27.8 C
Mumbai
Friday, August 7, 2026
Home Blog Page 1151

आवाज़-ए-पंजाब के साथ नई पारी शुरू करेंगे सिद्धू, परगट सिंह भी होंगे साथ

अमित द्विवेदी,

भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी को चकमा देते हुए अमृतसर के पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू एक नई पार्टी खड़ी करने जा रहे हैं। सिद्धू पंजाब के कुछ और नेताओं के साथ एक अलग फ्रंट बनाने जा रहे हैं, जिसका नाम आवाज़-ए-पंजाब होगा। इस फ्रंट में सिद्धू के साथ अकाली दल से निकाले गए नेता परगट सिंह भी शामिल हैं।

पिछले कुछ समय से सिद्धू की गुगली कोई समझ नहीं पा रहा है। लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी को छकाने के बाद ऐसा लगा कि सिद्धू सपत्नीक आम आदमी पार्टी में शामिल हो जाएंगे, लेकिन उन्होंने ऐसा भी नहीं किया। उनकी पत्नी डॉ. नवजोत कौर ने पिछले दिनों जब आम आदमी पार्टी की गतिविधियों पर प्रश्न उठाया, तब ये बात भी उठी कि शायद सिद्धू फिर से भाजपा का रुख करने की फ़िराक में हैं। लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं, बल्कि सिद्धू ने कुछ पंजाबी नेताओं के साथ समीकरण बैठाकर एक फ्रंट ही तैयार कर डाला।

नवजोत कौर सिद्धू ने विधानसभा चुनाव से पूर्व प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि विधायक परगट सिंह, बैंस बंधु, कांग्रेस के पूर्व विधायक रमनजीत सिक्की जैसे अच्छे लोग यदि एक साथ एक प्लेटफार्म पर आते हैं तो सिद्धू दम्पति वहां मजबूती से खड़ा दिखेगा।

अब राजनीतिक गलियारे में यह बात होने लगी है कि सिद्धू दम्पति द्वारा यह पहले से ही तय था। बाकी सब जो पिछले दिनों किया गया, वो सब ड्रामा था।

संदीप कुमार के अश्लील सीडी प्रकरण की जांच शुरू

अमित द्विवेदी,

आम आदमी पार्टी के बर्खास्त मंत्री संदीप कुमार के सीडी प्रकरण की जांच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने शुरू कर दी है। कल प्रकाश में आई अश्लील सीडी में संदीप कुमार एक महिला के साथ आपत्तिजनक हालात में नज़र आ रहे थे।

संदीप कुमार की अश्लील सीडी के सामने आने के बाद ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संदीप को बर्खास्त कर दिया था। बर्खास्त करने के बावजूद केजरीवाल की काफी किरकिरी हुई। हालाँकि बाद में अरविन्द ने खुद को पाक साफ बताने के लिए यह भी कहा कि संदीप ने हमें धोखा दिया।

दिल्ली पुलिस के एक सूत्र के मुताबिक़, पुलिस आयुक्त आलोक कुमार के आदेश पर इस मामले की जांच अपराध शाखा को सौंपी गई है। कहा यह भी जा रहा है कि बीजेपी के कुछ नेता दिल्ली पुलिस आयुक्त से मिले और केजरीवाल सहित कुछ मंत्रियों पर महिलाओं के खिलाफ पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

भाजपा सांसद परवेश वर्मा, मानजिंदर सिंह सिरसा और अन्य पार्टी नेताओं ने संदीप को बचाने के लिए केजरीवाल और सिसोदिया के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पीएम मोदी आज रवाना होंगे वियतनाम, कल होंगे जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल

अमित द्विवेदी,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज द्विपक्षीय वार्ता के लिए वियतनाम रवाना होंगे, उसके बाद वे चीन के हांगझोउ शहर जी-20 के सालाना शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने जाएंगे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि पीएम मोदी सम्मलेन में आतंकवाद को की जा रही फंडिंग और टैक्स की चोरी पीकर कार्रवाई के लिए कड़े कदम उठाए जाने की वकालत कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी पहले वियतनाम की यात्रा पर रवाना होंगे। यह एक तरह से चीन को कड़ा सन्देश भी होगा। क्योंकि चीन और वियतनाम की बनती नहीं है। पिछले कुछ दिनों से बलूचिस्तान मामले पर चीन की बयानबाज़ी को एक करारा जवाब भी मिल जाएगा कि  दूसरों के मामले में अनावश्यक हस्तक्षेप करना ठीक नहीं।

पीएम मोदी का पहला पड़ाव वियतनाम में होगा, वहाँ से वे तीन सितंबर को हांगझोउ के लिए रवाना होंगे और चार-पांच सितंबर को जी-20 के सम्मेलन में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी पांच सितंबर को भारत-आसियान सम्मलेन में भाग लेने लाओस जाएंगे।

पेशावर (पाकिस्तान) में बड़ा आतंकी हमला, सुरक्षाबलों ने 4 आतंकियों को किया ढेर,

सौम्या केसरवानी,

पाकिस्तान के पेशावर में आतंकियों ने आज एक बड़े हमले को अंजाम देने की कोशिश की, जिसे सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया। इस हमले में शामिल 4 आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। यह हमला क्रिश्‍चियन कॉलोनी में किया गया था।

इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के महानिदेशक असीम बाजवा ने हमले की ट्वीट के जरिए पुष्टि करते हुए कहा कि सभी आतंकियों को मारा जा चुका है और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी कर दिया गया है।

टीवी रिपोर्ट के अनुसार इस हमले के बाद लोगों को फिलहाल अपने घरों में ही रहने के लिए कहा गया है। सूत्रों के अनुसार इस हमले में एक नागरिक की मौत हुई, जबकि एक पुलिसकर्मी आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान मारा गया है।

एक वेबसाईट की खबर के मुताबिक़, फायरिंग सुबह करीब छह बजे शुरू हुई, जब आतंकियों ने कॉलोनी में प्रवेश किया। ये आतंकी सुसाइड जैकेट पहने हुए थे। धमाके के बाद से यहां हैलीकॉप्टर से हवाई निगरानी की जा रही है।

18 करोड़ कर्मचारी हड़ताल पर! स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है असर

अमित द्विवेदी,

विभिन्न मांगों को लेकर आज बैंकिंग, इंश्योरेंस और टेलीकॉम सहित कई क्षेत्रों के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। मज़दूर संघों ने दावा किया है कि देश भर में करीब 18 करोड़ कर्मचारी हड़ताल में भाग लेंगे। सरकार की निवेश और श्रमिक नीतियों से कर्मचारी नाखुश हैं, जिसके विरोध में यह कदम उठाया गया है। जानकारी के मुताबिक पब्लिक सेक्टर के 6 संगठन भी ट्रेड यूनियन के इस हड़ताल का हिस्सा रहेंगे।

हड़ताल से प्रभावित होने वाले सामान्य जनजीवन की व्यवस्था गड़बड़ाए न इसलिए सरकार ने पहले ही सभी सम्बंधित मंत्रालयों को निर्देश जारी कर दिया है। कुछ ट्रेड यूनियन ने सरकार की हड़ताल वापस लेने की अपील को ठुकराते हुए स्पष्ट किया कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर विचार नहीं किया जाता, तब तक इस मसले पर सरकार से बातचीत नहीं की जाएगी।

संभावना है कि इस हड़ताल की वजह से बैंकिंग, सार्वजनिक परिवहन, अस्पताल और दूरसंचार जैसी सेवाओं पर असर पड़ सकता है। हालाँकि इस हड़ताल में रेलवे और अन्य केंद्रीय कर्मचारियों ने भाग नहीं लिया है। जिससे यातायात में रेलवे पर प्रभाव नहीं पड़ेगा। लेकिन ऐसी संभावना जताई जा रही है कि अन्य सार्वजनिक वाहनों पर इसका असर हो सकता है।

कुछ संगठनों ने सरकार की व्यवस्था पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार घाटे के नाम पर सार्वजनिक उपक्रमों को निजी हाथों में देना चाहती है, लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे। क्योंकि निजी हाथों में जाते ही कर्मचारियों के साथ अन्याय होना शुरू हो जाएगा।

बैंकों का कामकाज भी होगा प्रभावित-

हड़ताल के मद्देनजर कई बैंकों के कामकाज पर भी प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए बैंकों ने अपने ग्राहकों को पहले से ही संभावित प्रभाव की सूचना दे दी है। बैंक संगठन सरकार के बैंकिंग सुधार, बैंकों के निजीकरण और बैंकों के विलय के खिलाफ इस हड़ताल में शामिल हो रहे हैं।

ट्रेड यूनियन की 12 सूत्री मांगें हैं। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि इन प्रमुख मांगों पर यदि सरकार विचार करती है, तभी बातचीत होगी।
प्रमुख 12 मांगें निम्न हैं-

*मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन 18,000₹ हो

*पेंशन में वृद्धि 3000 से कम न हो

*यूनिवर्सल सोशल सिक्यूरिटी

*समान न्यूनतम मजदूरी

*पीएसयू के विनिवेश पर रोक

*मजदूर कानूनों में नियोक्ता के हित में होने वाले सुधार पर रोक

*रेलवे, बीमा व रक्षा में एफडीआई पर रोक

*वादा कारोबार पर रोक लगे

*बेसिक लेबर कानून सख्ती से लागू हो

*वेतन, बोनस, पीएफ की सभी तरह की सिलिंग खत्म हो, ग्रेच्युटी में वृद्धि हो

*आवेदन के 45 दिनों के अंदर ट्रेड यूनियनों का अनिवार्य रजिस्टेशन

*रोजगार सृजन पर फोकस करना।

ट्रेड यूनियन का मानना है कि यह कर्मचारियों के हितों के लिए आवश्यक है, जिसपर सरकार को विचार पड़ेगा। सरकार द्वारा इन मुद्दों पर विचार करने के बाद ही बातचीत की जाएगी।

जैन मुनि तरुण सागर मामला: विशाल के सपोर्ट में सामने आईं फराह खान

ब्यूरो,

जैन मुनि तरुण सागर पर टिप्पणी कर विवादों में घिरे संगीतकार विशाल ददलानी के समर्थन में निर्माता निर्देशक व कोरियोग्राफर फराह खान सामने आई हैं।

कई फिल्मों में विशाल के साथ काम कर चुकी फराह ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि वह दोस्त के नाते संगीतकार का समर्थन करती हैं। फराह ने कहा, “दोस्त के तौर पर मैं विशाल का समर्थन करती हूं। अगर हम कहते हैं कि हमारा देश लोकतांत्रिक है, तो हमें बोलने की भी आजादी होनी चाहिए।”

गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने जैन मुनि को गत शुक्रवार को विधानसभा में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया था, जिसके बाद ददलानी ने जैन मुनि तरुण सागर के खिलाफ ट्वीट करके विवाद खड़ा कर दिया था। ददलानी ने बाद में ट्वीट हटाकर जैन समुदाय की भावनाओं को आहत करने के लिए माफी मांगी थी। इसके बावजूद अंबाला पुलिस ने उनके खिलाफ ‘धार्मिक भावनाओं को आहत’ करने का मामला दर्ज किया था।

इस्लामिक नक़ाब (बुर्के) पर रोक लगाना चाहते हैं ब्रिटिश नागरिक!

अमित द्विवेदी,

फ्रांस के कई समुद्री तटों पर बुर्किनी स्वीमवेयर को प्रतिबंधित किये जाने के बाद इस विषय में एक सर्वेक्षण किया गया। इस हालिया सर्वेक्षण में  ब्रिटिश लोगों ने भारी बहुमत से इस्लामिक नकाब या बुर्के पर प्रतिबंध लगाने का समर्थन किया है।

यह सर्वे करीब 1668 व्यस्कों पर किया गया था। यूजीओवी द्वारा किये गये इस सर्वेक्षण में 57 प्रतिशत ब्रिटिश लोगों ने ब्रिटेन में बुर्का पर प्रतिबंध लगाने के लिए एक कानून बनाने का समर्थन किया जबकि केवल 25 प्रतिशत लोगों ने कई मुस्लिम महिलाओं द्वारा पहने जाने वाली इस पोशाक पर प्रतिबंध का विरोध किया।

इस सर्वे के नतीजों में यह बात भी सामने आयी कि करीब 46 प्रतिशत ब्रिटिश लोगों ने बुर्किनी पर भी इसी तरह के प्रतिबंध का समर्थन किया, हालांकि 30 प्रतिशत लोगों ने इसके विरोध में मतदान किया। आंकडों पर गौर करें तो 56 प्रतिशत पुरुषों और 58 प्रतिशत महिलाओं ने बुर्के पर प्रतिबंध का समर्थन किया।

बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में भड़की हिंसा, छः छात्र घायल

शिखा पाण्डेय,
बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय(बीएचयू) के ट्रॉमा सेंटर में रेजिडेंट डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों द्वारा कुछ छात्रों से कथित तौर पर हाथापाई की गई जिसके बाद छात्रों ने भी उपद्रव मैच दिया और विश्वविद्यालय परिसर में हिंसा भड़क उठी। घटना में करीब छह छात्र घायल हो गए।

क्या है मामला

बुधवार रात बीए द्वितीय वर्ष के दो छात्र मरहम-पट्टी करवाने बीएचयू के ट्रामा सेंटर गए। वहां रेजिडेंट डॉक्टरों से उनकी कहासुनी हो गई, जिसके बाद दोनों गुटों में हाथापाई होने लगी।

रेजिडेंट डॉक्टरों ने अनुशासन बोर्ड के कर्मचारियों, गार्ड और ट्रॉमा सेंटर के कर्मचारियों के साथ मिलकर कथित तौर पर दोनो छात्रों को पीट दिया। इसके बाद दोनों छात्रों ने अपने साथियों को बुला लिया। कर्मचारियों और गार्डों ने उनकी भी पिटाई कर दी।

जब दोनों छात्रों की पिटाई की खबर हॉस्टल के अन्य छात्रों को मिली,तब बड़ी संख्या में छात्र ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए और जम कर हिंसा की व संपत्ति को नुकसान पहुँचाया। गुस्साए छात्र यहीं नहीं रुके। वे रेजिडेंट डॉक्टरों के धनवंतरी हॉस्टल पहुंच गए और वहां आधा दर्जन बाइकों में आग लगा दी। वहां उन लोगों ने पथराव भी किया और तोड़फोड़ की।

हिंसा की खबर मिलने पर जिला मजिस्ट्रेट विजय किरण आनंद और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुल्हारे बड़ी संख्या में पुलिस बल और पीएसी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह हालात पर काबू पाया।

इस घटना में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब इस घटना के बाद से ट्रॉमा सेंटर में जूनियर डॉक्टर्स हड़ताल पर हैं। विश्वविद्यालय में भी स्थिति तनावपूर्ण है और किसी भी अप्रत्याशित घटना को रोकने के लिए पीएसी जवानों के साथ पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।

दीपिका ,जैकलीन ,सोनाक्षी और रानी गरीबी रेखा के नीचे!

शिखा पाण्डेय,

बॉलीवुड सुपर स्टार्स दीपिका पादुकोण, जैकलीन फर्नांडीज, सोनाक्षी सिन्हा और रानी मुखर्जी, जिनके नाम मुंबई के रईसों की सूची में शामिल हैं, उत्तर प्रदेश में ये नाम गरीबी रेखा के नीचे दर्ज़ हैं। आप यह जानकार हैरान रह जायेंगे कि उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज क्षेत्र में इन लोगों के गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) श्रेणी के राशन कार्ड बने हैं और उन पर बाकायदा राशन भी बांटा जा रहा है।

जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने बताया कि कायमगंज तहसील के साहबगंज गांव के निवासियों ने बीपीएल परिवारों को जारी किए जाने वाले ‘अंत्योदय’ राशन कार्डधारकों में दीपिका पादुकोण, जैकलीन फर्नांडीज, सोनाक्षी सिन्हा और रानी मुखर्जी के नाम शामिल किए जाने और उन पर फर्जी तरीके से राशन बांटे जाने की शिकायत की थी।

बिंदु के अनुसार जांच के बाद कायमगंज तहसील के उपजिलाधिकारी अजीत कुमार द्वारा बुधवार को मिली रिपोर्ट में पाया गया कि गांव में 169 परिवारों के राशन कार्ड बने हैं। उनमें से अंत्योदय श्रेणी के 40 कार्ड हैं और इनमें बॉलीवुड की कई जानी-मानी अभिनेत्रियों के नाम शामिल हैं। इतना ही नहीं, उन सभी को ‘विवाहित’ भी बताया गया है।

बिंदु ने बताया कि उपजिलाधिकारी की रिपोर्ट के अनुसार राशनकार्ड की सूची में दीपिका पादुकोण पत्नी राकेश चंद्र, जैकलीन फर्नांडीज पत्नी साधुलाल, रानी मुखर्जी पत्नी राम स्वरूप और सोनाक्षी सिन्हा पत्नी रमेशचंद्र लिखा गया है। इनमें से दीपिका को सामान्य श्रेणी, जबकि बाकी को अंत्योदय श्रेणी का बताया गया है तथा इन राशन कार्ड्स पर राशन भी दिया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि उन्होंने उपजिलाधिकारी को आदेश दिया है कि मामले की जांच कर पता लगाया जाए कि कहीं यह सूची में नाम दर्ज़ करने वाले की शरारत तो नहीं है। यह भी हो सकता है कि सूची में पति के नाम पर जिन लोगों का नाम लिखा हो, वे पात्र की श्रेणी में आते हों, लिहाजा इसकी जांच की जाए। अगर वे कार्ड गलत तरीके से जारी हुए हों, तो उन्हें रद्द कर दोषी कर्मचारियों और कोटेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

आज से भारतीय रेल देगी 92 पैसे में 10 लाख ₹ का यात्रा बीमा कवर!

शिखा पाण्डेय,

भारतीय रेल आपके लिए एक ज़बरदस्त खुशखबरी लेकर आई है। आज से रेल यात्रा के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कराने पर यात्रियों को 10 लाख रुपये तक का यात्रा बीमा कवर मिलेगा जिसके लिए लिए यात्रिओं को एक रुपये से भी कम का प्रीमियम भुगतान करना होगा।

रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने पहले ही अपने रेल बजट भाषण में यह घोषणा कर दी थी। आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिये यात्रा का टिकट बुक कराने पर यात्रियों को ‘यात्रा बीमा कवर’ का विकल्प मिलेगा। इसके लिए उन्हें सिर्फ 92 पैसे का प्रीमियम देना होगा।

इस यात्रा बीमा कवर की शुरूआत परीक्षण के आधार पर की जाएगी। यह बीमा कवर पांच साल तक के बच्चों तथा विदेशी नागरिकों को नहीं मिलेगा।
उप-नगरीय ट्रेनों पर यह सुविधा नहीं मिलेगी। इसके अतिरिक्त किसी भी श्रेणी में यह सुविधा उपलब्ध होगी।

जानिए क्या है रेलवे का बीमा प्लान-

-दस लाख की राशि दुर्धटना में मरने या पूरी तरह शारीरिक रुप से अक्षम होने पर मिलेगा।
-पार्शियल डिएबिलिटी के लिए साढ़े सात लाख और
दुर्घटना में घायलों को अस्पताल खर्च के लिए 2 लाख और मरने पर मृत शरीर को घर तक पहुंचाने के लिए 10000 रुपये मिलेंगे।

रेलवे एक साल के लिए पायलट परियोजना के तौर पर इस सेवा की शुरुआत कर रही है। इसके लिए आईआरसीटीसी ने तीन कंपनियों के साथ करार किया है, आईसीआईसीआई लोंबार्ड, रॉयल सुंदरम जनरल इन्शुरन्स , श्रीराम जेनरल इन्शुरन्स।
हालांकि किसी भी क्लेम सेटलमेंट के लिए, फाइनल अधिकार आईआरसीटी से पास होगा। दुर्घटना के बाद क्लेम फाइल करने की समयसीमा 4 महीने तक की होगी और यात्रियों को 15 दिन के अंदर चेक के ज़रिये ये रकम मिल जाएगी।

यह सुविधा कन्फर्म, आरएसी तथा वेटिंग लिस्ट टिकट रखने वाले यात्रियों को मिलेगी लेकिन एक पीएनआर पर यदि दो टिकट कन्फर्म हैं और बाकी वेटिंग लिस्ट है तो ऐसी सूरत में सभी यात्रियों को ये बीमा लेना होगा।