27.8 C
Mumbai
Friday, August 7, 2026
Home Blog Page 1152

अमिताभ होस्ट करेंगे ‘सावधान इंडिया’!

शिखा पाण्डेय,

मशहूर क्राइम शो ‘सावधान इंडिया’ में बिग बी अमिताभ बच्चन एंकरिंग करनेवाले हैं। दरअसल यह सावधान इंडिया का  ख़ास एपिसोड होगा जहां 2 एपिसोड्स के होस्ट अमिताभ बच्चन होंगे।

आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन की आगामी फिल्म ‘पिंक’ सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और ‘सावधान इंडिया’ में अपराध की सच्ची घटनाओं पर आधारित कहानियां दिखाई जाती हैं। इसी वजह से अमिताभ बच्चन अपनी फिल्म ‘पिंक’ का प्रचार करने सावधान इंडिया में जाएंगे।

फिल्म ‘पिंक’ आपराधिक मामलों में फंसी तीन लड़कियों की कहानी है। यह फिल्म महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली फिल्म है। बताया जा रहा है कि अमिताभ बच्चन शो के नए अभियान के लिए शूटिंग कर रहे हैं। शो के इन दोनो एपिसोड्स का प्रसारण अगले महीने किया जाएगा।

आपको बता दें कि इसी तरह ‘क्राइम पेट्रोल’ में आमिर खान भी अपनी फिल्म तलाश को प्रमोट करने गए थे।

आमिर ने किया संजय दत्त के पिता की भूमिका निभाने से इनकार!

एंटरटेनमेंट डेस्क
अभिनेता संजय दत्त की जिंदगी पर बनने वाली फिल्म में आमिर खान ने संजय दत्त के पिता की भूमिका निभाने से इनकार कर दिया है। खबरें आ रही थीं कि संजय दत्त के पिता सुनील दत्त का किरदार आमिर खान निभाएंगे और यह लगभग तय भी हो चुका था। मगर अब खबर आ रही है कि आमिर यह भूमिका नहीं निभाएंगे।

दरअसल इस फिल्म के निर्माता निर्देशक राजू हिरानी ने कुछ वक्त पहले जब आमिर को फिल्म का आइडिया सुनाया था तो आमिर को वह पसंद आया था। लेकिन अब जब स्क्रिप्ट तैयार हो गई है तो आमिर इस रोल को करने में झिझक रहे हैं जिसके चलते उन्होंने यह रोल करने से मना कर दिया है।

पिछले दिनों यह भी खबरें थीं कि संजय ने अपनी बायोपिक बनाने के लिए पांच करोड़ रुपये की डिमांड की है लेकिन बाद में सूत्रों ने इस खबर को गलत बताते हुए बताया कि संजय ने यह फिल्म राजकुमार हिरानी को बनाने दी है।  बदले में वे मुन्नाभाई सीरीज की तीसरी फिल्म ‘मुन्ना भाई चले अमेरिका’ में काम करेंगे।

आपको बता दें कि संजय दत्त की जिंदगी पर फिल्म बनाने का विचार आते ही यह तय किया गया था कि संजय दत्त का रोल रणबीर कपूर निभाएंगे। यह फिल्म इसी साल शुरू होने वाली थी लेकिन अब 2017 में शुरू होगी।

केंद्र ने की बाढ़ पीड़ित बिहारियों की उपेक्षा – लालू प्रसाद यादव

शिखा पाण्डेय,

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने आज बाढ़ राहत कार्य को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान दोनों प्रमुख नेताओं के बीच लगभग एक घंटे तक बंद कमरे में विचार विमर्श हुआ। इस मुलाकात के बाद लालू यादव ने केंद्र को कोसते हुए  कहा कि केंद्र ने बाढ़ जैसी विपदा में बिहार की मदद नहीं की।

राजद सुप्रीमो ने कहा कि हमारा पूरा ध्यान बाढ़ पीड़ितों को राहत पंहुचाने पर है। बिहार बाढ़ के साथ-साथ सूखे की भी मार झेल रहा है लेकिन राज्य सरकार किसी भी हालत में लोगों की मदद के लिए तैयार है। राजद सुप्रीमो ने कहा कि बाढ़ से हुई तबाही को ठीक करने के बाद भी सरकार अपने रोडमैप पर चलेगी और राज्य में विकास का काम निरंतर चलेगा।

लालू ने कहा कि 12 जिलों में बाढ़ राहत कार्य को और बेहतर तरीके से चलाने के लिए जल्द ही राज्य सरकार समीक्षा करेगी। उन्होंने बताया कि इसी सिलसिले में सीएम से बातचीत हुई और जल्द ही इसपर कार्रवाई की जायेगी।a

‘जिओ 4जी’ सिर्फ 50 रूपए में 1 GB डेटा, मुकेश अंबानी ने लगाई ऑफर्स की झड़ी

सौम्या केसरवानी,

मोबाइल कनेक्टिविटी और ख़राब इन्टरनेट सुविधाओं से परेशान उपभक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। आज रिलायंस की सालाना बैठक में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने रिलायंस जिओ 4जी से सम्बंधित कई आकर्षक घोषणाएं की।  मुकेश अंबानी ने कहा कि यह सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल मिशन को समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल क्रांति का एक नया युग सिद्ध होगा।

मुकेश अंबानी ने कहा कि जिओ के लॉन्‍च होने के बाद भारत दुनिया में टॉप 10 देशों में शुमार होगा। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हमने डाटा रेट्स को भी काफी किफायती बनाया है, जिससे हर आदमी इसका पूरा लाभ ले सके। जिओ के डेटा रेट विश्वभर में सबसे कम होंगे और देशभर में फ्री कॉल और फ्री रोमिंग की भी सुविधा होगी।

अभी तक उपभोक्ताओं को अनलिमिटेड डेटा प्लान व काॅलिंग की सुविधा थी लेकिन अब उपभोक्ताओं को पूरे भारत मे रोमिंग की भी सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा उपभोक्ताओं को निम्न सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी-

* छात्रों को 25 फीसदी डाटा अतिरिक्त मिलेगा।

* सबसे सस्ती वीडियो सेवा उपलब्ध करवाएगा जियो।

*जिओ डाटा 50 रुपए प्रति जीबी से शुरू होगा

* छात्रों को क्लास में फ्री वाईफाई डाटा मिलेगा।

* जिओ पर 300 चैनल लाइव देखने की सुविधा मिलेगी।

* ज्यादा डाटा इस्तेमाल करने वालों के लिए 149 रुपए का प्लान।

* जिओ में 6000 फिल्में, 60 हजार म्यूजिक वीडियो, 28 लाख गीत, कॉलर ट्यून आदि सुविधाएं मिलेंगी।

* जिओ पर एसएमएस भी हमेशा के लिए फ्री।

* आधार कार्ड से 15 मिनट में जिओ कनेक्शन।

* देशभर में 30 हजार स्कूल और कॉलेज जिओ से जुड़ेंगे।

* जिओ सेवा अफोर्डेबल होगी। जिओ वाईफाई राउटर 1999 में मिलेगा।

* जिओ पर 5 पैसे प्रति एमबी मिलेगा डाटा।

बीएचयू में घटी शर्मसार कर देने वाली घटना, लैब असिस्टेंट ने छात्र के साथ किया अननेचुरल सेक्स

ब्यूरो,

देश के प्रतिष्ठित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बीएचयू के एक कर्मचारी को एक विद्यार्थी के साथ कथित यौनाचार मामले को लेकर गिरफ्तार किया गया है। हालाँकि पुलिस को शक है कि इन  दोनों के बीच आर्थिक लेन-देन का मामला भी हो सकता है।

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के एक विद्यार्थी ने गत 16 अगस्त को लंका थाने में आईपीसी की धारा 377 के अंतर्गत 5 व्यक्तियों और एक लैब असिस्टेंट के खिलाफ मामला दर्ज कराया। विद्यार्थी द्वारा दर्ज मामले के मुताबिक, बीती 13 अगस्त की रात इन सभी ने अननेचुरल सेक्स किया। छात्र द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, इन सभी ने छात्र को कैम्पस में ही पकड़ लिया। बाद में नशीली चीज़ पिलाकर उसके साथ यौनाचार किया।

छात्र ने बताया कि जब वह अपने हॉस्टल जा रहा था, तभी इन लोगों में उसे रोका। और यौनाचार करने के बाद बेहोशी की हालत में ही उसे सूनसान इलाके में फेंक दिया।

इस मामले की जांच कर रहे एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि शुरुआती जांच में यह पैसे का मामला नज़र आ रहा है। स्थानीय पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मेडिकल जांच कराए जाने के बाद भी यौन उत्पीड़न की बात साबित नहीं हुई है। हालाँकि इस मामले में विश्वविद्यालय के कुलपति जीसी त्रिपाठी ने कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। साथ ही जांच समिति भी गठित कर दी है, जिससे मामला स्पष्ट हो सके।

गाड़ी वालों की जेब होगी ढीली, पेट्रोल व डीज़ल के दामों में वृद्धि

शिखा पाण्डेय,

पेट्रोल के दाम 3.38 रुपये  प्रति लीटर तथा डीजल के दाम 2.67 रुपये  प्रति लीटर बढ़ा दिए गए हैं। पेट्रोलियम उत्पादों के दाम में पिछले दो महीने की लगातार गिरावट के बाद पहली बार दाम बढ़ाया गया है। पेट्रोल व डीज़ल की ये बढ़ी हुई कीमतें कल मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं।

पेट्रोलियम कंपनियों का कहना है कि बीते पखवाड़े में अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी के कारण ईंधन कीमतों में यह वृद्धि जरुरी थी। इस बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल के दाम मौजूदा 60.09 रुपये  से बढ़कर 63.47 रुपये  प्रति लीटर हो गए हैं तथा डीजल के दाम 50.27 रुपये  से बढ़कर 52.94 रुपये हो गए हैं।

इससे पहले दो महीने में पेट्रोल व डीज़ल के दाम चार बार घटाए गए थे। इससे दिल्ली में पेट्रोल का दाम कुल मिलाकर 5.56 रुपये  व डीजल का दाम 4.92 रुपये प्रति लीटर कम हुआ था।

आईओसी के बयान में भी कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय कीमतों के मौजूदा स्तर को देखते हुए पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ाने वांछित हैं। आईओसी के साथ साथ हिंदुस्तान पेट्रोलियम व भारत पेट्रोलियम हर महीने की पहली व 16वीं तारीख को पेट्रोल व डीजल के दाम में संशोधन करते हैं।

सावधान! सेक्स के दौरान इस बात का रखें ख़याल

डेस्क,

सेक्स के खूबसूरत पलों को यादगार बनाने के लिए इंसान हर कोशिश करता है। यह एक ऐसा एहसास है, जिसमें इंसान हर दुःख-दर्द, हर परेशानी भूल जाता है। सम्बन्ध बनाने के दौरान हर किसी की फैंटेसी होती है, जिसे वो पूरा करना चाहता है।

हमेशा से सेक्स एक्सपर्ट्स से एक सवाल पूछा जाता है कि ऐसा क्या है, जो महिलाओं को शारीरिक संबंध बनाते समय पसंद आता है। एक्सपर्ट्स की भी इस मामले में अलग अलग राय रहती है। हाल ही में एक्सपर्ट्स के एक शोध से पता चला है कि महिलाएं सेक्स के दौरान फोरप्ले सबसे ज़्यादा एन्जॉय करती हैं।

कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि कई महिलाएं यह बात अपने पार्टनर से खुलकर कह नहीं पातीं लेकिन उनकी इच्छा होती है कि सम्बन्ध बनाने के पहले फोरप्ले हो। एक सेक्स एक्सपर्ट ने बताया कि अक्सर लोग बिस्तर पर जाते ही शुरू हो जाते हैं लेकिन इससे उनके पार्टनर को मज़ा नहीं आता। और अगर लंबे समय तक ऐसा चलता रहता है तो रिश्तों में दरार भी पैदा होने लगती है। इसलिए यह जानने की कोशिश ज़रूर करें कि आपके साथी को क्या अच्छा लगता है।

कई महिलाओं से बात करने के बाद इन शोधकर्ताओं को पता चला कि सेक्स के दौरान चरम पर पहुँचने के लिए महिलाएं यह क्रिया पसंद करती हैं। एक्सपर्ट्स को कुछ महिलाओं ने बताया कि उनके बॉयफ्रेंड या पति सिर्फ सेक्स पर ही फोकस करते हैं, जिसकी वजह से कभी नज़दीकी नहीं बन पाती।

सेक्स स्कैंडल में फंसे केजरीवाल के मंत्री संदीप, सीडी मिलने पर किए गए बर्खास्त

अमित द्विवेदी,

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महिला बाल कल्याण मंत्री संदीप कुमार की आपत्तिजनक सीडी प्रकाश में आने के बाद उन्हें कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया है। मंत्री की दो महिलाओं के साथ अश्लील हरकतों वाली सीडी मिलने के बाद केजरीवाल को यह फैसला करना पड़ा।

केंद्र सरकार के धुर विरोधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल आए दिन अपने मंत्रियों और नेताओं के चक्कर में परेशान रहते हैं। अब एक बार फिर से केजरीवाल अपने एक मंत्री को लेकर चर्चा में हैं। केजरीवाल ने बारी बारी से दो ट्वीट कर मंत्री के बर्खास्त किए जाने की जानकारी साझा की।

अपने एक ट्वीट ने केजरीवाल ने कहा, ‘मंत्री संदीप कुमार की आपत्तिजनक ‘सीडी’ मिली। आप सार्वजनिक जीवन में शुचिता के लिए प्रतिबद्ध है। उससे समझौता नहीं किया जा सकता। तत्काल प्रभाव से उन्हें मंत्रिमंडल से हटा दिया गया।’

34 वर्षीय विधायक संदीप कुमार इंडिया अगेंस्ट करप्शन के ज़माने से केजरीवाल के संपर्क में हैं। केजरीवाल भले ही ट्वीटर के जरिए अपनी सफाई दें लेकिन राजनीतिक खेमे और सोशल मीडिया पर उनकी काफी किरकिरी हो रही है।

यदि बेहतर दिन चाहते हैं, तो छोड़ दें ये आदतें

इंद्रकुमार विश्वकर्मा,

जब आप सुबह उठते हैं तो क्या आपका मूड सही रहता है? आज अगर यह सवाल किसी से पूछा जाए तो अधिकतर लोगों का जवाब न में होगा। हर कोई चाहता है कि उसकी सुबह की शुरुआत अच्छी हो ताकि उसका दिन भी अच्छा जाए। यदि आपकी भी ऐसी ही इच्छा है तो इन आदतों से जरूर बचें।

झटके से न उठें-

उठते समय खुद को समय दें और झटके के साथ न उठे। जानकारों का मानना है कि जब आप सुबह उठते हैं तो आपकी मांसपेशियों को सही आकार लेने में समय लगता है। इसलिए उठते समय अपनी मांसपेशियों को धीरे-धीरे मूव करें। कोशिश करें कि आप दाहिने ओर घूमकर उठें।

उठते वक़्त गुस्सा ना करें-

ज्यादातर लोग सुबह के वक्त परेशान रहते हैं। अगर उन्हें कोई सोते हुए जगाए तो वह क्रोधित हो जाते हैं। उनके सामने जो भी आता है उन्हें या तो गाली देने लगते है या फिर नाराज हो जाते हैं। लेकिन अच्छी बात यह है कि लोगों की यह परेशानी उठने के बाद केवल 20 मिनट तक रहती है। उसके बाद उसका मूड सही हो जाता है, इसलिए उठते वक्त ज्यादा क्रोधित न होए।

दिन का प्रारंभ चाय से न करें-

योगा और फिटनेस एक्सपर्ट का मानना है कि अपनी पाचन शक्ति को सही रखना है तो सुबह उठते ही चाय और कॉफी का सेवन न करें। ऐसे समय में आप जूस और पानी का सेवन ज्यादा से ज्यादा करें। हालांकि कि उठने के बाद आप ग्रीन टी ले सकते हैं।

फ़ोन चेक करने की बीमारी-

सर्वे में पाया गया है कि कि अस्सी फीसदी से ज्यादा किशोर उठने के साथ ही अपना फोन चेक करते हैं, भले ही फोन में महत्वपूर्ण बाते हो या न हो। उठते समय खुद को समय दीजिए और फोन तथा कंप्यूटर को छोड़कर 20 मिनट व्यायाम और 20 मिनट मेडिटेशन के लिए दीजिए।

सुबह का नाश्ता अवश्य लें-

हाल ही में एक रिपोर्ट आई है जिसमें कहा गया है कि जो व्यक्ति सुबह का नाश्ता नहीं लेता, वह व्यक्ति मोटापा और मधुमेह की बीमारी से ग्रस्त हो जाता है। उसकी रोगों से लड़ने की क्षमता भी कम हो जाती है। वहीं हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ का दावा है कि सुबह का नाश्ता न लेना अतिरिक्त तनाव को न्योता देना है। डिनर और ब्रेकफास्ट में लंबा अंतराल होने की वजह से सुबह उठते वक्त ब्लड सुगर का लेवल काफी कम हो जाता है। अगर आप उठने के बाद आधे घंटे में कुछ नहीं खाते यह लेवल और कम हो जाता है। इसलिए सुबह का नाश्ता कभी न छोड़े।

पूरे दिन की प्लानिंग-

कई लोगों में आदत होती है कि वह सुबह उठने के बाद जल्दबाजी में पूरे दिन की योजना बनाते हैं जिसकी वजह से वह गड़बड़ी भी कर बैठते हैं। इसलिए उठने के बाद प्लानिंग करने की बजाए आप एक दिन पहले अगले दिन की योजना बना लें।

अखिलेश यादव का चुनावी चूरन, कहा- ‘ज़रूरत पड़ी तो जनता को बांटेंगे मोबाइल’

अमित द्विवेदी,

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अभी से चुनावी चूरन देना शुरू कर दिया है। अखिलेश ने अपने एक वक्तव्य में कहा कि भविष्य में यदि जनता को मोबाइल देना पड़े, तो वे इस बारे में भी सोचेंगे। पिछले कुछ दिनों में हुई पार्टी की किरकिरी के बाद अब अखिलेश जनता को लुभाने की कोशिश में लगे हुए हैं।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में वोडाफोन की 4-जी सेवा की औपचारिक शुरुआत करते हुए कहा कि सरकार ने मेधावी छात्रों के विकास के लिए लैपटॉप बांटे थे, अब यदि ज़रुरत महसूस हुई तो भविष्य में आम लोग जो गरीब हैं, उनकी सहूलियत के लिये उन्हें सरकार की तरफ से कुछ देना चाहिए तो सरकार उन्हें मोबाइल देने के बारे में भी सोच सकती है। अखिलेश ने कहा कि यह हमारे घोषणापत्र में भी हो सकता है।

इसी बहाने अखिलेश ने बाकी राजनीतिक दलों पर हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि बाकी के दल घोषणापत्र में जो लिखते हैं, उनका इंतज़ार लोग पूरे कार्यकाल तक करते हैं, लेकिन होता कुछ नहीं। लेकिन हम ऐसा नहीं करते। जो कहते हैं करते भी हैं। यादव ने कहा कि उनकी सोच है कि प्रदेश की जनता ज़्यादा से ज़्यादा अपडेट रहे, जिससे विकास को राह मिल सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में उत्तर प्रदेश मोबाइल फोन निर्माण का हब बनेगा। नोएडा तथा आसपास के इलाकों में सबसे ज्यादा फोन निर्माण फैक्ट्रियां लगायी जाएंगी। हालाँकि इसे राजनीतिक पार्टियां चुनावी चूरन करार दे रही हैं।