एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
जमात-उल-दावा का प्रमुख आतंकी हाफिज सईद पाकिस्तान में 2018 के आम चुनाव में लड़ने की तैयारी कर रहा है। जिसके कारण अमेरिका परेशान नजर आ रहा है। अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है।
बता दें कि कुछ समय पहले आतंकी संगठन जमात-उल-दावा और लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक आतंकी हाफिज सईद इस बात की पहले ही पुष्टि कर चुका है कि उसका संगठन पाकिस्तान के 2018 में होनेवाले आम चुनाव में मिल्ली मुस्लिम लीग के बैनर तले चुनाव लड़ेगा। अब तक लेकिन मिल्ली मुस्लिम लीग को पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने पंजीकृत नहीं किया है। आतंकी सईद मुंबई हमलों का मास्टर माइंड है।
मुंबई हमले की 9वीं बरसी से कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की न्याय समीक्षा बोर्ड ने आतंकी हाफिज को नजर बंद की सजा से रिहा कर दिया था। आतंकी सईद के रिहाई पर अमेरिका के विदेश प्रवक्ता हीथर नोर्ट ने कहा कि नवंबर में नजरबंदी से सईद की रिहाई पर अमेरिका ने बहुत कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। अधिकारी ने आगे कहा कि यह एक ऐसा संगठन है, जिसे अमेरिकी सरकार और सयुंक्त राष्ट्र दोनों आतंकवादी संग़ठन घोषित कर चुका है। नोर्ट ने आगे कहा कि आतंकी हाफिज को न्याय के हद में लाने के लिए पर्याप्त सुचना देने वाले को अमेरिका 1 करोड़ डॉलर का इनाम देने की योजना बना रहा है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान जैसे परमाणु लैश देश की कमान अगर हाफिज जैसे आतंकवादी के हाथ में आ जाती है, तो यह पूरी दुनिया के लिए खतरे की घंटी बजने जैसा है। ऐसे में जरुरी है कि सारी मानवतावादी शक्तियों को एक होकर ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरुरत है। अन्यथा ऐसे असामाजिक तत्व पूरी दुनिया में अशांति का माहौल पैदा कर सकते हैं।
आतंकी हाफिज सईद के चुनाव लड़ने से अमेरिका परेशान
लोगों के सुहागरात पर भी सवाल उठा सकती है भाजपा -सपा सांसद नरेश अग्रवाल
राजेश सोनी | Navpravah.com
समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने भाजपा की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा के लोगों की सोच इतनी संकीर्ण क्यों है। अग्रवाल ने आगे कहा कि लोगों की निजी ज़िन्दगी होती है, अगर भाजपा के नेताओं का बस चले तो भाजपा वाले लोगों के सुहागरात पर भी सवाल खड़ा कर सकते हैं।
बता दें कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश चुनाव के नतीजों के बाद राहुल गाँधी अगले ही दिन फिल्म देखने पहुंचे थे। इसी पर भाजपा नेताओं ने राहुल गाँधी पर सवाल खड़े कर दिए थे। चुनाव के नतीजों के बाद राहुल गाँधी अगले दिन यानी मंगलवार को राहुल गाँधी अपने मित्रों के साथ हॉलीवुड की फिल्म स्टार वर्ष देखने गए थे। इसी को लेकर नरेश अग्रवाल ने कहा कि यह किसी की निजी ज़िन्दगी से जुड़ा है। अगर उस दिन किसी की सुहागरात होती, तो वे कहते कि ये सुहागरात क्यों मना रहा है।
गौरतलब है कि नरेश अगेरवाल इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। उन्होंने कुछ समय पहले ही हिन्दू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाया था। जिसके कारण उनको देश में लोगों का विरोध झेलना पड़ा था।
अंतिम सांस लेने से पहले कुछ यूं दिखीं अस्पताल में जयललिता
सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
आरके नगर उपचुनाव से ठीक एक दिन पहले तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय जयललिता का एक वीडियो सभी के सामने आया है, इस वीडियो में जयललिता चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती दिख रही हैं।
पूर्व सीएम जयललिता के इस वीडियो को शशिकला के भतीजे टीटीवी दिनाकरण के समर्थक पी वेत्रिवेल ने जारी किया है, वीडियो के हिसाब से जयललिता अस्पताल के बिस्तर पर बैठी हुई हैं।
इस विडियो में जयललिता प्लास्टिक के गिलास से कुछ पीती हुई नजर आ रही हैं, यह वीडियो 20 सेकेंड का है और सभी जगह बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।
https://twitter.com/The_Abinesh/status/943351604283047937
एक न्यूज एजेंसी के अनुसार, पी वेत्रिवेल ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि यह गलत है कि अस्पताल में जयललिता से कोई नहीं मिलने गया, क्योंकि यह वीडियो इसका सबूत है, सबके सामने है।
उन्होंने कहा कि, बहुत दिनों से इस वीडियो को जारी करने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब यह लगता है कि हमारे पास इसे जारी करने के अलावा कोई दूसरा ऑप्शन नहीं बचा था। इसलिए इसे जारी कर दिया गया है, जयललिता आरके नगर सीट से चुनाव लड़ती थीं, अब कल इस सीट पर उपचुनाव होने हैं।
मायावती ने ‘यूपीकोका’ का किया विरोध
सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
बसपा सुप्रीमो मायावती ने बुधवार को प्रेस रिलीज जारी किया, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश कंट्रोल ऑफ आर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट बिल के विरोध में बयान दिया है। मायावती ने कहा कि यूपीकोका कानून व्यवस्था के लिए नहीं बल्कि सर्वसमाज के गरीब, दलितों, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों के लिए ही शोषण का हथियार साबित होगा।
मायावती ने कहा, बीजेपी सरकार अपराधियों व माफियाओं को नियंत्रण करने के नाम पर केवल जाती व सम्प्रदाय विशेष के लोगों को शिकार बना रही है, जबकि सत्ताधारी पार्टी से जुड़े लोग प्रदेश में अपराध, गुंडागर्दी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई नही कर रही है, जबकि उनका साथ दिया जा रहा है। ऐसे में महाराष्ट्र के मकोका की तर्ज पर बनाए गए यूपीकोका का भी इस्तेमाल गरीब, दलित,अल्पसंख्यक वर्गों के शोषण के लिए हो रहा है।
योगी सरकार आज विधानसभा में यूपीकोका बिल पेश करेगी, इस बिल का मसौदा सबसे पहले मायावती के शासनकाल 2007 में तैयार किया गया था, लेकिन किन्हीं कारणों से बिल सदन में पेश नहीं हो सका था, इसलिए मायावती ने इस पर बयानबाज़ी की है।
राज ठाकरे की थिएटर मालिकों को चेतावनी, मराठी फिल्म चलाने का फरमान
राजेश सोनी | Navpravah.com
महारष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने एक बार फिर थिएटर मालिकों को अपना निशाना बनाया है। राज ठाकरे ने इसबार मराठी फिल्म के बजाय सलमान स्टारर ‘टाइगर जिंदा है’ के लिए ज्यादा स्क्रीन मुहैया कराने को लेकर थिएटर मालिकों को चेतावनी देते हुए कहा कि थिएटर मालिकों द्वारा मराठी फिल्म देवा को प्राइम टाइम में प्रदर्शित करने का फरमान निकाला है।
बता दें कि राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना हमेशा से उत्तर भारतीयों और हिंदी भाषिकों के प्रति हिंसक रूप अपनाती रही है। इसलिए राज ने मराठी फिल्म “देवा” को हिंदी फिल्म “टाइगर ज़िंदा है” से ज्यादा तवज्जो देने के खिलाफ विरोध करना शुरु कर दिया है। उन्होंने थिएटर मालिकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि मराठी फिल्म “देवा” को प्राइम टाइम में प्रदर्शित करने का फरमान निकाला है। यह विवाद मराठी फिल्म के बजाय सलमान स्टारर ‘टाइगर जिंदा है’ के लिए ज्यादा स्क्रीन मुहैया कराने को लेकर गहराया है।
यह दोनों फिल्म 22 दिसंबर को एक ही दिन एक साथ ही रिलीज़ हो रही है। आमतौर पर मराठी फिल्मों से ज्यादा हिंदी फिल्मों के लिए थिएटर मालिकों द्वारा ज्यादा स्क्रीन मुहैया कराया जाता है। जिसके कारण मराठी फिल्मों को पर्याप्त स्क्रीन नहीं मिल पाती है। मनसे ने इससे पहले भी इस मुद्दे को लेकर हिंसक भूमिका अपनाई है। मराठी फिल्म देवा एक थ्रिलर फिल्म है, ‘वहीं टाइगर जिन्दा है’ यह सलमान खान की मूवी एक था टाइगर का सिक्वल है। इस फिल्म का प्रमोशन जोर शोर से मीडिया और कई रियलिटी शोज में किया जा रहा है।
मनसे का आरोप है कि थिएटर मालिक हिंदी फिल्म को मराठी फिल्म से ज्यादा तरजीह देते हैं। जिसके कारण मनसे कई बार थिएटरों में तोड़फोड़ की धमकी भी दे चुकी है। मनसे नेता शालिनी ठाकरे ने कहा है कि ‘मराठी फिल्मों को हर हाल में प्राइम टाइम शो में स्थान मिलना चाहिए। ‘देवा’ को ‘टाइगर जिंदा’ के कारण स्थान नहीं दिया जा रहा है। यदि हिंदी फिल्मों को मराठी फिल्मों की कीमत पर जगह दी जाएगी तो हमलोग उसका विरोध करेंगे। हमने किसी को धमकी नहीं दी है, बल्कि देवा के लिए स्क्रीन स्पेस की मांग की है।
बिहार में एक बार फिर नक्सलियों ने उठाया सर, जलाया रेलवे स्टेशन
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
बिहार के मधुसूदन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात 12 बजे कुछ हथियारों से लैश नक्सलियों ने हमला कर दिया और रेलवे कर्मचारियों को अगवा कर अपने साथ ले गए। नक्सली घटने के बाद इस रेलवे रूट पर कुछ समय के लिए ट्रेनों को रोक दिया गया।
बता दें कि बिहार पुलिस के अनुसार हथियारों से लैश नक्सलियों ने मंगलवार की रात करीब 12 बजे मधुसूदन रेलवे स्टेशन पर हमला बोल दिया था। नक्सलियों ने सिग्नल पैनल को भी आग के हवाले कर दिया। हमले के बाद रेलवे टेलीफोन व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई थी। घटना के बाद भागलपुर-किउल रेलवे रूट पर कुछ समय के लिए रेलवे की आवाजाही ठप पड़ गई थी। बाद में सारे सिग्नल पैनलों को ठीक कर इस रेलवे लाइन की आवाजाही को एकबार फिर बहाल कर दिया गया है।
घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली सहायक स्टेशन मास्टर मुकेश कुमार और पोर्टर नीरेंद्र मंडल को अगवा करके अपने साथ ले गए। जमालपुर रेल पुलिस अधीक्षक शंकर झा ने बुधवार को बताया कि नक्सली हमले की खबर मिलते ही रेल अधिकारी मौके पर पहुंच गए और इन अगवा कर्मियों को छुड़ाने की कोशिश की जा रही है।
जिग्नेश मेवानी ने पीएम मोदी को किया अपमानित
राजेश सोनी | Navpravah.com
गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को 99 सीटों के साथ स्पष्ट बहुत मिला है, जिससे अब भाजपा को गुजरात में सरकार बनाने का रास्ता पूरी तरह साफ़ है। वहीं कांग्रेस को गुजरात में 80 सीट दिलाने में मदद करने वाले हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर और जिग्नेश मेवानी को राज्य में हार पच नहीं रही हैं। इसलिए जिग्नेश मेवानी ने एक लाइव बहस में पीएम मोदी के लिए विवादित भाषा का उपयोग किया।
बता दें कि कल हार्दिक पटेल, जिग्नेश मेवानी और अल्पेश ठाकोर एक निजी चैनल से बातचीत कर रहे थे। उस बातचीत के दौरान दलित नेता और गुजरात में नवनिर्वाचित विधायक जिग्नेश मेवानी ने पीएम मोदी के लिए विवादित भाषा का उपयोग कर देश के प्रधानमंत्री पद की गरिमा को अपमानित किया था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अब बुड्ढे हो चुके हैं, वे बहुत बोरिंग भाषण देते हैं, उनके पास अब बोलने के लिए कुछ नहीं हैं। अब वह बहुत बोरिंग बातें करते हैं, उन्हें अब राजनीती से सन्यास ले लेना चाहिए और हिमालय के पहाड़ों पर चला जाना चाहिए। युवाओं को अब कन्हैया कुमार और हार्दिक पटेल जैसे नेता का नेतृत्व पसंद आ रहा है। राजनीति में युवा, वृद्धों को नापसंद करने लगे हैं।
आगे जब चैनल की एंकर ने इन तीनों नेताओं से पूछा कि आप लोग अब गुजरात में एक बार फिर जात-पात की राजनीति को जन्म दे रहे हैं। इस सवाल पर मेवानी ने कहा कि हम 2 करोड़ बेराजगारों, गुजरात में परेशान किसानों की बात करते हैं, इसमें जाति की राजनीति का प्रश्न ही नहीं उठता है। उन्होंने आगे कहा कि हमने भाजपा का 150 सीट जीतने का घमंड तोड़ दिया और उन्हें 2 अंकों पर लाकर 99 सीटों तक सीमित कर दिया।
वहीं हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर ने कहा कि यह आरक्षण की जंग आगे भी जारी रहेगी और हम 3 मिलकर भाजपा को 2019 के लोकसभा चुनाव में और बड़ी चुनौती देंगे। जिसके कारण भाजपा अभी से हमसे घबराई हुई है।
गौरतलब है कि 37 पाटीदार बहुल सीटों पर बीजेपी ने 23 पर कब्जा किया है। सूरत, राजकोट और अहमदाबाद में बीजेपी को सबसे ज्यादा वोट मिले।
आज के प्रमुख समाचार
गुजरात चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी की संसदीय दल की बैठक आज।
हिमाचल में जेपी नड्डा और जयराम ठाकुर का नाम सीएम रेस में।
मणिशंकर, सिब्बल के बयानों से हारे – वीरप्पा मोइली
दिल्ली: यौन शोषण के आरोपी बाबा वीरेंद्र के ठिकानों पर छापा, 2 गिरफ्तार।
जब ATM हैक हो सकते हैं, तो EVM क्यों नहीं -हार्दिक पटेल
विधायक पन्ना लाल शाक्य ने विराट को बताया देशद्रोही, कहा, “इटली में शादी करने वाले विराट देशभक्त नही।”
जम्मू-कश्मीर: 5000 पत्थरबाजों के खिलाफ केस वापस लिए जाएंगे।
भारत के सामने झुका पाकिस्तान, कुलभूषण जाधव की माँ-पत्नी को मिलेगा आज वीजा।
आज शाम कटक में खेला जाएगा भारत-श्रीलंका टी-20 श्रृंखला का पहला मैच, रोहित शर्मा पर दारोमदार।
अमेरिका के वॉशिंटन में ट्रेन दुर्घटना के बाद मलबे को हटाने का काम शुरू, दुर्घटना में 3 लोगों की गई थी जान।
आज के प्रमुख समाचार
गुजरात चुनाव- बंदरों ने शेर को तमाचा जड़ दिया -शिवसेना।
गुजरात और हिमाचल प्रदेश के हार की समीक्षा के लिए बैठक में भाग ले सकते है राहुल गांधी।
शहरों में अगर राहुल गांधी ने प्रचार किया होता, तो तस्वीर कुछ और होती- अल्पेश ठाकोर
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के खिलाफ पीएम मोदी की टिप्पणी को लेकर संसद में जोरदार हंगामा।
अगर वे हार को विजय मानते हों, तो उनको ऐसी विजय मुबारक- प्रकाश जावड़ेकर
गुजरात मॉडल खोखला, गुजरात मॉडल प्रोपगंडा- राहुल गांधी
पद्मावती फ़िल्म की रिलीज के लिए फैन्स को और करना पड़ेगा इंतज़ार।
पाकिस्तान कभी भारत के खिलाफ साजिश नहीं करता – फारुख अब्दुल्ला
कश्मीर के आतंकियों और भारतीय सेना के बीच मुठभेड़, मारे गए 2 आतंकी।
भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव जल्द कर सकते हैं पॉलिटिक्स में प्रवेश।
अब फेसबुक कसेगी engagement bait पर लगाम, लाइक और शेयर के तिकड़म होंगे बंद
एनपी डेस्क | Navpravah.com
अब सोशल नेटवर्किंग साईट फेसबुक पर तिकड़म करके लाइक शेयर करवाने वालों की खैर नहीं। फेसबुक ने इस प्रकार की पोस्टों पर लगाम कसने की पूरी तैयारी कर ली है।
बता दें कि लोग सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर अपना लाइक और शेयर बढ़ाने के लिए ‘engagement bait का इस्तेमाल करते हैं। फेसबुक पर अपने लाइक और शेयर बढ़ाने जैसी एक्टिविटी को फेसबुक की भाषा में ‘engagement bait’ कहा जाता है। इसकी मदद से पोस्ट की एंगेजमेंट बढ़ाई जाती है। इसकी मदद से पोस्ट टॉप पर दिखाई देती है और ज़्यादा यूजर्स को दिखाई देती है। अब फेसबुक ने इस तरह के पोस्ट को रोकने की तैयारी कर ली है। इसकी जानकारी देते हुए फेसबुक ने एक ब्लॉग पोस्ट किया है।
कंपनी ने ब्लॉग में कहा है कि अब इस तरह की पोस्ट को रोका किया जाएगा। फेसबुक पर ऐसे पेज जो लगातार इस तरह की ट्रिक्स का इस्तेमाल करते हैं, उनकी सभी पोस्ट्स को डिमोट कर दिया जाएगा। फेसबुक का कहना है कि सहायता, सलाह या सिफारिश और दान के लिए धन जुटाने, ट्रेवल एडवाइज लेने जैसे पोस्ट्स पर इस अपडेट का कोई फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन एंगेजमेंट बेट को कम करने के लिए फेसबुक मशीन लर्निंग मॉडल का इस्तेमाल करेगी। इससे न्यूज फीड में दिखने वाले इस तरह के पोस्ट अपने आप डिमोट हो जाएंगे।
फेसबुक का कहना है कि इस तरह के पब्लिशर्स जो लगातार इस तरह के पोस्ट डालते हैं, उन्हें इसे अपनाने में थोड़ा वक्त लगेगा। हम एंगेजमेंट बेटिंग को कम करने के हमारे प्रयासों को सुधारने और मापने के तरीके तलाशना जारी रखेंगे। हम फेसबुक पर अधिक सार्थक और प्रामाणिक बातचीत को बढ़ावा देने के लिए स्पैमी, सनसनीखेज या भ्रामक सामग्री के प्रसार को कम करना चाहते हैं। जो फेसबुक पेज लगातार एंगेजमेंट बेट पोस्ट करेंगे उन पेजों की पहुंच में गिरावट आएगी। फेसबुक ने यह भी कहा है कि एंगेजमेंट बेट को तुरंत लागू नहीं किया जा रहा है ताकि पब्लिशर्स को अपनी स्ट्रैटजीज पर विचार करने का टाइम मिल सके।
















