30 C
Mumbai
Wednesday, August 12, 2026
Home Blog Page 1049

बिग डील: जल्द ही ‘फ्लिपकार्ट’ और ‘स्नैपडील’ भी हो जायेंगे एक!

शिखा पाण्डेय | Navpravah.com

मर्जर के इस मौसम में एक और बहुत बड़ी संधि होने के आसार हैं। ये संधि हो सकती है दो प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों के बीच, अर्थात फ्लिपकार्ट और स्नैपडील के बीच। जी हाँ! सूत्रों के मुताबिक जापान की इन्‍वेस्‍टमेंट कंपनी ‘सॉफ्टबैंक’ मुश्‍कि‍ल दौर से गुजर रही ‘स्‍नैपडील’ और उसके सबसे बड़ी प्रतियोगी कंपनी ‘फ्लि‍पकार्ट’ के बीच मर्जर करा सकती है। आपको बता दें कि सॉफ्टबैंक स्‍नैपडील में सबसे बड़ा इन्‍वेस्‍टर है।

अंग्रेजी अखबार ‘टाइम्‍स ऑफ इंडि‍या’ की रि‍पोर्ट के मुताबि‍क, मर्जर के बाद सॉफ्टबैंक नई कंपनी में 1.5 अरब डॉलर तक का निवेश कर सकती है। सॉफ्टबैंक नई कंपनी के प्राइमरी और सेकंडरी शेयरों का अधि‍कांश हि‍स्सा अपने पास ही रखेगा। सूत्रों के मुताबिक, अगर मर्जर हुआ तो नई कंपनी का करीब 15 फीसदी शेयर सॉफ्टबैंक के पास रहेगा। गौरतलब है कि सॉफ्टबैंक के पास 30 फीसदी से ज्‍यादा शेयर हैं जि‍सकी वैल्‍यू 2016 में करीब 6.5 अरब डॉलर थी।

माना जा रहा है यदि‍ यह डील होती है तो यह देश की ई-कॉमर्स मार्केट की तस्‍वीर को बदल कर रख देगी। अगर यह मर्जर होता है, तो  इस डील में फ्लिपकार्ट के सबसे बड़े इन्‍वेस्‍टर टाइगर ग्लोबल की 1 अरब डॉलर के शेयरों की बिक्री भी शामिल हो सकती है। फ्लिपकार्ट में टाइगर ग्लोबल की करीब 30 फीसदी हिस्सेदारी है। टाइगर ग्‍लोबल अपनी हिस्सेदारी का करीब 10 फीसदी बेच सकती है। यह भी माना जा रहा है कि‍ टाइगर ग्लोबल संभावित विलय के बाद बनने वाली नई कंपनी से पूरी तरह अलग नहीं होगी।

समाजवादी नेताओं की गुंडई, ‘योगी ज़िंदाबाद’ का नारा लगाने वाले युवक को मौत के घाट उतारा

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी नेता योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने से इतने नाराज हैं कि एक 17 वर्षीय लड़के के ‘योगी जिंदाबाद’ का नारा लगाने पर उसे गोली मारकर हत्या कर दी। मालूम हो कि समाजवादी पार्टी को भाजपा से चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ प्रदेश में लगातार गुंडागर्दी खत्म करने का आह्वान कर रहे हैं।

मुरादाबाद मंडल स्थित असमोली थाना क्षेत्र के बीजेपी नेता मोनू सिंह के भाई विनिकेत उर्फ नन्हें रविवार की रात को योगी जिंदाबाद का नारा लगा रहा था। तभी वहां से गुजर रहे जिला पंचायत सदस्य उषा सिंह के पति और समाजवादी पार्टी के नेता शिशुपाल सिंह को यह नारा इतना बुरा लगा कि उन्होंने उसे गोली मार दी। बाद में युवक की मौत हो गई। घटना के बाद से सपा नेता फरार हैं। घटना असमोली थाना इलाके के मढ़न गांव की है।

पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला चुनावी रंजिश का लगता है, अन्यथा नारे लगाने पर कोई किसी शख्स की हत्या करने जैसा कदम नहीं उठाएगा। मृतक नन्हें के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से कभी नहीं करूँगा दोस्ती -विराट कोहली

शिखा पाण्डेय | Navpravah.com

विराट कोहली के नेतृत्व में वर्ल्ड नंबर वन टीम, ‘टीम इंडिया’ ने दूसरे नंबर की टीम ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराकर लगातार सातवीं सीरीज तो जीत ली है, लेकिन खेल से पहले शुरू हुई दोनों टीमों के दिलों के बीच की जंग खेल में ही ख़त्म नहीं हुई है। ऐसा लग रहा था कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज खत्म होते ही दोनों ही टीमों के बीच का तनाव भी खत्म हो जायेगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।

कंगारू कप्तान स्टीव स्मिथ ने धर्मशाला टेस्ट के बाद सीरीज के दौरान हुई घटनाओं के लिए खेद जताया, लेकिन भारतीय कप्तान का गुस्सा अब तक शांत नहीं हुआ है।

दरअसल विराट कोहली सीरीज के दौरान टीम ऑस्ट्रेलिया और वहां की मीडिया की ओर से टीम इंडिया के खिलाफ लगातार अटपटे बयान दिए जाने के कारण बहुत दुखी हैं और उन्होंने सीरीज जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलकर कहा कि अब वे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ मित्रता नहीं रखेंगे। हालांकि विराट कोहली ने सीरीज से पहले कहा था कि मैदान पर भले ही ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से उनकी कहासुनी होती रहती है, लेकिन उसके बाहर वह अच्छे दोस्त रहे हैं और ऐसा ही इस सीरीज में भी रहेगा।

टीम ऑस्ट्रेलिया से हुई कहासुनी ख़त्म करने के विषय में प्रश्न पूछे जाने पर विराट ने कहा, ” मेरा विचार निश्चित रूप से बदल गया है। मुझे लगता है कि जो स्थिति पहले थी, अब बिल्कुल भी वैसी नहीं रही। मैंने शुरुआती दौर में हुई बहस के बीच जो कहा था, वह इसलिए था क्योंकि आप प्रतिस्पर्धी होना चाहते हैं, लेकिन मैं गलत साबित हुआ। मैंने पहले टेस्ट से पहले जो बातें कहीं थीं, वह पूरी तरह से गलत साबित हुईं और आपने मुझे ऐसा कहते हुए दोबारा नहीं सुना होगा।”

क्या था मामला-

इस सीरीज में बेंगलुरू टेस्ट के दौरान स्टीव स्मिथ के द्वारा आउट होने पर ड्रेसिंग रूम से डीआरएस संबंधी सलाह लेने का प्रयास करने के बाद काफी विवाद हुआ था। इस पर ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने विराट के विषय में काफी कुछ कहा था। स्मिथ ने भी इसे ‘ब्रेन फेड’ बताया था, वहीं विराट ने स्मिथ की इस हरकत को लगभग ‘चीटिंग’ करार दिया था। धर्मशाला टेस्ट में भी जब मुरली विजय ने जॉश हेजलवुड का कैच पकड़ा, तो थर्ड अंपायर ने उन्हें नॉटआउट करार दिया। इस पर स्मिथ ड्रेसिंग रूम में अपशब्द कहते कैमरे में कैद हो गए थे। विराट के अनुसार यह खेल भावना के लिए सही नहीं है।

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के विषय में उन्होंने कहा, “कुछ लोग दुनिया के एक कोने में बैठकर सनसनी फैलाना चाहते हैं। उन्हें खुद इन हालात का सामना नहीं करना पड़ता। यह सबसे आसान काम होता है कि घर बैठकर ब्लॉग लिख डालो या माइक पर बोलो लेकिन मैदान में उतरकर खेलना काफी मुश्किल है।”

ऑस्ट्रेलिया पर मिली 2-1 से जीत का श्रेय टीम को देते हुए विराट कोहली ने कहा कि कोई उनकी टीम को उकसाता है तो वे माकूल जवाब देने में माहिर हैं। कोहली ने कहा, “हमारा पलड़ा मैच में भारी हो या नहीं, यदि कोई हमें उकसायेगा तो हम उचित जवाब देंगे। सभी को यह हजम नहीं होता, लेकिन हम जैसे को तैसा जवाब देना जानते हैं।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को भारत ने धर्मशाला में कंगारू टीम को 8 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही उसने ‘बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी’ पर भी कब्जा कर लिया, जो ऑस्ट्रेलिया के पास थी। रवींद्र जडेजा को इस मैच और पूरी सिरीज में ऑलराउंड खेल के लिए मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया।

मुख्यमंत्री बनने के बाद आज पहली बार गोरखपुर जाएंगे योगी आदित्यनाथ

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

आदित्यनाथ योगी मुख्यमंत्री बनने के बाद शनिवार को पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र गोरखपुर जाएंगे। उनके दौरे को लेकर पूरे शहर में तैयारी की जा रही है। चारों तरफ होर्डिंग-बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं। आदित्यनाथ योगी ने पिछले रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, पहले कयास लगाए जा रहे थे कि वह उसी दिन गोरखपुर जाएंगे, लेकिन किन्हीं कारणों से यह टल गया।

योगी गोरखपुर हवाई अड्डे पर शाम करीब 4.30 बजे पहुंचेंगे। वहां से वह नंदानगर, मोहद्दीपुर, यूनिवर्सिटी चौराहा, गणेश चौराहा होते हुए 5.30 बजे एमपी इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। यहां स्वागत-अभिनंदर कार्यक्रम में शामिल होने के बाद 6.40 बजे वहां से निकलकर गोलघर, गणेश तिराहा, काली मंदिर, यातायात तिराहा, धर्मशाला और गोरखनाथ पुल होते हुए गोरखनाथ मंदिर पहुंचेंगे। वह मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे।

रविवार को वह गोरखनाथ मंदिर में बाबा गंभीरनाथ की शताब्दी पुण्यतिथि समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वह जिले के जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि वह मंडल के कई विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।

एसिड अटैक पीड़िता से ट्रामा में मिले योगी, हर संभव मदद का आश्वासन दिया

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

चलती ट्रेन में रेप पीड़िता को एसिड पिलाने वाले आरोपी फरार हो गए हैं और पीड़िता का लखनऊ के ट्रामा सेंटर में गंभीर हालत में ईलाज चल रहा है। शुक्रवार दोपहर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ट्रामा सेंटर पहुंच कर रेप पीड़िता एसिड अटैक से मुलाकात की। इस दौरान सीएम योगी ने पीड़िता को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है।

सीएम योगी ने पीड़िता को कार्रवाई का भी आश्वासन दिया, वहीं पुलिस विभाग को भी जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए हैं। रायबरेली ऊंचाहार निवासी पूजा (काल्पनिक नाम) गुरुवार सुबह परिवार से मिलकर गंगा गोमती ट्रेन से लखनऊ आ रही थी, तभी रास्ते में दो अज्ञात बदमाश ट्रेन में चढे और कंचन के पास आकर बैठ गये, बदमाशों ने पहले उसको पीटा और बाद में उसके दोनों हाथ पकड़ कर जबरन एसिड पिला दिया। यह सब ट्रेन में यात्रा कर रहे लोगो के आँखो के समाने हुआ, लेकिन किसी ने महिला की कोई सहायता नही की।

जब ट्रेन चारबाग स्टेशन पंहुची, तो वह उतर कर जीआरपी थाने की तरफ भागी लेकिन वह अर्धमूछिच्त अवस्था में गिर पड़ी, तभी एक महिला दरोगा की उस पर नगर पड़ी और उसने यह जानकारी जीआरपी थाने में देने के बाद तुरन्त 108 एंबुलेंस को सूचना दी और एंबुलेंस में बैठा कर उसे ले जाकर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। डाक्टरों ने बताया कि महिला का गला बुरी तरह से क्षतिग्रस्त था, जिससे पीड़िता के मुंह से आवाज नहीं निकल रही थी।

ट्रामा में भर्ती एसिड अटैक रेप पीड़िता से मुख्यमंत्री मिलने आने की सूचना पाते ही ट्रामा प्रशासन में हड़कंप मच गया, ट्रामा के डॉक्टर्स और पूरे स्टाफ अलर्ट हो गया। वहां के अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सीएम के आने से पहले किसी प्रकार की खामी सामने न आए। सीएम के ट्रामा से जाने के बाद ट्रामा अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, संसद की मंजूरी के बिना OBC में शामिल नहीं होगी नई जाति

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

देश के अन्य पिछड़ा वर्ग में शामिल होकर आरक्षण की मांग करने वालों को केंद्र सरकार ने करारा झटका दिया है। गुरुवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने यह फैसला किया है कि अब संसद की मंजूरी के बिना किसी भी नई जाति को पिछड़ा वर्ग में शामिल नहीं किया जा सकेगा।

इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने गुरुवार को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के स्थान पर एक नये आयोग के गठन की मंजूरी भी प्रदान किया है। इतना ही नहीं, सरकार पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने के लिए संविधान में संशोधन भी करेगी।

अभी तक पिछड़ा वर्ग में नई जातियों को शामिल करने का फैसला सरकार के स्तर पर कर लिया जाता रहा है। इस बीच अटकलें यह भी लगाई जा रही है कि सरकार ने इस तरह का बड़ा फैसला जाट आरक्षण की मांग करने वालों को हताश करने के लिए किया है।

सरकार की ओर यह कदम मुख्य दो वजहों के चलते उठाया गया है, पहली जाट आरक्षण और दूसरी वजह यह कि जाट नेताओं और हरियाणा सरकार के बीच हुई बातचीत में पिछड़ा वर्ग आयोग का नये सिरे से गठन करने की है। अटकलें लगायी जा रही हैं कि सरकार इस नये आयोग को गठन कर उसे संवैधानिक दर्जा देगी, जबकि पिछले कानून को संसद से कानून पारित करके बनाया गया था। मौजूदा राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग वैधानिक संस्था है, जिसके तहत अब तक सरकार के स्तर पर ही ऐसे फैसले किये जाते रहे हैं।

एयरटेल ने तिकोना के 4जी बिज़नस पर किया कब्ज़ा, 1600 करोड़ रु. में खरीदा!

शिखा पाण्डेय | Navpravah.com

टेलिकॉम जगत में एक के बाद एक चौंकाने वाले उतार-चढ़ाव आये दिन देखने-सुनने को मिल रहे हैं। हाल ही में हुई ‘वोडाफोन’ व ‘आईडिया’ की संधि के बाद अब देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी ‘भारती एयरटेल’ ने ‘तिकोना डिजिटल’ के 4जी बिजनेस को लगभग 1600 करोड़ रुपए में खरीदने का ऐलान किया है। जी हाँ! सूत्रों के मुताबिक यह डील 60 दिन में पूरी होगी। इस डील के साथ देश के 13 सर्किल्स में एयरटेल की स्थिति खासी मजबूत हो जाएगी।

भारती एयरटेल ने एक बयान में बताया कि उसने तिकोना डिजिटल नेटवर्क्स के 5 सर्किल्स में ब्रॉडबैंड वायरलेस एक्सेस (बीडब्ल्यूए) और 350 साइट्स सहित 4जी बिजनेस खरीदने के लिए कंपनी के साथ एग्रीमेंट किया है, हालांकि इस डील के लिए अभी रेग्युलेटरी मंजूरियां ली जानी बाक़ी हैं। भारती एयरटेल के एमडी और सीईओ (भारत और साउथ एशिया) गोपाल विट्ठल ने बताया, “एयरटेल लगातार अपनी 4जी क्षमताओं को मजबूत बनाने पर काम कर रही है। तिकोना के बीडब्ल्यूए स्पेक्ट्रम के एक्विजिशन से कंपनी को खासी मदद मिलेगी।”

एग्रीमेंट के मुताबिक गुजरात, यूपी ईस्ट, यूपी वेस्ट और हिमाचल प्रदेश में 4 जी बिजनेस का एक्विजिशन एयरटेल द्वारा किया जाएगा, जबकि राजस्थान सर्किल के स्पेक्ट्रम का एक्विजिशन एयरटेल की सब्सिडियरी ‘भारती हेक्साकॉम लिमिटेड’ द्वारा किया जाएगा। डील पूरी होने के बाद इन 5 सर्किलों में एयरटेल के पास कुल स्पेक्ट्रम होल्डिंग सरकार द्वारा सुझाई गई सीमा के भीतर हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि गुजरात, यूपी ईस्ट, यूपी वेस्ट, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश सर्किल्स में 2300 मेगाहर्ट्ज बैंड में 20 मेगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम तिकोना के पास हैं। यह डील पूरी होने के बाद एयरटेल की इन 5 सर्किल्स में मिली स्पेक्ट्रम से हाई-स्पीड 4 सर्विस लॉन्च करने की योजना है।

इस प्रस्तावित एक्विजिशन से एयरटेल को राजस्थान, यूपी ईस्ट और यूपी वेस्ट में 2300 मेगाहर्ट्ज बैंड में बीडब्ल्यूए स्पेक्ट्रम की कमी की भरपाई में मदद मिलेगी। इस डील में गुजरात और हिमाचल प्रदेश में एयरटेल की स्थिति खासी मजबूत हो जाएगी, जिससे इन सर्किल्स में उसकी बीडब्ल्यूए स्पेक्ट्रम होल्डिंग 30-30 मेगाहर्ट्ज हो जाएगी। डील पूरी होने के 2300 मेगाहर्ट्ज बैंड के लिहाज से 13 सर्किल्स में एयरटेल की स्थिति खासी मजबूत हो जाएगी।

साल के अंत तक अंतरिक्ष में अगली पीढ़ी की परमाणु घड़ी भेज देगा NASA

शिखा पाण्डेय | Navpravah.com

अमेरिकी अंतरिक्ष अनुसंधान एजेंसी नासा सौर मंडल में भविष्य में मानवीय खोजों को बढ़ावा देने के लिए 2017 के अंत तक अपनी अगली पीढ़ी की परमाणु घड़ी अंतरिक्ष में भेजने के लिए तैयार है। नासा ने अंतरिक्ष अभियानों में सहायता के लिए यह नई एटॉमिक घड़ी तैयार की है। यह घड़ी भविष्य में अंतरिक्ष में मानव अभियानों को सुरक्षित तरीके से अंजाम देने में सहायक होगी।

नासा की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि कैलिफोर्निया के पासाडेना स्थित नासा के जेट प्रणोदन प्रयोगशाला के इंजीनियरों ने अंतरिक्ष यान के साथ गहरे अंतरिक्ष में परमाणु घड़ी को बनाने का काम पूरा कर लिया है, जिसे अंतरिक्ष यान की मदद से 2017 के अंत में कक्षा में ले जाया जाएगा। यह घड़ी इससे पहले भेजी गई किसी भी परमाणु घड़ी की तुलना में छोटी व हल्की होगी और इसका परिमाण ज्यादा सटीक होगा।

वैज्ञानिकों ने बताया कि किसी भी अंतरिक्ष अभियान में सबसे महत्त्वपूर्ण  होती है समयबद्धता। किसी भी अंतरिक्ष यान को भेजने के बाद समय-समय पर उसकी स्थिति की निगरानी की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर उसके पथ में संशोधन भी किया जाता है। इस प्रक्रिया में धरती पर स्थित एंटीना से यान को संकेत भेजा जाता है। संकेत मिलने के बाद यान उसका प्रत्युत्तर देता है।

संकेतों के आदान-प्रदान में लगे समय के हिसाब से ही वैज्ञानिक यान की स्थिति और दूरी की गणना करते हैं और यह निर्धारित करते हैं कि पथ में किसी तरह का सुधार करना है या नहीं। नई एटॉमिक घड़ी इस प्रक्रिया को सरल बना सकती है। इसके माध्यम से यान पर ही स्थिति का आंकलन करना और पथ में सुधार करना संभव हो सकेगा।

सीएम योगी के पिता ने कहा, “बुर्के वाली महिलाओं ने भी दिया है वोट, उनका भी रखो ख़याल”

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट ने अपने बेटे को समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की सीख दी है। आनंद सिंह ने कहा कि योगी को बुर्के वाली महिलाओं ने भी वोट दिया है। 84 वर्षीय आनंद ने मंगलवार को कहा, ‘आदित्यनाथ को सभी धर्मों का आदर करना चाहिए और लोगों का दिल जीतना चाहिए।’

उन्होंने कहा कि उनके बेटे के पास अब बहुत बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। फॉरेस्ट रेंजर पद से रिटायर आनंद ने कहा, ‘मुस्लिम महिलाओं ने भी बीजेपी के लिए वोट किया है। उन सभी को तीन तलाक और अन्य मुद्दों पर बीजेपी से मदद की उम्मीद होगी। सभी धर्म के लोगों का मानना है कि योगी आदित्यनाथ राज्य को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे और यूपी के सीएम को इस बात को याद रखना चाहिए।’ क्योंकि बीजेपी पर सभी धर्मों के लोग यकीन करते हैं।

आनंद सिंह बिष्ट अपनी पत्नी सवित्री के साथ पौड़ी जिले के पंचूर गांव में रहते हैं। बिष्ट ने कहा कि यूपी के नए सीएम ने अपने स्टाफ से ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करने को कहा है, जो लोगों को आहत करती हो। योगी इस दिशा में गंभीरता के साथ कोशिश कर रहे हैं और यह साफ नजर भी आ रहा है। योगी को अपनी हिंदुत्व प्रचारक की छवि बदलने की जरूरत है, उनको समाज के सभी वर्गों के हित में काम करना चाहिए।

योगी के छोटे भाई महेंद्र विष्ट ने बताया कि बड़े भाई आदित्यनाथ छात्र जीवन में ही आरएसएस से जुड़ गए थे, वह स्नातक की पढ़ाई के दौरान आरएसएस के संपर्क में आने के बाद से अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल सही दिशा में करने लगे थे। उन्होंने कहा कि अजय सिंह बिष्ट ने (अब योगी आदित्यनाथ) बीएससी की पढ़ाई की और एमएससी की पढ़ाई के दौरान 1993 में सब कुछ छोड़कर गोरखपुर आ गए थे।

योगी सरकार: पढिये किसे कौन सा मंत्रालय मिला?

अनुज हनुमत | Navpravah.com

आज योगी सरकार में बड़ा फैसला हुआ है। सभी मंत्रियों के बीच मंत्रालय का बंटवारा कर दिया गया है। सबसे खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ने दर्जन भर से ज्यादा मंत्रालय अपने पास ही रखे हैं।

अगर हम बुन्देलखण्ड की बात करें तो यहाँ के सुपर-19 में से योगी सरकार के कैबिनेट में शामिल किये गए इकलौते विधायक मन्नू कोरी को श्रम सेवा योजना (राज्य मंत्री) विभाग सौंपा गया है। बुन्देलखण्ड की धरती से गहरा ताल्लुक रखने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वतंत्र देव सिंह, जिन्हें कैबिनेट में बतौर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शामिल किया गया था, उन्हें परिवहन, प्रोटोकॉल, ऊर्जा (एम0ओ0एस0) विभाग सौंपा गया है।

आपको बता दें कि योगी के पास गृह और राजस्व के अलावा दर्जन भर मंत्रालय हैं। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने गृह, आवास एवं शहरी नियोजन, राजस्व, खाद्य एवं रसद, नागरिक आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, अर्थ एवं संख्या, भूतत्व एवं खनिकर्म, बाढ़ नियंत्रण, कर निबंधन, कारागार, सामान्य प्रशासन, सचिवालय प्रशासन, गोपन, सर्तकता, नियुक्ति, कार्मिक, सूचना, निर्वाचन, संस्थागत वित्त, नियोजन, राज्य सम्पत्ति, नगर भूमि, उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय, प्रशासनिक सुधार, कार्यक्रम कार्यान्वयन, राष्ट्रीय एकीकरण, अवस्थापना, समन्वय, भाषा, वाह्य सहायतित परियोजना, अभाव, सहायता एवं पुनर्वास, लोक सेवा प्रबंधन, किराया नियंत्रण, उपभोक्ता संरक्षण, बाट माप आदि विभाग अपने पास रखे हैं।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को लोक निर्माण, खाद्य प्रसंस्करण, मनोरंजन कर, सार्वजनिक उद्यम मंत्रालय दिया गया। उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा को माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रानिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।

कैबिनेट मंत्री-
(1) सूर्य प्रताप शाही को कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि अनुसंधान,
(2) सुरेश खन्ना को संसदीय कार्य, नगर विकास, शहरी समग्र विकास
(3) स्वामी प्रसाद मौर्य को श्रम एवं सेवा योजना, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन
(4) सतीश महाना को औद्योगिक विकास
(5) राजेश अग्रवाल को वित्त
(6) रीता बहुगुणा जोशी को महिला कल्याण, परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण, पर्यटन,
(7) दारा सिंह चैहान को वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान, उद्यान
(8) धरमपाल सिंह को सिंचाई, सिंचाई (यांत्रिक)
(9) एस0पी0 सिंह बघेल को पशुधन, लघु सिंचाई, मत्स्य
(10) सत्यदेव पचैरी को खादी, ग्रामोद्योग, रेशम, वस्त्रोद्योग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, निर्यात प्रोत्साहन,
(11) रमापति शास्त्री को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण
(12) जय प्रकाश सिंह को आबकारी, मद्यनिषेध
(13) ओम प्रकाश राजभर को पिछड़ा वर्ग कल्याण, विकलांग जन विकास
(14) बृजेश पाठक को विधि एवं न्याय, अतिरिक्त उर्जा स्रोत, राजनैतिक पेंशन
(15) लक्ष्मी नारायण चैधरी को दुग्ध विकास, धमार्थ कार्य, संस्कृति, अल्प संख्यक कल्याण
(16) चेतन चैहान को खेल एवं युवा कल्याण, व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास
(17) श्रीकांत शर्मा को ऊर्जा
(18) राजेन्द्र प्रताप सिंह को ग्रामीण अभियंत्रण सेवा
(19) सिद्धार्थ नाथ सिंह को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य
(20) मुकुट बिहरी वर्मा को सहकारिता,
(21) आशुतोष टण्डन को प्राविधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा
(22) नंद कुमार नंदी को स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क, पंजीयन नागरिक उड्डयन विभाग आवंटित किया गया है।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) –

(1) अनुपमा जैसवाल को बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, राजस्व (एम0ओ0एस0) वित्त (एम0ओ0एस0)
(2) सुरेश राणा को गन्ना विकास एवं चीनी मिलें, औद्योगिक विकास (एम0ओ0एस0)
(3) उपेन्द्र तिवारी को जल सम्पूर्ति, भूमि विकास एवं जल संसाधन, परती भूमि विकास, वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान, उद्यान, सहकारिता (एम0ओ0एस0)
(4) डॉ महेन्द्र सिंह को ग्रामीण विकास, समग्र ग्राम विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (एम0ओ0एस0)
(5) स्वतंत्रदेव सिंह को परिवहन, प्रोटोकला, ऊर्जा (एम0ओ0एस0)
(6) भूपेन्द्र सिंह चैधरी को पंचायती राज, लोक निर्माण (एम0ओ0एस0)
(7) धरम सिंह सैनी को आयुष, अभाव सहायता एवं पुनर्वास
(8) अनिल राजभर को सैनिक कल्याण, खाद्य प्रसंस्करण, होमगार्डस, प्रांतीय रक्षक दल, नागरिक सुरक्षा
(9) स्वाति सिंह को एन0आर0आई0, बाढ़ नियंत्रण कृषि निर्यात, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार, महिला कल्याण, परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण (एम0ओ0एस0

राज्यमंत्री-
(1) गुलाबो देवी को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण
(2) जय प्रकाश निषाद को पशुधन एवं मत्स्य, राज्य सम्पत्ति, नगर भूमि
(3) अर्चना पाण्डेय को खनन, आबकारी, मद्यनिषेध
(4) जय कुमार सिंह जैकी को कारागार, लोक सेवा प्रबंधन
(5) अतुल गर्ग को खाद्य-रसद, नागरिक आपूर्ति, किराया नियंत्रण, उपभोक्ता संरक्षण, बाट माप, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन
(6) रणवेन्द्र प्रताप सिंह को कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि अनुसंधान
(7) नीलकंठ तिवारी को विधि-न्याय, सूचना, खेल एवं युवा कल्याण
(8) मोहसिन रज़ा को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रानिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, मुस्लिम वक्फ, हज
(9) गिरीश यादव को नगर विकास, अभाव सहायता एवं पुनर्वास
(10) बलदेव ओलाख को अल्पसंख्यक कल्याण, सिंचाई, सिंचाई (यांत्रिक)
(11) मन्नु कोरी को श्रम सेवा योजना
(12) संदीप सिंह को बेसिक, माध्यमिक, उच्च, प्राविधिक, चिकित्सा शिक्षा
(13) सुरेश पासी को आवास, व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विभाग का कार्यभार आवंटित किया गया है।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने सभी मंत्रियो को मंत्रालय बाँट दिए हैं। जानकारों की मानें तो अब योगी सरकार की असल परीक्षा शुरू होगी।