घटना झारखण्ड के जमशेदपुर की है, जहाँ एक व्यक्ति ने अपने से 20 साल बड़ी महिला से शारीरिक संबंध बनाया और बाद में जब महिला ने इस संबंध को ख़त्म करने के लिए कहा तो प्रेमी ने उसका मर्डर कर दिया,और तो और महिला की अंतिम विदाई पर भी वो शामिल हुआ और फूट-फूटकर रोया भी।
45 साल की खेमलता नाम की महिला को आरोपी विनय कुमार ऑन्टी कह कर बुलाता था। महिला के कोई संतान नहीं थी, उसने बच्चे की चाहत में विनय कुमार (20) से शारीरिक संबंध बना लिए, दोनों का यह प्रेम संबंध को 2 साल होने वाले थे मगर अभी जब महिला को संतान की प्राप्ति न हुई तो उसे अपनी गलती का एहसास हुआ, और उसने इस नाज़ायज़ सम्बन्ध को ख़त्म करने की बात की। इस बात को सुन कर विनय बेहद गुस्से में आ गया और उसकी हत्या कर दी। घटना के वक़्त महिला का पति घर में नहीं था। हत्या करने से पहले भी उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे।
हत्या के बाद महिला के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ ताकि किसी को भी उसके ऊपर शक न हो। पुलिस ने जाँच पड़ताल कर की और आरोपी को पकड़ ही लिया। लड़के में शक होने से पूछताछ के दौरान विनय से अपना जुर्म कबूल कर लिया।
दिल्ली पुलिस ने रविवार एक और आम आदमी पार्टी विधायक को महिला से छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। अमानतुल्ला खान ओखला विधानसभा क्षेत्र के एमएलए हैं। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्व) राजीव रंजन ने बताया, ‘‘दिल्ली पुलिस ने रविवार सुबह विधायक अमानतुल्ला खान को छेड़खानी और धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया है।”
राजीव रंजन ने बताया कि महिला की शिकायत पर अमानतुल्ला के उपर जामिया नगर थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (धमकी देने) और 509 (शब्दों, भावों या कार्यों से महिला का अपमान करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता ने बताया, “आरोपी उन्हें धमकी दे रहे हैं और साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रहे हैं।’’
पुलिस अधिकारी राजीव रंजन ने बताया, ‘‘पुलिस आज गिरफ्तार एमएलए को कोर्ट में पेश करेगी।” अमानतुल्ला की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके पीएम मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने एक और आप एमएलएल को गिरफ्तार करवा दिया।
भारत के एथलीट नीरज चोपड़ा ने देश का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है। नीरज ने न सिर्फ अंडर-20 जैवेलिन (भाला) फेंक प्रतियोगिता जीती, बल्कि विश्व रिकॉर्ड भी बनाया है। पोलैंड के बेडगोज में चल रही अंडर20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप (WAC) में नीरज ने 86.48 मीटर भाला फेंका जो इस कैटेगरी में नया विश्व रिकॉर्ड है।
नीरज चोपड़ा हरियाणा के पानीपत जिले के रहने वाले हैं। नीरज ने पिछले विश्व रिकॉर्ड को करीब दो मीटर के फासले से तोड़ दिया। चोपड़ा से पहले ये रिकॉर्ड लात्विया के जिगिमुंड्स सीर्यमस के नाम था, जिन्होंने 84.69 मीटर भाला फेंक कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। इसी के साथ पहली बार भारत की झोली में इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल आया है। इस रिकार्ड के साथ ही नीरज चोपड़ा किसी भी अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के किसी भी स्तर पर विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।
इस रिकार्ड पर नीरज ने कहा, “मैंने जैसे ही दूसरा थ्रो अपने हाथ से छोड़ा, मुझे महसूस हुआ कि यह स्पेशल थ्रो था। मैंने कभी यह उम्मीद नहीं की थी कि मैं 86 मीटर के आगे फेंक पाऊंगा। मैंने अपनी फिटनेस और तकनीक पर काफी मेहनत की थी। मुझे इसका रिजल्ट भी मिला।” आईएएएफ वर्ल्ड अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान नीरज ने पहले प्रयास में 79.66 मीटर का थ्रो किया था। उसके बाद उन्होंने 86.48 मीटर तक भाला फेंककर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया।
चैंपियनशिप में दूसरे स्थान पर द.अफ्रीका के जोहन रहे जिन्होंने 80.59 का थ्रो किया। नीरज ने सिर्फ चार साल की प्रैक्टिस यह मुकाम हासिल किया है। इसके पहले उन्होंने सैफ (दक्षिण एशियाई खेलों) गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था।
अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना ने वरिष्ठ अभिनेता नसीरुद्दीन शाह द्वारा अपने पिता राजेश खन्ना को ‘कमज़ोर अभिनेता’ कहे जाने पर प्रतिक्रिया दी है। ट्विंकल नसीरुद्दीन के बयान से बहुत नाराज़ हैं। उन्होंने ट्विटर के ज़रिए अपना ग़ुस्सा बयां किया है।
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी एक ख़बर के मुताबिक़ नसीरुद्दीन शाह ने राजेश खन्ना पर टिप्पणी करते हुए कहा, “राजेश खन्ना की वजह से हिंदी फ़िल्मों के स्तर में गिरावट आई और साधारण सी फ़िल्में बनने लगीं।” शाह ने राजेश खन्ना को एक कमज़ोर अभिनेता बताया। अख़बार में छपी ख़बर के मुताबिक़ नसीर ने कहा, “चूंकि राजेश खन्ना 70 के दशक के बेहद मशहूर अभिनेता थे, तो उनके साधारण अभिनय की छाप पूरे बॉलीवुड पर पड़ गई और वे सुपरहिट हीरो बन गए।”
राजेश खन्ना की बेटी ट्विंकल इस खबर से बेहद दुःखी हुईं और उन्होंने ख़बर को ये लिखते हुए रीट्वीट किया- “सर, अगर आप जीवित लोगों को सम्मान नहीं दे सकते, तो कम से कम उन लोगों का तो सम्मान कीजिए जो इस दुनिया से जा चुके हैं।” फ़िल्मकार करण जौहर ने भी ट्विंकल खन्ना की बात से सहमति जताई और कहा, “नसीर की वरिष्ठता का मैं सम्मान करता हूं लेकिन इंडस्ट्री के एक सदस्य के बारे में ऐसा बयान गलत है।”
ट्विटर पर जहाँ कई लोगों ने नसीरुद्दीन शाह के इस बयान की आलोचना करते हुए लिखा- “नसीर, ख़ुद लोकप्रियता के उस मुक़ाम तक नहीं पहुंच पाए जो राजेश खन्ना ने छुआ। ऐसे में उनका ये बयान निंदनीय है।” वहीं कई लोगों ने उनका समर्थन भी किया और लिखा, “नसीरुद्दीन शाह किसी परिचय के मोहताज़ नहीं हैं। वो एक बेहतरीन अभिनेता हैं और ये उनकी अभिव्यक्ति की आज़ादी है।”
विश्वविख्यात आधुनिक भारतीय चित्रकार सैयद हैदर रज़ा भारत (94) का शनिवार सुबह 11 बजे निधन हो गया। एस.एच.रज़ा भारत के तीन सर्वोच सम्मान पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री से सम्मानित थे। रज़ा पिछले दो महीनों से बुढ़ापे से संबंधित बीमारियों के चलते जीवन के साथ संघर्ष कर रहे थे और एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। रज़ा की इच्छानुसार उनका अंतिम संस्कार मध्यप्रदेश के मांडला में किया जाएगा।
दुनियाभर की प्रदर्शनियों को अपनी कला से सुशोभित करनेवाले रज़ा के रज़ा का जन्म 22 फरवरी 1922 को मध्यप्रदेश के मांडला जिले में हुआ था। रज़ा प्रोगेसिव आर्ट मूवमेंट का हिस्सा थे और इस समूह में वे सभी आर्टिस्ट थे जो भारतीय कला को विश्व पटल पर लेकर आए चाहे वो हुसैन हों, तैय्यब मेहता हों, सूज़ा हों या फिर अकबर पदमसी हों। रज़ा पचास के दशक में पेरिस चले गए और फिर वहीं रहे। लंबे समय तक उन्होंने वहीं काम किया। यूं तो रज़ा ने अलग अलग विषयों पर कई पेंटिंग्स की हैं लेकिन बिंदु पर आधारित उनके चित्रों को दुनिया भर में सराहा और पसंद किया गया। चित्रों पर हिंदी के वाक्य लिखने की शुरुआत भी शायद रज़ा ने ही की थी। कुछ साल पहले ही वे भारत लौटे थे।
रज़ा की ज्यादातर पेंटिंग तेल या एक्रेलिक में बनी हैं। उन्हें 1981 में कला क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री और ललित कला अकादमी की रत्न सदस्यता जैसे सम्मान मिले थे। 2007 में उन्हें पद्मभूषण मिला। 2013 में भारत का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्मविभूषण मिला था। विश्व भर में उनका नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं था। जून 2010 उनकी एक पेंटिंग 16.42 करोड़ में बिकी थीं जो खासी चर्चा में रही। वह 1983 में ललित कला अकादमी के फैलो निर्वाचित हुए थे।
पिछले वर्ष रज़ा को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द लीजन ऑफ ऑनर’ से नवाजा गया था। उन्हें यह सम्मान उनकी लाजवाब उपलब्धियों के लिए दिया गया था। इस सम्मान की शुरुआत 1802 में नेपोलियन बोनापार्ट ने की थी और यह पुरस्कार फ्रांस के लिए उत्कृष्ट सेवा के लिए दिया जाता है, चाहे जो भी नागरिकता हो।
उनके घनिष्ठ मित्र कवि अशोक वाजपेयी ने उनके निधन की सूचना दी। अशोक वाजपेयी ने रज़ा के अद्भुत जीवन व कला को शब्दों में पिरोया है – “A Life in Art- RAZA” के रूप में। उनके निधन की इस ख़बर ने कला की दुनिया को शोकाकुल कर दिया है।
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र से 100 से अधिक मुस्लिम युवा लापता हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि ये लड़के आतंकी संगठन आईएसआईएस में शामिल हो गए हैं। शिवसेना के विधायक राहुल पाटिल ने शुक्रवार को विधानसभा में ऐसा दावा भी किया था। पाटिल का आरोप है कि असदुद्दीन ओवैसी की अगुवाई वाली पार्टी आईएसआईएस का समर्थन करती है।इसलिए उन्होंने इस पार्टी की मान्यता भी समाप्त करने की मांग की।
पाटिल ने इस मामले में अपनी बात रखते हुए स्पष्ट किया कि मराठवाड़ा में परभनी से हाल ही में एक युवक की गिरफ्तारी हुई, जिसके तार कथित रूप से आईएसआईएस से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि यहां तक कि पुलिस को लगता है कि लापता हुए ये युवा आईएसआईएस में शामिल होने के लिए निकल गए हैं।
एआईएमआईएम के विधायक वारिस पठान ने पाटिल के इस आरोप को खारिज किया, पठान ने कहा कि हम हमेशा से ऐसे आतंकी संगठन का विरोध करते रहे हैं। पार्टी पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।’
भारत ने चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के तीन पत्रकारों का वीज़ा न बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिससे अब इन पत्रकारों को हिंदुस्तान छोड़कर जाना पड़ेगा। कहा ऐसा भी जा रहा है कि भारत के इस कदम से दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव और बढ़ सकता है। तीनों पत्रकारों को 31 जुलाई तक भारत छोड़ने को कहा गया है। ये समाचार एजेंसी शिन्हुआ के लिए नई दिल्ली और मुंबई में कार्यरत हैं।
जानकारी के मुताबिक़, तीनों पत्रकारों की वीजा अवधि न बढ़ाने का कोई कारण सरकार की ओर से नहीं बताया गया है। यह फैसला ऐसे वक्त आया है, जब मसूद अजहर और उसके बाद एनएसजी पर चीन के अड़ंगे से दोनों देशों के बीच तनाव गहरा गया है।
गौरतलब है कि सरकारी नीति के मुखर आलोचक विदेशी पत्रकारों की वीजा अवधि न बढ़ाना, उन्हें देश से निकालने की एक आम प्रक्रिया समझी जाती है। दिसंबर में चीन ने उसके अशांत प्रांत शिनजियांग में उठाए गए कदमों की आलोचना करने पर एक फ्रांसीसी पत्रकार को निकाल दिया था। तीन चीनी पत्रकारों में से एक वु कियांग नई दिल्ली ब्यूरो में सात साल से काम कर रहे थे।
कांग्रेस महासचिव और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज एक चौंकाने वाला दावा किया है। दिग्विजय सिंह ने आज ट्वीट कर बताया कि उन्हें और उनके परिवार को केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा जारी की गई बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) की सूची में शामिल किया गया है।
दिग्विजय ने कहा, “यह मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ साजिश है। हम आयकर भरते हैं। फिर भी मध्यप्रदेश सरकार (जीओएमपी) और भारत सरकार (जीओआई) ने मेरा नाम, मेरे बेटे व मेरे भाई का नाम ग़रीबी रेखा से नीचे वाली सूची में डाल दिया।” दिग्विजय ने आज सुबह गोवा में होने वाली स्थानीय कांग्रेस इकाई की समन्वय समिति की बैठक के लिए जाने से पूर्व इस मुद्दे पर ट्वीट किया।
सिंह ने बताया, ” न ही हमने बीपीएल के लिए आवेदन किया है और न ही इसके तहत कोई लाभ लिया है। ” सिंह ने आगे लिखा, “इसके लिए जो भी जिम्मेदार है, उसे माफी मांगनी चाहिए और उसपर कार्रवाई की जानी चाहिए।”
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक राघौगढ़ की गैस एजेंसी को नए कनेक्शन देने के लिए ग़रीबों की जो सरकारी सूची मिली है उसमें दिग्विजय सिंह और उनके परिवार के अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं। इस सूची में शामिल परिवारों को कई रियायतें और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के ‘नापाक सपने’ को तोड़ने वाला सटीक जवाब दिया है। सुषमा स्वराज ने शनिवार को कहा कि कश्मीर के पाकिस्तान का हिस्सा बनने का नवाज का सपना क़यामत तक पूरा नहीं होगा। विदेश मंत्री ने कहा कि नवाज के बयान से यह साफ हो गया है कि पाकिस्तान कश्मीर में अस्थिरता के लिए लगातार अपनी ‘ना-पाक’ कोशिशें कर रहा है।
सुषमा ने कहा, “बुरहान वानी कुख्यात आतंकवादी था। पाकिस्तान उसकी मौत का मातम मन रहा है। पाकिस्तान ने कश्मीर के लिए कभी दुआएं नहीं की हैं, उसने केवल हिंसा और आतंकवाद को प्रायोजित किया है। नवाज के बयान से साफ है कि वह कश्मीर में अस्थिरता पैदा करना चाहते हैं। कश्मीर के पाक का हिस्सा होने का नवाज का सपना कयामत तक पूरा नहीं होगा। “
गौरतलब है कि पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ ने शुक्रवार को एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि उन्हें उस दिन का बेसब्री से इंतज़ार है, जब कश्मीर पाकिस्तान का हिस्सा बनेगा।
मयूर विहार इलाके के ‘समाचार अपार्टमेंट’ में 20 जुलाई को हुई 70 साल के बुजुर्ग की हत्या का मामला सुलझ गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस हत्या के पीछे ब्लैकमेलिंग व शारीरिक शोषण का गम्भीर मामला है। मामले में पुलिस ने पालम इलाके से एक लड़की को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जिस लड़की को गिरफ्तार किया है, उसने हत्या की बात क़बूल भी कर ली है।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार आरोपी लड़की स्नातक है और एसएससी की तैयारी कर रही थी। लड़की गत दो वर्षों से आरोपी बुजुर्ग के संपर्क में थी। उसने बुजुर्ग से नौकरी के लिए संपर्क किया था। लड़की ने बताया कि जब वह मुखर्जी नगर में रहती थी, तब एक महिला ने विजय नाम के बुजुर्ग से नौकरी के लिए मुलाकात करवाई थी। बुजुर्ग सीजीएचएस में प्रशासनिक अधिकारी था। उसका संपर्क क्षेत्र भी व्यापक था। इसलिए लड़की ने सोचा कि वह उसे नौकरी दिला सकेगा। लेकिन बुज़ुर्ग की नीयत कुछ और ही थी।
बुजुर्ग विजय ने अपना नाम लड़की को प्रदीप बता रखा था। जानकारी के अनुसार वह लड़की को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। वह उसे तभी घर पर बुलाता था, जब वह अकेला होता था। उसने 2 साल में लड़की को अपने फ्लैट पर सात बार बुलाया।
चाकू से लड़की ने किए 6 बार हमले-
हादसे के दिन लड़की सुबह ही बुजुर्ग के घर आ गयी थी। उस दिन लड़की ने कॉलोनी में फर्जी नाम से इंट्री की। लड़की ने पुलिस को बताया है कि बुजुर्ग ने उसे धमकी देकर कहा था कि तू जब तक जिंदा है, तब तक तू वही करेगी जो मैं कह रहा हूं, जिस पर लड़की ने कहा था कि तेरा जिंदा रहना ही ठीक नहीं है। उसके बाद उसने सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और विजय पर बार-बार कुल छह बार हमला किया।
लड़की ने पुलिस को यह भी बताया है कि दो अन्य बुजुर्गों ने विजय के साथ मिलकर उसके हाथ पैर बांधकर उसके साथ गैंगरेप भी किया था। बुजुर्ग ने लड़की के अश्लील वीडियो बना लिए थे और उसी के आधार पर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। लड़की को बार-बार बुलाकर वह अपनी मनमानी करता था। पुलिस अभी बाकी दो बुजुर्गों की तलाश कर रही है।
गौरतलब हो कि यह घटना बीते बुधवार की है जब मयूर विहार के समाचार अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 129 में विजय कुमार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गयी थी। यूपी के बस्ती से दिल्ली पहुंची इस आरोपी लड़की ने इसी साल जनवरी में शादी भी कर ली थी। लड़की के पति को इस ब्लैकमेलिंग के बारे में कुछ नहीं पता था।