30 C
Mumbai
Wednesday, September 9, 2026
Home Blog Page 1267

सुनवाई के पहले ही देश से भागे माल्या

Bureau@navpravah.com
किंगफिशर के मालिक विजय माल्या को देश से बाहर जाने से रोकने के लिए 13 बड़े बैंको की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई का दिन है। इस बीच यह सनसनी फ़ैल गई है कि शायद विजय माल्या कुछ दिन पहले ही देश छोड़कर जा चुके हैं।

सुप्रीम कोर्ट में बैंकों द्वारा दाखिल अर्जी में यह दावा किया गया है कि विजय माल्या पर कई बैंको का लगभग 9 हजार करोड़ का बकाया है, इसलिए उन्हें देश के बाहर जाने की अनुमति कतई नहीं मिलनी चाहिए।

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी इन बैंको की अगुवाई कर रहे हैं, जिससे यह पता चलता है कि सरकार भी माल्या के खिलाफ कार्रवाई के मूड में है। रोहतगी ने मंगलवार को चीफ जस्टीस टीएस ठाकुर और यूयू ललित की पीठ के सामने यह मुद्दा उठाते हुए उनके पासपोर्ट को जब्त करने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि माल्या के इसी फैसले की वजह से बैंकों ने कर्ज वसूली न्यायाधिकरण (डीआरटी) में गुहार लगाई थी लेकिन डीआरटी ने पासपोर्ट जब्त करने के आदेश देने से इनकार कर दिया था।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने ही इस बात की आशंका भी जताई है कि वो कुछ दिन पहले ही देश छोड़कर जा चुके हैं। हालांकि इस विषय में माल्या की प्रवक्ता का कहना है कि उन्हें इस बात की बिल्कुल भी जानकारी नहीं है कि वे कहां गए हैं क्योंकि माल्या से उनकी बात केवल ईमेल के माध्यम से ही होती है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही से इस बात की संभावना जताई जा रही थी कि विजय माल्या देश छोड़कर लंदन जा सकते हैं। माल्या ने हाल ही में खुद यह इच्छा जाहिर की थी कि वह लंदन में रहने जा सकते हैं। इसीलिए बैंकों ने यह अर्जी सुप्रीम कोर्ट में दर्ज की थी। माल्या का कारोबार लंदन तक फैला हुआ है। लंदन में उनके होटल भी हैं।

 

मायावती ने बसपा को लूट लिया – स्वर्ण कौर

Bureau@navpravah.com

आगामी वर्ष 2017 में पंजाब में होने वाले चुनाव को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती और आप मुखिया अरविन्द केजरीवाल काफी सक्रिय नज़र आ रहे हैं। लेकिन मायावती को लेकर कांशीराम की बहन स्वर्ण कौर ने एक ऐसा बयान दे दिया, जिससे माहौल एकदम गरम होता दिख रहा है।

दलितों पर अपना हक़ जताने वाली मायावती को पंजाब से बड़े झटके की संभावना है। पंजाब में लगभग 32 प्रतिशत संख्या दलितों की है। ऐसे में सभी पार्टी दलितों पर ही फोकस करके अपना उल्लू सीधा करने में लगी हैं। लेकिन कांशीराम की शिष्या कही जाने वाली मायावती को कांशीराम का परिवार ही समर्थन नहीं दे रहा है।

कांशीराम की बहन स्वर्ण कौर ने बसपा को समर्थन न देने की ही बात नहीं की बल्कि उनपर कई आरोप भी लगाए। स्वर्ण कौर ने कहा कि मायावती ने बसपा को लूट लिया है, इसलिए वह पार्टी का समर्थन नहीं करेंगी।
स्वर्ण कौर यहीं नहीं रुकी, उन्होंने मायावती पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने मेरे भाई को जीवन के आखिरी में बंदी बनाकर मार डाला। यहाँ कयास लगाया जा रहा है कि स्वर्ण कौर आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकती हैं लेकिन उन्होंने इस बात से साफ़ इनकार कर दिया।

स्वर्ण कौर के असहयोग की वजह से मायावती को पंजाब में भारी झटका लगने की संभावना जताई जा रही है।

इसलिए कैमरे से दूर थे यो यो ? देखें विडिओ

Entertainment desk

लम्बे अरसे से रैपर हनी सिंह ने ग्लैमर की दुनिया से दूरी बना रखी थी. और अब अचानक से ज़ोरावर के टीज़र के ज़रिए एंट्री की है. चर्चा में यह भी है कि क्या हनी सिंह वाक़ई में उनकी आगामी फिल्म ज़ोरावर की तैयारी कर रहे थे.

10 मार्च को हनी सिंह की आगामी फिल्म ज़ोरावर का ट्रेलर लांच होने वाला है. सोशल साइट्स पर इस समय हनी की फिल्म का टीज़र काफी चर्चा में है. पिछले काफी समय से यह बात हवा में थी कि हनी नशे के चलते काफी बीमार चल रहे हैं और स्वास्थ्य में सुधार के लिए वे रिहैब में हैं. लेकिन अब अचानक इस टीज़र से पूरा मामला एक अलग किस्सा बयान करता है.

देखना यह होगा कि हनी इस बारे में कुछ कहते हैं या नहीं. लेकिन अब सबको हनी की आगामी फिल्म के ट्रेलर का इंतज़ार है. टीज़र देखने के लिए विडिओ पर क्लिक करें.

 

मारिया शारापोवा के टेनिस खेलने पर 2 साल का प्रतिबंध!

ShikhaPandey@Navpravah.com

रूस की स्टार टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा ने बताया है कि जनवरी में आस्ट्रेलियन ओपन के दौरान हुई उनकी ड्रग टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव है,जिसके चलते उनके खेलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.

शारापोवा ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि वे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण 2006 से ही ‘मिल्ड्रोनेट’ नामक दवा ले रही हैं,जिसकी वजह से  ड्रग टेस्ट में परिणाम ‘पॉजीटिव’ आया है. मगर वे नहीं जानती थीं कि इस दवा को इस वर्ष की शुरुआत में विश्व डोपिग रोधी एजेंसी (वाडा) द्वारा निषिद्ध सूची में शामिल कर लिया गया है.

शारापोवा ने कहा, “मेरे परिवार में पहले भी कई लोगों को मधुमेह की शिकायत रही है. मुझमें भी इसके लक्षण दिखने लगे थे .मैं बीमार रहने लगी थी और मुझमें मैग्निशियम की कमी हो गई थी. इसीलिए मैंने अन्य दवाओं के साथ इस दवा को लेना शुरू किया.”

टेनिस स्टार ने कहा, “आपको बा5अ दूँ कि पिछले 10 साल से यह दवा वाडा की प्रतिबंधित दवाओं की सूची में नहीं थी लेकिन 1 जनवरी को नियम बदल गए और इसे सूची में शामिल कर लिया गया, जिसके बारे में मुझे पता नहीं था.”

टेनिस स्टार द्वारा घोषणा किए जाने के एक घंटे बाद अंतर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट में भी बताया कि 28 वर्षीया खिलाड़ी पर 12 मार्च से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा.

आईटीएफ ने आगे बताया कि जनवरी में हुए आस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सेरेना विलियम्स से हारने के बाद हुए ड्रग टेस्ट में असफल हुईं शारापोवा पर दो मार्च को डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा था.

वहीं महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) के टूर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) स्टीव सिमोन ने वाडा द्वारा नियमों में किए गए बदलाव पर निराशा जताते हुए कहा कि शारापोवा को नियमों के बारे में पता होना चाहिए था.

गौरतलब है कि इस मामले में पहली बार असफल होने वाले खिलाड़ियों पर आमतौर पर दो साल का प्रतिबंध लगाया जाता है. मिल्ड्रोनेट को मिल्डोनियम नाम से भी जाना जाता है, जिसे मधुमेह या मैग्निशियम की कमी के इलाज में इस्तेमाल किया जाता है.

तेंदुए को देख भाग खड़े हुए किसान, मुश्किल से बचाई जान

नारायण सिंह ‘रघुवंशी’

ब्यूरो (उत्तराखंड)

भारापुर क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में खेत में काम कर रहे किसानों में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उन्होंने बगल में एक पेड़ पर तेंदुए को बैठे देखा।तेंदुए को देखते ही किसान भाग खड़े हुए और अपनी जान बचाई।

जानकारी के मुताबिक, गांव के कुछ किसान रिजवान, गुलजार, मेहरबान, सुभम व सोनू आदि समीप के जंगल से सटे अपने खेतों में काम कर रहे थे। इसी बीच एक किसान की नजर खेत में एक बड़े से पेड़ पर पड़ी तो उसे मानो सांप सूंघ गया। उसने देखा कि पेड़ पर एक तेंदुआ बैठा हुआ है। जो किसानों की तरफ ही देख रहा। इस पर किसानों ने दूर भागकर जान बचाई और गांव में वापस आ गए।

इसकी सूचना किसानों ने वन विभाग को दी। इस पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कर्मियों ने तेंदुए को भगाने के लिए हवाई फायर भी किए। इस बीच तेंदुआ भागते-भागते एक कुत्ते को घायल कर गया। रेंजर महेश सेमवाल ने बताया की गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया गया है।

पाकिस्तान में भी मोदी का कब्ज़ा!

पड़ोसी देश के नेता ने की मोदी की जमकर तारीफ. पड़ोसी मुल्क की राजनीति पर भी मोदी का कब्ज़ा
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें. 

 

महिलाओं के लिए सिर्फ एक दिन क्यों -अमिताभ बच्चन

Entertainment desk

पूरे विश्व में आज महिला दिवस मनाया जा रहा है। फ़िल्म इंडस्ट्री में भी कई सितारों ने सोशल साइट्स के ज़रिए अपनी भावनाएं व्यक्त की। लेकिन महिला दिवस के अवसर पर महानायक अमिताभ बच्चन ने महिलाओं के लिए एक दिन ही निर्धारित किए जाने पर बड़ा सवाल उठाया है।

बिग बी अमिताभ बच्चन ने ट्वीट में लिखा कि हमारे जीवन में महिलाएं अपना हर दिन कुर्बान करती हैं, ऐसे में क्या हम उन्हें मात्र एक ही दिन क्यों देते हैं। हालाँकि बिग बी हमेशा से महिलाओं का काफी सम्मान करते हैं।

महिला दिवस के अवसर पर अमिताभ बच्चन के अलावा हेमा मालिनी, धनुष, निमृत कौर और दिव्या दत्ता जैसे कई सितारों ने महिलाओं को शुभकामनाएं भी दी हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेसेस पर आए दिन कंट्रोवर्शियल कमेंट्स करने वाले कमाल आर खान उर्फ केआरके ने भी महिला दिवस पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दी हैं।

भारतीय वायु सेना को जल्द मिलेगी महिला फाइटर पायलट

Bureau@navpravah.com विश्व महिला दिवस के अवसर पर वायु सेना अध्यक्ष अरूप राहा ने एक बड़ा ऐलान किया है। राहा ने कहा कि 18 जून को भारतीय वायु सेना में पहली बार महिला फाइटर पायलट शामिल होगी।

भारतीय वायु सेना अध्यक्ष अरूप राहा ने विश्व महिला दिवस के अवसर पर ऐलान किया कि इसी साल 18 जून को पहली बार महिला फाइटर पायलट मिलेगी। राहा के मुताबिक़ 3 महिला ट्रेनी का चयन किया गया है। पासिंग आउट परेड 18 जून को होगी। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि तीनों को उसी दिन कमीशन मिल जाएगा।

महिला पायलट के शामिल होते ही सेना के तीनों अंगों में वायुसेना पहली सेना होगी जिसमें फ्रंट लाइन पर पायलट के तौर पर महिला सैन्यकर्मियों की तैनाती होगी।

वायुसेना में महिला फाइटर पायलट को शामिल कराने वाले मामले पर लंबे समय से विचार चल रहा है। वायु सेना में फिलहाल 1500 महिला सैन्यकर्मी हैं जिनमें 94 पायलट और 14 नेवीगेटर हैं।

उमर और अनिर्बान की रिहाई के लिए किए जा रहे आंदोलन की अगुआई करूँगा-कन्हैया

Bureau@navpravah.com

हाल ही में 6 महीने की अंतरिम जमानत पर रिहा हुए जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार, अब देशद्रोह के अन्य दो आरोपी छात्रों की रिहाई के लिए किए जा रहे आंदोलन की अगुवाई करेंगे.

कन्हैया ने कहा, ‘‘सरकार और पुलिस ने मेरी जमानत में देर करने का असफल प्रयास किया, लेकिन फिर भी इस मामले में मुझे ज़मानत मिल गई. मगर सिर्फ मेरी ज़मानत हो जाने भर से हमारी लड़ाई खत्म नहीं हुई है. उमर और अनिर्बान अब तक न्यायिक हिरासत में हैं. मैं अब उनकी रिहाई के लिए छात्र आंदोलन की अगुवाई करूंगा.’’

कन्हैया की अगुवाई वाले जेएनयू छात्र संघ ने आज रात परिषद की एक बैठक बुलाई है जिसमें ‘‘जेएनयू पर हमले’’ के मुद्दे पर चर्चा होगी और भविष्य के कदम को अंतिम रूप दिया जाएगा.

कन्हैया ने कहा, ‘‘यूं तो हमारा पहला मकसद उन दोनों को रिहा कराना है, लेकिन मुझे यकीन है कि यदि मैंने इसी प्रकार अपनी आवाज बुलंद करने की विचारधारा को अपनाया तो जेल आना-जाना मेरे लिए आम बात हो जाएगी.’’

गौरतलब है कि जेएनयू परिसर में बीते नौ फरवरी को आयोजित एक विवादित कार्यक्रम में कथित तौर पर लगे भारत विरोधी नारों के सिलसिले में कन्हैया, उमर और अनिर्बान पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया था.

कन्हैया 18 दिन जेल में बिताकर रिहा हो चुके हैं. दिल्ली उच्च न्यायालय की ओर से जमानत दिए जाने के बाद कन्हैया को पिछले हफ्ते ही तिहाड़ जेल से रिहा किया गया था. अन्य दो आरोपी उमर और अनिर्बान अब भी न्यायिक हिरासत में बंद हैं.

शत्रुघ्न को जल्द ही बाहर का रास्ता दिखाएगी पार्टी-गिरिराज सिंह

Bureau@navpravah.com

भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा द्वारा जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की रिहाई पर, उसकी प्रशंसा किए जाने पर उन्हीं की पार्टी के मंत्री नेता गिरिराज सिंह ने उन्हें खूब खरी खोटी सुनाई है।

बीजेपी के केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने शत्रुघ्न सिन्हा को उनके दिए हुए बयान पर फटकारते हुए कहा कि उनकी ऐसी हरकतों के कारण ही उन्हें पार्टी जल्द बाहर का रास्ता दिखाने वाली है, क्योंकि कोई भी शख्स पार्टी के ऊपर नहीं है।

मीडिया से बातचीत के दौरान, जब गिरिराज सिंह से शत्रुघ्न सिन्हा के कन्हैया कुमार को सपोर्ट करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि देशद्रोह के एक आरोपी की ज़मानत पर शत्रुघ्न ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उस आरोपी की प्रशंसा भी की। पार्टी जल्द ही उन्हें  बाहर का रास्ता अवश्य दिखाएगी।

कन्हैया कुमार के विषय में बात करने पर गिरिराज सिंह बोले, “अब कन्हैया को कानून का डर सता रहा है। इसीलिए अब वह बार-बार अपना बयान बदल रहा है। पहले उसने कहा था कि देश के बाहर आजादी चाहिए, लेकिन अब कानून के डर से अपना बयान बदल कर अब बोल रहा है कि देश के भीतर आजादी चाहिए।”

गौरतलब है कि बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को मिली जमानत पर ट्वीट किया था, “मैं कन्हैया की रिहाई से बेहद खुश हूं. यह आशा करता हूँ कि कन्हैया अपने विरोधियों को जवाब देने में जरूर सफल होगा।”

एक अन्य ट्वीट में शत्रुघ्न ने लिखा था, “मैं अनुरोध करता हूँ कि वे सभी लोग, जिन्हें लगता है कि कन्हैया के साथ गलत हुआ है, कन्हैया के समर्थन में आगे आएं, ताकि उनके समर्थन से कन्हैया अपने विरोधियों को करारा जवाब दे सके।”

यह कोई पहला मौका नहीं है कि ‘शत्रु’ ने पार्टी से अपनी शत्रुता ज़ाहिर की है। बल्कि बिहार चुनाव के दौरान भी उन्होंने पार्टी पर खूब निशाना साधा था और अक्सर वे पार्टी, सरकार और स्वयं प्रधानमंत्री मोदी पर भी व्यंग के बाण चलाते रहे हैं।