाल के दोस्त पॉल बार्टेल की भी गिरफ्तारी हुई थी, वह 25 नवंबर तक ज्यूडिशियल कस्टडी में है.
भारती सिंह एक स्टैंडअप कॉमेडियन और एक्ट्रेस हैं. वे ‘द कपिल शर्मा शो’ में नजर आती हैं. भारती ने 2017 में राइटर हर्ष लिंबचिया से शादी की. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडियन लाफ्टर चैलेंज से की थी. इसके बाद उन्होंने कई कॉमेडी शो में काम किया किया, जिनमें कॉमेडी सर्कस, कॉमेडी सर्कस महासंग्राम, कॉमेडी सर्कस का जादू, कहानी कॉमेडी सर्कस की और कॉमेडी नाइट्स बचाओ जैसे शो शामिल हैं.
बिहार : राम विलास पासवान के निधन से रिक्त सीट पर उपचुनाव 14 दिसंबर को
नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
चुनाव आयोग ने बिहार से राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव के तारीख की घोषणा कर दी है. 14 दिसंबर को राज्यसभा से बिहार की एक सीट के लिए मतदान होगा. चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के निधन के बाद खाली हुई बिहार से राज्यसभा की एक सीट ने लिए मतदान की तारीख का ऐलान कर दिया है. इस पर 14 दिसंबर को मतदान होगा.
हरिद्वार : सुप्रीम कोर्ट ने दिए 4 धार्मिक संरचनाओं को हटाने का आदेश
नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक फैसले में उत्तराखंड सरकार को हरिद्वार में सार्वजनिक भूमि पर अवैध रूप से बनी 4 धार्मिक संरचनाओं को 31 मई, 2021 तक हटाने का आदेश दिया है. राज्य सरकार द्वारा दायर याचिका पर कार्रवाई करते हुए न्यायमूर्ति अशोक भूषण की अध्यक्षता वाली पीठ ने इन संरचनाओं को नष्ट करने के खिलाफ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद द्वारा किए गए आवेदन पर विचार करने से इनकार कर दिया है. साथ ही पीठ ने कहा है कि ये संरचनाएं अनाधिकृत हैं, क्योंकि इनका निर्माण बिना अनुमति के किया गया था.
परिषद के वकील के यह कहने पर कि इनका निर्माण सिंचाई विभाग की भूमि पर किया गया है, तो पीठ ने पूछा कि अस्थायी रूप से आवंटित भूमि पर स्थायी स्ट्रक्चर कैसे बना सकते हैं. अंत में शीर्ष अदालत ने कहा, हमारा मानना है कि राज्य को 31 मई, 2021 तक का समय अवैध संरचनाओं को हटाने के लिए देना चाहिए.
राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि राज्य इन संरचनाओं को नष्ट करने के खिलाफ नहीं था. साथ ही कहा कि हरिद्वार में सभी अवैध ढांचों को हटाने में समय लगेगा, क्योंकि उनमें से कई का उपयोग अगले साल की शुरुआत में होने वाले कुंभ मेले की मेजबानी में होना है.
हाईकोर्ट ने इस मामले पर राज्य सरकार को 23 मार्च तक सार्वजनिक जमीन से सभी मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और चर्चों को खाली करने का निर्देश दिया था. तभी से ही राज्य सरकार यह तर्क दे रही थी कि उसने हरिद्वार को छोड़कर अन्य अतिक्रमण की गई सार्वजनिक भूमि से सभी धार्मिक ढांचे हटावा दिए थे.
3 साल की बच्ची के भूख मिटाने जवान ने दाव पर लगा दी जान, अब डिस्कवरी चैनल पर दिखाई देंगे इंदर सिंह यादव
नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
कोरोना महामारी के कारण देश में लगाया गया लॉकडाउन आम जनता के लिए किसी आपात काल से कम नहीं था. कोरोना महामारी के बीच इंसान एक दूसरे से मिलना तो दूर उसकी मदद करने के लिए भी आगे नहीं आ रहा था. बेरोजगारी और अपनों के बीच पहुंचने की चाह में देश का श्रमिक अपने घर पैदल जाने को मजबूर था. तकरीबन महीने भर बाद देश की सरकार श्रमिकों की हालत देखते हुए मजदूर स्पेशल ट्रेन चलाकर उन्हें घर भेजने की व्यवस्था की.
– भोपाल स्टेशन पर महिला ने मांगी जवान से मदद
ऐसी ही एक मज़दूरों से भरी ट्रेन भोपाल स्टेशन पर जब आई, तो उस ट्रेन में 3 साल की बच्ची भूख से तड़प रही थी. भूख से तड़पती अपनी बच्ची की परेशानी देख उसकी मां ने प्लेटफार्म पर तैनात आरपीएफ के जवान से मदद मांगी. महिला ने जवान से कहा कि घंटों से दूध के लिए उसकी बच्ची परेशान हो रही है और कहीं से दूध की व्यवस्था नहीं हो रही, तो क्या वह नजदीकी स्टॉल से बच्ची को दूध लाकर दे सकते हैं. आरपीएफ के आरक्षक इंदर सिंह यादव ने तुरंत हां की और स्टाल से दूध लेने चले गए.
– चलती ट्रेन के पीछे दौड़े इंदर सिंह
इंदर सिंह जब दूध लेकर प्लेटफार्म पर आए तब तक ट्रेन चल पड़ी थी और उस चलती हुई ट्रेन से बच्ची के भूख से तड़प कर रोने की आवाज आ रही थी. बस इसी आवाज को सुनकर इंदर सिंह चलती हुई ट्रेन के पीछे दौड़ पड़े और आखिरकार उन्होंने चलती हुई ट्रेन में बच्ची तक दूध पहुंचा ही दिया. यह पूरा वाकया स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया और फिर क्या था यह पूरी घटना बड़ी तेजी से देशभर में वायरल हुई और सुर्खियों में छा गयी. इस घटना के सामने आने के बाद देशभर में आरक्षक इंदर सिंह यादव की बहुत प्रशंसा हुई. वहीं आरपीएफ के आरक्षक इंदर सिंह यादव की प्रशंसा रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी ट्विटर के जरिए की थी.
– डिस्कवरी पर सोनू सूद बताएंगे कहानी
उनके इस जाबांज काम को डिस्कवरी चैनल दिखाने जा रहा है. डिस्कवरी एक नया प्रोग्राम ‘भारत के महावीर’ लेकर आ रहा है। इसमें कोरोना महामारी के दौरान सड़क पर चलने वाले श्रमिकों की कहानी एक्टर सोनू सूद अपनी आवाज में जनता तक पहुंचाएंगे. सोनू सूद ही इंदर सिंह की कहानी को इस प्रोग्राम में सुनाएंगे.
















