भारत में हैंडसम मर्दों के ज़रिए जासूसी कर रही है पाकिस्तानी एजेन्सी!
यूपी में निवेश करेंगी 20 अमेरिकी कंपनियाँ

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका की करीब 20 कम्पनियां उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहती हैं, जिसके तहत 20 कंपनियों का डेलीगेशन सोमवार 23 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा। अमेरिकी कंपनियों का प्रदेश में निवेश के लिए खुद से आगे आना योगी सरकार की उपलब्धियों को दर्शाता है।
अमेरिका की 20 कंपनियां उत्तर प्रदेश में निवेश में करना चाहती हैं। जिसके तहत कंपनियों का डेलीगेशन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा। इन कंपनियों का प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर, निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेगा।
प्रतिनिधिमंडल यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह से चिकित्सा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेगा। बैठक का आयोजन शाम 4.30 बजे से मुख्यमंत्री ऑफिस 5 KD में किया जायेगा।
दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका की कम्पनियां यूपी में निवेश करना चाहती हैं, पहली बार अमेरिका यूपी में दिलचस्पी ले रहा है। आने वाली कंपनियों में बोइंग कम्पनी के प्रमुख प्रत्यूष भी आएंगे, उसके अलावा कोका-कोला, मास्टर कार्ड, उबर, फेसबुक, हनीवेल, जीई हेल्थ, पी एंड जी और अजूर पॉवर के प्रमुख भी आएंगे।
विश्व के टॉप 100 शैक्षणिक संस्थानों में नहीं मिला भारत के किसी संस्थान को स्थान!
शिखा पाण्डेय । Navpravah.com
वैश्विक स्तर पर यदि भारत की शिक्षा व्यवस्था की तुलना अन्य कई विकसित या विकासशील देशों से की जाए, तो भारत अभी बहुत पीछे खड़ा मिलता है। इस वर्ष ‘टाइम्स हायर एजुकेशन सर्वे वर्ल्ड रैकिंग’ के टॉप 100 संस्थानों की सूची में भारत के किसी आईआईटी संस्थान को शामिल नहीं किया गया है।
दुनिया की टॉप रैंकिंग में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी (यूएस), कैलीफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफॉर्ड (यूके) का नाम सबसे ऊपर है। वैसे तो टॉप 500 संस्थानों की सूची में 132 शैक्षणिक संस्थान एशिया के हैं। टॉप 10 संस्थानों में भी एशिया के संस्थान शामिल हैं। 27 संस्थान अमेरिका, कनाडा आदि देशों से हैं।
वर्ष 2018 के सर्वे में इंजीनियरिंग की कैटेगरी में भारतीय संस्थान आईआईएससी, बेंगलुरु को 89वां स्थान मिला है, जबकि आईआईटी कानपुर, आईआईटी दिल्ली और आईआईटी खड़गपुर को 201-250 के बैंड में रखा गया है, हालांकि वर्ल्ड रैकिंग में 201वां स्थान पानेवाले आईआईटी कानपुर ने विश्व के संस्थानों में लगातार अपनी रफ्तार बनाये रखी है।
उल्लेखनीय है कि ‘टाइम्स हायर एजुकेशन सर्वे वर्ल्ड रैकिंग’ हमेशा टॉप 100 संस्थानों की सूची जारी करता रहा है, लेकिन पहली बार उसने टॉप 500 संस्थानों की सूची जारी की है। यह रैंकिंग कई आकलनों का आधार पर जारी की गयी है। इसमें संस्थान का एकेडमिक रेप्युटेशन, एम्प्लॉयर रेप्युटेशन, फैकल्टी, स्टाफ, पेपर आदि चीजों को आधार माना गया है।
बैंक खातों को आधार से जोड़ना ही होगा -भारत सरकार
एनपी न्यूज़ डेस्क । Navpravah.com
भारतीय रिजर्व बैंक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बैंक खातों को आधार से जोड़ना अनिवार्य है, बैंक ने साथ ही कहा कि उसने इस बारे में कोई निर्देश जारी नहीं किए हैं, बल्कि यह भारत सरकार का फैसला है।
आरबीआई ने स्पष्ट किया कि लागू मामलों में प्रिवेंशन ऑफ मनी लांडरिंग द्वितीय संशोधन नियम, 2017 के तहत आधार नंबर को बैंक खातों से जोड़ना अनिवार्य है।
मनीलाइफ इंडिया द्वारा दायर एक आरटीआई आवेदन में 18 अक्टूबर को आरबीआई ने कहा कि, सरकार ने 1 जून 2017 को मनी लांडरिंग द्वितीय संशोधन नियम, 2017 के संबंध में एक राजपत्र अधिसूचना जीएसआर 538(ई) में दूसरी बातों के साथ-साथ बैंक खाता खोलने के लिए आधार और स्थायी नंबर देने को अनिवार्य बना दिया है। लेकिन रिजर्व बैंक ने अभी तक इस संबंध में निर्देश जारी नहीं किए हैं।
अपनी स्थिति स्पष्ट करने हुए आरबीआई ने शनिवार को एक बयान में कहा, जिन मामलों में लागू होता है, उसमें आधार नंबर को बैंक खाते से प्रिवेंशन ऑफ मनी लांडरिंग द्वितीय संशोधन नियम, 2017 के तहत जोड़ना अनिवार्य है। इसे 1 जून, 2017 के राजपत्र अधिसूचना में प्रकाशित किया गया है।
यूपी: जौनपुर जिले में नाबालिग को अगवा कर बदमाशों ने किया गैंगरेप!
एनपी डेस्क न्यूज़| Navpravah.com
उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के एक गांव से एक किशोरी का जीप सवार बदमाशों ने अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस के मुताबिक कि पीड़िता इंटर की छात्रा है। रात को जीप पर सवार कुछ लोगों ने उसे अगवा कर लिया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि गांव में ही नहर के पास चार लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों के चंगुल से किसी तरह छूटकर लड़की ने एक घर में शरण ली और आपबीती सुनाई। वारदात के बाद किशोरी की हालत खराब है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस खोजी कुत्तों की मदद से पड़ताल कर रही है। इस बीच पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों ने घटना की तहरीर दी है, लेकिन गैंगरेप का कोई जिक्र नहीं है। किशोरी की हालत बहुत खराब है, उसे उपचार के लिए जिले की सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी बदमाशों के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और पॉक्सो कानून के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है।
बताते चलें कि इसी महीने यूपी के हरदोई जिले के लोनार कोतवाली क्षेत्र में एक लड़की को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। इतना ही नहीं दरिंदों ने पीड़िता के साथ हैवानियत की सारी हद पार करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट पर नुकीली चीज़ से हमला किया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि जिले के लोनार कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता की मां की अचानक तबियत खराब होने पर पिता उसे अस्पताल ले कर गए थे। इस दौरान घर में पीड़िता अकेली थी, लेकिन जब पीड़िता के परिजन घर वापस आए तो देखा कि उनकी बेटी नहीं है। देर रात तक बेटी के नहीं आने पर पीड़ित परिवार इसकी सूचना लोनार पुलिस को दी।
इसके बाद भी किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं होने पर लड़की का पिता सुबह तहरीर लेकर थाने गया। वहां पुलिस उन्हें शाम तक थाने में ही बैठाए रखी और बाद में बिना रिपोर्ट लिखे घर भेज दिया। शाम को जब पीड़िता का पिता घर पहुंचा तो पता चला कि लड़की घर आ गई है। उसके बाद पीड़िता ने अपने साथ हुई दरिंदगी की दास्तान परिजनों को बताई।
‘Bigg Boss 11’ के घर पहुंची ढिंचैक पूजा, सलमान खान ने उड़ाया मज़ाक
कोमल झा| Navpravah.com
वीकेंड का वार हो और सलमान खान का मजेदार अंदाज ना हो। भला ऐसे कैसे हो सकता है। ‘बिग बॉस 11’ में हर दिन कुछ नया देखने को मिलता है। जैसा कि हम आपको पहले ही बता चुके हैं कि इस वीक बिग बॅास 11 में दीवाली के कई पटाखे देखने को मिल रहे हैं। इस वीक कोई भी कंटेस्टेंट घर से बाहर नहीं हो रहा है। साथ ही कलर्स परिवार के कई सुपरस्टार बिग बॅास के घर में नजर आयेंगे। रविवार के एपिसोड में आप ढिंचैक पूजा की एंट्री देखेंगे। ढिंचैक पूजा का बिग बॉस में आना उनके लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। खैर अब देखना होगा कि ढिंचैक के घर में आने के बाद बिग बॉस के प्रतिभागियों का क्या रिएक्शन होता है। वैसे सलमान खान ने तो पूजा का स्वागत उन्हें के एक गाने को गा कर किया है। आज के एपिसोड में सलमान पूजा के साथ मिलकर ‘सेल्फी मैंने ले ली आज’ गाना गाते हुए नजर आएंगे।

‘सेल्फी मैंने ले ली आज’ गाना गाते सलमान खान ने तो दर्शकों से यह तक कह डाला कि क्या मजाक चल रहा है कि आपने ऐसे गाने को हिट बना डाला है।सलमान खान ने पूजा से कहा, ‘2 साल पहले यह आइडिया आपके दिमाग में आया था तो आपके सर पर क्या गिरा था?’
बता दें, बिग बॉस के घर में एंट्री लेने से पहले पूजा ने अपना नया गाना रिलीज किया है। उन्होंने मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि, ‘जब पहली बार मुझे बिग बॉस से फोन आया था, तो मैंने इस शो में आने से इनकार कर दिया था, क्योंकि मैं मेरे नए गाने में बिजी थी, लेकिन अब मेरा गाना पूरा हो गया है। उन्होंने मुझे दोबारा अप्रोच किया, तो मैंने इसमें आने का फैसला कर लिया। बिजी शेड्यूल होने की वजह से मैंने यह सीजन फॉलो नहीं किया, लेकिन जितना भी देखा उतना एन्जॉय किया’।
इस वीडियो को देखने के बाद हम एक बात तो शर्तिया तौर पर कह सकते है कि बिग बॉस 11 के आने वाले शोज़ में लोगों के बीच झगड़ा देखने को मिले या न मिले लेकिन शो पर कॉमेडी खूब देखने को मिलेगी। साथ ही साथ हमें पूजा के नए गाने भी सुनने को मिलेंगे। तो दोस्तों तैयार हो जाइये बिग बॉस 11 के रंग में रंगने के लिए क्योंकि ढिंचैक पूजा अब आपका भरपूर मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।
.@beingsalmankhan tries his hand at singing 'Selfie Maine Le Li Aaj' with Dhinchak Pooja! Watch all the fun at 9 pm on #WeekendKaVaar! pic.twitter.com/5mpSR7k5Bj
— COLORS (@ColorsTV) October 21, 2017
गौरतलब है कि ढिंचैक पूजा बिग बॅास की मंहगी कंटेस्टेंट मानी जा रही हैं। अपने इस नए गाने में पूजा, ‘आफरीन’ की चर्चा कर रही हैं और उनकी बेवफाई की बात कर रही हैं। बता दें, ढिंचैक पूजा के इससे पहले ‘सेल्फी मैंने ले ली आज’, ‘दिलों का शूटर है मेरा स्कूटर’, ‘स्वेग वाली टोपी’, ‘बापू दे दे थोड़ा कैश’ जैसे गाने रिलीज किए जा चुके हैं और अपने सभी गानों से उन्होंने काफी सुर्खियां बटोरी हैं। अब पूजा का नया गाना भी इंटरनेट पर काफी तेजी वायरल हो रहा है। बता दें, दो दिनों के अंदर पूजा के इस गाने को 2 लाख से ऊपर लागों ने देखा है।
अक्षय कुमार की दरियादिली, शहीदों के 103 परिवारों को दिया खास दिवाली गिफ्ट
कोमल झा| Navpravah.com
बॉलिवुड के खिलाड़ी यानि अक्षय कुमार ने एक बार फिर अपनी दरियादिली की मिसाल दी है। खिलाड़ी अक्षय कुमार ने दिवाली पर 103 शहीदों के परिवारों को दिवाली पर एक विशेष उपहार दिया है। दिवाली पर खिलाड़ी कुमार ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हर परिवार को 25 हजार रुपए का चेक देने के साथ ही अक्षय ने शहीदों के परिजनों के नाम एक चिट्ठी भी लिखी। जिसे पढ़ने के बाद आप भी भावुक हो जाएंगे।

दरअसल, यह पूरा आइडिया महाराष्ट्र के कोल्हापुर रेंज के स्पेशल आईजी विश्वास नांगरे पाटिल का था। वह इलाके के सभी शहीदों के परिवार को मिठाइयां भेजने के प्लान में थे। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने 103 शहीदों की एक लिस्ट तैयार की थी।
विश्वास के इस प्लान से खुद अक्षय भी काफी प्रभावित हुए और उन्होंने भी इस शानदार काम में हिस्सा लेने का मूड बना लिया। अक्षय ने आईजी के इस प्लान को काफी शानदार बताया।
इसके अलावा अक्षय कुमार ने शहीदों के परिजनों को 25 हज़ार के चेक के साथ एक लेटर भी दिया था। उस लेटर में अक्षय ने हर शहीद परिवार को कहा, ‘हमें आपके परिवार पर बहुत गर्व हैं, जिन्होंने अपने देश के लिए कुर्बानी दी। मुझे पता है कि इस दिवाली पर आप अपने परिवार को बहुत याद कर रहे हैं। मगर बस मैं आपसे इतना ही कहना चाहता हूं कि साहस के साथ अपने नए साल की शुरुआत कीजिए। बच्चों के लिए कुछ छोटे उपहार और मिठाईयां भेज रहा हूं। इसे स्नेह से स्वीकार कीजिए।’

गौरतलब है कि अक्षय कुमार जम्मू कश्मीर में हुए उरी हमले के बाद जवानों के परिवारों की मदद के लिए कई कोशिशें करते देखे जा चुके हैं। वहीं असम में दिबगोई के पास तिनसुखिया में सेना के तीन जवान कथित उल्फा उग्रवादियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए। एन.के. नरपत सिंह इनमें से एक थे, वह अपने पीछे अपनी पत्नी और 3 बच्चों को छोड़ गए। यह खबर जब अक्षय को मिली तो वह तुरंत मदद के लिए तैयार हो गए। अक्षय ने नरपत सिंह की पत्नी से बात करके संवेदनाएं व्यक्त कीं बल्कि आर्थिक रूप से उनकी 9 लाख रुपए की मदद भी की। काम के दबाव के बावजूद अक्षय आर्मी के अपने दोस्तों से लगातार संपर्क में बने रहते हैं और वह कई बार इस बात का जिक्र कर चुके हैं कि इस तरह के मामलों में जब कभी भी उनकी मदद की जरूरत हो उन्हें इस बारे में सूचित किया जाए।
आदित्य पंचोली को मिली जान से मारने की धमकी!
कोमल झा| Navpravah.com
हमेशा विवादों में रहने वाले अभिनेता आदित्य पंचोली एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। आप को बता दें, आदित्य पंचोली को मुन्ना पुजारी नाम के व्यक्ति से धमकी भरे वसूली के कॉल और मैसेज आ रहे हैं। कॉल करने वाला 25 लाख रुपये की मांग कर रहा है। यह कॉल मुंबई के ठाणे और उत्तर प्रदेश के तीन अलग-अलग नंबरों से आए हैं।

इस सिलसिले में वर्सोवा पुलिस स्टेशन में पंचोली की ओर से लिखित शिकायत दी गई है, जिसकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है लेकिन अभी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पंचोली ने पुलिस से कहा है कि उन्हें किसी मुन्ना पुजारी नाम के इंसान ने फोन किया था, जो कि उन्हें 18 अक्टूबर से कॉल कर रहा है और मैसेज किए हैं और उनसे 25 लाख रूपए की मांग की है। इस पूरे मसले में सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि धमकी देने वाले शख्स ने पंचोली को अपना बैंक अकाउंट नंबर भी दिया और कहा कि इसमें पैसे ट्रांसफर कर दो।
इस साल मार्च में एक शख्स ने फिल्ममेकर महेश भट्ट को फोन करके उनकी बेटी आलिया भट्ट और पत्नी सोनी राजदान को जान से मारने की धमकी दी थी।उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपी संदीप साहू ने महेश भट्ट को फोन करके 50 लाख रुपये की मांग की थी।
यूपी के लखनऊ का रहने वाला संदीप साहू टीवी सीरियल में काम की तलाश में मुंबई आता-जाता रहता था। लेकिन जब उसे कहीं काम नहीं मिला, तो उसे महेश भटट् को धमकी देने का आइडिया आया। उसने इंटरनेट से महेश भट्ट का फोन नंबर सर्च किया और उनकी पत्नी-बेटी की जान मारने की धमकी देकर 50 लाख रुपये मांगे।
गौरतलब है कि आदित्य पंचोली का विवादों से चोली-दामन का साथ रहा है। उन पर हाल ही में फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने कई तरह के आरोप लगाए थे, जिसके बाद आदित्य ने उन पर मानहानि का केस किया है। उनके बेटे सूरज पंचोली का नाम भी अभिनेत्री जिया खान के खुदकुशी केस में आया था। उनपर जिया को आत्महत्ता के लिए उकसाने का आरोप है। फिलहाल वह जमानत पर हैं।
यूपी सरकार ने जनप्रतिनिधियों की ख़ातिरदारी के लिए जारी किया फ़रमान
सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
योगी सरकार एक तरफ वीआईपी कल्चर खत्म करने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के मौजूदा सांसदों और विधायकों के प्रति शिष्टाचार, उनका स्वागत, उनके जलपान और उनकी खातिरदारी के लिए शासन के अधिकारियों को फरमान भी जारी किए जाते हैं।
इस फरमान में जिस प्रकार के विवरण दिए गए हैं, वह VIP कल्चर को और बढ़ाने का कहीं ना कहीं काम करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि योगी सरकार यह कहती रही है कि केंद्र की तर्ज पर यूपी में वीआईपी कल्चर खत्म होगा, मतलब कि VIP कल्चर केवल गाड़ियों पर लगने वाली लाल पीली नीली बत्तियों तक ही सीमित है।
शासनादेश में यह कहा गया है कि अगर कोई अधिकारी जनप्रतिनिधि सांसद विधायक का कॉल अटेंड नहीं कर पाते हैं, तो वह तुरंत कॉल बैक करें, जनप्रतिनिधि के जनहित के कार्यों के संबंध में जो भी विचार है उनसे अवगत कराएं।
इस क्रम में सबसे बड़ा फरमान यह आया है कि अधिकारी अब किसी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नहीं बन सकेंगे, यानी शिलान्यास समारोह, किसी भी प्रकार का धन राशि वितरण समारोह, सहायता शिविर में सामग्री का वितरण उद्घाटन आदि समारोहों में अधिकारीगण मुख्य अतिथि की हैसियत से भाग नहीं लेंगे।
जियो ने अनलिमिटेड प्लान्स में किया बदलाव, अब नहीं मिलेंगी पहले वाली सुविधाएँ!
शिखा पाण्डेय । Navpravah.com
अपनी लॉन्चिंग से लेकर प्रचार तक ग्राहकों को अनलिमिटेड सुविधाएं देने वाले रिलायंस जियो ने अब अपनी सुविधाएँ लिमिटेड कर दी हैं। रिलायंस जियो ने अपने लगभग सभी प्लान्स में बदलाव किया है और कुछ रिचार्ज बंद भी कर दिए हैं। साथ ही नए प्लान्स में जियो ने यूजर्स को मिलने वाली डाटा स्पीड में भी बदलाव किया है।
जियो के प्लान्स में हुआ सबसे बड़ा बदलाव यह है कि हाई स्पीड डेटा की लिमिट खत्म होने के बाद मिलने वाली स्पीड को जियो ने आधा कर दिया है। मतलब अब डेली की लिमिट खत्म होने के बाद इंटरनेट 128 kbps की बजाय 64 kbps की स्पीड पर ही चलेगा।
जानिए क्या हैं जियो द्वारा किए गए बदलाव व नए प्लान्स-
– जियो का सबसे छोटा रिचार्ज अब 52 रुपये का है, जिसमें यूजर को 7 दिन की वैधता मिलेगी, 7 दिन तक अनलिमिटेड इंटरनेट और कॉलिंग की सुविधा मिलेगी, लेकिन यूजर को रोजाना हाई स्पीड का केवल 0.15GB डेटा ही मिलेगा। मतलब कुल सात दिन में यूजर को 1.05GB डेटा मिलेगा।
– अगर आप कालिंग व इंटरनेट की वैधता 14 दिनों की चाहते हैं, तो आपको 98 रुपयों का रिचार्ज कराना होगा, जिसमें 14 दिन तक अनलिमिटेड इंटरनेट और कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। इसमें भी यूजर को रोजाना हाई स्पीड का केवल 0.15GB डेटा ही मिलेगा। मतलब कुल 14 दिन में 2.10GB डेटा मिलेगा।
– 149 रुपये के रिचार्ज में यूजर को 28 दिन की वैधता मिलेगी, जिसमें 28 दिन तक अनलिमिटेड इंटरनेट और कॉलिंग की सुविधा होगी। इसमें भी यूजर को रोजाना हाई स्पीड का केवल 0.15GB डेटा ही मिलेगा। मतलब 28 दिनों में 4.20GB डेटा मिलेगा।
– 399 रुपये के रिचार्ज में यूजर को 70 दिन की वैधता मिलेगी, जिसमें 70 दिन तक अनलिमिटेड इंटरनेट और कॉलिंग की सुविधा होगी। इसमें यूजर को रोजाना हाई स्पीड का 1GB डेटा ही मिलेगा। हर प्लान की तरह ही इसमें भी रोजाना की स्पीड खत्म होने के बाद इंटरनेट की स्पीड कम हो जाएगी।
-459 रुपये के रिचार्ज में यूजर को 84 दिन तक अनलिमिटेड इंटरनेट और कॉलिंग की सुविधा होगी। इसमें भी यूजर को रोजाना हाई स्पीड का केवल 1GB डेटा ही मिलेगा। वहीं 509 रुपये के रिचार्ज में यूजर को 49 दिन तक अनलिमिटेड इंटरनेट और कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। इसमें यूजर को रोजाना हाई स्पीड का 2GB डेटा मिलेगा। अन्य प्लान्स की तरह इसमें भी रोजाना की स्पीड खत्म होने के बाद इंटरनेट की स्पीड कम हो जाएगी।
-999 रुपये के रिचार्ज में यूजर को 90 दिन तक अनलिमिटेड इंटरनेट और कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। इसमें एक साथ 60GB डेटा मिलेगा। 60GB डेटा खत्म होने के बाद इंटरनेट की स्पीड घटकर मात्र 64kbps रह जाएगी लेकिन इंटरनेट अनलिमिटेड चलता रहेगा।
-1999 रुपये के रिचार्ज में यूजर को 180 दिन तक अनलिमिटेड इंटरनेट और कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। इसमें एक साथ 125GB डेटा मिलेगा। 125GB डेटा खत्म होने के बाद इसमें भी इंटरनेट की स्पीड घटकर मात्र 64kbps रह जाएगी, लेकिन इंटरनेट अनलिमिटेड चलता रहेगा।
– 4999 रुपये का रिचार्ज जियो का इयरली रीचार्ज है। इसमें यूजर को 360 दिन तक अनलिमिटेड इंटरनेट और कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। इसमें एक साथ 350GB डेटा मिलेगा। 350GB डेटा खत्म होने के बाद इंटरनेट की स्पीड घटकर मात्र 64kbps रह जाएगी, लेकिन इंटरनेट अनलिमिटेड चलता रहेगा।















