30 C
Mumbai
Tuesday, September 1, 2026
Home Blog Page 529

भारत बंद मुद्दे पर भाजपा पर भड़के फारूख अब्दुल्ला

फारूक अब्दुल्ला

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख तथा जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला भाजपा पर जमकर बरसे। तेल की कीमतों को लेकर भारत बंद को लेकर उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आज जो लोग सत्ता में हैं, वे भी कभी ईंधन के दामों को लेकर चिल्लाते थे।

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आज कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने भारत बंद का आयोजन किया था, इस बंद के दौरान कई स्थानों पर छुटपुट आगजनी और हिंसा भी हुई। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि, डॉलर के मुकाबले रुपया तेजी से गिर रहा है, उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की जो कीमतों में जो उछाल आया है, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है, देश इस समय बड़ी परेशानी से गुजर रहा है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुखिया ने कहा कि, 2012 में जब तेज की कीमतें बढ़ी थीं तब जो लोग आज सत्ता में हैं, वे चीख-चीख कर तत्कालीन सरकार को दोषी ठहरा रहे थे और आज वही लोग तेल की कीमतों के पीछे विदेशी कारण बता रहे हैं।

सार्वजनिक क्षेत्र की खुदरा ईंधन कंपनियों द्वारा अधिसूचना नयी दरों के अनुसार पेट्रोल का भाव सोमवार को 23 पैसे लीटर और डीजल 22 पैसे लीटर बढ़ गया, इससे दिल्ली में पेट्रोल 80.73 रुपये लीटर की रिकार्ड ऊंचाई पर, जबकि डीजल 72.83 रुपये प्रति लीटर के भाव पर पहुंच गया है। तेल कंपनियों के अनुसार, रिफाइनरी में पेट्रोल की लागत करीब 40.50 रुपये लीटर है जबकि डीजल 43 रुपये लीटर बैठता है, केंद्र फिलहाल पेट्रोल पर 19.48 रुपये लीटर जबकि डीजल पर 15.33 रुपये प्रति लीटर उत्पाद शुल्क वसूलती है‌।

इसके ऊपर राज्य सरकारें मूल्य वद्धिर्त कर (वैट) लगाती हैं, सबसे कम वैट अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में है, वहां दोनों ईंधन पर छह प्रतिशत कर वसूला जाता है, वहीं मुंबई में पेट्रोल पर वैट सर्वाधिक 39.12 प्रतिशत जबकि तेलंगाना में डीजल पर सर्वाधिक 26 प्रतिशत वैट है, दिल्ली में पेट्रोल और डीजल पर वैट क्रमश: 27 प्रतिशत और 17.24 प्रतिशत है।

भारत बंद: बिहार में 2 साल की बच्ची की हुई मौत

भारत बंद

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भारत बंद है, इस दौरान दो साल की बच्ची की मौत हो गई है। बिहार के जहानाबाद में बंद के कारण बच्ची देर से अस्पताल पहुंची और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

यह घटना गया जिले के नगर थाना क्षेत्र के बालाबिगहा गांव की है, बच्ची के पिता का कहना है कि अगर गाड़ी चलती रहती तो बच्ची की जान बच सकती थी, उसे समय पर अस्पताल पहुंचा पाते। ग्रामीण इलाका होने के कारण यहां तक तुरंत एंबुलेंस मिल पाना संभव नहीं था, समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने के कारण बच्ची ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

भारत बंद को लेकर बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है और कहा है कि सभी को विरोध करने का अधिकार है, लेकिन आज क्या हो रहा है? पेट्रोल पंप और बसों को आग के हवाले किया जा रहा है, लोगों को जिंदगी खतरे में डाली जा रही है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है? क्या कांग्रेस इसका जवाब देगी।

इस मुद्दे पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार का कहना है कि किसके हित के लिए बंद किया जा रहा है? वहीं, इस घटना पर जहानाबाद के एसडीओ परितोष कुमार ने कहा है कि बच्ची की मौत भारत बंद या ट्रैफिक जाम की वजह से नहीं हुई है, बच्ची के परिजन देर से अस्पताल के लिए निकले थे।

मुसलामानों की देशभक्ति पर चीन को नहीं है भरोसा!

मुस्लिमों के लिए चीन में आई नई पॉलिसी

एनपी न्यूज़ नेटवर्क | Navpravah.com 

चीन ने उइगर मुस्लिमों को ‘देशभक्त’ और ‘वफादार’ बनाने के लिए सरकार ने विशेष ट्रांसफॉर्मेशन कैंप खोल दिये हैं, ये कैंप उइगर मुसलमानों को चीन की सरकार और वहां की कम्युनिस्ट पार्टी के प्रति वफादार बनाने के लिए खोले गए हैं।

सरकार का कहना है कि यहां चीनी भाषा सीखने, कानून की पढ़ाई और रोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थाओं को कहना है कि सरकार उइगर मुसलमानों की सांस्कृतिक पहचान को खत्म करने के लिए उन पर जबरन अत्याचार कर रही है।

पाकिस्तान अपनी सीमा के एकदम नजदीक ही मुसलमानों पर हो रहे इस अत्याचार पर एकदम खामोश है, जबकि भारत में मुसलमानों पर कथित आत्याचार को लेकर वो झूठा प्रचार हमेशा करता रहता है।

न्यूयार्क टाइम्स ने एक बहुत बड़ी सी बिल्डिंग की फोटो छापी है, जहां उइगर मुसलमानों को ‘देशभक्त’ और ‘वफादार’ बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है, यहां रोज कई घंटे की क्लास होती है, जहां चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का समर्थन करने की सीख दी जाती है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रशिक्षण का मकसद मुसलमानों में अपने ही धर्म के प्रति आस्था को खत्म करना और चीन के प्रति वफादार बनाना है।

इन प्रशिक्षण कैंप में किसी बाहरी व्यक्ति को जाने की इजाजत नहीं है, इस कैंप की कैद से रिहा हुए एक व्यक्ति ने बताया कि इसमें सैकड़ों उइगर मुसलमानों को जबरदस्ती साम्यवादी साहित्य पढ़ाने और लिखने के लिए मजबूर किया जाता है‌। उसने बताया कि, यहां चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की तारीफ वाले लैक्टर दिए जाते हैं और कई बार उइगरों को अपनी ही बुराई करने वाले लेख लिखने के लिए कहा जाता है, इसका मकसद ये है कि वो इस्लाम को छोड़कर चीन के प्रति वफादार हो जाएं‌।

नीरव मोदी की बहन के खिलाफ इंटरपोल ने जारी किया रेड कॉर्नर नोटिस

नीरव मोदी

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

पंजाब नेशनल बैंक घोटाले की आंच मुख्य आरोपी नीरव मोदी के साथ-साथ उनके परिजनों पर पड़ने लगी है, इंटरपोल ने नीरव की बहन पूर्वी दीपक मोदी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया गया है।

इससे पहले इंटरपोल ने पिछले हफ्ते नीरव के बेहद करीबी मिहिर आर भंसाली के खिलाफ भी रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था, नोटिस में भंसाली के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी वॉरंट जारी किया गया। रेड कॉर्नर नोटिस में इंटरपोल ने सभी 192 सदस्य देशों से कहा है कि, यदि यह व्यक्ति उनके यहां देखा जाता है तो उसे गिरफ्तार या हिरासत में ले लिया जाए, इसके बाद उसके प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू होगी।

पीएनबी से जारी कोष के डायवर्जन और मनी लॉन्ड्रिंग में वह सक्रिय रूप से संलिप्त रहा है, ईडी ने जांच में पाया है कि फायरस्टार ग्रुप के अन्य अधिकारियों की मदद से भंसाली ने सोलर एक्सपोर्ट, स्टेलर डायमंड और डायमंड आर यूएस जैसे डमी साझीदारों को शामिल किया और करोड़ों का हेरफेर किया है।

इससे पहले विशेष ‘भगोड़ा आर्थिक अपराध कानून’ अदालत ने अगस्त में नीरव मोदी की बहन पूर्वी और उनके भाई नीशाल को सार्वजनिक समन जारी कर उन्हें 25 सितंबर को पेश होने को कहा है, जारी समन में कहा गया कि अगर वे अदालत में पेश नहीं हुए तो उनकी संपत्ति नए कानून के तहत जब्त कर ली जाएगी।

जांच एजेंसी ईडी ने इन दोनों पर मनी लॉन्ड्रिंग में लिप्त होने और घोटाले के सामने आने से पहले ही भारत से फरार हो जाने के आरोप लगाए हैं, निशाल के साथ-साथ पूर्वी के खिलाफ नोटिस में उनसे यह बताने के लिए कहा गया था कि क्यों न आवेदन में वर्णित संपत्तियों (ईडी की ओर से पूर्व में दर्ज) को उपरोक्त अध्यादेश के तहत जब्त किया जाए।

नीरव मोदी के खिलाफ जारी किए गए तीसरे सार्वजनिक नोटिस में उसे उसी दिन और उसी वक्त अदालत में पेश होने के लिए कहा गया, नोटिस में कहा गया कि देश छोड़ कर भाग जाने और मामले की सुनवाई के लिए देश आने से इनकार करने की सूरत में उसे अध्यादेश के तहत भगोड़ा घोषित किया जा सकता है।

कांग्रेस के इस फॉर्मूले से 25 रुपये/ली कम हो सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम

पेट्रोल-डीजल
पेट्रोल-डीजल

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के कारण कांग्रेस ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। यदि बीजेपी की जगह कांग्रेस सत्‍ता में होती, तो पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़े दामों को कम करने के लिए क्‍या करती, इसका जवाब कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता और पूर्व वित्‍त मंत्री पी चिदंबरम ने पहले दिया था।

पी चिदंबरम ने पेट्रोलियम पदार्थों को वस्तु एवं सेवा कर के अंदर लाने को कहा था, “अगर आप पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाते हैं, तो कीमतें कम होंगीं। इसी आधार पर कांग्रेस की मांग है कि मौजूदा बाजार के परिप्रेक्ष्‍य में यदि पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के तहत लाया जाए तो तेल के दाम 15 से 18 रुपये तक गिर सकते हैं।

पी चिदंबरम ने कुछ समय पहले यह भी कहा था कि क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट आने से केंद्र सरकार प्रति लीटर पेट्रोल पर 15 रुपये बचा रही है, इसके अलावा सरकार की तरफ से एक लीटर पेट्रोल पर 10 रुपये का अतिरिक्त टैक्स लगाया जा रहा है।

दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 80.73 रुपए प्रति लीटर है, वहीं, डीजल के दाम 72.83 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं, देश में सबसे महंगा पेट्रोल मुंबई में है, जहां इसके दाम 88.12 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं, वहीं, मुंबई में डीजल की कीमतें 77.32 रुपए प्रति लीटर हो गईं है।

हालांकि जब चिदंबरम ने 25 रुपये में गिरावट की बात कही थी, उस वक्‍त कच्‍चे तेल की कीमतों में गिरावट थी लेकिन उसके बावजूद तेल के दाम कम नहीं हुए, अब पिछले एक महीने में कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है।

कीमतों में 7 डॉलर प्रति बैरल की तेजी आ चुकी है, ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंध से स्थितियां और बिगड़ने के आसार हैं, ईरान के तेल निर्यात में कमी देखने को मिली है, जिसकी वजह से तेल की कीमतों में उछाल आया है।

देश तोड़ने का काम करती है बीजेपी -राहुल गांधी

कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी
कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी
सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
देश में बढ़ रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने आज भारत बंद का आह्वान किया है, कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी आज दिल्ली के रामलीला मैदान में सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए हैं।
राहुल ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, बीजेपी जहां जाती है वहां तोड़ने का काम करती है। मोदी सरकार ने युवाओं को रोजगार नहीं दिए, देशभर में शौचालय बनवाए लेकिन वहां पानी के इंतजाम नहीं हैं।
उन्‍होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों पर मोदी जी ने एक शब्‍द नहीं बोला, वह इस पर चुप हैं, कांग्रेस की पूर्व अध्‍यक्ष सोनिया गांधी भी धरने में शामिल हुई हैं, उनके साथ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी मौजूद हैं।
कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी अपनी कैलास मानसरोवर यात्रा से लौटकर आज सुबह पहले राजघाट पहुंचे वहां उन्‍होंने महात्‍मा गांधी की समाधि पर मानसरोवर का जल चढ़ाया और फिर राजघाट से पैदल मार्च निकालकर रामलीला मैदान पहुंचे।
भारत बंद को लेकर कांग्रेसी नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्वक प्रदर्शन करें और किसी तरह के हिंसक प्रदर्शन में शामिल न हों, इसके बावजूद बिहार के कई हिस्‍सों में हिंसक प्रदर्शन हुए, मुंबई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेल रोकने की भी कोशिश की।
वहीं माकपा कार्यकर्ताओं ने विशाखापत्‍तनम में भी बढ़े दामों के खिलाफ प्रदर्शन किया, तेलंगाना में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है, गुजरात के भरूच में प्रदर्शनकारियों ने बसें रोकीं और टायरों में आग लगायी, मुंबई में पुलिस ने हिंसा रोकने के लिए अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में संभावित गठबंधन के साथी सपा और बसपा ने भी खुलकर बंद का समर्थन नहीं किया है, हालांकि, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी ने पूरे प्रदेश में हर जनपद के तहसील मुख्यालय में सोमवार को धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया है।
बता दें कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने आज फिर रिकॉर्ड तोड़ दिया है, सोमवार को दिल्‍ली में पेट्रोल 0.23 पैसे प्रति लीटर बढ़कर 80.73 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है, वहीं डीजल का रेट 0.22 पैसे प्रति लीटर बढ़कर 72.83 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

देश की राजधानी में पेट्रोल पहुंचा 80 रुपये के पार

दिल्ली में पेट्रोल
दिल्ली में पेट्रोल

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

दिल्ली में पेट्रोल की कीमत आज ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 39 पैसे की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद अब यहां पर पेट्रोल 80 रुपये के पार बिक रहा है।

फिलहाल यहां पर पेट्रोल की कीमत 80.38 रुपये प्रति लीटर है, वहीं डीजल के दामों में 44 पैसे की बढ़ोतरी हुई. दिल्ली में डीजल आज 72.51 पैसे प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत में 38 पैसे की बढ़ोतरी हुई है, दिल्ली में पेट्रोल की आज की कीमत 87.77 रुपये प्रति लीटर है, जबकि डीजल 47 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 87.39 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

पिछले एक महीने में डीजल की कीमत में जहां 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है तो वहीं पेट्रोल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्षी पार्टियां सरकार पर हमलावर किया है, कांग्रेस ने  10 सितंबर को भारत बंद बुलाया है।

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कल कहा था कि, देश में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय कारकों से हो रही है और अब यह जरूरी हो गया है कि पेट्रोल तथा डीजल को माल एवं सेवा कर के तहत लाया जाए। प्रधान ने भुवनेश्वर में कहा कि तेल कीमतों में जो असामान्य वृद्धि हो रही है वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक और आर्थिक स्थिति की वजह से है, केंद्र इसे लेकर सतर्क है।

केंद्र द्वारा तेल की कीमतों में कटौती के प्रयासों के बारे में पूछे जाने पर प्रधान ने कहा कि कोई सिर्फ उत्पाद शुल्क घटाकर इस मुद्दे का प्रभावी तरीके से हल नहीं कर सकता।

अमित शाह ने कहा कि, पूर्ण बहुमत से दोबारा सत्ता में आएंगे

अमित शाह
अमित शाह

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक दिल्ली के अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में शुरू हुई, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने अजेय बीजेपी के आह्वान के साथ ही पार्टी कार्यकारिणी की बैठक शुरू की, अपने संबोधन में शाह ने कहा कि हम पूर्ण बहुमत से दोबारा सत्ता में आएंगे।

शाह ने कहा कि, पिछले चुनाव से ज्यादा सीट जीतनी हैं, शाह ने कहा कि संकल्प की शक्ति को कोई रोक नहीं सकता है, शाह ने कहा कि एससी-एसटी मुद्दे पर भ्रम फैलाया जा रहा लेकिन इसका असर 2019 के चुनाव पर नहीं पड़ेगा।

शाह ने ये भी कहा कि तीन राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश और राजस्थान के विधानसभा चुनाव के अलावा तेलंगाना पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जाहिर है मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में सत्ता में वापसी की जद्दोजहद में लगी पार्टी के लिये राह आसान नहीं दिख रही है।

कार्यकारिणी में संगठन के चुनाव अगले एक साल तक के लिए स्थगित रखने पर सहमति बनने के पूरे आसार हैं, यानी बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदा टीम ही मिशन 2019 को अंजाम तक पहुंचाएगी।

पार्टी की रणनीति 30 करोड़ वोटरों तक पहुचने की है, इन वोटरों से पार्टी सीधे संवाद करेगी, इसके लिए केंद्रीय स्तर पर कॉल सेंटर तो बनेगा ही, साथ ही राज्य स्तर पर औऱ जिला स्तर पर भी कॉल सेंटर बनाए जाएंगे।

बैठक में 2019 में लोकसभा चुनाव और राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी के बारे में भी चर्चा होगी, पार्टी राष्ट्रीय नागरिक पंजी को महत्वपूर्ण विषय मानती है और हाल ही में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जोर दिया था कि राष्ट्रीय नागरिक पंजी के संबंध में पार्टी का स्पष्ट मत है कि अवैध विदेशी घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शर्मसार : शव पोस्टमार्टम के लिए रिक्शे पर लेकर पहुंचे

पोस्टमार्टम
पोस्टमार्टम


एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

उत्तर प्रदेश के बांदा जिला मुख्यालय में कल रात पुलिस की मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, कुएं में गिर कर मरे एक युवक के शव को एंबुलेंस के बजाय ई-रिक्शा पर लाद कर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया‌।

पुलिस अधीक्षक एस.आनंद ने माना कि पुलिस से चूक हुई है और शव को ले जाने में नियमों का पालन नहीं किया गया, उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर को इस मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के कालवन गंज पुलिस चौकी क्षेत्र के निवासी युवक छोटेलाल प्रजापति कल रात करीब आठ बजे एक कुएं में गिर गये, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव ले जाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया और उसे ई-रिक्शे पर लाद कर पोस्टमार्टम के लिए ले गई। इस संबंध में पुलिस चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार मिश्रा का कहना है कि उन्होंने 108 टोल फ्री नंबर डायल कर एंबुलेंस भेजे जाने की मांग की थी, लेकिन कोई एंबुलेंस नहीं आई थी।

मजबूरन शव ई-रिक्शा पर लाद कर पोस्टमार्टम के लिए ले जाना पड़ा, भारतीय जनता पार्टी के तिंदवारी विधायक बृजेश प्रजापति ने आज इसे मानवता को शर्मसार करने वाला पुलिस का चरित्र बताया और कहा कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे।

पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने भारत को दिखाई आँख, दिया विवादित बयान

हम सरहद पर बहे लहू का हिसाब लेंगे - पाकिस्तानी सेना प्रमुख

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

पाकिस्‍तान में इमरान खान की सरकार आने के बाद से भारत और पाकिस्‍तान के बीच संबंधों के बेहतर होने की उम्‍मीदों पर पड़ोसी मुल्‍क के सैन्‍य प्रमुख कमर जावेद बाजवा ने एक बार फिर पानी फेरने का काम किया है।

पाकिस्‍तान के सेना प्रमुख ने कहा है कि, आजादी की लड़ाई में हम कश्‍मीर के साथ हैं, कश्‍मीर के भाईयों-बहनों की कुर्बानी को हम सलाम करते हैं, हम सरहद पर बहे लहू का हिसाब लेंगे।

भारत के साथ 1965 के युद्ध की 53वीं वर्षगांठ के मौके पर पाकिस्तान में आयोजित रक्षा दिवस कार्यक्रम में पाक सैन्‍य प्रमुख ने ये बात कही है, उन्‍होंने फिर कश्मीर का राग छेड़ा है। उन्‍होंने कहा कि पिछले दो दशक से युद्ध के तरीके बदल गए हैं, पाकिस्तान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की रक्षा में मुल्‍क ने अब तक 76,000 सैनिक खोए हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा, पाकिस्तान शांतिपूर्वक सह-अस्तित्व में विश्वास करता है और अपने पड़ोसियों और पूरी दुनिया के साथ समानता के आधार पर पारस्परिक सहयोग को बढ़ावा देना चाहता है। इमरान ने कहा कि क्षेत्र में शांति के लिए संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के तहत कश्मीर मुद्दे का समाधान निकालना बेहद जरूरी है, उन्‍होंने आगे कहा कि सरकार और सेना के बीच तनाव एक झूठा प्रचार था, जोकि अब पूरी तरह से खत्म हो चुका है।