केंद्र सरकार ने गुरुवार को राहुल गांधी द्वारा पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी की पीएम मोदी के साथ आई फोटो को लेकर हमला करने पर पलटवार किया है। सरकार की ओर से रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जवाबी हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाने साधते हुए कहा कि रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस फोटो की राजनीति बंद करे। रविशंकर प्रसाद ने दावा किया कि राहुल गांधी के साथ भी नीरव मोदी की फोटो है। कानून मंत्री ने आगे कहा कि इस मामले की जांच हो रही है और इसमें किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
कानून मंत्री ने आगे कहा कि नीरव मोदी अपने आप दावोस गए थे। उन्होंने कहा कि नीरव मोदी सीआईआई के न्योते पर वहां गए थे, न की पीएम मोदी के कहने पर। जिस फोटो को कांग्रेस के नेता दिखा रहे हैं, वह फोटो सीआईआई की ज्वाइंट फोटोशूट की है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि घोटालेबाज का कद और पद कुछ भी हो, उस पर कार्रवाई होगी। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नीरव मोदी की 1300 करोड़ की संपत्ति सीज की गई है।
उन्होंने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कांग्रेस की सरकार में हुए भ्रष्टाचार की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि जिनके घर ऐसे शीशे के हो, जो टुकड़े-टुकड़े हो चुके हैं, वो दूसरों पर पत्थर फेंकना बंद करें। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि विजय माल्या के बारे में हमसे सवाल पूछा जा रहा है। जबकि माल्या उनके प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को धन्यवाद का पत्र लिख रहे हैं। कौन सी बात कांग्रेस पार्टी कह रही है। कांग्रेस पार्टी जब इस तरह से आरोप लगाती है, तो वह अपने को याद करती है? कांग्रेस की एक और परेशानी है, हम समझते हैं। सत्यम कब हुआ, कांग्रेस के काल में हुआ। हर्षद मेहता कांड कब हुआ, कांग्रेस के समय में हुआ। वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी नीरव मोदी के ज्वैलरी इवेंट में गए थे। इसलिए उन्हें फोटो की राजनीति बंद करनी चाहिए। नीरव मोदी को छोटा मोदी कहने पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नीरव मोदी को छोटा मोदी कहना निंदनीय है।
भारत-नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकवादी को दिल्ली की एक कोर्ट ने पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पेशी के बाद कोर्ट ने उसे 25 दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार संदिग्ध आतंकवादी 2008 की बाटला हाउस मुठभेड़ के दौरान फरार हो गया था। विस्फोट के अन्य कई मामलों में भी पुलिस को उसकी तलाश थी।
पीएस कुशवाहा ने मंगलवार को बताया था कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एक टीम ने आरिज खान को भारत-नेपाल सीमा पर बनवासा से 13 फरवरी की शाम गिरफ्तार किया था। खान की हिरासत की मांग करते हुए पुलिस के विशेष टीम ने अदालत से कहा कि बाटला हाउस मामला और उत्तर प्रदेश, गुजरात तथा दिल्ली में हुए अन्य विस्फोटों के संबंध में पूछताछ करने के लिए उसकी जरूरत है।
वह आईएम के आजमगढ़ मॉड्यूल का एक सदस्य था और नेपाल में रहता था। 19 सितंबर 2008 को दिल्ली के जामिया नगर में बटला हाउस में मुठभेड़ हुआ था। मुठभेड़ के दौरान वह वहां से भाग निकला था।
मलाला युसुफजई के लिए पैडमैन' फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘पैडमैन’ दर्शकों से खूब सराहनाएं बटोर रही है। सैनिटरी नैपकिन पर बनी यह फिल्म केवल 6 दिनों में 60 करोड़ रु. का कारोबार कर चुकी है। इस फिल्म को क्रिटिक्स के साथ-साथ दर्शकों द्वारा भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी कड़ी में मलाला युसुफजई ने आर. बाल्की द्वारा निर्देशित फिल्म ‘पैडमैन’ के प्रति अपना समर्थन जताया है, जिसपर निर्माता ने भी नोबल शांति पुरस्कार विजेता के लिए स्पेशल स्क्रीनिंग कराने की बात कही है।
बाल्की ने कहा कि मलाला द्वारा हमारी फिल्म को समर्थन देने के बारे मैं क्या कह सकता हूं? हम धन्य और सम्मानित हैं। उनके जैसी शख्सियतों की आवाजें ही ‘पैडमैन’ में दिए हमारे संदेश को आगे ले जाएंगी। मासिकधर्म जैसे विषय को अब और पर्दे के पीछे नहीं रखा जाना चाहिए और हमें इस संदेश को आगे बढ़ाने के लिए मलाला जैसी मजबूत आवाजों की जरूरत है।
उन्होंने मलाला को ‘पैडमैन’ दिखाने की योजना का खुलासा करते हुए कहा कि हम निश्चित रूप से जल्द से जल्द उन्हें फिल्म दिखा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पहली बात यह कहानी असल जीवन के किरदार अरुणाचलम मुरुगनांथनम की कहानी है, जिन्हें शुरुआत में चुनौतियों का सामना करना पड़ा। बल्की बताते हैं कि मुझे असल जिंदगी के लोगों के बारे में फिल्म बनाना पसंद नहीं है। क्योंकि इससे फिल्मकार पर असल शख्स की जिंदगी को पर्दे पर हूबहू उतारने का दबाव होता है, लेकिन कुछ चीजों ने बाल्की का मन बदल दिया। उन्होंने कहा कि इस बार मैंने ‘पैडमैन’ बनाने का फैसला किया, क्योंकि उस व्यक्ति की कहानी ने मुझे सचमुच प्रेरित किया, जिसके मन में सस्ते सैनिटरी पैड बनाने का खयाल आया। जब ट्विंकल खन्ना मेरे विचार के साथ जुड़ीं तो मैं तुरंत तैयार हो गया।
देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में 1,400 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। यह मामला उजागर होने से पहले ही नीरव मोदी देश छोड़कर स्विट्जरलैंड में पहुँच गया है। इसी बीच नीरव मोदी की हीरों की कंपनी की ब्रैंड ऐंमबेस्डर रहीं बॉलिवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने उसपर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है।
एल निजी अखबार में छपी खबर के अनुसार, प्रियंका की मैनेजमेंट टीम ने आरोप लगाया है कि उन्हें उनके विज्ञापनों के लिए उतना पैसा नहीं दिया गया, जितने की दोनों के बीच बात हुई थी। बता दें कि हीरों के इस विज्ञापन में प्रियंका चोपड़ा के अलावा सिद्धार्थ मल्होत्रा भी उनके साथ नजर आए थे।
ज्ञात हो कि देश के सार्वजनिक क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े बैंक पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की मुंबई ब्रांच में 10,000 हजार करोड़ रूपए का फर्जीवाडा पकड़ में आया है। यह रकम मुंबई की एक ब्रांच से जालसाजी के जरिए अनाधिकृत ट्रांजेक्शन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। इन ट्रांजेक्शन से कुछ चुनिंदा अकाउंट होल्डर को फायदा पहुंचाया जा रहा था। बता दें कि जब से यह मामला सामने आया है, तब से बैंकिंग सेक्टर में भूचाल सा आ गया है। वहीं ईडी लगातार मोदी के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एक सुबह से चल रही कार्रवाई में मुंबई, गुजरात और दिल्ली में से कुल 10 जगहों पर छापे मारे गए। प्रवर्तन निदशालय के अधिकारियों ने जिन जगहों पर यह कार्रवाई की, उनमें मोदी का मुंबई के कुर्ला इलाके का घर, काला घोड़ा इलाके की डिजाइनर आभूषणों की दुकान, बांद्रा और लोअर परेल इलाके में कंपनी के तीन ठिकाने, गुजरात के सूरत में तीन ठिकाने और दिल्ली के डिफेंस कालोनी और चाणक्यपुरी इलाके में मोदी के शो-रूम शामिल हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने मामले में सीबीआई में इस माह के शुरू में दर्ज एक प्राथमिकी (एफआईआर) के आधार पर मनी लांड्रिंग निरोधक अधिनिमय (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया है।
युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार देने के मकसद से दिल्ली सरकार जॉब फेयर का आयोजन कर रही है। राज्य सरकार की तरफ से आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय जॉब फेयर में देश की कई बड़ी कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।यह जॉब फेयर का आयोजन आज और कल दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में शुरू हो गया है। यह फेयर सुबह 11 बजे से शाम के 5 बजे तक चलेगा। दिल्ली सरकार के अनुमान के अनुसार, इस फेयर में कुल 15,237 नौकरियां दी जाएंगी।
नवंबर में भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें कुल 74 कंपनियों ने हिस्सा लिया था और करीब 11,500 युवाओं को नौकरियां दी थी। इस बार के रोजगार मेले में 100 से ज्यादा कंपनियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। रोजगार मंत्री गोपाल राय ने जॉब फेयर के बारे में मीडिया को बताया कि रोजगार मेले में पहुंचे कैंडिडेट को सरकारी जॉब पोर्टल पर अपना नाम दर्ज कराना होगा और अभ्यर्थी को अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार कंपनियों को भी चुनना होगा।
यदि आप भी रोजगार मेले में हिस्सा लेना चाहते हैं, तो पहले www.jobfair.delhi.gov.in पर अपनी डिटेल दर्ज कर खुद को रजिस्टर करा सकते हैं। इसमें रजिस्ट्रेशन करने पर आपको एक सिस्टम जेनरेटिड आईडी और पासवर्ड मिलेगा। इस आईडी के आधार पर ही कंपनियां आपका साक्षात्कार लेंगी। जब भी आप इंटरव्यू दें, तो यह ध्यान रखें कि अपनी झूठी तारीफ न करें। आप ध्यान रखें कि इंटरव्यू लेने वाला आपसे ज्यादा अनुभवी है और इस दौरान किसी भी तरह का झूठ बोलने से बचें। अपने बारे में सच और सही ही बतायें, ताकि इंटरव्यू लेने वाला व्यक्ति आपसे प्रभावित हो सके।
हरियाणा के जींद में ‘युवा हुंकार रैली’ में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहुंचे। युवाओं को संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार ऐसी है, जिसकी कोई जाति नहीं है, लेकिन हम “सबका साथ-सबका विकास” मंत्र में विश्वास रखते हैं।
उन्होंने संबोधन के दौरान कहा कि 13वें वित्त आयोग में हरियाणा को 14 हजार करोड़ रुपये मिलते थे, लेकिन मोदी सरकार ने 42 हजार करोड़ रुपये हरियाणा को दिए हैं। उन्होंने मोदी सरकार के विकासकार्यों की तारीफ करते हुए बताया कि मोदी सरकार ने एक ही साल में वन रैंक वन पेंशन का काम पूरा कर के फौजियों को सम्मान देने का काम किया है।
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे अपने भाषण में कहा कि आजादी के बाद पहली बार गांव, किसान और गरीब को लग रहा है कि ये सरकार मेरी सरकार है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र की मोदी और राज्य की खट्टर सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है। चार साल बाद हमारे विरोधी भी केंद्र की मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगा सकते।
साल 2018 का आज पहला सूर्यग्रहण है। भारत में इस ग्रहण का समय रात 12 बजकर 25 मिनट से शुरू होगा और 16 फरवरी सुबह 4 बजकर 18 मिनट पर ख़त्म होगा। यह आंशिक सूर्यग्रहण है, जिसके चलते इस ग्रहण को पूरी दुनिया में एक साथ नहीं देखा जा सकेगा। यह ग्रहण दुनिया के कुछ ही हिस्सों में लोग देख सकेंगे।
इससे पहले 31 जनवरी को साल का पहला चंद्रग्रहण देखा गया था। इस चंद्रग्रहण के दौरान 152 साल बाद बहुत दुर्लभ संयोग बना था। उस रात चांद 30 फीसदी ज़्यादा चमकीला था। इसके साथ ही अलग-अलग देशों में इस सुपर ब्लू ब्लड मून को एक साथ देखा गया था। आपको बता दें कि इस साल 2018 में पांच ग्रहण होने हैं, जिसमें से 3 सूर्यग्रहण और 2 चंद्रग्रहण हैं। 15 फरवरी 2018 को पहला सूर्यग्रहण है। इसके बाद दूसरा सूर्यग्रहण 13 जुलाई 2018 और तीसरा सूर्यग्रहण 11 अगस्त 2018 को होगा। वहीं, पहला चंद्रग्रहण 31 जनवरी 2018 को था और दूसरा चंद्रग्रहण 27-28 जुलाई 2018 को होगा।
pc: beta news
ऐसे होगा दीदार- 15 फरवरी (गुरुवार) को लगनेवाला सूर्यग्रहण रात 12 बजकर 25 मिनट पर शुरू होगा और 16 फरवरी की सुबह 4 बजकर 18 मिनट पर ख़त्म होगा। हालांकि, सूतक काल ग्रहण के लगभग 12 घंटे पहले यानी 15 फरवरी सुबह 11 बजकर 35 मिनट पर शुरू हो जाएगा। सूर्यग्रहण अमावस्या के दिन होता है, जबकि चंद्रग्रहण हमेशा पूर्णिमा के दिन पड़ता है। इस सूर्यग्रहण का दीदार भारतीय समय के अनुसार रात के समय होगा, इसी वजह यह भारत में नहीं दिखाई देगा। यह आंशिक सूर्यग्रहण दक्षिण अमेरिका, अंटार्कटिका, उरुग्वे और ब्राजील जैसे देशों में देखा जाएगा। अंटार्कटिका में यह अधिक देखा जाएगा । अगर आप इस ग्रहण को लाइव देखना चाहते हैं, तो नासा की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
pc: daily mirror
क्या है सूर्यग्रहण- पृथ्वी अपनी धुरी पर घूमने के साथ-साथ अपने सौरमंडल के सूर्य के चारों ओर भी चक्कर लगाती है। दूसरी ओर, चंद्रमा दरअसल पृथ्वी का उपग्रह है और उसके चक्कर लगाता है। इसलिए जब भी चंद्रमा चक्कर काटते-काटते सूर्य और पृथ्वी के बीच आ जाता है, तब पृथ्वी पर सूर्य आंशिक या पूर्ण रूप से दिखना बंद हो जाता है। इसी घटना को सूर्यग्रहण कहा जाता है, या कहें यह एक प्रकार की खगोलीय स्थिति है, जिनमें सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी तीनों एक ही सीधी रेखा में आ जाते हैं। इससे चांद सूर्य की उपछाया से होकर गुजरता है, जिस वजह से उसकी रोशनी फीकी पड़ जाती है।
इन बातों का रखें ध्यान- सूर्य ग्रहण के दौरान कोई भी शुभ काम नहीं करना चाहिए। ग्रहण के बाद गरीबों में अन्न या अपनी राशि के अनुसार दान करना चाहिए। ग्रहण के समय गर्भवती महिलाओं बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए और पूजा पाठ करना चाहिए। इसके अलावा गर्भवती महिला को काटने सिलने से बचना चाहिए।
PNB घोटाला का मुख्य आरोपी परिवार समेत न्यूयॉर्क में छुपा है
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक पीएनबी के 11,400 करोड़ रुपए के धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज होने से पहले ही नीरव मोदी के देश छोड़कर भाग जाने की खबर आ रही है। सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार, नीरव मोदी इस समय स्विट्जरलैंड में मौजूद हैं।
बता दें कि एक अधिकारी ने बताया कि 31 जनवरी को पहली प्राथमिक जांच के बाद नीरव मोदी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है। वहीं एक और अधिकारी ने दावा किया है कि पहली शिकायत मिलने से पहले ही 1 जनवरी को नीरव मोदी देश छोड़कर फरार हो चुके हैं। दूसरी तरफ यह भी खबर है कि एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट(ईडी) ने पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।
इससे पहले ज्वेलरी डिज़ाइनर नीरव मोदी और अन्य लोगों के खिलाफ 280 करोड़ रुपए के मनी लॉन्डरिंग के आरोपों की जांच में प्रवर्तन निदेशालय ने देश में कई जगह छापेमारी की। यह कार्रवाई पंजाब नेशनल बैंक की शिकायत के आधार पर की जा रही है। वहीं सीबीआई ने नीरव मोदी, उसकी पत्नी और उसके एक भागीदार को बैंक के साथ 2017 में 280.70 करोड़ रुपए के धोखाधड़ी के मामले में नामजद किया है।
झारखंड के जमशेदपुर से एक शर्मनाक घटना सामने आ रही है, जहां रक्षक ही भक्षक का रूप ले रहें हैं। आम जनता की मदद करने वाली पुलिस खुद एक दिव्यांग को सड़क पर घसीटते नज़र आई है। जुबली पार्क के पास सड़क पर बैठे मानसिक एवं शारीरिक रूप से विक्षिप्त एक व्यक्ति को कुछ पुलिसकर्मी मार-मारकर सड़क से हटाने की कवायद में लगे हैं।
इस मामले में जब पुलिसकर्मी से पूछताछ की गई, तो उन्होंने इस पिटाई से इंकार कर दिया। एएसआई ए.प्रसाद ने बताया कि मुझे जानकारी मिली थी कि मानसिक रूप से विक्षिप्त एक शख्स वहां कारों पर पत्थर फेंक रहा है और हमने उस शख्स को डंडे से नहीं पीटा, बल्कि उसे केवल रास्ते से हटाया, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
बता दें कि पिछले साल उड़ीसा के बालासोर में रेलवे पुलिस ने एक दिव्यांग को बुरी तरह से पीटा था। इस शख्स पर मोबाइल चुराने का आरोप था। उस दौरान इस घटना का वीडियो भी धड़ल्ले से वायरल हुआ था। इस वीडियो में दो पुलिस कर्मी एक दिव्यांग को पीटते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में रेलवे पुलिस कर्मियों ने दिव्यांग के मुंह पर भी लात भी मारीं थीं।
इतना ही नहीं, कुछ ऐसा ही वाकया साल 2015 में राजस्थान के उदयपुर में हुआ था। यहां एक दिव्यांग युवक को पुलिस ने पीटा था। पुलिस ने मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को पीट-पीटकर सड़क से हटाया था। इस दौरान जब विकलांग युवक ने पुलिस का विरोध किया, तो पुलिस और गुस्से में आ गई, जिसके बाद उस दिव्यांग को पुलिस द्वारा खूब पीटा गया।
हमारी जिंदगी जब दुख से भरी होती है, हमे कुछ नही समझ आता है, लेकिन हमे मुश्किल समय में हार नही मानना चाहिए। क्योंकि उम्मीद की किरण आती है, ऐसी ही एक कहानी, पुणे की 48 वर्षीया महिला राजश्री पाटिल की है।राजश्री ने दो साल पहले अपने 27 साल के बेटे को खो दिया था, लेकिन उन्होंने उसके सुरक्षित रखे गए स्पर्म का सरोगेसी के जरिये इस्तेमाल किया, जिसके बाद सरोगेट मदर ने इसके जरिये जुड़वां बच्चों को जन्म दिया।
अब राजश्री का बेटा इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उनके बच्चे हैं, जिनका जन्म 12 फरवरी को हुआ है। लड़के का नाम प्रथमेश और लड़की का नाम प्रीशा हैं, जो सेरोगेसी की मदद से हुए हैं। द इंडियन एक्सप्रेस से राजश्री पाटिल ने बात करते हुए कहा कि वे बहुत खुश हैं कि मुझे मेरा प्रथमेश वापस मिल गया है। मेरा बेटा पढ़ने में बेहद होशियार था, वह जर्मनी में इंजीनियरिंग की मास्टर्स डिग्री कर रहा था, तभी चौथे स्टेज का ब्रेन कैंसर का पता चला था।
तभी डॉक्टरों ने कहा कि उसकी कीमोथेरेपी और रेडिएशन से पहले स्पर्म सुरक्षित रख लिया जाये। प्रथमेश ने अपनी मां और बहन को अपनी मौत के बाद क्राइपोप्रिजर्व सीमेन सैंपल के उपयोग के लिए नामांकित करने के लिए कहा था। राजश्री ने बताया कि एक करीबी विवाहिता रिश्तेदार ने सरोगेट मदर बनने का जिम्मा उठाया और बच्चों के जन्म के बाद बच्चों को हमें दे दिया, अब वह खुद के दादी बनने पर फूले नहीं समा रही हैं।
राजश्री ने बेटे की मौत के बाद कहा कि मेरी बेटी ने लोगों से बात करना बंद कर दिया था, मैं भी रोती थी। इसी तरह एक दिन ख्याल आया, बेटे के जीवित बचे अंश से हम उसे फिर से वापस पा सकते हैं। तब उन्होंने जर्मनी के सीमेन बैंक से संपर्क साधा और इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन(IVF) के लिए एक अस्पताल से संपर्क किया। आईवीएफ स्पेशलिस्ट का कहना है, कि वैसे तो उनके लिए यह एक आम बात है लेकिन एक दुखी मां के किसी भी कीमत पर अपने बेटे को वापस पाने की ललक ने इस केस सफल बनाया।