अभिनेता-गायक आयुष्मान खुराना को यह बात बहुत हताश करने वाली लगती है कि भारत में बहुत प्रतिभाशाली होने के बावजूद संगीतकारों को बॉलीवुड के अभिनेताओं के बराबर नहीं माना जाता है।
‘‘विकी डोनर’’ के 31 वर्षीय अभिनेता का मानना है कि पश्चिम की तरह भारत में भी कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए स्वतंत्र संगीत को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
आयुष्मान ने कहा, ‘‘यह बहुत हताश करने वाली बात है कि अभिनेताओं का दर्जा संगीतकारों से ऊपर है। उन्हें उनका उचित स्थान मिलना चाहिए और उन्हें अभिनेताओं से ऊपर नहीं तो उनके बराबर माना जाना ही चाहिए।’’
औरंगाबाद आर्म्स केस में मंगलवार को मुम्बई की मकोका अदालत ने सजा का ऐलान कर दिया। इसमें अबु जुंदाल समेत 7 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। जबकि 2 दोषियों को 14 साल और तीन दोषियों को 8 साल की सज़ा सुनाई गई।
जुंदाल को कोर्ट ने गैरकानूनी गतिविधि कानून, विस्फोटक कानून, विस्फोटक पदार्थ कानून और भारतीय दंड संहिता के तहत दोषी ठहराया, जबकि अन्य को विभिन्न मामलों में दोषी ठहराया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दोषी पाये गए 12 व्यक्तियों में से एक फैजल अताउर रहमान शेख है, जिसे 11 जुलाई 2006 के मुम्बई लोकल में हुए बम विस्फोट मामले में मौत की सजा सुनायी गई है। छह व्यक्तियों को मामले में वांछित दिखाया गया है।
गौरतलब है कि एटीएस द्वारा औरंगाबाद के पास हथियारों का बड़ा जखीर बरामद किये जाने के 10 साल बाद एक स्पेशल कोर्ट ने पिछले दिनों अबु जुंदाल और 11 अन्य को दोषी करार दिया था, लेकिन उनके खिलाफ कड़ा मकोका आरोप हटा दिया।
डोपिंग के आरोपों से बरी होने के बाद पहलवान नरसिंह यादव ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। नरसिंह ने बताया कि पीएम ने उन्हें आशीर्वाद दिया है और कहा है कि अच्छा करिये। नरसिंह ने आगे कहा कि पीएम ने भरोसा दिलाया है कि मेरे साथ कभी अन्याय नहीं होगा।
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद नरसिंह यादव के ओलिंपिक जाने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। नरसिंह ने मुलाकात के बाद कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि वह रियो जाएंगे और देश के लिए ओलिंपिक मेडल जीतेंगे। सोमवार को जब नरसिंह यादव को नाडा ने डोपिंग के मामले से बरी किया, तब उन्होंने पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया था।
नरसिंह ने पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा था, ‘सच्चाई को सामने लाने के लिए मैं प्रधानमंत्री और कुश्ती संघ का शुक्रिया अदा करता हूं। यह मेरे लिए बहुत ही कठिन वक्त था लेकिन आखिर मैं निर्दोष साबित हुआ।’
पहलवान नरसिंह ने इसके अलावा मीडिया को भी शुक्रिया कहा था। उनका कहना था, ‘मीडिया ने अब तक किसी भी खिलाड़ी का इस तरह सपोर्ट नहीं किया लेकिन मीडिया ने मेरा सपोर्ट किया। इसके लिए मैं मीडिया का शुक्रिया अदा करता हूं।’
नई दिल्ली। जमात-उद-दावा के सरगना हाफिज सईद की चेतावनी के मद्देनजर पाकिस्तान सरकार ने भारतीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को राष्ट्रपति स्तर की सुरक्षा देने की बात कही है। राजनाथ सिंह 3-4 अगस्त को सार्क देशों के गृह मंत्रियों की बैठक के लिए इस्लामाबाद पहुंच रहे हैं।
यदि गृहमंत्री राजनाथ सिंह को राष्ट्रपति स्तर की सुरक्षा रहती है, तो इसका मतलब है कि तकरीबन 200 सुरक्षाकर्मियों का दस्ता उनके साथ रहेगा, जिसमें पाकिस्तान की स्पेशल फोर्स के कमांडो भी शामिल रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, राजनाथ की सुरक्षा को लेकर एक बैठक हुई, जिसमें खुद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ शामिल थे।
नवाज की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार अली खान, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नासिर खान जंजुआ, आईएसआई डीजी रिटायर्ड जनरल रिजवान अख्तर, इंटेलिजेंस ब्यूरो डीजी आफताब सुल्तान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
गौरतलब है कि सईद ने एक बयान में कहा था कि मैं पाकिस्तान सरकार से कहना चाहता हूं कि बेगुनाह कश्मीरियों की मौत के लिए जिम्मेदार राजनाथ का स्वागत करके वह कश्मीरियों के जख्मों का अपमान करेंगे। जिसके बाद ही सम्मलेन को लेकर कई तरह की बातें शुरू हो गईं। हालांकि इस मामले में गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू ने स्पष्ट कर दिया था कि गृहमंत्री राजनाथ सिंह अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सार्क सम्मलेन में पाकिस्तान पहुंचेंगे।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में ट्रेकिंग के दीवाने एक शख्स ने अनूठे ढंग से शादी रचा कर सबको हैरान कर दिया है। यहां एक जोड़े ने हवा में लटक कर अपनी शादी रचाई है।
कोल्हापुर में रहने वाले जयदीप और रेश्मा ने हवा में लटक कर एक दूसरे शादी की है। इतना ही नहीं शादी कराने वाले पंडित ने भी हवा में रोपवे से लटक कर दोनों की शादी कराई। इस शादी में हिस्सा लेने करीब 100 बराती पहुंचे थे।
पावनखिंड में जमीन से 90 मीटर फुट ऊंचे लोहे के तार पर न तो शादी का मंडप लगा था न अग्निकुंड, लेकिन जयदीप और रेश्मा ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और साथ शादी के बंधन में बंधे।
जयदीप जाधव वेस्टर्न माउटेन स्पोर्ट्स और हिल राइडर्स एंड हाइकर्स के मेम्बर हैं। वे पिछले 17 साल से ट्रैकिंग कर रहे हैं। पारोई की रहने वाली दुल्हन रेशमा भी एक ट्रैकर है और दोनों ने मिलकर कई पहाड़ियों पर ट्रैकिंग की है।
सरकार ने सोमवार को कहा कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह दक्षेस देशों के गृह मंत्रियों के सम्मेलन में भाग लेने के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही पाकिस्तान जाएंगे। गृहमंत्री के पाक दौरे में हिजबुल प्रमुख सैय्यद सलाहुद्दीन तथा जमात उद दावा के प्रमुख हाफिज सईद की धमकी के बावजूद कोई बदलाव नहीं किया गया है।
गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू ने संवाददाताओं को बताया, “दक्षेस सम्मेलन एक बहुपक्षीय बैठक है। गृहमंत्री कोई अलग संदेश अथवा पाकिस्तान के गृह मंत्री के साथ अलग से कोई बैठक नहीं करने वाले हैं।” रिजिजू ने गृहमंत्री की यात्रा को लेकर जमात उद दावा के प्रमुख हाफिज सईद द्वारा दी गई धमकी के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में यह बातें कहीं।
गौरतलब है कि सईद ने धमकी दी थी कि अगर सिंह दक्षेस मंत्रीस्तरीय बैठक में शिरकत करने इस्लामाबाद आएंगे तो उनका संगठन देशभर में इसका विरोध करेगा। सईद ने एक बयान में कहा, “मैं पाकिस्तान सरकार से कहना चाहता हूं कि बेगुनाह कश्मीरियों की मौत के लिए जिम्मेदार राजनाथ का स्वागत करके वह कश्मीरियों के जख्मों का अपमान करेंगे।”
इसके अतिरिक्त हिजबुल मुजाहिद्दीन के प्रमुख सैय्यद सलाहुद्दीन ने एक रैली में सिंह को रोके जाने की धमकी दी थी। रैली में सैय्यद सलाहुद्दीन ने राजनाथ पर कश्मीर में सेना तैनात करके मासूमों का खून बहाए जाने का आरोप लगाया। हालांकि सूत्रों के मुताबिक मेज़बान देश ने गृहमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी ली है। सलाहुद्दीन ने पाकिस्तान सरकार को राजनाथ का स्वागत किए जाने के खिलाफ आगाह किया। इस मामले में पाकिस्तान सरकार की ओर से कोई बयान नहीं आया है।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने यह जानकारी दी है कि सब्सिडी पर मिलने वाला घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 1.93 रूपये महंगा हो गया है। केरोसिन के दाम भी 25 पैसे लीटर बढ़ाये गये हैं। सरकार पेट्रोलियम पदार्थों की सब्सिडी को कम करने के लिए अब हर महीने इनके दाम में धीमी वृद्धि कर रही है।
सब्सिडीयुक्त 14.2 किलो का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर दिल्ली में अब 423.09 रूपये का मिलेगा। इससे पहले एक जुलाई को भी घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का दाम 1.98 रूपये बढ़ाया गया था। सरकार ने घरेलू रसोई गैस और मिट्टी तेल से सब्सिडी को समाप्त करने के लिये हाल ही में यह तरीका अपनाया है।
सरकार की पेट्रोलियम पदार्थों के दाम धीरे-धीरे बढ़ाकर सब्सिडी को समाप्त करने की योजना है। आपको बता दें कि डीजल के दाम नवंबर 2014 में नियंत्रण मुक्त कर दिये गये थे। केन्द्र की पिछली संप्रग सरकार ने इसके दाम हर महीने 50 पैसे लीटर बढ़ाने शुरू किये थे। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर में अब हर महीने दो रूपये की वृद्धि इसी दिशा में उठाया गया कदम है। मिट्टी तेल के दाम में भी सरकार ने तेल कंपनियों को हर महीने 25 पैसे वृद्धि करने की अनुमति दी है। कंपनियां 10 महीने तक ऐसा कर सकेंगी।
इसके साथ ही हवाई ईंधन के दाम में 4.2 प्रतिशत कटौती की गई है। दिल्ली में विमान ईंधन का दाम 2,080.5 रूपये यानी 4.2 प्रतिशत कम होकर 47,206.68 रूपये प्रति किलोलीटर रह गया। इससे पहले लगातार पांच बार हवाई ईंधन के दाम बढ़े थे और इसमें करीब 25 प्रतिशत वृद्धि हुई थी।
पेट्रोलियम कंपनियों ने इसके साथ ही बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलो के एलपीजी सिलेंडर का दाम 50.5 रूपये प्रति सिलेंडर घटा दिया है। बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर का दाम दिल्ली में अब 487 रूपये प्रति सिलेंडर होगा। इससे पहले यह 537.50 रूपये प्रति सिलेंडर था। इससे पहले एक जुलाई को इसके दाम 11 रूपये कम किये गये थे। बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर उपभोक्ता को उसके सब्सिडीयुक्त 12 सिलेंडर का कोटा समाप्त होने के बाद लेना होता है।
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की ओर से सरकारी कर्मचारियों के लिए एक खुशखबरी है। एसबीआई ने सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के लागू होने के बाद सरकारी कर्मचारियों के लिये सस्ती आवास ऋण योजना की पेशकश की है। इतना ही नहीं,बैंक ने रक्षा एवं अन्य सरकारी कर्मचारियों के लिये किश्तों की मियाद बढ़ाकर 75 साल तक कर दी है।
एसबीआई ने एक बयान में कहा, “नई योजनाओं के तहत केंद्र-राज्य सरकारों के कर्मचारियों, रक्षा कर्मियों, केंद्र सरकार के लोक उपक्रमों तथा पेंशन पात्रता वाले अन्य लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर आवास ऋण की पेशकश की जाएगी।” बैंक के अनुसार, ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से सेवानिवृत्ति के बाद वित्तीय स्थिति पर बिना किसी दबाव के बड़ा या आलीशान मकान ले सकेंगे।
आपको बता दें कि एसबीआई ने दो नए आवास ऋण उत्पादों की पेशकश की है। सरकारी कर्मचारियों के लिये ‘एसबीआई प्रीविलेज होम लोन’ तथा रक्षा कर्मियों के लिये ‘एसबीआई शौर्य होम लोन’ योजना की शुरआत की गई है। इन योजनाओं पर कोई प्रसंस्करण शुल्क नहीं लगेगा।
नई योजना में ग्राहक 70 साल की बजाय 75 साल तक के लिए कर्ज ले सकते हैं। । साथ ही प्रोसेसिंग शुल्क में पूरी तरह छूट होगी। इसके अतिरिक्त सेवानिवृत्ति के बाद ईएमआई का बोझ भी कम होगा और आवास ऋण पर 0.05 प्रतिशत की रियायत भी होगी।
दिल्ली। तमाम विवादों के बीच आखिरकार NADA के जिस फैसले का आज सभी देशवासियों को इन्तजार था वो आ गया है। राष्ट्रीय डोपिंग एजेंसी (NADA) ने पहलवान नरसिंह यादव को डोपिंग के आरोपों में क्लीन चिट दे दी है।
नाडा ने आज माना कि उनके खिलाफ साजिश हुई थी। आपको बता दे कि नरसिंह यादव ने अपने ऊपर लगे डोपिंग के आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा था कि मेरे साथ साजिश हुई है। इस मामले में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषणशरण ने कहा कि ये बहुत खुशी की बात है कि नरसिंह यादव को नाडा ने डोपिंग के आरोपों से बरी कर दिया है।
ब्रजभूषण ने कहा कि उनको रियो ओलम्पिक भेजने का फैसला जल्द लिया जायेगा। विशेषज्ञों की माने तो अब पहलवान नरसिंह यादव के रियो ओलम्पिक जाने का रास्ता लगभग तय है। ये खबर आते ही उनके परिवार सहित समूचे देशवासियों में खुशी की लहर है।
गुजरात में नए मुख्यमंत्री को लेकर मामला साफ़ होता नज़र आ रहा है। पिछले दिनों ऐसी खबर थी कि गुजरात की वर्तमान मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल की जगह कोई नया चेहरा ले सकता है। इस सम्बन्ध में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने भी स्पष्ट कर दिया कि आनंदीबेन का त्यागपत्र मिल गया है, पार्टी इसपर विचार करेगी।
दरअसल मुख्यमंत्री पटेल ने अपने फेसबुक पेज में लिखा कि वे जल्द ही 75 वर्ष की हो रही हैं, इसलिए उन्होंने आलाकमान से आग्रह किया है कि उन्हें मुक्त कर दिया जाए। आनंदीबेन पटेल के इस फेसबुक पेज के स्टेटस ने राजनीतिक हलके में खलबली मचा दी है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में गुजरात सरकार को कई मामलों में बैकफुट पर देखा गया। चाहे मामला पटेल आंदोलन को लेकर हो या हाल ही में ऊना में हुए दलित पिटाई का मामला। हर मामले को विपक्षी नेताओं ने खूब भुनाया।
अटकलें ऐसी भी हैं कि पटेल पर पार्टी का ही दबाव होगा, इस वजह से अचानक ऐसा मामला सामने आया है। गुजरात में नरेंद्र मोदी के पद छोड़ने के बाद आनंदीबेन ने मुख्यमंत्री का पद संभाला था लेकिन लगातार हो रहे विरोध के चलते भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में गहरी नाराजगी थी.