29 C
Mumbai
Thursday, September 10, 2026
Home Blog Page 1240

सलमान अपने फैंस को ट्वीट करके देंगे शादी की जानकारी

एंटरटेनमेंट डेस्क

बॉलीवुड सुपरस्टार और भारत के मोस्ट एलिजिबल बैचलर सलमान खान के चाहनेवालों को इस बात का बेसब्री से इंतज़ार है कि सल्लू मियाँ शादी कब करेंगे। सुपरस्टार सलमान खान ने अपने फैंस के उतावलेपन का जवाब देते हुए कहा है कि जब वह शादी का फैसला ले लेंगे तो सबको ट्वीट कर जानकारी दे देंगे।

सलमान और उनके परिवार वालों को पिछले कई सालों से शादी की योजना के बारे में सवाल किया जाता रहा है। इसीलिए सलमान ने मीडिया से आग्रह किया कि शादी के सवालों से उन्हें और उनके घरवालों को परेशान न करें।

हाल में उनका रिश्ता रोमानियाई सुंदरी लुलिया वंतूर के साथ जोड़ा जा रहा है। जब से सलमान को प्रीति जिंटा की रिसेप्शन पार्टी में लुलिया के साथ शिरकत करते देखा गया है, तब से जनता और मीडिया खुद ही इस बात की पुष्टि करने पर तुले हुए हैं कि सलमान लुलिया से ही शादी करेंगे।

सलमान से जब शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान शादी की योजना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,”मुझे जब शादी करनी होगी, मैं कर लूंगा। जब भी मैं शादी करूंगा, खुद बता दूंगा।”

वैसे सलमान खान की लव लाइफ हमेशा सवालों के घेरे में रही है। इससे पहले उनका मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी, सोमी अली, ऐश्वर्या राय और कैटरीना कैफ के साथ प्रेम संबंध रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि अंततः सलमान कब शादी करेंगे और किसको अपनी दुल्हनिया बनाएंगे।

सुशासन बाबू हुए सख़्त, बिहार में पान मसाला-गुटखा भी हुआ बैन

ब्यूरो

अपने चुनावी वादे के अनुसार बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने बिहार में शराब पर तो पहले ही से पूर्णतः पाबंदी लगा रखी है पर बिहार सरकार ने आज से गुटखा और पान मसाले पर भी 1 साल के लिए पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। 1 अप्रैल से बिहार में शराब पर लगी रोक की चर्चा खुद मुख्यमंत्री राज्य के बाहर आयोजित कार्यक्रमों में अक्सर ही करते हैं। बिहार को नशामुक्त करने की ओर यह उनका एक और बड़ा कदम है।

pan masala

जनसेवा के तमाम गुर अपनाने के बावजूद नितीश कुमार की मुसीबतें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष लगातार हमले कर रहा है। बिहार में खराब कानून व्यवस्था के मसले पर आज पटना में बीजेपी प्रदर्शन करेगी। इससे पहले बिहार में लगातार बिगड़ी रही कानून व्यवस्था के खिलाफ LJP ने पटना में मार्च निकाला था,जिसमें नीतीश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तो अपनी गाड़ी के पीछे कटाक्ष करता हुआ स्टिकर चिपका लिया है। उस पर लिखा है- ‘जगह मिलने पर पास दिया जाएगा, कृपया गोली न मारें।’ विपक्ष तो विपक्ष,अब तो सहयोगी दल भी तलवार ताने खड़ा है। आरजेडी सांसद तस्लीमुद्दीन ने कहा है कि बिहार में खराब कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी लेते हुए नीतीश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए।

पति संग उत्तराखण्ड की वादियों में मौज करती नज़र आईं प्रीती ज़िंटा

नारायण सिंह,
ब्यूरो (उत्तराखण्ड),
सिने अभिनेत्री प्रीति ज़िंटा मायानगरी से दूर उत्तराखंड की पहाड़ी वादियों में पहुंची हैं। गुरुवार को उन्होंने गंगा में रिवर राफ्टिंग का भी लुत्फ उठाया। हालांकि उनका यह भ्रमण बेहद निजी और गोपनीय रखा जा रहा है।

अभिनेत्री प्रीति ज़िंटा बुधवार को अपने पति के साथ नरेंद्र नगर के पांच सितारा होटल ‘आनंदा’ में पहुँचीं। प्रीति इसी वर्ष 28 फरवरी को जेने गुडइनव के साथ वैवाहिक सूत्र में बंधी हैं और इन दिनों यह दोनों छुट्टियाँ बिताने उत्तराखंड आए हैं।

गुरुवार को वह अपने पति के साथ गंगा में राफ्टिंग के लिए पहुँचीं। सूत्रों के मुताबिक प्रीति ने शिवपुरी से मुनिकीरेती तक राफ्टिंग का लुत्फ उठाया। राफ्टिंग के दौरान जब जंपिंग प्वाइंट पर उनकी राफ्ट रुकी तो यहां कई पर्यटकों ने उन्हें पहचान लिया। जिसके बाद कुछ पर्यटकों के साथ उन्होंने फोटो भी खिंचवाई। यही स्थिति मुनिकीरेती के खारास्रोत में एंडिंग प्वाइंट पर भी बनी। मगर प्रीति किसी तरह यहां से बचते हुए अपनी कार में सवार होकर नरेंद्रनगर के लिए रवाना हो गईं।

गुरुवार की सायं प्रीति का ‘परमार्थ निकेतन’ की गंगा आरती में भी शिरकत करने का कार्यक्रम था, लेकिन अंत में यहां अत्यधिक भीड़ होने के कारण उनका यह कार्यक्रम रद्द हो गया।

बताया जा रहा है कि अभिनेत्री प्रीति ज़िंटा अभी नरेंद्र नगर स्थित होटल में ही रुकेंगी। इसके बाद उनका धनोल्टी या मसूरी जाने का भी कार्यक्रम है।

कांग्रेस के चारों खाने चित्त, वेंटीलेटर पर पार्टी!

अनुज हनुमत

कल सुबह जैसे ही रुझान आने शुरू हुए पांचों राज्यों के राजनीतिक गलियारों में कुछ तस्वीरें बिल्कुल स्पष्ट होने लगी थी। तमिलनाडु में जयललिता की जीत, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की जीत और असम का मोदीमय होना, ये तीनों ही चित्र तो स्पष्ट ही दिख रहे थे और शाम तक जब परिणाम आया तो हुआ भी यही। एक परिणाम जिसने और भी ज्यादा चौंकाया वह थी केरल में लेफ्ट की जीत। ये जीत इसलिए भी हतप्रभ करने वाली थी क्योंकि एक तरफ वैसे भी धीरे धीरे वामपंथ के गढ़ लगातार ढह रहे हैं और ऐसे में अब केरल ही एकमात्र राज्य बचा है जहाँ लेफ्ट की एकलौती सरकार होगी। प. बंगाल में जिस योजना के साथ लेफ्ट उतरा उसे केरल की जनता ने स्वीकार किया और बंगाल में लेफ्टगिरि न चलकर दीदीगिरि चली। अब इस परिणाम ने वामपंथ को हाशिये पर लाकर खड़ा कर दिया और उसके पास केरल की जीत का जश्न मानने का भी नैतिक बल नहीं बचा है।

लेफ्ट के बाद इन पांच राज्यों के चुनावों में अगर किसी ने कुछ खोया है तो वो है ‘कांग्रेस’ ,जिसने खुद को खो दिया है और उसे पुडुचेरी के अलावा बाकी चारों राज्यों में कोई ख़ास सफलता नहीं मिली। कांग्रेस की इस असफलता की नैतिक जिम्मेदारी वैसे तो कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ले ली है, पर प्रश्न ये है कि आखिर लगातार मृत होती जा रही कांग्रेस पार्टी खुद संजीवनी बूटी लाने वाला हनुमान कहाँ से खोज लाएगी ? एक हनुमान तो वैसे भी यूपी में लगे हैं। जी हाँ,सही समझे आप। हम बात कर रहे हैं मौजूदा भारतीय राजनीति के सबसे सफल रणनीतिकार प्रशांत किशोर की, जिनको ये जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वो यूपी में पार्टी को ऐतिहासिक जीत व खोई हुई वही पुरानी प्रतिष्ठा वापस दिलाएं पर ये काम इतना सरल भी नहीं। कुल मिलाकर पांच राज्यों के इन चुनावी परिणामों ने कांग्रेस को चारों खाने चित्त कर दिया।

वैसे भी पूरे देश में कांग्रेस इस समय वेंटिलेटर पर है और ऐसे परिणाम पार्टी के लिये और भी मुसीबत खड़ी कर सकते हैं, जिनसे निकलना समय के साथ और भी कठिन होता जायेगा। कल शाम को कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह का एक ट्वीट आया, जिसमें उन्होंने कहा कि अब पार्टी को एक सर्जरी की आवश्यकता है, तभी कुछ होगा। लेकिन दिग्विजय सिंह जिस सर्जरी की बात कर रहे हैं, क्या ऐसे कोई बड़ा परिवर्तन हो पायेगा पार्टी में ! सूत्रों की मानें तो पार्टी आलाकमान जल्द ही कोई न कोई बड़ा फैसला जरूर लेगी, जिसमें युवाओं को बड़ी जिम्मेदारी दी जायेगी। भाजपा लगातार जीत से देश की सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी बनने की ओर तेजी से अग्रसर है, इस समय लगभग 35% जनता भाजपा शासित प्रदेशों से पार्टी के साथ है, जो अगले वर्ष यूपी के चुनावों के बाद और भी बढ़ सकती है। कुल मिलाकर भाजपा को भी ज्यादा खुश होने की आवश्यकता नहीं, क्योंकि यूपी के हालात असम जैसे नहीं और यहाँ की राजनीतिक हवाएँ जितनी ही गर्म हैं उतनी ही सर्द भी। लेकिन वास्तव में असम की जीत ने भाजपा का पूर्वोत्तर राज्यों में दाखिला बड़ी ही मजबूती से कराया है। इसके लिए सर्वानंद सोनवाल बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने अपने दमदार व्यक्तित्त्व की बदौलत असम में भाजपा को जीत दिलाई।

सोनवाल स्वाभाव से बहुत ही सरल और मिलनसार व्यक्ति हैं। कहते हैं कि राज्य की राजनीती में उनके विपक्षियों से भी उतने ही अच्छे सम्बन्ध हैं, जितने अपनी पार्टी के नेताओं से।

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की दीदीगिरि एक बार फिर चल गई है। विद्यार्थी परिषद से राजनीति की शुरुआत करने वाली ममता बनर्जी ने एक बार फिर बंगाल की जनता का दिल जीत लिया है। ऐसी ही एक तस्वीर तमिलनाडु में देखने को मिली है, जहाँ जयललिता का जादू एक बार फिर चल गया है। जयललिता की जीत ने करूणानिधि के पुनः मुख्यमंत्री बनने के सपने को हमेशा के लिए ठिकाने लगा दिया है।

इन चुनावी परिणामों ने एक बार फिर ये प्रश्न उठा दिया है कि आने वाले 2019 के लोकसभा चुनावों में मोदी मैजिक का क्या होगा ? कुछ भी हो पर इतना तो स्पष्ट है कि कांग्रेस देश की सबसे निचले स्तर की पार्टी बनती जा रही है, जो कि हतप्रभ करने वाला है। देश को आरक्षण जैसी लाईलाज बीमारी देने वाली कांग्रेस पार्टी को इस समय खुद अपने अस्तित्व को बचाने के लिए “आरक्षण” की आवश्यकता हो गई है।

जल्द जारी होगे नए डिज़ाइन वाले नोट

ब्यूरो 

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) बोर्ड ने सरकार से बैंक नोट के लिए नए तरह के डिजाइनों वाले एक सेट की सिफारिश की है। आरबीआई द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि केंद्रीय बोर्ड ने सरकार से नई बैंक नोट श्रृंखला के लिए कुछ डिजाइनों के सेट की सिफारिश की है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद ये डिज़ाइन्स उचित समय पर उपयोग की जाएँगी।

बोर्ड की 557वीं बैठक में कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता आरबीआई के गवर्नर रघुराम राजन ने की। इसमें अन्य अधिकारियों सहित चार गवर्नरों ने भी हिस्सा लिया। बैठक में आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने भी बैठक में हिस्सा लिया। वह बोर्ड में सरकार द्वारा मनोनीत निदेशक हैं।

बोर्ड ने कहा कि बैंक के काम-काज संबंधी कुछ अविलंब ध्यान देने योग्य विषय पर भी चर्चा हुई और उन्हें मंजूरी दी गई। साथ ही बोर्ड ने आरबीआई के संचालन संबंधी कई मुद्दों पर भी बात की, जिसमें शामिल हैं सूचना प्रौद्योगिकी और साइबर सुरक्षा और एक आईटी सहायक कंपनी की स्थापना। इस बैठक के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा है कि देश में जल्द ही नए डिजाइन वाले नोट जारी हो सकते हैं।

केंद्र सरकार के विकास के एजेंडे पर जनता की मुहर -मोदी

ब्यूरो

पाँचों राज्यों में विधानसभा चुनावों के आए नतीजों व असम में भाजपा की अप्रतिम जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जनता ने केंद्र सरकार के विकास के एजेंडे पर विश्वास की मुहर लगाई है। चुनावी नतीजों के बाद प्रधानमंत्री मोदी संसदीय दल की बैठक में भाग लेने पार्टी के कार्यालय पहुंचे थे।

पीएम मोदी ने कहा कि आज के ये नतीजे भारतीय जनता पार्टी के लिए, एनडीए के लिए अत्यंत उत्साहवर्धक हैं। उन्होंने पांचों राज्यों के मतदाताओं का आभार प्रदर्शन किया, जिन्होंने बीजेपी के जनाधार में बढ़ोतरी की।

मोदी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि असम में बीजेपी की सरकार बनना तो कई लोगों के लिए वैसा ही आश्चर्य है जैसे कि जम्मू-कश्मीर सरकार में बीजेपी की हिस्सेदार है।

साथ ही उन्होंने असम में पार्टी की जीत पर यह भी कहा कि इस चुनाव परिणाम से ये साफ हुआ है कि बीजेपी की विकास की जो विचाराधारा है, आम जनता के जीवन में बदलाव लाने का उसका जो प्रयास है, उसे देश की जनता भली भांति सराह रही है, स्वीकार कर रही है और समर्थन कर रही है।

मोदी ने कहा कि गरीबों, सामान्य जनों की भलाई के लिए ये जनसमर्थन हमें और अधिक ताकत और उत्साह देगा। भाजपा तेज गति से हिंदुस्तान के सभी भू भागों पर जनस्वीकृति प्राप्त कर रही है,जो लोकतंत्र के लिए उत्साहजनक है। मोदी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा,” मैं अमित शाह, उनकी पूरी टीम, प्रदेशों के नेतृत्व व उनकी टीम व लाखों कार्यकर्ताओं को हृदय से बहुत-बहुत बधाई देता हूं। धन्यवाद।

गौरतलब है कि पाँच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के आए नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी और तमिलनाडु में सत्तारूढ़ एआईएडीएमके की महासचिव जयललिता ने सत्ता में वापसी की है। असम में भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत हासिल किया है और केरल में पिछली बार सत्ता से चूके वाम मोर्चे ने इस बार कब्जा जमा लिया है।

पेरिस से काहिरा जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त, मलबे की तलाश जारी

ब्यूरो

पेरिस से काहिरा जा रहा एक विमान आज मिस्र की वायुसीमा में पहुंचने के बाद राडार से लापता होने के पश्चात भूमध्यसागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मिस्र के प्रधानमंत्री शेरीफ इस्माइल ने कहा कि अभी यह तय नहीं है कि विमान तकनीकी समस्या से दुर्घटनाग्रस्त हुआ या फिर आतंकवादी हमले से। उन्होंने काहिरा हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा, ‘ किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।’

इजिप्ट एयर का यह विमान 26 विदेशियों समेत 66 लोगों को लेकर काहिरा जा रहा था। मिस्र की वायुसीमा में प्रवेश करने के तुरंत बाद एयरबस ए-320 स्थानीय समयानुसार रात पौने तीन बजे राडार से लापता हो गया। उस समय वह 37,000 फुट की उंचाई पर उड़ रहा था। मलबे की तलाश अब तक जारी है।

मिस्र की सेना के तलाशी एवं बचाव दल विमान के मलबे का पता लगाने के लिए क्षेत्र को खंगालने में जुटे हैं। विमान में एक बच्चे और दो शिशुओं समेत 56 यात्री और चालक दल के 10 सदस्य सवार थे। विमान पर मिस्र के 30 नागरिकों के अलावा 15 फ्रांसीसी मुसाफिर, 2 इराकी और ब्रिटेन, बेल्जियम, कुवैत, सऊदी अरब, सूडान, चाड, पुर्तगाल, अलजीरिया और कनाडा के एक-एक मुसाफिर सवार थे।

इजिप्ट एयर ने कहा कि विमान के लापता होने के दो घंटे बाद उससे मुसीबत में फंसे होने का संदेश मिला था। हालांकि, मिस्र की सेना ने इस बात से इनकार किया है कि ऐसा कोई संदेश मिला है।

मिस्र की सेना ने विमान के मलबे का पता लगाने के लिए यूनान की मदद से खोजी विमान और नौसेना के जहाज तैनात किए हैं। फ्रांस के विदेश मंत्री ज्यां मार्क आर्यल्ट ने भी मलबे की खोज में शामिल होने के लिए सैन्य विमान और नौकाएं भेजने की पेशकश की है।

राहुल ने ली हार की ज़िम्मेदारी, कहा,’जीतेंगे जनता का विश्वास

ब्यूरो
पाँचों राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम  निकलने के बाद अब आंकड़े बिलकुल स्पष्ट रूप से सामने आ गए हैं। पांचों राज्यों में कांग्रेस को करारी शिकस्त मिली है और कांग्रेस ने अपनी पराजय स्वीकार कर ली है। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि हम जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं।

राहुल गांधी ने आज कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों का विश्वास जीतने के लिए अधिक मेहनत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस तब तक मेहनत करती रहेगी जब तक लोगों का विश्वास जीतने में कामयाब नहीं हो जाती। कांग्रेस को इस बार असम और केरल की भी सत्ता गंवानी पड़ी है जिससे राजनीति में उसकी स्थिति और भी बद्तर हो गई है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा,’ चुनाव में जो भी दल जीत कर आए हैं उन्हें बधाई है।’ इसके अलावा उन्होंने सभी कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और सहयोगी संगठनों का भी आभार जताया।

ममता, जयललिता और बीजेपी खुश, पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में औंधे मुंह गिरी कांग्रेस

अमित द्विवेदी

पांच राज्यों के चुनाव के रुझान से कांग्रेस को एक और बड़ा झटका मिला है। सभी राज्यों में हुए सफाए से कॉंग्रेसी खेमा सदमे में नज़र आ रहा है। पश्चिम बंगाल में टीएमसी की जबर्दस्त तरीके से जीत की तरफ बढ़ता जा रहा है और असम में बाज़ी मारी बीजेपी ने।

असम में इस बार बीजेपी गठबंधन की सरकार बननी लगभग तय है। तमिलनाडु में जयललिता पूर्ण बहुमत के साथ वापसी कर रही हैं जबकि केरल में लेफ्ट गठबंधन की सरकार बनती नजर आ रही है। लेकिन देश की बड़ी राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस रुझानों में कहीं नहीं दिख रही है।

रुझान के मुताबिक़, विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को भारी नुकसान पहुंचा है। सिर्फ पुडुचेरी में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिख रही है।

नार्थ ईस्ट में पहली बार भाजपा सरकार बनाएगी। असम में मिली जीत पर भाजपा नेता राम माधव ने कहा कि उनकी पार्टी सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में सरकार बनाएगी।

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने एक बार फिर से वापसी करती दिख रही हैं। रुझानों में टीएमसी 216 सीटों पर आगे चल रही है। पिछले विधानसभआ चुनाव 2011 में टीएमसी को 184 सीटें मिली थीं, लगता है कि पार्टी इस बार इस आंकड़े को पार कर जाएगी।

इस रुझान के बाद एक ओर जहां बीजेपी खुश है वही दूसरी तरफ कांग्रेस यह नहीं तय कर पा रहा कि इस बड़ी हार का ज़िम्मेदार कौन है और किस वजह से जनता से दूर होती नज़र आ रही है पार्टी?

अपने गिरेबां में झांकें नितीश -योगी आदित्यनाथ

ब्यूरो

अपनी बयानबाज़ी को लेकर हमेशा सुर्ख़ियों में रहनेवाले योगी आदित्यनाथ ने इस बार बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार को आड़े हाथ लिया है। बीजेपी सांसद योगी आदित्यनाथ ने बिहार के सीवान में पत्रकार की हत्या मामले में टिप्पणी की है कि हर रोज बिहार में किसी न किसी वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। बिहार की जनता ने नीतीश को सुशासन के नाम पर वोट दिया था, लेकिन आज खुद बिहार कुशासन और अराजकता का प्रतीक बन चुका है। योगी ने कहा कि बिहार में सरेआम पत्रकार की हत्या शर्मनाक है।

आदित्यनाथ ने नितीश को सलाह दी है कि बिहार के मुख्यमंत्री बिहार की कानून व्यवस्था पर ध्यान दें तो बेहतर होगा। योगी ने कहा कि कुछ ही दिन पहले इनके एमएलसी के पुत्र के द्वारा एक व्यापारी के पुत्र की हत्या की गई थी और सरेआम जिस तरीके से हिंदुस्तान अखबार के एक पत्रकार की हत्या निर्ममता के साथ हुई है, वह शर्मनाक है।

गोरखपुर में आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार में घट रही बड़ी-बड़ी वरदातों का कारण पेशेवर माफिया और अपराधियों को सत्ताधारी दल से जुड़े जनप्रतिनिधियों द्वारा संरक्षण और सपोर्ट देना है। साथ ही आदित्यनाथ ने कहा कि बेहतर होता अगर दूसरों के ऊपर कीचड़ उछालने से पहले बिहार के मुख्यमंत्री खुद अपने अंदर झांककर प्रदेश की कानून व्यवस्था को दुरुस्त कर जनता को कानून के राज का एहसास कराते।