28.1 C
Mumbai
Thursday, August 6, 2026
Home Blog Page 1182

पाकिस्तान: दो हिंदुओं को सरेआम मारी गोली

ब्यूरो,

सिंध प्रांत में कुरान के कथित अपमान और दो हिंदू युवको की हत्या के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया है। गोली लगने से एक शख्स की मौत हो गई है, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

घोटकी जिले में मंगलवार को कुरान के कथित अपमान के आरोप में पुलिस ने एक हिंदू को गिरफ्तार किया। इसके बाद बुधवार को मीरपुर मठेलो शहर में लोगों की भीड़ ने चाय की दुकान पर बैठे दो हिंदू युवकों को गोली मार दी।

इस घटना में 17 साल के सतीश कुमार की मौत हो गई जबकि उसके दोस्त अविनाश की हालत गंभीर है।

माया से दो और बसपा नेताओं का मोहभंग

अब्दुल फ़हद,

उत्तर प्रदेश विधानसभा में विरोधी दल के नेता रहे स्वामी प्रसाद मौर्य और वरिष्ठ नेता आर के चौधरी के बाद आज दो और विधायकों ने बगावत कर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को करारा झटका दिया।

बगावत करने वाले विधायक रोमी साहनी और ब्रजेश वर्मा ने पार्टी अध्यक्ष मायावती पर पैसे लेकर टिकट देने के गंभीर आरोप भी लगाये। दोनों विधायकों ने दयाशंकर सिंह के परिजनों के सम्बन्ध में की गई बसपा नेताओं की टिप्पणी को भी गलत बताया। रोमी साहनी का आरोप है कि बसपा अध्यक्ष ने उनसे टिकट के बदले रुपये की मांग की थी।

दोनो विधायकों ने यहां सवांददाताओं से कहा कि पैसे लेकर टिकट देने की शुरु की गयी परम्परा से बसपा का नुकसान तय है। उन जैसे कई और विधायक बगावत करने वाले हैं। इन दो विधायकों द्वारा मायावती का दामन छोड़ने के बाद सियासी गलियारे में एक बार फिर हलचल मची है। पहले ही कई वरिष्ठ नेताओं के पार्टी से अलग होने से बसपा नेतृत्व गड़बड़ाता हुआ दिखा है।

दुबई से कोच्चि आ रही फ्लाइट में लगे ISIS के नारे, मुम्बई में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

शिखा पाण्डेय, 
दुबई से कोच्चि आ रही फ्लाइट में दो व्यक्तियों के ISIS के समर्थन में नारे लगाए जाने की वजह से फ्लाइट की मुम्बई में ही इमरजेंसी लैंडिंग करानी पडी। फ्लाइट कोच्चि की ओर जा रही थी, तभी दो यात्रियों ने ज़ोर ज़ोर से नारे लगाने शुरू कर दिए, आतंकी समूह ISIS के समर्थन में लगाए जा रहे नारे की वजह से यात्री और क्रू मेंबर्स घबराए गए। आनन-फानन में अधिकारियों ने फ्लाइट को मुम्बई में ही उतारने के आदेश दिए।
गुरुवार सुबह दुबई से कोच्चि आ रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। दरअसल दो यात्रियों ने ISIS के समर्थन में नारे लगाकर सबको सदमे में डाल दिया। क्रू मेंबर्स ने मामले को नियंत्रित करते हुए अधिकारियों को सूचित किया, तो उन्होंने मुम्बई में ही इमरजेंसी लैंडिंग का आदेश दिया। फ्लाइट से उतरने के बाद ही दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया गया।
इस मामले में मुम्बई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों यात्रियों को हिरासत में लिया गया है। फ्लाइट के अन्य यात्रियों और क्रू मेंबर्स के बयान के आधार पर दोनों के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया गया है। नारे लगाने वाला एक व्यक्ति मानसिक रूप से असंतुलित बताया जा रहा है। हालाँकि पुलिस इस मामले की जांच में लगी हुई है कि नारे लगाने वाला व्यक्ति मानसिक रूप से असंतुलित है या नहीं!

इलाहाबाद विवि. : छात्रसंघ चुनाव में होगा ईवीएम मशीनों का प्रयोग, छात्रों में उत्साह

अनुज हनुमत,

देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक इलाहाबाद विश्वविद्यालय इस वर्ष लम्बे अर्से के बाद कई नए अनुभवों से गुजरेगा। पहला बड़ा प्रयोग तो छात्र संघ चुनाव से होने जा रहा है। दरअसल विश्वविद्यालय प्रशासन की मानें, तो इस बार छात्र संघ चुनाव के दौरान वोट डालने के लिए ईवीएम मशीनों का प्रयोग किया जायेगा।

यदि इलाहाबाद विवि में छात्रसंघ के चुनाव में ईवीएम का प्रयोग होता है तो यह देश का इकलौता ऐसा विश्वविद्यालय होगा, जहाँ छात्र संघ चुनाव के दौरान ईवीएम मशीनों का प्रयोग किया जायेगा।

विश्वविद्यालय के इस नवीन प्रयोग से छात्र संघ चुनाव की प्रासंगिकता फिर से बढ़ सकती है और चुनावों के बाद आने वाले परिणामों की पारदर्शिता में भी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है। छात्र संघ चुनावों में होने जा रहे इस नए बदलाव को लेकर छात्र नेताओं में मिली जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। लेकिन छात्रों में जबरदस्त उत्साह है।

इसी वर्ष विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षांत समारोह कराने का भी निर्णय लिया है। निःसन्देह ये एक अच्छी खबर है। इन दो बड़े फैसलों से इतर विश्वविद्यालय कैम्पस में आने वाले छात्र संघ चुनावों को लेकर भी जबरदस्त उत्साह है।

पिछले सत्र में पूरे वर्ष विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र संघ के बीच जमकर विवाद चला, जो अभी तक नहीं टला है। लेकिन नए छात्र संघ चुनाव की तारीख़ आते ही सभी को अब आशा है कि इस सत्र में ऐसा कुछ नहीं होगा। सबसे अच्छी बात ये है कि इस बार छात्र भी ऐसे नेताओं को चुनना चाहते हैं, जो वास्तव में छात्र हितों की लड़ाई लडें न कि अपने निजी हितों के लिए परेशान रहें।

चीनी अतिक्रमण को गंभीरता से लेने की आवश्यकता -मणिशंकर अय्यर

उत्तराखण्ड के चमोली ज़िले में चीनी सैनिकों की घुसपैठ को लेकर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मणिशंकर अय्यर ने स्पष्ट किया कि देशवासियों को इससे घबराना नहीं चाहिए। बंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि चीनी सैनिकों के अतिक्रमण को केंद्र सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए।

बंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने कहा कि चीनी सैनकों के इस कृत्य से देश को घबराने की आवश्यकता नहीं है। यह चीनी सैनिकों का पुराना इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि हमें ज़मीनी, राजनीतिक और कूटनीतिक स्तर पर भी इनसे निपटने की आवश्यकता है।

खबरों के अनुसार चीन के सैनिकों ने 19 जुलाई को चमोली के बारहोटी इलाके में भारतीय सीमा में घुसपैठ की थी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस घटनाक्रम को चिंता व्यक्त की और कहा कि इस सम्बन्ध में उन्होंने केंद्र सरकार से आवश्यक कदम उठाए जाने का आग्रह किया है। उन्होंने अपने एक वक्तव्य में कहा कि केंद्र को सारी जानकारी दी जा चुकी हैं। हम अपेक्षा करते हैं कि केंद्र सुरक्षा बढ़ाने के आग्रह पर जल्द संज्ञान लेगा।

पाक का ‘नापाक चेहरा’ आया सामने, आतंकी भेज भारत में फैलाना चाहता था दहशत

अमित द्विवेदी,

हमेशा कश्मीर का राग अलापने वाले पाकिस्तान की कलई एक बार फिर खुल गई। दरअसल कारगिल दिवस पर भारतीय सेना के जवानों के साथ हुई मुठभेड़ में ज़िंदा पकड़ा गया आतंकवादी बहादुर अली ने यह बात स्वीकार ली है कि वह पाकिस्तानी है और लश्कर ने उन सभी को भारत में दहशत फैलाने के लिए भेजा था।

आतंकी बहादुर अली और भी कई खुलासे किए। कई जांच एजेंसियां अली से सच उगलवाने में लगी हैं। अली से इस समय एनआईए पूछताछ में लगी है। उसने बताया कि वह पाकिस्तान का है और आतंक फैलाने का प्रशिक्षण भी उसे पाकिस्तान में ही मिला है।

गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में घुसपैठ के दौरान भारतीय सेना के जवानों ने 4 आतंकवादियों को ढेर कर दिया था और एक आतंकी बहादुर अली ज़िंदा पकड़ा गया था। जांच एजेंसी एनआईए ने आतंकी का कबूलनामा मोबाइल में रिकॉर्ड किया है।

कारगिल विजय दिवस के मौके पर ये पाँचों आतंकी भारत में प्रवेश करने की फ़िराक में थे कि जवानों ने इनके छक्के छुड़ा दिए। ज़िंदा आतंकी बहादुर अली लाहौर का रहने वाला है। ये सभी आतंकी लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य थे। फिलहाल जांच एजेंसियां इनके नापाक इरादों को जानने के लिए पूछताछ कर रही हैं।

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन में अब तक 64 की मौत

अब्दुल फ़हद, 
नेपाल में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण हुई तबाही में मारने वालों की संख्या लगभग 64 हो गई है और कई अन्य लापता हैं, जबकि हजारों की संख्या में लोगों के विस्थापन की खबर है।
देश के विभिन्न भागों में कई मकान और पुल बह गए हैं। बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और जलस्तर खतरे के निशान से उपर बहने के कारण भीषण बाढ़ की आशंका है। स्थानीय लोगों में बाढ़ की तबाही को लेकर काफी डर है। पुलिस ने कहा है कि पिछले दो दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में कम-से-कम 54 लोगों की मौत हुई है।
हजारों की संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं और सैकड़ों मकानों में पानी भर गया है। आवासीय क्षेत्रों में बाढ़ का पानी भर गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों में बड़ी संख्या में भूकंप से प्रभावित लोग हैं। ये लोग भूकंप में क्षतिग्रस्त हुए मकानों की मरम्मत कर उनमें रह रहे थे। देश के 14 जिले इस प्राकृतिक आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं और प्यूथान में हालात सबसे खराब हैं। वहां कम से कम 26 लोगों की मौत हुई है।
पिछली बार आए भूकंप में क्षतिग्रस्त हुए लोग जो मकानों की मरम्मत करके रहते थे, इस बार की आपदा में ऐसे लोगों की जान ज़्यादा गई है। पिछले साल आए विनाशकारी भूकंप के बाद अब भी हजारों की संख्या में लोग तंबुओं में रह रहे हैं। उस भूंकप में करीब 9,000 लोगों की मौत हुई थी।

जीएसटी बिल: केंद्र सरकार ने कांग्रेस की मांगें मानी, 1% अतिरिक्त कर हटाया

अब्दुल फ़हद,

मोदी सरकार ने वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) संविधान संशोधन विधेयक में कुछ प्रमुख बदलावों को बुधवार को मंजूरी दे दी। राज्यों को एक प्रतिशत अतिरिक्त विनिर्माण कर लगाने संबंधी प्रावधान हटा लिया गया है। इसके साथ ही जीएसटी अमल में आने के पहले पांच साल के दौरान राज्यों को राजस्व नुकसान की भरपाई की गारंटी पर भी मंत्रिमंडल ने मुहर लगा दी है। विधेयक में एक प्रतिशत अंतर-राज्यीय कर को समाप्त कर सरकार ने विपक्षी दल कांग्रेस की तीन में से एक प्रमुख मांग को मान लिया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में यहां हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में ये निर्णय लिये गए। जीएसटी संविधान संशोधन विधेयक में यह भी प्रावधान किया जायेगा कि जीएसटी लागू होने पर केन्द्र और राज्यों के बीच विवाद की सूरत में जीएसटी परिषद में मामला जायेगा और वही फैसला करेगी। इस परिषद में केन्द्र और राज्य दोनों के प्रतिनिधि होंगे। जीएसटी विधेयक में किये गये इन बदलावों पर राज्यों की सहमति होने और विधेयक में इन संशोधनों पर केन्द्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद सरकार को लंबे समय से अटके पड़े जीएसटी विधेयक के राज्यसभा में पारित होने की उम्मीद है।

मंत्रिमंडल ने जिन संशोधन को मंजूर किया है, उसके मुताबिक केन्द्र सरकार राज्यों को संविधान के तहत पहले पांच साल तक राजस्व में यदि नुकसान होता है, तो उसकी भरपाई की गारंटी होगी। विधेयक में एक प्रतिशत अंतर-राज्यीय कर को समाप्त कर सरकार ने विपक्षी दल कांग्रेस की तीन में से एक प्रमुख मांग को मान लिया है।

कांग्रेस के विरोध की वजह से ही जीएसटी विधेयक राज्यसभा में अटका हुआ है। बहरहाल कांग्रेस की दो अन्य प्रमुख मांगों पर कोई पहल नहीं हुई है। कांग्रेस की मांग है कि जीएसटी की अधिकतम दर का संविधान में उल्लेख किया जाये और कर विवाद का निपटारा सुप्रीम कोर्ट के न्यायधीश की अध्यक्षता वाली संस्था करे। कहा जा रहा है कि जीएसटी दर का उल्लेख जीएसटी संविधान संशोधन विधेयक के बाद आने वाले जीएसटी के दो अन्य विधेयकों में किया जा सकता है।

गांधी की हत्या को लेकर राज्यसभा में हंगामा, स्वामी को नेहरू पर शक

अब्दुल फ़हद

संसद के मानसून सत्र में महात्मा गांधी की हत्या का मुद्दा गूंज रहा है। भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने महात्मा गांधी की हत्या का मामला राज्यसभा में उठाया।

स्वामी ने तत्कालीन नेहरू सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने महात्मा गांधी के पोस्टमार्टम की कोई जानकारी नहीं होने को लेकर आश्चर्य व्यक्त किया और कहा कि गांधी को आरएसएस ने नहीं अंग्रेजों ने मारा था। स्वामी ने राज्यसभा में महात्मा गांधी की हत्या का मुद्दा उठाते हुए तीन सवाल किए।

उन्होंने पूछा, “गांधी जी पर कितने बुलेट फायर हुए, इसके बारे में किसी को जानकारी नहीं है? उनके पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम क्यों नहीं हुआ, इसकी जानकारी नहीं है? और जब गोली लगी थी तो गांधीजी को अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया और फिर बिरला हाउस में क्यों रखा गया?” स्वामी ने कहा कि वे 15 अगस्त के बाद एक प्रेस कॉनफ्रेंस करेंगे और महात्मा गांधी की हत्या पर चौंकाने वाले तथ्य सामने रखेंगे।

स्वामी ने कहा कि, ‘हमारे पास सरदार पटेल की एक चिट्ठी है, जिसमें पटेल ने जवाहर लाल नेहरू को लिखा था कि गांधी की हत्या में संघ का हाथ नहीं है।’

विश्व में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले टॉप 5 हस्तियों में रोनाल्डो शामिल

अब्दुल फ़हद,

पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 हस्तियों में शामिल किया गया है। फोर्ब्स की सूची के अनुसार रोनाल्डो प्रतिवर्ष वेन और प्रायोजन के जरिए 88 मिलियन डॉलर (590 करोड़ रुपए) कमाई के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर है।

रोनाल्डो की अगुआई में पुर्तगाल ने हाल ही में फ्रांस को हराकर, यूरो कप फुटबॉल स्पर्धा के खिताब पर कब्जा जमाया था। वे इस सूची में अमेरिकी टेलीविजन स्टार फिल मैक्ग्रॉ के बराबर है। रीयल मैड्रिड के स्टार फुटबॉलर रोनाल्डो वेतन के रूप में प्रतिवष 550 लाख डॉलर कमाते है, जबकि प्रायोजन से उन्हें शेष राशि प्राप्त होती है।

बार्सिलोना के सुपर स्टार लियोनेल मैसी 81 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ इस सूची में आठवें तथा फुटबॉलरों में दूसरे क्रम पर काबिज है। महान बास्केटबॉल खिलाड़ी लीब्रॉन जेम्स 77 मिलियन की कमाई के साथ तीसरे सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी हैं।

म्यूजिशियन टेलर स्विफ्ट 170 मिलियन डॉलर (1140 करोड़ रुपए) की वार्षिक कमाई के साथ इस मामले में पहले स्थान पर है। इनके बाद ब्रिटिश बैंड वन डायरेक्शन (110 मिलियन डॉलर – 737 करोड़ रुपए से अधिक) दूसरे और अमेरिकी लेखक जेम्स पैटरसन (95 मिलियन डॉलर – 637 करोड़ रुपए) तीसरे स्थान पर है।