उन्नाव. लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर फिर बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। आज उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर गुरुग्राम से बिहार जा रही तेज रफ्तार वॉल्वो बस पलट गई। जिससे 5 यात्रियों की मौत हो गई जबकि 2 दर्जन से अधिक घायल हैं। इनमें सात की हालत गंभीर है।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस पेपर गंजमुरादाबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वॉल्वो बस तरबूज से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मारने के बाद पलट गई, हादसे में जहां तीन बच्चों समेत पांच की मौत हो गई। बस में सवार 80 यात्री में से 40 यात्री घायल हो गए, जिन्हें बांगरमऊ सीएससी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर 23 को जिला अस्पताल रेफर किया है। इनमें सात को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में घायलों के इलाज का इंतजाम देखने जिलाधिकारी देवेंद्र कुमार पाण्डेय के साथ एसपी भी पहुंचे।
SO अरविन्द सिंह ने बताया कि वॉल्वो बस नंबर यूपी 83 बीटी 4106 गुरुग्राम से बिहार के मधुबनी जा रही थी। इसी बीच ट्रैक्टर ट्रॉली से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमे एक पुरुष समेत चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब 24 यात्री घायल हैं।
नई दिल्ली।।चुनाव प्रचार खत्म करके PM नरेंद्र मोदी दो दिन की केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर हैं। आज शनिवार को वह बाबा केदार के दर्शन करने पहुंच गये हैं। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग ने PM मोदी की शनिवार और रविवार को उत्तराखंड स्थित केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम की यात्रा करने की अनुमति दे दी है। हालांकि, आयोग ने प्रधानमंत्री कार्यालय को यह भी याद दिलाया है कि आदर्श आचार संहिता अभी भी लागू है।
लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए गुरुवार को चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद पीएम मोदी ने धार्मिक यात्रा पर जाने का फैसला लिया. लेकिन उनकी यात्रा से पहले प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को याद दिलाया गया कि लोकसभा चुनाव 2019 के लिये लागू आदर्श आचार संहिता अभी भी प्रभावी है।
जानकारी के अनुसार, PMO ने PM मोदी की दो दिवसीय उत्तराखंड यात्रा पर चुनाव आयोग का रुख पूछा था। पूरे मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि चूंकि यह आधिकारिक यात्रा है, इसलिए आयोग ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को सिर्फ यह याद दिलाया कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ 10 मार्च से लागू हुई आदर्श आचार संहिता अभी भी प्रभावी है।
लोकसभा चुनाव 2019 के लिये 7वें और अंतिम चरण का मतदान रविवार 19 मई को होना है। 23 मई को चुनाव के परिणाम आने हैं। पीएम मोदी की यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दिए बगैर एक सूत्र ने कहा कि मोदी की यह यात्रा आधिकारिक है, इसलिए यह की जा सकती है, लेकिन प्रधानमंत्री कार्यालय को यह याद दिलाया गया कि आदर्श आचार संहिता अभी प्रभावी है।
PM मोदी 18 मई से उत्तराखंड की दो दिन की यात्रा पर होंगे। शनिवार को वह केदारनाथ तथा रविवार को बद्रीनाथ में होंगे। रविवार की दोपहर वह बद्रीनाथ से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
करियर डेस्क. कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने संयुक्त हायर सेकेंड्री स्तरीय भर्ती परीक्षा 2018 (CHSL) के तहत भरे जाने वाले संभावित पद घोषित कर दिए हैं। यह भर्ती केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में तीन प्रकार के पदों के लिए होती है। SSC ने तीनों को मिलाकर कुल 5789 पद घोषित किए हैं। भर्ती प्रक्रिया अभी चल रही है इसलिए पदों की संख्या में आगे और इजाफा होने की संभावना है।
SSC ने CHSL 2018 का नोटिफिकेशन इस वर्ष पांच मार्च को जारी किया था। पांच अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। इसके पहले चरण यानी टीयर-वन की कम्प्यूटर आधारित (ऑनलाइन) परीक्षा एक से 26 जुलाई 2019 तक होनी है जबकि दूसरे चरण यानी टीयर-टू में दीर्ष उत्तरीय प्रश्नों वाली परीक्षा 29 सितंबर को प्रस्तावित है। पांच मार्च 2019 को नोटिफिकेशन के साथ SSC ने पदों की संख्या घोषित नहीं की थी, कहा गया था कि पदों की संख्या बाद में घोषित की जाएगी।
अब SSC ने इस भर्ती के संभावित पदों की संख्या घोषित की है। CHSL 2018 के लिए केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में रिक्त लोअर डिविजन क्लर्क (एलडीसी), जूनियर सेक्रेटेरियल असिस्टेंट के 1855, पोस्टल/शार्टिंग असिस्टेंट के 3880 तथा डेटा इंट्री आपरेटर के 54 पद घोषित किए गए हैं। स्पष्ट है कि इस भर्ती में सर्वाधिक 3880 पद डाक विभाग में पोस्टल/शार्टिंग असिस्टेंट के हैं।
नई दिल्ली. भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा की प्रत्याशी एवं मालेगांव बम धमाकों की आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताकर घिर गईं। प्रज्ञा ने गुरुवार को कहा कि नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, हैं और रहेंगे। प्रज्ञा द्वारा दिए गए बयान से भाजपा ने किनारा कर लिया है। वहीं, विवाद बढ़ता देख साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपना विवादित बयान वापस लेते हुए देश के लोगों से माफी मांग ली।
प्रज्ञा ठाकुर के बयान पर चुनाव आयोग ने रिपोर्ट मांगी
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के विवादित बयान पर चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने मध्य प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। भोपाल से भाजपा की उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर ने एक साक्षात्कार में गोडसे को देशभक्त बता कर राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रज्ञा ठाकुर के कथित बयान के बारे में मध्य प्रदेश के सीईओ को शुक्रवार तक तथ्यात्मक रिपोर्ट देने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि सीईओ की रिपोर्ट के आधार पर आयोग यह फैसला करेगा कि इस बयान से चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है या नहीं।
पढ़ें क्या था साध्वी प्रज्ञा का बयान
देवास लोकसभा सीट पर 19 मई को होने वाले चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आगर मालवा में रोडशो कर रही प्रज्ञा ने एक सवाल के जवाब में कहा,‘नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, हैं और रहेंगे।’ उन्होंने कहा, गोडसे को आतंकी बोलने वाले खुद के गिरेबां में झांककर देखें।
भाजपा ने कहा, गोडसे देशभक्त नहीं
भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा के बयान पर यह कहते हुए किनारा कर लिया है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का हत्यारा (नाथूराम गोडसे) देशभक्त नहीं हो सकता है। इससे पहले मध्यप्रदेश भाजपा मीडिया सेल प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने कहा कि पार्टी प्रज्ञा के बयान से सहमत नहीं है। भोपाल लोकसभा सीट पर प्रज्ञा का मुख्य मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह से है। इस सीट पर 12 मई को मतदान हो चुका है।
गोडसे को देशभक्त बताने पर कांग्रेस हमलावर
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि प्रज्ञा का बयान पूरे देश का अपमान है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को माफी मांगनी चाहिए । सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, आज एक बात तो साफ हो गई कि भाजपाई गोडसे के सच्चे वंशज हैं। हिंसा की संस्कृति और शहीदों का अपमान यह है भाजपाई डीएनए। सुरजेवाला ने कहा, हाल ही में प्रज्ञा ने शहीद हेमंत करकरे को देशद्रोही बताया था और उन्हें श्राप देने की बात की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कोई कार्रवाई करने की बजाय उनकी पीठ थपथपाई।
New Delhi. चुनाव आयोग इस बार मतगणना को लेकर बेहद सतर्क है। मतगणना स्थल पर इस बार चुनाव अधिकारी वाई-फाई के जरिए इंटरनेट का प्रयोग नहीं कर पाएंगे। EVM के वोट और VVPAT के पर्चियों की गिनती भी दो अलग-अलग टीम करेगी। जिससे किसी भी तरह के गड़बड़ी की आशंका नहीं हो। हालांकि, इसके चलते इस बार अंतिम चुनाव परिणाम के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
दिल्ली में सात लोकसभा सीटों के लिए कुल सात मतगणना स्थल उसी लोकसभा क्षेत्र में बनाए गए हैं। मतदान के बाद स्ट्रांग रूम में बंद EVM की त्रिस्तरीय सुरक्षा में रखा गया है। पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में है। उसके बाद मतगणना वाले दिन भी EVM में किसी भी तरह के गड़बड़ी को रोकने के साथ आरोपों से बचने के लिए दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान अपने मतगणना कर्मियों व चुनाव अधिकारियों को कई दिशा निर्देश जारी किए है।
चुनाव अधिकारी आधिकारिक कामों के लिए जो भी इंटरनेट सेवा लेंगे, वह वाई-फाई कनेक्शन नहीं होना चाहिए। तार के जरिए इंटरनेट कनेक्शन लेना होगा। एक मतगणना पर कम से कम दो इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराने वाली कंपनी होनी चाहिए। EVM में मतों की गणना करने वाली टीम अलग होगी। मिलान के लिए VVPAT से पर्चिंयों की गिनती करने वाली टीम अलग होगी।
चुनाव अधिकारियों ने कहा कि मतगणना के दौरान अगर एक पोलिंग स्टेशन के EVM में पड़े वोट और VVPAT में मिली पर्चिंयों की संख्या से मिलान नहीं होता है तो घबराने की जरूरत नहीं है। मतगणना कर्मियों को बताया गया है कि उन्हें पहले मतों के अंतर का पता लगाना है। क्योंकि मतदान से पहले हमेशा EVM की जांच के लिए पीठासीन अधिकारी मॉक पोल करते है। मॉक पोल के तौर पर 50 वोट डाले जाते हैं। उस दौरान भी EVM में वोटों की गिनती होती है।
दिल्ली की सात लोकसभा सीट से प्रत्येक लोकसभा के 50 पोलिंग स्टेशनों के VVPAT के पर्चियों का मिलान EVM में पड़े वोटों से किया जाएगा। दिल्ली में लोकसभा की सात सीट हैं। एक लोकसभा में 10 विधानसभा सीट हैं।
प्रत्येक विधानसभा से 5 पोलिंग स्टेशन के VVPAT के पर्चियों का मिलान वहां EVM में पड़े वोट से किया जाएगा। इस तरह पूरी दिल्ली में कुल 350 पोलिंग स्टेशन के VVPAT की पर्चिंयों की गिनती होगी। इसके चलते अंतिम परिणामों आने में देरी भी हो सकती है।
नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव 2019 के अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। 19 मई को 8 राज्यों की 59 सीटों पर होने वाली वोटिंग में बिहार की 8 सीटों पर भी मतदान होना है।
अंतिम चरण की वोटिंग से पहले आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मंच नहीं बोलने देने को लेकर नाराजगी जाहिर की है।
तेज प्रताप यादव ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक तस्वीर साझा करते हुए अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने गुस्से में यहां तक कह दिया कि बिहार में यही सब कारण है कि कांग्रेस का अस्तित्व नहीं है।
तेज प्रताप ने लिखा है, ‘मेरे आदरणीय पिता की अनुपस्थिति की वजह से मुझे आज बोलने नहीं दिया गया।।।#IMissYouPapa’
तेजप्रताप ने कहा, महागठबंधन को बड़ी लड़ाई लड़नी है, लेकिन जब सिपाही ही मोर्चा नहीं संभालेगा तो हम कहां से लड़ेंगे? राहुल गुरुवार को अपने एकदिवसीय बिहार के दौरे पर पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र के विक्रम में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान राहुल ने आरजेडी प्रत्याशी मीसा भारती के पक्ष में लोगों को वोट देने की अपील की।
तेजप्रताप ने सभा के बाद पत्रकारों से कहा, “राहुल गांधी ने खुद कहा था कि मुझे भी भाषण देना है। मैंने अपनी इच्छा से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को भी अवगत कराया, लेकिन मौका नहीं दिया गया।” इस दौरान मंच पर राहुल गांधी के एक तरफ विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव बैठे। जनसभा को तेजस्वी यादव ने भी संबोधित किया, लेकिन तेज प्रताप को मौका नहीं मिला।
नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव नतीजों की तारीख नजदीक आते ही नई सरकार के गठन की कोशिशें भी शुरू हो गई हैं। कांग्रेस को उम्मीद है कि नतीजों के बाद वह विपक्ष में सबसे बड़ी पार्टी बनेगी। इस मुहिम के तहत यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 23 मई को विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है।
तेलुगूदेशम पार्टी के अध्यक्ष व आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की कोशिश थी कि चुनाव परिणाम से पहले विपक्षी दल बैठक कर रणनीति तय करें। लेकिन ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और मायावती परिणाम के बाद बैठक के पक्ष में थे। सियासी हलकों में कयास हैं कि इस बार किसी भी गठबंधन को बहुमत नहीं मिलेगा। ऐसे में कांग्रेस मौके को गंवाना नहीं चाहती है।
इसके लिए कांग्रेस ने अपने मुख्य सहयोगी दलों, डीएमके और राष्ट्रवादी कांग्रेस को पत्र भी भेज दिया है। सहयोगी दलों को कहा गया है कि अगर वर्तमान की एनडीए सरकार बहुमत पाने में नाकाम रहती है तो वे सरकार गठन की सभावनाओं की तात्कालिक रणनीत तैयार करें।
इस बैठक में पिपक्ष की ओर से जिन्होंने अपनी मौजूदगी सुनिश्चित की है उनमें एनसीपी के शरद पवार और और डीएम के एम के स्टालिन प्रमुख हैं। राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से सोनिया गांधी खुलकर आगे नहीं आईं लेकिन ऐसे वक्त में जब चुनाव परिणाम आने की तारीख पास आ गई है तो वह विपक्षी दलों का महागठबंधन बनाने के लिए सक्रिय हो गई हैं। हालांकि पिछले साल भी यह गठबंधन बना था लेकिन बाद में बिखर गया था।
नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने 12 घंटे के अंदर पुलवामा और शोपियां में मुठभेड़ के दौरान छह आतंकी मार गिराए। इनमें से एक पाक का रहने वाला खालिद जैश का कमांडर था। मुठभेड़ में सेना के जवान रोहतक के संदीप और कानपुर देहात के रोहित यादव शहीद हो गए जबकि एक नागरिक की मौत हो गई।
पुलवामा में मुठभेड़ स्थल से गोला-बारूद समेत कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई हैं। उन्होंने कहा, सुरक्षाबलों ने सुबह डेलीपुरा इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान एक मकान में छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकी मारे गए। इनकी पहचान जैश आतंकी नसीर पंडित, शोपियां निवासी उमर मीर और पाक के खालिद के रूप में हुई है। वहीं, देर शाम शोपियां में भी तीन आतंकी मारे गए।
लवामा में आतंकी मुठभेड़ में रोहतक के महम कस्बे के बहलबा गांव के रहने वाले संदीप शहीद हो गए। संदीप के पिता ने बताया कि दो दिन पहले ही फोन पर उनसे बात हुई थी।
उन्होंने बताया था कि दस दिन बाद यानी 26 मई को छुट्टी पर घर आ रहा हूं, लेकिन उनके आने से पहले उनकी शहादत की खबर से घर परिवार सहित पूरे गांव में मातम छा गया। उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार को गांव पहुंचेगा। उनके घर पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया है। संदीप के पिता सतबीर किसान और मां बाला गृहणी है। 2017 में उसकी नीरू से शादी हुई थी।
शोपियां में सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक मकान में छिपे आतंकियों पर उन पर गोलीबारी शुरू दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया।
तीनों आतंकियों के शव बरामद
प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकियों को मार गिराया। उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। मारे गए आतंकवादियों की पहचान करीमाबाद पुलवामा निवासी नसीर पंडित, शोपियां निवासी उमर मीर और पाकिस्तान के खालिद के रूप में की गई है। वे सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हमला एवं आम नागरिकों पर ज्यादतियां करने समेत कई आतंकवादी अपराधों में संलिप्तता को लेकर वांछित थे।
नई दिल्ली. पश्चिम बंगाल में तृणमूल एवं BJP के बीच सीधी लड़ाई में वामपंथी दलों को अपने लिए उम्मीद नजर आ रही है। दरअसल, मतदान के आखिरी तीन चरणों में राज्य में BJP को बढ़त मिलती दिख रही है जिससे यह अटकलें भी लगी हैं कि BJP, तृणमूल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा रही है। जबकि पूर्व में यह आकलन था कि BJP का मत प्रतिशत बढ़ने से वामदलों के वोट भी कटेंगे।
बंगाल में पिछले आम चुनाव में तृणमूल का मत प्रतिशत 39, वामदलों का 30 और BJP का 17%रहा है। जबकि कांग्रेस 10% के करीब रही। अब जब राज्य में चुनाव अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं। कांग्रेस और वामदलों की स्थिति जस की तस रह सकती है। जंग तृणमूल और BJP के बीच सीमित होकर रह गई है।
BJP को लगता है कि तृणमूल को हराए बगैर पार्टी की सीटें राज्य में नहीं बढ़ सकती हैं। इसलिए BJP ने तृणमूल पर ही सीधे हमले बोले हैं। तृणमूल ने भी मोदी और शाह को निशाना बनाकर अपना गढ़ बचाने की कोशिश की। दोनों दलों के बीच सीधी जंग अंतिम चरण के मतदान से ठीक पहले चरम पर पहुंच गई।
चुनावी लड़ाई तृणमूल व BJP के बीच केंद्रीत होने से वामदल अपना फायदा महसूस कर रहे हैं। माकपा के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी कहते हैं कि BJP के आक्रामक रुख अख्तियार करने से तृणमूल को भारी नुकसान हुआ है जबकि वामदल अपनी जगह मजबूती से खड़े हैं।
धुर्वीकरण कराने में सफल
राजनीतिक जानकारों का कहना है मत प्रतिशत बढ़ने से जीत सुनिश्चित नहीं होती है। कांग्रेस ने 10% मत हासिल कर पिछली बार चार सीटें और वामदल 30% वोट पाकर भी दो सीटें जीत पाए। यह इसपर निर्भर करता है कि कितनी सीटों पर वह मजबूती के साथ खड़े हैं। जानकार मानते हैं BJP राज्य में ध्रुवीकरण कराने में सफल रही है। पर ऐसी सीटें एक दर्जन से भी कम हैं जहां यह फायदा दे सकता है।
मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश के शामली जिले के बलहेड़ा गांव में एक महिला की उसके पति और ससुराल वालों ने कथित रूप से दहेज के लिए पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मरने वाली महिला की पहचान रूमा के तौर पर की गयी है। यह मामला जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और महिला के पति अचिन कुमार, ससुर चुहाड़ सिंह, ननद सोनिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है ।
बताया जा रहा है तीन साल पहले रूमा की शादी अचिन से हुई थी और तब से उसका पति उसे दहेज के लिए परेशान करता आ रहा था।