28 C
Mumbai
Wednesday, August 19, 2026
Home Blog Page 846

हिमाचल प्रदेश चुनाव में हारे भाजपा के सीएम उम्मीदवार

प्रेम कुमार धूमल अपने प्रतिद्वंदी से हारे

राजेश सोनी | Navpravah.com 

हिमाचल प्रदेश चुनाव में भाजपा के सीएम उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल, सुजानपुर से अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस के राजेंद्र राणा से हार गए हैं। भाजपा ने हिमाचल प्रदेश चुनाव से पहले ही प्रेम कुमार धूमल को मुख्यमंत्री घोषित किया था।

बता दें कि पार्टी ने इस बार धूमल की सीट बदल कर उन्हें सुजानपुर विधानसभा सीट से चुनाव में मैदान उतारा, लेकिन वह कांग्रेस के मजबूत प्रत्याशी और भाजपा के ही पूर्व विधायक रहे राजेंद्र सैंघ राणा के सामने हार गए हैं। धूमल के बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि भाजपा, केंद्रीय स्वास्थ मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और शिमला से चुनाव जीते सुरेश भारद्वाज में से किसी एक को हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री बना सकती है। सुरेश भारद्वाज का नाम भाजपा संगठन के महामंत्री अजय जामवाल ने चुनाव पूर्व उछाला था।

इनके अलावा हिमाचल प्रदेश में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जय राम ठाकुर का नाम भी सीएम उम्मीदवार के लिए रेस में सबसे आगे है। ठाकुर ने इस बार सेरज विधानसभा सीट से चुनाव जीता है और उन्हें हाईकमान ने तत्काल दिल्ली के लिए बुलाया है। ठाकुर पांचवीं बार लगातार चुनाव जीतें हैं, वह मंत्री भी रह चुके हैं।

3 लाख से ज्यादा लोगों ने दबाया गुजरात चुनाव में NOTA का बटन 

3 लाख लोगों ने दबाया NOTA का बटन

राजेश सोनी | Navpravah.com 

गुजरात विधानसभा चुनाव में सभी लोग भाजपा और कांग्रेस की जीत और हार पर चर्चा कर रहें हैं, लेकिन इसबार के चुनाव में करीब 3 लाख से ज्यादा ऐसे लोग थें, जिन्होंने ना भाजपा को पसंद किया और ना ही कांग्रेस को पसंद किया है। ऐसे लोगों ने इस चुनाव में नोटा का बटन दबाकर पार्टियों द्वारा उतारे गए सभी उम्मीदवारों के प्रति अपनी असहमति जताई है।

बता दें कि इस बार के चुनाव में भाजपा को 77.99 लाख, कांग्रेस को 65.29 लाख, निर्दलीयों को 6.92लाख, बसपा को 1.15 और एनसीपी को 1.05 लाख वोट मिले हैं। गुजरात चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही है और एक-एक वोट की कीमत बहुत है।

इस बार के गुजरात चुनाव में भाजपा को 100 सीटें मिली हैं, जबकि कॉंग्रेस को 79 सीटें मिली हैं। वहीं अन्य के खातों में भी 2 सीटें गई हैं।

हिमाचल चुनाव: बीजेपी का दामन थामकर जीते अर्पिता खान के ससुर

अनिल सिंह हिमाचल प्रदेश चुनाव में विजयी

सौम्या केसरवानी। Navpravah.com

सलमान खान की बहन अर्पिता के ससुर अनिल शर्मा ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में मंडी सीट से जीत हासिल की है। इस चुनाव में सलमान ने अनिल शर्मा के लिए प्रचार करने की इच्छा जाहिर की थी।

अनिल शर्मा कांग्रेस में थे, इसी साल वो कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे। अनिल शर्मा के बेटे आयुष शर्मा और सलमान की बहन अर्पिता की शादी 18 नवंबर 2014 को हुई थी।

हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास, पंचायती राज व पशुपालन मंत्री अनिल शर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के बेटे हैं। इससे पहले शर्मा ने अपनी फेसबुक पोस्ट पर लिखा था, हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर मैं बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर मोदी जी के सपने को साकार करने के लिए सदैव प्रयत्नशील रहूंगा।

अनिल शर्मा ने का कहा कि कांग्रेस लंबे समय से उनके परिवार को नजरंदाज कर रही थी और मजबूरी में उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। राहुल गांधी ने मंडी रैली के दौरान उनके पिता पंडित सुखराम का विरोध किया गया था, इसके बाद चुनाव को लेकर गठित कमेटियों में भी उनको और पंडित सुखराम को कोई जगह नहीं मिली थी।

सलमान खान, आयुष को बॉलीवुड में लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं, फिल्म के लिए हीरोइन की तलाश अभी चल रही है, आयुष कई सालों से बॉलीवुड में डेब्यू की तैयारी कर रहे हैं।

गुजरात और हिमाचल के बाद अब कर्नाटक जीतेंगे -अमित शाह

अमित शाह ने लोगों को धन्यवाद दिया

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

गुजरात और हिमाचल प्रदेश में जीत हासिल करने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने वशंवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण जैसे मुद्दों पर तंज कसते हुए कहा कि आज का दिन पार्टी के लिए उमंग का दिन है।

उन्होंने कहा कि अब पार्टी पीएम मोदी के 2022 के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में काम करेगी।
उनकी पार्टी अब दोनों जगहों पर सरकार बनाने जा रही है। सबसे पहले गुजरात और हिमाचल की जनता का धन्यवाद देना चाहता हूँ।

गुजरात और हिमाचल की जीत पर अलग-अलग ट्वीट करते हुए मोदी ने लिखा है- जीता विकास, जीता गुजरात, जय जय गरवी गुजरात और हिमाचल जीत पर ट्वीट किया- हिमाचल प्रदेश में लहराया कमल, विकास की हुई भव्य जीत।

मोदी ने अपने ट्वीट में आगे लिखा है- मैं गुजरात और हिमाचल के लोगों का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने भाजपा में अपना विश्वास दिखाया है, हम इन राज्यों के लोगों की बिना थके हुए सेवा करेंगे।

जनता ने किया है पीएम मोदी के नेतृत्व को स्वीकार -योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित -योगी आदित्यनाथ

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने बहुमत से सीटें हासिल की है। पार्टी में खुशी का माहौल है, जीत को लेकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता ने कांग्रेस की  बांटने की राजनीति को खारिज किया है।

उन्होंने कहा कि यह बीजेपी के कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है, जनता ने पीएम मोदी जी के नेतृत्व को स्वीकार किया है, यह जीत उनकी आर्थिक नीतियों पर मुहर लगा रही है। सीएम योगी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, मैंने पहले ही कहा था कि कांग्रेस का नेतृत्व बदलना बीजेपी के लिए शुभ संकेत है, अब नतीजा देखिये सबके सामने है।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा गुजरात और हिमाचल प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है, ये नतीजे हमारी उम्मीदों मुताबिक ही हैं, हम दोनों राज्यों में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रहे हैं। उनसे पूछा गया कि क्या विधानसभा चुनाव के नतीजे पीएम मोदी में लोगों के विश्वास की पुष्टि करते हैं? तो जवाब में गृहमंत्री ने कहा, हां, यह मोदी के विकास कार्यों में लोगों की आस्था को दशार्ता है।

भाजपा की जीत पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने कहा कि यह विकास की जीत है, उन्होंने कहा कि जो जीता वहीं सिकंदर। साथ ही यह उन लोगों की भी जीत है, जिन्होंने विकास पर भरोसा किया है।

संजय निरुपम ने EVM को बताया भाजपा की जीत की वजह

संजय निरुपम ने उठाये EVM पर सवाल

राजेश सोनी | Navpravah.com 

आज जैसे ही गुजरात चुनाव के रुझान भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के तरफ आने लगें, वैसे ही उनपर उनके विरोधियों ने इवीएम से छेड़छाड़ कर जीत का आरोप लगाना शुरू कर दिया। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को यह जीत जनता ने नहीं दी है, बल्कि इवीएम से छेड़छाड़ कर भाजपा ने जीत हासिल की है।

बता दें कि निरुपम से पहले भी चुनाव नतीजों में हार मिलने के बाद विरोधी दल के नेता लगातार इवीएम पर सवाल उठाते रहे हैं। इसी कड़ी में कुछ समय पहले पाटीदार समाज के नेता हार्दिक पटेल ने भी इवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जहां दोबारा चुनाव हुए, वहां इवीएम से छेड़छाड़ हुई है। इवीएम से छेड़छाड़ का आरोप मोदी सरकार पर सबसे पहले बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्षा मायावती ने लगाया था। जब उनकी पार्टी को उत्तरप्रदेश के विधानसभा चुनाव में बुरी तरीके से हार मिली थी।

वहीं चुनाव आयोग ने इवीएम से छेड़छाड़ के सभी आरोपों को ख़ारिज कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ए के ज्योती ने कहा कि मैं आपको भरोसा दिलाता हूँ कि इवीएम से छेड़छाड़ संभव नहीं हो सकती। एक मुख्य पूर्व चुनाव आयुक्त एचएस शर्मा का कहना है कि मुझे विश्वास है कि हमारी वीवीपैट और इवीएम मशीन से छेड़छाड़ नहीं हो सकती है। आगे उन्होंने कहा इवीएम को हैक करना बिलकुल असंभव है।

मुंबई: फरसाण की दुकान में लगी आग, 12 लोगों ने गंवाई जान 

दूकान में लगी आग, 12 की मौत

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

मुंबई में अंधेरी पूर्व के एक नमकीन की दुकान में आज तड़के आग लगने से 12 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इस आग में अन्य लोगों के भी फंसे होने की आशंका है।

मुंबई अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार अंधेरी साकीनाका के पास  खैरानी रोड पर यह घटना घटी है। मखारिया कम्पाउंड स्थित फरसाण गाला नंबर-1 नामक दुकान में अचानक तड़के लगभग सवा चार बजे यह आग लगी। इस दौरान अग्निश्मन विभाग के तीन वाहन 4:34 बजे तक घटनास्थल पर पहुँचे। इस दूकान में लगभग 10 से 15 काम करने वाले लोग सो रहे थे, जिनमें से 12 लोगों की बुरी तरह जलकर मौत हो गई और अन्य की तलाश जारी है।

बता दें इस कम्पाउंड में वेल्डिंग की दुकानें हैं। ज्यादातर दुकानें लकड़ी की  होने के कारण इस आग को बढ़ने में मदद मिल गई। साथ ही सुबह की हवा से यह आग और फैल गई, घटना के समय 10 से 15 लोग दुकान में मौजूद थें, जिनमें से 12 लोगों के शव मलबे से बरामद कर लिये गये हैं, शेष लोगों की तलाश की जारी है। मौके पर तीन दमकल, चार जंबो टैंकर और एंबुलेंस घटनास्थल पर मौजूद हैं।

इस घटना में घायल लोगों को घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया है, जिसमें से 12 लोगों को अस्पताल ने मृत घोषित कर दिया और अन्य मरीजों के इलाज जारी हैं। वहीं राहत बचाव कार्य में मलबे के नीचे फंसें अन्य लोगों को बचाने का कार्य जारी है।

एक चश्मदीद ने बताया कि पांच-छह लोग, आग लगने के बाद दुकान से बाहर सुरक्षित निकलने में सफल हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दुकान में काम करने वाले जो लोग अंदर सो रहे थें, वे फंस गये और जो दुकान के बाहर सो रहे थे, वे सुरक्षित बच गये। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

गुजरात चुनाव के परिणाम का असर शेयर बाजार पर, मालामाल हुए शेयर धारक  

शेयर बाजार पर भी इलेक्शन का असर

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

गुजरात चुनाव के रुझानों में भाजपा के पक्ष में सार्थक नतीजे आने के बाद से ही दोपहर के कारोबार में शेयर बाजार में उछाल देखा जा रहा है। अब तक के रुझानों के अनुसार भाजपा गुजरात में एकबार फिर वापसी करने जा रही है। भाजपा को रुझानों के अनुसार 182 सीटों में से 104 सीटें मिलती नजर आ रही हैं वही दूसरी तरफ कांग्रेस 73 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर नजर आ रही है।

बता दें कि एचडीएफसी सिक्योरिटी के रिटेल रिसर्च विभाग के प्रमुख दीपक जनसानी ने कहा कि जबतक गुजरात विधानसभा के नतीजे नहीं आ जाते, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। यह बात स्पष्ट है कि भाजपा थोड़े बहुत अंतर से जीतने में सफल रहेगी।

निफ्टी दोपहर लगभग 01.26 बजे 77.65 अंकों यानी 0.75 फीसदी बढ़त के साथ 10,410.90 पर थी। वहीं, सेंसेक्स 249.26 अंकों यानी 0.74 फीसदी की बढ़त के साथ 33,712.23 पर खुला था। सेंसेक्स एकदिवसीय कारोबार में 33,762.04 के ऊपरी जबकि 32,595.63 के निचले स्तर तक चला गया था।

महाराष्ट्र में गणेशोत्सव, नवरात्रि और रमजान पर कार्यक्रम नहीं करा सकेगी मनपा

मनपा नहीं करा सकेगी इन त्योहारों के कार्यक्रम

सौम्या केसरवानी। Navpravah.com

महाराष्ट्र में राज्य सरकार ने निर्देश दिया है कि अब मनपा धार्मिक कार्यक्रम नहीं करा सकेगी। राज्य सरकार ने स्थानीय निकायों से कहा है कि वे धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों पर सरकारी फंड खर्च नहीं करेंगें।

सरकार ने सर्कुलर जारी कर कहा, “अब से गणेशोत्सव, नवरात्र, रमजान, ईद, छठ पूजा, गुड़ीपाडवा, गुरुनानक जयंती, महावीर जयंती और डॉ.भीमराव अंबेडकर जयंती पर स्थानीय निकाय सरकारी पैसा खर्च नहीं करेगें।

शिवसेना के सांसद राहुल शेवाले ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि दादर में अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम का खर्च बृहन्मुंबई नगर निगम उठाता है। देश भर से हजारों लोग चैत्य भूमि पर 6 दिसंबर को आते हैं और अगर बीएमसी इस खर्च को नहीं उठायेगा, तो कौन खर्च करेगा?

उन्होंने कहा, यह सरकार का कर्तव्य है कि वह विभिन्न जगहों से आने वाले लोगों के लिए व्यवस्था करे। इस सर्कुलर से बस परेशानी होगी, लोगों की धार्मिक भावनाएं इससे आहत होंगी, यह आगे बड़े विवाद का कारण बने, उससे पहले इसे वापस लिया जाना चाहिए।

यह सर्कुलर प्रदीप जंगन बनाम महाराष्ट्र राज्य के मामले में 29 नवंबर को जारी किया गया था। इसके मुताबिक, सरकार ने किसी प्रकार से धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम में अपने फंड का पैसा न खर्च करने का फैसला किया है।

प्रदीप जंगन ने अपनी याचिका में कहा था कि निजी संगठनों द्वारा आयोजित किए जाने वाले धार्मिक कार्यक्रमों का खर्च सरकार को उठाना चाहिए। उन्होंने आगे बताया था कि यह बॉम्बे म्यूनिसिपल एक्ट 1949 के प्रावधानों के बिल्कुल उलट है, यह जनता के पैसों की बर्बादी है।

गुजरात चुनाव: इस शख्स के स्लोगन ने बदल दी भाजपा की किस्मत

इस शख्स के स्लोगन ने बदल दी बीजेपी की तकदीर

राजेश सोनी | Navpravah.com 

गुजरात विधानसभा चुनाव के रुझानों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। हालांकि यह जीत भाजपा को भी बेहद कड़े मुकाबले के बाद मिली है। आज हम गुजरात चुनाव में भाजपा की जीत के असली नायक की ओर आपका ध्यान दिलाना चाहते हैं। इस व्यक्ति का नाम हितेश कनोडिया है, जिसने गुजरात चुनाव प्रचार के लिए भाजपा का स्लोगन लिखा था।

बता दें कि कांग्रेस गुजरात विधानसभा चुनाव में मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों को निशाना बना रही थी। इसी वजह से कांग्रेस ने मोदी सरकार के विकास को पागल बताकर गुज़रात चुनाव में प्रचार की शुरुआत की थी। कांग्रेस ने कहा था कि “विकास पागल हो गया है” और इसी नारे को कांग्रेस ने खूब भुनाने की कोशिश भी की थी। इसी नारे के जवाब में भाजपा ने गुजरात चुनाव प्रचार के दौरान नारा दिया था “मैं विकास हूँ, मैं गुजरात हूँ। “भाजपा के प्रचार के लिए यह स्लोगन लिखने वाले थे  हितेश कनोडिया।

हितेश कनोडिया गुजराती  फिल्म के अभिनेता  हैं और उन्हें भाजपा ने गुजरात चुनाव में साबरकांठा जिले की ईडर सीट से टिकट दिया था। रुझानों में भी साफ़ हितेश की जीत नजर आ रही है। हितेश अपने प्रतिद्वंदी से करीब 12000 वोटों से आगे चल रहे हैं। हितेश इससे पहले भी 2012 में भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन तब वो चुनाव हर गए थे। हितेश पूर्व भाजपा विधायक और गुजराती फिल्म अभिनेता नरेश कनोडिया के बेटे हैं।