28.4 C
Mumbai
Friday, August 7, 2026
Home Blog Page 1142

सपा के साथ ‘पॉलिटिकल फील्डिंग’ करेंगे प्रवीण कुमार, समाजवादी पार्टी में हुए शामिल

शिखा पाण्डेय,

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार ने अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में गेंदबाज़ी करने का मन बना लिया है। दाएं हाथ के स्विंग गेंदबाज के रूप में भारत की तरफ से छह टेस्ट और 68 एकदिवसीय क्रिकेट मैच खेल चुके ऑल राउंडर प्रवीण कुमार आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।

इस मौके पर प्रवीण कुमार ने कहा, ” मैंने मुख्यमंत्री जी से मुलाकात की और सपा में शामिल होने का फैसला कर लिया। पार्टी के लिये जो भी हो सकेगा, वह मैं करूंगा।”  आपको बता दें कि सपा नेता नवेद सिद्दीकी ने प्रवीण कुमार को अखिलेश यादव से मिलवाया।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए प्रवीण ने कहा कि उन्होंने खेल और खिलाड़ियों के भले के लिये काफी काम किया है और लखनऊ तथा सैफई में बड़े स्टेडियम बनाये जा रहे हैं। जब उनसे यह पूछा गया कि क्या वह आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘मैं अभी राजनीति में बच्चा हूं। अभी सीखूंगा।”

उल्लेखनीय है कि क्रिकेटर प्रवीण कुमार पिछले काफी समय से अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2011 में जबकि अंतिम अन्तरराष्ट्रीय मैच टी20 के रूप में 30 मार्च 2012 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहानिसबर्ग में खेला था। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रवीण कुमार को आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी मेरठ से मैदान में उतार सकती है।

शहाबुद्दीन पर भड़के नितीश, कहा, ‘किसी पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त करने का समय नहीं मेरे पास’

ब्यूरो,

पूर्व राजद सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा जेल से रिहा होते ही बिहार के मुख्यमन्त्री नितीश कुमार को परिस्थितियों का मुख्यमन्त्री बताये जाने पर नितीश कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने परोक्ष रूप से शहाबुद्दीन पर निशाना साधते हुए कहा कि सभी पर प्रतिक्रिया देने के लिए मुझे मैंडेड नहीं मिला है।

मिडिया से रूबरू होते हुए सीएम नितीश ने मीडिया को भी  सलाह देते हुए कहा,” आप लोग भी अपना समय और स्पेस जाया कर रहे हैं। दुनिया को मालूम है कि बिहार की जनता का क्या मैंडेड है। हम जनता के दिये मैंडेड पर चलें या कोई आदमी कुछ भी बोल रहा है , उस पर ध्यान दें।”

नीतिश ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी द्वारा शहाबुद्दीन पर दिये गये बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा,” सुशील मोदी को बोलने की आदत है। गैर जिम्मेदार तरीके से वे अपनी बातें बोलते हैं। उनकी बातों को मैं ज्यादा तवज्जो भी नहीं देता। सुशील मोदी बेरोज़गार हो गए हैं। इस तरह से वे अपनी रोजी रोटी चलाने में लगे हुए हैं।”

शहाबुद्दीन की रिहाई पर भाजपा द्वारा नितीश कुमार पर लगाये गए आरोपों का भी उन्होंने कल खंडन किया था। उन्होंने कहा, ” यह कानूनी मामला है और कानून ने अपना काम किया है। फिर भी अगर किसी को ज्यूडिशियरी पर बोलने का मन करता है तो उस पर मैं क्या कह सकता हूं। यह कहना सरासर गलत है कि सही तरीके से सरकार ने अपना जवाब दाखिल नहीं किया।” उन्होंने यह भी कहा था कि मो. शहाबुद्दीन के जेल से रिहा होने का मामला इतना बड़ा नहीं है, जिस पर ज्यादा चर्चा की जाये।

लालू ने राहुल को बताया जोकर, कहा,”उन्हें जोकरई के अलावा कुछ नहीं आता”

अमित द्विवेदी,

स्वयं अपने बयानों से हंसी फ़ैलाने वाले राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) अध्‍यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी को जोकर कहा है। लालू यादव ने कहा, “राहुल गांधी जोकर हैं, वे सिर्फ जोकरई करते हैं, उन्‍हें कुछ नहीं आता।”

मथुरा के छटीकरा रोड पर बने सीता-राम मन्दिर में पूजा-अर्चना करने के बाद लालू ने यह बयान दिया।उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव की व उनकी शुरू की गई योजनाओं की जम कर तारीफ की। लालू ने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी उत्‍तर प्रदेश में दोबारा सरकार बनाएगी।

लालू प्रसाद यादव ने तपस्वी नारायण दास को याद करते हुए कहा कि वे संत थे, लेकिन भाजपा और आरएसएस के लोग पाखंड फैला रहे हैं। अखिलेश यादव की ओर से युवाओं को मोबाइल फोन बांटे जाने की घोषणा की भी लालू ने तारीफ की।

लालू यादव अक्‍सर कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी की तारीफ करते रहते हैं, ऐसे में अचानक राहुल गांधी को जोकर कहकर उन्होंने सबको चौंका दिया है। वैसे बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी लालू यादव ने राहुल गांधी के साथ मंच साझा करने से इनकार कर दिया था। अब देखना यह है कि कांग्रेस की और से इसका क्या जवाब आता है।

गौरतलब है कि बिहार में राजद, जदयू और कांग्रेस मिलकर सरकार चला रही हैं। तीनों पार्टियों ने मिलकर विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मुलायम सिंह यादव ने लालू से नाता तोड़कर अपनी पार्टी को अलग से चुनाव लड़ाया था। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार की पार्टी भी इस बार भाग्‍य आजमा रही है। ऐसे में लालू का राहुल को जोकर कहना और अखिलेश की तारीफ करना कुछ अलग इशारे कर रहा है।

जर्मनी की एंजेलिक कर्बर ने जीता ‘यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट का महिला एकल का खिताब’

शिखा पाण्डेय,

विश्व की नं. एक खिलाड़ी बनने जा रही जर्मनी की एंजेलिक कर्बर ने अपना पहला ‘यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट का महिला एकल का खिताब’ जीत लिया है। 28 वर्षीय कर्बर ने विश्व में नंबर एक खिलाड़ी बनने तथा पहला यूएस ओपन जीतने का शानदार जश्न मनाया।

कर्बर ने जीत के बाद कहा, ‘‘ इस जीत को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती। एक साल में दूसरा ग्रैंडस्लैम जीतना शानदार है। यह मेरे करियर का सर्वश्रेष्ठ साल रहा। मैंने पांच साल पहले यहां सेमीफाइनल में पहुंचकर शुरुआत की थी और अब मेरे हाथ में ट्राफी है। ” इस साल के शुरू में आस्ट्रेलियाई ओपन जीतने वाली कर्बर ने चेक गणराज्य की दसवीं वरीय कारोलिना पिलिसकोवा को यूएस ओपन फाइनल में तीन सेट तक चले कड़े मुकाबले में 6-3, 4-6, 6-4 से हराया।

विश्व नं. वन रही अमेरिकी खिलाड़ी सेरेना विलियम्स के यूएस ओपन सेमीफाइनल में पिलिसकोवा के हाथों हारने के साथ ही कर्बर ने अपने लिये विश्व में नंबर एक स्थान सुरक्षित कर लिया था। सोमवार को रैंकिंग जारी होने पर वह आधिकारिक रुप से नंबर एक खिलाड़ी बन जाएंगी।

कर्बर ने सेरेना को पछाड़ कर नं. वन रैंक हथियाने पर कहा, ‘‘नंबर एक बनना और ग्रैंडस्लैम खिताब जीतना बचपन से मेरा सपना था। यह मेरे लिये बहुत मायने रखता है। ” आपको बता दें कि बायें हाथ से खेलने वाली कर्बर ने आस्ट्रेलियाई ओपन में सेरेना विलियम्स को हराकर कह ख़िताब जीता था, लेकिन विंबलडन फाइनल में वह सेरेना से हार गयी थीं।

शहाबुद्दीन की जमानत बिहार सरकार की साज़िश -भाजपा

अमित द्विवेदी,

भाजपा ने  गैंगेस्टर से राजनीतिज्ञ बने मोहम्मद शहाबुद्दीन की ज़मानत को बिहार की नीतीश कुमार सरकार की साज़िश करार दिया है। भाजपा का आरोप है कि नितीश सरकार ने हत्या के संगीन मामले के दोषी शहाबुद्दीन के खिलाफ अदालत में एक ‘कमजोर मामला’ पेश करके उनकी जमानत में भूमिका निभायी। भाजपा ने कहा कि नितीश सरकार को स्वीकार करना चाहिए कि बिहार में ‘जंगल राज’ स्थापित हो गया है।

भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “नितीश सरकार ने अपना मामला रखने के लिए अच्छे वकील नहीं रखे। सरकार ने एक कमजोर मामला पेश किया और शहाबुद्दीन को जमानत मिल गई। सरकार अपराधियों की नकेल कसने में नाकाम रही है।” हुसैन ने शहाबुद्दीन की रिहायी के बाद हुई धूमधाम का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के मंत्री और विधायक भी उस जुलूस का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि शहाबुद्दीन की रिहायी से अपराधियों का मनोबल बढ़ा है।

हुसैन ने राज्य की कानून एवं व्यवस्था पर भी सवाल उठाये क्योंकि सत्ताधारी पार्टी से जुड़ा और आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा कोई व्यक्ति सीधे सरकार के मुखिया पर निशाना साध रहा है। हुसैन ने राज्य सरकार व कानून व्यवस्था पर निशाना साधने के लिए शहाबुद्दीन की इस टिप्पणी का इस्तेमाल किया कि “नितीश कुमार परिस्थितिवश मुख्यमंत्री हैं।” हुसैन ने कहा, “इस जंगलराज में राजद का कोई भी नेता सरकार के मुखिया को अपना नेता मानने को तैयार नहीं है।”

हुसैन ने कहा कि भाजपा सड़क पर उतरेगी और राज्य के लोगों का साथ देगी, क्योंकि बिहार में कथित तौर पर ‘भय का माहौल’ बनाया जा रहा है। हुसैन ने कहा, “हम मुख्य विपक्षी पार्टी होने के नाते इस भय के माहौल में चैन से नहीं बैठ सकते। हम अपराधियों के खिलाफ खड़े होंगे। हम प्रत्येक मोड़ पर सरकार को बेनकाब करेंगे।”

गौरतलब है कि सिवान से चार बार के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन को पटना उच्च न्यायालय ने 2004 के हत्या के मामले में सज़ा हुई थी। गत 7 सितम्बर को उन्हें जमानत दी गई और 13 साल बाद कल शहाबुद्दीन जेल से रिहा हुए। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी नितीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि शहाबुद्दीन उनके ‘सुशासन’ के बारे में संदेश फैलाने में मदद करेंगे।

कन्हैया ने ली एबीवीपी की चुटकी, कहा- ‘देश जानना चाहता है, एबीवीपी का क्या हुआ?’

शिखा पाण्डेय,

जेएनयू छात्र संघ चुनाव में वाम गंठबंधन द्वारा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव के पद पर आइसा-एसएफआइ गंठबंधन के कब्ज़ा जमाते ही ‘कन्हैया की बांसुरी’ एक बार फिर बज उठी है। कन्हैया कुमार ने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा है,”नेशन वांट्स टू नो… वाट हैंपनड टू  #ABVP इन #JNUSUPolls?” (देश जानना चाहता है.. जेएनयूएसयू चुनावों में एबीवीपी का क्या हुआ?)

पिछली बार संयुक्त सचिव की एक सीट जीतने वाली अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद  का इस बार खाता भी नहीं खुल पाया। आइसा के मोहित पांडे जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गये, जबकि अमल पीपी ने उपाध्यक्ष, शतरूपा चक्रवर्ती ने महासचिव और तबरेज हसन ने संयुक्त सचिव का पद हासिल किया। यहां तक की काउंसिलर के चुनाव में भी 15 सीटों में से 14 पर आइसा-एसएफआइ गंठबंधन ने कब्जा जमाया। अध्यक्ष चुने गए मोहित यूपी के लखीमपुर खीरी के निवासी हैं। जीत के पश्चात् मोहित ने कहा, “जेएनयू का रिजल्ट पूरे देश के लिए एक संदेश है।”

वाम दल की कड़ी प्रतियोगी एबीवीपी को जेएनयू छत्रसंघ चुनावी परिणामों से ज़बरदस्त झटका लगा, लेकिन हाल ही में गठित बाप्सा ने वाम गंठबंधन को कड़ी टक्कर दी। बाप्सा के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राहुल पुनराम दूसरे स्थान पर रहे।

गौरतलब है कि जेएनयू कैंपस में हाल में हुए विवादों की वजह से इस बार छात्र संघ का चुनाव राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण था। छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को हुआ था और  इस बार चुनाव में रिकॉर्ड 59 प्रतिशत मतदान हुआ था।

JNU में लेफ्ट गठबंधन ने मारी बाज़ी, सभी सीटें अपने नाम की

अमित द्विवेदी,

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव परिणाम के बाद सब जेएनयू के परिणाम का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। जेएनयू में एक बार फिर से लेफ्ट ने बाज़ी मारी है। AISA और SFI के गठबंधन ने सभी चारों सीटों पर कब्ज़ा जमा लिया है। अध्यक्ष पद पर AISA के मोहित पांडे ने जीत दर्ज की है, जबकि अमल पीपी ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है।

जेएनयू में शनिवार देर रात छात्र संघ चुनाव के नतीजे घोषित हुए। नतीजों के मुताबिक, अध्यक्ष पद पर मोहित कुमार पाण्डेय, वाइस प्रेजीडेंट पद पर अमल पीपी, तबरेज हसन जाइंट सेक्रेटी और सतरुपा चकवर्ती ने सेक्रेटरी पद पर जीत हासिल की है।

इस बार जेएनयू में रिकॉर्ड मतदान हुआ था। आंकड़े की मानें तो पिछली बार से ये प्रतिशत ज़्यादा मतदान हुआ था। रात में ही जीत की खबर आते ही विश्वविद्यालय में जश्न का माहौल बना हुआ है।

मुलायम ने खेला ‘मुस्लिम कार्ड’, कहा- ‘बीजेपी ने गिराया मस्जिद का ढांचा इसलिए हमारी सरकार बनी’

अनुज हनुमत,

एक तरफ राहुल गांधी अपनी किसान यात्रा से कांग्रेस को यूपी में होने वाले सियासी दंगल में जीत दिलाना चाहते हैं तो वहीं दूसरी ओर विधानसभा चुनावों से पहले ‘मुस्लिम कार्ड’ खेलते हुए सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने भी आज कहा कि बीजेपी ने अयोध्या में विवादित ढांचा गिरवा दिया था और उसके बाद मुसलमानों ने सपा की सरकार बनवाई ।

सपा सुप्रीमों ने दावा किया कि जनता एक बार फिर भारी बहुमत से सपा की सरकार बनवाएगी । अपने तीखे बयानों के लिए मशहूर सपा प्रमुख ने ‘मुलायम संदेश यात्रा’ की शुरुवात के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘‘बीजेपी ने मस्जिद गिरवा दी थी और इसके बाद मुसलमानों ने हमारी सरकार बनवायी ।” उन्होंने कहा, “मुसलमान हमारे खिलाफ नहीं हैं और अयोध्या में हमने किसी को मरवाया नहीं, फिर भी मुकदमा लिखा दिया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं और मुसलमानों को पार्टी से ज्यादा जोड़ना है । उन्होंने जोर देते हुए स्पष्ट अंदाज में कहा कि ना ही मुसलमान हमारे ख़िलाफ़ हैं और ना ही दूसरी पार्टी के मुस्लिम नेता हमारे खिलाफ बोलते हैं। मुसलमान सबसे ज्यादा पिछड़े हैं इसलिए हमने कई भर्तियां की और अब हर थाने में मुसलमान सिपाही हैं।’’

उन्होंने कहा कि मुस्लिम वर्ग पिछड़ा है और हमारी सरकार ने उसे आगे बढ़ाने का काम किया है। हमारे यही नौजवान एक बार फिर सरकार बनवाएंगे। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने लखनऊ के चिकन के कपड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्व में चिकन के कपड़े मशहूर हैं, जिन्हें लखनऊ के मुसलमान बनाते हैं। आज हर नौजवान संकल्प करके जाएगा कि फिर सपा की सरकार बनेगी।

सपा सुप्रीमो ने कहा, ‘‘अभी सभी नौजवानों को नौकरी नहीं मिली है, अबकी बार सरकार बनेगी तो सभी को कुछ न कुछ रोजगार देंगे। किसी नौजवान का हाथ खाली नहीं होगा । वैसे अगर देखा जाये तो मुलायम सिंह यादव और सपा का मुस्लिम प्रेम नया नहीं है लेकिन चुनाव की घड़ी जैसे जैसे नजदीक आ रही है नेताओं का जाति और धर्म से जुड़ा प्रेम और भी ज्यादा बढ़ता जा रहा है ।

अपने ट्वीट से कपिल खुद परेशान, एमएनएस ने घर के सामने किया प्रदर्शन

Kapil Sharma during press conference of Zee TV's Star Ya Rockstar at hotel Hometel in Industiral Area Ph-1 of Chandigarh. *** Local Caption *** Kapil Sharma during press conference of Zee TV's Star Ya Rockstar at hotel Hometel in Industiral Area Ph-1 of Chandigarh. Express Photo by kamleshwar Singh / chandigarh

अनुज हनुमत,

कपिल शर्मा के बीएमसी पर ट्वीट वाले विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया है कि, कपिल खुद वह ट्वीट कर बड़ी मुसीबत में पड़ गए हैं। आज मनसे के कार्यकर्ताओ ने उनके घर के सामने प्रदर्शन किया। कपिल शर्मा ने आज विवाद को बढ़ता देख पुनः सफाई देते हुए स्पष्ट किया, “मैंने केवल भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई है। मैंने किसी पार्टी पर आरोप नहीं लगाया।” उन्होंने कहा की भाजपा ,मनसे या शिवसेना का दोष नहीं है।

आपको बता दें कि देश के जाने-माने कॉमेडियन कपिल शर्मा ने दफ्तर बनाने के लिए मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी पर घूस मांगने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। बड़ी बात यह कि कपिल ने पीएम नरेंद्र मोदी को टैग कर ट्वीट में लिखा कि क्या अच्छे दिन आ गए? कपिल ने घूस मांगने का आरोप तो लगा दिया लेकिन घूस मांगने वाले अधिकारी का नाम नहीं बताया। इसके बाद इस पूरे मामले में नया मोड़ आ गया।

बीएमसी सूत्रों से खबर आई की कपिल अवैध निर्माण करवाना चाहते थे और उसके लिए उन्हें जुलाई में बीएमसी से नोटिस भी भेजा गया था और अगस्त में अवैध निर्माण तोड़ा भी गया था। अवैध निर्माण के आरोप पर अभी कपिल शर्मा का जवाब नहीं आया है।

राहुल का चुनावी चूरन, कहा- ‘यूपी में हमारी सरकार बनी तो किसानों का कर्ज होगा माफ़’

अनुज हनुमत,

यूपी में अपनी चल रही किसान रैली को लेकर लगातार विवादों में घिरने के बाद भी कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इस सियासी जंग में हार मानते नहीं दिख रहे हैं। आज उनका काफिला उत्तर प्रदेश के जौनपुर पहुंचा, जहाँ किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का सारा कर्ज माफ किया जाएगा।

‘देवरिया से दिल्ली’ तक किसान महायात्रा को लेकर आज जैसे ही कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का काफिला जौनपुर पहुंचा, तो समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जौनपुर में राहुल गांधी का रोड शो शाहगंज पब्लिक इंटर कालेज में पहुंचा। जहां पर इस रोड शो का जोरदार स्वागत किया गया। आपको बता दें कि  कुछ ही महीनों में यूपी के विधानसभा चुनाव आने वाले हैं, ऐसे में राहुल गांधी किसानों को लुभाने का कोई मौक़ा नहीं छोड़ना चाहते। आज इसी क्रम में मौके पर सियासी चौका मारते राहुल गांधी ने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार बनी, तो किसानों का कर्ज माफ कर दिया जायेगा।

मोदी सरकार है किसान विरोधी-

राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने इससे पहले भी यह किया है। उन्होंने जनता से बातचीत के दौरान मोदी सरकार को किसान विरोधी व पूंजीपतियों की सरकार बताया। आगे राहुल गांधी ने कहा कि देश तथा प्रदेश का किसान दाल को 40 रुपये किलो मार्केट में बेचता है वही दाल बाद में उसे 200 रुपये किलो में खरीदने पर मिलती है। प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि मोदी ने जनता को 15 लाख रुपया देने का वादा पूरा नहीं किया, बल्कि मोदी जी स्वयं 70 लाख का कोट जरूर पहनते हैं।

किसानों के साथ खेतासराय पहुंचने पर उन्होंने कहा कि हमने गरीब मजदूरों के हित के लिए मनरेगा प्रारम्भ किया, मगर मोदी को गरीबों से कोई मतलब नहीं है। प्रधानमन्त्री जी तो केवल विदेश यात्रा कर रहे हैं। उनको जनता की कोई चिंता नही है। आगे शाहगंज में पहुंचने पर राहुल गांधी ने कहा कि मोदी ने चुनाव के समय जो कर्ज व्यापारियों से लिया था, उसे अब चुका रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस की सरकार आएगी तो किसानों का कर्ज माफ होगा।

यूपी में बिजली नहीं आती, बिल पहले आ जाता है-

आपको बता दें इससे पूर्व अम्बेडकरनगर के मालीपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली नहीं आती, बिल पहले आ जाता है। बिजली का बिल हाफ और किसानों का कर्ज माफ होना चाहिए। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन चलाने का सपना दिखा ट्रेनों का किराया बढ़ा दिया। उन्हें देश की जनता की फिक्र नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर किसानों के कर्ज की सूची तैयार करेंगे। इस सूची को वह प्रधानमंत्री को सौंप कर्ज माफी का दबाव बनाएंगे।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसाना यात्रा का आज पांचवा दिन है और  राहुल आज अम्बेडकर नगर, जौनपुर होते हुए आज़मगढ़ पहुंचेंगे। यूपी में महीने भर चलने वाली कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसान यात्रा बकरीद होने के कारण 12 और 13 सितंबर को दो दिन के लिए रूकेगी और यह 14 सितंबर को एक बार फिर से शुरू होगी।

आज लगातार पांचवें दिन भी कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित समाजवादी पार्टी पर कोई कड़ा प्रहार नही किया । शायद कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी के मौजूदा रवैये से यह स्पस्ट कर दिया है कि वह यूपी के आने वाले चुनावों में सीधे नरेंद्र मोदी और भाजपा से टक्कर लेंगे पर ये तो आने वाला समय ही बताएगा की प्रशांत किशोर अपने इस चुनावी गणित में फेल होंगे या पास!