28.4 C
Mumbai
Monday, August 10, 2026
Home Blog Page 1072

खुले में शौच करने वालों की खैर नहीं, पंचायत सख़्त

शिखा पाण्डेय,

केंद्र सरकार द्वारा छेड़ी गये स्वच्छ भारत अभियान में मात्र बड़े बड़े नेता-अभिनेता ही नहीं, आम जनता भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रही है। वहीं अब भी कई ऐसे ज़िद्दी और गंदे लोग भरे पड़े हैं, जो अपनी हरकतों से बाज़ नहीं आ रहे।

ग्रामीण इलाकों में अभी भी लोग खुले में शौच कर रहे हैं। लेकिन दूसरी ओर इस समस्या से निपटने के लिए स्थानीय लोग भी अब अपने स्तर पर अभियान चलाने में जुट गए हैं। इसी के तहत महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले की चांडोल पंचायत ने खुले में शौच कर गन्दगी फैलाने वाले लोगों को सबक सिखाने के लिए अप्रतिम तरीका खोज निकाला है।

‘दैनिक भास्कर’ के मुताबिक बुलढाणा जिले की चांडोल ग्राम पंचायत ने फैसला लिया है कि खुले में शौच करने वाले व्यक्ति के साथ सेल्फी लेने वाले को 500 रुपए का इनाम दिया जाएगा। दरअसल इसके पीछे उनकी मंशा है कि खुले में शौच करने वाले की फोटो लेने पर उसे शर्मिंदगी महसूस होगी और वह ऐसा करने से बचेगा। मोदी सरकार के स्वच्छ भारत अभियान के तहत प्रशासन ने स्वच्छता की मुहिम शुरू की थी। इसमें ग्राम पंचायत ने खुले में शौच को लेकर एक प्रस्ताव रखा। पंचायत ने इस पर मुहर लगा दी है। अगले साल अप्रैल से यह फैसला लागू भी हो जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले साल भी इस पंचायत ने कुछ इसी तरीके की अनोखी मुहिम चलाई थी। बुलढाणा जिले के चिखली तहसील के 5 गावों की पंचायतों ने एचआईवी को मात देने के लिए बड़ा फैसला लिया था। इस फैसले के तहत शादी से पहले लड़के-लड़की का एचआईवी टेस्ट कराना होगा और जो एचआईवी टेस्ट में पास होगा, उन्हीं की शादी  होगी। शादी करने से पहले लड़के या लड़की को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र जाकर अपने खून की एचआईवी जांच करनी होगी और सर्टिफिकेट लेना होगा, इस तरह भावी पीढ़ियाँ एचआईवी मुक्त होंगी।

नहीं रुक रहा एक्सीडेंट का सिलसिला, कानपुर में ट्रेन के 15 डिब्बे पटरी से उतरे

सौम्या केसरवानी,

उत्तर प्रदेश के कानपुर में बुधवार सुबह एक ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 48 लोग जख्मी हैं। ट्रेन के 15 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसकी वजह से ये हादसा हुआ। घटना सुबह 5:20 की है, जब सियालदाह अजमेर एक्सप्रेस के डिब्बे कानपुर से 50 किलोमीटर दूर रुरा और मेथा के बीच पटरी से उतर गए।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रेन के 2 कोच नहर में गिर गए, जिससे ऐसी आशंका जताई जा रही थी कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि रेल अधिकारियों का कहना है कि सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है। हादसे की वजह से दिल्ली-हावड़ा रुट को बंद कर दिया गया है और रेल विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है। ये हेल्पलाइन नंबर टूंडला, इलाहाबाद, अलीगढ़ और कानपुर में जारी किए गए है।

ये हादसा किस वजह से हुआ है, इसका पता नहीं चल पाया है। हादसे के बाद ही रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने ट्विटर पर लिखा, “मैं इस मामले की खुद मॉनिटरिंग कर रहा हूं। इसके साथ ही सीनियर ऑफिसर को मौके पर तुरंत पहुंचने को कहा है।”

बता दें कि बीते कुछ दिनों में कानपुर में ये दूसरा ट्रेन हादसा है। इससे पहले पुखरायां 20 नवंबर को इंदौर से पटना जा रही इंदौर-राजेन्द्र नगर एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 142 लोगों की मौत हो गई थी। इसके साथ ही कुछ कोच मलबे में तब्दील हो गए थे। लेकिन तमाम हादसों के बाद भी भारतीय रेल अपने मुसाफिरों की सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीर है ये आज रुरा में हुए हादसे से साफ हो गया है।

बिंदास खरीदिए सोने के गहने, नहीं ठग पाएंगे ज्वेलर्स

शिखा पाण्डेय,

अक्सर सोने के गहने खरीदते वक़्त आम लोगों में इस बात को लेकर आशंका बनी रहती है कि कहीं सोने में मिलावट तो नहीं है, कहीं ज्वेलर्स आपको ठग तो नहीं रहे हैं। तमाम तरह की आशंकाएं मन में लिए हुए गहने खरीदने वालों के लिए एक खुशखबरी है। अब ज्वेलर्स आपको बेचने वाले सोने में हेरफेर नहीं कर सकेंगे। अब इस क्षेत्र में आपका निवेश सुरक्षित और लाभदायी रहेगा।

सरकार ने 1 जनवरी 2017 से सभी तरह के सोने की हॉलमार्किंग अनिवार्य कर दी है। सरकार ने सोने की ज्वेलरी के साथ सोने के सिक्के व बिस्किट के लिए भी हॉलमार्किंग अनिवार्य कर दी है। सरकार ने इसके लिए ‘ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड’ को निर्देश भेज दिया है। साथ ही हॉलमार्किंग की कटेगरी भी सीमित कर दी है। पहले जहां दस कटेगरीज़ में हॉलमार्किंग होती थी, वहीं अब मात्र तीन श्रेणियों में हॉलमार्किंग होगी। ये श्रेणियां 22 कैरेट, 18 कैरेट व 14 कैरेट के लिए होंगी।

आपको बता दें कि सोने के कारोबार में बड़ा हेरफेर होता है, जिसका खामियाजा खुदरा ग्राहकों को भुगतना पड़ता है। हॉलमार्किंग अनिवार्य नहीं होने पर ज्वेलर्स अक्सर कम कैरेट के सोने को ज्यादा कैरेट का बता कर बेचते हैं और बाद में ग्राहकों को उसकी उचित कीमत नहीं मिलती है।

पुराने गहनों की भी करा सकते हैं हॉलमार्किंग-

सोने की हॉलमार्किंग बेहद सस्ती है। मात्र 30 रुपये प्रति ज्वेलरी की दर से हॉलमार्किंग की जाती है। यह दर छोटे व बड़े सभी तरह की ज्वेलरी पर समान ढंग से लागू होती है। देश में भारतीय मानक ब्यूरो के 375 हॉलमार्किंग सेंटर व फ्रेंचाइजी हैं, जहां जाकर आप अपने पुराने ज्वेलरी की भी हॉलमार्किंग मात्र 30 रुपये प्रति ज्वेलरी की दर से करा सकते हैं। इससे आपको अपने पुराने ज्वेलरी की सही शुद्धता का पता चल जायेगा और आप किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से भी बच जाएंगे।

लम्बे समय के बाद रेसलर गीता फोगाट की होगी वापसी

शिखा पाण्डेय,

एक मामूली से गांव से विश्व स्तर पर पहुंचनेवाली रेसलर गीता फोगाट लंबे अंतराल के बाद प्रो कुश्ती लीग में ज़रिये वापसी कर रही हैं। चोट के कारण लंबे समय बाहर रहने के बाद वापसी कर रही गीता फोगाट का इस वापसी के बारे में कहना है कि लंबे अंतराल के बाद खेलने के कारण उन पर दबाव अवश्य है, पर यह दबाव उस दबाव के सामने कुछ नहीं है जो उन्होंने और उनकी बहनों ने कैरियर के शुरुआती दिनों में झेला था।

उत्तर प्रदेश की टीम ‘यूपी दंगल’ के नये लोगो और टीम के अनावरण के मौके पर गीता ने कहा,”मुझे वापसी का दबाव महसूस हो रहा है लेकिन मुझे अच्छे प्रदर्शन का भरोसा है। मैंने अभ्यास से कभी मुंह नहीं मोड़ा।” गीता ने कहा,”हमने बचपन में काफी मेहनत की और अब दोबारा मैं उससे गुजरना नहीं चाहती। कई बार लगता था कि अखाड़े से भाग जाऊं लेकिन उस मेहनत का फल अब मिल रहा है।”

इधर फोगाट बहनों गीता और बबीता और उनके पिता महावीर सिंह फोगाट की कहानी पर बनी आमिर खान की ‘दंगल’ बाक्स आफिस पर धूम मचा रही है। यह पूछने पर कि अच्छे प्रदर्शन के बाद पहचान नहीं मिलने और फिल्म रिलीज होने के बाद सराहना मिलने का क्या उन्हें दुख है, उन्होंने कहा,”मैंने 2012 और 2010 में पदक जीते जिसकी पहचान अब मिल रही है। दुख तो होता है कि हमें कुश्ती के लिये नहीं बल्कि हमारे जीवन पर बनी फिल्म के लिये पहचान मिल रही है।”

मुसीबत में ‘दंगल’, फिल्म पर हो सकती है कानूनी कार्रवाई

अमित द्विवेदी,

तमाम विवादों की आग में से कुंदन की तरह तपकर निकली धाकड़ फिल्म ‘दंगल’ एक बार फिर एक नए विवाद में घिर गई है। हालांकि आमिर खान की यह फिल्‍म दर्शकों द्वारा खूब प्रशंसा बटोर रही है, बॉक्‍स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है, लेकिन असल जीवन में रेसलर गीता और बबीता फोगाट के कोच प्‍यारे लाल सोंधी इस फिल्‍म में अपने किरदार को लेकर बेहद नाराज हैं और उन्‍होंने फिल्‍म की टीम के खिलाफ कानूनी कारवाई करने की धमकी दे डाली है।

दरअसल कोच प्‍यारे लाल सोंधी का कहना है कि इस फिल्म में उनके किरदार को बेहद नकारात्‍मक रुप में दर्शाया गया है। प्रमुख अखबार ‘आनंद बाज़ार पत्रिका’ से खास बातचीत में उन्‍होंने कहा कि फिल्‍म को हिट कराने और रोमांचक बनाने के लिए उनके किरदार के साथ खिलवाड़ किया गया है।

उन्‍होंने कहा कि फिल्‍म में उनसे जुड़ी दिखाई गई सभी बातें निराधार हैं। असल जीवन में ऐसा कुछ भी नहीं है। गीता और बबीता उनकी बेटियों जैसी हैं। पिछले 15 सालों से महावीर सिंह फोगाट के साथ उनके अच्‍छे रिश्‍ते रहे हैं। सोंधी ने निराशा से कहा कि जिनके साथ उनके इतने अच्‍छे संबंध थे, उन्‍होंने भी फिल्‍म में उनका सपोर्ट नहीं किया और फिल्‍म में उनके किरदार को ऐसे ही पेश करने दिया।

फिल्‍म के आखिरी सीन को भी सोंधी ने सरासर गलत करार दिया है। उन्‍होंने इस सीन के बारे में कहा,”एक नेशनल कोच अगर किसीको कमरे में बंद कर देता, तो नेशनल मीडिया उसे कवर जरूर करता। मुझे लगता है कि क्‍लाइमैक्‍स में झूठा सीन फिल्‍माया जा रहा था, इसी कारण फिल्‍म की आखिरी सीन की शूटिंग के दौरान मुझे सेट पर नहीं बुलाया गया।”

अब फिल्‍म में अपने किरदार के साथ हुई छेड़छाड़ को लेकर सोंधी इस कदर नाराज हैं कि उन्‍होंने फिल्‍म पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। सोंधी ने कहा है कि वे इस बारे में आमिर खान से बात करेंगे और अगर वे आमिर की बातों से संतुष्‍ट नहीं हुए तो इस मामले पर कानूनी कारवाई करेंगे। अब देखना यह होगा कि मिस्टर परफेक्शनिस्ट कोच सोंधी को समझा बुझा कर राज़ी कर पाते हैं या नहीं।

नोटबंदी मामला: विपक्ष की एकता में लगी सेंध!

शिखा पाण्डेय,

केंद्र सरकार द्वारा जारी नोट बंदी के खिलाफ विरोधी पार्टियों की एकता में एक के बाद एक सेंध लगती नज़र आ रही है। नोटबंदी को लेकर कांग्रेस के नेतृत्‍व में मंगलवार को विपक्ष ने संसद के बाहर बैठक और संविधान क्‍लब में प्रेस कॉन्‍फ्रेंस बुलाई थी। इसमें सभी विपक्षी दलों को शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी की तरफ से न्‍योता भेजा गया था, लेकिन बसपा, सपा, एनसीपी, सीपीआई, जेडीयू, सीपीएम जैसे प्रमुख विपक्षी दलों के प्रतिनिधि गायब रहे।

अब नोटबंदी के खिलाफ रैलियां करने जा रही राष्‍ट्रीय जनता दल की दोनों सहयोगी पार्टियों, कांग्रेस और नीतीश कुमार की जेडीयू ने 28 दिसंबर से बिहार में नोटबंदी के खिलाफ शुरू होने जा रहे उनके ‘महा धरना’ में शामिल होने से भी इनकार कर दिया है।

जेडीयू प्रवक्‍ता नीरज कुमार ने मंगलवार को बताया,”जेडीयू अध्‍यक्ष और बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने काले धन के खिलाफ कदम के तौर पर नोटबंदी का समर्थन किया है। वे 50 दिनों के बाद नोटबंदी के प्रभाव की समीक्षा करेंगे। उससे पहले नोटबंदी के किसी तरह के विरोध के समर्थन या उसमें शामिल होने का सवाल हीं नहीं है।”

वहीं बिहार कांग्रेस इकाई के अध्‍यक्ष अशोक चौधरी ने कहा ”नोटबंदी के खिलाफ आरजेडी के धरने को कांग्रेस अपना समर्थन नहीं देगी।” आपको बता दें कि चौधरी बिहार के शिक्षामंत्री भी हैं।

गौरतलब है कि आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव ने घोषणा की थी कि नोटबंदी के खिलाफ आरजेडी सभी जिला मुख्‍यालयों पर 28 दिसंबर से जुलूस रैली करेगी। इसके बाद 2017 की शुरुआत में पटना में एक बड़ी रैली भी की जाएगी। 23 दिसंबर को पत्रकारों से बातचीत में राजद सुप्रीमो ने दावा किया था कि नीतीश 28 दिसम्बर को नोटबंदी के खिलाफ प्रस्तावित पार्टी के महारैली में शिरकत करेंगे। लेकिन 24 घंटे बाद लालू प्रसाद यादव अपने बयान से पलट गए। 24 दिसंबर को उन्‍होंने कहा, ‘‘मैं कौन होता हूं नीतीश कुमार को टर्म्‍स डिक्‍टेट करने वाला!”

अनुष्का शर्मा ने करण जोहर पर लगाया यौन शोषण का आरोप!

सौम्या केसरवानी,

बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और कैटरीना कैफ हाल ही में करण जोहर के चैट शो ‘कॉफ़ी विद करण’ में पहुंचे थे। इस एपिसोड को लोगों ने खूब पसंद किया, लेकिन बातों ही बातों में इस एपिसोड में वो हुआ जो किसी ने सोचा भी नहीं था। शो में अनुष्का शर्मा ने इस बात का ख़ुलासा किया कि करण जोहर ने उनका शारीरिक शोषण किया था। अनुष्का के स्टेटमेंट ने करण के साथ साथ वहां मौजूद कैटरीना कैफ के भी होश उड़ा दिए।

शो के दौरान करण जोहर ने कन्फेस किया कि ‘ऐ दिल है मुश्किल’ के दौरान उन्हें अनुष्का पर क्रश हो गया था। अनुष्का ने ये भी कहा कि वो करण के ऊपर शारीरिक शोषण का केस दर्ज कराने वाली थी। अनुष्का का ये स्टेटमेंट सुन करण जोहर का मुंह खुला का खुला रह गया और कैटरीना भी दंग रह गयी।

अनुष्का ने कहा कि “करण उन्हें गलत तरीके से हाथ लगाते थे।” करण जोहर को हैरान देख अनुष्का ने आगे कहा कि “एक्ट्रेस जैकलिन फ़र्नान्डिस ने भी मनीष (मल्होत्रा) के  जन्मदिन पर तुम्हारे खिलाफ शिकायत की थी।”

अनुष्का की बातों पर करण ने हैरानी से पूछा कि मैंने उसे गलत तरीके से हाथ लगाया था?” जिसपर अनुष्का ने ‘हाँ’ में जवाब दिया। दोनों के बीच की बात सुन कैटरीना ने बीच में पड़ कर बात को ख़त्म किया।

उत्तराखंड अब विकास के लिए और इन्तजार नहीं करेगा- पीएम मोदी

सौम्या केसरवानी,

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तराखंड के देहरादून में परिवर्तन यात्रा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने यह संबोधन भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा के तहत किया। इसके साथ ही अपने दौरे के तहत पीएम मोदी ने उत्तराखंड को चार धाम हाईवे की सौगात भी दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि लोग बड़ी संख्या में यहाँ मौजूद हैं। रैली में महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखकर प्रसन्नता हो रही है। पीएम मोदी कहा कि चार धाम हाईवे का शिलान्यास उन लोगों को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने उत्तराखंड त्रासदी के दौरान अपनी जान गंवाई थी”। मैं साफ़ देख सकता हूँ कि उत्तराखंड अब विकास के लिए और अधिक इन्तजार नहीं कर पायेगा।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि मेरे देश में ऐसी सरकारें आयीं कि 125 करोड़ के इस देश में आवश्यक सुविधाएँ नहीं दे पाई। उन्होंने आगे चेतावनी के तौर पर कहा कि ये राजनेता समझ लें, वो ज़माना चला गया, जनता है सब कुछ जानती है।

जिओ का ‘हैप्पी न्यू ईयर ऑफर’ ख़तरे में, ट्राई ने उठाया सवाल

शिखा पाण्डेय,

रिलायंस जियो द्वारा अपने ग्राहकों को दी जा रही तमाम मुफ्त सुविधाएं अब खतरे में आ गई हैं। रिलायंस जियो द्वारा अपने ग्राहकों को दिए गए ‘हैप्पी न्यू ईयर ऑफर’ पर भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने अपना शिकंजा कस दिया है। ट्राई ने रिलायंस जियो से पूछा है कि उसके द्वारा मुफ्त वॉयस और डाटा प्लान की पेशकश के विस्तार को मौजूदा नियमनों का उल्लंघन क्यों न माना जाए।

दरअसल प्रचार या प्रमोशन से जुड़ी पेशकश की अवधि 90 दिन की होती है। मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली कंपनी ने अपनी 90 दिन की ‘वेलकम योजना’ 3 दिसंबर को बंद होने से पहले मौजूदा तथा नए ग्राहकों के लिए ‘हैपी न्यू ईयर आॅफर’ की पेशकश की थी। उसके बाद ट्राई ने कंपनी को नोटिस का पत्र लिखा है। नियामक द्वारा 20 दिसंबर को लिखे गए पत्र में कंपनी से पूछा गया है कि प्रमोशनल योजना के तहत फ्री डाटा की पेशकश को बाजार बिगाड़ने वाला क्यों न माना जाए। इस बारे में संपर्क किए जाने पर रिलायंस जियो इन्फोकॉम ने कोई टिप्पणी नहीं की।

सूत्रों के अनुसार नियामक ने अपने पत्र में इस बात का जिक्र किया है कि रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या 18 दिसंबर तक 6.3 करोड़ हो गई है और कंपनी जल्द ब्रॉडबैंड क्षेत्र में एक प्रमुख खिलाड़ी होगी। एक अन्य सूत्र ने कहा कि ट्राई के साथ बैठक में जियो ने कहा कि नई हैपी न्यू ईयर पेशकश जियो वेलकम आॅफर से पूरी तरह भिन्न है।

शुरुआती पेशकश में 4जीबी डेटा प्रतिदिन मुफ्त उपलब्ध कराया गया था। नई पेशकश में यह सीमा उचित इस्तेमाल नीति के तहत 1 जीबी तय की गई है। इसके अलावा कंपनी ने दलील दी है कि पहली पेशकश में 4जीबी की सीमा समाप्त होने के बाद नवीकरण या भुगतान का विकल्प नहीं था, जबकि नई पेशकश में डेटा का रिचार्ज किया जा सकता है।

सबरीमाला मंदिर में भगदड़ मचने से 40 श्रद्धालु घायल, 3 की हालत गंभीर

सौम्या केसरवानी,

केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर में रविवार रात भगदड़ मच जाने से 40 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर है। राज्य के देवासम मंत्री कडकमपल्ली सुरेंद्रन ने कहा कि हालात पर काबू पा लिया गया है। सबरीमाला मंदिर रस्सी से बना बैरिकेड टूट जाने की वजह से ये हादसा हुआ।

सुरेंद्रन ने यहां मीडिया से कहा, “घायलों को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई गई है और हालात अब पूरी तरह नियंत्रण में है।” मंदिर प्रशासन का कहना है कि दो माह तक चलने वाले सबरीमाला महोत्सव में सोमवार का दिन ज्यादा महत्वपूर्ण है और इस वजह से भारी तादाद में श्रद्धालु पहुंचे। रस्सी से बना बैरिकेड टूट जाने की वजह से लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे भगदड़ मच गई।

कुछ दिन पहले सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर पाबंदी को लेकर काफी विवाद भी हुआ था, जिसके बाद में यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा था महिलाओं को मंदिर में पूजा करने से रोकना उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन है।