बेंगलुरु. कर्नाटक में जारी सियासी संकट के बीच मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि राज्य सरकार आसानी से चलेगी। वहीं, कुमारस्वामी के इस बयान पर बीएस येदियुरप्पा ने पलटवार किया है। येदियुरप्पा ने बताया दो निर्दलीय विधायकों ने राज्यपाल से मुलाकात की है।
येदियुरप्पा ने पत्र लिखकर बीजेपी को समर्थन देने की बात कही है। विधानसभा में अब हमारी संख्या 107 हो गई है। उन्होंने कुमारस्वामी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने बहुमत खो दिया है, इसके बावजूद वो इस तरह की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता हर चीज समझ रही है। हम देखो और इंतजार करो की नीति पर चल रहे हैं।
कांग्रेस से निलंबित चल रहे विधायक रौशन बेग ने पर बड़ा बयान दिया है। विधायक रोशन बेग ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने जिस तरह से मेरे साथ बर्ताव किया है, उससे मैं आहत हूं, उन्होंने कहा कि मैं अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दूंगा और बीजेपी में शामिल हो जाऊंगा।
कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार असंतुष्ट विधायकों से मिलने के लिए मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, कर्नाटक सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार नाराज चल रहे विधायकों से मिलने के लिए मुंबई के सोफीटेल होटल पहुंचेंगे। वहीं, बताया जा रहा है कि कर्नाटक के निर्दलीय विधायक आर शंकर ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। खबर है कि आर शंकर भी मुंबई जाकर नाराज विधायकों से बात कर सकते हैं।
नई दिल्ली. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच सोमवार को मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि यह बैठक करीब एक घंटे तक चली। सूत्रों के अनुसार, राज ठाकरे ने सोनिया गांधी से आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव में ईवीएम के इस्तेमाल को लेकर भी बातचीत की।
वहीं, महाराष्ट्र के राजनीतिक माहौल की बात करें तो, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) गठबंधन लोकसभा चुनाव में हार की ठीक से समीक्षा भी नहीं कर पाया है और अब उनके सामने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव आने वाले हैं। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस और एनसीपी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे भरोसे उतरने की तैयारी में दिख रही है। देशभर में लोकसभा चुनाव में औंधे मुंह गिरी राहुल गांधी की कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी को अब महाराष्ट्र में चुनावी बेड़ा पार लगाने में महज एक राज ठाकरे ही आखिरी उम्मीद बची लगती है।
राज ठाकरे का सहारा चाहती है कांग्रेस-एनसीपी
चुनावों में चारों खाने चित पड़ी राहुल गांधी की कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी अब इतनी लाचार हो गई है कि चुनावी बेड़ा पार लगाने के लिय़े नए-नए नुस्खों पर पार्टी माथापच्ची कर रही है। महाराष्ट्र में अक्टूबर से पहले विधानसभा चुनाव होने हैं, लिहाजा दोनों विपक्षी पार्टियां सूबे में चुनावी नैय्या पार लगाने के लिये राज ठाकरे की दहलीज पर बार बार दस्तक दे रही है।
New Delhi. कर्नाटक में जारी सियासी संकट से निपटने के लिए कांग्रेस हरसंभव कोशिश करने में जुटी हुई है। इन सबके बीच कांग्रेस से निलंबित चल रहे विधायक रोशन बेग ने ही पार्टी की मुश्किलों को बढ़ा दिया है।
दरअसल, विधायक रोशन बेग ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने जिस तरह से मेरे साथ बर्ताव किया है, उससे मैं आहत हूं। उन्होंने कहा कि मैं अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दूंगा और बीजेपी में शामिल हो जाऊंगा। बता दें कि रोशन बेग को कांग्रेस ने ‘पार्टी विरोधी’ गतिविधियों के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया था।
रोशन बेग ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी के मेर प्रति किए गए व्यवहार से आहत हूं और मुझे कड़वा सच बोलने के कारण निलंबित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व पूरी तरह से नाकाम रही है और उनकी कोई जवाबदेही नहीं है। मैं न मुंबई जा रहा हूं और न गोवा, मैं यहीं बेंगलुरु में ही रहूंगा। उन्होंने कहा कि मैं विधायक के पद से इस्तीफा दे रहा हूं। साथ ही बीजेपी के संपर्क में हूं। उन्होंने बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर कहा कि क्यों नहीं। मैं ईमान नहीं बदल रहा हूं। बीजेपी भी एक राजनीतिक पार्टी है। उसमें क्या बुरी बात है।
दरअसल, लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन को लेकर शिवाजीनगर से विधायक रोशन बेग ने कांग्रेसी नेताओं पर निशाना साधा था। विधायक बेग ने सिद्धारमैया के ‘अहंकार” और केपीसीसी अध्यक्ष दिनेश गुंडू राव की ‘अपरिपक्वता’ को ‘फ्लॉप शो’ के लिए जिम्मेदार ठहराया था। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल पर भी गंभीर आरोप लगाए थे।
हेल्थ डेस्क. होठों का कालापन दूर करने और होठों की त्वचा पर मॉइश्चराइज की कमी दूर करने के लिए खास घरेलू तरीके काम आ सकते हैं। बता दें, मौसम बदलाव में होठों पर होने वाली समस्याओं जैसे लिप पिगमेंटेशन से जल्दी छुटकारा दिलाने में खास सहायक है। होठ की खूबसूरती आपकी सुंदरता को और भी बढ़ा देती है। इसलिए हम आपको बताने जा रहे हैं किस तरह से इसके कालेपन को दूर कर सकते हैं।
ग्लिसरीन और गुलाबजल
होठों का कालापन दूर करने के लिए ग्लिसरीन और गुलाब जल खास सहायक है। गुलाब जल ग्लिसरीन बराबर मात्रा में मिलाकर रात्रि सोने से पहले होठों त्वचा पर लगायें। ग्लिसरीन और गुलाबजल त्वचा और लिप पिगमेंटेशन से छुटकारा दिलाने में सक्षम है।
नींबू रस
नींबू एक तरह से नेचुरल ब्लीचिंग सुरक्षा कवच बनाए रखने में सहायक है। नींबू का रस होठों की त्वचा पर हुए पिगमेंटेशन से निजात दिलाने में खास है। होठों को मुलायम सुन्दर सदाबहार रखने के लिए सप्ताह में 2-3 बार होठों पर नींबू का रस लगाएं। 8-10 मिनट बाद सादे पानी से साफ कर लें।
हल्दी और दही का पेस्ट
हल्दी और दही पेस्ट होठों पर सप्ताह में 2-3 बार लगाने से होठों की त्वचा रंजकता से आसानी से छुटकारा मिलता है। हल्दी होठों की त्वचा को मुलायम व सुन्दर बनाने में खास सहायक है। हल्दी के गुणों के कारण हल्दी को हेल्दी भी कहा जाता है।
आलू का रस
आलू को बीच में दो हिस्से में काट लें। इसे होठों की त्वचा पर हल्का रगड़ें। आलू होठों की त्वचा से कालापन दूर करने में खास सहायक है। आलू का रस लिप्स पिगमेंटेशन रिमूव करने में तेजी से इस्तेमाल किया जा रहा है।
ताजा खीरा
खीरा होठों की त्वचा सेे पिगमेंटेशन से निजात दिलाने में खास सहायक है। खीरे को पतले स्लाइस में काट कर होठों, आंखों के नीचें बने डार्क त्वचा पर लगाएं और हल्का रगड़ें। बाद में सादे पानी से साफ करके धो लें।
वर्ल्ड डेस्क. लीक हुए ईमेल्स में अमेरिका में ब्रिटेन के राजूदत किम डारोक ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को ‘अयोग्य, असुरक्षित और अक्षम’ करार दिया है।
लीक हुए राजनयिक ज्ञापनों को रविवार को समाचार पत्र द मेल ने प्रकाशित किया। इनमें डारोक ने कहा है, “हम वास्तव में विश्वास नहीं करते हैं कि यह प्रशासन सच में सामान्य, कम दुष्क्रिय, कम अप्रत्याशित, गुटबाजी से कम ग्रस्त, कूटनीतिक रूप से कम अनाड़ी और कम अयोग्य हो पाएगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या व्हाइट हाउस ‘कभी सक्षम दिखाई देगा’।
उन्होंने आगे कहा कि यह ट्रंप प्रशासन के तहत ‘विशिष्ट रूप से शिथिल’ और ‘विभाजित’ है। हालांकि डारोक ने कहा कि ट्रंप जून में ब्रिटेन की अपनी राजकीय यात्रा से अभिभूत थे, लेकिन राजदूत ने चेतावनी दी कि उनका प्रशासन अपना हित साधने में रहेगा और कहा कि “यह अभी भी ‘अमेरिका पहले’ की नीति वाली भूमि है।”
ज्ञापन में दर्शाया गया कि अमेरिका और ब्रिटेन के बीच जलवायु परिवर्तन, मीडिया स्वतंत्रता और मौत की सजा को लेकर मतभेद सामने आ सकता है क्योंकि देश ब्रेक्सिट के बाद व्यापारिक संबंधों में सुधार करना चाहता है। राजदूत ने कहा, “राष्ट्रपति के तौर पर सफल होने के लिए आपको अपने मुद्दों को सरल बनाने की आवश्यकता है, यहां तक कि जो कुंद है उन्हें भी।
लीक हुए ज्ञापन के जवाब में, विदेश कार्यालय ने इसे ‘शरारत’ बताया लेकिन सटीकता से इनकार नहीं किया।
रेसिपी डेस्क. बारिश का मौसम चल रहा है और ऐसे में शाम की चाय की साथ आपको कुछ ना कुछ स्नैक्स की जरूरत पड़ती है। ऐसे में टेस्टी स्नैक्स आप घर में ही बना सकते हैं। कॉर्न के साथ चीज का कॉम्बिनेशन बच्चों को बहुत पसंद आएगा।
बारिश के मौसम में गरमा-गर्म कॉर्न चीज टोस्ट बड़े भी काफी पसंद करेंगे। कॉर्न चीज टोस्ट की रेसिपी बहुत आसान है और शाम के नाश्ते के लिए ये बेस्ट ऑप्शन है। तो आइये जानते हैं इस रेसिपी के बारे में..
कॉर्न चीज टोस्ट के लिए सामग्री
ब्रेड स्लाइस: 4,
कॉर्न के पिसे दाने: 1 कप,
मलाई: 2 टेबल स्पून,
बारीक कटी हरी मिर्च: 3,
बारीक कटा प्याज: 1 टेबल स्पून
बारीक कटा खीरा: 1 टेबल स्पून,
कटा टमाटर: 1 टेबल स्पून,
बारीक कटा हरा धनिया: 1 टी स्पून
नमक: स्वादानुसार,
लाल मिर्च पावडर: 1/4 टी स्पून,
जीरा: 1/4 टी स्पून,
चाट मसाला: 1/2 टी स्पून,
बटर: 2 टेबल स्पून,
चीज: 2 क्यूब्स
विधि
1- ब्रेड स्लाइस के किनारे काट लें।
2- भुट्टे के पिसे दानों के साथ, चीज और बटर को छोड़कर सभी सामग्री मिलाएं।
3- ब्रेड के एक तरफ तैयार भुट्टे का मिश्रण चम्मच से फैलाएं।
4- तवे पर आधा टी स्पून बटर लगाएं।
5- जिस तरफ भुट्टे का मिश्रण लगाया है, उसे नीचे की ओर रखकर धीमी आंच पर 5 से 10 मिनट तक सेंकने के बाद पलटें और मिश्रण वाली साइड पर चीज लगाएं, इसे पिघलने दें।
6- अब ब्रेड के सुनहरा होने तक सेंकें। बीच-बीच में किनारों से बटर डालती जाएं।
7- सभी ब्रेड स्लाइस ऐसे ही पकाएं। गर्मा-गर्म चीज टोस्ट को चाकू की मदद से बीच में से काट लें।
बिजनेस डेस्क। मोबाइल वॉलेट कंपनी Paytm ने एक नई सेवा शुरू की है जिसका नाम है Paytm पोस्टपेड (Paytm Postpaid)। जिस तरह पोस्ट पेड मोबाइल सिम या क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, उसी तरह यह भी काम करता है।
कंपनी ने इसका टैग लाइन दिया है, Buy Today, pay next month। आपको इस खर्च के बदले किसी तरह का चार्ज नहीं देना पड़ता है। इसके लिए ज्यादा डॉक्यूमेंटेशन की भी जरूरत नहीं पड़ती है। अगर पेमेंट करने में देरी होती है तो बदले में लेट फीस जमा करना होगा।
हर महीने की पहली तारीख को बिल जेनरेट होता है और जमा 15 तारीख तक करना होता है। कंपनी की तरफ से एक तारीख, पांच तारीख और 15 तारीख को कस्टमर को रिमाइंडर दिया जाता है।
इसके लिए आपको पासकोड एक्टीवेट करना होता है। अगर आप इस सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं तो Paytm एप्लीकेशन लॉगिन करने के बाद सिक्योरिटी एंड सेटिंग प्रोफाइल में जाना होता है। यहां Paytm पोस्टपेड का ऑप्शन दिखाई देगा जहां अप्लाई करना होगा। आप Paytm के जरिए कितना ट्रांजेक्शन करते हैं, उसके आधार पर क्रेडिट लिमिट तय की जाएगी। इसका इस्तेमाल आप Paytm के जरिए कुछ भी खरीदने के लिए कर सकते हैं।
Paytm पोस्डपेड का इस्तेमाल मोबाइल रिचार्ज करने, मोबाइल बिल और इलेक्ट्रिक बिल पे करने, ओला और ऊबर जैसी टैक्सी सर्विस का फायदा उठाने, Paytm मॉल से शॉपिंग करने या फिर स्कैन कर पेमेंट करने के लिए किया जा सकता है। Paytm पोस्टपेड के जरिए यूजर्स को 37 दिनों के लिए फ्री क्रेडिट मिलता है।
15 दिन में करनी होगी पेमेंट
1। डिजिटल क्रेडिट कार्ड के जरिए जो भी खर्च होगा।
2। उसके अगले महीने की पहली तारीख को ग्राहक के पास बिल आ जाएगा
3। उसे 15 दिन के अंदर पैसे जमा कराने होंगे
4। ग्राहक बिल का भुगतान अपने डिजिटल वॉलेट या किसी भी बैंक के डेबिट कार्ड या नेटबैंकिंग के जरिए कर सकता है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगरा के थाना एताम्दपुर क्षेत्र के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक बड़े सड़क हादसे में 29 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हैं। हादसा थाना एत्मादपुर क्षेत्र के झरना नाले के पास हुआ जब अवध डिपो की बस एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए 30 फुट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में करीब 50 लोग सवार थे। फ़िलहाल मौके राहत बचाव कार्य जारी है। खाई में पानी भरे होने की वजह से राहत बचाव कार्य में मुश्किल आ रही है। अभी तक हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है। बता दें बस लखनऊ से गाजियाबाद जा रही थी। मौके पर डीएम और एसएसपी के साथ तमाम आला अफसर मौजूद हैं।
एक्सप्रेस वे हादसे के Live Update
– भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आगरा के पास हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा है कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
– यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने 24 घंटे में घटना की जांच करने के लिए परिवहन आयुक्त, मंडल कमांडर और आईजी आगरा की एक कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी इस तरह की दुर्घटनाओं से बचने के लिए लंबी अवधि की सिफारिशों पर घटना के कारण और रिपोर्ट पर भी रिपोर्ट देंगी।
– आगरा के डीएम एनजी रवि कुमार ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 4:30 बजे हुई। तेज रफ्तार बस ने बैरियर तोड़ते हुए नाले में गिर गई। सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
– रक्षा मंत्री राजनाथ ने इस हादसे के बारे में सीएम योगी आदित्यनाथ से भी बात की है।
– रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया है जिसमें 29 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट से बात की और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।
– मरने वालों में एक बच्ची भी
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली की तरफ जा रही बस यमुना एक्सप्रेसवे पर रेलिंग तोड़ते हुए नाले में जा गिरी। इस हादसे में अभी तक 17 लोगों को निकाला गया है। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। हादसे में 29 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें एक बच्ची भी शामिल है। एसएसपी ने बताया कि हो सकता है ड्राइवर की आंख लगने की वजह से हादसा हुआ हो। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग पूरा हो चुका है। लोगों के सामा,न से मृतकों की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।
– आगरा के जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार ने भी बताया कि इस हादसे में 29 शवों को निकाला जा चुका है। एक घंटे में राहत बचाव पूरा हो सकता है। उन्होंने बताया कि नाले में पानी होने की वजह से मौतों का आंकड़ा ज्यादा है।
– जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर
रोडवेज बस हादसे का टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर-18001802877 जारी हो गया है। आरएम के फोन नंबर 9412781886 पर भी किसी सूचना के लिए सपर्क कर सकते हैं। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव और ट्रांसपोर्ट कमिश्नर आगरा आ रहे हैं।
– मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख मुआवजे का ऐलान किया है। साथ ही इस भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि घायलों को समुचित इलाज मुहैया कराई जाए।
– वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस यमुना-एक्सप्रेस वे पर झरना नाले में गिर गई। उन्होंने बताया कि बचाव एवं राहत का काम जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक 29 शव निकाल लिए गये हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि 15 से 20 घायलों को बस से निकाल कर अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही। दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से बाहर निकाला जा रहा है।
Aligarh. मुस्लिम महिला को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेना और मोदी सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेना व गुणगान करना भारी पड़ गया। अलीगढ़ में किराये के मकान में रह रही महिला को दबंग मकान मालिक ने घर से अपशब्द बोलते हुए निकाल दिया।
पीड़ित महिला ने पुलिस में जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मकान मालिक के बेटे सलमान को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
मोदी सरकार 2।0 नारा ‘सबका साथ, सबका विकास’ भले ही मुस्लिम महिलाओं को उनके हक दिलाने को लेकर अपनी ओर आकर्षित कर रहा हो, लेकिन अलीगढ़ में एक मुस्लिम महिला को केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं का गुणगान और लाभ लेते हुए बीजेपी की महिला मोर्चा में सदस्यता लेना भारी पड़ गया।
दरअसल हाल ही में शुरू हुए भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी सदस्यता अभियान के तहत अलीगढ़ की मुस्लिम महिला गुलिस्ताना ने भी बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। उनके सदस्यता लेने के कार्यक्रम की तस्वीर अखबारों में छपी और सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई। लेकिन इन फोटो को देखकर उनका मकान मालिक भड़क गया।
गुलिस्ताना के अनुसार मकान मालिक ने भाजपा सदस्यता की फोटो देखकर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उसे घर से निकाल दिया। पीड़ित मुस्लिम महिला ने देहलीगेट थाने में शिकायत देकर अपने लिए न्याय की गुहार लगाई है। वहीं गुलिस्ताना को महिला मोर्चा में शामिल कराने वाली बीजेपी की महावीर गंज मंडल मंत्री महिला मोर्चा रुबिया आसिफ खान ने उसकी मदद करते हुए विस्तृत जानकारी दी।