28.5 C
Mumbai
Monday, August 10, 2026
Home Blog Page 1073

बिना आधार कार्ड भगवान भी नहीं देंगे दर्शन!

आधार से बैंक-मोबाइल को लिंक करने की तिथि बढ़ी

शिखा पाण्डेय,

आधार कार्ड की अहमियत को कई लोग आज तक भले न समझ पाए हों, लेकिन भगवन भी उसकी अहमियत को समझ चुके हैं और उसके बिना उन्होंने दर्शन देने या अपना प्रसाद देने से इनकार कर दिया है। जी हां! अब मात्र बैंकों व सरकारी कामकाजों में ही नहीं, बल्कि मंदिर में भगवन के दर्शन व प्रसाद के लिए भी आधार कार्ड अनिवार्य होगा। आप बिना आधार कार्ड के मंदिर के अंदर तो जा सकेंगे लेकिन बिना आधार कार्ड भगवान के दर्शन और प्रसाद नहीं पा सकेंगे।

पैदल चलकर तिरुमाला पहाड़ी पर स्थित भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष प्रवेश दर्शन और लड्डू के लिए पहचान पत्र के तौर पर आधार कार्ड होना आवश्यक है। मंदिर के जन संपर्क अधिकारी टी रवि ने बताया कि यह व्यवस्था केवल विशेष प्रवेश दर्शन और लड्डू पर ही लागू होगी। वर्तमान में मंदिर में दर्शन करने वाले भक्तों को एक लड्डू मुफ्त और दो लड्डू छूट के साथ मिलते हैं। इसके साथ ही स्पेशल एंट्री की भी व्यवस्था है।

टी रवि के मुताबिक जिन श्रद्धालुओं के पास आधार नहीं हो वह कोई अन्य अधिकृत पहचान पत्र,जैसे पासपोर्ट, वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड दिखा सकते हैं। जो लोग आईडी प्रूफ जमा नहीं करेंगे उन्हें तिरुमाला तक आने की इजाजत तो मिलेगी, लेकिन विशेष प्रवेश, दर्शन और लड्डू नहीं मिलेंगे। उन्होंने बताया कि कुछ लोग सुविधाओं का दुरुपयोग करने लगे थे, इसलिए मंदिर को चलाने वाले तिरुमाला तिरुपति के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर डी संबाशिव राव की ओर से गुरुवार को यह फैसला लिया है, ताकि सुविधाओं के दुरुपयोग को रोका जा सके।

उल्लेखनीय है कि तिरुपति वेन्कटेशवर मन्दिर तिरुपति मे स्थित एक प्रसिद्ध मन्दिर है। तिरुपति भारत के सबसे प्रसिद्ध तीर्थस्थलों में से एक है। यह आंध्रप्रदेश के चित्तूर जिले में स्थित है। प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं।

‘मन की बात’ में मोदी ने भ्रष्टाचारियों को ललकारा, “तुम डाल-डाल हम पात-पात”

शिखा पाण्डेय,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 27 वें संस्करण में देश को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने नोट बंदी से लेकर कैशलेस इकॉनमी, दिव्यांग जनों से लेकर खेल जगत में भारत की तरक्की तक अनेकों मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर उन्हें नमन किया व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि वर्ष 2017 सभी के लिए मंगलमय हो व देश व देशवासियों को नयी ऊंचाईयों पर ले जाये।

पीएम ने सभी देशवासियों को क्रिसमस की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने ईसा मसीह द्वारा गरीबों की सेवा का ज़िक्र करते हुए एक कहानी सुनाई, जिसके द्वारा उन्होंने गरीबों के योगदान को अति महत्त्वपूर्ण बताया। क्रिसमस के अवसर पर पीएम ने आज से केंद्र सरकार द्वारा शुरू की जा रही दोनों योजनाओं, ‘लकी ग्राहक योजना’ और ‘डीजी धन व्यापर योजना’ के विषय में बताया। पीएम ने बताया कि 50 रु. से ज़्यादा व 3000रु. से कम के डिजिटल लेन देन पर सरकार आज से अगले 100 दिनों तक प्रतिदिन 15000 ‘लकी’ लोगों को 1000-1000 रूपये का ईनाम देगी। इसके अलावा डीजी धन व्यापार योजना में तहत डिजिटल लेन देन करने वाले लकी व्यापारियों को इनाम दिया जायेगा। इसके अतिरिक्त सप्ताह में एक बार बड़ा ड्रा निकाला जाएगा, और बड़ा ईनाम मिलेगा। 14 अप्रैल को डॉ. आंबेडकर जयंती पर बम्पर ड्रा निकाला जाएगा।

पीएम ने बताया की कैशलेस कारोबार में 200-300 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। कैशलेस व्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने इनकम टैक्स में छूट देने की भी घोषणा की है। मोदी ने आँध्रप्रदेश व आसाम का ज़िक्र करते हुए राज्य सरकारों द्वारा इस दिशा में उठाये गए सकारात्मक कदमों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि तमाम इनफॉर्मल सेक्टर, जहाँ मजदूरों का शोषण हो रहा था, उन्हें उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा था, उन तामम क्षेत्रों में कैशलेस ट्रांसक्शन से भ्रष्टाचार ख़त्म होगा और मजदूरों को उनका हक मिलेगा। मोदी ने नौजवानों से नए नए सुझावों और टेक्नोलॉजी के ज़रिये अपना योगदान देने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने बताया कि नोट बंदी के बाद उन्हें इससे संभंधित तमाम सन्देश भेजे गए। इमेल्स व माय गॉव ऐप पर मिले तमाम संदेशों को उन्होंने 3 भागों में बांटा है। पहले भाग में लोगों ने नोट बंदी के बाद हो रही तमाम असुविधाओं की जानकारी दी है। दूसरे भाग में लोगों ने कहा है कि नोट बंदी एक प्रशंसनीय और पवित्र कदम है,लेकिन उन्होंने उसमें होने वाली तमाम धांधलियों का ज़िक्र किया है। और तीसरे भाग में लोगों ने इस कदम को एक कठोर कदम बताते हुए और मजबूती से आगे बढ़ने और भ्रष्टाचार के खिलाफ और कड़े कदम उठाने को कहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ” तमाम परेशानियों के बावजूद हम पूरे देश से योगदान का अनुभव कर रहे हैं। आपकी पीड़ा मेरी पीड़ा है। लेकिन उत्तम ध्येय के लिए, पवित्र लक्ष्य के लिए थोड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मेरे देशवासी ‘एजेंट ऑफ़ चेंज’ हैं। देशवासियों ने न केवल परेशानी उठायी, बल्कि विरोधियों को करारा जवाब भी दिया है। देशवासियों ने तमाम अफवाहों और अफवाह उड़ाने वालों को बेनकाब किया।” मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ महायज्ञ में 125 करोड़ देशवासियों ने अपना योगदान दिया है।

नोट बंदी के बाद नियमों में हुए तमाम बदलाव पर मोदी ने कहा कि जनता की ज़रूरतों को देखते हुए, उनकी सुविधा के अनुसार, उनकी मांगों में अनुसार संवेदनशील सरकार ने तमाम बदलाव किए क्योंकि यह सरकार जनता की सरकार है और जनता के लिए समर्पित है। नोटबन्दी के बाद से भ्रष्टाचारी तमाम प्रकार के नए भ्रष्टाचारी नुस्खे निकालते गए, लेकिन उसके अनुसार हम बदलाव भी करते गए। भ्रष्टाचारी ये भूल गए, कि ‘तुम डाल डाल तो हम पात पात।’ मोदी ने आये दिन पकड़े जा रहे काले धन के सीक्रेट का खुलासा करते हुए बताया कि इन काले कारनामों की जानकारी हमें जनता जनार्दन द्वारा ही दी गई। तमाम बदलावों के साथ भारत की वैश्विक रैंकिंग में सुधार पर मोदी ने प्रसन्नता जताई।

संसद के शीतकालीन सत्र के उचित ढंग से न चल पाने पर मोदी ने दुःख व्यक्त किया लेकिन इस बीच दिव्यांगों के लिए पारित हुए एक बिल पर उन्होंने प्रसन्नता जताई और पैरालिम्पिक्स में भारत द्वारा 4 मेडल्स जीतने को पूरे देश के लिए गर्व का अनुभव बताया। मोदी ने बताया कि पहले दिव्यांगों की मात्रा 7 श्रेणियां थीं, लेकिन अब उन्हें बढ़ाकर 21 कर दिया गया है जिसमें पार्किंसन, बौनापन,थैलीसीमिया आदि को भी समाविष्ट किया गया है।

प्रधानमंत्री ने टेस्ट मैच में भारत द्वारा इंग्लैंड को 4-0 से हराने पर भारतीय टीम को ढेरों बधाइयां दीं। भारत द्वारा 15 साल बाद जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप जीतने पर भी टीम को बधाई दी व महिला हॉकी खिलाडियों द्वारा एशिया कप जीतने पर भी उनको बधाई दी।

रिलीज़ होने के पहले ही लाखों लोगों ने देख लिया था ‘दंगल’!

आशीष पाण्डेय,

हरियाणा के पहलवान महावीर फोगाट के जीवन पर आधारित फिल्म दंगल ने अपना बेहतरीन खाता खोलते हुए पहले ही दिन लगभग 29 करोड़ रुपयों की कमाई भले कर ली हो, लेकिन फिल्म से संबंधित एक बुरी खबर यह है कि आमिर खान अभिनित फिल्म ‘दंगल’ रिलीज़ होने से पहले ही इंटरनेट पर लीक हो गई और लाखों लोगों द्वारा मुफ्त में देख भी ली गई।

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक दुबई के एक लड़के ने फिल्म को इंटरनेट पर लीक कर दिया है। खबर के मुताबिक लड़के ने पूरी फिल्म अपने फेसबुक पेज पर अपलोड कर दी। इतना ही नहीं, लड़के ने अपने फेसबुक पेज का प्रोफाइल फोटो तक चेंज कर दिया। हालांकि कॉपीराइट इश्यूज़ के चलते वीडियो को पेज से रिमूव कर दिया गया है, लेकिन इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि इस दौरान कितने लोगों ने इसे डाउनलोड किया, साथ इस ही बात का भी कोई भरोसा।नहीं कि वे फिल्म को आगे सर्कुलेट नहीं करेंगे। जानकारी के मुताबिक वीडियो को डिलीट किए जाने तक वीडियो को 8 लाख 33 हजार से भी ज्यादा लोगों ने देखा है।

आपको बता दें कि ‘दंगल’ का शुक्रवार, 23 दिसंबर का कलेक्शन 29.78 करोड़ रुपए है। फिल्म में महावीर सिंह फोगाट के जीवन की असल जद्दोजिहत को दर्शाया गया है। इसमें दिखाया गया है कि किस प्रकार उन्होंने बेटे की कमी को नज़रंदाज़ करते हुए अपनी बेटियों को पहलवानी के लिए ट्रेन किया और फिर उनकी बेटियों,गीता और बबिता ने देश के लिए कई गोल्ड मेडल लाकर नाम रोशन किया।

देश भर की 4300 स्क्रीन्स पर रिलीज की गई ‘दंगल’ में आमिर खान पहलवान महावीर सिंह फोगाट की भूमिका में हैं और उनकी बेटियों गीता और बबिता का किरदार निभाया है फातिमा सना शेख और सन्या मल्होत्रा ने।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देश से बाहर फिल्म की कमाई की यदि बात करें तो दंगल ने ऑस्ट्रेलिया में दो दिन में 1.22 करोड़ रुपए कमाए और न्यूजीलैंड में यह आंकड़ा दो दिन के लिए 43.31 लाख रहा। बाहरी देशों में फिल्म को तकरीबन 1000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है।

पीएम मोदी क्रिसमस पर बनेंगे सैंटा, बाटेंगे तोहफे!

जटाशंकर पाण्डेय,

पूरे देश को भ्रष्टाचार रहित और ‘लेस कॅश’ इकॉनमी बनाने की दिशा में प्रयासरत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्रिसमस के मौके पर देशवासियों के लिए सांता क्लॉज बनेंगे और जनता को तोहफे देंगे। जी हां! 8 नवंबर के बाद से शुरू हुए डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार ने क्रिसमस के दिन से पुरस्कार देने की घोषणा की है। डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहन देने की इस योजना पर अनुमानित खर्च 340 करोड़ रुपए आएगा।

दरअसल, 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन योजनाओं की शुरुआत करने जा रहे हैं, जिनके तहत डिजिटल पेमेंट करने वाले ग्राहकों और दुकानदारों को तोहफा दिया जाएगा। पीएम क्रिसमस के मौके पर दो योजनाओं, ‘लकी ग्राहक योजना’ और ‘डिजी धन व्यापार योजना’ का शुभारंभ करेंगे। यह योजना अगले 100 दिनों तक चलेगी, जिसके तहत कुल 340 करोड़ रुपये बांटे जाएंगे। पुरस्कार दैनिक, सप्ताहिक आधार पर दिये जायेंगे साथ ही बड़ा नकद पुरस्कार भी दिया जायेगा। ‘लकी ग्राहक योजना’ के तहत अगले 100 दिनों तक करीब 15000 विजेताओं को 1000 रुपये का ईनाम प्रतिदिन दिए जाएंगे।

नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) 25 दिसंबर से अगले 100 दिन तक 15,000 विजेताओं की घोषणा करेगा। प्रत्येक विजेता को 1,000 रुपए दिए जाएंगे। ग्राहकों तथा दुकानदारों के लिए 7,000 साप्ताहिक पुरस्कार होंगे। उपभोक्ताओं के लिए मेगा पुरस्कार एक करोड़ रुपए, 50 लाख और 25 लाख रुपए का होगा। मर्चेंट या दुकानदारों के लिए यह 50 लाख, 25 लाख और 5 लाख रुपए होगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कान्त ने ‘लकी ग्राहक योजना’ और ‘डिजी धन व्यापार योजना’ की घोषणा करते हुए कहा था कि इनके दायरे में 50 रुपए से लेकर 3,000 रुपए तक के छोटे लेनदेन आएंगे। इसका मकसद समाज के प्रत्येक वर्ग को डिजिटल भुगतान के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया था कि इसका पहला ड्रॉ 25 दिसंबर को होगा और ‘मेगा ड्रॉ’ 14 अप्रैल को डॉक्टर अम्बेडकर की जयंती पर होगा।

इस बैंक में पैसे के लिए नहीं, कपड़े के लिए लगती है लाइन

सौम्या केसरवानी,

नोटबंदी के बाद देश भर में लोगों से सामने कैश की किल्लत खड़ी है। जिसके बाद बैंक में लोगों की लम्बी लाइन देखने को मिल रही है। ऐसी ही लाइन यूपी के औरैया जिले के एक बैंक में भी देखने को मिली। लेकिन ये लाइन पैसों के लिए नहीं बल्कि गरम कपडें के लिए लगी थी।

आप को ये बात शायद अजीब लग रही हो, लेकिन ये शत प्रतिशत सही है। यूपी के औरैया में एक अनोखा बैंक खुला है, जिसमें कपडे मिलते हैं। आम बैंकों में भले ही इस नोटबंदी के दौर में सभी तरह की नोट न मिलें लेकिन इस बैंक में आप को हर साइज़ के कपडे मिल जायेंगे। इस बैंक में गरीब पुरुष, महिला और बच्चों को निशुल्क ऊनी वस्त्र दिये जा रहे हैं।
कुछ समाजसेवियों ने औरैया में एक वस्त्र बैंक खोला है, जिसमें गरीब व असहाय लोगों को फ्री में कपड़े दिये जा रहे हैं। ये अनूठी पहल की है औरैया शहर के कुछ खास युवा समाजसेवियों ने।

दरअसल कुछ दिनों पहले शिवम विश्नोई नाम के एक युवा को बस स्टैंड के पास कुछ लोग सर्दी मे कांपते हुए नज़र आये। विश्नोई ने जब उनसे पूछा तो पता चला कि उनके पास सर्दी से बचाव के लिये कोई गर्म कपड़े नहीं हैं। जिसके बाद शिवम ने कुछ युवाओं की टीम तैयार की। जो गली मोहल्ले मे जा कर घर में अनुपयोगी कपड़ो को गरीबों के लिये इकठ्ठा करते थे, जब कपड़े इकठ्ठा हो गया तो शिवम और उनके साथी युवाओं ने कपड़ों का एक बैंक खोला। इस बैंक में वो गरीब और असहाय लोगों को कपड़े निःशुल्क उपलब्ध कराने लगे। शिवम विशनोई और उनकी टीम प्रतिदिन शहर के मोहल्लों मे घर घर कपड़ों को लेकर आते हैं और वस्त्र बैंक मे जमा कराते है।

विशनोई और उनके साथियों की इस एक छोटी सी पहल ने बहुत से लोगों को भी जागरूक किया है। जिसके बाद बहुत से प्रतिष्ठित लोग भी आगे आये और इस बैंक को अपना योगदान दे रहे हैं। इस बैंक से आने से अब गरीबों को तन ढकने के लिये वस्त्र मिल रहा है।

SSP वाराणसी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता, आठ अभियुक्त गिरफ्तार

अरविन्द मौर्या,

वाराणसी। गाड़ियों का शीशा तोड़ कर सामान चुरा लेने जैसी कई घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग के सदस्य आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गए। एस एस पी नितिन तिवारी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरूवार को सारनाथ रेलवे स्टेशन के पास से चोरों के इस गैंग को धर दबोचा। चोरों के इस गैंग में दो पुरुष समेत तीन नाबालिग बच्चे और तीन महिलाएं भी शामिल हैं। ये सभी महाराष्ट्र के नांदुरवार जिले के निवासी है।

पुलिस लाईन में आयोजित एक प्रेसवार्ता में एस एस पी नितिन तिवारी व एस पी क्राइम त्रिभुवन सिंह ने बताया कि पूरा परिवार एक गैंग की तरह काम करता है। ये एक विशेष प्रकार की गुलेल में छर्रे का इस्तेमाल कर गाड़ियों के शीशे पर हमला करते थे। बाद में क्रैक हो गए शीशे को तोड़कर ये गाड़ी में से सारा सामान चोरी कर लेते थे। गिरफ्तार अभियुक्त विश्वनाथ नायडू, वेंकटेश, तीन नाबालिग बच्चे और तीन औरतें नंदुरवार (महाराष्ट्र) रेलवे स्टेशन के पास टोलियों में तम्बू लगाकर खानाबदोशों की तरह रहते थे। आस पास के इलाकों में रेकी कर चोरी करते थे। इन लोगो ने गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के कई जिलो में इस तरह की अपराधिक घटना को अंजाम दिया है।

एस एस पी ने बताया कि इनके गैंग के देवा, राहुल, कन्ना नाम के अपराधी फरार हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इनके पीछे स्थानीय लोगों का भी हाथ होने की बात कप्तान ने कही। कप्तान ने बताया कि गिरफ्त में आए एक अभियुक्त जो कि बाद में फ़रार हो गया के द्वारा कुछ क्लू मिले थे, जिनके आधार पर इन्हें पकड़ा गया।

इनके पास से 12 और 315 बोर के दो तमंचे, 13 चोरी के मोबाईल, एक टैबलेट, पीली धातू के 3 कलाई घड़ी, छह कंगन, 1 लेडीज माला, 1 कान के टप्स, 1 अंगूठी, सफ़ेद धातू के 2 कंगन, 8 पायल, सिक्के व 4 बिछुआ तथा 4 हज़ार नकद बरामद किया गया।

दोगुनी हो जाएगी देश में पेट्रोल पम्प्स की संख्या!

जटाशंकर पाण्डेय,

देश की सबसे बड़ी ईंधन कंपनी ‘एस्सार आॅयल’ देश में पेट्रोल पम्प्स की संख्या दोगुनी करने की योजना बना रही है। इस योजना के तहत अगले 12 से 18 महीनों में पेट्रोल पंप की संख्या 5,600 हो जायेगी। गुजरात के वाडीनार में दो करोड़ टन सालाना क्षमता की तेल रिफाइनरी चलाने वाली कंपनी रिफाइनरी की कुछ इकाइयों को उन्नत बनाने के लिये 1,200 करोड़ रुपए निवेश करेगी, ताकि कंपनी को मार्जिन बढ़ाने में मदद मिले।

कंपनी के चेयरमैन प्रशांत रूइया ने अपनी ताजा सालाना रिपोर्ट में कहा है, ‘‘एस्सार आॅयल के पास 2,800 पेट्रोल पंपों के साथ देश में निजी क्षेत्र में सबसे बड़ा खुदरा ईंधन नेटवर्क है। इसके अलावा परिवहन ईंधन की बढ़ती मांग को देखते हुए 2,800 से अधिक पम्प्स पर काम जारी है, जो क्रियान्वयन के विभिन्न स्तरों पर है।’

एस्सार आॅयल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एल के गुप्ता ने कहा कि कंपनी ने 1.50 डालर प्रति बैरल कच्चा तेल सकल रिफाइनरी मार्जिन का लक्ष्य रखा है। इसके लिये कंपनी ने 1600 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बनायी थी। उन्होंने कहा, ‘‘कंपनी इसमें से पिछले साल सितंबर-अक्टूबर के दौरान रिफाइनरी बंद होने के समय 400 करोड़ रुपये निवेश कर चुकी है। इसके अलावा अगले 2-3 साल में विभिन्न रिफाइनरी इकाइयों को उन्नत बनाने के लिये 1,200 करोड़ रुपए निवेश किये जाएंगे।”

उल्लेखनीय है कि कंपनी की खुदरा परिचालन से बिक्री 2015-16 में 127 प्रतिशत बढ़कर 13.4 लाख टन हो गई है, जो 2014-15 में 590,000 टन थी।

45 मिनट तक हवा में लटके रहे नवीन पटनायक

आशीष पाण्डेय,

ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक एक बड़े हादसे की चपेट में आने से बच गए। वे जिस हेलीकॉप्टर में सवार थे, वह करीब 45 मिनट तक हवा में मंडराता रहा । इस घटना के बाद कोरापुट जिले में एक एग्जिक्यूटिव इंजीनियर को उसके गैर ज़िम्मेदाराना रवैये के चलते निलंबित कर दिया गया।

राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार जयपुर सब-डिवीजन में अपना कार्यक्रम पूरा करने के बाद पटनायक दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर कोटपद के लिए रवाना हुए और उन्हें 12 बजकर 55 मिनट पर पहुंचना था, लेकिन वह दोपहर एक बजकर 35 मिनट तक कोटपद में हेलीकॉप्टर से नहीं उतर सके।

अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए हेलीपैड तैयार करने के लिए जिम्मेदार लोक निर्माण विभाग को अक्षांश, देशांतर और ऊँचाई सहित जगह का पूरा ब्योरा देना था, लेकिन उसने समय पर पायलट को ये सूचनाएं नहीं दीं, जिससे देर हुई।

उन्होंने बताया कि पायलट सही जगह की तलाश करता रहा और मुख्यमंत्री 45 मिनट तक हवा में फंसे रहे ।
विभाग के सचिव नलिन कांत प्रधान ने बताया कि इस घटना के बाद जयपुर के एग्जिक्यूटिव इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया है।

अज़ान के बीच रुके राहुल, फिर बोले, “गरीबों का खून जलाया पीएम ने”

सौम्या केसरवानी,

बहराइच में राहुल गाँधी नोटबंदी के खिलाफ रैली को संबोधित कर रहे थे, इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम ने उद्योगपतियों को लाभ पहुँचाया है। भाषण के दौरान एक वाकया ऐसा हुआ जब राहुल गाँधी बोलते-बोलते अचानक रुक गए, राहुल गाँधी काफी देर तक चुप रहे। उस वक्त ‘अज़ान’ की आवाज आ रही थी, राहुल गाँधी ने अज़ान के बाद ही फिर से बोलना प्रारंभ किया।

राहुल ने कहा कि किसान अपने बच्चों की फीस या हॉस्पिटल में ईलाज का खर्च कैश में देता है। मोदी ने गरीबों को तंग किया, इनके खून को जलाया है, खून पसीने की कमाई को मोदी ने निकालने नहीं दिया। माता-पिता के ईलाज के लिए उनके पास पैसे नहीं है।

उन्होंने कहा कि इन गरीबों को पीएम मोदी ने रुलाया है, रोजगार देने की बात करते थे मोदी जी लेकिन क्या हुआ, बंगलुरु में आईटी इंडस्ट्री बंद हो गई। यहाँ तक कि कानपुर में कई कंपनी बंद हो गई। हिंदुस्तान में नोटबंदी के बाद बेरोजगारी बढ़ गई। अब नरेंद्र मोदी बताएं कि नोटबंदी क्यों की। लाइन में खड़े लोग मर रहे हैं, लोगों को मारने का काम क्यों किया है।

मोदी ने सबसे ज्यादा धन रखने वालों को फ्री छोड़ दिया है। 50 परिवारों के पास सबसे ज्यादा पैसा है लेकिन सरकार कुछ नही करती है। किसान लोन का पैसा नहीं चुका पाए तो बैंक वाले घर आ जाते हैं, लेकिन उद्योगपतियों का कर्ज क्यों माफ़ किया।

वाराणसी: पीएम मोदी का विपक्ष पर व्यंगात्मक प्रहार

अनुज हनुमत,

नोटबन्दी के फैसले के बाद विपक्ष की तरफ से लगातार हो रहे हमलों के जवाब में, आज अपने संसदीय क्षेत्र में पीएम नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी पर व्यंगात्मक प्रहार किया। नोटबंदी के फैसले के बाद पहली बार आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहाँ पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होने के अलावा पीएम मोदी ने कई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।

पीएम मोदी आज सुबह करीब 10.30 बजे वाराणसी पहुंचे, जहां बीजेपी नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद मोदी सीधे बनारस हिंदू विश्वविद्यालय पहुंचे, जहाँ उन्होंने बीएचयू के स्वतंत्रता भवन सभागार में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर सेंटर की आधारशिला रखी।

पीएम मोदी ने कई योजनाओं का ऐलान तो किया ही साथ ही नोटबंदी पर विरोधियों को जमकर आड़े हाथों भी लिया। इस बार उन्होंने नाम लिए बिना कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भी घेरा।

उन्होंने कहा कि “आप देख रहे हैं कि देश में आजकल सफाई का एक बड़ा अभियान चल रहा है। आपको आते-जाते वक्त गंध का एक ढेर दिखता होगा। उसकी एक सीमा तक गंध महसूस होती है। लेकिन जब उसकी सफाई होनी शुरू होती है, तो गंध बढ़ जाती है। पर एक बार जब सफाई हो जाए, तो जगह खूबसूरत हो जाती है। लेकिन भोले बाबा का आशीर्वाद भी कुछ ताकत वाला है।”

मोदी ने आगे अपने भाषण में कहा कि, “मैं एक चीज़ का अनुमान करने में विफल हो गया। जब मैंने ये योजना बनाई तो मैं ये अनुमान लगाने में विफल रहा कि देश के कुछ नेता हिम्मत के साथ बेईमानों के साथ खड़े जाएंगे। पाकिस्तान सीमा पर फायरिंग के सहारे कवर देकर आतंकियों को घुसा देता है। आपने संसद में हो रही तू-तू, मैं-मैं को देखा होगा।” उन्होंने आगे कहा कि,”मेले में जेबकतरे जैसे करते हैं कि एक जेब काटता है और दूसरा एक दूसरी तरफ ध्यान ले जाता है, कैसे कैसे तरीके निकालते हैं ये?

पीएम मोदी ने कहा कि जनता को कष्ट कम नहीं हुआ है। आठ-आठ घंटे खड़े रहना पड़ा। मुंह में डाल-डाल कर पूछा जाता है, लेकिन बाद में वो कह देती है कि किया तो अच्छा है। सवा सौ करोड़ को जितना नमन करें उतना कम है। जिस सत्य को ईश्वर का आशीर्वाद है वो कभी फेल नहीं हो सकता।”

पीएम नरेन्द्र मोदी यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि,  “कुछ लोग इतना संतुलन खो बैठे है कि मैं हैरान हूं। अब बताइए हमारे पूर्व प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि देश में 50% लोग गरीब हैं। ये आपका ही तो रिपोर्ट कार्ड है। उनके एक वित्त मंत्री ने कहा कि 50% गांव में बिजली नहीं है। 2014 में तो कह रहे थे कि बड़ा विकास किया, तो क्या मैंने तार काट दिए?”

आगे पीएम मोदी ने कहा, देखिए काशी का बच्चा हूं। इधर-उधर से लेकिन तुमसे सच निकलवा के ही रहूँगा। उन्होंने अपने भाषण के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कहा कि, “उनके एक युवा नेता हैं, भाषण सीख रहे हैं। जब से बोलना सीखा है, मेरी ख़ुशी का कोई पार नहीं।”

बहरहाल पीएम मोदी आज जिस अंदाज में विरोधियों पर हमला करते दिखे, उससे इतना तो स्पष्ट है कि वो नोटबन्दी के अपने फैसले पर तनिक भी संदेह में नहीं है और न ही आने वाले दिनों में वे और उनकी सरकार इस मुद्दे पर विपक्ष के सामने झुकेगी।

आज पीएम मोदी का बनारस दौरा इसलिये भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि जल्द ही सूबे में विधानसभा चुनाव होने हैं और राजनीतिक पंडितों की मानें तो नोटबन्दी के मुद्दे ने भाजपा की साख पर बट्टा लगाने का काम किया है।